- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने धनशोधन के एक मामले की जांच के तहत असम स्थित औद्योगिक सहकारी बैंक लिमिटेड (आईसीबीएल) के एक पूर्व प्रबंध निदेशक की 30 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। बैंक के साथ वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में एजेंसी द्वारा जून में गिरफ्तार की गई शुभ्रा ज्योति भराली के खिलाफ कार्रवाई की गई है और धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत संपत्तियों को कुर्क करने का एक अस्थायी आदेश जारी किया गया है। ईडी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, इसमें ‘शशि कुमार टी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' (एसकेटीसीपीएल) के 87,70,000 शेयर तथा कंपनी के स्वामित्व वाले गोलपारा, सिमलीटोला में एक चाय बागान तथा रानी, कामरूप (ग्रामीण) में कृषि भूमि जैसी अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 30.5 करोड़ रुपये है। जांच एजेंसी ने कहा, ‘‘वेतन, प्रोत्साहन और यात्रा भत्ते की आड़ में आईसीबीएल के भुगतान संग्रहकर्ताओं और फील्ड अधिकारियों के नाम पर बनाए गए खातों में अत्यधिक राशि जमा की गई। इन सभी खातों का संचालन भराली द्वारा किया जाता था। धनशोधन का मामला गुवाहाटी पुलिस (पानबाजार पुलिस स्टेशन) की प्राथमिकी से उपजा है, जो भराली के खिलाफ ‘बैंक के धन की वित्तीय हेराफेरी करने' के आरोप में दर्ज की गई थी।
-
जम्मू। जम्मू रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार को एक कार तेज रफ्तार के साथ दाखिल हुई जिसकी चपेट में आने से सात साल की एक बच्ची की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार रुकने से पहले ऑटो रिक्शा से भी टकराई।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल दिल्ली की रहने वाली अनामिका नाम की बच्ची की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हुए हैं जिनमें से दो की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि घायलों की पहचान उर्मिला देवी (65), भूपिंदर सिंह(40), आईटी निरीक्षक रविंद्र यादव (33), आदित्य कुमार (12), ललिता देवी (64) और देवन साहू (29) के तौर पर की गई है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में तीन दिल्ली के हैं जबकि बाकी महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और जम्मू के निवासी हैं। चश्मदीदों के मुताबिक वाहन गलत रास्ते से आया और प्रवेश द्वारा पर दो लोगों को टक्कर मारने के बाद आगे अन्य लोगों को टक्कर मारता ऑटो रिक्शा से टकराने के बाद रुका। पुलिस अधीक्षक आरिफ ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज की गई और आगे की जांच चल रही है। -
खूंटी. झारखंड के खूंटी जिले में तीन लोगों की कथित तौर पर उनके ही एक रिश्तेदार ने हत्या कर दी जिनमें एक पिता-पुत्र भी शामिल हैं। खूंटी थाना प्रभारी कामेश्वर कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि घटना रविवार रात को खूंटी थाना क्षेत्र के तहत चंडीडीह गांव में घटी। आरोपी की पहचान मुरहू थाना क्षेत्र के गजगांव निवासी हेमंत पूर्ति के रूप में की गयी है। खूंटी थाना प्रभारी कामेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथमदृष्टया ऐसा लगता है कि आरोपी पूर्ति ने नशे की हालत में अपराध को अंजाम दिया। अपराध में इस्तेमाल फावड़े को बरामद कर लिया गया है।'' कुमार ने कहा कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान 65 साल के बिटना मुंडा, उनके 25 साल के बेटे सुदा मुंडा और एक अन्य ग्रामीण विकास महतो के रूप में की गयी है। -
नयी दिल्ली। वर्ष 2018 से 2020 के बीच गड्ढों के कारण हुए सड़क हादसों में 5,626 लोगों की मौत हुई। यह जानकारी सरकार के हालिया आंकड़ों में दी गई। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2018, 2019 और 2020 में गड्ढों के कारण सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की कुल संख्या क्रमशः 2,015, 2,140 और 1,471 थी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल में, कहा था कि मंत्रालय ने शिक्षा, इंजीनियरिंग (सड़क और वाहन दोनों), प्रवर्तन और आपातकालीन देखभाल के आधार पर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को हल करने के लिए एक बहु-आयामी रणनीति तैयार की है। गडकरी ने कहा था कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर ‘ब्लैक स्पॉट' (दुर्घटना संभावित स्थानों) की पहचान और सुधार को उच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा था कि योजना के स्तर पर सड़क सुरक्षा को सड़क डिजाइन का एक अभिन्न अंग बना दिया गया है।
