- Home
- देश
- नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि अगर कारों में ‘एयरबैग' काम कर रहे होते तो 2020 में देश में 13,022 लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि वाहनों में सवार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नए मानदंड पेश किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्रालय ने नए नियमों को अधिसूचित कर दिया है और एक अक्टूबर से सभी वाहनों में ‘साइड एयरबैग' सहित छह एयरबैग लगाने का प्रस्ताव किया गया है। गडकरी ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न पूरक सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हर साल भारत में पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं जिनमें 1.5 लाख लोगों की मौत हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस कारण से, कई उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब छह एयरबैग अनिवार्य हैं और किफायती मॉडल के लिए भी अनिवार्य बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा, "हम लोगों के जीवन की रक्षा करना चाहते हैं और इसलिए हम इस रेटिंग प्रणाली को शुरू कर रहे हैं, जिससे ऑटोमोबाइल क्षेत्र में गुणात्मक सुधार होगा और साथ ही, निर्यात में वृद्धि होगी जिससे अधिक रोजगार की संभावनाएं पैदा होंगी और देश का विकास होगा।'' गडकरी ने कहा कि सड़क परिवहन मंत्रालय और ‘भारत एनकैप' द्वारा मानदंड पहले ही अधिसूचित किए जा चुके हैं और हमारे दुर्घटना मानकों में काफी सुधार होगा। उन्होंने एक लिखित उत्तर में कहा, "सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय एक योजना तैयार करने के लिए हितधारकों के परामर्श से एक प्रस्ताव पर काम कर रहा है जो भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (भारत एनकैप) के तहत कार की स्टार रेटिंग का परीक्षण और मूल्यांकन करेगा।
- नयी दिल्ली. एक संसदीय समिति ने स्पेक्ट्रम की ऊंची कीमत पर चिंता जताते हुए बुधवार को सरकार से दूरसंचार परिचालकों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर उचित ध्यान देने और 5जी सेवाओं को जल्दी शुरू करने को कहा। लोकसभा सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता में संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर स्थायी समिति ने अपनी रिपोर्ट में 5जी सेवाओं को लागू करने में देरी पर चिंता व्यक्त की। समिति ने कहा कि दुनिया के दूसरे देशों ने इस प्रौद्योगिकी को लागू करने में उल्लेखनीय प्रगति की है और ऐसे में देरी से देश 5जी के विभिन्न लाभों से वंचित रहेगा। समिति की रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘वक्त की मांग है कि भारत में कुछ विशिष्ट उपयोग के लिए 5जी सेवाओं को शुरू किया जाना चाहिए। हालांकि, समिति को इस दिशा में कोई प्रगति नहीं दिख रही है। इसलिए, समिति दोहराती है कि विभाग को 5जी से संबंधित अपनी सभी नीतियों की समीक्षा करने की जरूरत है, ताकि देश 5जी की दौड़ में पीछे न रह जाए।'' समिति ने पाया कि देश में 5जी स्पेक्ट्रम की कीमत दुनिया के अन्य देशों की तुलना में बहुत अधिक है और प्रति व्यक्ति और एआरपीयू (प्रति ग्राहक औसत कमाई) जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए स्पेक्ट्रम मूल्य निर्धारण की समीक्षा करने की आवश्यकता है। समिति ने कहा कि भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) को 5जी स्पेक्ट्रम पर अपनी सिफारिशों में तेजी लानी चाहिए, ताकि 5जी नीलामी जल्द से जल्द हो सके।
- नयी दिल्ली. सरकार ने बुधवार को बताया कि जम्मू कश्मीर सरकार ने ऐसा कोई नया नियम अधिसूचित नहीं किया है जिसके तहत उस सरकारी कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त किया जा सके जो स्वयं या उसके परिवार के सदस्य आतंकवाद के आरोपी लोगों के प्रति ‘‘सहानुभूति'' रखते हैं । गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने हालांकि यह बताया कि जम्मू कश्मीर सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पासपोर्ट हासिल करने के संबंध में आवश्यक सतर्कता मंजूरी संबंधी निर्देश जारी किए हैं। राय के अनुसार, ये निर्देश केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं। उन्होंने बताया ‘‘इस संबंध में जम्मू कश्मीर सरकार ने कोई नए नियम अधिसूचित नहीं किए हैं।'' उनसे पूछा गया था कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी या उसके परिवार के सदस्य गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून (यूएपीए) तथा जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तरह आरोपी व्यक्ति के प्रति ‘‘सहानुभूति'' रखता है तो क्या उसे सेवा से बर्खास्त करने के लिए जम्मू कश्मीर सरकार ने कोई नए नियम अधिसूचित किए हैं।
