- Home
- देश
- नयी दिल्ली . केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,451 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 4,30,52,425 हो गए, जबकि सक्रिय मामले बढ़कर 14,241 हो गए। सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, भारत में संक्रमण के कारण 54 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,22,116 हो गई। मंत्रालय के मुताबिक देश में कुल संक्रमण में सक्रिय मामले 0.03 प्रतिशत है, वहीं, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.75 प्रतिशत है। पिछले चौबीस घंटे की अवधि में 808 नए सक्रिय कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के साथ वृद्धि दर्ज की गई है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार संक्रमण की दैनिक सकारात्मकता दर 0.55 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.47 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,25,16,068 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 187.26 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 54 मामले सामने आए, जिनमें केरल में 48, दिल्ली, गुजरात, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब और उत्तराखंड में एक-एक मामला सामने आया। देश में अभी तक संक्रमण से कुल 5,22,116 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,47,831, केरल के 68,750, कर्नाटक के 40,057, तमिलनाडु के 38,025, दिल्ली के 26,162, उत्तर प्रदेश के 23,502 और पश्चिम बंगाल के 21,200 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को स्कूलों के लिए कोविड-19 संबंधी दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि छात्रों तथा कर्मचारियों को बिना थर्मल स्कैनिंग के स्कूल परिसर में प्रवेश करने नहीं दिया जाए।इसमें यह भी कहा गया है कि अभिभावकों को सलाह दी जानी चाहिए कि वे बच्चों के कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने पर उन्हें स्कूल न भेजें। सरकार ने कहा, ‘‘छात्रों को भोजन और स्टेशनरी का सामान साझा करने से बचने का निर्देश दिया जाए।’’ राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि देखी गयी है। दिल्ली में गुरुवार को संक्रमण के 965 नए मामले आए। बुधवार को कोरोना वायरस के 1,009, मंगलवार को 632 और सोमवार को 501 मामले आए थे।
-
नयी दिल्ली,। भारत ने दोहराया कि वह रूस के साथ अपने आर्थिक संबंधों को स्थिर रखने की कोशिश कर रहा है। भारत ने साथ ही कहा कि वह रूस से ‘‘बहुत कम'' कच्चा तेल खरीदता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यह बात उन खबरों के बीच कही कि भारत रूस से और कच्चा तेल खरीद रहा है। बागची ने कहा कि रूस पर भारत का रूख, ‘‘स्पष्ट और दृढ़'' है।उन्होंने कहा, ‘‘हम इस बात पर विचार कर रहे हैं कि हम अपने आर्थिक संबंध कैसे स्थिर रखें....हम रूस से बहुत कम कच्चा तेल खरीदते हैं। यह सरकार से सरकार आधार पर नहीं किया जाता।'' बागची ने यह भी कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है कि भारत की रूस से कच्चे तेल की खरीद बढ़ी है अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में अमेरिका के साथ भारत की अच्छी बातचीत हुई है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ब्रिटेन के अपने समकक्ष बोरिस जॉनसन से युद्धग्रस्त यूक्रेन की स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने वहां तुरंत युद्धविराम और समाधान निकालने के लिए वार्ता और कूटनीति के रास्ते पर लौटने पर बल दिया। जॉनसन से वार्ता के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन ने सभी देशों की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के सम्मान के महत्त्व को भी दोहराया।मोदी ने कहा , ‘‘ हमने यूक्रेन में तुरंत युद्धविराम और समस्या के समाधान के लिए वार्ता और कूटनीति पर बल दिया। हमने सभी देशों की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के सम्मान का महत्त्व भी दोहराया। ’’उन्होंने कहा कि जॉनसन से वार्ता के दौरान उन्होंने एक शांतिपूर्ण , स्थिर और धर्मनरिपेक्ष अफगानिस्तान के साथ ही वहां एक समावेशी और प्रतिनिधित्व सरकार के लिए अपना समर्थन दोहराया।