- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। डीआरडीओ और भारतीय सेना ने पोखरण फायरिंग रेंज में पिनाक रॉकेट प्रणाली के नए संस्करण का सफल परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि करीब 24 पिनाक एमके-I(एनहैंस्ड) रॉकेट सिस्टम (ईपीआरएस) को पिछले एक पखवाड़े में अलग-अलग स्थानों से दागा गया और इसने हथियारों के लिए निर्धारित सटीकता और निरंतरता के मानकों को पूरा किया। ईपीआरएस, पिछले दशक से भारतीय सेना द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे पिनाक स्वरूप का अद्यतन संस्करण है।
मंत्रालय ने कहा कि रॉकेट प्रणाली को उन्नत प्रौद्योगिकी,सामने आ रही जरूरतों को पूरा करने के लिए बढ़ी हुई मारक क्षमता के साथ अद्यतन किया गया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘ पिनाक एमके-I(एनहैंस्ड) रॉकेट सिस्टम और पिनाक एरिया डेनियल म्यूनिशन (एडीएम) रॉकेट सिस्टम का रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय सेना द्वारा पोखरण फायरिंग रेंज में सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।'' बयान में कहा, ‘‘ इस परीक्षण के साथ ही उद्योग द्वारा ईपीआरएस की इस प्रौद्योगिकी को अंगीकार करने का शुरुआती चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है और उद्योग साझेदार उपयोगकर्ता परीक्षण/रॉकेट प्रणाली के उत्पादन के लिए तैयार हैं।'' बयान के मुताबिक पिनाक रॉकेट प्रणाली का विकास पुणे स्थित आयुध अनुसंधान एवं विकास स्थापना ने की है और इसमें पुणे में ही स्थित डीआरडीओ की एक अन्य इकाई उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला ने सहयोग किया है। मंत्रालय ने बताया कि पिनाक की प्रदर्शन कुशलता और बढ़ी हुई मारक क्षमता स्थापित होने के बाद इसकी प्रौद्योगिकी नागपुर स्थित म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड (एमआईएल)और इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव लिमिटेड को स्थानांतरित किया गया। मंत्रालय ने बताया, ‘‘डीआरडीओ द्वारा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के तहत एमआईएल द्वारा उत्पादित रॉकेट का इस अभियान के दौरान परीक्षण किया गया। पोखरण फायरिंग रेंज में म्यूनिशन्स का फ्यूज के अलग-अलग स्वरूप जिनका इस्तेमाल पिनाक रॉकेट प्रणाली में इस्तेमाल किया जा सकता है, उनका भी सफल मूल्यांकन किया गया।'' डीआरडीओ के अध्यक्ष जी सतीश रेड्डी ने रॉकेट के परीक्षण परियोजना में शामिल टीम को बधाई दी है। -
केवडिया (गुजरात)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और अन्य वक्ताओं ने शनिवार को यहां एक सम्मेलन में कहा कि मध्यस्थता सहित वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) तंत्र भारतीय कानूनी परिदृश्य को बदल सकता है, लेकिन कुछ अड़चनों के कारण उन्हें अभी तक व्यापक स्वीकृति नहीं मिली है। कोविंद और प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण समेत अन्य वक्ता गुजरात के नर्मदा जिले के केवडिया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के पास आयोजित मध्यस्थता और सूचना प्रौद्योगिकी पर दो दिवसीय राष्ट्रीय न्यायिक सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रपति ने कहा, सच कहा जाए तो मध्यस्थता में हर कोई विजेता होता है। ऐसा कहने के बाद यह भी स्वीकार करना होगा कि इस अवधारणा को अभी तक देश भर में व्यापक स्वीकृति नहीं मिली है। कुछ स्थानों पर पर्याप्त प्रशिक्षित मध्यस्थ उपलब्ध नहीं हैं। कई मध्यस्थता केंद्रों पर ढांचागत सुविधाओं को बेहतर करने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन ‘‘अड़चनों'' का जल्द से जल्द समाधान किया जाना चाहिए ताकि व्यापक आबादी को इस प्रभावी उपकरण से लाभ मिल सके। इस संबंध में प्रशिक्षण के महत्व पर जोर देते हुए राष्ट्रपति ने कहा, इसके अलावा, यदि हम वांछित परिणाम प्राप्त करना चाहते हैं तो सभी हितधारकों को मध्यस्थता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदर्शित करना चाहिए। प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि वैकल्पिक विवाद समाधान की अवधारणा में लाखों लोगों को अपनी शिकायतों को निपटाने के लिए एक मंच प्रदान करके भारतीय कानूनी परिदृश्य को बदलने की क्षमता है।
-
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में तीन अज्ञात लोगों ने एक तेल कारोबारी कंपनी के कार्यालय से 50 लाख रूपये लूट लिये। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस भीड़भाड वाले इलाके में लुटेरों ने बंदूक का भय दिखाकर महज पांच मिनट में यह धनराशि लूट ली एवं वहां से वे भाग गये। वे मोटरसाइकिल से आये थे। लुधियाना के पुलिस आयुक्त वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कौस्तुभ शर्मा ने गंज मंडी का दौरा किया जहां शुक्रवार शाम को यह घटना हुई। शर्मा ने कहा कि जांच चल रही है एवं पुलिस को इस मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। -
