- Home
- देश
-
आगरा (उप्र)। आगरा के सदर थानाक्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा और उनके पास से 20 किलो गांजा बरामद किया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (नगर) विकास कुमार ने बताया कि रात को गश्त के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा और उनकी तलाशी ली तो इनके पास से 20 किलो गांजा बरामद हुआ। कुमार ने बताया कि पकड़े गये दोनों आरोपियों में एक का नाम फिरोज अहमद (बरेली) तथा दूसरा इरशाद (बदायूं) है। उनके अनुसार पुलिस इनसे और पूछताछ कर रही है। -
पीलीभीत (उप्र)। पीलीभीत के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक बंद घर से आईपीएल मैच में सट्टा लगाने वाले छह लोगों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पीलीभीत के अपर पुलिस अधीक्षक पीके त्रिपाठी ने पत्रकारों को बताया कि कोतवाली सदर पुलिस ने मंगलवार को नगर के एक बंद पड़े मकान में आईपीएल पर सट्टा लगाने वाले छह सटोरियों को धर दबोचा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले में रहने वाले रोहित के मकान से पकड़े गए सटोरियों से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन और 6850 रुपये भी बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों रोहित कुमार, केदारनाथ, हरिराम कश्यप, सुदेश कुमार, सलीम और बाबूराम पीलीभीत कोतवाली के निवासी हैं, जिनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। -
आगरा,(उप्र)। आगरा में मंगलवार सुबह फतेहपुरसीकरी थानाक्षेत्र के शाहकुली तिराहे पर ट्रक द्वारा एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गयी तथा उसके पति एवं एक महीने के पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गये। फतेहपुरसीकरी थाने के इंसपेक्टर भीम सिंह ने बताया कि युवक की हालत गंभीर है जबकि बच्चे की हालत में सुधार है जो थोड़ी दूर जाकर छिटककर गिर गया था । सिंह के अनुसार पुलिस ने मौके से भाग निकले ट्रक चालक और क्लीनर को पकड़ लिया है और ट्रक को कब्जे में ले लिया है तथा मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार सामरा ग्राम के नगला मौर्या के सचिन अपनी पत्नी नीतू 24 वर्ष एवं पुत्र डब्बू (एक माह) के साथ मोटरसाइकिल से मलिकपुर जा रहे थे। सीकरी में शाहकुली तिराहे की चढ़ाई पर आगरा गेट की दिशा से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में नीतू की मौके पर मौत हो गयी। सचिन एवं उसके एक माह का शिशु डब्बू गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना के बाद राहगीरों द्वारा आनन-फानन में घायल दंपत्ति बच्चे को ठेले में डालकर निकट ही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने नीतू का मृत घोषित कर दिया एवं घायल पिता-पुत्र का प्राथमिक उपचार कर एंबुलेंस से आगरा सरोजनी नायडॅू हॉस्पिटल भेजा गया। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए कई हरित पहलों की शुरूआत करते हुए मंगलवार को कहा कि भारत सालाना 35 लाख टन प्लास्टिक कचरा पैदा कर रहा है। यादव ने बेहतर पर्यावरण की खातिर जीवन शैली में स्थायी रूप से किए जा सकने वाले छोटे बदलावों को लेकर जनता के बीच जागरूकता फैलाने के लिए ‘प्रकृति' नामक शुभंकर का लोकार्पण करते हुए सभी से प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने और बेहतर भविष्य की दिशा में काम करने के प्रयासों में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, प्लास्टिक ऐसे पर्यावरणीय मुद्दों में से एक बन गया है, जिस पर तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है। भारत सालाना लगभग 35 लाख टन प्लास्टिक कचरा पैदा कर रहा है और प्रति व्यक्ति प्लास्टिक अपशिष्ट उत्पादन पिछले पांच वर्षों में लगभग