- Home
- देश
- झाबुआ. मध्यप्रदेश के झाबुआ में मंगलवार-बुधवार की रात एक डीजे वाहन और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर में बाइक पर सवार तीन ग्रामीणों की मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । झाबुआ पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय रावत ने बुधवार को बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से चार किलोमीटर दूर काला डूंगर गांव के पास बीती रात को हुआ। उन्होंने कहा कि डीजे वाहन और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर होने से बाइक पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि तीसरे घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गयी, घटना के बाद चालक डीजे वाहन लेकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मुकेश मावी (30), रायसिंह मावी (25) और श्रवण मावी (26) के तौर पर हुई है और तीनों ढेकल बड़ी गांव के रहने वाले थे । अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
- गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित एक मंदिर में एक व्यक्ति द्वारा दिया गया फलों का रस पीने के बाद 25 लोग अचेत हो गए जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति ने रस को प्रसाद बता कर वितरित किया था। पुलिस को शक है कि पेय में नशीला पदार्थ मिलाया गया होगा। उन्होंने बताया कि घटना फर्रुखनगर स्थित बुद्धो माता मंदिर में मंगलवार की शाम को हुई। फर्रुखनगर थाना प्रभारी सुनील बेनीवाल ने कहा, “पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती किया गया जहां से उन्हें बुधवार को सुबह छुट्टी दे दी गई। अभी तक लूट या चोरी की किसी घटना की सूचना नहीं है। हम उस व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं जिसने पेय पदार्थ वितरित किया था।” उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 328, 336 और 120-बी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में प्रसाद बताकर फलों का रस वितरित कर रहा था। इस मामले में शिकायतकर्ताओं में से एक, दिल्ली के निवासी सुशील कुमार अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने कहा, “हम अपनी कार से नीचे उतरे ही थे कि एक व्यक्ति आया और उसने गिलास में फलों का रस दिया। उसने कहा कि यह प्रसाद है और वह सभी को दे रहा है।” कुमार ने शिकायत में कहा, “रस पीने के बाद मेरी पत्नी और भतीजी अचेत हो गए। हमने और लोगों को रोते सुना, उन्होंने भी रस पिया होगा।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तंजानिया के पूर्व राष्ट्रपति जूलियस न्येरेरे की 100वीं जयंती पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने एकता तथा समानता के जिन सिद्धांतों की वकालत की थी, वे हमेशा की तरह आज भी प्रासंगिक हैं। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘म्वालिमु न्येरेरे का जीवन और उनका काम हम सभी के लिए एक निरंतर प्रेरणा बना हुआ है।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने एकता और समानता के जिन सिद्धांतों की वकालत की थी, वे हमेशा की तरह आज भी प्रासंगिक हैं। महान नेता और भारत के मित्र की 100वीं जयंती पर मैं उन्हें नमन करता हूं।'' न्येरेरे का जन्म 13 अप्रैल, 1922 को हुआ था और 14 अक्टूबर 1999 को उनका निधन हो गया। वह तंजानिया के उपनिवेश विरोधी कार्यकर्ता थे। वह 1964 से 1985 तक तंजानिया के राष्ट्रपति रहे।
- नयी दिल्ली. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने दिव्यांगजनों को विमान पर चढ़ने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अपने 14 हवाई अड्डों में ‘एम्बुलिफ्ट' की व्यवस्था की है। एएआई ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि इन विमानतलों पर एयरोब्रिज की सुविधा नहीं है इसलिए भारत में निर्मित एम्बुलिफ्ट तैनात की गई है। बयान के अनुसार, देहरादून, गोरखपुर, पटना, बागडोगरा, दरभंगा, इंफाल, विजयवाड़ा, पोस्ट ब्लेयर, जोधपुर, बेलगाम, सिलचर, झारसुगुड़ा, राजकोट और हुबली हवाई अड्डे पर यह सुविधा दी गई है। बयान में कहा गया कि दीमापुर, जोरहाट, लेह, जामनगर, भुज और कानपुर हवाई अड्डे पर इस महीने के अंत तक एम्बुलिफ्ट की सुविधा दी जाएगी। एएआई ने कहा, एम्बुलिफ्ट से एक बार में छह व्हीलचेयर और दो स्ट्रेचर तथा एक एटेंडेंट चढ़ सकते हैं और इसमें हीटिंग, वातानुकूलन और वातायन की सुविधा दी गई है।” प्राधिकरण ने कहा कि 63 लाख रुपये प्रति इकाई की दर से खरीदी गई इस प्रणाली को एयरलाइन कंपनियों को सामान्य टोकन चार्ज पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
