- Home
- देश
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग ने शनिवार को मानव तस्करी रोधी एक प्रकोष्ठ की शुरूआत की। इसका उद्देश्य मानव तस्करी मामलों को प्रभावी तरीके से निपटारा करना, महिला और लड़कियों के बीच जागरूकता बढ़ाना, तस्करी रोधी इकाईयों को प्रशिक्षण और क्षमता बढ़ाना है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच जागरूकता बढ़ाने और उनकी क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य के साथ यह प्रकोष्ठ कार्य करेगा। यह प्रकोष्ठ क्षेत्रीय, राज्य और जिला स्तर पर पुलिस अधिकारियों और अभियोजकों के लिए मानव तस्करी का मुकाबला करने के वास्ते प्रशिक्षण और कार्यशालाओं का आयोजन करेगा। प्रकोष्ठ आयोग को मिलने वाली मानव तस्करी से संबंधित शिकायतों का समाधान भी करेगा। आयोग को तस्करी से निपटने में जिन कुछ प्रमुख मुद्दों का सामना करना पड़ता है, उनमें पीड़ितों के लिए पुनर्वास की कमी और अवैध व्यापार से बचाए गए लोग और उनके परिवारों के प्रति असंवेदनशील रवैया रहता है, इसलिए प्रकोष्ठ निगरानी तंत्र में सुधार करेगा। अवैध व्यापार की रोकथाम और पीड़ितों के पुनर्वास के लिए अपनाए जा रहे उपायों के संबंध में सरकारी एजेंसियों को प्रोत्साहित भी करेगा।
- नयी दिल्ली . दिल्ली सरकार ने पिछले दो वर्षों में राष्ट्रीय राजधानी में सड़कों की मरम्मत पर 1500 करोड़ से अधिक रुपये खर्च किए हैं। लोक कार्य विभाग ने यह जानकारी दी। इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली विधानसभा में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी साझा की गई। जवाब में कहा गया है, “2020-21 में सड़कों की मरम्मत और सेंस कारपेटिंग के लिए 873.79 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई थी, जिसमें से 539.99 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसी तरह, 2021-22 के दौरान, इस उद्देश्य के लिए 1041.38 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई थी, जिसमें से 985.96 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
- भोपाल. एक्सप्रेस ट्रेन में नागपुर से दिल्ली इलाज के लिए ले जाये जा रहे गंभीर रूप से बीमार 26 दिन के एक बच्चे को ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ने की जानकारी मिलने पर भोपाल के कई निवासी उसकी मदद करने के लिए आगे आये और आधी रात को उसे ट्रेन में ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाए। इन लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट पढ़ा था कि ट्रेन से यात्रा के दौरान इस बच्चे के लिए मेडिकल ऑक्सीजन की आवश्यकता है और शुक्रवार तड़के कई लोग ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंच गए। इस बच्चे के माता-पिता ने उसको बचाने के लिए मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लोगों को धन्यवाद दिया है। इस बच्चे को दिल की बीमारी है और चिकित्सकों ने बताया है कि बच्चे के दिल का वॉल्व खराब है। बच्चे की मां निकिता ने शनिवार को बताया, ‘‘हमने भोपाल के निवासियों से तीन सिलेंडर लिए। वहां के लोग बहुत मददगार हैं।'' निकिता (25)ने बताया कि नागपुर के चिकित्सकों ने उन्हें जानकारी दी कि उनके इकलौते बच्चे के दिल में मौजूद खराब वॉल्व को ठीक करने के लिए जल्द से जल्द ऑपरेशन की आवश्यकता है और हमें उसे नयी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)ले जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मदद से हमें बृहस्पतिवार को बिलासपुर-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12411) में तुरंत एक सीट मिल गई। उनका भी धन्यवाद। हमने अपने बच्चे के साथ रात 8.30 बजे यात्रा शुरू की, लेकिन रास्ते में हमें एहसास हुआ कि ऑक्सीजन सिलेंडरों का स्टॉक कम होने लगा है।'' बच्चे के परिवार के एक परिचित ने बताया कि निकिता के पति प्रवीण ने तब नागपुर में अपने एक दोस्त खुशरू योचा से संपर्क किया और मदद मांगी। उन्होंने बताया कि भोपाल में कुछ सामाजिक संगठनों को फोन करने के अलावा, योचा ने रेलवे अधिकारियों को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर ऑक्सीजन की आवश्यकता के संबंध में पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि योचा ने भोपाल के पूर्व मंडल रेल प्रबंधक उदय बोरवणकर से भी मदद के लिए संपर्क किया। बोरवणकर ने आधे घंटे के भीतर प्रवीण को फोन किया और उन्हें आश्वासन दिया कि उन्हें भोपाल रेलवे स्टेशन पर ऑक्सीजन सिलेंडर मिलेगा। इस बीच, सोशल मीडिया पर मदद के लिए किया गया पोस्ट भी वायरल हो गया और कई लोग मदद के लिए दौड़े चले आये। जब यह ट्रेन बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात दो बजे भोपाल रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तो इस दंपति एवं बच्चे की मदद करने के लिए सामाजिक संगठनों के लोग, मुसीबत में लोगों की मदद करने वाले व्यक्ति, रेलवे और राजस्व विभाग के अधिकारी कई ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर भोपाल रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। बच्चे की मां ने कहा कि कई संगठन ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर स्टेशन पहुंचे, लेकिन हमने केवल तीन सिलेंडर लिए। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित एम्स में उनके बच्चे की जांच की जा रही है।