दोगुना हो गया है।'' यादव ने कहा, प्लास्टिक प्रदूषण हमारे पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और यह वायु प्रदूषण से भी जुड़ा है। मंत्री ने एकल उपयोग प्लास्टिक और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के उन्मूलन पर राष्ट्रीय डैशबोर्ड जैसी कई पहल भी शुरू की, ताकि केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित सभी हितधारकों को एक स्थान पर लाया जा सके और एकल-उपयोग प्लास्टिक (एसयूपी) के उन्मूलन और ऐसे कचरे के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में हुई प्रगति पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा प्लास्टिक पैकेजिंग के लिए ‘विस्तारित निर्माता उत्तरदायित्व (ईपीआर) पोर्टल' की शुरुआत की गई ताकि ईपीआर दायित्वों के अनुपालन को लेकर उत्पादकों, आयातकों और ब्रांड-मालिकों की जवाबदेही और पारदर्शिता में सुधार किया जा सके। एकल उपयोग प्लास्टिक शिकायत निवारण के लिए एक मोबाइल ऐप का भी लोकार्पण किया गया, ताकि नागरिकों को उनके क्षेत्र में एसयूपी की बिक्री/उपयोग/विनिर्माण पर लगाम लगाने और प्लास्टिक के खतरे से निपटने के लिए सशक्त बनाया जा सके। देश में प्रभावी प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए पर्यावरण मंत्रालय और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की विभिन्न हरित पहलों को इस कार्यक्रम के दौरान शुरू किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
-
मुंबई। महाराष्ट्र के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने 2,215 करोड़ रुपये के जाली बिल निकालने के मामले में एक 42 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जाली बिलों को लेकर नौ कंपनियों की जांच के तहत आरोपी नंदकिशोर शर्मा को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी शर्मा 26 फर्जी कंपनियां चला रहा था। इनमें से नौ कंपनियों की जांच हो रही है। इन कंपनियों के जरिये 2,215 करोड़ रुपये के जाली बिल निकाले गए। विभाग ने करीब 126 करोड़ रुपये की कर चोरी का पता लगाया है।'' आरोपी शर्मा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
-
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस लाइन में ठहरी एक महिला का चोरी-छुपे वीडियो बनाने और अश्लील ताक-झांक करने के आरोप में एक हेड कांस्टेबल को निलंबित करने के साथ ही गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। महिला और उसका पति अदालत में शादी करने के बाद अपने परिवारों से धमकी मिलने के कारण पुलिस लाइन के 'सेफ हाउस' में रह रहे थे। मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले की निवासी 23 वर्षीय महिला द्वारा तीन अप्रैल को दी गई शिकायत के मुताबिक, उसने और उसके पति ने शादी के बाद मिल रही धमकियों के चलते गुरुग्राम पुलिस की मदद मांगी थी और वे चार मार्च से पुलिस लाइन में रह रहे थे। प्राथमिकी में महिला ने कहा, '' मैं स्नानघर का दरवाजा बंद करके नहा रही थी और जब ध्यान दिया तो देखा कि आरोपी सुरेंद्र छुपकर देख रहा है और मेरा वीडियो बना रहा है। मैंने शोर मचाया, जिसके बाद वह भाग निकला।'' गुरुग्राम की पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल को तत्काल गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। -