- खरगोन। मध्य प्रदेश के हिंसा प्रभावित खरगोन शहर में बुधवार को तीसरे दिन भी कर्फ्यू जारी रहा। अधिकारियों ने 100 से अधिक परिवारों को शहर से पलायन करने के लिए मजबूर किए जाने संबंधी खबरों को खारिज किया है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया ने कहा कि स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। खरगोन में रविवार को रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद हुई हिंसा में शामिल होने के आरोप में अब तक लगभग 100 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।हिंसा के बाद रविवार शाम को पूरे खरगोन शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया।पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्फ्यू तीसरे दिन भी जारी है और केवल चिकित्सा आपात स्थितियों में राहत दी जा रही है।भोपाल में मौलवियों द्वारा प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को सौंपे गए एक ज्ञापन जिसमें आरोप लगाया गया था कि रामनवमी के जुलूस के दौरान एक मस्जिद की दीवार पर धार्मिक झंडे लगाए गए थे, के बारे में पूछे जाने पर चौरसिया ने इनकार करते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था।उन्होंने कहा कि इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर खरगोन की नहीं है। अधिकारी ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।मौलवियों ने भोपाल में मंगलवार को आरोप लगाया था कि खरगोन जिला प्रशासन ने बिना किसी जांच के जल्दबाजी में की गई कार्रवाई में अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के कई घरों और संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया, जिससे 100 से अधिक मुस्लिम परिवारों को शहर से पलायन करना पड़ा।उप-प्रभागीय न्यायाधीश मिलिंद ढोके ने बुधवार को कहा कि 100 से अधिक परिवारों को विभिन्न संकटग्रस्त इलाकों से पलायन करने के लिए मजबूर करने की खबरें ‘‘ सच ’’ नहीं हैं।उन्होंने एक बयान में कहा, "जिन लोगों के घर जला दिए गए या क्षतिग्रस्त हो गए, वे अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं और ऐसे परिवारों की संख्या केवल दो-तीन है।"संभागीय आयुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति की समीक्षा के लिए कस्बे में डेरा डाले हुए हैं।उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात मोहन टॉकीज इलाके के दो होटल से 15 संदिग्धों को उस समय हिरासत में ले लिया गया जब पुलिस और अन्य अधिकारी वहां अवैध निर्माणों को गिराने के लिए बुलडोजर के साथ गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों तथा कर्मचारियों के देर से पहुंचने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश बुधवार को दिए। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री ने यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कहा "सरकारी कार्यालयों में हर अधिकारी और कर्मचारी की समय से उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। लेट लतीफी कतई स्वीकार नहीं की जाएगी।वरिष्ठ अधिकारी कार्यालयों का लगातार औचक निरीक्षण करें। लापरवाह, लेटलतीफ अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।" उन्होंने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा "आमजन की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए निस्तारण किया जाए। हर कार्यालय में सिटीजन चार्टर को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। किसी भी कार्यालय में कोई फाइल तीन दिनों से अधिक लंबित न रहे। देरी होने पर जवाबदेही तय की जाए।" योगी ने प्रदेश में नियमविरुद्ध संचालित अथवा अधोमानक वाले नर्सिंग कॉलेजों को चिह्नित कर उनके संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिये।उन्होंने कहा कि बिना मान्यता के कॉलेज संचालन युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना है, ऐसी हर जानकारी अथवा शिकायत को पूरी गंभीरता से लेते हुए तत्परता से कार्रवाई की जाए।मुख्यमंत्री ने गेहूं की सरकारी खरीद को बेहतर बनाने के लिए क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिले, हर हाल में किसान को उसके गेहूं का भुगतान तय समय-सीमा के भीतर हो जाना चाहिए।योगी ने सीमावर्ती कुछ राज्यों में कोविड के नये मामलों में बढोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे में सरहदी जिलों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
