- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को पूर्वोत्तर के राज्यों के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा के साथ ही अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस बैठक में शामिल नेताओं ने मणिपुर की हिंसा को लेकर चिंता जताई।
कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, सिक्किम, त्रिपुरा और नगालैंड के प्रभारी अजय कुमार, मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह के अलावा मेघालय, अरुणाल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा व सिक्किम के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा कुछ अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, ‘‘इस बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। मणिपुर के बिगड़े हालात सभी नेताओं के लिए चिंता का सबब थे। -
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा है कि केंद्र भारी बारिश के बाद के हालात से निपटने वाले राज्यों के साथ खड़ा है और उसने हिमाचल प्रदेश के लिए "181 करोड़ रुपये" की दूसरी किस्त "जारी" कर दी है। नड्डा ने शुक्रवार को कुल्लू और मंडी जिलों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और कहा कि केंद्र के अनुदान से राज्य के कर्ज के बोझ को कम करने में मदद मिलेगी जो बारिश से हुए नुकसान के कारण बढ़ गया है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को कहा गया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश को अंतरिम राहत के रूप में 2023-24 के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के केंद्रीय हिस्से की दूसरी किस्त की अग्रिम राशि 180.40 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दे दी है। बयान में कहा गया है कि धनराशि जारी किये जाने से राज्य सरकार को बारिश से प्रभावित लोगों के लिए राहत उपाय करने में मदद मिलेगी। हिमाचल प्रदेश में प्रभावित लोगों को सहयोग देने के लिए, केंद्र सरकार ने 10 जुलाई को एसडीआरएफ से राज्य को 180.40 करोड़ रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी की पहली किस्त जारी की थी। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 180 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की थी और कुछ ही दिनों के भीतर "181 करोड़ रुपये" की दूसरी किस्त "जारी" कर दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र संकट के इस समय में राज्यों के साथ खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक केंद्र ने पहाड़ी राज्य को 361 करोड़ रुपये मुहैया कराए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आपदा संबंधी मांगों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। भाजपा नेता ने कहा कि आपदा के कारण हिमाचल प्रदेश सरकार पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के अनुदान से यह बोझ कम होगा। नड्डा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर कुछ दिनों तक राज्य में रहेंगे और राज्य को हुए नुकसान की जानकारी लेंगे। हिमाचल प्रदेश में कई दिनों की भारी बारिश के कारण सड़कें बह जाने और कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अब तक कम से कम 91 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया है।
-
सैन फ्रांसिस्को/ बेंगलुरु. चंद्रयान-3 अंतरिक्ष अभियान के सफल प्रक्षेपण से सिलिकॉन वैली में स्टार्टअप और बड़ी कंपनियों के भारतीय मूल के शीर्ष अधिकारियों में खुशी एवं गर्व का माहौल है। अब उनकी नजरें इस पर टिकी हैं कि भारत के लिए आगे किस तरह की संभावनाएं हो सकती हैं। प्रौद्योगिकी कंपनियों के गढ़ सिलिकॉन वैली में मौजूद कुछ कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों का मानना है कि चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण ने प्रौद्योगिकी जगत के प्रमुख क्षेत्रों में भारत के वैश्विक अगुआ के रूप में उभरने का संकेत दिया है। उद्यमी, इंजीनियर एवं उद्यम पूंजीपति और मल्टी-क्लाउड डाटा कंट्रोल कंपनी रुब्रिक के सह-संस्थापक बिपुल सिन्हा ने कहा, “चंद्रयान भारत और दुनिया भर में बसे भारतीय मूल के लोगों के लिए गर्व का क्षण है।” उन्होंने कहा, “चंद्रयान का उद्देश्य सिर्फ चंद्रमा पर उतरना नहीं है, बल्कि यह वह प्रौद्योगिकी और प्रेरणा है जो भारत सबको दिखा रहा है कि भविष्य क्या हो सकता है।” ग्लीन एआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरविंद जैन ने कहा, “भारत अब दुनिया की सभी कंपनियों के लिए मुख्य नवाचार इंजन का हिस्सा है। की वर्षों तक भारत में बड़ी संख्या में शैक्षणिक संस्थानों में किए गए निवेश और हर साल निकलने वाले नए इंजीनियरों की बड़ी संख्या के दम पर भारत प्रौद्योगिकी और शोध एवं विकास (आरएंडडी) प्रतिभा का भविष्य बन चुका है।” सिलिकॉन वैली में स्थित एआई (कृत्रिम