- Home
- देश
- कोलकाता. नामी शिक्षाविदों और विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षकों को नए पठन-पठन के तरीकों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रशिक्षित किया जाना और डिजिटल एवं कक्षा में पढ़ाई का एक विवेकपूर्ण मिश्रण, कोविड-19 के बाद के दौर में शिक्षा के भविष्य को आकार देगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि शिक्षा पर प्रौद्योगिकी के प्रभाव का आकलन किया जाना बाकी है कि यह एक क्रांति साबित होगी या पूरी तरह से विफल। ब्रिटिश काउंसिल (पूर्व और पूर्वोत्तर) के निदेशक डॉ. देवांजन चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘महामारी के कारण शिक्षा के सामाजिक उद्देश्य को सबसे आगे लाया गया, हालांकि शिक्षा पर डिजिटलीकरण की छाप दिखना अभी बाकी है...डिजिटल तरीके से पठन-पाठन का कौशल अभी भी कमजोर है।'' ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था को दुनिया भर में प्रमुखता मिली, क्योंकि महामारी और बार-बार होने वाले लॉकडाउन ने 2020 और 2021 के लिए प्रत्यक्ष कक्षाओं को लगभग बेमानी बना दिया। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा हाल में आयोजित ‘एजुकेशन ईस्ट समिट' में शिक्षकों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान धीरे-धीरे धीरे-धीरे फिर से खुलने लगे हैं, ऐसे में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को एक महत्वपूर्ण सवाल का सामना करना पड़ रहा है कि कोविड के बाद के परिदृश्य में शिक्षा कैसे आकार लेगी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के पूर्व प्रोफेसर और पद्म श्री से सम्मानित अजय कुमार रे ने कहा, ‘‘कोविड के आने के बाद से ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलीजुली व्यवस्था में समस्याएं आई हैं...लेकिन शिक्षकों को कुछ प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए फिर से प्रशिक्षित किया जाना चाहिए।'' उन्होंने कहा, ‘‘महामारी के बाद सबसे अधिक विश्लेषणात्मक सोच बनाने और ढर्रे से हटकर सोच को प्रोत्साहित करने की जरूरत है ताकि हमारे छात्र अपने आस-पास हो रहे परिवर्तनों के अनुकूल होने के लिए कुशल बनें।'' शिक्षायतन फाउंडेशन की महासचिव ब्रताती भट्टाचार्य के अनुसार, महामारी के बाद हर स्तर पर संकाय प्रशिक्षण आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ऑनलाइन पठन-पाठन व्यवस्था के आगमन के साथ, छात्रों का ध्यान कम हो रहा है और शिक्षकों को सीमित समय अवधि के दौरान उनका ध्यान आकर्षित करने के लिए शैक्षणिक सामग्री को आकर्षक बनाने के लिए प्रशिक्षण की आवश्यकता है। छात्रों के बीच विचारात्मक क्षमता विकसित करना शिक्षकों के लिए एक और चुनौती है।'' शिक्षा के भविष्य पर यूनेस्को के अंतरराष्ट्रीय आयोग की एक हालिया रिपोर्ट में तर्क दिया गया है कि डिजिटल तकनीक जो दूर तक संचार, सहयोग और पठन की व्यवस्था को सक्षम बनाती है, वह सारी चीजों का समाधान नहीं बल्कि नवाचार और विस्तारित क्षमता का एक कठिन उपकरण है। कोविड-19 के बाद के दौर में शिक्षा को लेकर इस रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘यह सोचना एक भ्रम है कि ऑनलाइन शिक्षा सभी के लिए आगे बढ़ने का रास्ता है...आज यह स्पष्ट है कि शिक्षकों की भागीदारी को कोई भी विकल्प नहीं बना सकता है, जिसका कार्य तैयार प्रौद्योगिकियों या पूर्व-तैयार पाठों को लागू करना नहीं बल्कि ज्ञान प्रवर्तक और शैक्षणिक मार्गदर्शक के रूप में अपनी भूमिका को निभाना है।-
- बांदा . उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के गुरेह गांव में रविवार दोपहर खेत में बने गहरे गड्ढे में डूबने से एक किशोर और एक बच्चे की मौत हो गई। बांदा नगर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर देहात गुरेह गांव के मजरे रामगुलाम के पुरवा में खेत में बने बीस फीट गहरे गड्ढे में भैंसों को नहलाने के क्रम में धीरू यादव (आठ) और मुन्ना यादव (14) की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए खेत से खरीदी गई मिट्टी की खुदाई से गहरे गड्ढे हो गए हैं। दोनों बच्चे उसी में भरे पानी में भैंसों को नहला रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। सीओ ने बताया कि दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।एक अन्य घटना में फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह यमुना नदी में स्नान करने गए सुमित (18) की डूबने से मौत हो गई है। एसएचओ आशुतोष सिंह ने बताया कि सुमित का शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
