- Home
- देश
- नयी दिल्ली। सरकार ने गुरुवार को राज्य और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों (पीएसयू) को ऐसी कोयला खदानें वापस करने के लिए एकमुश्त खिड़की देने की मंजूरी दी, जो तकनीकी कारणों से चालू नहीं हो सकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने यह फैसला किया। खबरों के अनुसार ऐसे बिना परिचालन वाले कोयला ब्लॉक वापस करने वाले राज्य और केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। कुछ कोयला ब्लॉक, जो 2015 और 2019 के बीच राज्य और केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों को आवंटित किए गए थे, उनका संचालन शुरू नहीं हो सका था, और पीएसयू उन्हें जुर्माने के प्रावधान के कारण सरकार को वापस करने में असमर्थ थे। इसलिए उन्हें एकमुश्त खिड़की के जरिए वापस करने के लिए समय दिया गया है और उनसे कोई जुर्माना नहीं लिया जाएगा।'' ऐसी कुल 45 कोयला खदानों में से 13-15 ब्लॉकों को वापस किए जाने का अनुमान है, जिन्हें नीलामी के अगले दौर में बिक्री के लिए रखा जाएगा।
- दरभंगा। बिहार में दरभंगा जिला के बिरौल थानाक्षेत्र के सुपौल बाजार मुख्य मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा से गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने करीब 50 लाख रुपये लूट लिए। दरंभगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने वारदात की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पहुंचकर पीएनबी की उक्त शाखा का निरीक्षण किया । बिरौल थानाध्यक्ष बह्मदेव सिंह ने बताया कि बैंक शाखा के सीसीटीवी फुटेज को खंगाले जाने के साथ ही सीमावर्ती जिलों की सीमा को सील कर तलाशी और छापेमारी जारी है । पीएनबी की उक्त शाखा के प्रबंधक शैलेश कुमार झा ने वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधी पांच थे । झा के अनुसार दोपहर बाद करीब चार बजे हाथ में पिस्तौल लहराते हुए उक्त बैंक शाखा में दाखिल हुए इन अपराधियों ने एक बैंक कर्मी के साथ मारपीट की एवं लूट-पाट शुरू कर दिया । उनके अनुसार अपराधियों ने वहां मौजूद अन्य ग्राहकों को दहशतजदः करने के लिए दो रांउड हवाई फायरिंग भी की ।अपराधियों ने बैंक में रुपये जमा करने आये अन्य ग्राहकों से भी उनके मौजूद राशि लूट ली और मोटरसाईकिल पर सवार होकर फरार हो गये।
- भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार महाविद्यालयों में भगवद् गीता पढ़ाने की योजना बना रही है। चौहान ने कहा कि "योग और ध्यान में तनाव का सामना करने की सामर्थ्य विकसित करने की क्षमता विद्यमान है। हम भगवद् गीता पढ़ाने की योजना बना रहे हैं। ‘श्रीमद् भगवद गीता का सामाजिक संदर्भ' (स्नातक पाठ्यक्रम में) द्वितीय वर्ष में पढ़ाया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि ‘‘गीता अद्भुत ग्रंथ है। मैंने बचपन से गीता पढ़ी है। गीता कहती है कि कर्म करो, परिणाम की चिंता मत करो। इसको निष्काम कर्मयोग कहते है।'' चौहान ने कहा, ‘‘यह कर्म करने और फल की चिंता नहीं करने का संदेश देती है। इस ज्ञान को आत्मसात कर निरंतर प्रयास करने से जीवन में सकारात्मकता बनी रहती है।" मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में विद्यार्थियों के साथ युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
- नयी दिल्ली। व्यापारियों के संगठन कैट ने सरकार से देश में दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। उस मांग इस समय की गई है जब ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने छह अप्रैल को ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री की घोषणा की है। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने जारी एक बयान में कहा कि उसने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को इस संबंध में पत्र भी लिखा है। कैट ने पत्र में ई-फार्मेसी कंपनियों पर देश में दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने की तत्काल मांग की है। संगठन ने कहा है कि उसने यह मांग इसलिए की है ताकि औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम और नियमों (डीसी अधिनियम और नियम) के प्रावधानों का पूरी तरह से पालन किया जा सके। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया और महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि डीसी अधिनियम और नियम देश में दवाओं के आयात, निर्माण, बिक्री और वितरण को नियंत्रित करते हैं। साथ ही सार्वजनिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए सख्त प्रावधान हैं। उन्होंने सरकार से भारतीय कानून के तहत मध्यस्थ प्रावधानों का फायदा उठाने से रोकने के लिए ई-फार्मेसी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने का भी आग्रह किया है।
- पटना। बिहार की विभिन्न जेलों में छापेमारी के एक दिन बाद 125 बंदियों को अन्य जेलों में स्थानांतरित करने और छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री मिलने के मामले में 14 कारा कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। बिहार कारा महानिरीक्षक कार्यालय से गुरुवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक छह अप्रैल को विभिन्न जिलों के जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त निरीक्षण एवं छापेमारी के बाद उनके द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पटना के बेऊर स्थित आदर्श केन्द्रीय कारा के 12, गया केन्द्रीय कारा के 32, बक्सर केन्द्रीय कारा के 25, भागलपुर स्थित शहीद जुब्बा सहनी केन्द्रीय कारा के छह, भागलपुर स्थित विशेष केन्द्रीय कारा के एक, सीतामढ़ी मंडल कारा के 20, आरा मंडल कारा के 15, छपरा मंडल कारा के छह, हाजीपुर मंडल कारा के पांच एवं सासाराम मंडल कारा के तीन यानी कुल 125 बंदियों के प्रशासनिक आधार पर अन्य कारागारों में स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त उक्त छापेमारी में काराओं में प्रतिबंधित सामग्रियों की बरामदगी के मामले में 14 कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देश पर गृह विभाग (कारा) ने सभी जिला पदाधिकारी एवं सभी वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक को अपने-अपने क्षेत्राधीन कारागारों का संयुक्त रूप से जांच करने का निर्देश पांच अप्रैल को दिया था ताकि जेलों में अवैध गतिविधियों को नियंत्रित किया जा सके। उक्ता निर्देश पर छह अप्रैल को राज्य के विभिन्न जेलों में छापेमारी की कार्रवाई की गई थी और इस दौरान मोबाइल फोन, डाटा केबल आदि प्रतिबंधित सामग्री कैदियों के पास से मिली थी। (file photo)
- मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने युद्धग्रस्त यूक्रेन से पढ़ाई बीच में ही रोककर स्वदेश लौटे मेडिकल छात्रों के लिए राज्य के स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किया गया तीन महीने का ऑनलाइन पाठ्यक्रम गुरुवार को शुरू किया। नासिक मुख्यालय वाले महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (एमयूएचएस) ने एक निजी संस्था एल्सेवियर के साथ मिलकर डिजिटल सामग्री तैयार की है। राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख और एमयूएचएस की कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल माधुरी कानितकर (सेवानिवृत्त) ने अध्ययन मॉड्यूल की शुरुआत की, जो मुफ्त है। कानितकर ने कहा, ‘‘एमयूएचएस द्वारा एल्सेवियर की मदद से डिजिटल सामग्री विकसित की गई है। यह यूक्रेन से लौटे छात्रों के लिए एक स्वैच्छिक पाठ्यक्रम है। यह उन छात्रों के लिए एक अस्थायी व्यवस्था है, जिनकी वर्तमान में शिक्षा तक पहुंच नहीं है।'' उन्होंने कहा कि एमयूएचएस ने ऑनलाइन लर्निंग मॉड्यूल के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन भी विकसित किया है, जिसे छात्र अपने फोन पर डाउनलोड कर सकते हैं और पाठ्यक्रम सामग्री का उपयोग कर सकते हैं। कुलपति ने कहा, ‘‘ऑनलाइन पाठ्यक्रम लेने के इच्छुक छात्रों को एमयूएचएस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। इस पाठ्यक्रम के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।'' देशमुख ने कहा कि यह मॉड्यूल यूक्रेन से लौटे छात्रों के लिए उपयोगी साबित होगा और उन्हें इसका लाभ उठाना चाहिए।
- भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य के डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के तहत 'सेक्स सॉर्टेड वीर्य' तकनीक शुरू की है। राज्य के मत्स्य और पशु संसाधन विकास मंत्री अरुण कुमार साहू ने यहां एक आयोजित समारोह के शुभारंभ के मौके पर कहा कि प्रौद्योगिकी के कारण नर संतान कम पैदा होंगे जबकि उच्च आनुवंशिक योग्यता वाले मादा बछड़ों के उत्पादन की 90 प्रतिशत तक संभावना सुनिश्चित होगी। इसके कारण नर बछड़ों के प्रबंधन करने का किसानों का बोझ कम होगा। नर और मादा बछड़ों का जन्म सामान्य वीर्य का उपयोग करते समय 50:50 के अनुपात में होता है। पिछले कुछ वर्षों में नर बछड़ों की मांग कम रही है और किसान उन्हें भटकने के लिए छोड़ देते हैं, जिससे सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की संख्या में वृद्धि हुई है। मंत्री ने कहा, ‘‘सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक से राज्य में लगभग 90 प्रतिशत मादा बछड़ों के पैदा होने के माध्यम से दूध उत्पादन में वृद्धि होगी।'' उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास विभाग उच्च आनुवंशिक क्षमता वाले सांडों के वीर्य के उपयोग से दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशु नस्ल सुधार कार्यक्रमों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। साहू ने कहा कि पिछले दो दशकों में गोजातीय प्रजनन ने राज्य में किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य में दूध उत्पादन वर्ष 2000 में 8.75 लाख टन से बढ़कर वर्ष 2021 में 23.731 लाख टन से अधिक हो गया है। किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों के लिए विकास के इंजन के रूप में पहचाने जाने वाले डेयरी विकास के साथ, सरकार ने मिशन मोड में कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से नस्ल के आनुवंशिक सुधार को शुरू किया है। साहू ने कहा कि वर्तमान में लगभग 15 लाख गायों का सालाना नि: शुल्क गर्भाधान किया जा रहा है। इसके अलावा, पशुधन वाले किसानों के विकास के लिए कई उपाय किए गए हैं और राज्य के 2,63,000 से अधिक डेयरी किसान अब 3700 दुग्ध उत्पादकों की सहकारी समितियों के माध्यम से ओएमएफईडी (ओडिशा दुग्ध महासंघ) को अपना दूध बेचने में सक्षम हैं। डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषि उद्योग योजना के तहत नई डेयरी इकाइयों और दूध प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना के लिए किसानों और उद्यमियों को 50 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
- नयी दिल्ली । दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कथित तौर पर एटीएम मशीन चोरी करने के आरोप में मेवात के एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान इमरान (35), सलमान (26) और शकील (32) के रूप में हुई है, सभी हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार 31 मार्च की रात बदरपुर में एक राष्ट्रीयकृत बैंक की एक एटीएम मशीन को चोरी कर लिया गया, जिसमें 34 लाख रुपये थे। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में घटना के समय एक कार इलाके से गुजरती हुई दिखाई दे रही थी, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एटीएम मशीन चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य बुधवार की रात करीब आठ बजे लाडो सराय इलाके में आएंगे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वहां एक पुलिस दल तैनात किया गया था और आरोपी इमरान और आरोपी सलमान को उसी इलाके में एक कार में बैठे देखा गया। उन्होंने कहा कि जब दोनों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया तो आरोपी इमरान ने पुलिस पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से ही दबोच लिया। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के उपायुक्त जसमीत सिंह ने कहा कि आरोपी इमरान के कहने पर आरोपी शकील को भी गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी इमरान के मेवात स्थित एक गिरोह के सदस्य थे। पुलिस ने बताया कि इमरान ने राहुल चौरा, शकील, सलमान और तैयब समेत गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ बदरपुर इलाके से एटीएम मशीन उठाने की बात कबूल की है। इसके बाद उन्होंने एटीएम मशीन से 34 लाख रुपये निकालने के बाद मशीन को मेवात के एक कुंए में फेंक दिया। (file photo)