मेधा) कंपनी यूनीफोर के सह-संस्थापक एवं सीईओ उमेश सचदेव ने कहा कि चंद्रयान-3 ने भारत की विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षमताओं के युग के आगमन का संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा, “वैश्विक और भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र के नजरिये से यह एक बड़ा मुकाम है। भारत सिर्फ पश्चिम की कंपनियों और विकसित प्रौद्योगिकियों का अनुयायी या समर्थन देने वाला नहीं है। भारत विशिष्ट उद्योगों में नेतृत्व करना शुरू कर सकता है।” डेटा प्रौद्योगिकी स्टार्टअप टीसेकंड के संस्थापक एवं सीईओ साहिल चावला ने कहा कि भारत ने लगभग 670 करोड़ रुपये के बजट में इस अंतरिक्ष अभियान को अंजाम देकर इतिहास बना दिया है और यह दुनिया भर में अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए बदलाव लाने वाला साबित होगा।
-
जम्मू. दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ मंदिर के दर्शन के लिए शनिवार सुबह 7,000 तीर्थयात्रियों का नया जत्था जम्मू से दो आधार शिविरों की तरफ रवाना हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा के बीच 272 वाहनों के काफिले में शामिल 7,392 श्रद्धालुओं का 13वां जत्था भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि सुबह करीब चार बजे 146 वाहनों के काफिले में 4,024 तीर्थयात्री पहलगाम के लिए रवाना हुए, जबकि 126 वाहनों में 3,368 तीर्थयात्री बालटाल की तरफ बढ़े। इसके साथ ही 30 जून से अब तक कुल 80,181 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। देशभर से तीर्थयात्री प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा करते हैं।
शुक्रवार को सबसे अधिक 24,445 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। अभी तक 1.90 लाख श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम तक यह संख्या दो लाख के पार जाने की संभावना है।
हिमालयी क्षेत्र में स्थित 3,888 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर की 62 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा एक जुलाई को शुरू हुई और यह 31 अगस्त तक चलेगी। इस यात्रा के लिए दो मार्ग हैं। पहला, अनंतनाग जिले का 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग, जबकि दूसरा गांदरबल जिले का बालटाल मार्ग, जो छोटा लेकिन बेहद दुर्गम है। - जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में एक मालगाड़ी के दो डिब्बे शनिवार को पटरी से उतर गए जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार जयपुर मंडल के आसलपुर जोबनेर एवं हिरनोदा स्टेशन के मध्य मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन ने तुरंत दुर्घटना राहत गाड़ी घटनास्थल पर भेजी, शीर्ष अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं एवं पुनः यातायात चालू करने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। यातायात बाधित होने के कारण सात रेलगाड़ियों का परिचालन रद्द किया गया है। गाड़ी संख्या 19735 जयपुर-मारवाड़ रेल सेवा, गाड़ी संख्या 19736 मारवाड़-जयपुर रेल सेवा, गाड़ी संख्या 22977 जयपुर-जोधपुर रेल सेवा, गाड़ी संख्या 22978 जोधपुर-जयपुर रेल सेवा, गाड़ी संख्या 09605 अजमेर-जयपुर रेल सेवा, गाड़ी संख्या 09606 जयपुर-अजमेर रेल सेवा,गाड़ी संख्या 19719 जयपुर-सूरतगढ़ रेल सेवा आज रद्द रही।
-
नई दिल्लीा। केन्द्र सरकार ने दिल्ली, ग्रुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद में विभिन्न स्थानों पर आज से 90 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरु कर दी है। राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ के केन्द्रों पर टमाटर रियायती दर पर बेचा जा रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में लखनऊ और कानपुर में भी 15 मोबाइल वाहनों के जरिये रियायती दर पर टमाटर की बिक्री की जा रही है। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ से तीन राज्यों आन्ध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर की सीधी खरीद कर इसे अधिक खपत वाले बडे केन्द्रों में वितरित करने निर्देश दिये थे।
उपभोक्ता कार्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में अलग-अलग जगहों पर टमाटर की पौध लगाने और फसल के तैयार होने के समय के अलग-अलग होने के कारण टमाटर की कीमतें बढ़ी हैं। मंत्रालय ने ये भी कहा है कि इसके अलावा आपूर्ति श्रृंखला में अस्थायी व्यवधान और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के चलते फसल को हुए नुकसान के कारण भी कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण पर भारत के वैज्ञानिकों के अथक समर्पण की सराहना की है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठनों के एक ट्वीट को साझा करते हुए ट्वीट किया;“चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा है। यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाते हुए ऊंची उड़ान भरता है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। मैं उनकी भावना और प्रतिभा का अभिनंदन करता हूं! -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 14 जुलाई 2023 को चैंप्स-एलिसीस पर फ्रांस के राष्ट्रपति महामहिम श्री इमैनुएल मैक्रॉन के निमंत्रण पर सम्मानित अतिथि के रूप में बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए।
भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक सैन्य बैंड के नेतृत्व में सेना के तीनों अंगों की 241 सदस्यीय भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ी ने भी परेड में भाग लिया। भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व पंजाब रेजिमेंट ने राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट के साथ किया।हाशिमारा के 101 स्क्वाड्रन से भारतीय वायु सेना के राफेल जेट परेड के दौरान फ्लाई पास्ट का हिस्सा बने।14 जुलाई को फ्रांसीसी क्रांति के दौरान 14 जुलाई 1789 को बैस्टिल जेल पर हुए हमले की वर्षगांठ मनाई जाती है, जो भारतीय और फ्रांसीसी दोनों संविधानों के केंद्रीय विषय 'स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे' के लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। -
नयी दिल्ली. राजनीतिक रूप से संवेदनशील ‘समान नागरिक संहिता' (यूसीसी) के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो रही है और विधि आयोग को अब तक इस विषय पर ऑनलाइन 50 लाख से अधिक प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आयोग को उसकी वेबसाइट पर प्राप्त ऑनलाइन प्रतिक्रियाओं के अलावा "हार्ड कॉपी" भी प्राप्त हुई है। सूत्रों के अनुसार, प्रतिक्रियाओं की अंतिम संख्या अधिक होगी। कुछ संगठनों ने यूसीसी पर व्यक्तिगत सुनवाई के अनुरोध के साथ विधि आयोग से संपर्क किया है।
सूत्रों ने बताया कि यद्यपि आयोग प्राप्त प्रतिक्रियाओं की पड़ताल कर रहा है, लेकिन यह संगठनों को व्यक्तिगत सुनवाई के लिए आमंत्रित करने पर निर्णय लेगा। विधि आयोग ने 14 जून को राजनीतिक रूप से संवेदनशील मुद्दे पर सार्वजनिक और मान्यता प्राप्त धार्मिक संगठनों सहित विभिन्न हितधारकों से विचार आमंत्रित करके समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर एक नयी परामर्श प्रक्रिया शुरू की। इससे पहले, 21वें विधि आयोग ने इस मुद्दे की जांच की थी और दो अवसरों पर सभी हितधारकों के विचार आमंत्रित किये थे। इक्कीसवें विधि आयोग का कार्यकाल अगस्त 2018 में समाप्त हो गया था। यूसीसी लागू करना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी घोषणा-पत्र का हिस्सा रहा है।आने वाले दिनों में उत्तराखंड स्वयं की समान नागरिक संहिता लाने के लिए तैयार है। - नयी दिल्ली । देश में कोयला से गैस ईंधन के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार 6,000 करोड़ रुपये की योजना लाने पर विचार कर रही है। शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।कोयला मंत्रालय ने बयान में कहा कि देश में कोयला से गैस ईंधन बनाने की प्रौद्योगिकी अपनाने से कोयला क्षेत्र में क्रांति आ जाएगी, जिससे प्राकृतिक गैस, मेथनॉल और अन्य जरूरी उत्पादों के आयात पर निर्भरता कम हो जाएगी।बयान के अनुसार, “मंत्रालय सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के लिए 6,000 करोड़ रुपये के परिव्यय से कोयला/लिग्नाइट से गैस ईंधन बनाने की परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए एक समग्र योजना पर विचार कर रही है।”मंत्रालय ने कहा कि कोयला/लिग्नाइट से गैस ईंधन बनाने की योजना के लिए इकाइयों का चयन प्रतिस्पर्धात्मक और पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।योजना के दो खंड हैं। पहले खंड में सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) को सहयोग देगी, जबकि दूसरे खंड में निजी क्षेत्र और सार्वजनिक उपक्रम दोनों शामिल होंगे।इस खंड के तहत कम से कम एक परियोजना का चयन शुल्क-आधारित बोली प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। इसके मानदंड तय करने के लिए नीति आयोग से परामर्श लिए जाएंगे।बयान के अनुसार, तीसरे खंड में परियोजनाओं के प्रदर्शन, स्वदेशी प्रौद्योगिकी और छोटे पैमाने के उत्पाद-आधारित गैस ईंधन बनाने वाले संयंत्रों के उपयोग के लिए बजटीय सहायता का प्रावधान शामिल है।मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2029-30 तक कोयला से 10 करोड़ टन गैस बनाने का लक्ष्य रखा है।