- मेदिनीनगर (झारखण्ड). पलामू जिले के हैदरनगर थानान्तर्गत बुद्धिबिगहा गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने एक घर में शोर मचा रहे तीन तोतों को मारकर एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी कर ली। पुलिस सूत्रों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हैदर नगर के बुद्धिबिगहा गांव में चोर जब छत की टंकी के सहारे घर में घुसे तो तीनों पालतू तोतों ने एक साथ शोर मचाना प्रारंभ कर दिया, जिससे घबराकर चोरों ने सबसे पहले तीनों तोतों का काम तमाम कर दिया। पुलिस ने बताया कि चोरी की यह घटना किसान कन्हाई सिंह के घर में हुई। चोरों ने उनके घर से आभूषण, लैपटॉप समेत लगभग एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी की। चोरी की जानकारी किसान परिवार को सुबह जागने पर हुई। चोरों ने घर में खड़ी बाइक भी अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने चोरी के इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस सिलसिले में अबतक किसी के गिरफ्तार होने की सूचना नहीं है, लेकिन पूरे गांव में स्वामिभक्त तोतों की चर्चा है, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर स्वामी की संपत्ति की रक्षा करने की भरसक कोशिश की।
- नयी दिल्ली. आयुर्वेद चिकित्सा में स्नातक डिग्री पाठ्यक्रम के छात्रों को अब क्वांटम मैकेनिक्स, सामान्य सर्जरी, योग और जीवनशैली प्रबंधन जैसे विषय पढ़ाये जाएंगे। साथ ही, छात्रों को रोबोटिक्स और कृत्रिम बुद्धिमता के उपयोग की बुनियादी जानकारी भी दी जायेगी। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम) के अध्यक्ष डा. जयंत यशवंत देवपुजारी ने एक न्यूज़ एजेंसी ' से बातचीत में बताया, ‘‘आयोग ने हाल में अधिसूचना जारी कर स्नातक आयुर्वेद शिक्षा के न्यूनतम मानक तय किए हैं। इसके तहत आयुर्वेदिक औषधि एवं सर्जरी में स्नातक कोर्स का खाका तैयार किया गया है।'' उन्होंने बताया कि आयुर्वेद चिकित्सा में स्नातक डिग्री कोर्स के तहत प्रथम व्यावसायिक पाठ्यक्रम बीएएमएस में पदार्थ विज्ञान विषय में क्वांटम मैकेनिक्स को शामिल किया गया है। क्वांटम मैकेनिक्स भौतिकी का उपखंड है। इस विषय को आयुर्वेद में शामिल किये जाने के बारे में पूछे जाने पर देवपुजारी ने कहा, ‘‘ पदार्थ विज्ञान के तहत क्वांटम मैकेनिक्स शामिल किया गया है। इसका प्रैक्टिकल उपयोग है, यह दर्शन नहीं है। आयुर्वेद में सैकड़ों वर्षों से इसका उल्लेख है। ऐसे में इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। '' एनसीआईएसएम के अध्यक्ष ने कहा कि आयोग भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी विकास का ढांचा तैयार करना चाहती है और इस उद्देश्य के लिये एक ‘‘बहुविषयक समिति'' का गठन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह समिति जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिकी, गणित, माइक्रो बायोलॉजी, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी, बायो इंफार्मेटिक्स जैसे विषयों में नवाचार एवं नये घटनाक्रमों पर विचार विमर्श करेगी। देवपुजारी ने कहा कि समिति रोग पहचान एवं जांच के तरीकों, सर्जरी की तकनीक, शिक्षण एवं प्रशिक्षण उपायों, अनुसंधान एवं उपकरणों के मानदंड, साफ्टवेयर, उपचार प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्र पर विभिन्न पक्षकारों के साथ विचार विमर्श करेगी और इनमें सुधार के उपाए सुझायेगी। आयोग के दस्तावेज के अनुसार, आयुर्वेद में बीएएमएस पाठ्यक्रम में तीन सेमेस्टर होंगे, जो 18-18 महीने के होंगे तथा अनिवार्य इंटर्नशिप 12 महीने का होगा। दस्तावेज के मुताबिक, बीएएमएस पाठ्यक्रम में मुख्य कोर्स और ऐच्छिक पाठ्यक्रम शामिल होंगे। छात्रों को अन्य विषयों के साथ-साथ आयुर्वेद के लिए संस्कृत की बुनियादी शिक्षा और बुनियादी जीवन सहायता एवं प्राथमिक चिकित्सा की शिक्षा भी दी जाएगी। इसमें कहा गया है कि पाठ्यक्रम में पदार्थ विज्ञान विषय के तहत आयुर्वेद के बुनियादी सिद्धांत और क्वांटम मैकेनिक्स पढ़ाया जाएगा। इसके अलावा, जीवन शैली प्रबंधन, प्रसूति विज्ञान एवं स्त्री रोग विज्ञान जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। पाठ्यक्रम में छात्रों को सामान्य सर्जरी की जानकारी भी दी जाएगी। इंदौर में फिजियोलॉजी संकाय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनोहर भंडारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया, आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह को पत्र लिखकर भारतीय भाषाओं में चिकित्सा शिक्षा का नूतन पाठ्यक्रम तैयार करने का सुझाव दिया था।
