- Home
- देश
- जयपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पाली में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के एक अधिशासी अभियंता को मंगलवार को 13 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एसीबी के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने यहां एक बयान में कहा कि एसीबी की टीम ने अधिशासी अभियंता आरोपी यज्ञदत्त विदुवा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के आवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी कम्पनी द्वारा किये जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ ब्यावर-गोमती खंड में पैकेज दो के तहत 188 करोड़ 44 लाख रुपये के कार्यों को निर्बाध रूप से चलने देने तथा 75 लाख रुपये की हस्तलिखित रसीद जारी करने के एवज में आरोपी अधिशासी अभियंता 13 लाख रुपये की रिश्वत मांगकर उन्हें परेशान कर रहा है। इसी काम के लिये आरोपी उनसे पहले ही रिश्वत के तौर पर एप्पल का लैपटॉप ले चुका है। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर मंगलवार को आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आरोपी विदुवा को शिकायतकर्ता से 13 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से वह लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया है जो उसने कथित तौर पर रिश्वत के रूप में लिया था।
- भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार ने राज्य में हरित ऊर्जा संभावनाओं की खोज के लिए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के साथ एक समझौता किया है। ओडिशा औद्योगिक संवर्धन एवं निवेश निगम (आईपीआईसीओएल) के प्रबंध निदेशक भूपेंद्र सिंह पूनिया और बीपीसीएल के कार्यकारी निदेशक (नवीकरणीय ऊर्जा) अमित गर्ग ने सोमवार को इस आशय के सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। मुख्य सचिव एस सी महापात्र ने कार्यक्रम में कहा, ‘‘ओडिशा में इथेनॉल, सौर और हाइड्रोजन से हरित ऊर्जा के उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं।'' उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरित ऊर्जा को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देगी और बीपीसीएल को हर संभव सहायता दी जाएगी।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार हर जरूरतमंद परिवार को घर उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रही है। मोदी ने ‘प्रधानमंत्री आवास योजना' के एक लाभार्थी के एक पत्र के जवाब में लिखा कि अपनी छत और घर पाने की खुशी अमूल्य है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योजना के लाभार्थी, मध्यप्रदेश के सागर जिले के सुधीर कुमार जैन ने मोदी को लिखे पत्र में आवास योजना को बेघर गरीब परिवारों के लिए वरदान बताया है। जैन ने कहा कि वह किराए के मकान में रहते हैं और कई बार मकान बदल चुके हैं। उन्होंने बार-बार घर बदलने का अपना दर्द भी साझा किया। प्रधानमंत्री ने जैन को घर मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि मकान सिर्फ ईंटों और सीमेंट से बना ढांचा नहीं होता है। इसके साथ हमारी भावनाएं और आकांक्षाएं भी जुड़ी होती हैं और घर की चारदीवारी न केवल सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि एक बेहतर कल का विश्वास भी दिलाती है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आपके अपने घर का सपना साकार हुआ है। इस उपलब्धि के बाद आपकी संतुष्टि की भावना को पत्र में आपके शब्दों के जरिए महसूस किया जा सकता है। यह घर आपके परिवार के सम्मानजनक जीवन और आपके दोनों बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक नई नींव की तरह है।'' मोदी ने कहा कि इस योजना के तहत करोड़ों लाभार्थियों को पक्के घर मिले हैं। जैन को लिखे पत्र में, प्रधानमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों के जीवन में ये यादगार क्षण'', उन्हें राष्ट्र की सेवा में अथक और बिना रुके काम करते रहने' की प्रेरणा देते हैं।