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस' के अवसर पर कहा कि सरकार नागरिकों को अच्छी गुणवत्ता वाली किफायती स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने हर साल सात अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाए जाने की घोषणा की थी। इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस पर डब्ल्यूएचओ ‘मानव और ग्रह' को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक कार्यों पर वैश्विक ध्यान केंद्रित कर रहा है और कुशलक्षेम पर केंद्रित समाज बनाने के लिए एक पहल को बढ़ावा दे रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ विश्व स्वास्थ्य दिवस की शुभकामनाएं। सभी का स्वास्थ्य उत्तम रहे। आज का दिन स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का दिन है। यह उनकी कड़ी मेहनत है, जिसने हमारे ग्रह को सुरक्षित रखा है।'' उन्होंने कहा कि भारत सरकार, भारत के स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार करने के लिए अथक प्रयास कर रही है।मोदी ने कहा कि देश के नागरिकों को अच्छी गुणवत्ता वाली और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, यह बात हर भारतीय को गौरवान्वित करती है कि हमारे देश में दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत' चलाई जाती है।''उन्होंने कहा कि जब भी वह ‘पीएम जन औषधि' जैसी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत करते हैं, तो उन्हें बहुत खुशी होती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे किफायती स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान केंद्रित करने से वंचित तथा मध्यम वर्ग की काफी बचत होती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साथ ही, सरकार समग्र स्वास्थ्य को और बढ़ावा देने के लिए ‘आयुष नेटवर्क' को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले आठ वर्षों में, चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन आए हैं। कई नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए। चिकित्सा की पढ़ाई को स्थानीय भाषाओं में संभव बनाने के हमारी सरकार के प्रयास अनगिनत युवाओं की आकांक्षाओं को पंख देंगे।
- मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के पांचली गांव में बृहस्पतिवार तड़के कथित रूप से चरागाह की जमीन को लेकर हुए विवाद में हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी तथा एक अन्य को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) केशव कुमार ने बताया कि सरुरपुर थाना क्षेत्र के पांचली गांव में आज तड़के गांव की एक गौशाला में सो रहे दो लोंगो पर कुछ लोगों ने अचानक गोलियां चला दीं। इस घटना में नेत्रपाल (40) नामक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि हारुन नाम का ग्रामीण घायल हो गया। उसे नजदीक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में नेत्रपाल के परिजनों ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है जिनमें से पांच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेष फरार एक आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना के पीछे गांव की चरागाह की जमीन का विवाद सामने आया है।-file photo
- बलिया. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना क्षेत्र में एक प्रापर्टी डीलर की हत्या कर दी गयी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को बताया कि फेफना थाना क्षेत्र के अगरसंडा गांव में बुधवार रात उमेश यादव (35) नामक प्रॉपर्टी डीलर की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गयी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई दिनेश की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