- नयी दिल्ली. एअर इंडिया ने रविवार को कहा कि वह मांग में कमी के चलते नौ अप्रैल से भारत-श्रीलंका के बीच अपनी उड़ानों की संख्या मौजूदा 16 से घटा कर 13 उड़ान प्रति सप्ताह करेगी। श्रीलंका अपने इतिहास के सबसे बड़े आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। कम आपूर्ति के चलते ईंधन, रसोई गैस और जरूरी सामान के लिये लंबी कतारें लगी हैं। घंटों बिजली गुल रहती है और आम लोग हफ्तों से ऐसे हालात का सामना कर रहे हैं। एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, ''फिलहाल एअर इंडिया हर हफ्ते 16 उड़ानों का संचालन कर रही है। इनमें दिल्ली से रोजाना एक उड़ान का संचालन किया जा रहा है जबकि चेन्नई से हफ्ते में नौ उड़ानें संचालित की जा रही हैं।'' प्रवक्ता ने कहा कि नए कार्यक्रम के तहत एअर इंडिया हर सप्ताह 13 उड़ानों का संचालन करेगी। प्रवक्ता ने कहा कि चेन्नई से उड़ानों की संख्या में कोई कमी नहीं की जाएगी, जबकि दिल्ली से उड़ानों की तादाद प्रति सप्ताह सात से घटाकर चार की जाएगी। प्रवक्ता ने कहा, ''मांग में कमी के चलते नौ अप्रैल से दिल्ली से उड़ानों की संख्या सात से घटाकर चार की जाएगी।
- इंग्लिश बाज़ार (पश्चिम बंगाल) .पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में एक कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि घटना शनिवार रात को गज़ोले थाना क्षेत्र के तहत आने वाले केस्तोपुर में राज्य राजमार्ग पर हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलट गया और सड़क किनारे स्थित नहर में जा गिरा। ट्रैक्टर का चालक और उसका सहायक उसके नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान संजीत मंडल और सधन तालुकदार के तौर पर हुई है। दोनों गज़ोले के रहने वाले थे।
- जबलपुर. मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) ने भारतीय वायु सेना को 500 किलोग्राम का जीपी (सामान्य उद्देश्य वाले) बम सौंपा है, जो स्वदेश निर्मित अब तक का सबसे बड़ा जीपी बम है। आयुध निर्माण इकाई के महाप्रबंधक एस के सिन्हा ने रविवार को बताया, ‘‘देश में निर्मित अब तक का सबसे बड़ा ‘500 किलोग्राम जीपी बम' भारतीय वायु सेना को सौंप दिया गया है। हमने 48 बम की पहली खेप शुक्रवार को भारतीय वायु सेना को भेजी है।'' उन्होंने कहा कि विभिन्न रक्षा संस्थानों के विशेषज्ञ बम की अत्याधुनिक तकनीक विकसित करने में शामिल थे। सिन्हा ने बताया कि यह बम भारतीय वायु सेना की ताकत को और बढ़ाएगा।
- जम्मू .राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि कश्मीरी पंडित जल्द ही घाटी में अपने घरों को लौट सकेंगे। उन्होंने जोर दिया कि अनुकूल माहौल बनाने के लिए काम किया जा रहा है, ताकि वे फिर कभी विस्थापित न हों। भागवत ने ‘द कश्मीर फाइल्स' फिल्म की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसने 1990 में घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन के पीछे की वास्तविकता के बारे में देश भर में और बाहर जन-जागरूकता पैदा की है। तीन दिवसीय ‘नवरेह' उत्सव के अंतिम दिन कश्मीरी पंडित समुदाय के सदस्यों को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए आरएसएस प्रमुख ने कहा कि कश्मीर घाटी में उनके घर को लौटने के संकल्प को पूरा करने का समय आ गया है। भागवत ने अपने आधे घंटे से अधिक के भाषण में कहा, ‘‘घाटी में लौटने के हमारे संकल्प को पूरा होने में ज्यादा दिन नहीं लगेंगे। यह बहुत जल्द साकार हो जाएगा और हमें इस दिशा में प्रयास जारी रखना होगा। हमारा इतिहास और हमारे महान नेता हम सभी के लिए मार्गदर्शक रहेंगे और प्रेरणा देंगे।'' वर्ष 2011 में दिल्ली में कश्मीरी पंडितों के उत्सव ‘हेराथ' (शिवरात्रि) में अपनी भागीदारी का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि समुदाय ने इस अवसर पर प्रतिज्ञा की थी कि वे अपनी मातृभमि पर लौटेंगे। आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘हर किसी के जीवन में चुनौतियां आती हैं...