नोएडा (उप्र)। नोएडा के सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में ‘आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत खेल एवं युवा मंत्रालय के विशेष ओलंपिक की ओर से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए ‘नेशनल हेल्थ फेस्ट फॉर दिव्यांगजन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की। स्वास्थ्य शिविर में करीब 300 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों की आंख, कान, पैर, स्वास्थ्य एवं पोषण की जांच की गई। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने खिलाड़ियों के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। तोक्यो पैरा ओलंपिक में देश के दिव्यांग खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये एथलीट भी विशेष ओलंपिक में हिस्सा लेकर स्वर्ण पदक जीतेंगे और देश का नाम पूरे विश्व में रोशन करेगें।
-
कोलकाता। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मंगलवार को बताया कि उसने भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले एक बांग्लादेशी नागरिक को बिना कोई कार्रवाई किए पड़ोसी देश के सीमा रक्षक बल को सौंप दिया है। बीएसएफ ने एक बयान में कहा कि पूछताछ के दौरान पता चला कि 20 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक ने सोमवार को मालदा जिले के पेट्रोलगढ़ के पास अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर ली थी। बयान में कहा गया, ‘‘इसलिए, उस व्यक्ति को दोनों देशों के सीमा रक्षक बलों के आपसी सहयोग और सद्भावना के कारण मानवीय आधार पर बीजीबी (बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश) को सौंप दिया गया।'' पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और न ही उसने पहले कभी अवैध रूप से सीमा को पार किया था।
-
बेंगलुरु. कर्नाटक सरकार ने मंगलवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों को देय महंगाई भत्ते (डीए) की दरों को इस साल 1 जनवरी से मौजूदा 24.50 प्रतिशत से बढ़ाकर 27.25 प्रतिशत करने का आदेश जारी किया। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने ट्वीट किया, ''राज्य सरकार के कर्मचारियों के डीए को एक जनवरी से 2.75 फीसदी (मूल वेतन का) बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसके लिए सरकार 1,447 करोड़ रुपये सालाना का खर्च वहन करेगी। -
बदायूं (उप्र) . बदायूं जिले के परमानन्दपुर गांव में मंगलवार को दो बदमाशों ने व्यवसायी से पांच लाख रुपये लूट लिये। पुलिस ने बताया कि घटना उस समय हुई जब कारोबारी धर्मेंद्र गुप्ता अपनी दुकान खोलने जा रहे थे,तभी मोटरसायकिल सवार दो नकाबपोशों ने उनसे पांच लाख रुपये लूट लिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कहा कि जिलों के सीमावर्ती इलाकों में चेतावनी जारी कर दी गयी है और बदमाशों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। -
नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर में 13 वर्षीय एक लड़की ने अपने घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतका ने आत्महत्या करने से पहले मौत पर कविताएं और उक्तियां लिखी थीं। मृतका आठवीं कक्षा में पढ़ती थी और अजनी क्षेत्र के चंद्रमणि नगर इलाके की निवासी थी। सोमवार को दोपहर करीब एक बजे जब लड़की की मां बाथरूम में और भाई दूसरे कमरे में था, तब उसने कथित तौर पर फांसी लगा दी। अजनी पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा, ‘‘ लड़की अकेले कमरे में पढ़ रही थी, लेकिन जब उसकी मां कमरे में गई तो उसने अपनी बेटी का शव लकड़ी के एक पटरे से रस्सी से लटकता हुआ देखा।'' पुलिस को लड़की के कमरे से एक नोटबुक मिली है, जिस पर वह पिछले दो महीने से मराठी और अंग्रेजी में मौत पर कविताएं तथा उक्तियां लिख रही थी। उसने यह भी लिखा था, ‘‘ कोरोना वायरस फैलना चाहिए, ताकि मैं मर जाऊं।'' लड़की के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ाई में अच्छी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपनी मां के साथ अंतिम बातचीत में लड़की का व्यवहार एकदम सामान्य था। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।.