मोदी ने कहा , ‘‘ यह आवश्यक है कि अफगान भूमि का प्रयोग अन्य देशों में आतंकवाद फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए। ’’दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर हो रहे अन्य घटनाक्रमों पर भी चर्चा की और एक खुली , समावेशी और नियम - आधारित व्यवस्था, हिंद - प्रशांत क्षेत्र में बनाए रखने पर जोर दिया।प्रधानमंत्री मोदी ने हिंद - प्रशांत महासागरीय पहल से जुड़ने के लिए ब्रिटेन के फैसले का स्वागत किया।मोदी ने कहा कि पिछले साल दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की स्थापना की गई थी और इस दशक में अपने संबंधों को दिशा देने के लिए दोनों देशों ने एक महत्वाकांक्षी “ रोडमैप 2030” की शुरुआत की थी।भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा , ‘‘ आज की हमारी बातचीत में हमने इस रोडमैप में हुई प्रगति की समीक्षा की और आगामी समय के लिए कुछ लक्ष्य भी तय किए। ’’उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विषय पर दोनों देशों के दल काम कर रहे हैं और इसमें अच्छी प्रगति हो रही है।उन्होंने कहा , ‘‘ हमने इस साल के अंत तक एफटीए के समापन की दिशा में पूरा प्रयास करने का निर्णय लिया है।मोदी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से भारत और ब्रिटेन के संबंधों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री जॉनसन की बहुत महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भारत जब अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, ऐसे समय में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का यहां आना, अपने आप में एक ऐतिहासिक पल है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली सरकार ने 18-59 आयु वर्ग के लोगों को सरकारी टीकाकरण केन्द्रों में कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीकों की एहतियाती खुराक नि:शुल्क उपलब्ध करानी शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने एक आदेश में कहा, ‘‘दिल्ली में सभी पात्र लाभार्थियों को एहतियाती खुराक के लाभ देने के लिए यह खुराक 18-59 आयु वर्ग के लोगों को सरकारी टीककरण केन्द्रों में 21 अप्रैल से नि:शुल्क उपलब्ध होगी।” आदेश में कहा गया, ‘‘दिल्ली के लिए को-विन पोर्टल में आवश्यक बदलाव किए गए हैं, इसके अलावा ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा के साथ ही वहीं जा कर भी अपॉइंटमेंट लिया जा सकता है। '' राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के मामले बढ़ने के बीच यह निर्णय लिया गया है।
- नयी दिल्ली। भारत के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति ने पांच से 11 वर्ष की आयु के बच्चों के वास्ते बायोलॉजिकल ई के कोविड-19 रोधी टीके कोर्बेवैक्स के लिए आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी (ईयूए) देने की सिफारिश की है। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) ने हालांकि, दो से 11 वर्ष की आयु के बच्चों के बीच कोवैक्सीन के उपयोग के लिए भारत बायोटेक से आपातकालीन उपयोग की अनुमति (ईयूए) को लेकर उसके आवेदन की समीक्षा के लिए अधिक आंकड़े मांगे हैं। एक अन्य सूत्र ने कहा कि एसईसी ने कैडिला को 12 साल या अधिक उम्र के बच्चों के लिए 28 दिन के अंतर पर दो खुराक के साथ 3 मिलीग्राम की अतिरिक्त खुराक के लिए उसके जायकोव-डी टीके के लिए भी आपातकालीन उपयोग मंजूरी (ईयूए) देने की भी सिफारिश की है। वर्तमान में, जायकोव-डी को दो एमजी की तीन खुराक के टीकाकरण के लिए अनुमोदित किया गया है।बायोलॉजिकल ई के कॉर्बेवैक्स का उपयोग 12 से 14 वर्ष आयु के बच्चों में कोविड-19 के खिलाफ किया जा रहा है। 24 दिसंबर, 2021 को 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए डीसीजीआई द्वारा कोवैक्सीन को आपातकालीन उपयोग सूची (ईयूएल) में शामिल किया गया था। भारत ने 16 मार्च को 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया।