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान में तिलहनों और खाद्य तेलों की जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए छापेमारी जारी है और पांच अन्य राज्यों में भी विशेष टीमें इसकी जांच कर रही हैं। आधिकारिक बयान के मुताबिक, तिलहन के प्रमुख उत्पादक एवं खपत वाले राज्यों में थोक एवं खुदरा विक्रेताओं, शॉपिंग श्रृंखला विक्रेताओं और मिलों की तरफ से की जा रही जमाखोरी रोकने के लिए खाद्य तेलों एवं तिलहनों के भंडारगृहों पर औचक छापेमारी की जा रही है। इसके लिए महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, गुजरात और नयी दिल्ली के लिए विशेष टीमें भेजी गई हैं। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मध्य प्रदेश के देवास, शाजापुर और गुना जिलों में छापेमारी के दौरान सोयाबीन एवं सरसों दाने की जमाखोरी का पता चला है। इन कारोबारियों ने सरकार की तरफ से स्वीकृत सीमा से अधिक मात्रा में सोयाबीन एवं सरसों को स्टॉक जमा कर रखा था। सोयाबीन के दानों की जमाखोरी से सोयाबीन तेल की कीमतें पिछले कुछ समय में तेजी से बढ़ी हैं। ऐसी स्थिति में राज्य सरकार को आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। वहीं महाराष्ट्र और राजस्थान में भी खाद्य तेलों का तय सीमा से अधिक स्टॉक रखने के मामले सामने आए हैं। मंत्रालय ने कहा कि खाद्य तेलों की जमाखोरी में थोक कारोबारी और शॉपिंग श्रृंखलाएं ज्यादा संलिप्त पाई गई हैं। इस स्थिति में केंद्र ने राज्य सरकारों को आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से भी यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करने से आपूर्ति शृंखला पर कोई असर न पड़े। बाकी पांच राज्यों में अभी पड़ताल जारी है। केंद्र ने पिछले कुछ महीनों में खाद्य तेलों की कीमतों पर काबू पाने के लिए कई कदम उठाए हैं। अब यह जरूरी कर दिया गया है कि खाद्य तेलों एवं तिलहनों के सभी थोक कारोबारी अपने पास मौजूद स्टॉक की जानकारी दें। सरकार ने सभी खाद्य तेलों एवं तिलहनों के भंडारण पर लगी सीमा दिसंबर, 2022 तक बढ़ा दी है। खाद्य मंत्रालय के मुताबिक, दुनियाभर में खाद्य तेलों के दाम बढ़ रहे हैं। पिछले एक महीने में घरेलू बाजार में भी खाद्य तेलों के दाम बढ़े हैं जिसके पीछे भू-राजनीतिक परिदृश्य की भी एक भूमिका रही है।
- डिब्रूगढ़. अलायंस एयर के देश में निर्मित डोर्नियर 228 विमान ने मंगलवार को असम के डिब्रूगढ़ और अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट मार्ग पर अपनी पहली व्यावसायिक उड़ान भरी। विमान में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और किरेन रिजिजू भी सवार थे। सार्वजनिक क्षेत्र की अलायंस देश की पहली वाणिज्यिक एयरलाइन बन गई है जिसने नागरिक परिचालन के लिए देश में बने विमान का इस्तेमाल किया है। डोर्नियर 228 विमानों का उपयोग अबतक केवल सशस्त्र बल ही करते थे। गौरतलब है कि अलायंस एयर ने सरकार के स्वामित्व वाली हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ फरवरी में दो 17-सीटों वाले डोर्नियर 228 विमानों को पट्टे पर लेने के लिए करार किया था। एयरलाइन को अपना पहला डोर्नियर 228 विमान सात अप्रैल को मिला था। 18 अप्रैल से डिब्रूगढ़-पासीघाट-लीलाबाड़ी-डिब्रूगढ़ मार्ग पर नियमित उड़ानों संचालन शुरू होगा।
- बाराबंकी (उप्र) . जिले के कोतवाली रामसनेही घाट के ग्राम मोहम्मद पुर कीरत स्थित ढाबे के निकट मंगलवार को एक पिकअप वैन और ट्रक में टक्कर हो जाने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्र ने बताया की सोमवार को कोटवा मार्ग स्थित ग्राम मोहम्मद पुर कीरत के निकट के पनई का पुरवा निवासी राजेंद्र (32) बाराबंकी के कोल्ड स्टोर से पिकअप वैन से क्षेत्र में बर्फ की सप्लाई करने जा रहे थे। इस बीच, राजेंद्र ने सड़क किनारे वाहन को खड़ा किया। तभी लखनऊ की ओर से आ रहे एक ट्रक ने वाहन में जोरदार टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में आकर बर्फ बेचने वाले 14 वर्षीय दुर्गेश एवं 16 वर्षीय उसके चचेरे भाई जय नारायण और राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन घटनास्थल से करीब ढाई सौ मीटर दूर घिसटता हुआ एक एक पेड़ से जा टकराया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
- नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार राजधानी में वृद्धाश्रमों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त में तीर्थयात्रा पर भेजेगी। केजरीवाल ने यहां पूर्वी दिल्ली के कांति नगर में राजधानी के चौथे वृद्धाश्रम ‘बाबा साहब डॉ. भीम राव आंबेडकर वरिष्ठ नागरिक गृह' के उद्घाटन के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि हमारे बुजुर्गों को कभी भी अपना घर नहीं छोड़ना पड़ेगा। लेकिन अगर किसी कारणवश उन्हें ऐसा करना पड़े, तो हम उनका पूरा ध्यान रखेंगे और साथ ही उन्हें खुश रखने की पूरी कोशिश करेंगे। हम उन्हें यहां घर जैसा माहौल देंगे।” उन्होंने कहा कि दिल्ली में अभी चार वृद्धाश्रम हैं, इसके अलावा पांच और जल्द ही बनकर तैयार हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल मिलाकर इन नौ वृद्धाश्रम में एक हजार वरिष्ठ नागरिकों के रहने की व्यवस्था होगी। केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली सरकार वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा पर भेजती है। यह यात्रा 2020 और 2021 में महामारी के प्रकोप के कारण आयोजित नहीं की जा सकी। लेकिन अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है। हम वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा पर भेजेंगे।” गौरतलब है कि मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत दिल्ली के वरिष्ठ नागरिक सरकार के खर्चे पर तीर्थ यात्रा पर जा सकते हैं। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए पांचवां वृद्धाश्रम तीन महीने के भीतर पश्चिम विहार इलाके में बनकर तैयार हो जाएगा।
- मुंबई। मध्यम आय वर्ग के लोग अधिक सोना खरीदते हैं और भौतिक रूप में सोने को रखना पसंद करते हैं। एक रिपोर्ट में सोमवार को यह जानकारी दी गई है। इंडिया गोल्ड पॉलिसी सेंटर (आईजीपीसी) की सोना एवं स्वर्ण बाजार-2022 की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उच्च आय वर्ग के लोग डिजिटल या ‘पेपर फॉर्मेट' (कागजी इस्तावेज के रूप) में सोना रखने में रुचि रखते हैं। प्रति व्यक्ति सोने की खपत अमीरों में सबसे अधिक है, लेकिन इसकी कुल मात्रा अभी भी मध्यम आय वर्ग के पास है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकांश खपत 2-10 लाख रुपये की वार्षिक आय सीमा के परिवारों में है, जो औसत मात्रा का लगभग 56 प्रतिशत है। इसमें कहा गया है कि इसलिए वे सुरक्षित निवेश पसंद करते हैं - यानी सोने और स्वर्ण उत्पाद या सुरक्षित सरकारी उत्पाद जैसे बैंक सावधि जमा, भविष्य निधि, जीवन बीमा, डाकघर बचत को तरजीह देते हैं, जहां जोखिम सबसे कम है। वहीं 10 लाख रुपये से अधिक की वार्षिक आय वाले उच्च-मध्यम और समृद्ध वर्ग के लिए, बचत - उनकी अतिरिक्त कमाई, बेकार पड़े अतिरिक्त धन और पूंजीगत लाभ पर कमाई है। इसलिए वे स्टॉक या शेयरों, डेरिवेटिव और रियल एस्टेट में निवेश करना पसंद करते हैं।भारत की उपभोक्ता अर्थव्यवस्था पर पीपल रिसर्च (प्राइस) के सहयोग से आईजीपीसी द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण के माध्यम से घरेलू सोने की खपत रिपोर्ट तैयार की गई थी। सर्वेक्षण 40,000 घरों के बीच किया गया था। रिपोर्ट में आगे खुलासा हुआ कि नोटबंदी या जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) के क्रियान्वयन से सोने की खपत प्रभावित नहीं हुई। इसमें कहा गया है कि पिछले पांच वर्षों में कम से कम 74 प्रतिशत उच्च आय वाले परिवारों ने सोना खरीदने की पुष्टि की है। रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि सोना उत्सव का प्रतीक है, और खरीद के कारणों में शादियों और त्योहारों में आभूषणों की खरीद का 65-70 प्रतिशत का योगदान होता है जबकि 30-35 प्रतिशत विवेकाधीन खर्च होता है। इसमें कहा गया है कि लगभग 43 प्रतिशत भारतीय परिवार शादियों के लिए सोना खरीदते हैं, 31 प्रतिशत बिना किसी विशेष अवसर के सोना खरीदते हैं। आईजीपीसी के अध्यक्ष अरविंद सहाय ने कहा, ‘‘सोना अमीरों के लिए है, इस आम मानसिकता के विपरीत सर्वेक्षण ने हमें दिखाया कि मध्यम आय वाले परिवार मूल्य के साथ-साथ मात्रा में भी सबसे अधिक सोने खरीदते हैं। हमें यह स्वीकार करना चाहिए कि संपत्ति के रूप में सोने की खपत बढ़ाने में महामारी ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
- सिवनी (मध्य प्रदेश)। सिवनी जिले में सोमवार को बाघ ने 26 वर्षीय आदिवासी महिला पर हमला कर उसे मार डाला। जिले के उगली थाना प्रभारी एसएस भारद्वाज ने बताया कि घटना जगगुटोला जंगल में हुई जब मृतक कमला बाई अपने पति के साथ जंगल में महुआ के फूल लेने गई थी। उन्होंने बताया, महिला के पति बुद्धलाल ने पत्नी की चीख सुनी और देखा कि एक बाघ उसे घसीटता हुआ ले जा रहा है। उसके शोर मचाने के बाद वहां कई लोग जमा हो गए और बाघ को महिला का शव वहीं छोड़कर भागना पड़ा। यह स्थल पेंच- कान्हा कॉरिडोर में आता है।