- नयी दिल्ली. सरकार ने बुधवार को बताया कि वर्ष 2020 में दोपहिया वाहनों से जुड़ी 1,58,964 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 56,873 लोगों की मौतें हुईं। राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वर्ष 2019 में दोपहिया से जुड़ी सड़क दुर्घटनाओं में 56,136 लोग मारे गए, जबकि बाइक से होने वाली दुर्घटनाओं की कुल संख्या 1,67,184 थी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए, सड़क मंत्रालय ने शिक्षा, इंजीनियरिंग (सड़क और वाहन दोनों), प्रवर्तन और आपातकालीन देखभाल के आधार पर सड़क सुरक्षा के मसलों का हल करने के लिए एक बहु-आयामी रणनीति तैयार की है। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए, गडकरी ने कहा कि भारतीय वायु सेना द्वारा 28 आपातकालीन लैंडिंग सुविधाओं (ईएलएफ) की पहचान की गई है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का कुल बकाया ऋण 22 मार्च, 2022 तक बढ़कर 3,47,685.91 करोड़ रुपये हो गया है, जो 31 मार्च 2014 तक 23,796.60 करोड़ रुपये था। मंत्री ने समझाया कि एनएचएआई मूल्यवान सड़क संपत्ति बनाता है जो आर्थिक रूप से लाभप्रद है।
- नयी दिल्ली.राष्ट्रीय टीकाकरण तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) इस सप्ताह कोवोवैक्स रोधी टीके से संबंधित एसआईआई के डाटा की समीक्षा करके यह पता लगाएगा कि क्या 12 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों पर इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। एक न्यूज़ एजेंसी ने आधिकारिक सूत्रों के आधार पर बुधवार को यह जानकारी दी। भारत के दवा नियामक ने 28 दिसंबर को आपातकालीन स्थिति में वयस्कों पर और 9 मार्च को कुछ शर्तों के साथ 12 से 17 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों पर कोवोवैक्स टीके के सीमित इस्तेमाल को मंजूरी दे दी थी। सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) में निदेशक (सरकारी एवं नियामक मामले) प्रकाश कुमार सिंह ने हाल ही में स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण अभियान में 12 साल और उससे अधिक आयु के लोगों पर कोवोवैक्स टीके के इस्तेमाल की मंजूरी मांगी थी। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ''एनटीएजीआई का कोविड-19 का कार्यकारी समूह 1 अप्रैल को बैठक करेगा। इस दौरान कोवोवैक्स से संबंधित डाटा की समीक्षा कर यह पता लगाया जाएगा कि क्या इसे इस सप्ताह 12 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों पर इस्तेमाल किया जा सकता है।'' सिंह ने कहा कि पुणे स्थित कंपनी एसएसआई 900 रुपये और जीएसटी के हिसाब से निजी अस्पतालों को कोवोवैक्स टीके की खुराक प्रदान प्रदान करना चाहती है और केंद्र को भी टीकों की आपूर्ति करने के लिये निर्देशों का इंतजार कर रही है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) ने 3,887 करोड़ रुपये की लागत से स्वदेश में विकसित 15 हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) की खरीद को बुधवार को मंजूरी दे दी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 10 हेलीकॉप्टर भारतीय वायु सेना के लिए और पांच भारतीय सेना के लिए होंगे। मंत्रालय ने कहा, ‘‘सीसीएस ने 3,887 करोड़ रुपये की लागत से 15 हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) लिमिटेड सीरीज उत्पादन की खरीद के साथ-साथ 377 करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचे की प्रणाली को मंजूरी दी है।'' लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर लिमिटेड सीरीज प्रोडक्शन (एलएसपी) स्वदेशी रूप से विकसित लड़ाकू हेलीकॉप्टर है जिसमें मूल्य के हिसाब से लगभग 45 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री है जो उत्तरोत्तर बढ़कर 55 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी। यह हेलीकॉप्टर अपेक्षित दक्षता, गतिशीलता, विस्तारित रेंज, ऊंचाई पर उड़ान के प्रदर्शन और सभी मौसमों में मुकाबला करने की क्षमता से लैस है। इनमें कॉम्बैट स्तर पर खोज और बचाव (सीएसएआर), दुश्मन की वायु रक्षा (डीईएडी) को तबाह करना और उग्रवाद रोधी (सीआई) संचालन शामिल हैं।