- नयी दिल्ली। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी नरेश कुमार ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्य सचिव का पदभार संभाला। पदभार संभालते ही कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न कार्यक्रमों, परियोजनाओं तथा शहर के समक्ष कोविड-19 से पैदा चुनौतियों का जायजा लिया। कुमार के पास सरकार में नये अधिकारियों की टीम होगी क्योंकि केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को दिल्ली से 30 से ज्यादा आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया जिसमें स्वास्थ्य, वित्त, बिजली और पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रधान सचिव भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुमार ने दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में विभिन्न जारी और लंबित परियोजनाओं तथा कार्यक्रमों पर जानकारी ली। उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल द्वारा मंजूर की गई योजनाओं की स्थिति भी जाननी चाही।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत न सिर्फ एक राष्ट्र है बल्कि एक महान विरासत और एक महान परम्परा है। श्री मोदी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश की प्रतिष्ठा पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत कभी भी किसी देश या समाज के लिए खतरे के रूप में सामने नहीं आया और आज भी वह पूरे विश्व के कल्याण की कामना करता है।
प्रधानमंत्री कल रात दिल्ली के लालकिला परिसर में श्री गुरू तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री मोदी ने इस अवसर पर स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया। केन्द्रीय संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी और पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी समारोह में उपस्थित थे।श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पूरे विश्व की प्रगति को ध्यान में रखते हुए आत्म-निर्भर देश की बात करता है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रयास करने होंगे, ताकि विश्व देश की क्षमता को देख सके। उन्होंने कहा कि जब देश, आजादी के सौ साल का समारोह मनाएगा, तब एक नया भारत हमारे समक्ष होगा।दस सिख गुरुओं के योगदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन गुरूओं ने शक्ति को सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि आज देश सिख गुरुओं के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है। श्री मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरे भारत को एक सूत्र में पिरोया। प्रधानमंत्री ने कहा कि लाल किला, कई महत्वपूर्ण कालखंडों का साक्षी रहा है और इसने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को भी देखा है। मुगल शासक औरंगजेब के शासन काल में धार्मिक कट्टरता का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उस समय देश में धार्मिक कट्टरता की आंधी चल रही थी। उन्होंने कहा कि अतीत में ऐसे लोग थे, जो धर्म को दर्शनशास्त्र, विज्ञान और स्वयं को जानने का साधन मानते थे लेकिन कुछ ऐसे लोग भी थे जिन्होंने धर्म के नाम पर हिंसा और अत्याचार किए। उन्होंने कहा कि उस समय औरंगजेब की अत्याचारी सोच के समक्ष गुरु तेग बहादुर जी चट्टान की तरह खड़े रहे।प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान ने देश की कई पीढ़ियों को अपनी संस्कृति की गरिमा, सम्मान और आदर की रक्षा के लिए जीने-मरने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि बड़ी शक्तियां समाप्त हो गई लेकिन भारत आज भी अमर है और उन्नति के मार्ग पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार सिख परंपरा के सभी तीर्थों को जोडने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने साहिबजादों के महान बलिदान की याद में पिछले वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का फैसला किया था। - गुमला. झारखंड के गुमला जिले में बृहस्पतिवार को एक जंगली भालू के हमले में दो किसानों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक ही परिवार के तीन किसान सुबह में अपने खेत की जुताई कर रहे थे, तभी एक वयस्क जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। यह घटना करंज पुलिस थाना क्षेत्र के अंबेरा नगेसियाटोली गांव में हुई। उन्होंने बताया कि हमले में ललित किशन (56) नाम के किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष किशन (25) और मंगलेश्वर किशन (35) गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए सिसई स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स),रांची भेज दिया गया। अधिकारी ने बताया कि रिम्स में इलाज के दौरान सुभाष की माौत हो गई।-file photo
- इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रशासन के समय रहते हरकत में आने से दो सगी बहनें ‘बालिका वधू' बनने से बच गईं। बाल विवाह के खिलाफ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गठित उड़नदस्ते के प्रभारी महेंद्र पाठक ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शारीरिक प्रताड़ना के चलते दोनों नाबालिग लड़कियों के पिता के साथ रहने से इनकार करने पर उन्हें आश्रय स्थल भेजवा दिया गया है। पाठक के मुताबिक, इंदौर के देवगुराड़िया क्षेत्र में रहने वाली दो नाबालिग बहनों की शादी पड़ोस के देवास जिले के दो अलग-अलग परिवारों के युवकों से करने की तैयारी चल रही थी। बाल विवाह की सूचना मिलने पर प्रशासन ने बुधवार को इन्हें रुकवा दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे उड़नदस्ते ने जब दोनों लड़कियों की उम्र को लेकर उनके पिता से प्रमाणपत्र मांगा तो उसने कहा कि अभी उसके पास ऐसा कोई प्रमाणपत्र नहीं है और आयु संबंधी प्रमाणपत्र एक दूरस्थ गांव में उसके पैतृक घर में रखे हुए हैं, जहां ताला लगा है।'' पाठक के अनुसार, उड़नदस्ते ने दोनों बहनों के स्कूल से रिकॉर्ड मंगवाया तो पता चला कि इनमें से एक लड़की 17 वर्ष की है, जबकि दूसरी की उम्र 15 साल है। गौरतलब है कि देश में 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के और 18 साल से कम आयु की लड़की की शादी बाल विवाह की श्रेणी में आती है, जो कानूनन अपराध है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत दोषी को दो साल तक के सश्रम कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों सजा देना का प्रावधान है। उड़नदस्ता प्रभारी ने यह भी बताया कि दोनों बालिकाओं ने शिकायत की कि उनका पिता नशे की हालत में आए दिन उनके साथ मारपीट करता है। लड़कियों ने यह भी कहा कि उनका पिता उन्हें घर की ऊपरी मंजिल से नीचे फेंकने का प्रयास कर चुका है। पाठक के मुताबिक, बाल विवाह रोके जाने के बाद दोनों बहनों ने आशंका जताई कि अगर वे अब भी पिता के घर रहीं तो उन्हें फिर प्रताड़ना दी जाएगी। पाठक ने बताया कि दोनों बालिकाओं के पिता के साथ रहने से इनकार करने के बाद बाल कल्याण समिति ने उन्हें अस्थायी रूप से एक आश्रय स्थल भेजवा दिया। उन्होंने बताया कि दोनों बालिकाओं और उनके माता-पिता के बयानों के आधार पर समिति फैसला करेगी कि वे भविष्य में कहां रहेंगी।
- हरदोई . उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में खेत में गेहूं काटने जा रहे दो किसानों की रास्ते में पड़े बिजली के तारों की चपेट में आने पर करंट लगने से मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में 12 वर्षीय एक लड़का गंभीर रूप से झुलस गया।पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के मुताबिक, टडियावा थाना क्षेत्र के ककरहा मजरा पूर्वा देवरिया निवासी वीरपाल (42) बुधवार शाम अपने बेटे अनुराग (12) और गांव के ही सत्येंद्र (22) के साथ खेत में गेहूं काटने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में बिजली के हाईटेंशन तार टूटे पड़े हुए थे और तीनों अचानक करंट की चपेट में आ गए। द्विवेदी के अनुसार, इस हादसे में वीरपाल और सत्येंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुराग बुरी तरह से झुलस गया। उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।-
