- Home
- देश
- सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में एक बंदर का शिकार करते समय 25 फीट ऊंचे पेड़ से गिरकर एक तेंदुए की मौत हो गयी। पीटीआर के उप निदेशक रजनीश कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार सुबह रिजर्व के कुरई रेंज के गंडटोला इलाके में वयस्क मादा तेंदुए और लंगूर के शव पाए गए। करीब आठ-दस साल की आयु के तेंदुए की पसलियां और रीढ़ की हड्डी टूटी हुई थी जबकि शरीर के अन्य अंग बरकरार थे। उन्होंने कहा कि लंगूर की गर्दन पर तेंदुए के दांतों के निशान पाए गए हैं।अधिकारी ने कहा कि पशु चिकित्सकों की एक टीम के अनुसार तेंदुआ संभवत: अपना संतुलन खो बैठा और शिकार के साथ चढ़ते समय पेड़ से गिर गया। उन्होंने कहा कि खोजी श्वान दल और अधिकारियों ने इलाके का सघन निरीक्षण किया और मौके के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली । अधिकारी ने कहा कि शव की जांच और अन्य औपचारिकताओं के बाद शव का राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के दिशा निर्देशों के अनुसार निस्तारण कर दिया गया।
- वाशिंगटन. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से मुलाकात की और भू-राजनीतिक हालात के असर सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की वार्षिक बैठकों के मौके पर हुई इस भेंट के दौरान आईएमएफ प्रमुख ने भारत के अच्छी तरह से लक्षित नीति का उल्लेख किया, जिसने देश की अर्थव्यवस्था को सीमित वित्तीय साधनों के साथ भी लचीला रहने में मदद की है। उन्होंने आर्थिक संकट से निपटने के लिए श्रीलंका को भारत द्वारा दी गई मदद की सराहना की और भरोसा दिया कि आईएमएफ श्रीलंका के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर काम करता रहेगा। वित्त मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव और इसके कारण ऊर्जा की बढ़ती कीमतों से जुड़ी चुनौतियों के बारे में चिंता जताई।'' सीतारमण ने आर्थिक पुनरुद्धार पर भारतीय नीति के संबंध में बताया कि सरकार पूंजीगत व्यय के जरिए आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रमुख संरचनात्मक सुधारों और मजबूत मौद्रिक नीतियों के साथ देश के उदार राजकोषीय रुख ने महामारी से उबरने में मदद की है। उम्मीद है कि दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भारत की वृद्धि दर सबसे अधिक रहेगी। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार देश चालू वित्त वर्ष में 8-8.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज कर सकता है। सीतारमण ने आईएमएफ-विश्व बैंक की बैठक के मौके पर श्रीलंका के वित्त मंत्री अली साबरी से भी मुलाकात की और श्रीलंका की मौजूदा आर्थिक स्थिति तथा चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने साबरी को भरोसा दिया कि एक घनिष्ठ मित्र और अच्छे पड़ोसी के रूप में, भारत श्रीलंका को हर संभव मदद देने की कोशिश करेगा। सीतारमण ने इंडोनेशिया की वित्त मंत्री मुल्यानी इंद्रावती के साथ बैठक भी की।
- देवरिया (उप्र) . देवरिया जिले के गौरीबाज़ार थाना क्षेत्र में एक बस और जीप के बीच आमने- सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर गौरी बाजार थानाक्षेत्र में इंदूपुर गांव के पास सोमवार रात लगभग साढ़े 10 बजे एक बस एवं जीप के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक की स्थिति गंभीर बताई गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। योगी ने ट्वीट कर मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सोनकर ने बताया कि कुशीनगर जिले के कोहड़ा गांव के निवासी, विवाह पूर्व होने वाले तिलक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रात में रुद्रपुर के रैश्री गांव से वापस जा रहे थे, तभी उनकी जीप और बस के बीच टक्कर हो गई। बस गोरखपुर से रुद्रपुर जा रही थी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में रामप्रकाश सिंह, वशिष्ठ सिंह, जोखन सिंह, अंकुर पांडेय और रामानंद मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक मृतक की देर रात तक पहचान नहीं हो सकी थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छह लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने देर रात जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल चाल पूछा। जिलाधिकारी ने घटना पर दुःख प्रकट करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों एवं घायलों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- बनासकांठा (गुजरात). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत सालाना 8.5 लाख करोड़ रुपये की कीमत का दूध का उत्पादन करता है, जो गेहूं और चावल की पैदावार से अधिक है और छोटे किसान डेयरी क्षेत्र के सबसे बड़े लाभार्थी हैं। प्रधानमंत्री ने बनासकांठा जिले के दियोदर में बनास डेयरी के नए डेयरी परिसर और आलू प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ''आज, भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है। करोड़ों किसानों की आजीविका दूध पर निर्भर करती है। भारत सालाना 8.5 लाख करोड़ रुपये मूल्य का दूध उत्पादन करता है, जिस पर बड़े अर्थशास्त्रियों सहित कई लोग ध्यान नहीं देते हैं।'' उन्होंने कहा, गांवों की विकेन्द्रीकृत अर्थव्यवस्था प्रणाली इसका एक उदाहरण है। इसके विपरीत, गेहूं और चावल की पैदावार भी 8.5 लाख करोड़ रुपये दूध उत्पादन के बराबर नहीं है। और छोटे किसान डेयरी क्षेत्र के सबसे बड़े लाभार्थी हैं।'' मोदी ने कहा कि बनास डेयरी के नए डेयरी परिसर और आलू प्रसंस्करण संयंत्र का उद्देश्य स्थानीय किसानों को सशक्त बनाना और क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री ने बनास सामुदायिक रेडियो स्टेशन, पालनपुर में पनीर उत्पादों व मट्ठा पाउडर के उत्पादन के लिए विस्तारित सुविधाओं और दामा में स्थापित जैविक खाद व बायोगैस संयंत्र को भी राष्ट्र को समर्पित किया।
- बदायूं (उप्र) . बदायूं के कोतवाली दातागंज क्षेत्र में बहन की लग्न में नई बाइक देने जा रहे दो चचेरे भाइयों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज को ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव तालीम गंज निवासी सत्येंद्र सिंह की पुत्री रूबी का लग्न लेकर परिजन गांव देवरी में रमन पाल सिंह के घर को सोमवार की शाम गाड़ी से निकल गए। रूबी का सगा भाई अखिलेश (22) और उसका चचेरा भाई राजकुमार (23) लग्न में देने वाली नई बाइक खरीद कर देर शाम बहन की ससुराल को निकले। उन्होंने बताया कि रास्ते में बेला डांडी गांव के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अखिलेश की मौके पर मौत हो गई जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया जहां डॉक्टर ने राजकुमार को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय राजकुमार की भी मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधी नगर पुलिस थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को 22 वर्षीय युवक ने अपनी भाभी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण दो साल के भतीजे के रोने से चिकित्सा पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहे देवर को पढ़ाई में खलल पैदा होता था और इससे भाभी और देवर में अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी हिरासत में ले लिया है।गांधी पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार शर्मा ने मंगलवार को बताया कि घटना सोमवार शाम को पांच बजे गांधी नगर थाना क्षेत्र के शांति नगर की है। सोमवार को मृतक कविता अहिरवार और उसकी सास घर में अपने काम में व्यस्त थीं तथा कविता का पति नौकरी पर घर से बाहर गया हुआ था। उन्होंने बताया कि कविता का दो साल का बच्चा रो रहा था। इसको लेकर आरोपी मनोज ने भाभी से उसे चुप कराने के लिए कहा, क्योंकि उसे पढ़ने में दिक्कत हो रही थी। उन्होंने बताया कि इस पर कविता ने कहा कि चुप हो रहा है, थोड़ा सब्र करो। उन्होंने बताया कि यह सुनकर आरोपी मनोज को गुस्सा आ गया और उसने सब्जी काटने वाले चाकू से कविता के गले, पेट और हाथ पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मनोज मौके से फरार हो गया । अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।उन्होंने मृतक के परिजन के हवाले से बताया कि आरोपी मनोज भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज से डायलिसिस का डिप्लोमा कोर्स कर चुका था और फिलहाल वह मेडिकल प्रवेश की परीक्षा नीट के लिये तैयारी कर रहा था। बच्चे के रोने से उसकी पढ़ाई में खलल होने से आरोपी मनोज का अक्सर अपनी भाभी से विवाद होता था। उन्होंने कहा कि घटना के समय सास घर से बाहर बाथरुम में थी । उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
- नयी दिल्ली. कोविड-19 संबंधित ड्यूटी कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों के लिए बीमा योजना को मंगलवार से 180 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है और अब तक 1,905 दावों का निपटारा किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि कोविड के मरीजों की देखभाल के लिए जिन स्वास्थ्यकर्मियों को तैनात किया गया है उनके आश्रितों को सुरक्षा कवच प्रदान करने के लिए इस नीति को विस्तार देने का निर्णय लिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज (पीएमजीकेपी) की 30 मार्च 2020 को शुरुआत होने से लेकर अब तक 1,905 ऐसे स्वास्थ्यकर्मियों के दावों का निपटारा किया जा चुका है जिनकी कोविड ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। पीएमजीकेपी का उद्देश्य 22.12 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को 50 लाख रुपये का व्यापक निजी दुर्घटना कवच प्रदान करना था जिनमें ऐसे सामुदायिक स्वास्थ्यकर्मी और निजी स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं जो कोविड के मरीजों के संपर्क में हों।