- इंदौर। रूस-यूक्रेन संकट से विश्व में गेहूं आपूर्ति पर असर के बीच मिस्र की ओर से भारत के मध्यप्रदेश से इस खाद्यान्न के आयात की संभावनाएं खंगाली जा रही हैं। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश, भारत में गेहूं का प्रमुख उत्पादक है जहां इन दिनों रबी सत्र की गेहूं की फसल कटकर मंडियों में पहुंच रही है। अधिकारी ने बताया कि मिस्र सरकार के अफसरों का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सूबे की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर पहुंचा और स्थानीय निर्यातकों, कारोबारियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि मिस्र के प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान राज्य में गेहूं के भण्डारण, उसकी शुद्धता और गुणवत्ता के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। अधिकारी के मुताबिक, चर्चा में इस बात पर भी सहमति बनी कि मध्यप्रदेश के निर्यातक मिस्र जाकर गेहूं के द्विपक्षीय कारोबार की संभावनाओं को अमली जामा पहनाने का प्रयास करेंगे। अधिकारी ने बताया कि मिस्र के प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के बाद इंदौर के केंद्रीय भंडार गृह का दौरा कर गेहूं भंडारण की व्यवस्था भी देखी। गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन की गिनती गेहूं के प्रमुख वैश्विक आपूर्तिकर्ताओं में होती है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद दोनों देशों से इसकी आपूर्ति बाधित होने के चलते कई मुल्क भारत और अन्य देशों से गेहूं खरीद रहे हैं। रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों के लगाए प्रतिबंधों ने भी उसके गेहूं निर्यात को घटा दिया है। भारत, विश्व में गेहूं का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है। भारत सरकार इन दिनों वैश्विक बाजार में गेहूं की ऊंची कीमतों की स्थिति का फायदा लेने के लिए इस खाद्यान्न के निर्यात को बढ़ावा देने की कोशिशों में जुटी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत का गेहूं निर्यात वित्त वर्ष 2021-22 में 70 लाख टन को पार कर गया, जबकि वित्त वर्ष 2020-21 में यह निर्यात 21.55 लाख टन के स्तर पर था। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में कहा था कि जारी वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान देश का गेहूं निर्यात 100 लाख टन के स्तर को पार कर सकता है।
-
मुंबई .प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रथम लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। मंगेशकर परिवार ने सोमवार को यह घोषणा की। प्रधानमंत्री को 24 अप्रैल को लता मंगेशकर के पिता मास्टर दीनानाथ मंगेशकर की 80वीं पुण्यतिथि पर लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। मंगेशकर परिवार और मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक बयान में कहा कि उन्होंने लता मंगेशकर के सम्मान और स्मृति में इस वर्ष से पुरस्कार की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, जिनका फरवरी में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में महान गायिका के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे, जिन्हें वे अपनी बड़ी बहन मानते थे। लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार हर साल केवल एक व्यक्ति को दिया जाएगा जिसने राष्ट्र, उसके लोगों और समाज के लिए अनुकरणीय योगदान दिया है। बयान में कहा गया है, ''हम यह घोषणा करते हुए प्रसन्न और सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि प्रथम पुरस्कार विजेता कोई और नहीं बल्कि भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हैं।'' बयान के अनुसार मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार का उद्देश्य संगीत, नाटक, कला, चिकित्सा और सामाजिक कार्य के क्षेत्र के दिग्गजों को सम्मानित करना है। मंगेशकर परिवार ने बयान में कहा दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख और जैकी श्रॉफ को ''सिनेमा के क्षेत्र में समर्पित सेवाओं'' के लिए मास्टर दीनानाथ पुरस्कार (विशेष सम्मान) प्रदान किया जाएगा। राहुल देशपांडे को भारतीय संगीत के लिए मास्टर दीनानाथ पुरस्कार मिलेगा, जबकि सर्वश्रेष्ठ नाटक का पुरस्कार ''संजय छाया'' नाटक को दिया जाएगा।
-
इटावा . जिले की फ्रेंड्स कॉलोनी में सोमवार को एक जीप और डम्पर की टक्कर में पिता—पुत्र की मौत हो गयी तथा सात अन्य घायल हो गये। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अमित कुमार ने बताया कि दिल्ली स्थित आजादपुर में रहने वाले एक परिवार के लोग उन्नाव जिले के मलवां खेड़ा बरसावां जा रहे थे। सोमवार को सुबह रास्ते में इटावा—कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नई मंडी के पास उनकी जीप और एक डंपर की टक्कर हो गयी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में जीप सवार राम सजीवन (69) और उसके 20 वर्षीय पुत्र सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में राम सजीवन की पत्नी तथा तीन बेटियों समेत सात अन्य लोग घायल हो गये। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने तीन लोगों को गम्भीर हालत के मद्देनजर सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। -