-
नयी दिल्ली. न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बनी समिति ने सोमवार को अपनी पहली बैठक में एमएसपी को ‘अधिक प्रभावी और पारदर्शी' बनाने सहित अन्य मुद्दों पर गौर करने के लिए चार उप-समूहों का गठन किया है। इस बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) अनुपस्थित रहा। पूर्व कृषि सचिव संजय अग्रवाल की अध्यक्षता वाली समिति ने ‘‘शून्य बजट आधारित खेती को बढ़ावा देने'', देश की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फसल पद्धति में ‘बदलाव' लाने और एमएसपी को और अधिक ‘प्रभावी एवं पारदर्शी' बनाने के तरीकों पर चर्चा की। समिति में अध्यक्ष सहित कुल 26 सदस्य हैं, जबकि एसकेएम के प्रतिनिधियों के लिए तीन स्थान रखे गए हैं। समिति के सदस्य बिनोद आनंद ने बताया, ‘‘एक दिन के विचार-विमर्श के बाद, समिति ने तीन अनिवार्य विषयों पर चार उप-समूह या समितियां बनाने का फैसला किया।'' किसान समूह सीएनआरआई में महासचिव का प्रभार संभाल रहे आनंद ने कहा कि पहला समूह हिमालयी राज्यों के साथ-साथ फसल पद्धति और फसल विविधीकरण का अध्ययन करेगा और उन राज्यों में एमएसपी समर्थन कैसे सुनिश्चित किया जाएगा इस पर गौर करेगा। सूक्ष्म सिंचाई पर बना दूसरा समूह - आईआईएम-अहमदाबाद के सुखपाल सिंह की अध्यक्षता में - सूक्ष्म सिंचाई को किसान केंद्रित बनाने के संबंध में अध्ययन करेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सूक्ष्म सिंचाई सरकारी सब्सिडी से संचालित होती है और समूह इस बात की जांच करेगा कि इसके लिए किसानों की मांग कैसे पैदा की जाए। तीसरा समूह - राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज) के एक प्रतिनिधि के नेतृत्व में - जैविक और प्राकृतिक खेती के तरीकों सहित 'शून्य बजट आधारित खेती' के संबंध में अध्ययन करेगा और किसानों में इसके लिए सहमति बनाएगा। उन्होंने कहा कि चौथा समूह - भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के नेतृत्व में - हैदराबाद स्थित सेंट्रल रिसर्च इंस्टिट्यूट फॉर ड्राइलैंड एग्रीकल्चर (सीआरआईडीए) और नागपुर स्थित नेशनल ब्यूरो ऑफ़ सॉयल सर्वे एंड लैंड यूज़ प्लानिंग (एनबीएसएसएलयूपी) और एक और संस्थान के साथ देशभर में फसल विविधीकरण और फसल पद्धति का अध्ययन करेगा और एक पृष्ठभूमि रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। आनंद ने कहा, ‘‘चारों समूह अलग-अलग बैठक करेंगे और समिति की अंतिम बैठक सितंबर के अंत में होगी।
उन्होंने कहा कि दिन भर चली बैठक में एसकेएम के प्रतिनिधि मौजूद नहीं थे. नीति आयोग के सदस्य रमेश भी अन्य व्यस्तताओं के कारण मौजूद नहीं थे। एसकेएम ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध की अगुवाई की और सरकार को उन्हें निरस्त करने के लिए मजबूर किया जिसके बाद 18 जुलाई को इस समिति की स्थापना की गई थी। एसकेएम ने पहले ही इस समिति को खारिज कर दिया है और अपने प्रतिनिधियों को नामित नहीं करने का फैसला किया है। पिछले साल नवंबर में तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के एमएसपी के मुद्दे पर गौर करने के लिए एक समिति गठित करने का वादा किया था। बैठक में भाग लेने वाले अन्य सदस्यों में भारतीय आर्थिक विकास संस्थान के कृषि-अर्थशास्त्री सीएससी शेखर, आईआईएम-अहमदाबाद के सुखपाल सिंह और कृषि लागत और मूल्य आयोग (सीएसीपी) के वरिष्ठ सदस्य नवीन पी सिंह शामिल थे। बैठक में भाग लेने वाले किसान प्रतिनिधियों में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता किसान भारत भूषण त्यागी के साथ-साथ गुणवंत पाटिल, कृष्णवीर चौधरी, प्रमोद कुमार चौधरी, गुनी प्रकाश और सैयद पाशा पटेल शामिल थे। इफको के चेयरमैन दिलीप संघानी भी बैठक में मौजूद थे। बैठक में कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ सदस्य, केंद्र सरकार के सचिव और कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा के मुख्य सचिव भी मौजूद थे। -