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को सिख गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के अवसर पर लाल किले से देश को संबोधित करेंगे। यह जानकारी सोमवार को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने दी।इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी एक विशेष सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि इस मौके पर 400 रागी (सिख संगीतकार) ‘शबद कीर्तन' करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति मंत्रालय द्वारा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि इस कार्यक्रम में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और देश व दुनिया की कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगी। केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि सिख गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के मौके पर इस कार्यक्रम का आयोजन ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव'' के तहत किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘धार्मिक आस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर मुगलों के अत्याचारों के खिलाफ खड़े हुए। वह सिखों और हिंदुओं खासतौर पर कश्मीरी पंडितों के अधिकारों के लिए लड़े ताकि वे धर्मांतरण का विरोध कर अपनी आस्थाओं का पालन कर सकें।'' रेड्डी ने कहा, ‘‘मैंने व्यक्तिगत तौर पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को और अमृतसर के हरमिंदर साहिब, पटना साहिब तथा देश भर के प्रमुख गुरुद्वारों की हस्तियों को आमंत्रित किया है।'' गौरतलब है कि समारोह के पहले दिन 20 अप्रैल को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसमें शामिल होंगे और लाल किले में मल्टीमीडिया शो ‘द लाइफ एंड सैक्रिफाइस ऑफ श्री गुरु तेग बहादुर जी' का भी उद्घाटन करेंगे।
- नयी दिल्ली. लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे थल सेना के अगले प्रमुख होंगे और वह जनरल एम. एम. नरवणे का स्थान लेंगे जिनका कार्यकाल इस महीने के अंत में पूरा हो रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे अभी थल सेना के उप-प्रमुख हैं। थल सेना का उप-प्रमुख बनने से पहले वह थल सेना की पूर्वी कमान का नेतृत्व कर रहे थे। इस कमान पर सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा की रक्षा की जिम्मेदारी है। जनरल नरवणे का कार्यकाल 30 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे को दिसंबर 1982 में ‘बॉम्बे सैपर्स' में कमीशन मिला था। उन्होंने अपने बेहतरीन करियर में कई अहम पदों पर काम किया और विभिन्न इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों में भाग लिया। उन्होंने जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान नियंत्रण रेखा के पास एक इंजीनियर रेजिमेंट की कमान संभाली। इसके अलावा उन्होंने पश्चिमी लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में एक पर्वतीय डिवीजन और पूर्वोत्तर में एक कोर की भी कमान संभाली। उन्होंने इथोपिया और इरिट्रिया में संयुक्त राष्ट्र मिशन में मुख्य इंजीनियर के रूप में भी कार्य किया है। वह जून 2020 से मई 2021 तक अंडमान निकोबार कमांड के कमांडर-इन-चीफ थे। उनकी शानदार सेवा के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, विशिष्ट सेवा पदक, थल सेना प्रमुख से प्रशस्ति पत्र आदि से सम्मानित किया जा चुका है।
- चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में तीन सप्ताह के एक शिशु को उसके पिता ने कथित तौर पर पानी से भरे बर्तन में डुबो दिया। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में अपने परिवार के साथ नवागांव गांव स्थित अपने घर में सोमवार सुबह करीब नौ बजे नाश्ता कर रहा था, तभी उसका उसकी पत्नी से एक घरेलू मुद्दे को लेकर लेकर विवाद हो गया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी व्यक्ति ने गुस्से में बच्चे को उठाया और उसे कड़ाही में तब तक डुबाकर रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद किया, जिसे शाम करीब साढ़े पांच बजे सदर अस्पताल लाया गया।