- बदायूं (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक परीक्षा केंद्र की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात दो सिपाहियों ने कथित रूप से शराब पीकर परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया। आरोपी दोनों सिपाहियों को निलंबित कर जांच शुरू कर दी गयी है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ओ पी सिंह ने बुधवार को बताया कि सहसवान थाना क्षेत्र के मोहउद्दीनपुर गांव स्थित उप्र बोर्ड परीक्षा केन्द्र नेहरू इंटर कालेज में प्रश्न पत्रों तथा उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सिपाही अरुण कुमार एवं सिद्धार्थ कुमार द्वारा मंगलवार की रात परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा करने की शिकायत मिली थी। आरोप है कि इस दौरान उन दोनों ने राहगीरों से भी गालीगलौज की थी।सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हंगामा कर रहे सिपाहियों को बमुश्किल काबू किया और उन्हें जांच के लिये सहसवान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि दोनों ने शराब पी थी।उन्होंने बताया कि आरोपी दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक—देहात सिद्धार्थ वर्मा को सौंपी गई है।
- झाबुआ। मध्यप्रदेश में झाबुआ जिले के थांदला थाना अंतर्गत ग्राम सेमलिया मे एक निजी बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक घटनास्थल पर बस छोड़कर फरार हो गया। थांदला थाना प्रभारी कौशल्या चौहान ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर, उस समय हुई जब यात्री बस थांदला से खवासा की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक खवासा से थांदला आ रहे थे। कोचडा पुलिया पर यात्री बस से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार नरसिंह (36) और जैमाल डिंडोर (32) निवासी गांव रत्नाली की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान बस पुलिया की दीवार से भी टकरा गई। हालांकि, बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
- पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में एक जनसंवाद कार्यक्रम स्थल पर उनसे महज कुछ फुट की दूरी पर मंगलवार को ‘पटाखे' का धमका होने से अफरा-तफरी मच गई। नालंदा के पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा के अनुसार यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सिलाव में एक हाई स्कूल परिसर में हुई। ‘पटाखा' जिसके फटने से सभा स्थल पर बिछाई गयी हरे रंग की कार्पेट कुछ जल गयी, को फोड़ने वाले युवक शुभम कुमार को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। शुभम इस्लामपुर थाना अंतर्गत सत्यारगंज मुहल्ला का निवासी है। हालांकि इस घटना के दौरान कोई भी घायल नहीं हुआ पर पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए गए ‘‘पटाखा'' की प्रकृति और उसके वाहक के उसे सभा स्थल पर ले जाकर फोड़ने के मकसद के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक पटाखा और माचिस की कुछ तीली बरामद की है।इस घटना के संबंध में पटना स्थित प्रदेश पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी और नालंदा के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किए जाने पर हालांकि वे फोन पर तत्काल उपलब्ध नहीं हो सके पर नालंदा जिला पुलिस अधीक्षक नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार युवक से सभा स्थल पर पटाखा ले जाकर उसके द्वारा उसे फोड़े जाने के उद्देश्य के बारे में उससे पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पटना के बाहरी इलाके बख्तियारपुर में एक विक्षिप्त व्यक्ति द्वारा मुख्यमंत्री पर हमला करने के एक महीने से भी कम समय में उनकी सुरक्षा में फिर से यह चूक हुई है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि देश में संचालित 1.17 लाख स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों में से एक लाख में 16 अप्रैल से टेली-परामर्श सेवाएं शुरू हो जाएंगी। मांडविया ने ट्वीट किया कि अगर दूरस्थ गांव में रहने वाले व्यक्ति को किसी विशेषज्ञ से स्वास्थ्य संबंधी सलाह की जरूरत होती है, तो टेली-परामर्श सेवाएं उसके लिए काफी मददगार होंगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों (एबी-एचडब्ल्यूसी) की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक ''आजादी का अमृत महोत्सव'' के तहत सप्ताह भर चलने वाले समारोहों का आयोजन करेगा।