कोलकाता। ब्रिटेन के डंबर्टन पोत कारखाने (शिपयार्ड) में 1940 के दशक में बनाया गया पैडल स्टीमर ‘पीएस भोपाल' जल्द ही हुगली नदी पर एक बार फिर नजर आ सकता है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्वी महानगर के पास एक निजी यार्ड में 62.6 मीटर लंबे और 2.4 मीटर चौड़े जहाज को नया रूप देने के लिए उस पर काम किया जा रहा है। कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह के अध्यक्ष विनीत कुमार ने कहा, ‘‘ जहाज के नवीनीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है और इसके जल्द ही हुगली नदी पर लौटने की उम्मीद है, शायद अगले कुछ महीनों में...। ‘स्टीमर' का संचालन शुरू होने से यह हमारे ‘विरासत यात्रा कार्यक्रम' को गति मिलेगी क्योंकि नए ‘पीएस भोपाल' में बाकी जहाजों (ऐसी यात्राओं के लिए इस्तेमाल होने वाले) की तुलना में अधिक लोग यात्रा करना चाहेंगे।'' उन्होंने बताया कि इस जहाज के नवीनीकरण एवं संचालन में शामिल निजी कंपनी बंदरगाह अधिकारियों को 50,000 रुपये की ‘रॉयल्टी' का भुगतान करेगी और वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए इसका इस्तेमाल करेगी। उन्होंने कहा कि 80 साल पुराने जहाज का नवीनीकरण तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जा रहा है। -
सीवान। बिहार के सीवान में असाव थाना क्षेत्र के असाव बाजार में मंगलवार की अहले सुबह खेतों की तरफ शौच करने गई एक वृद्ध महिला की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी के बाद परिजन आनन-फानन में घटना स्थल पहुंचकर महिला के शव को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गई है। घटना में मृतका की पहचान असाव थाना क्षेत्र के असाव बाजार निवासी 82 वर्षीय रामकली देवी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि रामकली देवी सुबह-सवेरे शौच करने के लिए खेतों की तरफ गई हुई थी। शौच करने के बाद पोखरे में हाथ-पैर धोने के लिए गई थी। इसी दौरान पैर फिसल जाने की वजह से वह पोखरे में ही गिर गई। उसके बाद डगरते हुए वह गहरी पानी मे चली गई और डूब गई। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब चरवाहे अपनी मवेशियों को चराने के लिए पोखरे की तरफ लेकर पहुंचे। इसके बाद मौके पर हड़कंप मंच गई।
घटना की जानकारी जैसे-जैसे हुई। लोगों की भारी-भीड़ पोखरे के नज़दीक जुटती चली गई। इसके बाद लोगों ने महिला की शिनाख्त करना शुरू किया। जिसके बाद महिला की शिनाख्त असाव बाजार निवासी 82 वर्षीय रामकली देवी के रुप मे हुई। इधर गांव के लोगों ने इसकी जानकारी मृतका के परिजनों को दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। -
बुरहानपुर। बुरहानपुर के इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर विवेकानंद कॉलेज के पास मंगलवार सुबह 10 बजे एक्सीडेंट हो गया। कॉलेज छात्राओं से भरी ऑटो को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक और 2 छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस एक्सीडेंट में ट्रक में सवार मजदूरों में से 8 और ऑटो में सवार छात्राओं में से 7 घायल हैं। 3 छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बुरहानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे। एक्सीडेंट होने के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि कॉलेज से कुछ दूरी पर हनुमान मंदिर के पास एक्सीडेंट हुआ। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से भाग गया है। मौके पर पहुंचे तो वहां से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बुरहानपुर से कॉलेज की ओर आ रहे ऑटो में 10 छात्राएं बैठी थी। जबकि ट्रक में केले की कटिंग के लिए जा रहे 10-12 मजदूर सवार थे, जो शाहपुर की ओर जा रहा था। हादसे में ऑटो चालक दिनेश पिता अर्जुन महाजन 40 साल निवासी बंभाड़ा, छात्रा पूजा (19 साल) निवासी बंभाड़ा शाहपुर और विद्या (19 साल) पिता तुकाराम बारी निवासी बंभाड़ा थाना शाहपुर की मौके पर ही मौत हो गई। भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक संवेदना व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने तथा गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को भी सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिये हैं। -