- नयी दिल्ली। थल सेना के शीर्ष कमांडरों ने चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर देश की राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों के साथ ही क्षेत्रीय सुरक्षा पर रूस-यूक्रेन युद्ध के प्रभाव पर सोमवार को पांच दिवसीय सम्मेलन में विचार-विमर्श शुरू किया। थल सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे हैं। इस सम्मेलन का समापन 22 अप्रैल को होगा। थल सेना कमांडरों का यह सम्मेलन शीर्ष स्तरीय कार्यक्रम है, जो हर साल अप्रैल और अक्टूबर में आयोजित किया जाता है। यह सम्मेलन वैचारिक स्तर पर विचार-विमर्श के लिए एक संस्थागत मंच है, जो भारतीय थल सेना के लिए महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेने में मदद देता है। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन युद्ध के क्षेत्रीय सुरक्षा पर संभावित प्रभावों का आकलन करने के साथ ही संघर्ष के विभिन्न सैन्य पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सैन्य कमांडर पूर्वी लद्दाख में कुछ स्थानों पर चीन के साथ सैन्य गतिरोध के मद्देनजर 3,400 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत की सैन्य तैयारियों की व्यापक समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान के साथ ही केंद्र शासित प्रदेश की समग्र स्थिति की भी व्यापक समीक्षा की जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 अप्रैल को वरिष्ठ कमांडरों से संवाद करने और सम्मेलन को संबोधित करने की उम्मीद है। थल सेना ने कहा कि सम्मेलन के दौरान भारतीय थल सेना का वरिष्ठ नेतृत्व सीमाओं पर युद्ध तैयारियों की समीक्षा, खतरों का आकलन, क्षमताओं उल्लेखनीय है कि चीन द्वारा सीमावर्ती इलाकों में अहम ठिकानों पर नए पुल, सड़कों और अन्य अवंसरचना का विकास किया जा रहा है, जिसके मद्देनजर भारत भी सीमावर्ती इलाकों में अवसंरचना विकास को गति दे रहा लंबित मुद्दों का समाधन निकाला जा सके। भारत और चीन के बीच कई दौर की चली सैन्य और कूटनीतिक वार्ता के बाद दोनों पक्षों ने पिछले साल पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिण तट और गोगरा इलाके से सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया पूरी की थी। इस समय एलएसी के संवेदनशील सेक्टर में दोनों ओर से 50 से 60 हजार सैनिक तैनात हैं।
- गांधीनगर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि छात्रों को प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए,लेकिन उन्हें इसके साथ खेल और सामाजिक जीवन को भूलना नहीं चाहिए। प्रधानमंत्री अपने गृह राज्य की तीन दिवसीय की यात्रा पर हैं। उन्होंने छात्रों को केवल ऑनलाइन गतिविधियों में ही लगे रहने को लेकर आगाह किया और कहा कि नयी शिक्षा नीति के तहत खेल पाठ्येतर गतिविधियों में शामिल नहीं है, बल्कि शिक्षा का ही हिस्सा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी गुजरात यात्रा की शुरुआत राज्य की राजधानी गांधीनगर में ‘विद्या समीक्षा केंद्र' अथवा स्कूलों के लिए कमान एवं नियंत्रण केन्द्र के दौरे के साथ की, जो स्कूलों से सालाना 500 करोड़ से अधिक डेटा सेट एकत्र करता है और उनका विश्लेषण करता है। विश्व बैंक ने इस केन्द्र को एक वैश्विक सर्वश्रेष्ठ शुरुआत माना है और उसने अन्य देशों से इस जगह आने और इसके बारे में सीखने का अनुरोध किया है। मोदी ने इस केन्द्र से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जिए शिक्षकों तथा छात्रों से बातचीत करते हुए कहा,‘‘ आप सबने प्रौद्योगिकी के फायदे का अनुभव किया है। हम खुशकिस्मत हैं कि ऐसे युग में है जहां प्रौद्योगिकी सरल और पहुंच के अंदर है। एक बार आप इसमें जरा दिलचस्पी लें तो पूरी दुनिया के दरवाजे आपके लिए खुल जाएंगे।'' उन्होंने कहा,‘‘बच्चों को इसके प्रति (प्रौद्योगिकी) प्रोत्साहित करना चाहिए...लेकिन ऐसा भी नहीं होना चाहिए कि सब कुछ ऑनलाइन ही चल रहा हो, ऑफलाइन कुछ हो ही नहीं। कैसे कोई (बच्चा) ऑनलाइन यह जान सकता है कि गुड़ मीठा होता है,जब तक उसने इसे चखा नहीं हो? इसके लिए हमें सही में इसे चखना होगा। खेल, सामाजिक जीवन कुछ ऐसी चीजें हैं, जिन्हें भुलाया नहीं जाना चाहिए।'' इस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने शिक्षकों और छात्रों से प्रौद्योगिकी को लेकर उनके अनुभव और दिलचस्पी जाननी चाही। उन्होंने छात्रों से स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पोर्टल ‘दीक्षा' (डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर नॉलेज शेयरिंग) का उपयोग करने के उनके अनुभव के बारे में पूछा। उन्होंने शिक्षकों से यह भी जानना चाहा कि क्या डेटा एकत्र करने की नई प्रणाली ने उन पर अतिरिक्त बोझ डाला है। दीक्षा स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पोर्टल है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी का इस केंद्र का दौरा आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा गुजरात में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश के कुछ दिनों बाद हुआ है।