- जम्मू. जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में स्थित सब्सिडियरी प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड में सीमा सुरक्षा बल के 626 रंगरूटों ने राष्ट्र की सेवा करने की शपथ ली। पिछले एक पखवाड़े में यहां स्थित एसटीसी में आयोजित बीएसएफ की यह दूसरी पासिंग आउट परेड है। इससे पहले 20 मार्च को 636 रंगरूट इस केंद्र से पास आउट हुए थे और इस परेड की अध्यक्षता उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की थी। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने रंगरूटों को दो साल का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बीएसएफ से की थी जो देश की रक्षा की प्रथम पंक्ति मानी जाती है।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,260 नये मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,30,27,035 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 13,445 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 83 मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,21,264 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.76 फीसदी है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 227 मामलों की कमी दर्ज की गई है। वहीं, संक्रमण की दैनिक दर 0.24 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.23 प्रतिशत रिकॉर्ड हुई है। मंत्रालय के अनुसार, संक्रमण से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,24,92,326 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं, देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 184.52 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, जिन 83 और लोगों की मौत हुई है, उनमें 79 केरल के हैं। अभी तक देश में इस महामारी से 5,21,264 मरीज जान गंवा चुके हैं। इनमें से 1,47,785 की मौत महाराष्ट्र, 67,992 की केरल, 40,054 की कर्नाटक, 38,025 की तमिलनाडु, 26,153 की दिल्ली, 23,496 की उत्तर प्रदेश और 21,197 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई है। मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि देश में 19 दिसंबर 2020 को कोविड-19 के मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
- कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश). कौशाम्बी जिले के सैनी क्षेत्र में शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महेवा घाट थाना क्षेत्र के अढौंली गांव के निवासी चंद्रशेखर (32) तथा लालचंद (20) नामक व्यक्ति मोटरसाइकिल से सैनी जा रहे थे। रास्ते में सिराथू—धाता मार्ग पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन दोनों की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिए हैं।
- चेन्नई . तमिलनाडु सरकार ने संपत्ति कर की व्यापक श्रेणियों में संशोधन लागू करने की शनिवार को घोषणा की। स्थानीय निकायों के लिए राजस्व एकत्रित करने के लिए कर में 150 फीसदी तक की वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि राज्य सरकार का दावा है कि इस बढ़ोतरी के बावजूद ये दरें अन्य राज्यों के मुकाबले कम हैं।मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने कर में इस वृद्धि को लेकर सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह तो महज शुरुआत है। द्रमुक के सहयोगी दल कांग्रेस ने भी इस कर वृद्धि का विरोध करते हुए कहा कि इससे जनता पर बोझ और बढ़ेगा। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के मुख्य इलाके में स्थित 600 वर्गफुट से कम क्षेत्र वाली आवासीय इकाइयों के लिए संपत्ति कर संशोधन 50 फीसदी रखा गया है। वहीं 600 से 1,200 वर्गफुट में बनी इमारतों के लिए यह 75 फीसदी और 1,200-1,800 वर्गफुट में बनी इमारतों के लिए 100 फीसदी कर वृद्धि की गई है। राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक चेन्नई में 1,801 वर्गफुट से अधिक क्षेत्र में बनी आवासीय इकाइयों के लिए संपत्ति कर की दरों में 150 फीसदी संशोधन किया गया है। इस बारे में उठे सवालों पर अपनी सरकार का रुख साफ करते हुए तमिलनाडु के नगर निकाय प्रशासन मंत्री के एन नेहरु ने कहा कि करों में यह बदलाव 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप किया गया है। इसके अलावा नगरीय निकायों के अपने राजस्व में आई गिरावट से भी कर दर बढ़ाने का फैसला करना पड़ा है।
