- Home
- देश
- बलिया. उत्तर प्रदेश में बलिया के एक अस्पताल में एक वृद्ध द्वारा अपनी पत्नी को ठेले पर ले कर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना जिले के अंदौर गांव की है। संबंधित वीडियो में अंदौर गांव का सकुल प्रजापति अपनी बीमार पत्नी जोगनी (55) को ठेले पर लेकर अस्पताल जाता दिखाई दे रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले पर ट्वीट करके राज्य की चिकित्सा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठाये हैं । मुख्य चिकित्सा अधिकारी नीरज पांडे ने मंगलवार को बताया कि पाठक ने महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) को मामले की जांच के आदेश दिए हैं । इस बारे में पूछे जाने पर सकुल ने बताया कि 28 मार्च को पत्नी को अस्पताल ले जाने का कोई साधन नहीं मिला तो वह उसे ठेले पर लेकर चिकलहार स्वास्थ्य केंद्र चला गया, जो उसके घर से तीन किलोमीटर दूर है । उसने बताया कि चिकित्सकों ने कुछ दवाएं देकर उसकी पत्नी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जिसके बाद वह अपनी पत्नी को पियारिया गांव में ठेले पर ही छोड़कर कपड़े और पैसे लेने घर गया तथा फिर पत्नी को टेंपो से लेकर अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई। सकुल ने दावा किया कि उसकी पत्नी की मौत रात करीब 11 बजे हुई और अस्पताल ने शव घर ले जाने के लिए एम्बुलेंस मुहैया नहीं कराई जिसके बाद उसने 1100 रुपये में निजी एम्बुलेंस की। इस घटना पर ट्वीट करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा,''उत्तर प्रदेश में चिकित्सा की झूठी उपलब्धि के झूठे विज्ञापनों में जितना खर्च किया जाता है, उसका थोड़ा-सा हिस्सा भी अगर सपा के समय सुधरी चिकित्सा सेवाओं पर लगातार खर्च किया जाता रहा होता तो आज भाजपा के राज में स्ट्रेचर एवं एम्बुलेन्स के अभाव में लोगों की जो जान जा रही है वो बचाई जा सकती थी।
- शिलांग. मेघालय में बारिश के बाद हुए भूस्खलन से कई घर और वाहन बह गए तथा कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान भूस्खलन की सात घटनाएं हुईं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा कि ईस्ट खासी हिल्स जिले के मौलात गांव में रोहित क्षीयर (14) और दिलीबोन तांगसांग (35) नामक दो व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं, उम्ब्लाई गांव में भूस्खलन से दो घर और दो दुकानें बह गईं। अधिकारी के मुताबिक, थांगबनाई-मौलिंगोत सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तथा एक वाहन बह गया। उन्होंने कहा कि सड़क पर से मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारी के अनसार, लिंगशिंग गांव में भूस्खलन से पांच घर बर्बाद हो गए और एक व्यक्ति को मामूली चोट आई, जबकि वहिंगडोह में वहुमखराह नदी के पास भूस्खलन से सड़क का एक हिस्सा बह गया।
- ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शील-म्हापे सड़क पर एक पाइपलाइन से डीजल की चोरी होने के कारण लीकेज की वजह से मंगलवार को आग लग गई। एक निकाय अधिकारी ने यह जानकारी दी। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने कहा कि मुंबई रिफाइनरी से मनमाड से दिल्ली जाने वाली बीपीसीएल की एक पाइपलाइन से किसी ने डीजल चुरा लिया था जिसके बाद सुबह यह घटना हुई। सावंत ने कहा कि चोरी के दौरान ईंधन का सड़क पर रिसाव हुआ जिससे आग लग गई। अधिकारी ने कहा कि एमआईडीसी के पांच और ठाणे तथा नवी मुंबई के एक-एक दमकल ने मौके पर पहुंच कर तीन घंटे की मशक्क्त के बाद पूर्वाह्न 11 बजे आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और स्थानीय पुलिस चोरी की जांच कर रही है।-file photo
- नयी दिल्ली. सरकार ने मंगलवार को बताया कि भारत में वर्तमान में प्रति 1000 की आबादी पर नर्सों की संख्या 1.96 है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यसभा को एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘‘इंडिया नर्सिंग काउंसिल रिकॉर्ड्स'' के अनुसार, देश में पंजीकृत नर्सिंग कर्मियों की संख्या 33.41 लाख है। इनमें से 23,40,501 पंजीकृत नर्स तथा 10,00,805 नर्स सहयोगी और 56,854 महिला ‘‘हेल्थ विजिटर्स'' हैं। उन्होंने बताया कि 10,00,805 नर्स सहयोगी में 9,43,951 ‘‘सहायक नर्स मिडवाइव'' शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया ‘‘देश में वर्तमान में आबादी व नर्स का अनुपात प्रति 1000 की आबादी पर 1.96 नर्स है।'' मांडविया ने बताया कि नवंबर 2021 की स्थिति के अनुसार, राज्य चिकित्सा परिषदों तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग में 