अगरतला. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने दक्षिण त्रिपुरा जिले के सीमा उप-मंडल सबरूम में प्रस्तावित एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) तक सीधा रेल संपर्क स्थापित करने की योजना बनाई है। एनएफआर के वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल ने हाल में राज्य के सबसे दक्षिणी सीमावर्ती शहर में प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल योजना को लागू करने के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों, भारतीय भूमि बंदरगाह प्राधिकरण (एलपीएआई) और सीमा शुल्क के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। एनएफआर के अधिकारियों ने पीएम गति शक्ति कार्गो टर्मिनल योजना के बारे में जानकारी दी, जिसके तहत इन परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी और उन्हें रेलवे के साथ सीधे जोड़ा जा सकेगा। स्थानीय विधायक शंकर राय ने यह जानकारी दी।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार ने अधिकारियों के लिए संपत्ति का वार्षिक विवरण जमा करने की समयसीमा 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है। सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग ने सभी विभागों, राजस्व संभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को जारी एक परिपत्र में कहा कि अधिकारियों को एक जनवरी 2021 से 31 दिसंबर 2021 तक के लिए अपनी संपत्ति का वार्षिक विवरण जमा कराना होगा। अधिकारियों को शुरुआत में 31 दिसंबर तक संपत्ति विवरण दाखिल करना था, लेकिन बाद में इस अवधि को 31 मार्च, 2022 तक बढ़ा दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि विभाग के संज्ञान में आया कि कुछ कर्मचारी पंचायती राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव में व्यस्तता या कुछ अन्य कठिनाइयों के कारण अपना वार्षिक संपत्ति विवरण जमा नहीं कर सके। परिपत्र में कहा गया कि सरकार ने इन कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए एचआरएमएस (मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली) पोर्टल का उपयोग करके संपत्ति विवरण ऑनलाइन जमा करने की समयसीमा 30 अप्रैल, 2022 तक बढ़ाने की अनुमति दी है। इससे पहले, सरकार ने कोविड-19 के कारण समय सीमा तीन बार बढ़ाई थी।
संपत्ति विवरण को सार्वजनिक करने का पहले कोई प्रावधान नहीं था, लेकिन ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दिसंबर, 2020 में घोषणा की कि प्रवेश स्तर से लेकर मुख्य सचिव स्तर तक सभी सरकारी कर्मचारी और वार्ड सदस्य से लेकर मुख्यमंत्री तक सभी जन प्रतिनिधि अपनी संपत्ति के विवरण का खुलासा करेंगे। -
अहमदाबाद . गुजरात में भरूच जिले के रासायनिक कारखाने में विस्फोट के बाद आग लग गई,जिससे छह कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अहमदाबाद से करीब 235 किलोमीटर दूर दहेज औद्योगिक क्षेत्र स्थित इकाई में रविवार देर रात तीन बजे हुई। भरूच पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने बताया कि हादसे में मारे गए छह लोग उस संयंत्र के निकट काम कर रहे थे, जिसमें विलायक आसवन प्रक्रिया के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। उन्होंने कहा, संयंत्र में विस्फोट के कारण कारखाने में आग लग गई। संयंत्र के निकट काम कर रहे सभी छह लोगों की मौत हो गई। शवों को बाद में बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आग पर काबू पा लिया गया है।'' अधिकारी ने बताया कि हादसे में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
-
नयी दिल्ली. नीति आयोग के राज्य ऊर्जा एवं जलवायु सूचकांक - चक्र 1 (एसईसीआई) में गुजरात ने बड़े राज्यों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस सूचकांक का मकसद छह मानकों पर राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों की रैंकिंग करना है, जिसमें बिजली वितरण कंपनियों का प्रदर्शन, ऊर्जा दक्षता और ऊर्जा की पहुंच शामिल हैं। नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात के बाद केरल और पंजाब का स्थान है। छोटे राज्यों में गोवा सूचकांक में सबसे ऊपर है। उसके बाद त्रिपुरा और मणिपुर का स्थान है।