- मुंबई. मुंबई के पूर्व खिलाड़ी और महान क्रिकेटर वीनू माकंड़ के बेटे राहुल मांकड़ का संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। राहुल मांकड़ के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं।मुंबई के पूर्व खिलाड़ी शिशिर हतंगड़ी की फेसबुक पोस्ट से राहुल मांकड़ के निधन की खबर की पुष्टि हुई जिन्होंने लिखा, ‘‘जिग्गा भाई, मेरे दोस्त राहुल मांकड़ की आत्मा को भगवान शांति दे। '' राहुल मांकड़ ने लंदन में अंतिम सांस ली।दायें हाथ के बल्लेबाज और बायें हाथ के धीमी गति के गेंदबाज राहुल मांकड़ ने 47 प्रथम श्रेणी मैच खेले जिसमें उन्होंने 2,111 रन बनाये जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 162 रन का था। उनके नाम पांच शतक और 12 अर्धशतक हैं। उनके भाई - अशोक और अतुल - भी क्रिकेटर ही थे। अशोक ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था जबकि अतुल घरेलू क्रिकेट खेले थे। राहुल मांकड़ 1972-73 से 1984-85 तक खेले थे।पूर्व भारतीय क्रिकेटर टी ए सेकर ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘राहुल मांकड़ के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। सही मायने में सज्जन व्यक्ति, अच्छे क्रिकेटर और एक महान इंसान। उनके परिवार को मेरी हार्दिक संवेदनायें। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
- नोएडा(उप्र). नोएडा में सेक्टर 100 के एक केमिकल व्यापारी के खाते से अज्ञात साइबर ठगों द्वारा निकाले गये 9 .99 लाख रुपए साइबर थाना पुलिस ने उसे वापस करवा दिये हैं। साइबर थाना सेक्टर 36 की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले साइबर ठग ने खुद को बैंक का मैनेजर बताते हुए सेक्टर-100 के राघव त्रिपाठी को फोन कर कहा कि उनके खाते से पैन नंबर अपडेट नहीं है, फिर उसने दूसरे कर्मचारी से बात कराई और उन्हें झांसे में ले लिया। यादव के मुताबिक उसके बाद ठग ने डेबिट कार्ड एवं खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर उनके खाते से रुपए निकाल लिये। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ठगी का अहसास होने पर त्रिपाठी बैंक पहुंचे लेकिन उन्हें पता चला कि बैंक की तरफ से इस तरह का कोई कॉल नहीं किया गया था। तब त्रिपाठी ने पुलिस में शिकायत की। यादव ने बताया कि साइबर सेल थाने की पुलिस ने करवाई कर निकाली गई रकम वापस करवा दी है।
- नोएडा (उप्र). विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर एक व्यक्ति से नौ लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गौतम बुद्ध नगर की आईटी सेल ने गिरफ्तार किया है। आईटी सेल के निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि लव कुमार ने दिसंबर में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया तथा विभिन्न मदों में उनसे करीब नौ लाख रुपए झटक लिये। उन्होंने बताया कि इस मामले की पुलिस की आईटी सेल जांच कर रही थी और आज एक सूचना के आधार पर आरोपी आकाश गिल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छह मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड तथा आधार कार्ड आदि बरामद किये हैं। कुमार के अनुसार पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इस आरोपी ने विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर कई लोगों से ठगी की है। पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है।
- जम्मू. सिविल सचिवालय परिसर के भीतर बुधवार को आग लग गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इस्तेमाल किये जा रहे एक कमरे में पूर्वाह्न पौने दस बजे आग लगी जिसके बाद वह आसपास के कमरों तक फैल गई। उन्होंने कहा कि सचिवालय अग्निशमन स्टेशन और शहर प्रशासन के दमकल ने मिलकर आग बुझाई। अधिकारी ने कहा कि लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य इमारत के पीछे एक अस्थायी दो मंजिला संरचना के पहले तल पर शार्ट सर्किट के कारण आग लगी।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) को तीन प्रतिशत बढ़ाकर 34 प्रतिशत कर दिया। इससे केंद्र सरकार के 1.16 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह वृद्धि एक जनवरी, 2022 से प्रभावी होगी। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘यह वृद्धि सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर स्वीकृत फॉर्मूले के अनुरूप है।'' महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि से सरकारी खजाने पर 9,554.50 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। विज्ञप्ति के अनुसार, इससे 47.68 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.62 लाख पेंशनभोगियों को लाभ होगा।-