13,01,319 एलोपैथिक डॉक्टर पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि देश में डॉक्टर व आबादी का अनुपात 1:834 है। इनमें से 80 फीसदी पंजीकृत एलोपैथिक डॉक्टर हैं तथा 5.65 लाख आयुष डॉक्टर हैं। उन्होंने बताया ‘‘देश में दंत चिकित्सकों की संख्या 2.89 लाख है तथा संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों की संख्या 13 लाख है।'' स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने यह भी बताया कि स्नातक स्तरीय चिकित्सा पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या 2014 में 51,348 थी जिनमें 75 फीसदी की वृद्धि की गई है। अब इन सीटों की संख्या बढ़ कर 89,875 हो गई है। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर स्तर पर चिकित्सा पाठ्यक्रम में सीटों की 2014 में 31,185 थी जो 93 फीसदी बढ़ कर अब 60,202 हो चुकी है।
- बुडापेस्ट. हंगरी के दक्षिण में मंगलवार सुबह एक वाहन को टक्कर मारने के बाद एक ट्रेन पटरी से उतर गई। पुलिस ने कहा कि इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना माइंड्सजेन्ट शहर में सुबह सात बजे से ठीक पहले हुई। पुलिस ने कहा कि मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रक पटरी पर चला गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। इसके बाद ट्रेन पटरी से उतर गई। हंगरी की सरकारी समाचार एजेंसी एमटीआई के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रक में सात लोग सवार थे। पुलिस ने कहा कि ट्रक में सवार लोगों में से पांच की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। हंगरी के रेलवे विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि जिनकी मौत हुई वे सभी ट्रक में सवार थे। हादसे के समय ट्रेन में 22 लोग सवार थे। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए तथा आठ अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
- नयी दिल्ली. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के शोधकर्ताओं ने कोविड-19 वायरस के एक कार्यात्मक प्रोटीन क्षेत्र की आणविक संरचना का खुलासा किया है जो वैज्ञानिक समुदाय को दवाओं की खोज में मदद कर सकता है। टीम ने वायरस की संक्रामकता के लिए जिम्मेदार एक महत्वपूर्ण स्पाइक प्रोटीन के एक हिस्से की संरचना स्थापित की है। शोध हाल ही में जर्नल 'वायरोलॉजी' में प्रकाशित हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, सार्स कोरोनावायरस 2, जो कोविड-19 महामारी का कारण है, इसे यह इसलिये कहा जाता है क्योंकि इसकी सतह पर स्पाइक्स (कांटे) हैं जो इसे एक ताज (या कोरोना) का रूप देते हैं। स्पाइक प्रोटीन की उपस्थिति पोषक कोशिका में वायरस के प्रवेश को आसान बनाती है और यह इसके फैलाव और संक्रमण पैदा करने के लिए जिम्मेदार है। अधिकारियों ने कहा कि वायरस की संक्रामकता में स्पाइक प्रोटीन के महत्व को देखते हुए, दुनिया भर में उनकी आणविक संरचना की विशेषता पर काफी शोध कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह ज्ञात है कि स्पाइक प्रोटीन में एक भाग होता है जो मुख्य वायरस बॉडी (एक्स्ट्राविरियन) के बाहर होता है जिसे एक्टोडोमैन कहा जाता है। एक खंड जो वायरल झिल्ली (ट्रांसमेम्ब्रेन) को पार करता है, और एक खंड जो वायरल संरचना (इंट्राविरियन) के अंदर है, जिसे एंडोडोमेन के रूप में जाना जाता है। आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के एसोसिएट प्रोफेसर रजनीश गिरी ने कहा, “हमारी टीम ने एक न्यूनीकरणवादी दृष्टिकोण के रूप में, अलगाव में, स्पाइक प्रोटीन के एंडोडोमेन के आकार को समझ लिया है। हमने पाया कि कोई व्यवस्था या संरचना नहीं है, और यह आंतरिक रूप से अव्यवस्थित क्षेत्र है।” गिरि ने कहा, “एंडोडोमैनिस स्पाइक प्रोटीन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है क्योंकि इसमें परिवहन संकेत होते हैं जो मेजबान कोशिकाओं के अंदर प्रोटीन की आवाजाही में मदद करते हैं और इस तरह संक्रमण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने बताया कि विशिष्ट क्रम या संरचना की अनुपस्थिति के कारण, यह वायरस के ‘डार्क प्रोटिओम' का हिस्सा है। यह, यह भी बताता है कि एंडोडोमैन विभिन्न परिस्थितियों में पूरी तरह से अव्यवस्थित या आंशिक रूप से अव्यवस्थित संरचना को अपना सकता है।” उन्होंने कहा, “सार्स-सीओवी-2 स्पाइक एंडोडोमेन का अध्ययन करने के लिए, हमने उन्नत कम्प्यूटेशनल एल्गोरिदम और प्रयोगशाला तकनीकों का उपयोग किया है। हमने सी-टर्मिनल क्षेत्र या एंडोडोमेन का संरचनात्मक लचीलापन भी साबित किया है जो अब तक केवल अटकलें ही थीं।
