- Home
- देश
- लंदन। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख ने केवल यूक्रेन में युद्ध पर अपना ध्यान केंद्रित करने के लिए वैश्विक समुदाय की खिंचाई की और अश्वेत लोगों से जुड़े संकट को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयियस ने कहा कि उनके गृह देश इथियोपिया सहित अन्य जगहों पर जारी संकट पर समान रूप से ध्यान इसलिए नहीं दिया जा रहा क्योंकि संभवतः जो पीड़ित हैं वे अश्वेत हैं। डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने बुधवार को जिनेवा से ऑनलाइन प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सवाल उठाया, क्या दुनिया वास्तव में श्वेत और अश्वेत लोगों के जीवन पर समान रूप से ध्यान देती है।'' उन्होंने इस बात का हवाला दिया कि इथियोपिया, यमन, अफगानिस्तान और सीरिया में जारी संकट को लेकर यूक्रेन युद्ध की तुलना में वैश्विक समुदाय द्वारा ''बेहद कम'' ध्यान दिया जा रहा है।
- नयी दिल्ली। महिलाओं की शादी की कानूनी उम्र 18 साल से बढ़ाकर 21 करने संबंधी विधेयक पर विचार कर रही संसदीय समिति को मिले करीब 95 प्रतिशत ईमेल अभ्यावेदनों में इस प्रस्ताव का विरोध किया गया है। समिति के सूत्रों ने बुधवार को आशंका व्यक्त की कि यह ऐतिहासिक सरकारी पहल को विफल करने की साजिश का हिस्सा हो सकता है। भाजपा सांसद विनय सहस्रबुद्धे की अध्यक्षता वाली शिक्षा, महिला, बच्चे, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति को दिसंबर 2021 में लोकसभा में पेश किये गए बाल विवाह निषेध (संशोधन) विधेयक पर लगभग 95,000 ईमेल अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि इनमें से विधेयक का विरोध करने वाले 90,000 ईमेल की विषयवस्तु समान है और ऐसा लगता है कि एक ही स्रोत से इन ईमेल को तैयार किया गया। समिति के सूत्रों ने कहा कि ऐसा प्रतीत है कि ये ईमेल इस ऐतिहासिक कानून के उद्देश्य को विफल करने की साजिश का हिस्सा हैं।
- जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास बुधवार को सेना का वाहन सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा, जिससे जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) की मौत हो गई और दो जवान घायल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना मनकोट सेक्टर के बालनोई इलाके में गोराह चौकी के पास शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई जब चालक ने अचानक आए मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो दिया। अधिकारियों के अनुसार तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और वाहन में सवार तीनों सैनिकों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां जेसीओ को मृत घोषित कर दिया गया।
- नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने 1,315 करोड़ रुपये के कोष को इधर-उधर करने के मामले में आईएलएंडएफएस तमिलनाडु पावर कंपनी को धोखाधड़ी वाला खाता घोषित किया है। बैंक ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा, हम यह सूचित करना चाहते हैं कि आईएलएंडएफएस तमिलनाडु पावर कंपनी को धोखाधड़ी वाला खाता घोषित किया गया है।'' इस मामले में बकाया राशि 1,314.85 करोड़ रुपये है। इसके लिए पहले ही 525.95 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
- गुवाहाटी।असम के होजाई जिले में बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल' (एसयूवी) फिसलकर रेलिंग से जा टकराया और इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा भेलोगुड़ी के पास हुआ, जहां गुवाहाटी से आ रहे एसयूवी का चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन राजमार्ग की रेलिंग से जा टकराया। अधिकारी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक घायल ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, पांच अन्य गंभीर रूप से घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान चालक हेलालुद्दीन, अफरीद आलम, मिनहाजुद्दीन, निजामुद्दीन और नीफा जन्नत के रूप में की गई है। निजामुद्दीन, कतर से लौटा था। हादसे का शिकार हुआ परिवार होजाई जिले के कापहबारी गांव का निवासी है। वे लोग निजामुद्दीन की अगवानी करने के बाद गुवाहाटी हवाईअड्डा से लौट रहे थे।
- आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना शमसबाद क्षेत्र के धिमिश्री में बुधवार को परीक्षा देकर बाइक से वापस आ रहे छात्रों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे इस घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि ट्रक की टक्कर से एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा ट्रक और बाइक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है ।
- नयी दिल्ली/मुंबई। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई जोन के दो अधिकारियों- अधीक्षक वी वी सिंह और खुफिया अधिकारी आशीष रंजन प्रसाद को जांच में कथित तौर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने के चलते निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इन दोनों अधिकारियों ने क्रूज पर मादक पदार्थ बरामद होने के मामले की भी जांच की थी जिसमें शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान समेत कम से कम 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सिंह इस मामले में जांच अधिकारी थे और प्रसाद उनके मातहत कार्य कर रहे थे। अधिकारियों ने कहा कि इन दोनों अधिकारियों का निलंबन क्रूज पर मादक पदार्थ बरामद होने के मामले से नहीं जुड़ा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सिंह और प्रसाद द्वारा मुंबई एनसीबी जोनल कार्यालय में की गई जांच के दौरान लापरवाही बरतने के लिए उन्हें निलंबित किया गया।
- नागपुर (महाराष्ट्र)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान यहां कथित तौर पर सट्टा लगाने को लेकर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया और 28 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। वाशिम के पुलिस अधीक्षक बच्चन सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों को 12 अप्रैल को मंगरुलपीर-कैवथल रोड पर एक स्थान से गिरफ्तार किया गया, जब वे चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) बनाम रॉयल चैलेंजर बेंगलोर (आरसीबी) के मैच के लिए सट्टेबाजी कर रहे थे। एक विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने छापे के दौरान छह मोबाइल फोन और एक ‘बुकी' पुस्तिका जब्त की। पुस्तिका के आधार पर दोनों आरोपियों के 28 सहयोगियों की पहचान की गई। विज्ञप्ति में सिंह के हवाले से कहा गया है, ‘‘इस मामले में जांच अधिकारी को सट्टेबाजी गिरोह के मुख्य लाभार्थियों का पता लगाने को कहा गया है।
- जयपुर। राजस्थान में उदयपुर जिले के नाई थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को एक वाहन के खाई में गिर जाने से तीन बच्चों सहित पांच यात्रियों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य लोग घायल हो गये। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सहायक पुलिस उपनिरीक्षक कालूराम ने बताया कि कालीबास से खरपीना जा रही एक वाहन नांदेश्वर मंदिर के पास असंतुलित होकर 25 फीट गहरी खाई में जा गिरा जिससे तीन बच्चों सहित पांच यात्रियों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं। मृतक बच्चे तीन वर्ष से नौ वर्ष की आयुवर्ग के हैं। , उन्होंने बताया कि15 घायलों को उपचार के लिये राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है।गहलोत ने ट्वीट के जरिये कहा ‘‘उदयपुर में उदयपुर-झाडोल मार्ग पर हुए हादसे में 5 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में सम्बल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
- नयी दिल्ली/श्रीनगर,। जम्मू-कश्मीर में आगामी अमरनाथ यात्रा की व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को शीर्ष प्रशासनिक व सुरक्षा अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तीस जून से शुरू होने वाली वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए यह पहली सुरक्षा समीक्षा बैठक होगी। कोरोना वायरस महामारी के कारण बीते दो साल यात्रा का आयोजन नहीं किया जा सका था। यात्रा के लिये केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की कुल 110 कंपनियों या 10 हजार जवानों को तैनात किए जाने की उम्मीद है। अधिकारियों ने कहा कि बैठक 15 अप्रैल को होगी और इसकी अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा करेंगे। बैठक में श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी), खुफिया विभाग, केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) व सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अफसर शामिल होंगे।