- भोपाल. सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन यह हकीकत है कि विदेशी नस्लों के कई महंगे कुत्तों और बिल्लियों का इलाज उनके मालिक अपना बीपीएल कार्ड (गरीबी रेखा से नीचे का कार्ड) दिखाकर यहां के एक पशु चिकित्सा अस्पताल में रियायती दरों पर करवा रहे हैं। इस अस्पताल के पशु चिकित्सकों का कहना है कि वे ऐसे जानवरों को रियायती दर पर उपचार से इंकार नहीं कर सकते हैं क्योंकि उनके मालिक बीपीएल कार्ड दिखाते हैं, जो उन्हें सरकारी अधिकारियों द्वारा विधिवत जारी किए जाते हैं। इस साल 26 फरवरी से 31 मार्च के बीच, यहां के राज्य पशु अस्पताल में बीपीएल योजना के तहत कुत्तों, बिल्लियों, बकरियों, खरगोशों, भेड़ों और मेमनों सहित कुल 84 जानवरों का केवल एक ही पाली के दौरान चिकित्सीय जांच एवं उपचार किया गया। सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी भरत सिंह ने शनिवार को ‘ एक न्यूज़ एजेंसी ' को बताया, ‘‘अस्पताल जानवरों के इलाज के लिए चार पालियों में चलता है। 26 फरवरी से 31 मार्च तक दोपहर एक बजे से शाम सात बजे की पाली में 37 कुत्तों, 20 बकरा-बकरियों, खरगोश एवं चूहों सहित 26 अन्य जानवरों और एक भेड़ के मालिकों ने बीपीएल कार्ड दिखाकर रियायतों का लाभ उठाया है।'' अस्पताल में लगाई गई शुल्क सारिणी के अनुसार, गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल) के लोगों से अपने कुत्तों के इलाज के लिए पंजीकृत कराने पर 20 रुपये लिए जाते हैं, जबकि बीपीएल कार्ड धारकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता। एपीएल श्रेणी के लोगों के स्वामित्व वाले घरेलू जानवरों के लिए एक्स-रे शुल्क 150 रुपये है, जबकि बीपीएल कार्ड धारकों के लिए मात्र 30 रुपये है। इसी तरह, एपीएल कार्ड धारकों के जानवरों के लिए सीटी स्कैन के लिए शुल्क 1,600 रुपये प्रति पशु है, जबकि बीपीएल श्रेणी के लिए यह केवल 1,200 रुपये हैं। ऑपरेशन करने में भी यह छूट दी जाती है। एपीएल श्रेणी के लोगों से उनके घरेलू जानवरों के बड़े फ्रैक्चर ऑपरेशन के लिए 1,000 रुपये लिए जाते हैं, जबकि बीपीएल कार्ड धारक इसके लिए केवल 500 रुपये का भुगतान करते हैं। एपीएल श्रेणी के व्यक्ति को अपने घरेलू पशु का रूधित शर्करा (ब्लड शूगर) जांच कराने के लिए 50 रुपये का भुगतान करना पड़ता है, जबकि बीपीएल कार्ड धारक के लिए यह सिर्फ 30 रुपये है। अस्पताल के संयुक्त निदेशक डॉ. एच एल साहू ने बताया, ‘‘इस अस्पताल में रोजाना करीब 500 जानवरों को इलाज के लिए लाया जाता है, जिनमें से कम से कम 10 जानवरों को बीपीएल कार्ड धारकों द्वारा लाया जाता है।'' अस्पताल के एक अन्य पशु चिकित्सक ने कहा कि कम से कम 40,000 रुपये की कीमत के सेंट बर्नार्ड जैसी विदेशी नस्लों वाले कुत्तों के मालिक भी अपना बीपीएल कार्ड दिखाकर अपने इन कुत्तों के इलाज के लिए इस अस्पताल में आते हैं और रियायतें प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम कुछ नहीं कर सकते हैं। हम ऐसे महंगे कुत्तों एवं विदेशों से आयात की गई पर्शियन बिल्लियों का रियायत दर पर उपचार करने से इंकार नहीं कर सकते हैं, क्योंकि जो लोग इनका इलाज करवाने के लिए लाते हैं उनके पास बीपीएल कार्ड हैं जो सरकारी अधिकारियों द्वारा उन्हें विधिवत रूप से जारी किए गए हैं।'' पशु चिकित्सक ने कहा कि इस अस्पताल की पशु रोगी कल्याण समिति की बैठक में जल्द ही एक प्रस्ताव लाकर बीपीएल कार्ड धारकों को उनके महंगे कुत्ते और बिल्लियों के उपचार के लिए दी जाने वाली रियायत को खत्म करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे अनावश्यक रूप से सरकारी खजाने पर बोझ पड़ रहा है और रियायत खत्म करने से यह राशि बचेगी।
- मुंबई. अभिनेता राजकुमार राव ने शनिवार को कहा कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है जिसमें उनके नाम से कर्ज लेने के लिए उनके पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल किया गया। राव (37) ने दावा किया कि इस घटना के कारण उनका ‘क्रेडिट स्कोर' प्रभावित हुआ और उन्होंने क्रेडिट इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (इंडिया) लिमिटेड (सिबिल) के अधिकारियों से इस मामले को देखने को कहा है। उन्होंने ट्वीट किया, “मेरे पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल किया गया और मेरे नाम से ढाई हजार रुपये का कर्ज लिया गया। इसके कारण मेरा ‘सिबिल स्कोर' प्रभावित हुआ। सिबिल के अधिकारी कृपया इसका संज्ञान लें और एहतियाती कदम उठाएं।” सिबिल के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से अभी तक इसका जवाब नहीं दिया गया है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के बीच व्यापक वार्ता के बाद विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने शनिवार को कहा कि एक सामान्य समझ थी कि दोनों देशों के बीच सीमा मुद्दे का समाधान बातचीत के माध्यम से जिम्मेदार तरीके से करने की जरूरत है और इसके राजनीतिकरण से बचना चाहिये। श्रृंगला ने यह बात मोदी और देउबा के बीच बातचीत के बाद एक मीडिया ब्रीफिंग में यह टिप्पणी की।