- चंडीगढ़ । पंजाब के संगरूर जिले के महिलां चौक पर सोमवार को सड़क पार करते समय एक बस की चपेट में आने से 12 साल की छात्रा की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गयीं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । संगरूर के छाजली पुलिस थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना में 12 साल की छात्रा की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गयीं । ये सभी स्कूल के बाद घर लौटने के लिए सड़क पार कर रही थीं कि बस की चपेट में आ गयीं ।'' उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से दो को छुट्टी दे दी गई है जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य को पटियाला के सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है । इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सड़क हादसे पर शोक जताया है । मान ने हादसे में मरने वाली लड़की के परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराने की घोषणा की है । मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों से कहा है कि वह घायलों का मुफ्त इलाज करायें ।
- जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करने और उनकी नकल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धार्थ बहुगुणा ने सोमवार को बताया कि आदिल अली को प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और उनकी नकल कर बोलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने कहा कि ओमती पुलिस थाने में आरोपी अली के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
- आगरा। उत्तर प्रदेश की आगरा पुलिस ने सोमवार को 255 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आगरा की अछनेरा थाना पुलिस और विशेष कार्यबल (एसटीएफ), मेरठ की संयुक्त कार्रवाई में एक कंटेनर से 255 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इसकी कीमत 17 से 18 लाख रुपये बतायी जा रही है। उन्होंने बताया कि गांजा तस्करी के आरोप में दो आरोपियों बलराम और आशीष को भी पकड़ा गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
- आगरा| उत्तर प्रदेश के आगरा में डौकी थाना क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।पुलिस ने बताया कि गीतम देवी का विवाह आठ वर्ष गंगाराम से हुआ था और उनके कोई संतान नहीं होने से उनके बीच कथित तौर पर विवाद रहता था। डौकी थाने के एसएसआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, देवर, ननद आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- मुंबई | भारतीय रिजर्व बैंक ने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) मणण्पुरम फाइनेंस पर अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) दिशानिर्देशों के साथ प्रीपेड भुगतान उत्पादों से संबंधित नियमों के उल्लंघन के लिए 17 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। केंद्रीय बैंक ने बयान में कहा कि यह जुर्माना भुगतान एवं निपटान प्रणाली कानून, 2007 की धारा 30 में निहित अधिकारों के तहत लगाया गया है। बयान में कहा गया है कि कंपनी पर प्रीपेड भुगतान उत्पादों (पीपीआई) को जारी करने और उनके परिचालन के निर्देशों के साथ केवाईसी नियमों के उल्लंघन के लिए यह जुर्माना लगाया गया है। रिजर्व बैंक ने इस बारे में कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस पर कंपनी के जवाब और सुनवाई का मौका देने के बाद केंद्रीय बैंक ने यह जुर्माना लगाने का फैसला किया।
- नयी दिल्ली | देश में सोमवार को शाम सात बजे तक 18 से 59 आयु वर्ग के लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की 21,580 एहतियाती खुराक दी गई। इस आयु वर्ग के लाभार्थियों को अब तक टीके की 1,84,314 एहतियाती खुराक दी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कोविड रोधी टीके की 186.7 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है और सोमवार को 15 लाख से अधिक खुराक दी गई। भारत में 10 अप्रैल से 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों को निजी टीकाकरण केंद्रों पर कोविड की एहतियाती खुराक देना शुरू किया गया। देश में 12-14 आयु वर्ग के लाभार्थियों को अब तक 2.46 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी है। साठ वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को अब तक 2.55 करोड़ से अधिक एहतियाती खुराक दी गई है।