-
नई दिल्ली। स्टैंड-अप इंडिया योजना के आज छह वर्ष पूरे हो रहे हैं। योजना के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति और महिला अभ्यर्थियों को उत्पादन, सेवा और कारोबार क्षेत्र में ग्रीन फील्ड उद्यमों के लिए ऋण दिए जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्टैंड-अप इंडिया योजना की शुरुआत पांच अप्रैल 2016 को की थी। तब से लेकर अब तक इस योजना के तहत एक लाख 33 हजार 995 खातों में 30 हजार 160 करोड़ रुपए से अधिक के ऋण दिए जा चुके हैं।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस से एक दिन पहले मंगलवार को पार्टी के सांसदों से आग्रह किया कि वह सेवा व समर्पण भाव के साथ जनता के बीच जाकर काम करें और केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण तथा महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रचार प्रसार करें।प्रधानमंत्री ने आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में यह बात कही।सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से स्थापना दिवस और सामाजिक न्याय पखवाड़े के तहत अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में प्रतिदिन एक बड़ा आयोजन करने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने को कहा।ज्ञात हो कि भाजपा अपने स्थापना दिवस से लेकर 14 दिनों तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा मना रही है। पार्टी ने इस दौरान कई कार्यक्रमों के आयोजन का फैसला किया है।प्रधानमंत्री मोदी पार्टी के स्थापना दिवस पर बुधवार को डिजिटल माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं।संसदीय दल की बैठक में पूर्वोत्तर में भाजपा के उदय का भी उल्लेख किया गया। पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों में या तो भाजपा या फिर उसके नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकारें हैं। नगालैंड से भाजपा की पहली महिला सांसद एस फान्गनॉन कोन्यक भी आज संसदीय दल की बैठक में शामिल हुईं। वह राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गई हैं। सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बैठक में राज्यसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंचने का उल्लेख किया और इसे पार्टी की बड़ी उपलब्धि बताया।बैठक के बाद संवाददाताओं को सबोधित करते हुए संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से पार्टी की ओर से आयोजित किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। जोशी के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘उन्हें (सांसदों को) जनसेवा के लिए खुद को समर्पित कर देना चाहिए।’’पार्टी के सांसद और अन्य सदस्य सात अप्रैल को ‘‘आयुष्मान भारत’’ और जन औषधि केंद्रों के प्रभावों को रेखांकित करेंगे। आठ और नौ अप्रैल को होने वाले कार्यक्रमों के केंद्र में गरीबों के लिए आवास योजना और हर घर नल से जल योजना रहेगी।पार्टी नौ अप्रैल को ज्योतिबा फुले और 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती भी व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है।जोशी ने कहा कि भाजपा सांसद 12 अप्रैल को कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित करेंगे। प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि उस दिन वे स्कूलों का दौरा करें और छात्रों को टीका लेने के लिए प्रोत्साहित करें।इस दौरान पार्टी के सांसद व कार्यकर्ता लाभार्थियों से मिलेंगे और उनके अनुभव भी साझा करेंगे।प्रधानमंत्री ने सांसदों को यह सुझाव भी दिया कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत वह गांवों में छोटे-छोटे तालाब बनवाएं। उन्होंने सांसदों से आकांक्षी जिलों का दौरा करके वहां विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने को भी कहा।बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता और पार्टी के सांसद मौजूद थे। संसद सत्र के दौरान सामान्यत: प्रत्येक मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक होती है। मौजूदा बजट सत्र के दौरान संसदीय दल की यह आखिरी बैठक थी।
-
नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने जापानी समकक्षों के साथ '2+2' वार्ता के अगले संस्करण के लिए अप्रैल के मध्य में टोक्यो की यात्रा करने वाले हैं। इस वार्ता में यूक्रेन संकट के हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए संभावित प्रभावों सहित कई प्रमुख मुद्दे शामिल होंगे। यह बात इस बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने सोमवार को कही। जयशंकर और सिंह अमेरिका की यात्रा समाप्त करने के बाद तक्यो की यात्रा करेंगे।