- रांची। झारखंड में देवघर रोपवे का ऑडिट करने वाले विशेषज्ञों ने कहा है कि जब पिछले महीने ऑडिट किया गया था तब यह रोपवे ‘अच्छा' था। अभी हाल में रोपवे में गड़बड़ी से बड़ा हादसा हो गया। रविवार को हुए रोपवे हादसे के लिए दो अलग-अलग जांच की जा रही हैं। इस हादसे में तीन लोगों की जान गयी, जिनमें से दो व्यक्तियों की मौत बचाव प्रयास के दौरान हुई। एक जांच संचालक दामोदर रोपवे एंड इंफ्रा लिमिटेड (डीआरआईएल) और दूसरी जांच झारखंड सरकार द्वारा की जा रही है। धनबाद के 'सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ माइनिंग एंड फ्यूएल रिसर्च' के मुख्य वैज्ञानिक एवं परियोजना समन्वयक (वायर रोप एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) डी. बसाक ने कहा, ‘‘यह रोपवे बिल्कुल ठीक था... हमने उसपर परीक्षण किया था।'' केंद्र सरकार के इस प्रतिष्ठित संस्थान ने 17 मार्च एवं 22 मार्च को ऑडिट किया था। कुछ वर्गों द्वारा पहले ऐसे आरोप लगाये गये कि रोपवे का सुरक्षा ऑडिट नहीं किया गया ।डीआरआईएल अधिकारियों ने कहा कि वे अपने एवं बाहर के विशेषज्ञों की मदद से अंदरूनी जांच करवा रहे हैं और हादसे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
- भुवनेश्वर। ओडिशा में पहली बार कोकीन जब्त की गई है। पुलिस ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि अपराध शाखा के विशेष कार्य बल ने मंगलवार को एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर में राजस्थान के दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 12.12 लाख रुपये मूल्य की 202 ग्राम कोकीन जब्त की गई। बयान के अनुसार राजस्थान के चुरू और झुंझुनू जिले के रहने वाले दोनों आरोपी भुवनेश्वर के पॉश इलाकों में कोकीन का कारोबार फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इसके अनुसार एक आरोपी दिल्ली के एक तस्कर से कोकीन खरीदकर राष्ट्रीय राजधानी में बेचता था और इसके बाद उसने ओडिशा की राजधानी में कारोबार फैलाने के लिए भुवनेश्वर में रहने वाले अन्य आरोपी से संपर्क किया। दोनों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
- नोएडा (उप्र)। बाइक टैक्सी चलाने के नाम पर हजारों लोगों से अरबों रुपये की कथित रूप से ठगी करने के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी की करीब दो करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति को गौतमबुद्ध नगर जिले की कासना पुलिस ने बुधवार को कुर्क किया । पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर के विशेष न्यायालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार कासना पुलिस ने बुधवार को गैंगस्टर अधिनियम के तहत बाइक टैक्सी के मामले में गिरफ्तार आरोपी विनोद कुमार के मेरठ जनपद में स्थित दो मकानों को कुर्क किया है। दोनों मकानों की कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। मालूम हो कि चीती गांव के संजय भाटी ने बाइक टैक्सी चलाने के नाम पर बाइक बोट कंपनी शुरू की। उसने लोगों से अरबों रुपये अपनी कंपनी में निवेश करवाया तथा अपने साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी कर निवेशकों का पैसा हड़प लिया। ये लोग एक साल में धन दोगुना करने का लालच देकर अपने यहां निवेश करवाते थे। इस मामले के विभिन्न मुकदमों की जांच ईडी, सीबीआई तथा उत्तर प्रदेश के सीबीसीआईडी द्वारा की जा रही है। इस मामले में गिरफ्तार कई आरोपियों की करोड़ों की संपत्ति अब तक नोएडा पुलिस कुर्क कर चुकी है।
- रांची। झारखंड में रांची के बिरसा चिड़ियाघर में पिछले एक महीने के दौरान अत्यधिक संक्रामक कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) से सभी सात लोमड़ियों की मौत हो गई। लुप्तप्राय प्राणी लोमड़ी का वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची II के तहत संरक्षण किया जाता है। भगवान बिरसा बायोलॉजिकल पार्क के निदेशक जब्बार सिंह ने कहा, ''मार्च के पहले सप्ताह में पहली लोमड़ी की मौत की सूचना मिली थी। उसके बाद, एक महीने में चिड़ियाघर में सभी लोमड़ियों की मौत हो गई। हालांकि, ज्यादातर लोमड़ियों की उम्र अधिक थी।'' उन्होंने कहा कि पहली लोमड़ी की मौत की सूचना मिलने पर रांची पशु चिकित्सा कॉलेज के विशेषज्ञों को सूचित किया गया। सिंह ने कहा, ''हमने भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) को जांच के लिए नमूने भेजे हैं। हालांकि, हमें अभी तक आईवीआरआई की ओर से कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है। संस्थान ने मौखिक रूप से संकेत दिया है कि मौत का कारण सीवीडी हो सकता है।'' आईवीआरआई-बरेली के एक वैज्ञानिक ने ' बताया कि नमूने सीडीवी पॉजिटिव पाए गए।