- नयी दिल्ली | भारत और फिनलैंड क्वांटम कंप्यूटिंग पर एक वर्चुअल नेटवर्क सेंटर स्थापित करेंगे तथा इसके जरिए दोनों देशों की जरूरतों को पूरा करने के लिए नवीन अनुसंधान और विकास परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। फिनलैंड के आर्थिक मामलों के मंत्री मिका लिंटिला ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की और वर्चुअल नेटवर्क सेंटर की स्थापना के निर्णय की घोषणा की। सिंह ने कहा कि दोनों देशों के बीच यह द्विपक्षीय सहयोग अभिनव अनुसंधान और विकास परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने का एक प्रयास है जो एक विशिष्ट आवश्यकता या चुनौती का समाधान करता है, उच्च औद्योगिक प्रासंगिकता और वाणिज्यिक क्षमता प्रदर्शित करता है तथा दोनों देशों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखता है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, भारतीय पक्ष ने क्वांटम कंप्यूटिंग पर वर्चुअल नेटवर्क सेंटर के लिए तीन प्रमुख संस्थानों, आईआईटी-मद्रास, आईआईएसईआर-पुणे और सी-डैक-पुणे की पहचान की है।
- नयी दिल्ली. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सोमवार को दो नए पोर्टल का शुभारंभ किया। इनमें से एक पोर्टल कीटनाशकों के पंजीकरण से संबंधित है। दूसरा पोर्टल, कृषि उत्पादों और पौधों के आयात और निर्यात के संबंध में दस्तावेज़ीकरण के लिए है।मंत्री ने कारोबार सुगमता की स्थिति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पूसा परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में दो पोर्टल - क्रॉप (कीटनाशकों का व्यापक पंजीकरण) और पीक्यूएमएस (प्लांट क्वारंटाइन मैनेजमेंट सिस्टम) पेश किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि निर्यात-आयात के लिए कीटनाशकों के पंजीकरण और प्रलेखन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए दो नए पोर्टल शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरत पड़ने पर व्यवस्था में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।भारतीय अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र के महत्व पर जोर देते हुए तोमर ने इस क्षेत्र को मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि देश न केवल खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर है, बल्कि अधिशेष स्टॉक भी है जिसका श्रेय किसान समुदाय के प्रयासों, कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किए गए शोध और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों को जाता है। मंत्री ने कहा कि देश का खाद्यान्न उत्पादन और सरकार का खरीद अभियान कोविड-19 महामारी के बावजूद प्रभावित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भारत को और भी मजबूत बनाने के लिए सरकारी नीतियों, शोध गतिविधियों, गुणवत्ता, पारदर्शिता और कारोबार सुगमता पर ध्यान देकर कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने बेहतर कृषि विपणन प्रणाली के जरिये किसानों की आमदनी बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। कृषि सचिव मनोज आहूजा ने कहा कि कारोबार सुगमता और प्रणालियों को सरल, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए दो नए पोर्टल विकसित किए गए हैं।
- लखनऊ. उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे कुछ राज्यों में कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य की राजधानी लखनऊ समेत सात जिलों में सार्वजनिक स्थलों पर मास्क लगाने को फिर से अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि प्रदेश की सीमा से लगे कुछ राज्यों में कोविड संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के जिलों में इसके प्रभाव के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और बागपत के साथ-साथ राजधानी लखनऊ में भी सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाने को अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार ने कोविड-19 के मामलों में खासी गिरावट होने के मद्देनजर इस महीने के शुरू में मास्क लगाने से छूट दे दी थी। ज्ञातव्य है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों में कोविड-19 संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में गौतमबुद्ध नगर में कोविड के 65 और गाजियाबाद में 20 नये मरीज मिले हैं। इसके अलावा राजधानी लखनऊ में भी 10 नये मरीज पाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिये “ एनसीआर के जनपदों में कोविड रोधी टीकाकरण से छूटे लोगों को चिन्हित कर उन्हें टीका लगाया जाए। लक्षणयुक्त लोगों की जांच कराई जाए।” मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीआर में कोविड संक्रमित पाए गए मरीजों के नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग के दौरान कोविड के ओमीक्रोन स्वरूप की ही पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा, “विशेषज्ञों के अनुसार, संभव है कि संक्रमण के मामलों में इजाफा हो लेकिन अस्पताल में भर्ती होने अथवा मरीज के अति गंभीर होने की स्थिति नहीं होगी। फिर भी लोगों को कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन के लिए जागरूक किया जाए।