एसईसीआई चक्र-1 का मकसद छह मानकों पर राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की रैंकिंग करना है। इन मानकों में (1) बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) का प्रदर्शन, (2) ऊर्जा की पहुंच, वहनीयता तथा विश्वसनीयता, (3) स्वच्छ ऊर्जा पहल, (4) ऊर्जा दक्षता, (5) टिकाऊ पर्यावरण तथा (6) नई पहलें शामिल हैं। इन मानकों में कुल 27 संकेतक शामिल हैं। राज्य और केंद्रशासित प्रदेश सूचकांक का उपयोग करके अपने मानक की तुलना कर सकेंगे और बेहतर नीति व्यवस्था विकसित करने में सक्षम होंगे। -
लखनऊ .उत्तर प्रदेश सरकार के ट्विटर हैंडल समेत दो आधिकारिक हैंडल सोमवार को कुछ समय के लिये हैक कर लिये गये। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक न्यूज़ एजेंसी' को बताया, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार का आधिकारिक ट्विटर हैंडल @UPGovt (एटदरेट यूपीगवर्मेंट) सोमवार को करीब 10 मिनट के लिये हैक हो गया था। उसके बाद वह बहाल हो गया। इस हैंडल के 27 लाख फालोवर हैं।'' इसी तरह प्रदेश के सूचना विभाग द्वारा संचालित एक अन्य ट्विटर हैंडल @InfoUPFactCheck (एटदरेट यूपी फैक्ट चेक) भी कुछ समय के लिये हैक कर लिया गया था। हैकर ने एक पिन किये गये ट्वीट को भी हैक कर लिया था। हालांकि 24 हजार से ज्यादा फालोवर वाला यह हैंडल भी बाद में बहाल हो गया। इससे पहले, शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय का आधिकारिक ट्विटर हैंडल भी करीब 29 मिनट के लिये हैक कर लिया गया था। इस हैंडल के 40 लाख से ज्यादा फालोवर हैं। इस मामले में राजधानी लखनऊ के साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
-
गोपेश्वर. उत्तराखंड के चमोली जिले में दस हजार फीट की उंचाई पर स्थित प्रसिद्ध रुद्रनाथ मंदिर में तोड़-फोड़ के विरोध में सोमवार को यहां विभिन्न संगठनों ने जुलूस निकाल कर आक्रोश व्यक्त किया जबकि व्यापारियों ने भी विरोध में बाजार बंद रखे। जुलूस से पहले रुद्रनाथ मंदिर के शीतकालीन गद्दी स्थल गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में तीर्थ—पुरोहितों तथा अन्य हितधारकों ने पंचायत बैठक की और फिर वहां से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने कार्यालय के बाहर धरना भी दिया। विरोध प्रदर्शन में सभी पक्षों ने भाग लिया जबकि गोपेश्वर का मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहा।
मंदिर के पुजारी हरीश भट्ट ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि रूद्रनाथ मंदिर में तोड़-फोड़ और चोरी की यह चौथी घटना है और आज तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने मंदिर की सुरक्षा के लिए नियमित सुरक्षा गार्ड की तैनाती के साथ इस कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। भगवान शिव को समर्पित पंच केदार श्रृंखला के इस प्रमुख मंदिर के मुख्य द्वार के तोड़े जाने तथा मंदिर के गर्भगृह में लगी लोहे की ग्रिल को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बारे में जानकारी पिछले दिनों वन विभाग के गश्ती दल से मिली। मंदिर फिलहाल श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए बंद है और इसके कपाट 19 मई को फिर खोले जाने हैं। पंचकेदार के सबसे दुर्गम इलाकों में माने जाने वाले रूद्रनाथ तक पहुंचने के लिए लगभग 20 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ती है जिसमें आधी खड़ी चढ़ाई है। - नयी दिल्ली । उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और मनोरंजन पर ध्यान देने की जरूरत है ताकि गांवों से लोगों के पलायन को रोका जा सके ।आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में पंचायती राज मंत्रालय द्वारा आयोजित "पंचायतों के नवनिर्माण के संकल्प उत्सव" को संबोधित करते उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने यह बात कही।पाकिस्तान में जारी सियासी घमासान को लेकर नायडू ने परोक्ष रूप से तंज करते हुए कहा,‘‘ हमारे पड़ोस में भी एक देश है लेकिन वहां कोई लोकतंत्र नहीं है और हमें नहीं मालूम कि वहां क्या हो रहा है ।’’उन्होंने कहा कि वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं लेकिन वास्तविकता यही है कि हमारे देश में हर स्तर पर लोकतंत्र है।नायडू ने ग्रामीण क्षेत्रों में 2.78 लाख स्थानीय निकायों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया के किसी दूसरे देश में विभिन्न स्तरों पर इतनी संख्या में लोकतांत्रिक संस्थाएं नहीं हैं ।वेंकैया नायडू ने कहा, ‘‘ आज़ादी का अमृत महोत्सव' अपने आप में एक सशक्त, समर्थ भारत के निर्माण का संकल्प लेने का पर्व है। मुझे हर्ष है कि पंचायती राज मंत्रालय सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को स्थानीय स्तर पर हासिल करने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है।’’