- -
नोएडा (उप्र). गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर कस्बे में कथित तौर पर गलत इलाज से एक महिला की मौत मामले में पुलिस ने चिकित्सक और उसके कंपाउंडर को मंगलवार को गिरफ्तार किया । पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जेवर कस्बे में रहने वाली रेखा (29) को 31 मार्च को उनके परिजनों ने उपचार के लिए कस्बे के ही एक क्लीनिक में भर्ती कराया था। उन्होंने बताया कि परिजन का आरोप है कि चिकित्सक तथा उसके कंपाउंडर ने महिला को गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिसकी वजह से उसकी तबीयत और खराब हो गई, इसके बाद उसे उपचार के लिए एक अन्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतका के भाई ने चिकित्सक सहित कई लोगों को नामित करते हुए मामला दर्ज कराया था। इस घटना से आक्रोशित महिला के परिजन ने कस्बे में जाम लगाया तथा चिकित्सक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा जा रहा है कि चिकित्सक के पास उचित मेडिकल दस्तावेज नहीं हैं और वह उनके बगैर ही लोगों का उपचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सक के क्लीनिक को सील कर दिया है और विभाग भी इस मामले की जांच कर रहा है। थाना जेवर पुलिस ने चिकित्सक तथा उसके कंपाउंडर को गिरफ्तार किया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
= -
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो नवनिर्वाचित सदस्यों ने मंगलवार को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली। सुबह उच्च सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही हिमाचल प्रदेश से भाजपा के डॉक्टर सिकंदर कुमार और त्रिपुरा से भाजपा के ही माणिक साहा को शपथ दिलाई गई। सिकंदर कुमार ने हिंदी में जबकि साहा ने बांग्ला में शपथ ली। कुमार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के पूर्व कुलपति हैं। वह राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं। हिमाचल प्रदेश से वह तीसरे राज्यसभा सांसद हैं। साहा त्रिपुरा भाजपा के अध्यक्ष हैं। राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट पर हुए चुनाव में पिछले दिनों उन्होंने जीत हासिल की थी। -
सिवनी . मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में हिर्री नदी में तीन किशोरों की कथित तौर पर डूबने से मौत हो गई। बरघाट पुलिस थाने के प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने मंगलवार को बताया है कि यह घटना सिवनी जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बरघाट थाना अंतर्गत जेवनारा गांव के पास सोमवार शाम को हुई। शर्मा ने बताया कि ये तीनों एक अन्य दोस्त के साथ पिकनिक मनाने जेवनारा के पास हिर्री नदी गए थे और शाम करीब चार बजे वह दोस्त कुछ खाने पीने का सामान लेने चला गया और ये तीनों नदी में नहाने लगे। उन्होंने बताया कि जब वह दोस्त लौटकर आया तो उसे तीनों नजर नहीं आए और तीनों के कपड़े नदी किनारे मिले, उसने इसकी जानकारी ग्रामीणों व उनके परिजन को मोबाइल पर दी। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर बरघाट पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से किशोरों की तलाश शुरू की गयी। इसके अलावा, सिवनी से होमगार्ड के प्रशिक्षित तैराक भी मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे के बाद घटनास्थल से करीब 50 फुट दूर तीनों के शव मिले। शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
- -
नयी दिल्ली. सॉफ्टबैंक समर्थित ई-कॉमर्स फर्म मीशो ने मंगलवार को कहा कि कंपनी भारत में एक अरब उपयोगकर्ताओं को एकल खरीदारी मंच पर लाने के लिए अपने किराना कारोबार को मुख्य ऐप से जोड़ेगी। कंपनी को उम्मीद है कि मई के पहले सप्ताह तक किराना व्यवसाय का एकीकरण पूरा हो जाएगा और इसे फार्मिसो से मीशो सुपरस्टोर के रूप में रीब्रांड कर दिया जाएगा। मीशो के संस्थापक और सीईओ विदित आत्रे ने कहा, ‘‘टियर-2 क्षेत्रों से अधिक उपयोगकर्ताओं के ऑनलाइन खरीदारी के लिए सहज होने के साथ ऑनलाइन किराना की मांग बढ़ती जा रही है। हम अपने मुख्य ऐप के साथ मीशो सुपरस्टोर को एकीकृत करने के लिए रोमांचित हैं। कर्नाटक में एक पायलट के रूप में हुई शुरुआत को लेकर अब छह राज्यों में सकारात्मक रुझान मिल रहे हैं।'' मीशो सुपरस्टोर इस समय ताजे फल, ताजी सब्जियां, किराने का सामान, घरेलू देखभाल और प्रसंस्करित खाद्य पदार्थ जैसी श्रेणियों में 500 से अधिक उत्पादों की पेशकश करता है। इस एकीकरण के साथ कंपनी के 10 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं को एक ही मंच पर 36 से अधिक श्रेणियों में 8.7 करोड़ से अधिक उत्पाद मिल सकेंगे। आत्रे ने कहा कि यह एकीकरण लाखों मीशो उपयोगकर्ताओं को एक एकीकृत खरीदारी अनुभव देगा और कंपनी को तालमेल बैठाने में सुविधा होगी।