नई दिल्ली। हरियाणा की भाजपा नेता सोनाली फोगाट का मंगलवार को निधन हो गया। वे 42 साल की थीं। वे अपने स्टाफ के साथ गोवा गई थीं, जहां उन्हें सोमवार देर रात दिल का दौरा पड़ा था। सोनाली के भाई ने बताया कि उनका निधन हो गया। सोनाली टिक-टॉक स्टार और बिग बॉस-14 की कंटेस्टेंट बनने के बाद पॉपुलर हुई थीं। उनकी एक बेटी है और पति की कई साल पहले मौत हो चुकी है। सोनाली ने 27 अगस्त को वर्करों की मीटिंग बुलाई थी। सोनाली ने अपनी मौत से चंद घंटे पहले रात को फेसबुक पर अपनी फोटो अपलोड की थी। जिस पर सोनाली ने लिखा था कि ऑलवेज रेडी, दबंग लेडी, रियल बॉस लेडी।
- नई दिल्ली। भारत ने गरबा नृत्य को संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन -यूनेस्को की सांस्कृतिक सूची में शामिल किए जाने के लिए नामित किया है।यूनेस्को के निदेशक ऐरिक फॉल्ट ने कहा है कि यूनेस्को की अदृश्य सांस्कृतिक विरासत में पिछले वर्ष दुर्गा पूजा को शामिल किए जाने के बाद अब भारत ने गरबा को 2022 के लिए नामित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि यूनेस्को की अगली बैठक नवम्बर में होगी और आशा है कि भारतीय समारोह से संबंधित एक और सुन्दर नृत्य गरबा को यूनेस्को की अदृश्य सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कर लिया जाएगा। भारत को जुलाई में अदृश्य सांस्कृतिक विरासत सुरक्षा से संबंधित 2003 की अंतर-सरकारी समिति के लिए चुना गया था। भारत को 155 देशों की समिति में 110 मतों से चुना गया था।
-
नई दिल्ली। ओडिशा में मलगानगिरी जिले के स्वाभिमान अंचल में कल पांच सौ से अधिक माओवाद समर्थकों ने ओडिशा पुलिस के सामने आत्मसर्मण कर दिया। राज्य के पुलिस महानिदेशक एस.के. बंसल ने बताया कि इन लोगों ने माओवादी वेशभूषा को जलाकर माओवादी विचारधारा के प्रति अपना विरोध किया। श्री बंसल ने बताया कि ये माओवादी ओडिशा सरकार के विकास कार्यों से आत्मसमर्पण के लिये प्रेरित हुए। ये लोग अपनी इच्छा से जनबाई में सीमा सुरक्षा बल के शिविर में आए और ओडिशा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
स्वाभिमान अंचल में पिछले दो दशकों में सर्वाधिक हिंसा हुई है। पुलिस ने बताया कि माओवादी समर्थक हिंसक गतिविधियों में माओवादियों की सहायता करते थे और सुरक्षा बलों तथा आम नागरिकों की हत्या में भी शामिल थे। -
नई दिल्ली। रूस ने इस्लामिक स्टेट के एक आत्मघाती आतंकवादी को हिरासत में लिया है, जिसे भाजपा की निलम्बित नेता नुपुर शर्मा की हत्या की जिम्मेदारी दी गई थी। रूस की संघीय सुरक्षा सेवा-एफ.एस.बी. ने बताया कि अजामोव नाम के इस व्यक्ति को इस्मामिक स्टेट ने इस वर्ष अप्रैल से जून के बीच तुर्की में आत्मघाती बमधारक के रूप में भर्ती किया था। इसे तुर्की में प्रशिक्षण दिया गया था। साजिश के अनुसार, अजामोव को भारतीय वीजा लेने के लिए रूस भेजा गया था। हमले के लिए इस्लामिक स्टेट कश्मीर को भी पैसा भेजा गया था। एफ.एस.बी. ने बताया कि आतंकवादी को टेलिग्राम मेसेन्जर और इस्ताम्बुल में इस्लामिक स्टेट के सदस्य के साथ व्यक्तिगत मुलाकात के जरिए धार्मिक कट्टरता का पाठ पढ़ाया गया। एफ.एस.बी. ने बताया कि आतंकवादी ने रूस रवाना होने से पहले इस्लामिक स्टेट प्रमुख के प्रति वफावादी की शपथ ली थी। गृह मंत्रालय इस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में अनियमितताओं के मामले में सीबीआई द्वारा नामज़द तत्कालीन आबकारी आयुक्त आरव गोपी कृष्णा और उपायुक्त आनंद तिवारी को निलंबित कर दिया है। इसी महीने 6 तारीख को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इस मामले में आरव गोपी कृष्णा और आनंद तिवारी समेत आबकारी विभाग के 11 अधिकारियों को निलंबित किए जाने की स्वीकृति दी थी।भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कृष्णा पिछले साल आबकारी नीति तैयार किए जाने और इसे लागू करने के दौरान आबकारी आयुक्त और तिवारी उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे।