- नयी दिल्ली । नीति आयोग के राज्य ऊर्जा एवं जलवायु सूचकांक - चक्र 1 (एसईसीआई) में गुजरात ने बड़े राज्यों में शीर्ष स्थान हासिल किया है।इस सूचकांक का मकसद छह मानकों पर राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों की रैंकिंग करना है, जिसमें बिजली वितरण कंपनियों का प्रदर्शन, ऊर्जा दक्षता और ऊर्जा की पहुंच शामिल हैं।नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात के बाद केरल और पंजाब का स्थान है। इस सूची में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड जैसे राज्य सबसे पीछे रहे। छोटे राज्यों में गोवा सूचकांक में सबसे ऊपर है। उसके बाद त्रिपुरा और मणिपुर का स्थान है।एसईसीआई चक्र-1 का मकसद छह मानकों पर राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की रैंकिंग करना है। इन मानकों में (1) बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) का प्रदर्शन, (2) ऊर्जा की पहुंच, वहनीयता तथा विश्वसनीयता, (3) स्वच्छ ऊर्जा पहल, (4) ऊर्जा दक्षता, (5) टिकाऊ पर्यावरण तथा (6) नई पहलें शामिल हैं। इन मानकों में कुल 27 संकेतक शामिल हैं। राज्य और केंद्रशासित प्रदेश सूचकांक का उपयोग करके अपने मानक की तुलना कर सकेंगे और बेहतर नीति व्यवस्था विकसित करने में सक्षम होंगे।
- नयी दिल्ली/ चंडीगढ़ । उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल में पांच साल में सबसे अधिक है। वहीं हरियाणा और पंजाब में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और दोनों राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में क्षेत्र में गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। बुधवार को एक पश्चिमी विक्षोभ से हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजधानी में इस साल अप्रैल में अब तक पांच दिन ऐसे दर्ज किए गए हैं जब लू चली है और यह संख्या 12 वर्षों में सबसे अधिक हैं। इससे पहले अप्रैल, 2017 में ऐसे चार दिन दर्ज किए थे। मंगलवार शहर के कुछ हिस्सों में लू की चेतावनी भी जारी की गई है। आईएमडी मौसम संबंधी चेतावनी के लिए चार तरह के अलर्ट जारी करता है। 'ग्रीन अलर्ट' में किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं होती। 'येलो अलर्ट' में सतर्क जबकि 'ऑरेंज अलर्ट' में तैयार रहने को कहा जाता है। 'रेड अलर्ट' जारी होने पर कार्रवाई करने की आवश्यकता होती है। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है। राजधानी में 21 अप्रैल, 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। महीने का अब तक का उच्चतम अधिकतम तापमान 29 अप्रैल, 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह भी 72 साल में पहली बार हुआ है कि दिल्ली में अप्रैल के पहले पखवाड़े में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेशन शहर का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतर स्थानों पर तामपान 42 डिग्री से ज्यादा रहा। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से लू चल रही है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। चंडीगढ़ से प्राप्त खबर के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद स्थित बोपणी में सबसे अधिक 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के गुरुग्राम और हिसार में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम केन्द्र के अनुसार हरियाणा के नारनौल, भिवानी, रोहतक, अंबाला और सिरसा में भी अधिकतम तापमान क्रमश: ,43.5 डिग्री,42.5 डिग्री, 43.2 डिग्री,41.2 डिग्री और 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा जहां पर अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राज्य के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर में भी अधिकतम तापमान क्रमश: 41.2 डिग्री,41.5 डिग्री, 42.6 डिग्री और 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से बुधवार को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मंगलवार और बुधवार को हरियाणा और पंजाब के दक्षिणी हिस्सों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है। विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि हालांकि यह राहत अल्पकालिक होगी क्योंकि तीन दिनों के बाद तापमान में फिर से वृद्धि होगी। जम्मू से प्राप्त खबर के अनुसार जम्मू में सोमवार को मौसम का सबसे गर्म दिन रहा जब तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि जम्मू शहर में भी सबसे गर्म रात दर्ज की गई जब तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के दौरान औसत से 3.7 डिग्री अधिक था। वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के आधार शिविर कटरा में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि शहर में दिन का तापमान औसत से 8.8 डिग्री अधिक रहा, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा।