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सिविल सेवा अधिकारियों से देश की एकता व अखंडता से कोई समझौता ना करने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी फैसला वह चाहे कितना भी आकर्षक क्यों ना हो, लेने से पहले उन्हें उसे एकता व अखंडता की तराजू में जरूर तौलना चाहिए। सिविल सेवा दिवस के अवसर पर यहां स्थित विज्ञान भवन में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार प्रदान करने के बाद सिविल सेवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने फैसलों में यह जरूर देखना चाहिए कि वह देश की एकता और अखंडता में कहीं रुकावट तो पैदा नहीं करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में सिविल सेवा अधिकारियों के सामने तीन लक्ष्य साफ-साफ होने चाहिए और इनसे कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘पहला लक्ष्य है कि देश के सामान्य से सामान्य जन के जीवन में बदलाव लाना। ना सिर्फ उसके जीवन में बदलाव बल्कि सुगमता भी आए और उन्हें इसका एहसास भी हो। सरकार से मिलने वाले लाभों के लिए उन्हें जद्दोजहद ना करनी पड़े। हमें उनके सपनों को संकल्प में बदलना है। इसके लिए सकारात्मक वातावरण बनाना व्यवस्था की जिम्मेदारी है।'' प्रधानमंत्री ने दूसरा लक्ष्य वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप नवीनता और आधुनिकता को अपनाना और तीसरा लक्ष्य एकता व अखंडता से समझौता ना करना है। उन्होंने कहा, ‘‘... व्यवस्था में हम कहीं पर भी हों, लेकिन जिस व्यवस्था से हम निकले हैं, उसमें हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है देश की एकता और अखंडता। यह लक्ष्य कभी भी ओझल नहीं होना चाहिए। इससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कोई भी निर्णय...वह चाहे कितना भी लोकलुभावन हो या आकर्षक हो, उसे उस तराजू पर जरूर तौलिए कि कहीं देश की एकता और अखंडता में वह बाधक या रूकावट तो नहीं पैदा करेगा।'' केन्द्र और राज्य सरकारों के संगठनों और जिलों द्वारा जन हित के असाधारण और अभिनव कार्यों को सम्मानित करने के लिए ये पुरस्कार दिए जाते हैं। इस वर्ष प्राथमिकता के आधार पर पांच कार्यक्रमों के लिए 10 पुरस्कार दिए गए। केन्द्र तथा राज्य सरकार के संगठनों और जिलों को नवाचार के लिए छह पुरस्कार प्रदान किये गए। केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने बुधवार को 15वें सिविल सेवा दिवस समारोहों का उद्घाटन किया था।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,380 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,49,974 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 13,433 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 56 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,22,062 हो गई है। वहीं, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 13,433 पर पहुंच गई है, जो कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है। मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,093 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
- अहमदाबाद. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बृहस्पतिवार को यहां उद्योगपति गौतम अडाणी के साथ बैठक की। वह दो दिन की यात्रा पर भारत आए हैं। यह बैठक अहमदाबाद शहर के बाहरी इलाके शांतिग्राम में अडाणी समूह के वैश्विक मुख्यालय में हुई।अडाणी ने बाद में ट्वीट किया, ‘‘अडाणी मुख्यालय में गुजरात दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जॉनसन की मेजबानी करने का सम्मान मिला। अक्षय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और नई ऊर्जा के साथ जलवायु और स्थिरता एजेंडा का समर्थन करने की प्रसन्नता है। रक्षा और एयरोस्पेस प्रौद्योगिकियों में सह-निर्माण के लिए ब्रिटेन की कंपनियों के साथ भी काम करेंगे।'' सूत्रों ने कहा कि दोनों ने अन्य बातों के अलावा, ऊर्जा बदलाव, जलवायु कार्रवाई, एयरोस्पेस और रक्षा सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अडाणी और जॉनसन ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर खासतौर से चर्चा की। भारत ने अपने सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए 2030 तक 300 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बनाई है। अडाणी ने शेवनिंग स्कॉलरशिप के जरिये युवा भारतीयों के लिए एक अकादमिक सुविधा कार्यक्रम की भी घोषणा की, जो ब्रिटेन सरकार द्वारा दी जाने वाली सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति में से एक है। उन्होंने 28 जून को लंदन में होने वाले भारत-ब्रिटेन जलवायु विज्ञान और प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन में भी ब्रिटिश प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया। अडाणी समूह के चेयरमैन ने पिछले साल अक्टूबर में लंदन में वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन में भी जॉनसन से मुलाकात की थी।