हम ऐसी स्थिति में हैं जहां तीन-चार दशक पहले हम अपने ही देश में विस्थापित हुए थे। समाधान क्या है?'' साथ ही, उन्होंने कहा, ‘‘हम हार नहीं मानेंगे और अपने घरों को लौटकर अपनी प्रतिज्ञा को पूरा होते देखेंगे।'' उन्होंने इजराइल का जिक्र किया और कहा कि यहूदियों ने अपनी मातृभूमि के लिए 1800 वर्षों तक संघर्ष किया। भागवत ने कहा, ‘‘1700 वर्षों में उनके द्वारा अपनी प्रतिज्ञा के लिए बहुत कुछ नहीं किया गया था, लेकिन पिछले 100 वर्षों में इजराइल के इतिहास ने इसे अपने लक्ष्य को प्राप्त करते हुए देखा और दुनिया के अग्रणी देशों में से एक बन गया।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमें (कश्मीरी पंडितों) दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहना पड़ा है, इस तथ्य के बावजूद कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। हम कहीं भी रह सकते हैं, लेकिन हम अपनी मातृभूमि को नहीं भूल सकते।'' भागवत ने कहा कि ‘द कश्मीर फाइल्स' फिल्म ने दुनिया के सामने कश्मीरी पंडितों की वास्तविकता को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने से पंडितों की कश्मीर घाटी में वापसी का रास्ता खुल गया। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा माहौल बनाने के लिए काम चल रहा है, जहां आप पहले की तरह अपने पड़ोसियों के साथ सुरक्षित महसूस करेंगे और शांति से रहेंगे और कोई भी आपको वहां से नहीं हटा पाएगा।
- नयी दिल्ली. बहुप्रतीक्षित भारत कला महोत्सव सात अप्रैल से राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होगा। कोविड-19 महामारी के कारण पिछले दो वर्ष से इसका आयोजन नहीं हो सका था। इस वार्षिक कला महोत्सव का यह छठा संस्करण है। इस महोत्सव में देश भर से 20 से अधिक कला गैलरी द्वारा लाई गईं 3,500 कलाकृतियां प्रदर्शित होंगी। परंपरागत रूप से त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस साल कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार चार दिवसीय इस महोत्सव में आधुनिक, समकालीन और पारंपरिक भारतीय कलाकारों द्वारा आकर्षक कलाकृतियों और मूर्तियों का प्रदर्शन किया जाएगा। जो कलाकारों, इंटीरियर डिजाइनरों, वास्तुकारों और कला पारखी के साथ गैलरी, डीलरों और खरीदारों को जोड़ेगी। भारत कला महोत्सव के निदेशक राजेंद्र पाटिल ने कहा, ‘‘जब हमने अक्टूबर 2021 में महोत्सव के दिल्ली संस्करण की घोषणा की थी तब 80 स्टॉल पहले तीन हफ्तों के भीतर ही बिक गए थे और सभी स्टॉल नवंबर 2021 तक बिक गए थे। कलाकारों और गैलरी की यह जबरदस्त प्रतिक्रिया हमें दिखाती है कि इस बार का महोत्सव बेहद शानदार होने जा रहा है। हम सदियों पुरानी भारतीय कला परिदृश्य की इस उत्कृष्ट चित्रमाला को प्रस्तुत करने के लिए उत्सुक हैं।'' भारत कला महोत्सव में एम एफ हुसैन, एस एच रजा, सोहन कादरी, मंजीत बावा, जैमिनी रॉय, आभा शर्मा, अतुल गेंडल, देवव्रत बसु, जलपा पटेल और दिशा गांधी सहित कम से कम 350 दिग्गज कलाकारों की कृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। भारत कला महोत्सव 10 अप्रैल तक चलेगा।
- नयी दिल्ली. दिल्ली में आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक में जाने वाले करीब 93 फीसदी मरीज वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से संतुष्ट हैं। दिल्ली सरकार की ओर से कराए गए एक सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई है। सर्वेक्षण के मुताबिक, एक मरीज़ के मोहल्ला क्लिनिक में औसतन 18 मिनट लगते हैं जिसमें से 9.92 मिनट डॉक्टर को दिखाने में और 8.35 मिनट दवाई लेने में। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मोहल्ला क्लिनिक आने वाले मरीजों की संख्या 2021 में बढ़कर प्रतिदिन करीब 116 हो गई है जो 2019 में 104 थी। राष्ट्रीय राजधानी में 520 मोहल्ला क्लीनिक हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि 2019 में उनकी संख्या 403 और 2020 में 503 थी। सर्वेक्षण से यह भी पता चला है कि दिल्ली सरकार की डिस्पेंसरी में प्रतिदिन मरीजों के आने की संख्या 2021 में घटकर 72 हो गई, जो 2019 में 190 और 2020 में 195 थी। इसमें कहा गया है कि दिल्ली सरकार के पॉलीक्लिनिक में प्रति दिन आने वाले मरीजों की औसत संख्या 2021 में घटकर 146 रह गई जो 2019 में 245 थी। फिलहाल, दिल्ली में 29 सरकारी पॉलीक्लीनिक हैं और 175 डिस्पेंसरी हैं।