- नयी दिल्ली। मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसाई) ने सोमवार को बताया कि हरियाणा के रोहतक स्थित उसके अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) केंद्र में लगी आग में ठेके पर काम करने वाली कंपनी के दो कर्मियों की मौत हो गई। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने नियामक को दी गई जानकारी में बताया कि आग की घटना सोमवार को दोपहर के बाद रोहतक स्थित उसके आर एंड डी सेंटर की एक इमारत में लगी जहां पर तीसरे पक्ष की कंपनी द्वारा प्रयोगशाला का विस्तार कार्य किया जा रहा था। कंपनी ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और इसकी वजहों का पता जांच अधिकारियों के साथ लगाया जा रहा है। कार निर्माता ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से दो लोगों की आग से मौत हो गई जो कंपनी की परियोजना को पूरा करने के लिए जिस कंपनी को ठेका दिया गया था उसके लिए काम करते थे।'' एमएसआई ने कहा कि कंपनी इस जानहानि से दुखी है और शोक के इस समय में पीड़ितों के परिवार के साथ है। कंपनी ने कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। एमएसआई ने रेखांकित किया कि इस घटना से कंपनी का उत्पादन या परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है।
- गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में कूड़ा फेंकने की जगह में लगी आग और उसकी चपेट में गोशाला के आने से उसमें रखी गई 38 गायों की जलकर मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत कनावनी गांव की गोशाला में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे आग लगने की घटना हुई। श्रीकृष्ण गोशाला के संचालक सूरज पंडित के मुताबिक आग लगने की घटना के समय वहां करीब 150 गायें थीं। आशंका है कि नजदीक में मौजूद कूड़ा फेंकने की जगह में लगी आग से लपटें गोशाला तक पहुंचीं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है। सिंह ने संवाददाताओं से कहा,‘‘प्रारंभिक निरीक्षण के मुताबिक 15 से 20 मवेशियों की आग से मौत हुई है। मामले की विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है और जांच जारी है।'' गाजियाबाद के पुलिस प्रमुख मुनीराज जी भी मौके पर पहुंचे।बाद में इंदिरापुरम के क्षेत्राधिकारी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना में कुल 38 गायों की मौत हुई है। मिश्रा मामले की जांच के लिए गठित समिति के सदस्य हैं।
- नयी दिल्ली। भारतीय वायु सेना के एक चिनूक हेलीकॉप्टर ने सोमवार को चंडीगढ़ से असम के जोरहाट तक साढ़े सात घंटे की उड़ान भरकर बिना रुके सबसे लंबी हेलीकॉप्टर उड़ान का रिकॉर्ड बनाया। रक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चिनूक ने 1,910 किलोमीटर की दूरी तय की और हेलीकॉप्टर की क्षमताओं के साथ-साथ भारतीय वायुसेना की परिचालन योजना व क्रियान्वयन से यह संभव हुआ। एक रक्षा प्रवक्ता ने ट्वीट किया,''वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर ने चंडीगढ़ से जोरहाट (असम) के बीच बिना रुके सबसे लंबी उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर ने 1910 किलोमीटर का सफर 7 घंटे 30 मिनट में पूरा किया। चिनूक की क्षमताओं के साथ-साथ वायुसेना की परिचालन योजना और क्रियान्वयन के चलते यह संभव हुआ।
- नयी दिल्ली। एचडीएफसी बैंक में विलय की घोषणा करने वाली आवास वित्त कंपनी एचडीएफसी लिमिटेड के चेयरमैन दीपक पारेख ने सोमवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। वित्त मंत्री के कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा कि पारेख ने एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के साथ वित्त मंत्री से मुलाकात की। यह मुलाकात एचडीएफसी बैंक में एचडीएफसी लिमिटेड के विलय की घोषणा के बाद हुई है। पिछले ही हफ्ते एचडीएफसी बैंक में एचडीएफसी लिमिटेड के विलय की घोषणा की गई थी। इस सौदे में करीब 40 अरब डॉलर का लेनदेन होने का अनुमान है जो देश का सबसे बड़ा कॉरपोरेट अधिग्रहण होगा। पारेख ने इसकी घोषणा करते हुए कहा था कि यह समान कंपनियों का विलय है जिससे अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।



















.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)