- नयी दिल्ली। भारत के पड़ोसी देशों के साथ संबंधों के समग्र प्रबंधन के लिये मंगलवार को अंतर मंत्रिस्तरीय समन्वय समूह (आईएमसीजी) की बैठक में भारत के पड़ोसी देशों के साथ रेल सम्पर्क, आधारभूत ढांचा विकास समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के एक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के अनुसार बैठक में नेपाल जैसे पड़ोसी देशों के साथ वृहद कारोबार को सुगम बनाने के लिये सीमा आधारभूत ढांचे का निर्माण, बांग्लादेश के साथ रेल सम्पर्क और अफगानिस्तान एवं म्यामां को मानवीय सहायता सहित विविध विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में पड़ोसी देशों के साथ लोगों से लोगों के बीच वृहद सम्पर्क को प्रोत्साहित एवं मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि विदेश सचिव हर्षवर्द्धन श्रृंगला ने आईएमसीजी की पहली बैठक आयोजित की। गौरतलब है कि इस समूह की स्थापना भारत की ‘पड़ोस प्रथम नीति' को व्यवस्थित करने एवं आगे बढ़ाने के लिये एक उच्च स्तरीय तंत्र स्थापित करने के मकसद से की गई थी। बागची ने ट्वीट किया कि आईएमसीजी भारत के पड़ोसी देशों के साथ वृहद सम्पर्क, मजबूत सम्पर्क एवं लोगों से लोगों के बीच वृहद सम्पर्क को प्रोत्साहित करने के सरकार के कदमों को समग्र दिशा प्रदान करता है। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार बैठक में भारत के अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, म्यामां, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न आयामों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय किये गये। इसमें कहा गया है कि बैठक में इन देशों के साथ कारोबार, निवेश, सम्पर्क, सीमा आधारभूत ढांचा, आव्रजन सहयोग, सीमा सुरक्षा जैसे सहयोग पर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि आईएमसीजी की बैठक में नेपाल जैसे पड़ोसी देशों के साथ वृहद कारोबार को सुगम बनाने के लिये सीमा आधारभूत ढांचे का निर्माण, भूटान एवं मालदीव की विशेष जरूरतों से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, बांग्लादेश के साथ रेल सम्पर्क, श्रीलंका के साथ मत्स्य क्षेत्र और अफगानिस्तान एवं म्यामां को मानवीय सहायता सहित विविध विषयों पर चर्चा हुई। इसमें गह मंत्रालय/विभाग, वित्त, वाणिज्य, मतस्यीकी मंत्रालय के सचिव के अलावा रक्षा, रेलवे, आर्थिक मामलों, उपभोक्ता मामलों, कृषि एवं किसान कल्याण, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय/विभाग के प्रतिनिधियों आदि ने हिस्सा लिया।
- नयी दिल्ली। केंद्र ने देवघर रोपवे दुर्घटना के मद्देनजर मंगलवार को सभी राज्यों से कहा कि वे प्रत्येक रोपवे परियोजना का सुरक्षा ऑडिट करें और ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं लागू करें। गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे पत्र में यह भी कहा कि प्रत्येक रोपवे परियोजना के लिए, एक रखरखाव नियमावली व कार्यक्रम होना चाहिए ताकि सुरक्षा व्यवस्था मानक प्रथाओं के अनुरूप हो। पत्र में उन्होंने कहा कि रोपवे का संचालन करने वाली संस्था को रखरखाव कार्यक्रम के तहत की गईं सभी गतिविधियों का रिकॉर्ड रखना चाहिये। पत्र में कहा गया है, "राज्य सरकार को प्रत्येक रोपवे परियोजना का सुरक्षा ऑडिट करने के लिए एक अनुभवी और योग्य कंपनी या संगठन को नियुक्त करना चाहिए। रोपवे का संचालन करने वाली इकाई को ऑडिट में सामने आए सभी मुद्दों से निपटना चाहिये।'' झारखंड के देवघर जिले में रविवार दोपहर एक रोपवे के खराब होने के बाद केबल कारों से बचाए जाने के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से 60 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