- बुलदंशहर (उप्र). बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात थाना इलाके में कई दिनों से लापता एक युवक का शव रविवार को गांव के सूखे पड़े रजवाहे से बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, खुर्जा देहात थाना इलाके के फराना गांव के रहने वाले युवक दिनेश (32) का शव रविवार को खुर्जा देहात इलाके के ढांकर गांव के सूखे पड़े रजवाहे में दबा हुआ मिला। दिनेश 29 मार्च से लापता था और उसे परिजनों ने शनिवार को गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। युवक का शव रविवार को बरामद होने के बाद नाराज ग्रामीणों ने हत्या में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए सिकंदराबाद मार्ग को जाम कर दिया। बाद में पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बजरंगबली चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
-
नयी दिल्ली . बिजली मंत्रालय ने शनिवार को स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को उनके अनुरोध पर केंद्रीय उत्पादन संयंत्रों से बिजली का आवंटन किया जाता है। मंत्रालय ने कहा कि इस पर दिल्ली विद्युत नियामक आयोग (डीईआरसी) का कोई अधिकार नहीं है। बिजली मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "केंद्रीय उत्पादन स्टेशनों (सीजीएस) से बिजली केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को उनके अनुरोध पर आवंटित की जाती है। डीईआरसी का इस मामले में कोई अधिकार नहीं है।" बयान के अनुसार, यदि कोई बिजली का फिर से आवंटन किया जाना है तो वह केवल राज्य सरकार के अनुरोध पर है और वह भी उस स्थिति में जब कोई अन्य राज्य बची हुई बिजली लेने के लिए तैयार हो।
-
भोपाल . मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में शनिवार रात आठ बजे के आसपास आसमान से उल्कापिंड गिरने जैसी चमकती रोशनी दिखी जिसका वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। हालांकि, उज्जैन स्थित जीवाजी वेधशाला के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि यह एक सामान्य घटना थी जिसमें संभवतः उल्कापिंड शामिल थे। बड़वानी जिले के लोगों ने बताया कि उन्होंने कुछ चमकीली वस्तु को गिरते हुए देखा। भोपाल, इंदौर, बैतूल एवं धार जिलों में भी इस आकाशीय नजारे के दिखने की खबरें हैं। शासकीय जीवाजी वेधशाला उज्जैन के अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र गुप्त ने बताया, ‘‘मेरे पास भी ये वीडियो आये हैं। इन्हें देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि यह उल्कापिंड ही है। ये सामान्य तौर पर गिरते रहते हैं।'' वहीं, बड़वानी से मिली रिपोर्ट के अनुसार आसमान में यह नजारा कुछ देर तक दिखा।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने 1999 में आतंकवाद रोधी अभियान में शहीद हुए लेफ्टिनेंट कर्नल अजीत भंडारकर के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र ‘द सागा ऑफ ए ब्रेवहार्ट' को शनिवार को रिलीज किया। आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह फिल्म भंडारकर की पत्नी शकुंतला भंडारकर द्वारा लिखी गई शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल की जीवनी पर आधारित है जिन्हें मरणोपरांत ‘शौर्य चक्र' से सम्मानित किया गया था। माया फिल्म्स ने इस वृत्तचित्र का निर्माण किया है।
-
नयी दिल्ली. माता सीता का जन्मस्थल माने जाने वाला हिंदू तीर्थस्थल जनकपुर धाम शनिवार को भारत और नेपाल के बीच शुरू किए गए रेल संपर्क के मुख्य आकर्षणों में से एक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेपाली समकक्ष शेर बहादुर देउबा ने भारत के जयनगर से नेपाल के कुर्था के बीच यात्री रेल सेवा का शनिवार को उद्घाटन किया। रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच यह रेल संपर्क बेहतर सीमा प्रबंधन, सीमावर्ती क्षेत्रों के नियोजित एवं एकीकृत विकास और बुनियादी ढांचे के लिए एक समग्र रणनीति का हिस्सा है। विदेश मंत्रालय 784 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बिहार के जयनगर और नेपाल के बर्दिबास के बीच नेटवर्क के लिए वित्तीय मदद दे रहा है। जयनगर-बिजलपुरा-बर्दिबास रेल लिंक की लंबाई 68.72 किलोमीटर है, जिसमें से 2.975 किलोमीटर का हिस्सा भारत में और 65.745 किलोमीटर का हिस्सा नेपाल में है। यह मार्ग बिहार के मधुबनी जिले और नेपाल के दनुशा, महोतारी और सिरहा जिलों से होकर जाएगा। परियोजना के जयनगर-कुर्था खंड में जयनगर से लगभग 30 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध तीर्थस्थल जनकपुर स्थित है।