- बालासोर (ओडिशा). भारत ने बुधवार को ओडिशा तट से मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली दो और मिसाइलों का परीक्षण किया। डीआरडीओ के सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहर से पहले चांदीपुर के एकीकृत परीक्षण रेंज लॉन्च पैड-3 से सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों (एमआरएसएएम) का परीक्षण किया गया। सूत्रों ने कहा कि दोनों परीक्षण सफल रहे।रविवार को भी आईटीआर से सेना के दो एमआरएसएएम का परीक्षण किया गया था। बालासोर के जिला प्रशासन ने परीक्षण से पहले, आस-पास रहने वाले लोगों को एक शिविर में स्थानांतरित कर दिया था।
- नयी दिल्ली. उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में एक नाले में फंस गए चार लोगों की मौत हो गई है। रात भर चले बचाव अभियान के बाद बुधवार तड़के उनके शवों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चार में से तीन लोग निजी संविदा कर्मचारी थे, जो मंगलवार को दोपहर में घटना के समय एमटीएनएल लाइनों पर काम कर रहे थे। चौथा व्यक्ति रिक्शा चालक था, जो कर्मचारियों को निकालने का प्रयास कर रहा था लेकिन नाले में फंस गया था। पुलिस के अनुसार, समयपुर बादली थाने को शाम करीब साढ़े छह बजे घटना की सूचना मिली और उसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल विभाग के अधिकारी और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के एक दल ने भी बचाव अभियान में मदद की। दमकल विभाग के अनुसार, अभियान सुबह चार बजे तक चला और चारों शव नाले से बाहर निकाल लिए गए। पुलिस ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में किया जाएगा। इन कर्मचारियों की पहचान बच्चू सिंह, पिंटू और सूरज कुमार साहनी के तौर पर हुई है। वहीं, रिक्शा चालक सतीश (40) रोहिणी सेक्टर-16 की सरदार कॉलोनी का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि नाले के अंदर जहरीली गैस की वजह से बचाव अभियान में बाधा आई।
- नयी दिल्ली. सरकार ने बुधवार को संसद में कहा कि 2016 से 2020 के बीच देश में बाल विवाह के सामने आए मामलों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने एक प्रश्न के उत्तर में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2016, 2017, 2018, 2019 और 2020 के दौरान बाल विवाह के पंजीकृत मामलों की संख्या क्रमश: 326, 395, 501, 523 और 785 थी। उन्होंने कहा कि 2020 तक के ये आंकड़े उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि देश में बाल विवाह के चलन में होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। उन्होंने इस क्रम में प्रचलित सामाजिक रीति-रिवाज, परंपरा, गरीबी, समाज में महिलाओं का निम्न स्तर और जागरुकता का अभाव जैसे कारण गिनाए। ईरानी ने कहा कि सरकार ने बाल विवाह प्रतिषेध कानून, 2006 लागू किया है। इसके अलावा केंद्र सरकार इस प्रथा के बुरे प्रभावों को उजागर करने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान, मीडिया अभियान और संपर्क (आउटरीच) कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना चला रहा है जिसमें लैंगिक समानता और बाल विवाह के हानिकारक प्रभावों से संबंधित मामलों पर महिलाओं के जागरूकता पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध ने अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की स्थिरता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। इसके साथ ही मोदी ने ‘बिम्स्टेक' के सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आवश्यक हो गया है कि “हमारी क्षेत्रीय सुरक्षा” को और अधिक प्राथमिकता दी जाए। ‘बहुक्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल' (बिम्स्टेक) के डिजिटल माध्यम से आयोजित पांचवें शिखर सम्मेलन में अपने उद्घाटन भाषण में मोदी ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और सुरक्षा की चुनौतियों के बीच एकता और सहयोग आज के समय की मांग हैं। उन्होंने कहा, “आज समय है कि बंगाल की खाड़ी को संपर्क, समृद्धि और सुरक्षा का सेतु बनाया जाए।