- नयी दिल्ली। कई शिक्षाविदों ने मंगलवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा छात्रों को दो पूर्णकालिक डिग्री एक साथ प्रत्यक्ष तरीके से करने की अनुमति देने पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता ‘‘कमतर'' हो सकती है। कई प्रोफेसर ने दावा किया कि एक पूर्णकालिक डिग्री कार्यक्रम में विषय पर पूरा ध्यान बनाए रखने की आवश्यकता होती है, जबकि अन्य ने कहा कि एक हद तक लचीलेपन की पेशकश चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) द्वारा भी की जाएगी। दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर आभा देव हबीब ने कहा, ‘‘डिग्री हो या नौकरी जब पूर्णकालिक हो तो इसका मतलब है कि व्यक्ति की पूरी एकाग्रता उसी पर होनी चाहिए। एक छात्र को एक डिग्री में अतिरिक्त क्रेडिट अर्जित करने की अनुमति देना एक बात है और उन्हें एक अतिरिक्त डिग्री अर्जित करने की अनुमति देना अलग चीज है। यह फैसला सिर्फ हमारे डिग्री कार्यक्रमों की गुणवत्ता को कमजोर करेगा।'' डीयू के प्रोफेसर राजेश झा ने कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग मान रहा है कि छात्र ‘सुपरह्यूमन' है या ऐसा व्यक्ति है जो 24 घंटे अध्ययन कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘दो डिग्री कार्यक्रम की पेशकश करके आप ऑनर्स पाठ्यकम को कमतर कर रहे हैं। ऑनर्स पाठ्यक्रमों का मूल दर्शन छात्रों को व्यापक, गहन और उन्नत ज्ञान प्रदान करना है और यहां तक कि ऑनर्स पाठ्यक्रमों के तहत भी छात्र संकाय केंद्रित पाठ्यक्रमों का विकल्प चुन सकते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम अंतर संकाय की बात करें तो बीएससी और बीए कार्यक्रम हैं। ऐसा करके आप अपने कार्यक्रमों पर सवाल उठा रहे हैं। इससे शिक्षा प्रणाली में पूरी तरह से अराजकता फैल जाएगी।'' केंद्र ने फैसला किया है कि छात्र अब एक ही विश्वविद्यालय से या अलग-अलग संस्थानों से एक साथ दो पूर्णकालिक डिग्री कार्यक्रमों में एक साथ प्रत्यक्ष तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग इस संबंध में जल्द ही विस्तृत दिशानिर्देश जारी करेगा और विकल्प 2022-23 शैक्षणिक सत्र से छात्रों के लिए उपलब्ध होगा। एक निजी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने कहा, ‘‘यूजीसी छात्रों को जिस तरह का लचीलापन प्रदान करना चाहता है, उसके लिए पहले से ही एफवाईयूपी जैसे विकल्प उपलब्ध हैं। उस तरह के लचीलेपन के लिए छात्रों को एक संपूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रम का अतिरिक्त बोझ उठाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता नहीं है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कहा कि सरकार इतिहास को दोबारा नहीं लिखेगी, लेकिन इसमें गुमनाम नायकों और भुला दिये गये नेताओं को शामिल करेगी। मंत्री ने कहा कि गुमनाम नायक और नेता देश के इतिहास में जल्द ही स्थान पायेंगे। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सदी दर सदी लाखों लोगों ने देश की सभ्यता को बचाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, लेकिन इन लोगों को इतिहास का हिस्सा नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के बाद इसके इतिहास को ‘कुछ घंटों, कुछ सालों, केवल तीन-चार परिवारों' तक सीमित करने का प्रयास किया गया। हालांकि भारत के इतिहास के कम से कम 2,500 वर्षों से संबंधित साहित्य उपलब्ध थे। मंत्री ने कहा कि समय आ गया है कि उन गुमनाम नायकों और भूले-बिसरे नेताओं को देश के इतिहास का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, बीरबल, टोडरमल और चाणक्य के बारे में पढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोगों का एक वर्ग सोचता है कि सरकार देश का इतिहास बदलना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘हम बदलाव नहीं चाहते। मैं यहां इस मंच पर पूरी जिम्मेदारी के साथ यह बात कह रहा हूं। हम इतिहास को दोबारा नहीं लिखेंगे। हम इतिहास नहीं बदलेंगे। हम सभी ऐतिहासिक सत्यों को सबके सामने लाएंगे। हम एक बड़ी रेखा खींचेंगे।'' उन्होंने कहा कि किसी को कमतर करने की जरूरत नहीं है। प्रधान ने पूरे समाज से आगे बढ़कर इस काम में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘यह केवल सरकार या एक व्यक्ति का काम नहीं है।'' वह पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एसएन अग्रवाल द्वारा दो भाग में लिखित 'द रिवॉल्यूशनरीज: शेड देयर ब्लड फॉर इंडियाज इंडिपेंडेंस' नामक पुस्तक के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