नयी दिल्ली। दिल्ली में नौकरी दिलाने के बहाने लोगों को ठगने के आरोप में पांच महिलाओं समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने पिछले चार महीने में 100 से अधिक लोगों को ठगा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक प्रिया गुप्ता नामक एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। प्रिया ने कहा था कि उसने एक ऑनलाइन पोर्टल पर नौकरी के लिए आवेदन किया था। प्रिया के मुताबिक 13 जनवरी को उसे यह कहते हुए एक फोन कॉल आया कि उसकी प्रोफ़ाइल को एक कंपनी में नौकरी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है और उसे एक हजार रुपये का पंजीकरण शुल्क देना होगा। प्रिया ने यह रकम दे दी। प्रिया ने बताया कि एक टेलीफोन पर साक्षात्कार लिए जाने के बाद फोन करने वाले ने उससे दस्तावेजों के सत्यापन के लिए और पैसे मांगे और उसने उन्हें 9,900 रुपये और दिए। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने कहा, ''इसके बाद, प्रिया को न तो नौकरी मिली और न ही गिरोह के लोगों ने उसका फोन उठाया।'' पुलिस उपायुक्त ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि कॉल नोएडा सेक्टर-63 से चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर से की गई थी। पुलिस ने कॉल सेंटर पर छापेमारी कर गिरोह में शामिल 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, 23 मोबाइल फोन और छह एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। -
चेन्नई/हैदराबाद/कन्नूर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हिंदी पर दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी अन्नाद्रमुक समेत दक्षिण भारत के प्रमुख राजनीतिक दलों का विरोध का रुख शनिवार को भी जारी रहा। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम ने कहा कि भाषा को थोपा नहीं जा सकता। शाह ने कहा था कि हिंदी अंग्रेजी का विकल्प हो सकती है। उनकी इस टिप्पणी पर तेलंगाना के वरिष्ठ मंत्री के टी रामाराव ने कहा कि देश में ‘‘भाषा के वर्चस्व और आधिपत्य'' का प्रयास सफल नहीं होगा। वहीं, तमिलनाडु के मुख्य विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के समन्वयक पनीरसेल्वम ने कहा कि लोग अपनी मर्जी से हिंदी सीख सकते हैं, लेकिन हिंदी को थोपा जाना अस्वीकार्य है। दिवंगत द्रविड़ नेता सी एन अन्नादुरै का हवाला देते हुए पनीरसेल्वम ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ेगी तो जो लोग हिंदी सीखना चाहते हैं, वे अपनी इच्छा से ऐसा करेंगे, लेकिन लोगों पर हिंदी थोपना कभी भी स्वीकार नहीं नहीं किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री पनीरसेल्वम ने ट्वीट किया कि उनकी पार्टी की अन्नादुरै की विचारधारा के अनुरूप तमिल और अंग्रेजी की दो भाषाओं की नीति पर दृढ़ता से कायम है। इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को कहा कि हिंदी को थोपने के कदम को स्वीकार नहीं किया जाएगा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के 23वें सम्मेलन के तहत केंद्र-राज्य संबंधों पर आयोजित एक सेमिनार में विजयन ने कहा कि भारत को विविधता में एकता के लिए जाना जाता है और संघ परिवार का एजेंडा इस विविधता को मान्यता नहीं देता। विजयन ने कहा, “भारत ऐसा देश है जिसे विविधता में एकता के लिए जाना जाता है। इस विचार का अर्थ है विविधता को स्वीकार करना। हमारे संविधान ने भी भारत की कई भाषाओं को महत्व दिया है। अधिकतर राज्य लंबे संघर्ष के बाद भाषा के आधार पर बने थे। संघ परिवार का एजेंडा देश की विविधता और संघीय ढांचे को स्वीकार नहीं करता। क्षेत्रीय भाषाओं को कमजोर करना उनके एजेंडे का हिस्सा है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि भाषाएं हर समाज की संस्कृति और जीवन का आधार हैं और अगर भाषा की हत्या कर दी जाएगी तो यह विविधता नष्ट हो जाएगी। उधर, तेलंगाना में सत्तारूढ़ दल तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बेटे रामा राव ने कहा कि वैश्विक आकांक्षाओं वाले देश के युवाओं पर हिंदी थोपना बहुत बड़ा नुकसान होगा। राव ने ‘हिंदी थोपना बंद करो' हैशटैग के साथ ट्वीट किया, ‘‘प्रिय अमित शाह जी अनेकता में एकता ही हमारी ताकत है। भारत राज्यों का एक संघ है और एक सच्चा ‘वसुधैव कुटुम्बम' है। हम अपने महान राष्ट्र के लोगों को यह तय क्यों नहीं करने देते कि क्या खाएं, क्या पहनें, क्या प्रार्थना करें और किस भाषा में बात करें।'' रामा राव ने कहा, ‘‘मैं पहले एक भारतीय हूं, बाद में गर्वित तेलुगू और तेलंगानावासी हूं। मैं अपनी मातृभाषा तेलुगू, अंग्रेजी, हिंदी और थोड़ी बहुत उर्दू भी बोल सकता हूं। हिंदी को थोपने और अंग्रेजी का अनादर करने से देश के उन युवाओं के लिए नुकसानदेह साबित होगा, जिनकी वैश्विक आकांक्षाएं हैं।