-
दुमका .झारखंड में दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सरुआ गांव में एक इमारत में चल रही अवैध बंदूक फैक्टरी का पुलिस ने शनिवार को भंडाफोड़ कर वहां से सौ से अधिक अर्धनिर्मित पिस्तौल एवं रिवॉल्वर बरामद किये। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने शनिवार को ‘ बताया कि कोलकाता पुलिस की सूचना पर दुमका पुलिस ने आज मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरुआ गांव में एक भवन में चल रही अवैध बंदूक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया जहां से सौ से अधिक अर्धनिर्मित हथियार बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि फैक्टरी से एक महिला समेत आध दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अबतक गिरफ्तार लोगों की विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यहां पिस्तौल एवं रिवॉल्वर के कल पुर्जे तैयार कर बिहार के मुंगेर भेजे जाते थे जहां उन्हें असेंबल कर असलहे का असली स्वरूप प्रदान किया जाता था। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली थी कि कोलकाता पुलिस ने एक अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है जिससे मिली सूचना के आधार पर आज की छापेमारी की गयी। लकड़ा ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई में कोलकाता पुलिस का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) भी शामिल था। गौरतलब है कि इससे पहले दुमका में पिछले वर्ष 30 सितंबर को भी अवैध बंदूक फैक्टरी का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था तथा अर्ध निर्मित तमाम असलहे बरामद किये गये थे। -
मुंबई . वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बनाने वाली कंपनी ईकेए ने शनिवार को अपनी पहली ई-बस 'ई9' का अनावरण किया। महाराष्ट्र के पर्यटन एवं पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे और ईकेए एवं पिनेकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष सुधीर मेहता ने पुणे वैकल्पिक ईंधन सम्मेलन (एएफसी) में इस ई-बस का अनावरण किया। ईकेए पिनेकल इंडस्ट्रीज की ही सहायक कंपनी है। ईकेए ने एक विज्ञप्ति में कहा कि कंपनी की ई-बस ई9 में 200 किलोवाट की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो किसी भी तरह के क्षेत्र से निपटने के लिए अधिक हॉर्सपावर और अधिक कर्षण शक्ति से लैस है। -
नयी दिल्ली .रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध टिकट बुकिंग के खिलाफ देश भर में एक महीने तक चले अभियान के तहत 1,459 दलालों को गिरफ्तार किया है और 366 आईआरसीटीसी एजेंट आईडी और 6,751 व्यक्तिगत आईडी को ब्लॉक कर दिया है। रेलवे ने शनिवार को यह जानकारी दी। रेलवे ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेन सेवाओं की बहाली के बाद अभियान ‘ऑपरेशन उपलब्ध' चलाया गया था, क्योंकि त्योहार और गर्मी के दौरान भीड़ बढ़ने से ट्रेनों में आरक्षित सीटों की मांग में तीव्र वृद्धि की उम्मीद थी। रेलवे ने बताया, ‘‘सूचनाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अपने प्रयासों को तेज कर दिया और मार्च 2022 में दलालों की गतिविधियों के खिलाफ अखिल भारतीय अभियान शुरू किया। आरपीएफ की क्षेत्र इकाइयों ने क्षेत्रीय, डिजिटल और साइबर दुनिया से सूचनाओं का मिलान, सत्यापन और विश्लेषण किया और एक मार्च, 2022 से पूरे देश में अभियान शुरू किया।'' रेलवे के एक बयान में कहा गया है, ‘‘यह अभियान बेहद सफल रहा और इसके परिणामस्वरूप 1,459 दलालों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 341 अधिकृत आईआरसीटीसी एजेंट थे, जो रेलवे टिकटों की दलाली में भी शामिल थे। इन आईआरसीटीसी एजेंटों को ब्लैकलिस्ट करने और 366 आईआरसीटीसी एजेंट आईडी एवं 6,751 व्यक्तिगत आईडी को ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है।'' बयान में कहा गया है कि गिरफ्तारियों की संख्या फरवरी महीने के आंकड़े का लगभग 3.64 गुना है। बयान के अनुसार, इन दलालों द्वारा अवैध रूप से बुक की गई 65 लाख रुपये से अधिक की भविष्य की यात्रा टिकटों को बरामद कर और उन्हें ब्लॉक कर दिया गया, जिससे ये सीटें वास्तविक यात्रियों के लिए उपलब्ध हो गई हैं।
-