- गाजियाबाद (उप्र। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक फ्लैट में मंगलवार को आग लग जिससे दो साल की एक लड़की की मौत हो गई और उसकी बहन तथा मां झुलस गए। पुलिस ने बताया कि जब यह हादसा हुआ उस वक्त परिवार सो रहा था। उन्होंने कहा कि घटना रिवर हाइट्स सोसाइटी में शाम पांच बजे हुई। पुलिस ने कहा कि सभी को अस्पताल पहुंचाया गया जहां भूमि की मौत हो गई और उसकी चार वर्षीय बहन दिव्यांशी तथा मां श्वेता का इलाज चल रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सभी गहरी नींद में थे इसलिए उन्हें आग लगने का पता नहीं चला। सिंह ने कहा कि एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लगने से यह हादसा हुआ।-file photo
- जींद (हरियाणा)। हरियाणा में जींद के अलेवा में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बिजली गुल होने के कारण मोबाइल की रोशनी में महिला का प्रसव कराया। पेगां गांव की नन्ही ने बताया कि सोमवार रात को उनकी पुत्रवधु कृष्णा को प्रसव पीड़ा होने के बाद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उन्होंने बताया कि बिजली गुल होने के कारण रात लगभग दो बजे महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मोबाइल की रोशनी में बड़ी ही सावधानी से उनकी पुत्रवधू का प्रसव कराया। नन्ही ने जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मामले में संज्ञान लेकर सीएचसी में रात के समय बिजली की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. विनोद ने बताया कि रात के समय बिजली गुल रहती है जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस केंद्र को 'हाट लाइन' से जुड़वाने के लिए बिजली निगम कार्यालय में फाइल जमा करवाई है, लेकिन अभी तक निगम द्वारा इस संबंध में कार्य पूर्ण नहीं किया गया है।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को यूरोपीय संसद सदस्य (एमईपी) बर्न्ड लैंग के नेतृत्व में यूरोपीय संघ के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते सहित द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। वित्त मंत्रालय ने ट्विटर पर लिखा कि दो सबसे बड़ी खुली बाजार अर्थव्यवस्थाओं और बहुलवादी समाज के रूप में भारत और यूरोपीय संघ भागीदारी की दिशा में काम कर सकते हैं। यह भागीदारी महामारी बाद की अवधि में अंतरराष्ट्रीय नियम-आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देगी। मंत्रालय ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और बर्न्ड लैंग ने सहमति व्यक्त की कि द्विपक्षीय निवेश संधि, मुक्त व्यापार समझौता और भौगोलिक संकेतक समझौते के साथ दोनों पक्षों में वार्ता पर आगे बढ़ने की उत्सुकता है।'' दोनों पक्षों ने पारदर्शी, व्यावहारिक, समावेशी और नियम आधारित आपस में जुड़ी मजबूत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को लेकर भारत और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत सहयोग के महत्व का उल्लेख किया। उल्लेखनीय है कि द्विपक्षीय व्यापार और निवेशक समझौता (बीटीआईए) मई, 2013 से अटका पड़ा है क्योंकि दोनों पक्ष अबतक महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति नहीं बना पाये हैं।
- जींद (उप्र)। हरियाणा में जींद के भूपेंद्र नगर में एक महिला ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक महिला की मां की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार भूपेंद्र नगर की संगीता (30) ने बीती देर रात किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जिसके बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका की मां निर्मला की शिकायत पर संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संगीता की मां निर्मला ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने पति संजय से तंग आकर जान दी है। निर्मला ने बताया कि 2012 में कलायत के निवासी संजय के साथ शादी के बाद से ही उनका दामाद उनकी बेटी से झगड़ा किया करता था जिसको लेकर उनकी कलायत में पंचायत भी हुई थी, लेकिन फिर भी संजय ने उसे परेशान करना नहीं छोड़ा। निर्मला ने बताया कि एक साल पहले उनकी बेटी संगीता जींद आ गई थी और उसके पास रहने लगी। शिकायतकर्ता के अनुसार चार महीने पहले संजय भी जींद आ गया और दोनों किराए के मकान में रहने लगे, लेकिन फिर भी संजय ने उसे परेशान करना नहीं छोड़़ा। निर्मला का आरोप है कि इससे तंग आकर संगीता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