-
गुरुग्राम (हरियाणा)। हरियाणा के गुरुग्राम में रहने वाले एक व्यक्ति और उसके अनिवासी भारतीय (एनआरआई) पिता को आत्महत्या का नकली वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर करीब 50 लाख रुपये की वसूली के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। गुरुग्राम के सेक्टर-45 साइबर अपराध थाना में की गई शिकायत में व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसके पिता अमेरिका के एरिजोना में रहते हैं और उन्होंने फेसबुक पर कुछ लोगों से दोस्ती की थी। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता के मुताबिक उस व्यक्ति ने उनकी बातचीत गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर ली और उसे ऐसा संपादित किया जैसे लगे की उसमें आत्महत्या की घटना हो रही है। पुलिस ने बताया, ‘‘ आरोपी ने फर्जी वीडियो यूट्यूब पर अपलोड करने की धमकी दी और दावा किया कि वीडियो में हिस्सा ले रहे व्यक्ति ने तीन अक्टूबर 2021 को आत्महत्या कर ली।'' उन्होंने बताया कि आरोपी ने सीआईडी, दिल्ली पुलिस, साइबर पुलिस और यहां तक यूट्यूब के अधिकारी बन उसके पिता से रुपयों की वसूली की। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उन लोगों की धमकी की वजह से अक्टूबर से नवंबर 2021 के बीच उसके पिता ने 48 लाख रुपये दिए हैं और उससे पांच लाख रुपये और दिलवाएं हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-420 (धोखाधड़ी) और धारा-384 (वसूली) व भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 66सी, 66डी और 67 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर अपराध पुलिस थाने के प्रभारी निरिक्षक बिजेंदर कुमार ने बताया, ‘‘हम मामले की जांच कर रहे हैं और तथ्यों को सत्यापित कर रहे हैं।
- नयी दिल्ली। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने यहां शनिवार को आयोजित एक संयुक्त समारोह में 49 कलाकारों को 2018 के लिए संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और संगीत नाटक पुरस्कार प्रदान किये। इसके साथ ही 2021 के लिए 23 लोगों को ललित कला अकादमी फेलोशिप और राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिए गए। सरकार द्वारा मंच कलाकारों और मंच कला के क्षेत्र में शिक्षकों तथा विद्वानों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार दिए जाते हैं। यह पुरस्कार संगीत, नृत्य और थियेटर के श्रेणी में दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त एक श्रेणी पारंपरिक, लोक और जनजातीय नृत्य, संगीत, थिएटर और कठपुतली कला के लिए आरक्षित है। मंच कला के क्षेत्र में सकल योगदान और विद्वता के लिए भी एक-एक पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा तबला उस्ताद जाकिर हुसैन, सत्तरिया नर्तक जतिन गोस्वामी, सोनल मानसिंह और टी. के. कल्याणसुंदरम को नृत्य के क्षेत्र में योगदान के लिए फेलोशिप दी गई। हिंदुस्तानी संगीत के क्षेत्र में मणि प्रसाद और मधुप मुद्गल, संतूर वादक तरुण भट्टाचार्य, सरोद के लिए तेजेन्द्र नारायण मजूमदार और कर्नाटक संगीत के गायक अमलेंदु मणि और मल्लादी सूरीबाबू समेत 13 को पुरस्कृत किया गया।
- नयी दिल्ली. केंद्र ने शनिवार को राज्यों से कहा कि प्रशासन एहतियाती खुराक कोविड-19 रोधी उसी टीके की देगा, जो उसने पहले दो खुराकों में इस्तेमाल किया था और इसके लिए निजी टीकाकरण केंद्र अधिकतम 150 रुपये का सेवा शुल्क (सर्विस चार्ज) ले सकते हैं। केंद्र ने शनिवार को घोषणा की कि कोविड-19 रोधी टीकों की एहतियाती खुराक 10 अप्रैल से निजी टीकाकरण केंद्रों पर 18 साल से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपलब्ध होगी। दूसरी खुराक लिए नौ महीने की अवधि पूरी करने वाले 18 साल से अधिक आयु के सभी लोग एहतियाती खुराक ले सकते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने यह बताया कि एहतियाती खुराक के लिए कोई नया पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि पहले ही सभी लाभार्थी ‘कोविन' मंच पर पंजीकृत हैं। भूषण ने शनिवार को सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ बैठक की।बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सभी टीकाकरण कोविन मंच पर अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाए और ‘‘ऑनलाइन अपॉइंटमेंट'' तथा ‘‘वॉक-इन रजिस्ट्रेशन', दोनों विकल्प और टीकाकरण निजी कोविड टीकाकरण केंद्र (सीवीसी) पर उपलब्ध होगा। निजी सीवीसी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार टीकाकरण साइट बनाए रखेंगे। भूषण ने कहा, ‘‘वे टीके की लागत से अधिक टीकाकरण के लिए सेवा शुल्क के रूप में प्रति खुराक अधिकतम 150 रुपये ले सकते हैं। एहतियाती खुराक के लिए उसी टीका का इस्तेमाल किया जाएगा, जो पहली और दूसरी खुराक के लिए इस्तेमाल किया गया था।'' भूषण ने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल कर्मी, अग्रिम मोर्चों के कर्मी और 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर निशुल्क टीकाकारण समेत अन्य टीकाकरण केंद्रों पर एहतियाती खुराक ले सकते हैं। राज्यों को 12 वर्ष से अधिक आयु की आबादी को पहली और दूसरी खुराक देने के लिए चल रहा निशुल्क कोविड टीकाकारण अभियान तेज करने की भी सलाह दी गई। डिजिटल माध्यम से हुई इस बैठक में राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों, एनएचएम मिशन निदेशकों और अन्य अधिकारियों के साथ ही अतिरिक्त सचिव (स्वास्थ्य) डॉ. मनोहर अगनानी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
- नयी दिल्ली. भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) ने छात्रवृत्ति सहित अन्य माध्यमों से भारत में पढ़ाई पूरी कर चुके दूसरे देशों के छात्रों को जोड़ने एवं बदलती वैश्विक परिस्थितियों में देश की ‘सॉफ्ट पॉवर' को मजबूत बनाने की पहल के तहत ‘इंडिया एलुमनई पोर्टल' की शनिवार को शुरुआत की। आईसीसीआर के 72वें स्थापना दिवस के अवसर पर विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी एवं आईसीसीआर के अध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने इस पोर्टल की शुरुआत की। इस कार्यक्रम के तहत कुछ छात्रों को इंडिया एलुमनई पहचान कार्ड भी प्रदान किए गए। सहस्रबुद्धे ने कहा कि परिषद के माध्यम से हर साल लगभग चार हजार विदेशी छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के लिए छात्रवृत्ति दी जाती है। उन्होंने बताया कि इनमें पड़ोस के देशों सहित अफगानिस्तान तथा लातिन अमेरिका, अफ्रीका के कुछ देशों तथा गिरमिटिया देशों के छात्र शामिल होते हैं। सहस्रबुद्धे ने कहा कि इसके तहत अनेक छात्र गुरु-शिष्य परंपरा के तहत तानपुरा, तबला, सितार, जलतरंग जैसी संगीत साधना आदि के लिए आते हैं और एक या दो वर्ष की शिक्षा प्राप्त करके चले जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरे देशों के ऐसे पूर्व छात्रों को भारत से जोडऩे एवं भारत की ‘सॉफ्ट पॉवर' को सशक्त बनाने के लिए हम इंडिया एलुमनई पोर्टल शुरू कर रहे हैं। इसके साथ ही इंडिया एलुमनई पहचान कार्ड भी जारी किए जा रहे हैं।'' सहस्रबुद्धे ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से भारत में पढ़ाई कर चुके विदेशी छात्र-छात्राओं से पुन: संपर्क बनाया जाएगा और विभिन्न प्रकार की गतिविधियों से उन्हें जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से जरूरत पड़ने पर विदेशी छात्रों को स्थानीय संसाधन प्रबंधन या स्थानीय संपर्क अधिकारी के रूप में जोड़ा जा सकेगा। यह पोर्टल विदेशी छात्र-छात्राओं को भारत द्वारा दी जा रही छात्रवृत्ति की पहुंच को व्यापक बनाने में मदद करेगा। पोर्टल के शुरुआती चरण में 16 हजार पूर्व छात्र-छात्राओं का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके माध्यम से दूसरे देशों के छात्र अपने यहां कई तरह की गतिविधियां शुरू कर सकते हैं और इनमें आईसीसीआर उनका सहयोग करेगी। सहस्रबुद्धे ने कहा, ‘‘ऐसे छात्र भारत में पढ़ाई करने के कारण हमारे देश के बारे में जानते हैं, ऐसे में पढ़ाई पूरी करने के बाद वे अपने देश में पुस्तकालय स्थापित कर सकते हैं और भारत के बारे में जानकारी दे सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि ये छात्र इंडिया क्विज, भारतीय भाषाओं के बारे में जानकारी प्रदान कर सकते हैं तथा अनुवाद एवं अन्य कार्य कर सकते हैं। इस अवसर पर विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि छात्रवृत्ति के जरिये भारत में पढ़ाई करने वाले दूसरे देशों के छात्रों के दिल में देश की अमिट छाप बन जाती है और बाद में भी इन छात्रों के साथ उस रिश्ते को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे में पुराने रिश्तों एवं संपर्कों को प्रगाढ़ बनाने एवं आपस में जुड़ने में यह पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पूछे जाने पर कि विदेशों में पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों का डेटा रखने एवं उनसे जुड़ने के लिए सरकार क्या पहल कर रही है, लेखी ने कहा, ‘‘भारत के जो छात्र विदेशों में पढ़ाई करने जाते हैं, उनसे हमारा आग्रह है कि वे स्थानीय उच्चायोग के संपर्क में रहें।'' मंत्री ने कहा कि यह इसलिए जरूरी है कि किसी समस्या की स्थिति में स्थानीय भारतीय उच्चायोग अभिभावक की तरह से उनकी मदद कर सकेगा।