संबंधित व्यक्तियों ने कहा कि दोनों मंत्री 11 अप्रैल को वाशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ '2+2' विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता करने के लिए अमेरिका जा रहे हैं। जापान और अमेरिका दोनों ही क्वाड में भारत के भागीदार हैं और उम्मीद है कि वाशिंगटन तथा तोक्यो दोनों जगह होने वाली वार्ता में यूक्रेन संकट के हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर पड़ने वाले प्रभाव का मुद्दा उठ सकता है। संबंधित लोगों ने बताया कि सिंह के 10-13 अप्रैल तक अमेरिका में रहने की संभावना है।
सिंह और जयशंकर की तोक्यो की यह यात्रा जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के वार्षिक भारत-जापान शिखर सम्मेलन के लिए करीब एक महीने पहले भारत यात्रा पर आने के बाद हो रही है। नयी दिल्ली में शिखर सम्मेलन में, किशिदा ने अगले पांच वर्षों में भारत में पांच ट्रिलियन येन (3,20,000 करोड़ रुपये) के निवेश लक्ष्य की घोषणा की थी। उपरोक्त उल्लेखित व्यक्तियों ने बताया कि 2+2 वार्ता में, दोनों पक्षों द्वारा हिंद-प्रशांत में घटनाक्रमों का जायजा लेने के अलावा रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किए जाने की उम्मीद है। जापानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी और रक्षा मंत्री नोबुओ किशी करेंगे। -
जम्मू,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में जम्मू कश्मीर का दौरा करेंगे जो कि अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद केंद्रशासित प्रदेश की उनकी पहली यात्रा होगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने यहां कश्मीरी पंडितों के एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर सांबा में स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कौल ने कहा कि प्रधानमंत्री और कश्मीरी पंडित समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि वे अपनी चिंताओं को उनके समक्ष उठा सकें। अगस्त 2019 में केंद्र ने संविधान के अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को निरस्त करते हुए इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था। -
आगरा (उप्र)। आगरा में सोमवार को उप्र बोर्ड के परीक्षा केंद्र पर फर्जी अधिकारी बनकर पहुंचे चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, मजिस्ट्रेट लिखे वाहन से चार लोग परीक्षा केंद्र पहुंचे और उन्होंने व्यवस्थापक से 'स्ट्रांग रूम' खुलवाने को कहा। केंद्र व्यवस्थापक ने चारों से आई कार्ड और स्ट्रांग रूम चेक करने के आदेश दिखाने को कहा, जो ये लोग दिखा नहीं सके। शक होने पर केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने आकर चारों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, नगर विकास कुमार ने बताया कि हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा थी, इससे पहले कुर्राचित्तर पुर स्थित मां वैष्णो देवी इंटर कॉलेज में सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर बिना नंबर लिखी बोलेरो से चार लोग पहुंचे। बोलेरो पर मजिस्ट्रेट लिखा था। कुमार ने बताया कि चारों लोगों ने खुद को सचल दल का सदस्य बताते हुए कहा कि केंद्र की टीम ने भेजा है और स्ट्रांग रूम चेक कराएं। उन्होंने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक के पहचान पत्र दिखाने की मांग के बाद चारों के फर्जी अधिकारी होने का पता चला। अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों ने अपनी पहचान शमसाबाद के ठेरई निवासी रघुवीर सिंह तोमर, सैंया के कुकावर निवासी अशोक कुमार, खेरागढ़ के छाहरी निवासी मुकेश, ताजगंज के बसई खुर्द निवासी देवेंद्र कुमार के रूप में की है। उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद ही कारण पता चल सकेगा कि ये किस उद्देश्य से परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे।
-