- श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश)। सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में एतिहासिक दिन वैज्ञानिकों के परिवार व पत्रकारों सहित बड़ी संख्या में लोग भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के प्रक्षेपण का साक्षी बनने के लिए एकत्रित हुए।चिलचिलाती गर्मी और शुष्क मौसम के पूर्वानुमान के बावजूद उत्साही अंतरिक्ष प्रेमियों को ले जाने वाले यात्री वाहन इस अंतरिक्ष बंदरगाह की ओर बढ़ रहे थे।एलवीएम3एम4 रॉकेट शुक्रवार को इसरो के महत्वाकांक्षी ‘चंद्रयान-3’ को पृथ्वी के इकलौते उपग्रह चंद्रमा की यात्रा पर ले जाएगा।तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से 10,000 से अधिक लोग सुबह से ही यहां पहुंचे। इन्हें सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) के मुख्य प्रवेश द्वार के निकट इसरो द्वारा निर्धारित एक गलियारे से प्रक्षेपण देखने की अनुमति दी जाएगी।उन्हें प्रक्षेपण अनुक्रम और प्रक्षेपण को देखने की अनुमति दी जाएगी जो दूसरे ‘लॉन्च पैड’ से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित है, जहां रॉकेट को ‘लॉन्च कॉम्प्लेक्स’ के साथ जोड़ा जाएगा।इस बड़े मिशन के मद्देनजर एसएचएआर के प्रवेश द्वार की ओर जाने वाली सड़क पर हर 100 मीटर पर एक पुलिस कर्मी तैनात किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।‘महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप’ के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘ प्रक्षेपण के समय सिर्फ रॉकेट उड़ान नहीं भरेगा, इससे हमारी इच्छाएं भी उड़ान भरेंगी..#चंद्रयान।’’तिरुपति के रहने वाले कॉलेज छात्र संदीप ने कहा कि वह प्रक्षेपण को लेकर उत्साहित हैं।उन्होंने कहा, ‘‘ मैं पहली बार यहां आया हूं। प्रक्षेपण देखने को काफी उतसाहित हूं।’’गृहिणी सूर्या ने कहा कि उनकी रॉकेट प्रक्षेपण में रुचि रही है और पहली बार वह गलियारे से इसे देखने आई हैं।
- शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंद्रताल में बचाव कर्मियों ने पिछले पांच दिनों से फंसे सभी 256 पर्यटकों को गुरुवार को सुरक्षित निकाल लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों का दावा है कि पिछले चार दिनों में राज्य में 60,000 पर्यटकों को सुरक्षित इलाकों में स्थानांतरित किया गया है, लेकिन कसोल, खीरगंगा और आसपास के इलाकों में विभिन्न स्थानों पर फंसे 10,000 पर्यटक सुरक्षित स्थानों पर जाने से मना कर रहे हैं, क्योंकि वे अपनी कारों को छोड़कर नहीं जाना चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश में हाल में हुई भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन एवं बाढ़ के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गयीं तथा संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। लाहौल व स्पीति के उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि पर्यटकों को काजा ले जाने से पहले लोसर में भोजन और चिकित्सा आपूर्ति प्रदान की गई तथा पुलिस अधीक्षक राहत और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को लोसर, चंद्रताल, सिर्रू और मनाली का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने चंद्रताल से निकासी प्रक्रिया को एक "चुनौतीपूर्ण कार्य" बताते हुए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को बचाव प्रयासों में सहायता करने का काम सौंपा। नेगी आदिवासी किन्नौर जिले से हैं और वह वहां के दुर्गम इलाकों से परिचित हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस पर्यटकों को एक पर्ची (रसीद) देगी, जिसके बाद सड़कें साफ होने पर वे अपने वाहन वहां से ले जा सकते हैं। उन्होंने मंडी में बाढ़ प्रभावित थुनाग उपमंडल का दौरा किया और प्रभावित परिवारों को एक-एक लाख रुपये देने और बाढ़ में बहे घर के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने बाढ़ से बचने के लिए थुनाग नदी के मार्ग को साफ करने के भी निर्देश दिए। राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार को भी हल्की से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने 13 से 17 जुलाई तक भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने को लेकर 'येलो' अलर्ट की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 19 जुलाई तक राज्य में बारिश होने की भविष्यवाणी की है।
-
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने तीसरे चंद्रयान मिशन के प्रक्षेपण की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। चंद्रयान का प्रक्षेपण आज दोपहर बाद दो बजकर 35 मिनट पर किया जाएगा। कल एक बजकर पांच मिनट से शुरू हुई उल्टी गिनती सुचारू रूप से चल रही है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि चंद्रयान तीन को ले जाने वाला 642 टन वजन वाला, 43 दशमलव पांच मीटर ऊंचा रॉकेट एलवीएम-तीन, सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किया जाएगा।
-