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रामनवमी के अवसर पर गुजरात के गठिला में उमिया माता मंदिर के 14वें स्थापना दिवस समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि मंदिर का उद्घाटन मोदी ने 2008 में किया था, जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। बयान के मुताबिक मोदी के सुझावों के आधार पर, मंदिर ट्रस्ट समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के रोगियों को मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन और मुफ्त आयुर्वेदिक दवाएं देने जैसी विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। उमिया मां को कदव पाटीदारों की कुलदेवी माना जाता है।
- नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके उद्यमी पति आनंद आहूजा ने अपने नयी दिल्ली स्थित आवास से 2.4 करोड़ रुपये की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) अम्रुता गुगुलोथ ने कहा कि दंपति ने 23 फरवरी को अमृता शेरगिल मार्ग पर स्थित अपने मकान में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोनम और उनके पति ने शिकायत की थी कि उनके घर से 2.4 करोड़ रुपये की कुछ नकदी और आभूषण चोरी हो गए हैं। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि दंपति को चोरी के बारे में 11 फरवरी को पता चला था, लेकिन उन्होंने 23 फरवरी को पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुगलक रोड पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 381 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक टीमों का गठन कर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जा रही है।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,150 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,34,217 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 11,365 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से मौत के 83 और मामले सामने आने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,21,656 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 11,365 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 127 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.25 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.23 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,25,01,196 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 185.55 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 83 मामले सामने आए, जिनमें से 75 मामले केरल के थे। देश में अभी तक संक्रमण से कुल 5,21,656 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें महाराष्ट्र के 1,47,810, केरल के 68,339, कर्नाटक के 40,057, तमिलनाडु के 38,025, दिल्ली के 26,156, उत्तर प्रदेश के 23,498 और पश्चिम बंगाल के 21,200 लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने के लिए आयोजित ‘‘सामाजिक न्याय पखवाड़ा'' के तहत भाजपा ने शनिवार को हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना को रेखांकित किया। पार्टी ने दावा किया कि अब देश में 48.6 प्रतिशत घरों में नल से जल की आपूर्ति की जा रही है जबकि वर्ष 2014 में यह संख्या महज 16.75 प्रतिशत थी। यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने बताया कि 15 अगस्त 2019 को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘जल जीवन मिशन'की घोषणा की थी तब 3.23 करोड़ परिवारों को नल से पेयजल की आपूर्ति की जा रही थी जिनकी संख्या अब बढ़कर 9.4 करोड़ परिवारों तक हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘जल जीवन मिशन आज देश के विकास को एक नई गति दे रहा है। पिछले 3 वर्षों से भी कम समय में जिस प्रकार करोड़ों घरों में नल से जल पहुंचा है, वो जन आकांक्षाओं और जन भागीदारी की एक बड़ी मिसाल है।'' त्रिवेदी ने कहा कि भारत की दुनिया की आबादी में 16 प्रतिशत हिस्सेदारी है जबकि वैश्विक पेयजल स्रोत केवल चार प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि अगर जल सरंक्षण नहीं किया गया तो बड़ी समस्या उत्पन्न हो सकती है और इसलिए इस कार्यक्रम के पीछे मोदी की ‘‘दूर दुष्टि योजना'' थी।