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, बिम्स्टेक सचिवालय के परिचालन बजट को बढ़ाने के लिए सहयोग के रूप में 10 लाख अमेरिकी डॉलर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आज के चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिदृश्य से अछूता नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारी अर्थव्यवस्थाएं, हमारे लोग अब भी कोविड-19 महामारी के प्रभाव से जूझ रहे हैं।” यूक्रेन-रूस युद्ध का संदर्भ देते हुए मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह में यूरोप में हुए घटनाक्रम से “अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की स्थिरता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।” उन्होंने कहा, “इस संदर्भ में, यह जरूरी हो गया है कि बिम्स्टेक क्षेत्रीय सहयोग को और सक्रिय बनाया जाए।” मोदी ने कहा कि यह आवश्यक हो गया है कि हमारी क्षेत्रीय सुरक्षा को और अधिक प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन में बिम्स्टेक चार्टर को अपनाया जाना संस्थागत संरचना को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन के परिणाम बिम्स्टेक के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखेंगे। मोदी ने कहा कि हमारी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए बिम्स्टेक सचिवालय की क्षमता को बढ़ाना भी जरूरी है। उन्होंने बिम्स्टेक महासचिव को इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक रोडमैप बनाने का सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिम्स्टेक के सदस्य देशों के बीच परस्पर व्यापार बढ़ाने के लिए बिम्स्टेक एफटीए प्रस्ताव पर आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने कहा, “हमारे देशों के उद्यमियों और स्टार्टअप के बीच आदान प्रदान बढ़ाने की भी जरूरत है। इसके साथ ही हमें व्यापार सहयोग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय नियमों को भी अपनाना चाहिए।” मोदी ने रेखांकित किया कि ‘मौसम और जलवायु के लिए बिम्स्टेक केंद्र' आपदा प्रबंधन में सहयोग के वास्ते एक महत्वपूर्ण संगठन है। उन्होंने कहा कि इसे और सक्रिय बनाने के लिए बिम्स्टेक देशों के बीच सहयोग होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इस केंद्र के काम को पुनः शुरू करने के लिए 30 लाख डॉलर देने को तैयार है। भारत के अलावा बिम्स्टेक में श्रीलंका, बांग्लादेश, म्यांमा, थाईलैंड, नेपाल और भूटान शामिल हैं। इस शिखर सम्मलेन में ‘बिम्स्टेक चार्टर' को अपनाया जाएगा जिसके माध्यम से समूह को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी और इसके कामकाज के लिए मूलभूत संस्थागत संरचना तैयार होगी। दुनिया की 21.7 प्रतिशत जनसंख्या और 3.8 लाख करोड़ डॉलर की जीडीपी वाले देशों का समूह बिम्स्टेक आर्थिक प्रगति के एक प्रभावी मंच के रूप में उभरा है।
- नयी दिल्ली. कांग्रेस सांसद जसबीर सिंह गिल ने बुधवार को लोकसभा में केंद्र सरकार से आग्रह किया कि शादियों में अधिकतम 50 बाराती और 11 पकवान की बाध्यता सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाया जाए। उन्होंने सदन में शून्यकाल के दौरान यह मांग उठाई।गिल ने कहा कि हमारे देश में शादियों में बहुत खर्च होता है, बहुत सारे लोग बुलाए जाते हैं और कई तरह के पकवान बनते हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया, ‘‘अब कानून बनाना चाहिए कि शादियों में 50 से ज्यादा बाराती नहीं हों, लड़की वालों की तरफ से भी 50 से ज्यादा लोग नहीं हों और 11 से ज्यादा व्यंजन नहीं हों।'' गिल ने कहा कि पड़ोसी देश में पाकिस्तान में ऐसा कानून बना है और यहां भी यह कानून बनाने की जरूरत है। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, ‘‘यह कानून से नहीं, बल्कि अपनी इच्छा शक्ति से होगा। सांसद खुद ऐसा करने लग जाएं तो पूरा देश भी ऐसा कर लेगा।
- पुणे. महाराष्ट्र के पुणे जिले में लोनावला के पास एक कार से पुलिस ने चार करोड़ रुपये नकद बरामद किये और इसकी सूचना आयकर विभाग को दी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि मंगलवार सुबह कार मुंबई से सांगली जा रही थी जब यह बरामदगी की गई। पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) अभिनव देशमुख ने कहा, “हमें सूचना मिली थी कि हथियार और नकद ले जाया जा रहा है जिसके बाद पुलिस ने लोनावला नाकाबंदी पर कार को रोका। हमारी टीम को कोई हथियार नहीं मिला लेकिन कार के एक हिस्से में रखी नकदी बरामद की गई।” देशमुख ने बताया कि पूछताछ करने पर कार में सवार लोगों ने कहा कि नकदी सांगली के एक सोने चांदी के व्यापारी की है। अधिकारी ने कहा, “हमने आयकर विभाग को सूचना दे दी है ताकि पैसों के स्रोत की जांच की जा सके। जब तक आयकर विभाग से जानकारी नहीं मिलती तब तक पैसे उन्हें नहीं दिए जाएंगे।