- नयी दिल्ली. एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. (ईईएसएल) और राष्ट्रीय अवसंरचना निवेश कोष (एनआईआईएफ) के संयुक्त उद्यम इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लि. ने बुधवार को कहा कि देश में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से जारी है और 4.79 करोड़ ऐसे मीटरों के लिये निविदा विभिन्न चरणों में है। बिजली वितरण कंपनियों के लिये प्रौद्योगिकी समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी स्मार्ट मीटर राष्ट्रीय कार्यक्रम (एसएमएनपी) के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उठा रही है। इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनिल रावल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश में स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से जारी है। असम, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों में 4.79 करोड़ स्मार्ट मीटर के लिये निविदा जारी की गई है, जो फिलहाल विभिन्न चरणों में है।'' उल्लेखनीय है कि सरकार ने 2023 तक 10 करोड़ और 2025 तक 25 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा है। रावल के अनुसार, अबतक देश में ईईएसएल की परियोजना के तहत करीब 25 लाख स्मार्ट मीटर लगाये जा चुके हैं। वैसे अबतक विभिन्न माध्यमों से कुल 40 लाख स्मार्ट मीटर लगाये जा चुके हैं। जिन राज्यों में स्मार्ट मीटर निविदा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में हैं, वे हैं...असम (26.2 लाख), जम्मू-कश्मीर (6.2 लाख), महाराष्ट्र (10 लाख), बिहार (15 लाख), उत्तर प्रदेश (2.67 करोड़) और अन्य राज्य (20 लाख)। रावल ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल की वसूली बेहतर होगी। साथ ही खपत आंकड़ों के सटीक विश्लेषण से वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति भी सुधरेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक माहौल में स्मार्ट मीटर के विनिर्माण पर असर पड़ा है। इसका कारण रूस-यूक्रेन संकट के कारण इसमें उपयोग होने वाले कलपुर्जों के आयात का प्रभावित होना है। एक अन्य सवाल के जवाब रावल ने कहा कि लोगों के स्तर पर स्मार्ट मीटर को लेकर झिझक जरूर है क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे बिजली बिल अधिक आता है। हालांकि, यह सही नहीं है।
- गुवाहाटी. असम के होजाई जिले में बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक एसयूवी फिसलकर रेलिंग से जा टकराई। इस हादसे में एसयूवी सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ये हादसा भेलोगुड़ी के पास हुआ, जहां गुवाहाटी से आ रही एसयूवी का चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन राजमार्ग की रेलिंग से जा टकराया। वाहन में सवार लोग दोबोका जा रहे थे जोकि दुर्घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर है। अधिकारी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारी ने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
-
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार के सुगम्य भारत अभियान के अंतर्गत आने जाने में परेशानी का सामना करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय विमान पतन प्राधिकरण के चौदह हवाई अड्डे अब एम्बुलिफ्ट से सुसज्जित हो गये हैं। नागर विमानन मंत्रालय ने कहा है कि प्राधिकरण ने बीस एम्बुलिफ्ट खरीदी हैं। एम्बुलिफ्ट का निर्माण मेक इन इंडिया नीति के तहत स्वदेशी रूप से किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि यह सुविधा देहरादून, गोरखपुर, पटना, बागडोगरा, दरभंगा, इंफाल, विजयवाड़ा, पोर्ट ब्लेयर, जोधपुर, बेलगाम, सिलचर, झारसुगुडा, राजकोट, हुबली हवाई अड्डों पर शुरू हो गई है। शेष छह हवाई अड्डों दीमापुर, जोरहाट, लेह, जामनगर, भुज और कानपुर में इस महीने के अंत तक यह सुविधा शुरू होने की संभावना है। -