- इंदौर.मध्यप्रदेश के इंदौर के 74 वर्षीय ज्योतिषी के मरणोपरांत अंगदान से पांच जरूरतमंद मरीजों को नयी जिंदगी मिलने की राह शनिवार को आसान हो गई। अंगदान की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि ज्योतिषी सम्पतराज कोचेटा (74) को बृहस्पतिवार को ब्रेन हेमरेज के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि इलाज के बावजूद कोचेटा की हालत बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों ने शनिवार सुबह उन्हें दिमागी रूप से मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि कोचेटा का परिवार शोक में डूबा होने के बावजूद उनके दिवंगत परिजन के अंगदान के लिए राजी हो गया और इसके बाद सर्जनों ने ज्योतिषी के मृत शरीर से उनका यकृत (लिवर), दोनों आंखें और त्वचा निकाल ली। अधिकारियों के मुताबिक कोचेटा के यकृत का प्रतिरोपण 58 वर्षीय महिला रोगी में किया जा रहा है, जबकि उनकी आंखों तथा त्वचा का प्रतिरोपण चार अन्य मरीजों में होगा। अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में सात साल के दौरान दिमागी रूप से मृत 43 मरीजों का अंगदान हो चुका है। इससे मिले हृदय, लीवर, किडनी, आंखों और त्वचा के प्रतिरोपण से मध्यप्रदेश के साथ ही दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र में जरूरतमंद मरीजों को नए जीवन की अनमोल सौगात मिली है। दूसरे सूबों में हवाई मार्ग से अंग पहुंचाए गए हैं।
- गिरिडीह. झारखंड के गिरिडीह जिले की बिरनी थाना पुलिस ने हजारीबाग से बिहार के बेगूसराय ले जाई जा रही एक ट्रक शराब जब्त की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के मुताबिक, बिरनी पुलिस ने ट्रक जब्त कर दो ब्रांड की शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि गाड़ी में शराब से जुड़ा कोई कागज नहीं था और माना जा रहा है कि यह नकली शराब है।रेणु के अनुसार, ट्रक मध्य प्रदेश का है, जबकि ट्रक चालक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में चालक ने शराब तस्करी के मॉड्यूल का खुलासा किया है, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
- पणजी. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के सुदीन धवलीकर समेत तीन और विधायकों को मंत्री बनाकर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने तीन नए मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई। एमजीपी के धवलीकर के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो विधायकों नीलकांत हलार्नकर और सुभाष फलदेसाई ने शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित किया गया। इस दौरान मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी उपस्थित थे। सावंत ने 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आठ अन्य मंत्रियों के साथ गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस समय तीन मंत्री पद खाली थे और अब इन तीन मंत्रियों के शामिल होने से उनके मंत्रिमंडल में 12 सदस्य हो गए हैं, जिनमें स्वयं सावंत भी शामिल हैं। पिछले लोकसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल से हटाए जाने से पहले धवलीकर 2017 से 2019 के बीच मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व वाली और सावंत के नेतृत्व वाली सरकारों में मंत्री थे। हलार्नकर पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकारों में भी मंत्री थे और वह 2019 में नौ अन्य विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। वहीं, फलदेसाई पहली बार मंत्री बने हैं। गोवा में हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 20 सीटों पर जीत हासिल की, जो 40 सदस्यीय सदन में बहुमत के आंकड़े से एक सीट कम है। हालांकि, तीन निर्दलीय विधायकों और एमजीपी के दो विधायकों ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है।
-
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सशस्त्र बलों के कर्मियों को आवास प्रमाण पत्र-एनएसी बिना प्रस्तुत किए आवास भत्ता-एचआरए प्राप्त करने की अनुमति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। जिन रक्षा कर्मियों को सरकारी आवास आवंटित नहीं किया गया है, वे अब एनएसी प्रस्तुत किए बिना एचआरए प्राप्त कर सकेंगे। वर्तमान नीति के अंतर्गत रक्षा कर्मियों को अलग से आवेदन करना पड़ता था, जिसके परिणामस्वरूप आवास भत्ता के दावों में देरी हो जाती थी और कर्मियों को काफी समय के बाद भत्ते का भुगतान किया जाता था। इससे कर्मियों को वित्तीय कठिनाई का सामना करना पड़ता है। संशोधित नीति मौजूदा प्रक्रियाओं के सरलीकरण के प्रति सरकार की नीति के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम है।
-