नोएडा (उप्र)। जनपद गौतमबुद्ध नगर में नोएडा के सेक्टर-36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस ने 'केवाईसी अपडेट' कराने के नाम पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के हजारों लोगों से ठगी करने वाले जामताड़ा गिरोह के दो सदस्यों को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोबाइल फोन कंपनी तथा बैंक के कर्मचारी बनकर कई लोगों को अपने जाल में फंसाया और उनके खाते से पैसे निकाल लिये। साइबर अपराध, लखनऊ के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर त्रिवेणी सिंह ने बताया कि साइबर अपराध थाना सेक्टर-36 की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव तथा उनकी टीम ने एक सूचना के आधार पर सोमवार को आरोपी प्रदीप मंडल निवासी जामताड़ा, झारखंड और आरोपी मोनू बंसल निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन व महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किये हैं। सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि ये लोग मोबाइल फोन कंपनी तथा विभिन्न बैंकों के कर्मचारी बनकर लोगों को केवाईसी अपडेट कराने के लिए मैसेज करते थे। उन्होंने बताया कि इस मैसेज में ये लोग अपना एक फोन नंबर देते हैं, व्यक्ति इन्हें बैंक या टेलीफोन कंपनी का कर्मचारी समझ कर फोन करता है। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद ये लोग व्यक्ति को बातों में फंसाकर उससे ऐप डाउनलोड करवाते हैं और जैसे ही व्यक्ति ऐप अपलोड करता है, आरोपी उसके खाते को हैककर पूरी राशि अपने खाते मे ट्रांसफर कर लेते हैं। सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि इनके गिरोह का सरगना आरोपी प्रमोद मंडल पूर्व में लखनऊ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने हजारों लोगों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की है। -
चंद्रपुर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की सिंदेवाही तहसील में पिछले दो दिनों में धातु की पांच वस्तुएं मिली हैं, जो एक उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएलवी) के मलबे का हिस्सा हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिंदेवाही तहसील के विभिन्न गांवों में रविवार से एक धातु की 'रिंग' और सिलेंडर के आकार जैसी चार वस्तुएं मिली हैं। स्थानीय तहसीलदार गणेश जगदाले ने बताया कि इन वस्तुओं को सिंदेवाही पुलिस थाने में जमा किया गया। शनिवार की शाम आसमान से अज्ञात जलती वस्तुओं को गिरते देख लोगों में दहशत फैल गई थी। स्थानीय राजस्व विभाग के अधिकारी, पुलिसकर्मी और निवासी उस स्थान पर पहुंचे थे जहां ये वस्तुएं गिरी थी। अधिकारियों ने बताया कि सिंदेवाही तहसील के लाडबोरी गांव में धातु की 'रिंग', जिसका वजन 50 किलोग्राम से 60 किलोग्राम और व्यास 10 गुणा 10 फुट था, मिली थी। उन्होंने बताया कि रविवार को पवनपार और मारेगांव गांवों में सिलेंडर के आकार जैसी दो वस्तुएं मिलीं, जबकि सिंदेवाही के कुंजावाही और असोलमेंडा तलाव क्षेत्रों में सोमवार को इतनी ही वस्तुएं मिली थी। चंद्रपुर के एक वैमानिकी इंजीनियर ने कहा कि ये वस्तुएं एक एसएलवी के अवशेष थीं और रॉकेट के तीसरे चरण के प्रक्षेपण के बाद गिर गईं।
-
नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जेल में कैद ‘ठग' सुकेश चंद्रशेखर को वर्ष 2017 में निर्वाचन आयोग रिश्वत कांड से जुड़े एक अन्य धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया है। इस मामले में कथित तौर पर अन्नाद्रमुक के पूर्व नेता टीटीवी दिनाकरन और अन्य भी शामिल हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी 32 वर्षीय चंद्रशेखर पहले ही जेल में है और केंद्रीय जांच एजेंसी ने पिछले साल फोर्टिस हेल्थेयर के प्रवर्तक शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह सहित कुछ लोगों से धोखाधड़ी करने और वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वर्ष 2021 में आरोपी चंद्रशेखर से कथित संबंध होने की वजह से ईडी ने बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों और मॉडल से पूछताछ की थी। अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने वर्ष 2017 में भी आरोपी चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया था और कुछ दिन पहले वापस जेल भेजा था और बाद स्थानीय अदालत ने उसे एजेंसी की हिरासत में भेजा दिया। उन्होंने बताया कि जांच टीम कथित निर्वाचन आयोग रिश्वत कांड में धनशोधन निषेध अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आरोपी चंद्रशेखर का बयान दर्ज करेगी। नवीनतम गिरफ्तारी वर्ष 2017 में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा दर्ज प्राथमिकी को संज्ञान में लेकर ईडी द्वारा दर्ज आपराधिक मामले में हुई है। गौरतलब है कि आरोपी चंद्रशेखर को अप्रैल 2017 में दिल्ली के पांच सितारा होटल से कथित तौर पर चुनाव आयोग के अधिकारियों को रिश्वत देने के लिए दिनाकरन से रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। यह राशि कथित तौर पर अन्नाद्रमुक के चुनाव चिह्न ‘दो पत्ते' को तमिलनाडु के आर नगर विधानसभा सीट पर होने वाले चुनाव में वीके शशिकला गुट को आवंटित करने के एवज में बतौर रिश्वत दी जानी थी। इस सीट पर तमिलनाडु की तत्कालीन मुख्यमंत्री जे जयललिता के निधन की वजह से उपचुनाव कराया जा रहा था।