- नयी दिल्ली। सौंदर्य प्रसाधन की ऑनलाइन बिक्री करने वाली कंपनी नायका की संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) फाल्गुनी नायर को वर्ष 2021 के लिए ‘ईवाई आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर' चुना गया है। सलाहकार फर्म ईवाई ने मंगलवार को एक बयान में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि फाल्गुनी नौ जून को होने वाले ‘ईवाई वर्ल्ड आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर' समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। निवेश बैंकर रहीं फाल्गुनी ने वर्ष 2012 में सौंदर्य उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के लिए नायका मंच की शुरुआत की थी। बड़ी तेजी से लाभ की स्थिति में पहुंचे इस स्टार्टअप ने पिछले दो साल में 100 से अधिक ऑफलाइन स्टोर के जरिये फैशन एवं लाइफस्टाइल क्षेत्र में भी कदम रखा है। इसके साथ ही ईवाई ने लार्सन एंड टुब्रो समूह के चेयरमैन ए एम नायक को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। वर्ष 1965 में समूह के साथ जुड़ने के बाद नायक इसके चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक के पद तक पहुंचे। इस मौके पर श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि 'आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर' पुरस्कार की होड़ में शामिल रहे 21 लोगों के पास 1.87 लाख करोड़ रुपये का सम्मिलित राजस्व है और ये उद्यमी 2.60 लाख से अधिक लोगों को रोजगार देते हैं।
- जींद (हरियाणा। जींद की एक अदालत ने एक व्यक्ति की हत्या के जुर्म में उसकी पत्नी एवं प्रेमी को उम्रकैद की सजा सुनायी एवं उनपर एक-एक लाख रूपये का जुर्माना भी लगाया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अराधना साहनी ने लगभग पौने चार साल पहले अवैध संबंधों में बाधा बनने पर प्रेमी संग मिल पति की हत्या करने के जुर्म में पत्नी तथा उसके प्रेमी को उम्रकैद की सजा सुनायी एवं दोनों पर एक-एक लाख रुपये जुर्माना भी लगाया। जुर्माना न भरने की सूरत में दोषियों को पांच माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अभियोजन पक्ष के अनुसार हनुमान नगर के मंगल ने 16 अगस्त 2018 को पुलिस में शिकायत की थी कि उसके बेटे जोगेंद्र की पत्नी पिंकी के सुभाष नगर गांव(सोनीपत) के रवि कुमार के साथ अवैध संबंध थे। मंगल के अनुसार इसकी भनक जोगेंद्र को लग चुकी थी , ऐसे में अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पिंकी ने अपने प्रेमी रवि के साथ मिल जोगेंद्र की 15 अगस्त रात को चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगल की शिकायत पर उसकी पुत्रवधु पिंकी तथा उसके प्रेमी रवि के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। तभी से मामला अदालत में विचाराधीन था।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देश के आकांक्षी जिलों की वृद्धि दर और प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने की जरूरत है। गडकरी ने मंगलवार को ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (एआईएमए) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि निर्यात बढ़ाना और आयात घटाना सरकार का राष्ट्रीय मिशन है। उन्होंने कहा, ‘‘देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ाने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा, ‘‘संपत्ति का सृजन करने वाले रोजगार भी पैदा करते हैं। देश के आकांक्षी जिलों की वृद्धि दर और प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा कि वित्तीय ऑडिट से जरूरी प्रदर्शन का ऑडिट करना है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि राज्यों को रियल एस्टेट (नियमन और विकास) कानून के प्रवाधानों को हल्का नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही कुछ राज्य नियमों को हल्का करने का निर्णय करें, केंद्र के रुख में बदलाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि रेरा (रियल एस्टेट नियमन और विकास) कानून व्यापक तौर पर स्वीकृत कानून है। इसकी सफलता धीरे-धीरे ही सही लेकिन समस्या-समाधान की भावना पर आधारित है। मंत्री ने रेरा कानून के तहत गठित केंद्रीय परामर्श परिषद (सीएसी) की बैठक में यह बात कही।