नयी दिल्ली. भारतीय रेल ने वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान मालढुलाई के मामले में अब तक का रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। रेलवे ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि वर्ष 2021-22 में उसने 14,181 लाख टन माल की ढुलाई की जो वित्त वर्ष 2020-21 के 12,332 लाख टन ढुलाई की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है। यह एक वित्त वर्ष में रेलवे का माल ढुलाई का सर्वाधिक स्तर है। इसके पहले सितंबर 2020 से लेकर मार्च 2022 तक रेलवे ने लगातार 19 महीनों तक मासिक मालवहन का आंकड़ा भी दुरुस्त किया। गत 31 मार्च को समाप्त हुए वित्त वर्ष में रेलवे ने 6,366 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग के विद्युतीकरण का कार्य भी संपन्न किया है जो अपने-आप में एक रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 6.015 किलोमीटर के विद्युतीकरण का था, जो रेलवे ने एक साल पहले ही बनाया था। इस तरह रेलवे के कुल नेटवर्क का 80.2 प्रतिशत मार्ग पर अब विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। वित्त वर्ष 2021-22 में रेलवे ने 2,904 किलोमीटर लंबी नई रेललाइन बिछाने या मार्ग दोहरीकरण का कार्य भी पूरा किया जो एक साल पहले के आंकड़े 2,361 किलोमीटर से 23 प्रतिशत अधिक है। समाप्त वित्त वर्ष में रेलवे ने सर्वाधिक 1,110 नए इलेक्ट्रिक रेल इंजनों को भी शामिल किया। इस दौरान कबाड़ की बिक्री उसे 5,316.1 करोड़ रुपये की आय हुई जबकि वर्ष 2020-21 में इस मद में उसकी आय 4,571.4 करोड़ रुपये रही थी।
-
औरंगाबाद . पैकेजिंग से जुड़े सामान बनाने वाली कॉस्मो फिल्म्स 140 करोड़ रुपये के निवेश के साथ औरंगाबाद में एक सीपीपी फिल्म उत्पादन लाइन स्थापित करेगी। कंपनी ने शनिवार को बताया कि वह आंतरिक स्रोतों और ऋणों के माध्यम से इस उत्पादन लाइन पर 140 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कॉस्मो फिल्म्स ने कहा कि इस विस्तार के लिए उसने वालूज में जमीन भी खरीद ली है। नई उत्पादन लाइन की सालाना क्षमता 25,000 एमटी की होगी। कंपनी के वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज पोद्दार ने कहा कि पैकेजिंग फिल्मों को दोबारा इस्तेमाल में लाने लायक और टिकाऊ बनाने पर दुनिया भर में जोर दिया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए नई उत्पादन लाइन स्थापित करने का फैसला लिया गया है।
-file photo
-
नयी दिल्ली. पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) ने स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बना दिया है, जिसके तहत अब 60 दिन की अवधि के बजाय 30 कार्य दिवसों में लाइसेंस दे दिया जाएगा। नगर निकाय ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लाइसेंस जारी करने की इस सरल नई स्वास्थ्य व्यापार नीति के तहत व्यापारियों को अब एक ऑनलाइन आवेदन भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और लाइसेंस शुल्क का भुगतान करना होगा, जिसके बाद उन्हें एक प्रारंभिक लाइसेंस स्वत: उपलब्ध हो जाएगा जो 30 दिन के लिए वैध होगा। उन्होंने बताया कि 30 दिन के भीतर संबंधित विभाग के अधिकारी आवेदन के तहत आगे कार्रवाई करेंगे, जांच करेंगे और एक नियमित स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस देंगे। ईडीएमसी ने एक बयान में कहा कि यदि नए लाइसेंस को निर्धारित अवधि के भीतर स्थायी नहीं बनाया जाता है, तो एक ‘डीम्ड लाइसेंस अपने आप उपलब्ध हो जाएगा और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि लाइसेंस देने की अवधि इसलिए कम की गई है, ताकि व्यापारी ईडीएमसी क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले स्थलों पर निवेश कर सकें और काम कर सकें। उन्होंने कहा कि ई-एसएलए (ई-सेवा स्तर समझौता) अवधि के बाद ‘डीम्ड लाइसेंस' की समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद या तो नियमित लाइसेंस जारी कर दिया जाएगा या उसे रद्द कर दिया जाएगा। लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए व्यापारियों को ऑनलाइन आवेदन भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे, लाइसेंस शुल्क देना होगा और वे अपने स्तर पर नियमित स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे।
-
चंडीगढ़. हरियाणा सरकार ने शनिवार को निर्णय किया कि अब सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने पर जुर्माना नहीं लगाया जाएगा लेकिन कहा कि लोगों को सावधानी के तौर पर यह पहनना चाहिए और कोविड अनुरूप व्यवहार करना चाहिए। राज्य में कोविड के मामलों में महत्वपूर्ण कमी आने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