- सिडनी . वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार समझौते से दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में वृद्धि होगी, जिससे छात्रों के लिए बड़े अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के साथ मौजूदा और भविष्य के संबंधों में शिक्षा एक महत्वपूर्ण घटक है।उन्होंने यहां न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत में कहा, ‘‘इसलिए व्यापार और अर्थव्यवस्था का विस्तार होने के साथ ही छात्रों के लिए अवसरों का भी स्वाभाविक रूप से विस्तार होता है और यही हमारा लक्ष्य है।'' उन्होंने शिक्षा में भारत-ऑस्ट्रेलिया की साझेदारी को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया और विश्वविद्यालय को भारत में अपने पदचिह्नों का विस्तार करने के लिए आमंत्रित किया। ऑस्ट्रेलिया में भारत के एक लाख से अधिक छात्र हैं।इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई व्यापार मंत्री डैन तेहान ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों को भी यहां काम करने का अवसर देने की मांग पर वह विचार कर रहे हैं।
- बलिया. बलिया जिले के सुखपुरा क्षेत्र में गैस रिसाव से लगी आग बुझाने के दौरान गैस सिलिंडर फट जाने से दो लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रुप से झुलस गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती पेट्रोल पम्प के पास बुधवार को खाना बनाते वक्त रसोई गैस सिलिंडर से रिसाव शुरू होने के बाद आग लग गयी। आग बुझाने के दौरान गैस सिलिंडर फट गया। इसकी चपेट में आकर प्रकाश यादव (40), नीरज यादव (20) तथा भीम चौहान (40) गंभीर रुप से झुलस गये। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान प्रकाश और नीरज की मृत्यु हो गयी। उन्होंने बताया कि भीम चौहान को नाजुक हालत के मद्देनजर वाराणसी में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूत्रों ने बताया कि तीनों युवक पेट्रोल पम्प पर काम करते थे। पम्प के बगल में ही वह किराए के कमरे में रहते थे। वह खाना बना रहे थे, तभी गैस रिसाव के चलते आग लग गयी।-file photo
- नई टिहरी. उत्तराखंड के टिहरी जिले के नैनबाग क्षेत्र में एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गए । धनोल्टी की उपजिलाधिकारी लक्ष्मी राज चौहान ने बताया कि बेलगांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे गोविंद सिंह (48) और राजेश (32) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मनोज राणा, बलवीर सिंह और कुंवर सिंह घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना बेल-परोगी मोटर मार्ग पर बुधवार रात नौ बजे हुई, वाहन सवार लोग विकासनगर से शादी का सामान लेकर अपने गांव बेल परोगी लौट रहे थे । उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे में किसी तरह ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। बलवीर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया है
- जयपुर. जयपुर के जालूपुरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक होटल की छत पर आग लग गई जिसपर अग्निशमन दल ने करीब 20 दमकलों वाहनों और हाईड्रॉलिक मशीन की मदद से काबू पाया। हालांकि, इस आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। जयपुर नगर निगम (हैरिटेज) के मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र मीणा ने बताया कि एमआईरोड स्थित चाणक्य होटल की छत पर तड़के 3.30 बजे भीषण आग लगने की सूचना मिली जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्निशमन विभाग ने करीब 20 दमकल वाहन और हाईड्रालिक मशीन भेजी और करीब चार घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि होटल की छत पर चल रहे रेस्टोरेंट के रसोई में गैस रिसाव के कारण संभवत: आग लगी। उन्होंने बताया कि होटल प्रशासन ने छत पर रेस्टोंरेंट चलाने के लिये कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली है। उन्होंने बताया कि लोगो की जान जोखिम में डालने के लिये होटल प्रशासन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जायेगी।