अहमदाबाद. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकान्त दास प्रदेश की राजधानी गांधीनगर में 17-18 जुलाई को होने वाली जी-20 वित्त मंत्रियों, केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस बैठक में 66 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इससे पहले 14 और 15 जुलाई तक गांधीनगर में जी-20 वित्त और केंद्रीय बैंक के प्रतिनिधियों का सम्मेलन होगा। बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय ढांचे से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। ये बैठकें भारत की अध्यक्षता वाले जी-20 में आयोजित की जा रही हैं। इसमें 19 देश और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं। केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री सीतारमण और आरबीआई गवर्नर दास संयुक्त रूप से जी20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की तीसरी बैठक की संयुक्त रूप से अध्यक्षता करेंगे।
-
मुंबई. चालू साल की पहली छमाही में भारतीय यात्रियों की पहली पसंद में पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ नयी दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और चेन्नई जैसे शहर रहे। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। ऑनलाइन यात्रा ऐप बुकिंग डॉट कॉम की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, लोग तेजी से नयी दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे जैसे महानगरीय क्षेत्रों और मनाली, ऋषिकेश जैसे पर्वतीय नगरों और जयपुर जैसे सांस्कृतिक विरासत वाले स्थानों की यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। भारतीय यात्रियों द्वारा देश से बाहर यात्रा करने के मामले में 2023 की पहली छमाही में सबसे आगे दुबई, बैंकॉक, लंदन, सिंगापुर, क्वालालंपुर, हो ची मिन्ह सिटी, पेरिस और हनोई रहे। रिपोर्ट के अनुसार, रुकने के लिए होटलों के साथ-साथ रिजॉर्ट, अतिथि गृह और घरों पर किराया देकर रुकने वाली सेवाएं शीर्ष पर रहीं। पहली छमाही में भारत में सबसे ज्यादा पर्यटक ब्रिटेन, अमेरिका, बांग्लादेश, रूस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से रहे। सबसे ज्यादा विदेशी पर्यटकों ने नयी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता की यात्रा की। यह रिपोर्ट भारत आने वाले सभी (भारतीय और अंतरराष्ट्रीय) यात्रियों की एक जनवरी से 27 जून, 2023 के बीच बुकिंग के आंकड़ों पर आधारित है।
-
जयपुर. राजस्थान के राजसमंद जिले के आमेट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को चार बच्चे तालाब में डूब गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि राजसेठी पंचायत में घर के पीछे बने तालाब में नहाने के दौरान चार बच्चे डूब गए। उन्होंने बताया कि आठ से 11 वर्ष की उम्र के चारों बच्चे एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे थे, जो तालाब में नहाने के दौरान डूब गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान लक्ष्मी, शकीना, लाछा और सुरेश के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
ऋषिकेश . केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि एम्स ऋषिकेश में अगले 10 वर्षों के लिए विकास का खाका संस्थान में ही फैकल्टी, प्रशासन एवं छात्रों के समेकित विचार विमर्श के बाद तैयार होना चाहिए । ऋषिकेश में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के तीसरे दीक्षांत समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुये मांडविया ने कहा, ‘‘विकास का खाका तैयार करने के लिए चाहे जितने भी ब्रेन स्टार्मिंग सेशन करने पड़ें, किए जाने चाहिए।'' इस संबंध में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एम्स ऋषिकेश का बाल्य काल पूरा हो गया है और अब इसे वर्तमान के साथ भविष्य की चुनौतियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि मानकर अपने विकास व क्षमता विकास का खाका तैयार कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री या निदेशक तो आते— जाते रहेंगे, लेकिन यदि एम्स की 10 वर्षीय कार्य योजना का खाका एक बार बन गया तो वह आने वाले हर मंत्री व निदेशक के समक्ष स्थाई रूप से अस्तित्व में रहेगा। मांडविया ने इस अवसर पर 34 पदक भी बांटे जिसमें 30 स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल थे। एम्स ऋषिकेश 2012 में स्थापित हुआ था । पदक विजेताओं को बधाई देते हुए मांडविया ने कहा कि एक डॉक्टर को पांच साल की डिग्री की पढ़ाई कराने में जनता का दो करोड़ रुपया खर्च होता है और इसलिए सरकारी मेडिकल कॉलेज से पढ़कर निकले चिकित्सकों से जनता का उम्मीद रखना बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी करके निकलने वाले चिकित्सक जनता के प्रति अपने दायित्वों का आजीवन पालन करें और समाज को स्वस्थ रखने में सदैव अपना योगदान दें । इस संबंध में उन्होंने याद दिलाया कि स्वस्थ समाज से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है। इस मौके पर मांडविया ने रिमोट का बटन दबाकर एम्स ऋषिकेश परिसर में बनने वाले क्रिटिकल केयर अस्पताल का शिलान्यास भी किया । कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रवीण भारती पंवार भी मौजूद रहीं ।