-
नई दिल्ली। सरकार ने सुरक्षा बलों को आपात स्थिति में मेक इन इंडिया के अंतर्गत हथियार खरीदने की अनुमति दे दी है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में कल हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। अब सुरक्षा बल फास्ट-ट्रैक आधार पर अपनी जरूरतों के आधार पर नए या पहले से ही चलन में उपकरण खरीद सकेंगे। इसके अंतर्गत शस्त्र उपकरणों की तीन महीने से एक वर्ष के अंदर आपूर्ति करनी होगी। इन्हें खरीदने के लिए सशस्त्र बलों को अपने आबंटित बजट का उपयोग करना होगा तथा रक्षा मंत्रालय की मंजूरी की आवश्यकता नहीं होगी।
सुरक्षा बलों को इन आपात शक्तियों को दिए जाने से लाभ हुआ है। वायुसेना और सेना ने इसके जरिए हिरोन मानव रहित हवाई वाहन खरीदे थे जो लद्दाख और पूर्वोत्तर में निगरानी कार्यों में काफी उपयोगी साबित हुए थे। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने जमीन पर बंकर जैसे लक्ष्य को भेदने वाली लम्बी दूरी की मिसाइलें भी प्राप्त की थी। इन आपात खरीद शक्तियों से सशस्त्र बल स्वदेश तथा विदेश में निर्मित हथियार खरीदेंगे। -
नयी दिल्ली. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक और जोखिमपूर्ण सामान की ढुलाई करने वाले वाहनों के ठिकाने का पता लगाने के लिये ‘ट्रैकिंग' उपकरण लगाना अनिवार्य कर दिया। यह नियम एक सितंबर या उसके बाद विनिर्मित माल ढुलाई वाहनों पर लागू होगा। मंत्रालय की एक अधिसूचना के अनुसार, यह बात संज्ञान में लायी गयी है कि जो वाहन राष्ट्रीय परमिट के दायरे में नहीं हैं, वे नाइट्रोजन, ऑक्सीजन जैसी गैस और जोखिमपूर्ण प्रकृति के समान की ढुलाई कर रहे हैं तथा उनमें वाहनों की स्थिति का पता लगाने वाले उपकरण नहीं लगे हैं। इसमें कहा गया है, ‘‘इसको देखते हुए मंत्रालय ने अनिवार्य किया है कि एन2 और एन3 श्रेणियों के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक वाहन जो खतरनाक और जोखिपूर्ण सामान ले जाते हैं, उनमें वाहन उद्योग मानक (एआईएस)140 के अनुसार ‘ट्रैकिंग' उपकरण लगाया जाएगा। इनमें वे वाहन आएंगे जो नये मॉडल के मामले में एक सितंबर, 2022 को और उसके बाद विनिर्मित हुए हैं और मौजूदा मॉडलों के मामले में जनवरी, 2023 के पहले दिन विनिर्मित हुए हों।'' श्रेणी एन2 के अंतर्गत आने वाले वाहन वे हैं, जिनका उपयोग माल ढुलाई के लिये किया जाता है और जिनका सकल वाहन वजन 3.5 टन से अधिक लेकिन 12 टन से ज्यादा नहीं हो। वहीं श्रेणी एन3 के अंतर्गत वे वाहन आते हैं जिनका उपयोग माल ढुलाई के लिये किया जाता है और जिनका सकल वाहन वजन भार 12 टन से अधिक है। -
नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने विश्वविद्यालयों में अनुसंधान संबंधी आधारभूत ढांचे के महत्व को रेखांकित करते हुए सोमवार को कहा कि आयोग ने विश्वविद्यालयों एवं कालेजों में शोध विकास प्रकोष्ठ (आरडीसी) स्थापित करने के लिये दिशानिर्देश जारी किए हैं और कई उच्च शिक्षण संस्थानों में इनका गठन प्रारंभ हो गया है। चेतना श्रृंखला के तहत शिक्षण संस्थाओं में नवाचार एवं उद्यमिता व्यवस्था का निर्माण विषय पर एक परिचर्चा में हिस्सा लेते हुए कुमार ने कहा कि शोध कार्य तभी किये जा सकते हैं जब हमारे विश्वविद्यालयों में उच्च स्तरीय अनुसंधान आधारभूत ढांचा हों। उन्होंने कहा कि हाल ही में यूजीसी ने अनेक विश्वविद्यालयों, कालेजों को शोध विकास प्रकोष्ठ (आरडीसी) स्थापित करने के लिये दिशानिर्देश भेजे हैं। ये दिशानिर्देश आरडीसी स्थापित करने को लेकर स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करते हैं । कुमार ने कहा कि अभी तक 44 केंद्रीय विश्वविद्यालय, 83 डीम्ड विश्वविद्यालय, 45 राज्य सरकार द्वारा पोषित विश्वविद्यालय, 29 निजी राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय, 95 कालेजों ने शोध एवं विकास प्रकोष्ठ का गठन कर लिया है। यूजीसी के अध्यक्ष ने कहा कि नवाचार एवं उद्यमिता का अंतिम लक्ष्य मानवता के समक्ष पेश आने वाली समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि दुनिया की करीब 20 प्रतिशत आबादी भारत में निवास करती है, ऐसे में हमारे यहां अगर कोई समाधान निकाला जाता है तब वह दूसरों के लिये नमूना बन जाता है। -