- भोपाल. मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बृहस्पतिवार को कहा कि चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में लगातार नवाचार किये जा रहे हैं और इन नवाचारों की श्रृंखला में एक कदम और बढ़ाते हुए "मेडिकल नॉलेज शेयरिंग मिशन'' की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि मिशन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सकीय उपचार की नवीनतम तकनीक, नवाचारों एवं शोध के विभिन्न आयामों को मध्यप्रदेश के चिकित्सकों एवं चिकित्सा छात्रों तक पहुंचाया जायेगा। सारंग ने यहां ‘मेडिकल नॉलेज शेयरिंग मिशन' कार्यालय का शुभारंभ कर बताया, ‘‘मिशन में विभिन्न आयामों पर कार्य किया जाएगा। देश-विदेश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों (शासकीय एवं निजी) के साथ शिक्षा, अनुसंधान और उपचार के लिए एमओयू (समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर)किये जाएंगे।'' उन्होंने कहा कि चिकित्सीय छात्रों एवं चिकित्सकों के लिए ‘‘ट्रेनिंग, कैपेसिटी बिल्डिंग, नॉलेज एक्सचेंज, एक्पोज़र विजिट प्रोग्राम'' आदि कार्यक्रम तैयार किये जायेंगे। नॉलेज एक्सचेंज इंटरेक्टिव डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा, जिससे चिकित्सीय छात्र एवं चिकित्सक अपने अनुभव, अनुसंधान कार्यों एवं अन्य नवाचारों को एक-दूसरे से डिजिटल रूप से साझा कर सकेंगे। सारंग ने बताया कि नवीनतम तकनीकों (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) एवं गूगल तथा माइक्रोसॉफ्ट आधारित आधुनिक सॉफ्टवेयर का उपयोग चिकित्सा शिक्षा और चिकित्सकीय व्यवस्था क्षेत्र में किये जाने पर कार्य किया जाएगा।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 75 धरोहर और प्रमुख स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इस बीच हजारों लोगों ने 21 जून को मनाए जाने वाले योग दिवस से पहले लाल किले पर योगाभ्यास किया।विश्व स्वास्थ्य दिवस के हिस्से के तौर पर आयोजित योग उत्सव कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सांसदों, विभिन्न देशों के राजदूतों और योग गुरुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि आयुष मंत्रालय ने भारत के 75 प्रमुख और विरासत स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही दुनिया भर में ‘सूर्य की गति के साथ रिले कार्यक्रम' आयोजित करने की भी योजना है। उन्होंने कहा, "यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वन सन, वन अर्थ' (एक सूर्य, एक धरती) अभियान से जुड़ा है।" कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभाध्यक्ष बिरला ने योग को दुनिया भर में फैलाने के लिए मोदी को धन्यवाद दिया और इसके महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा, " मैं सभी हितधारकों से, आने वाले दिनों में सार्वजनिक भागीदारी को अधिकतम बनाने के लिए मिशन मोड में संयुक्त प्रयास करने का अनुरोध करता हूं।" स्वीडन, हंगरी, वियतनाम, मेडागास्कर, त्रिनिदाद और टोबैगो, वेनेजुएला, टोगो, पेरू, किर्गिस्तान और जिम्बाब्वे सहित कई देशों के दूतावासों और उच्चायोगों के अधिकारियों ने योग उत्सव में भाग लिया। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक ईश्वर वी बासवरेड्डी के नेतृत्व में लगभग 3,000 लोगों ने योगाभ्यास किया। लोगों को दैनिक आधार पर योगाभ्यास में मदद करने के लिए सरकार एक 'योग पोर्टल' भी संचालित कर रही है।
- भोपाल. मध्यप्रदेश के सीहोर, शहडोल एवं दमोह जिलों में बृहस्पतिवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि सीहोर जिले में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि शहडोल एवं दमोह में दो-दो लोगों की मौत हुई है। सीहोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीतेश गर्ग ने बताया कि सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम चैनपुरा के पास एक मोड पर आज दोपहर वैन के पलट जाने से दो महिलाओं एवं एक लड़की की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कृष्णा बाई (46), धनु बाई (45) एवं स्नेहा सेंधव (12) के रूप में की गई है। वहीं, सोहागपुर पुलिस थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि शहडोल जिले के चांपा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सुबह लगभग नौ बजे दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो जाने से दोनों ट्रकों के चालकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान मनोज पटेल (46) एवं सोम प्रसाद पनिका (26) के रूप में की गई है।