देउबा ने मीडिया को दिए अपने बयान में कहा कि सीमा मुद्दे पर चर्चा हुई और उन्होंने मोदी से द्विपक्षीय तंत्र की स्थापना के माध्यम से इसे हल करने का आग्रह किया। श्रृंगला ने कहा कि इस मुद्दे पर संक्षिप्त चर्चा हुई। उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर संक्षेप में चर्चा हुई। एक सामान्य समझ थी कि दोनों पक्षों को हमारे करीबी और मैत्रीपूर्ण संबंधों की भावना में चर्चा और बातचीत के माध्यम से इसे जिम्मेदार तरीके से समाधान करने की जरूरत है और ऐसे मुद्दों के राजनीतिकरण से बचने की जरूरत है।'' श्रृंगला इस मुद्दे पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि एक भावना थी कि हमें इसका समाधान चर्चा और बातचीत के माध्यम से करना चाहिए।'' नेपाल द्वारा 2020 में एक नया राजनीतिक मानचित्र प्रकाशित करने के बाद भारत और नेपाल के बीच संबंधों में गंभीर तनाव आ गया था, जिसमें तीन भारतीय क्षेत्रों - लिंपियाधुरा, कालापानी और लिपुलेख - को नेपाल के हिस्से के रूप में दिखाया गया था। भारत ने अपनी ओर से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे "एकतरफा कार्रवाई" कहा था और काठमांडू को आगाह किया था कि क्षेत्रीय दावों का ऐसा "कृत्रिम विस्तार" उसे स्वीकार्य नहीं होगा। मई 2020 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा लिपुलेख दर्रे को धारचूला से जोड़ने वाली 80 किलोमीटर लंबी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क का उद्घाटन करने के बाद यह मुद्दा उठा था। नेपाल ने सड़क के उद्घाटन का विरोध करते हुए दावा किया कि यह उसके क्षेत्र से होकर गुजरता है और कुछ हफ्ते बाद नया नक्शा सामने आया। संबंधों को फिर से पटरी पर लाने के उद्देश्य से श्रृंगला ने नवंबर 2020 में नेपाल का दौरा किया था। श्रृंगला की यात्रा के बाद तत्कालीन नेपाली विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ग्यावली ने भारत की यात्रा की थी।
- तिरुपातूर (तमिलनाडु). तमिलनाडु में तिरुपातूर जिले के एक गांव में शनिवार को महिलाओं सहित सात व्यक्तियों की उस वक्त मौत हो गयी, जब उन्हें मंदिर ले जा रहा पिक-अप ट्रक घाटी में गिर गया। इस घटना में 14 व्यक्ति घायल भी हुए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह मंदिर जिले के सम्बराई गांव में पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। ट्रक का चालक घाट रोड पर मोड़ काटते वक्त वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हो गयी। अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली कि सात व्यक्तियों की मौत हुई और 14 घायल हुए हैं। अधिकारीगण आगे की जांच के लिए घटनास्थल रवाना हो गये हैं।'' एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि पानी के बोतल और चप्पलें घटनास्थल पर बिखरे पड़े हैं, जबकि महिलाएं और बच्चे ट्रक से बहुत दूर जमीन पर पड़े हैं। पुलिस ने बताया कि एक मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
- नयी दिल्ली. दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में शनिवार को परिक्रमा रेस्तरां में मामूली आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि शाम करीब 5 बजकर 33 मिनट पर रेस्तरां में आग लगने की सूचना मिली। पता चला है कि आग एक चिमनी में लगी थी। उन्होंने बताया कि दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।अधिकारियों ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।होटल के एक कर्मचारी ने कहा, ''रसोई के अंदर रखी चिमनी में मामूली आग लग गई थी। जब यह टूटी तो हमारे कर्मचारी वहां मौजूद थे, लेकिन तत्काल दमकल की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और अब स्थिति नियंत्रण में है।
-
सीवान। बिहार के सीवान के गुठनी थाना क्षेत्र के गुठनी मोड़ के समीप शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुठनी मेहरौना मुख्य मार्ग पर श्रीकरपुर गांव के समीप घटी।
पुलिस ने बताया कि तेज गति से आ रहे मिनी ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मिनी ट्रक में बैठे तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए। वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही गुठनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे में मरने वालों की पहचान उत्तर प्रदेश के बरभौल मजरा हरदोई निवासी राम लाल के 28 वर्षीय पुत्र अम्बेद कुमार तथा रतनपुरा पाली निवासी शिरीष कुमार के 40 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। वहीं तीसरे व्यक्ति की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाने ले आई। -