सरकार ने जुर्माने का प्रावधान वापस लेते हुए लोगों को फेस मास्क पहनने, हाथ साफ रखने, बार-बार सैनिटाइज़र का उपयोग करने और भौतिक दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) द्वारा जारी आदेश में कहा गया, “राज्य सरकार की अधिसूचना दिनांक 27.5.2020 जिसके तहत सार्वजनिक स्थानों और कार्यस्थल पर प्रत्येक व्यक्ति द्वारा फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया था, को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है।" आदेश में कहा गया, "सार्वजनिक/कार्यस्थलों पर फेस मास्क नहीं पहनने पर कोई जुर्माना या 500 रुपये का जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।-file photo
-
रांची. झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर शनिवार को इंडिगो के कोलकाता जाने वाले एक विमान में उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खामी आ जाने के कारण उड़ान को रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 72 सीट की क्षमता वाले इंडिगो के विमान में 62 यात्री सवार थे और विमान सुबह करीब नौ बजे उड़ान भरने वाला था। रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया, ‘‘विमान का एसी बंद हो गया था और उससे तेज आवाजें आ रही थीं, जिससे विमान में सवार यात्री घबरा गए थे। इसलिए विमान को मरम्मत कार्य के लिए हवाई अड्डा पर रखा गया है।'' उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। शर्मा ने बताया कि इंडिगो के एटीआर-72 विमान को दुरुस्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी को कोई क्षति नहीं हुई। हादसे को लेकर इंडिगो की ओर से जारी एक बयान में विमानन कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। बयान के अनुसार, ‘‘रांची से कोलकाता जाने वाली इंडिगो एटीआर फ्लाइट 6ई-7562 विमान के केबिन एयर कंडीशनिंग उपकरण में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण विमान को वापस पार्किंग क्षेत्र में लौटाया गया। उड़ान रद्द कर दी गई है और आवश्यक जांच की जा रही है।
-
मुंबई . अभिनेत्री एवं मॉडल मलाइका अरोड़ा शनिवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर खोपोली के पास एक सड़क दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हो गईं। यह जानकारी पुलिस ने दी। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि अभिनेत्री को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना शाम करीब 4.45 बजे एक फूड-मॉल के पास उस समय हुई जब अरोड़ा पुणे से मुंबई लौट रही थीं। उन्होंने कहा कि एक बस और दो कारों के बीच टक्कर हुई तथा उनमें से एक ने अरोड़ा की एसयूवी को टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री अपने चालक और सुरक्षाकर्मी के साथ यात्रा कर रही थीं। उन्होंने कहा कि उस समय महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के एक नेता भी वहां से गुजर रहे थे जो अभिनेत्री को अपनी कार में मुंबई ले आए।
-
छतरपुर (मप्र) । मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा जाने से कार सवार एक न्यायाधीश की मौत हो गई,वहीं एक अन्य न्यायाधीश सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।पुलिस उप अधीक्षक शशांक जैन ने रविवार को बताया कि यह हादसा छतरपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर मातगुवां थाना क्षेत्र के पराचौकी के पास शनिवार रात करीब आठ बजे के आसपास हुआ।उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में बड़ामलहरा में पदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रटे (प्रथम श्रेणी) ऋषि तिवारी की मौत हो गई।जैन ने बताया कि इस हादसे में बड़ामलहरा में ही पदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रटे (प्रथम श्रेणी) आशीष मथोरिया और कार चला रहे उनके साले राम दिनकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है।उन्होंने कहा कि ये लोग बड़ामलहरा से छतरपुर आ रहे थे और कार रास्ते में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गयी। मृतक जज ऋषि तिवारी की उम्र लगभग 30 साल थी। वह बड़ा मलहरा कोर्ट में तैनात थे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।



























.jpg)