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव स्थित सूर्य मंदिर के समीप सोन नदी में डूब रहे तीन बच्चों को बचाने वाला धीरज आखिरकार जिंदगी से जंग हार गया। धीरज की मौत पटना में हुई। इस घटना के बाद छठ पर्व के दौरान खुशियों का माहौल गम में बदल गया। चांदी थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव निवासी जगदीश राम का 23 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार है। धीरज के भाई प्रेमचंद दास और दीपक दास ने अपने परिवार की सुख शांति के लिए चैती छठ किया था। आज सुबह सभी लोग सारीपुर गांव स्थित सोन नदी घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ देने गए थे। इस दौरान मृत बालक रोहित समेत अन्य अन्य बच्चे सोन में नहाने लगे, लेकिन पानी काफी गहरे होने के कारण तीन बच्चे डूबने लगे। उसे देख धीरज ने बच्चे को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर सोन नदी में छलांग लगा दी। दो से तीन बच्चों को तो धीरज ने बचा लिया, लेकिन मृत 10 वर्षीय रोहित को बचाने के चक्कर में खुद सोन के गहरे पानी में डूब गया। धीरज को डूबते देख स्थानीय गोताखोरों मौके पर पहुंच दोनों को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया। लेकिन मौके पर रोहित की मौत हो गई जबकि धीरज की स्थिति काफी गंभीर हो गया था। जिसके बाद उसे आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया था। परंतु धीरज की जिंदगी नहीं बच सकी। -
पटना। पटना में शनिवार की सुबह गंगा नदी में नाव पलटने से 10 लोग डूब गए। हादसे के बाद नाव पर सवार 7 लोगों ने किसी तरह नदी में तैर कर अपनी जान बचाई। 3 युवक अभी भी लापता है। घटना के बाद एनडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना मनेर थाना के ब्रह्मचारी गंगा घाट पर हुआ। लापता लोगों में ब्रह्मचारी गांव के विजय कुमार, अर्जुन कुमार और मुन्ना कुमार शामिल हैं। सभी की उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मनेर थाना के ब्रह्मचारी गंगा घाट पर शनिवार की सुबह ब्रह्मचारी गांव के 10 लोग नाव से दियारा में अपनी फसल कटाई करने गए थे। कटाई के बाद वे सभी नाव से अपने घर ब्रह्मचारी लौट रहे थे। इसी क्रम में गंगा नदी में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव के पलटते ही उसमें सवार सभी लोग डूबने लगे। इनमें से 7 लोगों ने किसी तैरकर अपनी जान बचाई। जबकि तीन युवक लापता हैं। घटना की सूचना मिलते हैं पूरे ब्रह्मचारी गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सैकड़ों लोग गंगा घाट पर पहुंच गए। मनेर थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि तीन लोगों की तलाश के लिए लगातार गंगा नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। -
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में बबैल रोड स्थित वार्ड 6 के रामनगर की एक हैंडलूम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जिसमें मशीन पर काम कर रहा फैक्ट्री मालिक जिंदा जल गया। हादसे की सूचना कंट्रोल रुम नंबर डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद मौके पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची। मगर तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया था।
पुलिस से मिली जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी संदीप ने बताया कि हादसा शनिवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। मूल रुप से यूपी का रहने वाला देवी सिंह पिछले करीब 20 साल से बबैल रोड के रामनगर में एक खुले प्लॉट में जयंत हैडलूम नाम से धागे की फैक्ट्री संचालित कर रहा था। फैक्ट्री में करीब 20 लोग काम करते हैं। सुबह फैक्ट्री में मालिक देवी सिंह मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक धागों में आग लग गई। आग देवी सिंह के पीठ पीछे रखे धागों में लगी थी। जिस वजह से उसे आग का पता नहीं लग सका। चंद सेकेंडों में ही आग उसकी तरफ पहुंच गई। जिसमें वह जिंदा जल गया। मृतक तीन बेटों व एक बेटी का पिता था। आग लगने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। -
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सशस्त्र बलों के कर्मियों को आवास प्रमाण पत्र-एनएसी बिना प्रस्तुत किए आवास भत्ता-एचआरए प्राप्त करने की अनुमति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। जिन रक्षा कर्मियों को सरकारी आवास आवंटित नहीं किया गया है, वे अब एनएसी प्रस्तुत किए बिना एचआरए प्राप्त कर सकेंगे। वर्तमान नीति के अंतर्गत रक्षा कर्मियों को अलग से आवेदन करना पड़ता था, जिसके परिणामस्वरूप आवास भत्ता के दावों में देरी हो जाती थी और कर्मियों को काफी समय के बाद भत्ते का भुगतान किया जाता था। इससे कर्मियों को वित्तीय कठिनाई का सामना करना पड़ता है। संशोधित नीति मौजूदा प्रक्रियाओं के सरलीकरण के प्रति सरकार की नीति के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम है।