नवादा। बिहार के नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत तेतरिया पंचायत के चंदवारा गांव में हुई एक शादी सुर्खियां बन गई है। दरअसल वहां चट मंगनी पट ब्याह वाली स्थिति बन गई थी। हुआ यूं कि एक युवक अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया और सीधे शादी का प्रस्ताव उसके परिवार वालों के समक्ष रख दिया। लड़का नवादा नगर थाना क्षेत्र के पिपरपांती गांव निवासी महेश चौहान का पुत्र विकास कुमार बताया गया है। उसका कई माह पूर्व से ही चंदवारा गांव निवासी तेतर चौहान की पुत्री भारती कुमारी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
प्रेमी विकास कुमार अपनी प्रेमिका भारती कुमारी के घर पहुंचकर अपनी मर्जी से शादी करने की बात की। लड़की के परिवार वालों ने आपस में विमर्श किया और शादी के लिए तैयार हो गए। फिर सीतामढ़ी धाम स्थित चौहान मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई।
लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि कि विकास कुमार रिश्ते में भारती कुमारी के भाभी का भाई लगता है। पूर्व से रिश्तेदारी के कारण दोनों की जान-पहचान हुई थी। जो प्रेम प्रसंग से होते हुए शादी तक पहुंच गई। शादी के बाद प्रेमी युगल पति-पत्नी हो गए। दोनों काफी खुश दिखे। वहां मौजूद लोगों ने दोनों के सुखमय दांपत्य जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। फिलहाल, यह शादी इलाके में चर्चा का विषय बना है। - ग्रेटर नोएडा. नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्माण की विस्तृत योजना को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (नियाल) की छह अप्रैल को होने वाली बोर्ड की बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा. अरुणवीर सिंह ने यह जानकारी दी। वर्ष 2024 में नोएडा हवाईअड्डे से यात्री सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे का निर्माणकार्य मई से शुरू हो सकता है। यमुना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड अधिगृहीत जमीन में चारदीवारी का निर्माण करा रही है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले कंपनी ने निर्माण की विस्तृत योजना स्वीकृति के लिए नियाल को सौंपी थी, नियाल ने ‘इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड' से इसका तकनीकी परीक्षण कराया और अब इस योजना को नियाल बोर्ड की स्वीकृति के लिए छह अप्रैल को लखनऊ में होने वाली बैठक में पेश करिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना में हवाई पट्टी , टर्मिनल की इमारत, एयर ट्रैफिक कंट्रोल समेत ढांचागत सुविधाओं के निर्माण का पूरा खाका है।
- नयी दिल्ली. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि संसद परिसर में पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहन का चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाए ताकि सांसद वहां कार को चार्ज कर सकें । निचले सदन में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के उत्तर में गडकरी ने कहा, ‘‘ मैं इस सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि अगले दो वर्षो में इलेक्ट्रिक दो पहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहनों की कीमत पेट्रोल चलित वाहनों के बराबर हो जायेगी ।'' उन्होंने कहा कि इस दिशा में हमारी नीति आयात का विकल्प तैयार करने, लागत कम करने, प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने तथा स्वदेशी के विकास पर आधारित हैं । मंत्री ने कहा कि उनका आग्रह है कि सभी सरकारी परिसरों में पार्किंग स्थलों में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो । गडकरी ने कहा, ‘‘मेरा लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह है कि संसद परिसर में पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहन का चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाए ताकि सांसद वहां कार को चार्ज कर सकें ।'' तब, लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि लेकिन यह भुगतान के साथ हो ।इस पर गडकरी ने कहा, ‘‘ आप जो कहेंगे, वह करेंगे । मेरा आग्रह है कि नये भवन में छत पर सौर ऊर्जा पैनल की व्यवस्था कर दी जाए और इससे नि:शुल्क बिजली मिल जायेगी । कोई खर्च भी नहीं लगेगा । '' सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि पेट्रोल, डीजल की कीमतों के कारण कई तरह की समस्याएं आ रही है और वैकल्पिक ईंधन ही विकल्प है । उन्होंने कहा ‘‘ इसमें ग्रीन हाइड्रोजन, बिजली, इथेनॉल, मिथेनॉल, बायो डीजल, बायो एलएनजी, बायो सीएनजी शामिल हैं । हम इस दिशा में काम कर रहे हैं । '