-
अयोध्या . लखनऊ-गोरखपुर राजमार्ग पर एक डबल डेकर बस के पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई,जबकि 30 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह करीब सात बजे हुई। यह बस दिल्ली से बस्ती-सिद्धार्थनगर आ रही थी और कैंट थाना क्षेत्र के मुमताज नगर इलाके के पास लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गई । छावनी थाने के प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि इस दुर्घटना में रमेश (35) और दो अन्य लोगों की मौत हुई है,उनकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए फैजाबाद जिला अस्पताल लाया गया, जहां फिलहाल 12 लोग भर्ती हैं, बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए । मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों को उचित इलाज मुहैया कराने के भी निर्देश दिए। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय मूल की अमेरिकी गायिका फाल्गुनी शाह को ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर बधाई दी। न्यूयॉर्क में रहने वाली फाल्गुनी को रविवार देर रात आयोजित समारोह में ‘ए कलरफुल वर्ल्ड' के लिए सर्वश्रेष्ठ बाल एल्बम श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ ग्रैमी में सर्वश्रेष्ठ बाल संगीत एल्बम का पुरस्कार जीतने पर फाल्गुनी शाह को बधाई। उनके भविष्य के कार्यों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'' फाल्गुनी ने जयपुर संगीत परंपरा में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने कौमुदी मुंशी से ठुमरी की बनारस शैली और उदय मजूमदार से अर्ध-शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। फाल्गुनी साल 2000 में अमेरिका जा बसी थीं और वहीं पर उन्होंने संगीत क्षेत्र में काम करना शुरू किया। अभी तक उन्होंने यो-यो मा, वायक्लि जीन, फिलिप ग्लास, रिकी मार्टिन, ब्लूज़ ट्रैवलर और एआर रहमान जैसे दिग्गजों के साथ काम किया है। - नई दिल्ली। केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट- सी.यू.ई.टी. की पंजीकरण प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। यह प्रवेश परीक्षा जुलाई के पहले सप्ताह में आयोजित की जाएगी। साढ़े तीन घंटे की ऑनलाइन परीक्षा दो पारियों में संचालित होगी। अभ्यर्थी इस वर्ष की सी.यू.ई.टी. परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यू.डब्ल्यू.डब्ल्यू सीयूईटी डॉट समर्थ डॉट एसी डॉट आईएन (cuet.samarth.ac.in) कर सकते हैं। और अन्य सभी विवरण राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट एनटीए डॉट एनआईसी डॉट आईएन (nta.nic.in) पर देख सकते हैं। सभी 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए सी.यू.ई.टी. अनिवार्य है।विश्वविद्यालय अनुदान आयोग- यू.जी.सी. के अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार ने कहा है कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट-सी.यू.ई.टी. को इस तरह से तैयार किया गया है कि किसी भी विद्यार्थी को नुकसान नहीं हो। उन्होंने कहा कि सी.यू.ई.टी को इस तरह से बनाया गया है कि युवाओं में तनाव कम किया जा सके।श्री जगदीश कुमार ने कहा कि वर्तमान प्रणाली में कई विश्वविद्यालय प्रवेश के लिए 12वीं के बोर्ड अंकों पर विचार करते हैं और इन अंकों का प्रतिशत 99 से 100 प्रतिशत तक पहुंच जाता है जिससे विद्यार्थियों का तनाव बढ़ता है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के अंक एक राज्य से दूसरे राज्य के बीच अलग-अलग होते हैं।श्री जगदीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 बहु-विषयक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाती हैं और सी.यू.ई.टी. में इसी का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि सी.यू.ई.टी. से सभी विद्यार्थियों को समान अवसर सुनिश्चित होंगे। उन्होंने कहा कि सी.यू.ई.टी. को लेकर विद्यार्थियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