-
नयी दिल्ली। सरकार ने रबी विपणन सत्र में अबतक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 70.36 करोड़ रुपये में 34,917 टन गेहूं की खरीद की है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई। देश में रबी विपणन सत्र अप्रैल से मार्च तक चलता है। अप्रैल से जून के बीच गेहूं की थोक खरीद की जाती है। बयान में कहा गया, ‘‘मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश राज्यों में रबी विपणन सत्र 2022-23 की गेहूं खरीद हाल ही में शुरू हुई है।'' बयान के अनुसार, तीन अप्रैल तक 34,917 टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जिससे 3,510 किसानों को 70.36 करोड़ रुपये के एमएसपी मूल्य का लाभ हुआ है। -
चाईबासा (झारखंड)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में निर्माणाधीन भरनिया पुलिस शिविर पर नक्सलियों द्वारा की गई गोलीबारी के बाद सोमवार को सुरक्षाकर्मियों द्वारा चलाये गए तलाशी अभियान के दौरान तीरों से लैस पांच आईईडी जब्त किए गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 157वीं बटालियन की ‘बी' कंपनी ने रविवार रात पैरा बम फेंककर जवाबी कार्रवाई की और इस गोलीबारी में उसका कोई भी कर्मी हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने कहा कि जिला सशस्त्र पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते के सुरक्षाकर्मियों ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया और मौके से कुछ खाली कारतूस के अलावा तीन तीर बम और दो इस्तेमाल किए गए तीर बम बरामद किए। पुलिस ने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने तीनों विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया। -
मुंबई। भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने कई तरह के गैर-अनुपालन के लिए तीन सहकारी बैंकों पर कुल पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। रिजर्व बैंक ने सोमवार को एक बयान में कहा कि फलटन स्थित यशवंत कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड पर आय, संपत्ति वर्गीकरण, प्रावधान और अन्य संबंधित मुद्दों पर उसके निर्देशों का अनुपालन नहीं करने के लिए दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक अन्य बयान में केंद्रीय बैंक ने इसी तरह के मामले में मुंबई के कोकन मर्केंटाइल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आरबीआई ने एक अन्य नियामकीय सूचना में कहा कि उसने कोलकाता स्थित समता कोऑपरेटिव डेवेलपमेंट बैंक लिमिटेड पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
-
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ऑनलाइन कैब सेवा देने वाला एक ऐसा ऐप सोमवार को पेश किया गया जिस पर यात्री एवं ड्राइवर किसी भी यात्रा के पहले किराये को लेकर आपस में मोलभाव कर सकते हैं। इनड्राइवर नाम के इस कैब सवारी मंच ने कोलकाता शहर में 4,000 से अधिक चालकों के साथ अपनी कैब सेवाएं शुरू करने की घोषणा की। देश के महानगरों में पहली बार कोलकाता में ही इनड्राइवर की सेवा शुरू हुई है। कैलिफोर्निया स्थित इस कंपनी की दक्षिण एशिया जनसंपर्क अधिकारी पावित नंदा ने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में अन्य महानगरों में भी इसकी सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि ऐप-आधारित इस कैब मंच पर भीड़भाड़ वाले समय में दरें नहीं बढ़ेंगी और ड्राइवरों से लिया जाने वाला सेवा शुल्क भी बहुत कम रखा गया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के आधार पर कारोबारी मॉडल तैयार करने की कोशिश की गई है। इस कैब सेवा की एक खास बात यह है कि सवारी किराये को लेकर कई ड्राइवरों से मांगी गई अलग-अलग दरों को लेकर मोलभाव कर मनचाहा किराया तय कर सकते हैं। नंदा ने कहा, ‘‘यह इकलौता ऐप है जो सवारी को यात्रा की बुकिंग करने के पहले ही कैब के किराये को लेकर मोलभाव करने की इजाजत देता है। तीन महीने बाद हमारा कमीशन पांच से दस फीसदी के बीच होगा।'' ऐप-आधारित कैब सेवाओं से जुड़े ड्राइवरों के मुताबिक, उबर और ओला जैसी एग्रीगेटर ड्राइवरों से करीब तीस फीसदी तक का कमीशन लेती हैं। इसे कम कर 15-20 फीसदी के दायरे में लाने की मांग कैब ड्राइवर संघ लंबे समय से करता रहा है।
-