नई दिल्ली। सरकार ने कपास के आयात पर बुधवार से इस वर्ष तीस सितम्बर तक सीमा शुल्क से छूट दी है। वित्त मंत्रालय ने इस बारे में अधिसूचना जारी की है। इस छूट से वस्त्र श्रृखंला में धागा, कपडा, वस्त्र और अन्य संबंधित उत्पादों पर लाभ होगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। इस फैसले से कपडा निर्यात को भी लाभ पंहुचेगा। इससे पहले कपास के आयात पर पांच प्रतिशत बुनियादी सीमा शुल्क और पांच प्रतिशत कृषि बुनियादी ढांचा विकास उपकर लगता था।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक कार्यसमिति ने राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की संशोधित केंद्र प्रायोजित योजना को जारी रखने की स्वीकृति दे दी है। यह योजना इस महीने की पहली तारीख से 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस योजना का विस्तार किया जाएगा। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यह निर्णय पंचायती राज संस्थानों की शासन क्षमता विकसित करने के लिए लिया गया है। इस निर्णय से सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इस योजना पर पांच हजार नौ सौ 11 करोड़ रुपये का खर्च आयेगा। इसमें केंद्र का हिस्सा तीन हजार सात सौ करोड़ रुपये और राज्य का हिस्सा दो हजार दो सौ ग्यारह करोड़ रुपये होगा।
- नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने दो शैक्षणिक कार्यक्रमों को एक साथ प्रत्यक्ष, ऑनलाइन या दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से करने की अनुमति के लिए बुधवार को दिशानिर्देश अधिसूचित किए। यूजीसी के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने मंगलवार को घोषणा की थी कि आयोग ने छात्रों को एक ही विश्वविद्यालय या विभिन्न संस्थानों से एक साथ प्रत्यक्ष तरीके से दो पूर्णकालिक और समान स्तर के डिग्री कार्यक्रम करने की अनुमति देने का फैसला किया है। दिशानिर्देश बुधवार से लागू किए गए हैं और उन छात्रों द्वारा कोई पूर्व समय से लाभ का दावा नहीं किया जा सकता है, जिन्होंने इन दिशानिर्देशों की अधिसूचना से पहले एक साथ दो शैक्षणिक कार्यक्रम किए हैं। दिशानिर्देश में कहा गया है, ‘‘कोई छात्र प्रत्यक्ष माध्यम में दो पूर्णकालिक शैक्षणिक कार्यक्रमों को कर सकता है बशर्ते कि ऐसे मामलों में एक कार्यक्रम के लिए कक्षा के समय का दूसरे कार्यक्रम की कक्षा के समय के साथ मिलान न हो। कोई छात्र दो शैक्षणिक कार्यक्रमों को एक पूर्णकालिक प्रत्यक्ष मोड में और दूसरा खुला एवं दूरस्थ माध्यम (ओडीएल), ऑनलाइन मोड में या एक साथ दो ओडीएल और ऑनलाइन कार्यक्रम के जरिए पूरा कर सकता है।'' इसमें कहा गया, ‘‘ओडीएल या ऑनलाइन माध्यम के तहत डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रमों को केवल ऐसे एचईआई (उच्च शिक्षा संस्थानों) के साथ आगे बढ़ाया जाएगा जिन्हें यूजीसी, वैधानिक परिषद या केंद्र सरकार द्वारा ऐसे कार्यक्रम चलाने के लिए मान्यता प्राप्त है।'' यूजीसी ने सूचित किया है कि इन दिशानिर्देशों के तहत डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम उसके द्वारा अधिसूचित नियमों और संबंधित वैधानिक और पेशेवर परिषदों, जहां भी लागू हो, द्वारा शासित होंगे। यूजीसी ने कहा, ‘‘दिशानिर्देश केवल पीएचडी कार्यक्रम के अलावा अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों का अनुसरण करने वाले छात्रों पर लागू होंगे। दिशानिर्देशों के आधार पर, विश्वविद्यालय अपने छात्रों को एक साथ दो शैक्षणिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की अनुमति देने के लिए अपने वैधानिक निकायों के माध्यम से तंत्र तैयार कर सकते हैं।'' यूजीसी लंबे समय से इस तरह की योजना बना रहा था, लेकिन उसे इसके लिए 2020 में मंजूरी मिली थी। आयोग ने 2012 में भी इस विचार पर अध्ययन के लिए समिति बनाई थी और विचार-विमर्श किया गया, लेकिन अंतत: इस विचार को छोड़ दिया गया।-
- आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार को दो मोटरसाइकिल सवारों ने एक स्कूल के बाहर कक्षा 11 की एक छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार लड़की को सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर उसके एक रिश्तेदार ने राजापुर चुंगी क्षेत्र में स्थित स्कूल के बाहर छोड़ा था। पुलिस ने कहा कि कथित अपहरण की घटना सीसीटीवी की जद में हुई। एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण ने कहा, “परिवार वालों के अनुसार, लड़की के रिश्तेदार ने सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर उसे स्कूल के बाहर छोड़ा। जब वह वहां से वापस जाने लगा तो उसने देखा कि दो लोग जबरन लड़की को एक बाइक पर बैठाकर ले जा रहे हैं।” कृष्ण ने कहा, “रिश्तेदार ने उनका पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह गिर पड़े और उन्हें चोट लग गई।” अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि दोनों अपहर्ताओं ने लड़की को बाइक पर बैठाने से पहले उसे नशे की कोई चीज दी। उन्होंने कहा, “इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है और लड़की को शीघ्र ही मुक्त करा लिया जाएगा।