- जयपुर. गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के नेता रहे कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का बृहस्पतिवार को यहां निधन हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बैंसला के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि देश सेवा व गुर्जर समाज के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। बैंसला लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें यहां एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उल्लेखनीय है कि बैंसला राजस्थान में गुर्जर आरक्षण को लेकर चले आंदोलन के अगुवा व प्रमुख चेहरा रहे। साल 2007 व 2008 में चले इस आंदोलन में 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। बैंसला 2009 में भाजपा की टिकट पर चुनाव भी लड़े, जिसमें उन्हें मामूली वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। लोकसभा अध्यक्ष बिरला व मुख्यमंत्री गहलोत सहित राज्य के तमाम नेताओं ने बैंसला के निधन पर शोक जताया है। बिरला ने ट्वीट किया,‘‘सामाजिक आंदोलन के प्रखर नेतृत्वकर्ता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सामाजिक अधिकारों के लिए उन्होंने आजीवन संघर्ष किया।'' मुख्यमंत्री गहलोत ने बैंसला के निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘‘कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन का समाचार बेहद दुखद है। गुर्जर आरक्षण आंदोलन के मुखिया के रूप में बैंसला साहब ने एमबीसी (अति पिछड़ा वर्ग) के आरक्षण के लिए लंबा संघर्ष किया। एमबीसी वर्ग को आज जो आरक्षण मिल पाया है, उसका श्रेय अगर किसी एक व्यक्ति को जाता है तो वह हैं कर्नल बैंसला।'' गहलोत ने ट्वीट किया,‘‘सेना में रहते हुए देशसेवा एवं गुर्जर समाज के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। समाज के मुद्दों को लेकर अनेक बार उनसे चर्चा होती रही। मेरे प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा।'' पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया, ‘‘बैंसला ने आजीवन समाज की भावनाओं को आवाज दी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।'' नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां सहित राज्य के तमाम नेताओं ने बैंसला के निधन पर शोक जताया है।
- नयी दिल्ली. नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि 27 मार्च से भारत से विदेशी एयरलाइनों द्वारा प्रत्येक सप्ताह 1783 उड़ानें परिचालित की जायेंगी और घरेलू एयरलाइनें प्रति सप्ताह 1465 उड़ानें संचालित कर रही हैं । लोकसभा में कुछ सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह जानकारी दी।नागर विमानन मंत्री ने कहा कि भारत में इस वर्ष दो नयी एयरलाइनें शुरू हो रही हैं जिनमें जेट एयरवेज और आकाशा एयर शामिल हैं । उन्होंने कहा कि 27 मार्च को सभी अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र को उड़ानों के लिये खोल दिया गया हैं।सिंधिया ने कहा कि भारत से विदेशी एयरलाइनों द्वारा प्रत्येक सप्ताह 1783 उड़ानें परिचालित की जायेंगी और घरेलू एयरलाइनें प्रति सप्ताह 1465 उड़ाने चला रही हैं । उन्होंने कहा कि 20 वर्ष बाद दो नयी एयरलाइनें भारत के आकाश में उड़ान भरेंगी और शुरू में यह छोटे दायरें में होंगी तथा धीरे धीरे इनका विस्तार होगा । मंत्री ने कहा, भारत में नागर विमानन क्षेत्र के लिये यह ऐतिहासिक समय है। '''सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि आम आदमी, हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति हवाई जहाज से यात्रा करे और उड़ान योजना इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
- बाराबंकी (उप्र) . बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हाथी का पुरवा गांव के पास एक कार और मिट्टी से लदे डंपर की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना बुधवार रात हुई जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चौथे व्यक्ति ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। कार में सवार सभी लोग प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले थे और लखनऊ जा रहे थे। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि तेज रफ्तार कार गांव के पास डंपर से टकरा गई । स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार सभी लोगों को बाहर निकालकर हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया । पुलिस ने बताया कि चौथे व्यक्ति को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान इरशाद खान (30), अबुबकर राइन (32), लुकमान राइन (33) और इमरान (25) के रूप में हुई है।
- नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद में कहा कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को किसी फिल्म को प्रतिबंधित करने का अधिकार नहीं है लेकिन वह दिशानिर्देशों के उल्लंघन को लेकर किसी फिल्म को प्रमाणन देने से मना कर सकता है। बोर्ड ने 2014 से छह फिल्मों को प्रमाणन देने से मना किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी फिल्म का प्रदर्शन राज्य का विषय है और राज्य सरकार प्रदेश में फिल्मों के लाइसेंस जारी करने और प्रदर्शन से संबंधित अन्य मामलों हेतु अधिकृत है। उन्होंने कहा कि किसी फिल्म को प्रतिबंधित करने का अधिकार सीबीएफसी के पास नहीं है। तथापि, सीबीएफसी चलचित्र कानून, 1952 के तहत जारी किए गए दिशानिर्देशों के उल्लंघन के लिए सार्वजिक प्रदर्शन हेतु किसी फिल्म को प्रमाणन देने से मना कर सकता है। मंत्री ने कहा कि बोर्ड ने 2014 से अब तक केवल छह फिल्मों को प्रमाणन देने से मना किया है। उन्होंने कहा कि 2014-15 में एक, 2016-17 में दो, 2018-19 में दो और 2019-20 में एक फिल्म को प्रमाणन देने से मना किया गया है। उन्होंने कहा कि चलचित्र अधिनियम, 1952 व चलचित्र (प्रमाणन) नियम, 1983 और उनके तहत जारी किए गए दिशानिर्देशों के अनुसार फिल्मों के प्रमाणन के लिए एक स्पष्ट प्रक्रिया है और फिल्मों के खिलाफ शिकायतों का निपटान चलचित्र अधिनियम, 1952 के प्रावधानों के अनुसार किया जाता है।