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली, एकीकृत बाल विकास सेवाओं प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण और अन्य कल्याण योजनाओं के माध्यम से सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को पोषणयुक्त चावल की आपूर्ति को मंजूरी दे दी है।शुक्रवार को नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि इसे 2024 तक चरणबद्ध रूप से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य निगम और राज्य एजेंसियां पोषणयुक्त चावल की आपूर्ति और वितरण के लिए 88 लाख टन से अधिक पोषणयुक्त चावल की खरीद कर चुकी हैं। श्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि पोषणयुक्त चावल की प्रतिवर्ष लगभग दो हजार सात सौ करोड रुपए की समूची कीमत केन्द्र सरकार वहन करेगी।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने अटल नवाचार मिशन को मार्च 2023 तक जारी रखने को मंजूरी दे दी है। यह मिशन देश में नवाचार संस्कृति और उद्यमशीलता के अनुकूल माहौल बनाने के अपने अपेक्षित लक्ष्य के लिए काम करेगा। मिशन के इन लक्ष्यों में शामिल हैं- दस हजार अटल टिंकरिंग लैब, एक सौ एक अटल इनक्यूबेशन केन्द्र, पचास अटल सामुदायिक नवाचार केन्द्रों की स्थापना करना और अटल नया भारत चुनौतियों के माध्यम से दो सौ स्टार्टअप की सहायता करना है। स्थापना और लाभार्थियों की सहायता की प्रक्रिया पर दो हजार करोड रुपए खर्च किए जाएंगे।अटल नवाचार मिशन का उद्देश्य देश में नवाचार और उद्यमशीलता के अनुकूल माहौल बनाना और इन्हें बढावा देना है। ऐसा स्कूलों, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, सूक्ष्म लघु तथा मध्यम उद्योगों और औद्योगिक स्तर पर उपायों के माध्यम से किया जाएगा।
-
नई दिल्ली। सरकार ने 10 अप्रैल से निजी टीकाकरण केंद्रों पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों के लिए कोविड टीके की एहतियाती खुराक देने का निर्णय लिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ऐसे सभी लोग जिनकी उम्र 18 वर्ष से अधिक है और जिन्हें दूसरी खुराक लेने के बाद नौ महीने बीत चुके हैं वे एहतियाती खुराक के लिए पात्र होंगे। मंत्रालय के अनुसार देश में 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में से लगभग 96 प्रतिशत को अब तक कम से कम एक टीका लगाया जा चुका है और लगभग 83 प्रतिशत ने दोनों खुराक ले ली हैं। स्वास्थ्यकर्मी, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता और साठ वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को दो करोड़ 40 लाख से अधिक एहतियाती खुराक भी दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 45 प्रतिशत लोगों को भी वैक्सीन की पहली खुराक मिली चुकी है। सरकारी टीकाकरण केंद्रों से जारी पहली और दूसरी खुराक के नि:शुल्क टीकाकरण कार्यक्रम के साथ-साथ स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और 60 वर्ष की उम्र से अधिक के लोगों को एहतियाती खुराक देना जारी रहेगा।
-
नई दिल्ली । वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत स्वीकृत किए गए कुल ऋण में से 51 प्रतिशत से अधिक ऋण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को दिया गया है। मुद्रा योजना के आज सात वर्ष पूरे होने पर श्रीमती सीतारामन ने कहा कि सामाजिक न्याय की यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना सबका साथ, सबका विकास की सच्ची भावना के साथ चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने विशेष रूप से छोटे व्यवसायों के लिए एक अनुकूल माहौल बनाने और जमीनी स्तर पर बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद की है। श्री मोदी ने 8 अप्रैल, 2015 को गैर-कॉर्पोरेट, गैर-कृषि लघु या सूक्ष्म उद्यमों को 10 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान करने के लिए योजना शुरू की थी। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अब तक 18 लाख 60 हजार करोड़ रुपये के 34 करोड़ 42 लाख से अधिक ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। महिला उद्यमियों को स्वीकृत लगभग 68 प्रतिशत ऋण और नए उद्यमियों को 22 प्रतिशत ऋण दिए गए हैं जिन्होंने योजना की शुरुआत के बाद से कोई ऋण नहीं लिया था।
वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना शुरू करने के पीछे प्रेरणा शक्ति सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को बिना किसी परेशानी और बाधा के संस्थागत ऋण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि योजना नीति आयोग द्वारा चिन्हित महत्वाकांक्षी जिलों के लाभार्थियों की बढ़ती संख्या को ऋण देने में सक्षम रही है।।



























.jpg)