उन्होंने कहा कि राज्यों को रियल एस्टेट (नियमन और विकास) कानून के प्रावधानों को हल्का नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही कुछ राज्य नियमों को हल्का करने का निर्णय करें, केंद्र अपने रुख में बदलाव नहीं करेगा। बैठक के दौरान ऊंची इमारतों में संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने और जान-माल के नुकसान को रोकने के उपायों के अलावा अटकी पड़ी परियोजनाओं के मसले को हल करने के लिये एक उच्चस्तरीय समिति स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। पुरी ने इमारत गिरने की घटनाओं के बारे में कहा कि घर खरीदारों में यह भरोसा होना चाहिए कि मकान संरचनात्मक रूप से मजबूत है।
- जम्मू . जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में एक महिला के अपने नौ महीने के बच्चे को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने महिला की क्रूरता के लिए उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की। दिल दहला देने वाले इस वीडियो में महिला को कथित तौर पर अपने नौ माह के बच्चे की पिटाई करते, उसे थप्पड़ मारते और बिस्तर पर फेंकते हुए देखा गया। यह वीडियो संभवत: महिला के किसी रिश्तेदार ने बनाया था। महिला के पति ने वीडियो देखने के बाद सांबा जिले के ब्री कामिला क्षेत्र के सरपंच मुख्तियार सिंह के साथ तुरंत पुलिस से संपर्क किया और इसके बाद महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के मुताबिक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित बच्चे को उसके पिता को सौंप दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना एक महीने पुरानी है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने अधिकारियों को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘एक्सई' को लेकर निगरानी तथा सतर्कता और बढ़ाने का निर्देश दिया है। मांडविया ने नए स्वरूप ‘एक्सई' पर देश के प्रमुख विशेषज्ञों की बैठक की अध्यक्षता की।मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे कोविड-19 मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं और औषधियों की उपलब्धता की लगातार समीक्षा करें। मंत्री ने टीकाकरण अभियान को पूरी गति से चलाने और सभी पात्र लोगों का टीकाकरण करने पर जोर दिया। बैठक में नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल, स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव, भारत में टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह के प्रमुख डॉ. एन के. अरोड़ा और स्वास्थ्य मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
- नयी दिल्ली. महिंद्रा समूह की रियल्टी शाखा महिंद्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि वह बेंगलुरु में भारत की पहली शुद्ध-शून्य ऊर्जा आवास परियोजना बनाएगी, जिसके लिए 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस आवासीय परियोजना में 550 इकाइयां शामिल हैं।कंपनी ने यह घोषणा भी की कि वह 2030 से केवल शुद्ध-शून्य ऊर्जा आवास परियोजनाओं का विकास करेगी और समूह पेरिस समझौते के लक्ष्य से दस साल पहले 2040 तक कार्बन निरपेक्ष बन जाएगा। शुद्ध-शून्य का अर्थ उत्सर्जन को कम करके और वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करके मानव गतिविधि द्वारा उत्पादित ग्रीनहाउस गैसों की मात्रा को पूरी तरह से समाप्त करना है। इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित एक कार्यक्रम में महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट रूप से एक ऐसे भविष्य की कल्पना कर सकता हूं, जहां आने वाली पीढ़ी के बच्चे हर सांस के लिए लड़ रहे हैं, और वे मेरी ओर मुड़कर कहते हैं- आप इस बारे में कुछ कर सकते थे, लेकिन आपने नहीं किया।'' उन्होंने आगे कहा, इसलिए मैं आज यहां अपनी प्रतिबद्धता दोहरा रहा हूं कि एक समूह के रूप में हम पेरिस समझौते के लक्ष्य से दस साल पहले, वर्ष 2040 तक कार्बन निरपेक्ष हो जाएंगे।





.jpg)
.jpg)
.jpg)



