इससे पहले एम्स ऋषिकेश की अधिशासी निदेशक मीनू सिंह ने बताया कि एम्स में रोजाना तीन हजार मरीज ओपीडी में उपचार कराते हैं। -
पेरिस. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत में बृहस्पतिवार को अपनी फ्रांसीसी समकक्ष एलिजाबेथ बोर्न और सीनेट अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर के साथ "सार्थक" बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने यूरोपीय देश के साथ भारत की दीर्घकालिक और समय पर खरी उतरी रणनीतिक साझेदारी को नई गति प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा की। इससे पहले, आज यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी प्रधानमंत्री बोर्न ने स्वागत किया। मोदी के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और ‘गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अपनी पहली बैठक में, मोदी ने सीनेट अध्यक्ष लार्चर के साथ "सार्थक बैठक" की और दोनों नेताओं ने पारस्परिक हित के कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया तथा कई क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को गहरा करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। इसके बाद, मोदी ने प्रधानमंत्री बोर्न से मुलाकात की तथा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं। इस दौरान वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होंगे। मोदी ने पेरिस में होटल में पहुंचने के बाद बच्चों और भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत की।
होटल के बाहर इंतजार कर रहे भारतीय समुदाय के उत्साही सदस्यों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। मोदी ने कहा, "पेरिस में भारतीय प्रवासियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दुनिया भर में, हमारे प्रवासियों ने अपनी पहचान बनाई है और उनके परिश्रम एवं मेहनती प्रकृति की प्रशंसा की जाती है।" पेरिस में प्रधानमंत्री मोदी के फ्रांसीसी नेतृत्व, भारतीय प्रवासियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और प्रमुख हस्तियों के साथ कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। दिल्ली से फ्रांस के लिए प्रस्थान से पहले, मोदी ने विश्वास जताया था कि उनकी यात्रा द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को एक नई गति प्रदान करेगी। मैक्रों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के विस्तार पर मुख्य ध्यान रहने की उम्मीद है। मोदी ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा, "मैं राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और अगले 25 वर्ष में इस दीर्घकालिक और समय पर खरी उतरी साझेदारी को आगे बढ़ाने पर व्यापक चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं।" उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने मित्र, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 13 से 14 जुलाई तक फ्रांस के राजकीय दौरे पर रहूंगा।'' मोदी ने कहा कि उनकी फ्रांस यात्रा विशिष्ट है क्योंकि वह फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस या बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों की सामरिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘इस वर्ष हमारी रणनीतिक साझेदारी की वर्षगांठ है। गहरे विश्वास और संकल्प में निहित हमारे दोनों देशों के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, असैन्य परमाणु, नीली अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच मेल-मिलाप सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीबी सहयोग हो रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं।''
मोदी ने कहा कि2022 की उनकी पिछली फ्रांस यात्रा के बाद से उन्हें राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने के कई अवसर मिले हैं और हाल ही में मई 2023 में जी-7 शिखर वार्ता के दौरान जापान के हिरोशिमा में भी उनसे मुलाकात हुई थी। बैस्टिल दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए भारतीय सेना के तीनों अंगों की 269 सदस्यीय टुकड़ी यहां पहुंची है। इसमें फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना के तीन राफेल लड़ाकू विमान भी हिस्सा लेंगे। -