बटियागढ़ पुलिस थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि दमोह जिले के चैनपुरा गांव के समीप बृहस्पतिवार तड़के सड़क पर खड़े ट्रैक्टर-ट्राली से एक मोटरसाइकिल के टकरा जाने से उस पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह हादसा बुधवार-बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे बटियागढ़-नरसिंहगढ़ मार्ग पर हुआ। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान आशीष राठौर (35) और महेंद्र पटेल (35) के रूप में की गई है। मिश्रा ने बताया कि हादसे के वक्त ये छतरपुर की ओर से दमोह अपने घर लौट रहे थे।
- नयी दिल्ली। सरकार ने स्वचालित परिक्षण स्टेशनों (एटीएस) के जरिये वाहनों का फिटनेस परीक्षण अनिवार्य कर दिया है। इसे चरणबद्ध तरीके से अप्रैल 2023 से लागू किया जायेगा।सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि एक अप्रैल, 2023 से एटीएस के जरिये भारी माल वाहनों और भारी यात्री मोटर वाहनों के लिए फिटनेस परीक्षण अनिवार्य होगा।वही मध्यम आकार के माल ढुलाई वाहनों या मध्यम यात्री मोटर वाहनों और हल्के मोटर वाहनों (परिवहन) के लिए यह नियम एक जून, 2024 से प्रभावी कर दिया जाएगा।मंत्रालय के अनुसार स्वचालित परीक्षण स्टेशनों से वाहन की फिटनेस जांच की जाती है। इन स्टेशनों में कई प्रकार के जरुरी परीक्षणों के लिए स्वचालित तरीके से यांत्रिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1989 के प्रावधान 175 के अनुसार पंजीकृत स्वचालित परीक्षण स्टेशन के जरिये ही मोटर वाहनों की अनिवार्य फिटनेस जांच के संबंध में पांच अप्रैल 2022 को एक अधिसूचना जारी की गई है।’’
- नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जम्मू-कश्मीर (जेएंडके) बैंक द्वारा एक इमारत की खरीद से संबंधित मामले में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से गुरुवार को दिल्ली में पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।यह इमारत करीब 12 साल पहले खरीदी गई थी।उन्होंने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता आज सुबह संघीय जांच एजेंसी के मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ने इस संबंध में इस साल की शुरुआत में मामला दर्ज किया था।
-
मथुरा (उप्र) । मथुरा के एक जेल परिसर में एक विचाराधीन कैदी ने बुधवार को रेजर (ब्लेड) से खुद को गंभीर रूप से घायल कर आत्महत्या का प्रयास किया। जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार ने बताया, "विचाराधीन कैदी जितेंद्र उर्फ जीतू ने जेल के शौचालय में रेजर से खुद को घायल कर लिया, लेकिन जेल के कर्मचारियों ने जल्द ही उस पर काबू पा लिया।" कुमार के अनुसार उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत में सुधार है। अधीक्षक के मुताबिक डॉक्टरों की सलाह के अनुसार वह एक या दो दिन और अस्पताल में रहेगा। जेल प्रशासन का कहना है कि अमर कॉलोनी पीएस हाईवे निवासी जितेंद्र भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट का आरोपी है। जीतू ने अधिकारियों से कहा है कि उसने यह कदम उठाने की कोशिश की क्योंकि उसे जेल में बंद होने के बाद से जमानत नहीं मिली थी। कुमार ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जेल कर्मियों को और अधिक चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं ।
-