- नयी दिल्ली . सीमा शुल्क अधिकारियों ने लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने की तस्करी के आरोप में बुधवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान में कहा गया है कि इस व्यक्ति ने सोने को नकली बाल (विग) में छिपाया हुआ था।इसमें कहा गया है कि सोमवार को अबू धाबी से दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने आरोपी को रोका और तलाशी के दौरान सोना जब्त किया गया। बयान के अनुसार आरोपी के पास से 30.55 लाख रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया और भारतीय पासपोर्ट धारक इस यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
- नयी दिल्ली. बड़े फेरबदल के तहत गृह मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 42 अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नयी तैनात दी। आधिकारिक आदेश के अनुसार, एजीएमयूटी कैडर के 42 आईपीएस अधिकारियों को स्थानांतरित कर दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम, चंडीगढ़, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, जम्मू एवं कश्मीर, पुडुचेरी, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में नयी तैनाती दी गई है। इन 42 अधिकारियों में से पुलिस उपायुक्त स्पेशल सेल प्रमोद सिंह कुशवाह और संजीव कुमार यादव, जिन्होंने आतंकवाद से जुड़े कई मामलों को संभाला है, को क्रमशः अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में स्थानांतरित किया गया है। आदेश में कहा गया, ''हरगोविंदर सिंह (1997 बैच), अंकित कुमार सिंह (2013), राजा बंथिया (2014), हेमंत तिवारी (2014), कुशल पाल सिंह (2014) और हर्ष इंदौरा (2016) को अरुणाचल प्रदेश से दिल्ली स्थानांतरित किया गया है।'
- नयी दिल्ली । रक्षा मंत्रालय ने 37 छावनी अस्पतालों और 12 सैन्य अस्पतालों में आयुर्वेद केंद्र शुरू करने का फैसला किया है। मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि उसने आयुर्वेद केंद्र शुरू करने के लिए आयुष मंत्रालय (एमओए) के साथ दो समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘रक्षा मंत्रालय ने आयुष मंत्रालय के साथ दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें एक, 37 छावनी अस्पतालों में आयुर्वेद केंद्र शुरू करने के लिए है, जबकि दूसरा समझौता ज्ञापन सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (एएफएमएस) के 12 सैन्य अस्पतालों में आयुर्वेद केंद्र शुरू करने के लिए है।'' वैश्विक आयुष निवेश एवं नवाचार शिखर बैठक के दौरान समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए और गांधीनगर के महात्मा मंदिर में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा को संबोधित किया, जहां विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस भी मौजूद थे।
- गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) । जनपद में बुधवार को हुए एक हादसे में स्कूल बस की खिड़की से बाहर सिर निकाल कर देख रहे तीसरी कक्षा के 10 वर्षीय एक छात्र का सिर बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जिला अधिकारी आर. के. सिंह ने बताया कि मोदीनगर क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा का एक छात्र स्कूल बस की खिड़की से सिर निकालकर बाहर देख रहा था। इसी दौरान बस जब स्कूल के अंदर दाखिल होने के लिए मुड़ रही थी तभी छात्र का सिर बिजली के खंभे से टकरा गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि बस में मौजूद एक शिक्षक ने उन्हें बताया कि उस बच्चे की तबीयत ठीक नहीं थी। बहरहाल, स्कूल बस को जब्त करके उसके चालक तथा कंडक्टर को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इराज राजा ने बताया कि हादसे में मृत बच्चे के परिजन ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनकी तहरीर पर स्कूल प्रबंधन के दो लोगों तथा बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने बस का सुरक्षा ऑडिट कराने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस सिलसिले में रिपोर्ट मांगी है। मोदीनगर के उप जिला अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