नयी दिल्ली. मेजर जनरल प्रवीण छाबड़ा को सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) में महानिरीक्षक (अभियान) नियुक्त किया गया। यह जानकारी कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश से मिली। एनएसजी देश का आतंकवाद रोधी बल है।
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने मेजर जनरल छाबड़ा की नियुक्ति को प्रतिनियुक्ति के आधार पर पदभार ग्रहण करने की तारीख से ढाई साल की अवधि या अगले आदेश तक के लिए मंजूरी दी है। -
हमीरपुर (हिप्र). हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक कार के टक्कर मारने की वजह से सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई के एक नेता की मौत हो गई, जबकि एक अन्य शख्स गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बारे में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता सुनील शर्मा के तौर पर हुई है, जबकि अनुराग पटियाल जख्मी हुए हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां शर्मा को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पटियाल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है और वह फरार है। पुलिस वाहन और चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है। -
नयी दिल्ली. वरिष्ठ वैज्ञानिक देबाशीष मोहंती को सोमवार को राष्ट्रीय प्रतिरक्षा विज्ञान संस्थान (एनआईआई) का निदेशक नियुक्त किया गया। मोहंती संस्थान में फिलहाल स्टाफ वैज्ञानिक के रूप में कार्य कर रहे हैं।
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने डॉ. देबाशीष मोहंती को एनआईआई का निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है और वह इस पद पर कार्यभार संभालने की तिथि से सेवानिवृत्ति की आयु तक काम करेंगे। वहीं, एक अन्य आदेश में मंत्रालय ने कहा कि राजस्व सचिव तरुण बजाज को कॉर्पोरेट मामलों के सचिव के रूप में अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ओडिशा कैडर के 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजेश वर्मा को 18 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सचिव के रूप में नियुक्त किए जाने के बाद संबंधित पद रिक्त हो गया था। आदेश में कहा गया कि सक्षम प्राधिकार ने राजस्व विभाग के सचिव तरुण बजाज को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार तत्काल प्रभाव से सौंपने की मंजूरी दे दी है और वह इस पद पर नियमित नियुक्ति होने तक काम करेंगे। -
प्रयागराज. इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एक मामले में व्यवस्था दी है कि एक सरकारी कर्मचारी की मृत्यु होने पर यदि उसकी पत्नी जीवित है और उसने नियुक्ति के लिए दावा किया है तो मृतक की बहन की अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति नहीं की जा सकती। न्यायमूर्ति नीरज तिवारी ने मृतक कर्मचारी की बहन कुमारी मोहनी द्वारा दायर याचिका खारिज करते हुए यह आदेश पारित किया। मोहनी ने अनुकंपा के आधार पर अपनी नियुक्ति के लिए संबद्ध अधिकारियों को विचार करने का निर्देश पारित करने का अनुरोध अदालत से किया था। यह याचिका खारिज करते हुए अदालत ने कहा, “मौजूदा मामले में इस तथ्य में कोई विवाद नहीं है कि मृतक कर्मचारी विवाहित था और उसकी पत्नी जीवित है और उसने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए दावा किया है। इसलिए नियमों के तहत वही नियुक्ति के लिए पात्र है और याचिकाकर्ता को कोई राहत नहीं दी जा सकती है।” मौजूदा मामले में याचिकाकर्ता का पिता “सफाई कर्मचारी” के पद पर कार्यरत था और सेवाकाल के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद, याचिकाकर्ता के भाई को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति मिल गई। दुर्भाग्य से, एक सड़क दुर्घटना में याचिकाकर्ता के भाई की भी मृत्यु हो गई और उसकी मृत्यु के बाद उसकी मां ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए याचिकाकर्ता को अपनी सहमति दे दी। याचिकाकर्ता ने अपनी नियुक्ति के लिए अधिकारियों के समक्ष प्रत्यावेदन दिया जोकि