- जम्मू . ‘टर्टल डोव' (कबूतर जैसा दिखने वाला पक्षी) की घटती संख्या से चिंतिंत जम्मू कश्मीर वन्यजीव सुरक्षा विभाग (डीडब्ल्यूपी) ने बृहस्पतिवार को नोटिस जारी कर लोगों से इस पंछी का शिकार करने वालों के बारे में जानकारी देने का आह्वान किया है। डीडब्ल्यूपी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ टर्टल डोव की संख्या चिंताजनक दर से घट रही है क्योंकि कुछ विवेकहीन तत्व इस पक्षी का शिकार करते हैं।'' उन्होंने कहा कि स्थानीय तौर पर ‘कलमुंहा' नाम से चर्चित इस चिड़िया का शिकार करना दंडनीय अपराध है जिसके लिए वन्यजीव सुरक्षा कानून के तहत तीन साल तक की कैद की सजा या 25000 रूपये के जुर्माने का प्रावधान है, या फिर दोनों हो सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि हमने सार्वजनिक नोटिस जारी कर शिकार की ऐसी घटनाओं के बारे में सूचनाएं मांगी है।नोटिस के अनुसार टर्टल डोव एक छोटा प्रवासी पक्षी है और वह वन्यजीव सुरक्षा अधिनियम की अनुसूची चार के तहत अधिसूचित है। इस सीजन में यह पक्षी प्रजनन के लिए मैदानी क्षेत्र से ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर चला जाता है।
- नयी दिल्ली. दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को उस जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया, जिसमें केंद्र सरकार को मशहूर उद्योगपति रतन टाटा को ‘भारत रत्न' से सम्मानित करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विपिन सांघी और न्यायमूर्ति नवीन चावला की पीठ ने कहा कि किसी व्यक्ति को सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने के लिए प्राधिकारियों को निर्देश जारी करना अदालत का काम नहीं है। पीठ ने कहा, “यह किस तरह की याचिका है? क्या सरकार को किसी को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्देश देना अदालत का काम है?” याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से इस बाबत सरकार से ‘कम से कम अनुरोध' करने का आग्रह किया।इस पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने कहा, “जाइए, अनुरोध कीजिए। इसमें अदालत के दखल देने का सवाल कहां बनता है?” अदालत के यह कहने पर कि वह याचिका को जुर्माने के साथ खारिज करेगी, याचिकाकर्ता के वकील ने इसे वापस ले लिया। सामाजिक कार्यकर्ता होने का दावा करने वाले याचिकाकर्ता राकेश ने अपनी याचिका में कहा था कि रतन टाटा भारत रत्न के हकदार हैं, क्योंकि वह देश की सेवा कर रहे हैं और उनके जीवन पर कोई दाग नहीं है। याचिकाकर्ता ने यह भी कहा था कि रतन टाटा एक उत्कृष्ट व्यवसायी साबित हुए हैं, जिन्होंने दुनियाभर के युवाओं को प्रेरित किया है।
- नयी दिल्ली. राज्यसभा में बृहस्पतिवार को सदस्य उस समय अपनी हंसी नहीं रोक पाए जब सभापति एम वेंकैया नायडू ने अपनी और दिवंगत जयपाल रेड्डी की एक विचित्र आदत के बारे में सदस्यों को बताया। उन्होंने कहा कि जब वह और रेड्डी आंध्र प्रदेश विधानसभा के सदस्य थे, उस दौरान उन्हें देखकर कई सदस्य अपनी कलम सामने से बगल की जेब में रख लिया करते थे क्योंकि दोनों को अन्य लोगों से कलम मांगने की आदत थी। सभापति ने यह वाकया उस समय सुनाया जब उच्च सदन में सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों को विदाई दी जा रही थी। इस मौके पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता टी शिवा ने विभिन्न सदस्यों को विदाई देते हुए कांग्रेस नेता आनंद शर्मा का जिक्र किया। शिवा ने कहा, ‘‘ आनंद शर्मा अक्सर उनसे कलम मांगा करते थे। कल उन्होंने कलम ली और कहा कि अगले दिन से वह कलम नहीं मांगेंगे।'' उन्होंने कहा कि शर्मा की यह बात भावुक करने वाली थी। इस पर सभापति नायडू ने उनसे मजाकिया लहजे में सवाल किया, ‘‘आनंद शर्मा कलम लौटाते थे या अपने पास ही रख लेते थे...।'' इसके जवाब में आनंद शर्मा ने कहा कि वह हमेशा कलम लौटा देते थे क्योंकि वह (शिवा) कलम का ढक्कन (कैप) अपने पास ही रख लेते थे। शिवा ने भी मजाकिया लहजे में कहा कि वह कैप रखकर ही कलम उन्हें देते थे। इस पर नायडू ने कहा कि अपने शुरूआती राजनीतिक दिनों में जब वह और जयपाल रेड्डी विधानसभा सदस्य थे, तो वे दोनों कभी अपने पास कलम नहीं रखते थे। उन्होंने कहा, ‘‘तो, हम दूसरों से कलम मांग लेते थे, और फिर उन्हें लौटाना भूल जाते थे। हम (मांगी गयी कलम को)कभी अपने पास भी नही रखते थे, लेकिन कहीं रख देते थे। बाद में मैंने देखा कि हम दोनों को सामने से आते देखकर कई सदस्य अपनी कलम सामने से निकाल कर बगल की जेब में रख लेते थे।'' उनकी इस बात पर सदस्य अपनी हंसी नहीं रोक पाए और विदाई के समय का भावुक क्षण कुछ देर के लिए खुशनुमा हो गया।