- शिमला । हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बुधवार दोपहर ब्यास नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना स्थल का दौरा करने वाले एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना ज्वालामुखी उपमंडल के गालोर में हुई। कांगड़ा जिला आपातकालीन अभियान केंद्र ने कहा कि कलेश्वर गांव के स्योरपई पंचायत के अमित (20) और उसके रिश्ते का भाई रोहित (17) नदी में नहा रहे थे, लेकिन वे नदी में डूब गए। आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।
- बनिहाल/जम्मू । जम्मू-कश्मीर के सांबा, रामबन और राजौरी जिलों में बुधवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में सैन्यकर्मी समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सांबा जिले में वीरभूमि पार्क के पास सेना के जवान मनप्रीत सिंह का निजी वाहन फिसलकर पुल से नीचे जा गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर में तैनात रहे सिंह 26 मार्च से अवकाश पर थे। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य हादसा रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, एक ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले में राजौरी-कोटरांका मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि कार सवार एक व्यक्ति और एक अन्य महिला घायल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
- रांची। रांची में एक महिला को 25 लाख रुपये की लाटरी और बीएमडब्लू कार जीतने का झांसा देकर उससे 3.45 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने चतरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) के अधीन संचालित साइबर अपराध थाने ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में चतरा जिले से दो साइबर अपराधियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया।पुलिस ने बताया कि दोनों के पास से तीन मोबाइल और छह एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं, हालांकि ठगी गई रकम अभी नहीं वसूली जा सकी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा हंटरगंज निवासी छोटू कुमार और चतरा जिले के ही प्रतापपुर निवासी अनवर अंसारी के रूप में हुई है। सीआईडी के पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस. और साइबर थाना की उपाधीक्षक नेहा ने सीआइडी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पीडि़ता साइमा शाह रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उन्होंने बताया कि साइमा के मोबाइल पर किसी आकाश वर्मा नामक एक व्यक्ति का फोन आया जिसने बताया कि उनके जियो नंबर पर 25 लाख रुपये की लाटरी निकली है। उन्होंने बताया कि बच्चे की बीमारी से परेशान साइमा को यह अच्छा अवसर लगा और वह ठगों के जाल में फंस गई। पुलिस ने बताया कि वर्मा ने बैंक मैनेजर बता कर एक अन्य व्यक्ति से साइमा की बात कराई जिसने बताया कि लॉटरी की रकम पाने के लिए 45 हजार रुपये कर के रूप में देने होंगे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने महिला से कहा कि इससे जुड़े कागजात बनवाने के लिए 40 हजार रुपये अलग से देने होंगे, बाद में उन्होंने लेट फाइन के रूप में 20 हजार, हवाई अड्डे पर कागजी कार्रवाई के नाम पर 35 हजार रुपये, बीएमडब्ल्यू कार को कंटेनर से लाने के नाम पर 80 हजार, नंबर प्लेट के नाम पर 20 हजार रुपये, रोड टैक्स के नाम पर 45 हजार रुपये तथा अन्य अनेक मदों में जोड़ कर कुल 3.45 लाख रुपये की उससे ठग ली। साइमा ने ठगी समझ आने पर आठ फरवरी, 2022 को साइबर अपराध थाना पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों मुख्य आरोपियों को चतरा से गिरफ्तार कर लिया।