-
नई दिल्ली। संसद ने दिल्ली नगर-निगम (संशोधन) विधेयक, 2022 पारित कर दिया है। मंगलवार को राज्य सभा ने विधेयक को मंजूरी प्रदान की, जिसे लोकसभा पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक के बारे में विपक्ष द्वारा रखे गए संशोधन सदन ने नामंजूर कर दिए। विधेयक में दिल्ली निगर-निगम अधिनियम 1957 में फिर से संशोधन करने का प्रावधान है और मौजूदा तीन दिल्ली नगर-निगमों को जोड कर एक दिल्ली नगर-निगम बनाने का प्रस्ताव है। इसमें पार्षदों की संख्या 272 से घटाकर अधिकतम 250 करने की भी व्यवस्था है।
विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि विधेयक सभी संवैधानिक मानदंड का अनुपालन करते हुए लाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली संघराज्य क्षेत्र है, जहां अलग प्रावधान हैं और संसद को राष्ट्रीय राजधानी राज्यक्षेत्र दिल्ली के बारे में कानून बनाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि नया विधेयक किसी भी तरह से दिल्ली के संघीय ढांचे का उल्लंघन नहीं करता है। श्री शाह ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पांचवें दिल्ली वित्त आयोग कि सिफारिशों के अनुसार नगर-निकायों को 40 हजार पांच सौ 61 करोड रुपये वितरित नहीं किए। उन्होंने कहा कि तीन निगमों के एकीकरण से प्रशासनिक खर्च में कमी आयेगी।इससे पहले सदन में विधेयक पेश करते हुए गृह मंत्री ने कहा था कि दिल्ली नगर-निगम राष्ट्रीय राजधानी के समूचे क्षेत्र में 95 प्रतिशत नागरिक सेवाए प्रदान करने के लिए जिम्मेदार है और तीन नगर-निगमों में लगभग एक लाख बीस कर्मचारी काम करते हैं। गृहमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, उच्चतम न्यायालय और विभिन्न देशों के दूतावास जैसे महत्वपूर्ण स्थान दिल्ली में स्थित हैं, इसलिए यह जरूरी है कि तीनों नगर-निगम नागरिक सेवाएं प्रदान करने की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि इससे पहले दिल्ली में एक नगर-निगम था लेकिन दिल्ली सरकार ने संशोधन के माध्मम से इसके तीन नगर-निगम बना दिए थे।विधेयक पर बहस शुरू करते हुए कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी ने विधेयक का विरोध किया। उनका कहना था कि यह विधेयक संवैधानिक रूप से संदिग्ध और कानूनी रूप से अक्षम्य है।विधेयक के पक्ष में भारतीय जनता पार्टी के सुधांशु त्रिवेद्वी ने कहा कि यह विधेयक संवैधानिक मानदंड के अनुरूप है और कानूनी दृष्टि से उपयुक्त है।टीएमसी सदस्य जवाहर सरकार ने विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि यह शहर में नगर-निगम चुनावों को टालने का षड्यंत्र है। बहस में अन्य राजनीतिक दलों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। बाद में सदन ने विधेयक पारित कर दिया। -
नई दिल्ली। कर्नाटक सरकार ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों को भू-स्वामित्व योजना के तहत आर्थिक मदद 15 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कल बंगलुरु में बाबू जगजीवन राम पुरस्कार समारोह के अवसर पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम स्वरोजगार योजना को एक सप्ताह के अंदर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के बीच शुरु किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन समुदायों के लोगों को 75 यूनिट बिजली निःशुल्क दी जाएगी। इसके अतिरिक्त एक और योजना की घोषणा की गई, जिसके माध्यम से इन समुदायों के लोगों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें प्रतियोगिता परीक्षाओं में शामिल होने के लिए भी तैयार किया जाएगा।