- भोपाल. मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा कि रामनवमी पर खरगोन शहर और बड़वानी जिले में हुई हिंसा के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने आने वाले त्योहारों के लिए सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में डॉ बी आर अंबेडकर की जयंती और रमजान के अलावा, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे और हनुमान जयंती जैसे त्योहार मनाए जाएंगे। मिश्रा ने कहा, ‘‘ आने वाले दिनों में कई त्योहार मनाए जाने हैं। इसे देखते हुए मध्यप्रदेश के सभी जिले अलर्ट पर हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को एहतियात के तौर पर अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।'' खरगोन में हुई हिंसा के एक दिन बाद राज्य पुलिस मुख्यालय ने आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने के आदेश जारी किए हैं। विभिन्न जिलों और क्षेत्रों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और महानिरीक्षक (आईजी) छुट्टी मंजूर करने के लिए अधिकृत हैं। इस आदेश में वरिष्ठ अधिकारियों से कहा गया है कि वह अपने-अपने मुख्यालय से बाहर न जाएं और अपरिहार्य परिस्थितियों में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की मंजूरी के बाद ही छुट्टी लें। खरगोन शहर में रविवार शाम को रामनवमी जुलूस के दौरान पथराव, आगजनी के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। उसी दिन बड़वानी जिले के सेंधवा कस्बे में रामनवमी जुलूस पर पथराव किया गया।
- कानपुर . उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के डेरापुर इलाके में एक पिकअप (छोटा ट्रक) पीछे से एक खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे इस घटना में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वप्निल ममगई ने बुधवार को बताया कि सब्जियों से लदी एक पिकअप 10 किसानों और श्रमिकों को लेकर मंगलवार रात चक्रपुर बाजार की ओर जा रहा था, तभी राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से वह टकरा गया। अधिकारी ने कहा कि इस हादसे के बाद दो लोगों - श्याम सिंह (65) और राम जी (30) - की मौके पर ही मौत हो गयी । उन्होंने कहा कि घायल व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने शिव कुमार (50) को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल मेहताब (50) को लाला लाजपत राय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया जहां उन्होंने बुधवार की सुबह अंतिम सांस ली। उन्होंने कहा कि घायलों का उपचार चल रहा है।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 महामारी के 1,088 नए मामले सामने आने से कोराना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,38,016 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 10,870 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,21,736 पर पहुंच गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 19 मरीज सार्स-कोव-2 वायरस से उबरने में कामयाब रहे हैं।गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पुनर्गठित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) को वर्ष 2025-26 तक बढ़ाने की बुधवार को मंजूरी दे दी । केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी । ठाकुर ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में केंद्र प्रायोजित पुनर्गठित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान को एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2026 तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि इस योजना पर 2025-26 तक 5,911 करोड़ रूपया खर्च होगा। इसमें केंद्र का हिस्सा 3,700 करोड़ रूपये और राज्य का हिस्सा 2,211 करोड़ रूपये होगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने बताया कि इसके माध्यम से 2.78 लाख ग्रामीण स्थानीय निकायों को टिकाऊ विकास लक्ष्य (एसडीजी) को पूरा करने में मदद मिलेगी । ठाकुर ने बताया कि पहले इस योजना के तहत 1.36 करोड़ लोगों को प्रशिक्षित किया गया और आगे 1.65 करोड़ लोगों को प्रशिक्षित किया जायेगा । मंत्री ने बताया कि पूर्व की तुलना में इस योजना में 60 प्रतिशत राशि की वृद्धि की गई है।



