विचाराधीन था। प्रतिवादी के वकील ने याचिकाकर्ता के वकील द्वारा किए गए दावे पर आपत्ति जताते हुए कहा कि नियमावली 1974 जिसे 2021 में संशोधित किया गया, में परिवार की परिभाषा चरणबद्ध क्रम में दी गई है। उन्होंने बताया कि नियमों के मुताबिक, कर्मचारी की मृत्यु के बाद नियुक्ति पर पहला अधिकार उसकी पत्नी या पति का होता है। इसके बाद अधिकार बेटों या गोद लिए बेटों का होता है। इसके बाद अधिकार बेटियों (गोद ली गई बेटियों सहित) और विधवा बहू का होता है। इसके बाद अधिकार अविवाहित भाइयों, अविवाहित बहनों और विधवा मां जोकि मृतक सरकारी कर्मचारी पर आश्रित हो, उसका होता है।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सरकारी एजेंसियों के सभी पुरस्कारों को एक मंच पर लाने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल की शुरूआत की है। ऐसा पुरस्कार वितरण में पारदर्शिता लाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। गृह मंत्रालय ने आज एक वक्तव्य में कहा कि यह साझा पोर्टल पुरस्कारों के लिए व्यक्तियों या संगठनों को नामित करने की सुविधा प्रदान करता है। पद्म पुरस्कारों के लिए अगले महीने की 15 सितम्बर और जीवन रक्षा पदकों के लिए नामांकन या सिफारिशें 30 सितम्बर तक ऑनलाईन WWW.AWARDS GOV.IN पर भेजी जा सकती हैं।
-
नई दिल्ली। देश ने 210 करोड़ से अधिक कोविड टीके लगाकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कल 35 लाख से अधिक टीके लगाये गये। इस दौरान 9 हजार 530 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत देश ने 210 करोड़ से अधिक टीके लगाकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कल 35 लाख से अधिक टीके लगाये गये। इस दौरान 9 हजार 530 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वर्तमान में 97 हजार 648 लोगों का इलाज चल रहा हैं। स्वस्थ होने की दर 98 .59 प्रतिशत है।देश में अब तक 88 करोड 27 लाख से अधिक नमूनों की कोविड जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में दो लाख नौ हजार जांच की गई।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल 942 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। दिल्ली सरकार ने कहा कि कल एक हजार 360 संक्रमित स्वस्थ हुए। वर्तमान में राष्ट्रीय राजधानी में कुल पांच हजार 141 कोरोना संक्रमित लोगों का उपचार चल रहा है। - भोपाल। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही जिससे राज्य की राजधानी भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में स्कूल बंद रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया है जिसमें राज्य के पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।प्रदेश के बड़े हिस्से में नदियां, नाले और अन्य जल स्त्रोत उफान पर हैं और पानी छोड़ने के लिए कई बांधों के द्वार खोल दिए गए हैं।विशेषकर पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहनों की आवाजाही कम रही। प्रदेश के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की खबरें हैं। आईएमडी ने लोगों को मूसलाधार बारिश के बीच यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।सोमवार को भोपाल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में सोमवार को स्कूल बंद रहे। मौसम के पूर्वानुमान के बाद अधिकारियों को रविवार शाम को स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी करने का फैसला किया।आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि 24 घंटे की अवधि में सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक भोपाल में 190.5 मिमी बारिश हुई इसके बाद गुना में 174.9 मिमी, सागर में 173.9 मिमी, रायसेन में 162 मिमी और जबलपुर में 160 मिमी बारिश हुई।भोपाल में तेज हवा के साथ बारिश से सड़कों के किनारे कई पेड़ उखड़ गए और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ साथ यातायात भी प्रभावित हुआ। भोपाल नगर निगम के कर्मचारी रास्ते में गिरे पड़े पेड़ों और शाखाओं की सफाई करते दिखे।आईएमडी के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह ने बताया, ‘‘ भोपाल और सागर के पास मध्य प्रदेश के मध्य भागों में दबाव बना हुआ है। इसलिए आज रात तक भोपाल, नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।’’ दबाव के पश्चिम की ओर (मध्य प्रदेश में गुना और राजस्थान की ओर) बढ़ने की संभावना है।अधिकारी ने कहा कि जब मध्य प्रदेश में दबाव पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा इसके परिणामस्वरूप इंदौर, और उज्जैन संभागों में भी रात में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है ।उन्होंने कहा कि पूर्वी मध्यप्रदेश में मानसून की बारिश थोड़ी कम हो गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में लगभग पूरे राज्य में बारिश हुई है। सिंह ने कहा कि मंगलवार से बारिश की गतिविधि कम होने की उम्मीद है।
-
नयी दिल्ली। सरकार ने दिल्ली समेत सभी 23 एम्स का नाम स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों, क्षेत्र की ऐतिहासिक घटनाओं अथवा स्मारकों के नाम पर रखने का प्रस्ताव किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा इस बाबत सुझाव मांगे जाने के बाद अधिकतर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने नामों की सूची सौंप दी है। एक अधिकारी ने बताया कि एम्स अपने सामान्य नाम से जाने जाते हैं और केवल उनके विशिष्ट स्थान से उन्हें पहचाना जाता है। गौरतलब है कि कई एम्स संचालन में हैं जबकि अन्य प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत स्थापित किए जा रहे हैं। सूत्र ने बताया कि इस संबंध में विभिन्न एम्स को विशिष्ट नाम देने के संबंध में सुझाव मांगे गए थे, जिन्हें स्थानीय या क्षेत्रीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों, क्षेत्र की विशिष्ट भौगोलिक पहचान से जोड़ा जा सकता है, जहां संबंधित एम्स स्थित है। माना जाता है कि अधिकांश एम्स ने सुझाए गए नामों के लिए व्याख्यात्मक नोट के साथ तीन से चार नामों का सुझाव दिया है। छह नए एम्स - बिहार (पटना), छत्तीसगढ़ (रायपुर), मध्य प्रदेश (भोपाल), ओडिशा (भुवनेश्वर), राजस्थान (जोधपुर) और उत्तराखंड (ऋषिकेश) को पीएमएसएसवाई के पहले चरण में मंजूरी दी गई थी और इनका संचालन पूरी तरह शुरू हो चुका है। वहीं, 2015 और 2022 के बीच स्थापित 16 एम्स में से 10 संस्थानों में एमबीबीएस और ओपीडी की सेवाएं शुरू की गई हैं, जबकि अन्य दो में केवल एमबीबीएस कक्षाएं शुरू की गई हैं। शेष चार संस्थान निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं।
- -
तिरुवनंतपुरम। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के किलिमनूर इलाके के निकट एक तेज रफ्तार एसयूवी गाड़ी ने कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति और उसके पांच साल के बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। नागरूर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार की रात हुई इस घटना में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति के बड़े बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कहा कि एसयूवी में सवार दो लोगों को शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया और प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्होंने शराब पी रखी थी। उनकी रक्त जांच की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि यह दुखद घटना उस समय हुई जब वह व्यक्ति और उसके दो बेटे पास के बाजार से किराने का सामान खरीदकर वापस लौट रहे थे। वापस लौटते समय एसयूवी ने एक मोड़ पर सामने से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और आगे बैठा छोटा बेटा उछलकर खुले नाले में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो उन्हें सड़क पर केवल वह व्यक्ति और उसका बड़ा बेटा मिला, जिन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि बाद में जब आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, तो छोटे बेटे का सिरविहीन शव नाले में पड़ा मिला और फिर सिर नीचे की ओर पाया गया। पुलिस ने कहा कि पूछताछ की कार्यवाही चल रही है और उसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धार 304 और धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।























.jpg)


.jpeg)