नयी दिल्ली | देश में सोमवार तक कोविड-19 रोधी टीके की 184.85 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि शाम सात बजे तक टीकों की 14 लाख(14,22,036) से अधिक खुराकें दी गयीं। मंत्रालय के मुताबिक अब तक 12-14 वर्ष के आयु वर्ग में टीके की 1,91,47,026 खुराकें दी जा चुकी हैं। देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 1,84,85,35,207 खुराकें दी जा चुकी हैं। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मचारियों और 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कुल मिलाकर 2.36 करोड़ (2,36,08,147) बूस्टर खुराक दी जा चुकी है
-
भोपाल.भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को लू की स्थिति बनी रही, जबकि प्रदेश के सात स्थानों पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने बताया कि छिंदवाड़ा, रीवा, सीधी, गुना, राजगढ़, दमोह, खजुराहो, सागर, सतना, रतलाम, जबलपुर एवं ग्वालियर जिलों के साथ-साथ छतरपुर जिले के नौगांव में सोमवार को लू की स्थिति बनी रही और अगले चार दिनों में भी कुछ इलाकों में इसके जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि खजुराहो, नौगांव, नर्मदापुरम, राजगढ़, दमोह, खंडवा एवं खरगोन में सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से चार डिग्री अधिक) दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 39.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से दो डिग्री अधिक), जबलपुर में 41 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से पांच डिग्री अधिक) और ग्वालियर 41 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5 डिग्री अधिक) रहा।
-
रीवा . मध्यप्रदेश के रीवा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर लालगांव-कलवारी मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने बताया कि यह घटना रविवार को हुई और महिला एवं उसके दो बच्चों की यहां संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों में शिवकली साकेत (48), उसका बेटा गेंदलाल साकेत (21) एवं बेटी तारा साकेत (20) शामिल हैं। -
नयी दिल्ली . सरकार रूस-यूक्रेन संघर्ष, चीन की तरफ से भारी खरीद और अन्य वैश्विक कारकों से अंतरराष्ट्रीय उर्वरक कीमतों में वृद्धि होने के बावजूद किसानों को सस्ती कीमतों पर उर्वरकों की आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके कारण चालू वित्त वर्ष में वार्षिक उर्वरक सब्सिडी बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। कुछ हलकों में जताई जा रही चिंताओं और संसद में विपक्षी दलों द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बीच सरकार के एक शीर्ष सूत्र ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार के लिए किसानों के हित सर्वोपरि हैं और यह पहले से ही विभिन्न फसल पोषक तत्वों (उर्वरकों) पर दी जा रही भारी सब्सिडी से स्पष्ट है और अगर सब्सिडी बढ़ती भी है तो सरकार इसे देने से नहीं हिचकिचायेगी। सूत्रों ने कहा, ‘‘मई से शुरू होने वाले खरीफ बुआई सत्र के लिए सरकार ने 30 लाख टन डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) और 70 लाख टन यूरिया सहित उर्वरक की पहले से ही पर्याप्त अग्रिम व्यवस्था कर ली है। हम खरीफ सत्र की जरुरतों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और जरुरत के अनुसार आगे और खरीद करेंगे।'' सरकारी अधिकारियों ने बताया कि घरेलू बाजार में यूरिया की कीमत आज 266 रुपये प्रति 50 किलो बोरी बनी हुई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत बढ़कर 4,000 रुपये प्रति बोरी हो गई है। इस तरह हरेक बोरी पर सरकार को करीब 3,700 रुपये की सब्सिडी देनी पड़ रही है। वहीं घरेलू बाजार में डीएपी की कीमत 1,350 रुपये प्रति बोरी है, जबकि इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत बढ़कर 4,200 रुपये प्रति बोरी हो गई है। हालांकि एनपीके (जटिल उर्वरक) की कीमत लगभग एक साल से 1,470 रुपये प्रति बोरी पर ही बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, एनपीके की कीमत तब से नहीं बदली है जब एक साल पहले इसकी कीमत लगभग 1,300 रुपये से बढ़ाकर 1,470 रुपये प्रति बोरी कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत में उर्वरक कीमतें पाकिस्तान और चीन जैसे पड़ोसी देशों की तुलना में बहुत कम हैं। अमेरिका, इंडोनेशिया और ब्राजील जैसे देशों की तुलना में भी कीमतें कम हैं। एक सूत्र ने कहा, ‘‘उर्वरक की कीमतों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी को लेकर जो चिंता जताई जा रही है, वह बेवजह है।'' सूत्रों ने कहा, ‘‘हमने रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान पर प्रतिबंधों