- अमेठी (उत्तर प्रदेश). अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र में बाबूगंज सगरा आश्रम के पास बारातियों से भरी एक जीप और एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर में छह लोगों की मौत हो गयी तथा चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि रायबरेली के नसीराबाद क्षेत्र से लौट रहे बारातियों की तेज रफ्तार जीप रविवार रात सवा 12 बजे गौरीगंज क्षेत्र के बाबूगंज सगरा आश्रम के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई तथा चार अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गये। जख्मी लोगों को जिला अस्पताल गौरीगंज में भर्ती कराया गया, जहां से चारों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सिंह ने बताया कि मरने वाले सभी लोगों की पहचान हो गई है। इनमें कल्लू (40), उसका आठ वर्षीय पुत्र सौरभ, कृष्ण कुमार सिंह (30) , शिव मिलन, रवि तिवारी और त्रिवेणी प्रसाद शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,183 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,30,44,280 हो गई, जबकि देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 11,542 रह गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, 214 और संक्रमितों की मौत से महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,21,965 पर पहुंच गई है। जिन 214 लोगों की मौत के मामले पिछले 24 घंटे में सामने आए हैं, उनमें से केरल के 213 लोग हैं। मंत्रालय ने बताया कि देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है, जबकि संक्रमण मुक्त होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 16 मामलों की गिरावट आई है। मंत्रालय ने बताया कि देश में दैनिक संक्रमण दर 0.83 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.32 प्रतिशत दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,25,10,773 हो गई है, जबकि संक्रमण से मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि भारत में अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 186.54 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर, 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून, 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे। संक्रमण से पिछले 24 घंटे में जिन 214 संक्रमितों की मौत हुई है, उनमें केरल के 213 और उत्तर प्रदेश का एक व्यक्ति शामिल हैं देश में संक्रमण से अभी तक 5,21,965 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 1,47,827, केरल में 68,615, कर्नाटक में 40,057, तमिलनाडु में 38,025, दिल्ली में 26,158, उत्तर प्रदेश में 23,500 और पश्चिम बंगाल में 21,200 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- बारीपदा . ओडिशा के मयूरभंज जिले में सोमवार को सीमेंट लदे एक ट्रक के पलट जाने से उसकी चपेट में आए तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये चारों लोग बिसोई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 की एक ओर पैदल जा रहे थे, तभी ट्रक चालक का वाहन पर से नियंत्रण खत्म हो गया और ट्रक पलट गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और उसका सहायक दोनों मौके से फरार हो गए।बिसोई थाने के प्रभारी निरीक्षक फणींद्र भूषण नायक ने बताया कि पीड़ितों की पहचान सलखान हंसदा (45), सुकरा महाली (50) और सुशांत मोहंता (45) के रूप में हुई है। वे सभी मवेशी व्यापारी थे। अधिकारी ने कहा कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का बारीपदा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
- गाजीपुर (उत्तर प्रदेश). गाजीपुर जिले की जखनिया तहसील स्थित सादात बाजार में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे-बेटी की हत्या करने के बाद कथित रूप से खुदकुशी कर ली। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सादात बाजार के रहने वाले शिवदास सोनकर (35) ने रविवार रात अपनी पत्नी रीना (32), बेटे आरव (10) तथा बेटी सेजल (आठ) की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर आज सुबह चारों शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि यह घटना गृह कलह के कारण घटी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



