-सीएम ने फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया कैंपेन के लिए जिंदल कंपनी को दी बधाईरांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को जिंदल स्टील एंड पावर के कॉरपोरेट अफेयर्स हेड (झारखंड) सुयश शुक्ला ने औपचारिक मुलाकात की। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा और बताया कि जिंदल कंपनी के द्वारा 15 अगस्त 2023 से फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया कैंपेन चलाया जाना है। इसी को लेकर तैयारियां चल रही हैं। सुयश शुक्ला ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज सौंप कर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया कैंपेन के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दी।गौरतलब है कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिंदल ने तिरंगे को जन-जन तक पहुंचाने में जो कानूनी लड़ाई लड़ी उसमें 22 सितंबर 1995 का दिन ऐतिहासिक है। इसी दिन नवीन जिंदल ने तिरंगे को लोकतांत्रिक बनाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। 23 जनवरी 2004 को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद से फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया तिरंगे को हर घर पंहुचाने के लिए प्रयासरत है। -
रामपुर .हिमाचल प्रदेश में शिमला-किन्नौर मार्ग पर एक वाहन के सतलुज नदी में गिर जाने से एक ही परिवार के चार सदस्य लापता हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। लापता लोगों की पहचान शिमला के नानखेरी तहसील स्थित लाधु गांव निवासी राजीव (33), उनकी मां सुंदला देवी (55), चचेरे भाई माहेर सिंह (37) और उनकी पत्नी शीतला (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वे लोग रामपुर स्थित खानेरी अस्पताल जा रहे थे, तभी मंगलवार रात यह हादसा हुआ। राजीव अपने चचेरे भाई और भाभी के साथ अपनी मां को लेकर अस्पताल जा रहा था। उन्होंने बताया कि सड़क के जिस हिस्से से वाहन नदी में गिरा, वह भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गया था। लापता लोगों का पता लगाने के लिए तलाश एवं बचाव अभियान जारी है।
-file photo
-
धनबाद. झारखंड के धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के दूमा गांव के निकट अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार की रात राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला संपर्क प्रमुख सह ग्राम रक्षा दल के सदस्य की गोली मार हत्या कर दी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि संघ नेता शंकर प्रसाद (55) का शव बुधवार सुबह उनके गांव से कुछ दूर स्थित एक कब्रिस्तान से बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रसाद को छह गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि उनकी हत्या मंगलवार देर रात की गयी । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है । प्रसाद के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं।
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस वर्ष के अंत में होने वाले कई राज्यों में विधानसभा चुनावों और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को यहां पार्टी नेताओं की एक रणनीतिक बैठक की अध्यक्षता की। यह भाजपा के 'लोकसभा प्रवास' कार्यक्रम से जुड़े नेताओं की एक बैठक थी। इसका उद्देश्य लगभग 160 लोकसभा सीटों पर अपनी संभावनाओं को मजबूत करना था। इनमें से अधिकांश सीटों पर 2019 में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने 2019 में 543 लोकसभा सीटों में से 303 पर जीत दर्ज की थी। इन निर्वाचन क्षेत्रों में बागपत और रोहतक जैसी सीटें भी शामिल हैं, जहां भाजपा ने मामूली अंतर से जीत दर्ज की थी। बैठक के दौरान उन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रणनीति भी एजेंडे में थी, जहां भाजपा ने पिछली बार चुनाव नहीं लड़ा था। ऐसे क्षेत्रों में वह सारी सीट शामिल हैं जिन पर जनता दल (यूनाइटेड) जैसे उसके तत्कालीन सहयोगियों ने उम्मीदवार उतारे थे। भाजपा के एक नेता ने बताया कि बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले विधानसभा चुनावों का यह अंतिम दौर होगा। कर्नाटक में हाल में कांग्रेस से मिली हार के बाद भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
-
जयपुर. राजस्थान के भरतपुर जिले में बुधवार दोपहर लगभग 12 बदमाशों ने हत्या के एक मामले के दो आरोपियों पर गोलीबारी की जिसमें एक आरोपी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब पुलिस का एक दल इन आरोपियों को रोडवेज की एक बस से जयपुर से भरतपुर लेकर जा रहा था। भरतपुर के जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने पत्रकारों को बताया कि बदमाशों के हमले में दो आरोपी घायल हो गए जिनमें से कुलदीप नामक एक आरोपी को चिकित्सकों ने अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे विजयपाल की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार हत्या के एक मामले में आरोपी कुलदीप जघीना और विजयपाल को पुलिस जयपुर केंद्रीय जेल से भरतपुर ला रही थी। इसके अनुसार बुधवार दोपहर भरतपुर के हलेना पुलिस थाने के अंतर्गत अमोली टोल