- देहरादून (उत्तराखंड)। हरिद्वार में प्रेमनगर आश्रम के पास मंगलवार को दो किशोर गंगा नदी में बह गए जिनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है । राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के सूत्रों ने यहां बताया कि 16 वर्षीय नैतिक और 13 वर्षीय हर्ष हरिद्वार में अपने घर से साइकिल पर गंगा नदी में नहाने के लिए निकले थे । सूत्रों के अनुसार सखी घाट पर रेलिंग को पार कर वे नदी में नहाने उतरे लेकिन अचानक तेज बहाव हो जाने के कारण वे उसमें बह गए। सूत्रों का कहना है कि सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उसने तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया । उनके अनुसार टीम ने प्रेम नगर आश्रम से जटवाला पुल तक गंगा में गहन तलाश करने के अलावा गोताखोरों की मदद से गहराई में भी जाकर देखा लेकिन अभी तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नही मिल पाया है । file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यूट्यूब आधारित 22 समाचार चैनलों को बंद (ब्लॉक) करने का निर्देश दिया है जिनमें से चार पाकिस्तान से संचालित हैं। इन चैनलों पर आरोप है कि ये फर्जी खबरें प्रसारित कर रहे थे, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंध और सार्वजनिक व्यवस्था को खतरा हो सकता है।मंत्रालय ने कहा कि पिछले साल फरवरी में सूचना प्रौद्योगिकी नियमावली 2021 की अधिसूचना जारी होने के बाद यूट्यूब आधारित भारतीय चैनलों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई पहली बार की गई है। मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि सोमवार को एक आदेश जारी किया गया जिसके अनुसार, 22 यूट्यूब चैनलों, तीन ट्विटर खाते, एक फेसबुक खाता और एक समाचार वेबसाइट को बंद करने का निर्देश दिया गया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। इस कार्रवाई के साथ ही दिसंबर 2021 से अब तक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय यूट्यूब आधारित 78 समाचार चैनलों तथा कई अन्य सोशल मीडिया खातों को राष्ट्रीय सुरक्षा, भारत की एकता और अखंडता, लोक व्यवस्था को खतरा होने आदि के आधार पर बंद कर चुका है। मंत्रालय ने बिना किसी चैनल का नाम लिए कहा, "हाल में जारी आदेश के द्वारा, 18 भारतीय और चार पाकिस्तान आधारित यूट्यूब समाचार चैनलों को बंद किया गया है।"अनुराग ठाकुर ने कहा, ''जिन यूट्यूब चैनलों को बंद किया गया है उनकी कुल दर्शक संख्या 262 करोड़ थी। ये चैनल भारत के खिलाफ गलत सूचना प्रसारित कर रहे थे, जो देश की संप्रभुता और अखंडता तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा होने के अलावा अन्य देशों के साथ भारत के संबंधों को भी प्रभावित कर सकते थे।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''बंद किए गए चैनल यूक्रेन-रूस संघर्ष, कोविड-19 संबंधी समाचारों और अन्य ऐसे मुद्दों पर गलत सूचना फैला रहे थे जो भारत को सीधे प्रभावित कर रही थी। जैसा कि मैंने पहले भी वादा किया था, चाहे इस प्रकार के चैनल विदेशी धरती से चल रहे हों या भारत से, हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।'' मंत्रालय के अनुसार, कई यूट्यूब चैनल "भारतीय सशस्त्र सेनाओं, जम्मू कश्मीर आदि जैसे विषयों पर फर्जी खबरें प्रसारित करते थे।" बयान में कहा गया कि भारत विरोधी सामग्री समेत जिस सामग्री पर पाबंदी लगाई गई है वह पाकिस्तान से समन्वित तौर पर संचालित होने वाले सोशल मीडिया अकाउंट के जरिये पोस्ट की जाती थी। बयान में कहा गया कि यूक्रेन की स्थिति पर भी कुछ भारतीय यूट्यूब चैनलों पर गलत जानकारी प्रसारित की जाती थी जिसका लक्ष्य अन्य देशों के साथ भारत के संबंध खराब करना था। मंत्रालय ने कहा कि जिन भारतीय यूट्यूब चैनलों को बंद किया गया है वे कुछ टीवी न्यूज चैनल के 'टैम्पलेट' और 'लोगो' के साथ -साथ उनके समाचार एंकर की तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि दर्शकों को गुमराह कर यह विश्वास दिलाया जा सके कि खबर प्रामाणिक है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर कहा कि पिछले आठ वर्षों में भारत के समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल की हैं और व्यापार तथा वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दिया है। पांच अप्रैल की तारीख को देशभर में राष्ट्रीय समुद्री दिवस के तौर पर मनाया जाता है। यह दिवस भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास में समुद्री व्यापार की भूमिका तथा वैश्विक व्यापार में भारत की भूमिका एवं उसकी रणनीतिक स्थिति को समर्पित है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘आज राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर हम अपने गौरवमयी समुद्री इतिहास को याद करते हैं और भारत की अर्थव्यवस्था के विकास में समुद्री क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हैं।'' उन्होंने