पटना। बिहार में बुधवार को जेलों की तलाशी के दौरान चर मोबाईल फोन सहित कई प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गयीं। बिहार महानिरीक्षक (कारा) कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार के निर्देशानुसार राज्य की काराओं में छह अप्रैल को जिला प्रशासन द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान में कारा के सभी कक्षों की सघन तलाशी के साथ ही पूरे कारा परिसर का निरीक्षण किया गया। महानिरीक्षक (कारा) कार्यालय के अनुसार तीन काराओं--आदर्श केन्द्रीय कारा, बेऊर, पटना में एक मोबाईल फोन, सीतामढी मंडल कारा में दो मोबाईल फोन, दो डाटा केबल, एक मोबाईल चार्जर, एक सिम, एक सिगरेट, 20 ग्राम गांजा, तीन चिलम, 100 ग्राम खैनी, 24 चुनौटी, एक पेचकश, 12 चाकू, पांच नेलकटर, चार लाईटर एवं एक पेन ड्राईव तथा छपरा मंडल कारा में एक मोबाईल फोन, एक पेन ड्राईव, एक मेमोरी कार्ड, एक कैंची, एक चाकू, 10 ग्राम खैनी, एक नेलकटर प्रतिबंधित सामग्रियों की बरामदगी हुई। कारा निरीक्षणालय द्वारा उक्त प्रतिबंधित सामग्रियों के कारा में पहुंचने के लिए दोषी काराकर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त अनुशासनिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रतिबंधित सामग्रियों के प्रयोग करने वाले दोषी बंदियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर नियमों के आलोक में कार्रवाई की जा रही है।
-
नयी दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) 17 जुलाई को आयोजित होगी और इसकी पंजीकरण प्रक्रिया बुधवार को शुरू हो गयी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बुधवार को यह जानकारी दी। नीट परीक्षा देशभर में स्थित केंद्रों में 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी।
एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''ऑनलाइन आवेदन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह मई है। अभ्यर्थियों को सूचना बुलेटिन और एनटीए वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। इनका अनुपालन सुनिश्चित नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को अयोग्य करार दिया जाएगा।'' अधिकारी ने कहा कि अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे ऑनलाइन आवेदन में अपना या अभिभावक का ही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी उपलब्ध कराएं, क्योंकि एनटीए द्वारा केवल इन्हीं फोन नंबर और ई-मेल आईडी पर संबंधित सूचनाएं साझा की जाएंगी। -
नयी दिल्ली। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा 'जेईई-मेन' का पहला सत्र जून, जबकि दूसरा सत्र जुलाई तक के लिए टाल दिया गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बुधवार को यह जानकारी दी। पहला सत्र 21, 24, 25 और 29 अप्रैल तथा एक और चार मई, 2022 को आयोजित होने वाला था। अब यह 20 से 29 जून तक आयोजित किया जाएगा। इसी तरह, दूसरा सत्र जो 24 से 29 मई तक होना था, अब 21 से 30 जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा।
एजेंसी ने कहा, ''एनटीए ने उम्मीदवारों से प्राप्त कई अभ्यावेदन के आधार पर संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-मेन के पहले और दूसरे सत्र की तारीखों को फिर से निर्धारित करने का फैसला किया है।'' यह दूसरी बार है जब इस महत्वपूर्ण परीक्षा के पहले सत्र के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पिछले महीने भी एनटीए ने इसे पुनर्निर्धारित किया था, क्योंकि इसकी तिथियां कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के साथ टकरा रही थीं। -
पीलीभीत (उप्र) । उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और हजारा पुलिस के संयुक्त अभियान में तीन नेपाली नागरिकों को 7000 हजार रूपये मूल्य के जाली भारतीय नोटों के साथ पकड़ा गया है। पुलिस अधीक्षक दिनेश प्रभु ने बताया मंगलवार की रात थाना हजारा क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर एसएसबी और हजारा पुलिस ने संयुक्त अभियान के तहत टिल्ला नंबर चार में छापा मारा और इस दौरान तीन नेपाली नागरिकों को 500-500 के 7000 हजार रूपये जाली नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। प्रभु के अनुसार तीनों को ही पकड़ कर हजारा थाने लाया गया है और सुबह से ही उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया है एवं पकड़े गए तीनों नेपालियों से पूछताछ की जा रही है।




.jpg)
.jpg)

.jpg)











.jpg)







.jpg)