प्लाजा के निकट एक कार और दो मोटरसाइकिल से आये बदमाशों ने बस को रोका और उसमें सवार हो गये। पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार बदमाशों ने बस में मौजूद पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर फेंका और दो आरोपियों-कुलदीप जघीना और विजयपाल पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कुछ हमलावर बस के अंदर मौजूद थे या सभी ने एक साथ बस को टोल प्लाजा पर रोका और उसमें सवार हुए। जयपुर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राहुल प्रकाश ने बताया कि एक हेड कांस्टेबल सहित सात अन्य सुरक्षाकर्मी इन दोनों (कुलदीप और विजयपाल) को पेशी के लिए भरतपुर लेकर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षाकर्मी ठीक हैं। वहीं एक पुलिस प्रवक्ता के अनुसार राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा ने भरतपुर में गोलीबारी की घटना को गंभीरता से लिया है और पूरे मामले के बारे में जानकारी ली है।
- file photo
-
मुंबई. राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपनगरीय ट्रेन के महिला डिब्बों और प्लेटफॉर्म पर रात नौ बजे से सुबह छह बजे के बीच वर्दीधारी कर्मियों को तैनात करेगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह कदम मुंबई में उपनगरीय ट्रेन में महिला यात्रियों के यौन उत्पीड़न की हालिया घटनाओं के मद्देनजर उठाया गया है। पिछले महीने शहर में चलती ट्रेन में महिलाओं के यौन उत्पीड़न और उन्हें प्रताड़ित करने की दो घटनाएं सामने आईं। रेलवे पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों मामले सुलझा लिये। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इन घटनाओं का संज्ञान लेते हुए जीआरपी ने ट्रेन यात्रा के दौरान खासकर रात और सुबह के समय महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक योजना बनाई है। उन्होंने बताया कि रात नौ बजे से सुबह छह बजे के बीच महिला डिब्बों में वर्दीधारी कर्मियों को तैनात किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि इन कर्मियों को जीआरपी, होम गार्ड और महाराष्ट्र सुरक्षा बल से लिया जाएगा तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारी भी जीआरपी के साथ समन्वय में काम करेंगे। मुंबई उपनगरीय ट्रेन नेटवर्क मध्य, पश्चिमी, हार्बर, ट्रांस-हार्बर और बेलापुर-नेरुल-खारकोपर (उलवे) लाइन में फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि रात के समय रेलवे इन मार्गों पर 1,041 ट्रेन का संचालन करता है। अधिकारी ने बताया कि महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए जीआरपी ने ट्रेन में 640 और प्लेटफॉर्म पर 600 से अधिक कर्मियों को तैनात करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि अगर महिला यात्रियों को पता चलता है कि महिला कोच में सुरक्षाकर्मी नहीं हैं तो वे तुरंत रेलवे हेल्पलाइन-1512 पर संपर्क कर सकती हैं। अधिकारी ने बताया कि इस साल एक जनवरी से जीआरपी को हेल्पलाइन पर 1.58 लाख से अधिक फोन आए। इनमें से 13,921 फोन कॉल मदद मांगने या जानकारी प्रदान करने के लिए थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को प्रतिदिन 700 से 800 फोन कॉल आती हैं।
- भोपाल। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ का मोबाइल फोन दो जालसाजों ने हैक कर पार्टी के चार नेताओं से 10-10 लाख रुपये मांगे। पार्टी के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारियों ने दो लोगों को पकड़ा, जिन्होंने कथित तौर पर फोन किया था और फिर वे मालवीय नगर इलाके में पैसे लेने आए थे। प्रवक्ता ने बताया कि गुजरात के रहने वाले दोनों जालसाजों को पुलिस को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की, लेकिन कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने ‘ बताया कि युवकों ने नाथ का फोन हैक किया और पार्टी विधायक सतीश सिकरवार, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, कांग्रेस की इंदौर शहर इकाई के अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल से 10-10 लाख रुपये मांगे। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी तब सामने आई जब गोयल ने कुछ पदाधिकारियों के साथ कॉल के विवरण की जांच की और पता चला कि पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी सदस्यों से पैसे नहीं मांगे। इसके बाद गोयल ने जालसाजों को फंसाने का फैसला किया और रुपये लेने के लिए युवकों को अपने कार्यालय पर बुलाया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गोयल के कार्यालय में पैसे लेने आए 25 और 28 वर्षीय दोनों लोगों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द ही एक औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज की जाएगी।





.jpg)

.jpg)

.jpeg)
.jpg)




.jpeg)










.jpeg)