जैसे वैश्विक कारकों के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े घटनाक्रमों के कारण अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि के बावजूद उर्वरक की कीमतों में वृद्धि नहीं की है। हम अपने किसानों के हित में घरेलू कीमतों को अपरिवर्तित रखने की कोशिश कर रहे हैं।'' सूत्रों ने कहा कि इसके अलावा, चीन अपनी घरेलू क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर खरीद कर रहा है, हालांकि वह पहले निर्यात करता था। आम तौर पर उर्वरक सब्सिडी एक वर्ष में लगभग 80,000-85,000 करोड़ रुपये रहती है, लेकिन हाल के दिनों में यह काफी अधिक अधिक बढ़ गई है। रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा था कि यूरिया की कीमत पिछले सात वर्षों में नहीं बढ़ाई गई है ताकि किसानों को कोई कठिनाई न हो।
-
नई दिल्ली। लोकसभा में दण्ड प्रक्रिया पहचान विधेयक 2022 पारित हो गया है। इस विधेयक में अपराधियों की पहचान और आपराधिक मामलों की छानबीन तथा अपराध से जुडे मामलों के रिकार्ड रखने की व्यवस्था है। इसमें उन व्यक्तियों की पहचान से जुड़े उपयुक्त उपायों को कानूनी स्वीकृति देने की व्यवस्था है, जिनमें अंगुलियों के निशान, हाथ की छाप और पंजों के निशान, फोटो, आंख की पुतली और रेटीना का रिकार्ड और शारीरिक जैविक नमूने तथा उनके विश्लेषण आदि शामिल हैं। इससे अपराधों की छानबीन अधिक कुशलता से और जल्दी की जा सकेगी।
इस विधेयक में राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो को यह रिकॉर्ड एकत्र करने, इन्हें सुरक्षित रखने और इन्हें साझा करने या नष्ट करने का अधिकार दिया गया है।गृह मंत्री अमित शाह ने विधेयक पेश करते हुए कहा कि यह विधेयक 1920 के कैदी पहचान अधिनियम की जगह लेगा।इसके साथ-साथ हमने सारे ई-प्रयासों को एक-दूसरे के साथ जोड़ने के लिए स्कीम इंटर ऑपरेटेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम बिल लाए हैं और उसके माध्यम से सारे इनिसिएटिव को एक साथ जोड़ दिया जाएगा और आईसीजीएस में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, ब्लॉक चेन, एनालिटिकल टूल, फिंगर प्रिंट्स सिस्टम और पुलिस स्टेशन तक ये सारे सिस्टम का उपयोग होकर एनालिसिस होकर हर थाने में कौन-सा अपराध ज्यादा है। हर थाने के अफसर की किस अपराध की नाबूती में दक्षता होनी चाहिए। इसकी ट्रेनिंग किस प्रकार की होनी चाहिए। हर जिले में किस प्रकार के अपराधों को रोकने की व्यवस्था करने की जरूरत है। ये सारा यहां से राज्यों को माननीय अध्यक्ष जी जाने वाला है। - बरेली (उप्र)। बरेली में सोमवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल की परीक्षा में परीक्षार्थियों की जगह प्रश्नपत्र हल कर रहे एक आरोपी युवक (सॉल्वर) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि दो फरार हो गये। पुलिस ने तीनों आरोपी 'सॉल्वर' और दो परीक्षार्थियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि जिले के भुता थानाक्षेत्र स्थित खजुरिया संपत स्थित राम बक्स इंटर कॉलेज में सोमवार को हाईस्कूल के विज्ञान विषय की परीक्षा थी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा केंद्र पर बरेली कॉलेज से एलएलबी का आरोपी छात्र बाबर हाईस्कूल के छात्र नदीम खान की जगह पर परीक्षा दे रहा था जबकि दो अन्य आरोपी सॉल्वर कमरुल और ताहिर अन्य छात्रों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। कुमार के मुताबिक, जैसे ही सचल दस्ते ने राम बक्स इंटर कॉलेज के केंद्र पर छापा मारा, तभी संदेह होने पर तीनों आरोपी सॉल्वर को पकड़ लिया गया। इनमें से आरोपी बाबर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी चकमा देकर फरार हो गए। आरोपियों के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। file photo
- आइजोल. मिजोरम के सेरछिप जिले में एक कार के खाई में गिरने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। सेरछिप के पुलिस अधीक्षक स्टीफन लालरिनावमा ने कहा कि यह दुर्घटना शनिवार तड़के छिंगछिप गांव के पास हुई जब चार लोग ख्वाजावल जिले के लुंगटन गांव से राजधानी आइजोल की ओर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद से उनके शव सड़क से लगभग 180 मीटर नीचे बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मृतकों की पहचान लुंगटन ग्राम परिषद के उपाध्यक्ष आर लालडिंगलियाना (33), तलंगसियामा (42) जबकि रिपब्लिक वेन्थालंग के लालसांगलियाना (47) और पी सी लालरेमरुता (47) के रूप में हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।








.jpg)


















.jpg)