- गांधीनगर।'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस घेब्रेयेसस को एक भारतीय नाम ‘तुलसी भाई' दिया। महानिदेशक के अनुरोध पर उन्हें यह भारतीय नाम दिया गया। गांधीनगर में आयोजित तीन दिवसीय ‘वैश्विक आयुष निवेश एवं नवोन्मेष शिखर सम्मेलन' के उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तुलसी (पवित्र तुलसी' या ओसीमम टेनुइफ्लोरम) का पौधा भारतीय आध्यात्मिक विरासत का एकीकृत हिस्सा रहा है। इस दौरान डॉ. टेड्रोस ने गुजराती में भाषण की शुरूआत करने का प्रयास किया। मोदी ने कहा कि डॉ. टेड्रोस गुजराती नाम चाहते हैं। मोदी ने कहा, ‘‘जब वे आज सुबह मुझसे मिले तो उन्होंने मुझसे कहा कि अब वह ‘पक्का' गुजराती बन गये हैं। उन्होंने मुझसे कोई गुजराती नाम देने के लिए कहा। उन्होंने मुझे मंच पर भी याद दिलाया कि क्या मैंने उनके लिए नाम पर कोई फैसला किया है। महात्मा गांधी की पवित्र धरती पर एक गुजराती के रूप में मैं अपने बेहतरीन दोस्त को तुलसी भाई कहकर पुकारना चाहूंगा।'' मोदी ने कहा कि तुलसी का पौधा पारंपरिक रूप से हर भारतीय के घर में लगाया जाता है और पीढ़ी दर पीढ़ी इसकी पूजा होती आई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली के बाद ‘तुलसी विवाह' का भी उत्सव मनाया जाता है। उपनाम ‘भाई' पर मोदी ने कहा कि यह एक गुजराती के लिए बहुत जरूरी है। डॉ. टेड्रोस के गुजरात के प्रति लगाव, गुजराती बोलने के प्रयास और भारतीय शिक्षकों प्रति उनके आदर को लेकर मोदी ने प्रसन्नता जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डॉ. टेड्रोस उनके बहुत अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि जब भी हम दोनों मिलते हैं, तो टेड्रोस एक बात हमेशा कहते हैं कि, ‘‘मोदी जी, आज मैं जो कुछ भी हूं, वह भारतीय शिक्षकों की बदौलत हूं जिन्होंने मुझे बचपन से पढ़ाया है। भारतीय शिक्षकों ने मेरे जीवन में बड़ी भूमिका निभाई है। मुझे भारत से जुड़ा होने पर गर्व है।
- नयी दिल्ली । फिनो पेमेंट्स बैंक ने बुधवार को कहा कि कारोबार प्रतिनिधि के रूप में उसे भागीदार बैंक की तरफ से मियादी जमा और आवर्ती जमा (आरडी) सेवा शुरू करने की अनुमति प्राप्त हुई है। भारतीय रिजर्व बैंक ने 19 अप्रैल को अपने पत्र के जरिये कहा कि फिनो बैंक सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक (एसएसएफबी) के कारोबार प्रतिनिधि (बिजनेस कॉरोस्पोन्डेन्ट) के रूप में मियादी जमा और आरडी सेवाएं शुरू कर सकता है। भुगतान बैंक ने एक बयान में कहा कि यह फिनो बैंक और एसएसएफबी के बीच दूसरा गठजोड़ है। इससे पहले, फिनो ने ‘स्वीप खाता' सुविधा देने को लेकर एसएसएफबी के साथ गठजोड़ किया था। ‘स्वीप खाता' सुविधा के तहत प्रत्येक दिन एक सीमा से अधिक राशि अधिक ब्याज वाले खाते में चली जाती है।
- जयपुर . राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार को दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह दुर्घटना निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई राजमार्ग पर हुई जब नई दिल्ली से आ रहे एक ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे वाहन से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि एक ट्रक में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी जिसके बाद घायलों को लक्ष्मणगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के निवासी आवेश खान, राशिद मोहम्मद और अशरफ के रूप में हुई है। अलवर की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने कहा कि निर्माणाधीन राजमार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कोविड-19 से संक्रमित इटली के अपने समकक्ष मारियो द्राघी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैं अपने प्रिय मित्र इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्राघी के कोविड-19 से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' ज्ञात हो कि द्राघी पिछले दिनों से कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। यह जानकारी एक सरकारी बयान में दी गई थी। बयान के मुताबिक द्राघी कोविड-19 रोधी टीकों की खुराक ले चुके हैं और उनमें संक्रमण के सामान्य लक्षण हैं।


.jpg)
.jpg)