लिखा, ‘‘पिछले आठ वर्षों में हमारे समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल की हैं और व्यापार तथा वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दिया है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में भारत सरकार ने बंदरगाह नीत विकास पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें बंदरगाह की क्षमता को बढ़ाना और वर्तमान तंत्र को और दक्ष बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों की नए बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जलमार्गों का उपयोग किया जा रहा है। मोदी ने कहा, ‘‘एक ओर जहां हम आर्थिक प्रगति के लिए समुद्री क्षेत्र का लाभ उठा रहे हैं और एक आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर रहे हैं, वहीं हम यह भी सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सावधानी बरत रहे हैं कि समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और विविधता सुरक्षित रहे, जिस पर भारत गर्व करता है।=
- मुंबई। लेखिका और बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना फिल्म ''द कश्मीर फाइल्स'' के बारे में की गई अपनी टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना कर रही हैं। ट्विंकल ने तीन अप्रैल को एक समाचार पत्र में अपने लेख में कटाक्ष करते हुए लिखा था कि वह विवेक अग्निहोत्री की हाल में रिलीज हुई फिल्म ''द कश्मीर फाइल्स'' की तर्ज पर अपनी फिल्म का नाम ''नेल फाइल्स'' रखने की योजना बना रही हैं। उन्होंने ''नेल'' यानी कील शब्द का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि हो सकता है कि यह फिल्म सांप्रदायिकता के ताबूत में आखिरी कील साबित हो। गौरतलब है कि फिल्म ''द कश्मीर फाइल्स'' में 1990 के दशक में घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन को दर्शाया गया है। फिल्म को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आई हैं जबकि इसको लेकर राजनीति भी देखने को मिली है। ट्विंकल की टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।कश्मीरी पंडित समुदाय से संबंध रखने वाले फिल्मकार अशोक पंडित ने ट्विंकल से समुदाय की दुर्दशा के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की। पंडित ने सोमवार शाम ट्वीट किया, '''ट्विंकल खन्ना मैम, आपने बहुत देर कर दी। कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर आधारित यह फिल्म (द कश्मीर फाइल्स) पहले ही इस्लामी आतंकवाद के सांप्रदायिक ताबूत में अंतिम कील ठोक चुकी है। आपसे अनुरोध है कि आप सात लाख कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर संवेदनहीनता न दिखाएं।'' सोशल मीडिया के एक और उपयोगकर्ता ने लिखा, ''उनकी टिप्पणी में असंवेदनशीलता दिखाई देती है। पूरी बॉलीवुड बिरादरी ही ओछी है और इसमें नैतिकता का भाव नहीं है।'' एक तरफ ट्विंकल '‘द कश्मीर फाइल्स'' पर कटाक्ष कर रही हैं, तो दूसरी तरफ उनके पति अक्षय कुमार ने इस फिल्म की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने ‘द कश्मीर फाइल्स' की कामयाबी को लेकर फिल्म के निर्देशक को बधाई दी थी। साथ ही उन्होंने चुटकी लेते हुए बताया था कि इस फिल्म के चलते किस तरह 18 मार्च को रिलीज हुई उनकी फिल्म ''बच्चन पांडे'' की कमाई प्रभावित हुई है।-
- नयी दिल्ली . भारत में एक दिन में कोविड-19 के 795 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,29,839 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 12,054 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 58 और लोगों की मौत के बाद संक्रमण की वजह से अब तक जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,21,416 हो गई। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 12,054 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 543 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.17 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.22 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,24,96,369 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 184.87 करोड़ से अधिक खुराक लगाई गई हैं। उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।





















.jpg)





.jpg)