- नयी दिल्ली. देश का विदेशी स्रोतों से लिया गया कर्ज दिसंबर, 2021 को समाप्त तिमाही में 11.5 अरब डॉलर बढ़कर 614.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) अनुपात के रूप में विदेशी कर्ज पिछले साल दिसंबर के अंत में 20 प्रतिशत रहा, जो सितंबर, 2021 में 20.3 प्रतिशत था। दिसंबर, 2021 को समाप्त तिमाही के लिये भारत के विदेशी कर्ज पर रिपोर्ट के अनुसार, देश का बाह्य कर्ज यानी विदेशी स्रोतों से लिया गया ऋण सितंबर, 2021 को समाप्त तिमाही के मुकाबले 11.5 अरब डॉलर बढ़कर 614.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया। रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘भारत का विदेशी ऋण सतत और सूझबूझ के साथ प्रबंधित है।''मूल्यांकन लाभ का कारण यूरो, येन और विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) की तुलना में अमेरिकी डॉलर की विनिमय दर में वृद्धि है। यह लाभ करीब 1.7 अरब डॉलर रहा। रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘मूल्यांकन प्रभाव को अगर छोड़ दिया जाए, तो विदेशी कर्ज दिसंबर, 2021 को समाप्त तिमाही में इससे पिछली तिमाही के मुकाबले 11.5 अरब डॉलर के बजाय 13.2 अरब डॉलर बढ़ता।'' विदेशी कर्ज में वाणिज्यिक ऋण की हिस्सेदारी सबसे अधिक 36.8 प्रतिशत रही। उसके बाद प्रवासी जमा (23.1 प्रतिशत) और अल्पकालीन व्यापार कर्ज का स्थान रहा। दिसंबर, 2021 के अंत में एक साल से अधिक समय में परिपक्व होने वाला दीर्घकालीन कर्ज 500.3 अरब डॉलर रहा। यह सितंबर, 2021 के मुकाबले 1.7 अरब डॉलर बढ़कर 500.3 अरब डॉलर रहा। वहीं एक साल तक की परिपक्वता अवधि वाले अल्पकालीन कर्ज की बाह्य ऋण में हिस्सेदारी बढ़कर 18.6 प्रतिशत हो गयी, जो सितंबर, 2021 के अंत में 17.4 प्रतिशत थी। रिपोर्ट के अनुसार, भारत के विदेशी ऋण में अमेरिकी डॉलर में लिये गये कर्ज का हिस्सा आलोच्य तिमाही में सबसे अधिक 52 प्रतिशत रहा। इसके बाद भारतीय रुपये (32 प्रतिशत), विशेष आहरण अधिकार (6.7 प्रतिशत), येन (5.3 प्रतिशत) और यूरो (3.1 प्रतिशत) का स्थान रहा। सरकार का बकाया विदेशी कर्ज दिसंबर, 2021 को समाप्त तिमाही के दौरान पिछली तिमाही के मुकाबले मामूली कम हुआ जबकि गैर-सरकारी क्षेत्र का ऋण बढ़ा है। साथ ही मूल राशि की अदायगी के साथ ब्याज भुगतान आलोच्य तिमाही में बढ़कर 4.9 प्रतिशत हो गया जो सितंबर, 2021 को समाप्त तिमाही में 4.7 प्रतिशत था।
- नयी दिल्ली. देश के आठ प्रमुख शहरों में जनवरी से मार्च 2022 के दौरान घरों की बिक्री सालाना आधार पर सात प्रतिशत बढ़कर 70,623 इकाई पर पहुंच गई। इससे पिछले साल की इसी अवधि में यह आंकड़ा 66,176 इकाई का था। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी प्रॉपटाइगर के अनुसार आवास ऋण पर कम ब्याज दरों के कारण घरों की मांग में वृद्धि देखी गई है। वहीं इस अवधि के दौरान घरों की औसत कीमत भी सात प्रतिशत बढ़ गई। कंपनी की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), पुणे, अहमदाबाद और बेंगलुरु में जहां घरों की बिक्री बढ़ी है, वहीं दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई और हैदराबाद और कोलकाता में इसमें गिरावट आई है। प्रॉपटाइगरडॉटकॉम ने अपनी रिपोर्ट ‘रियल इनसाइट रेजिडेंशियल -जनवरी-मार्च, 2022' में कहा कि इस अवधि में घरों की नयी आपूर्ति 50 प्रतिशत बढ़कर 79,532 रही। एक साल पहले की इसी अवधि में यह 53,037 इकाई थी। प्रोपटाइगरडॉटकॉम, हाउसिंगडॉटकॉम और मकानडॉटकॉम समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ध्रुव अग्रवाल ने कहा, ‘‘भारत का आवास क्षेत्र फिर से देश की अर्थव्यवस्था में एक उज्ज्वल क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। यह क्षेत्र कोविड-19 महामारी से उपजी मंदी की स्थिति से बाहर निकल रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले महीनों में इन गतिविधियों के और सामान्य होने के साथ, हम ज्यादा सकारात्मक बदलावों की उम्मीद कर रहे हैं।'' आंकड़ों के अनुसार, अहमदाबाद में जनवरी-मार्च, 2022 में घरों की बिक्री सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि लेकर 5,549 इकाई पर पहुंच गई, जो जनवरी-मार्च, 2021 में 4,687 इकाई थी। वहीं बेंगलुरु में इस दौरान आवासीय बिक्री तीन प्रतिशत, मुंबई में 26 प्रतिशत और पुणे में 19 प्रतिशत बढ़ी। हालांकि, चेन्नई में घरों की बिक्री इस साल के पहले तीन महीनों में सालाना आधार पर 26 प्रतिशत तथा दिल्ली में 19 प्रतिशत घट गई।



























.jpg)