- फिरोजाबाद . जिले के टूंडला थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार की देर रात को हुई। आगरा मंडी की ओर जा रही आलू से लदी एक पिकअप गाड़ी टायर पंक्चर हो जाने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। वाहन के टायर की मरम्मत की जा रही थी, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने वाहन को टक्कर मार दी। एसएसपी ने बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने आगरा के अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि वाहन का मालिक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान राम बहादुर उर्फ छोटू (19), राहुल (17), वली मोहम्मद (18) के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
- सिवनी . मध्य प्रदेश के सिवनी जिला स्थित बटवानी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाघ मंगलवार-बुधवार की देर रात को मृत पाया गया। आशंका है कि तेज गति से गुजर रहे किसी वाहन की चपेट में आने से बाघ की मौत हो गई। नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मृत पड़े इस बाघ की फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए और मृत बाघ को देखने के लिए मार्ग से गुजरने वाले लोगों की भीड़ जमा हो गई। सिवनी वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर हरवेंद्र बघेल ने बुधवार को बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से इस बाघ की मौत हुई है।'' उन्होंने कहा, हालांकि, बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद ही बाघ की मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। लखनवाड़ा पुलिस थाना के प्रभारी नवीन जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े मृत बाघ को देखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमा भीड़ को हटाया। उन्होंने कहा कि पंचनामा कार्रवाई करने के बाद वन विभाग के कर्मचारी बाघ के शव को वहां से पेंच राष्ट्रीय उद्यान में पोस्टमॉर्टम के लिए ले गये हैं।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज 808 मिलियन डॉलर यानी छह हजार 62 करोड़ रुपये से अधिक, एमएसएमई प्रदर्शन रैमपी को बढ़ाने और तेज करने पर विश्व बैंक सहायता प्राप्त कार्यक्रम को मंजूरी दी। यह एक नई योजना है और वित्तीय वर्ष 2022-23 में शुरू होगी। लगभग 500 मिलियन डॉलर विश्व बैंक से ऋण मिलेगा और शेष 308 मिलियन डॉलर भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित किया जाएगा। यह विश्व बैंक की सहायता से केंद्रीय क्षेत्र की एक योजना है, जो सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के विभिन्न हस्तक्षेपों का समर्थन करती है। कार्यक्रम का उद्देश्य बाजार और ऋण तक पहुंच में सुधार करना, केंद्र और राज्य में संस्थानों और शासन को मजबूत करना, केंद्र-राज्य संबंधों और साझेदारी में सुधार करना, विलंबित भुगतान के मुद्दों को संबोधित करना और एमएसएमई की समृद्धि करना है । यह कार्यक्रम राज्यों में कार्यान्वयन क्षमता और एमएसएमई कवरेज को बढ़ाने की भी कोशिश करेगा।
-
बागपत (उप्र)। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में मंगलवार रात कैदियों को पेशी पर लेकर आई उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस की गाड़ी एक्सप्रेस-वे पर ट्रक की टक्कर के बाद डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक सिपाही की मौत हो गई जबकि एक उप निरीक्षक, तीन पुलिसकर्मी और तीन कैदी घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक बागपत के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस की गाड़ी तीन अभियुक्तों को हरियाणा पेशी पर लेकर गई थी। उन्होंने बताया कि लौटने के दौरान बागपत में 'ईस्टर्न पेरिफेरल' पर मंगलवार शाम पुलिस की गाड़ी को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए। गाड़ी में पांच पुलिसकर्मी सवार थे। अधिकारी ने बताया कि हादसे में आरक्षी अरुण की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बागपत पुलिस के अनुसार, नैनीताल पुलिस से संपर्क कर घटना के संबंध में अवगत करा दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
- -
गुमला (झारखंड)। झारखंड में गुमला जिले के जनावल गांव में अज्ञात लोगों ने एक महिला और उसकी तीन साल की बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि घटना में उसका पति घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब परिवार सोमवार शाम को गांव के एक बाजार से घर लौट रहा था। हमलावरों ने जनावल गांव में कंचन मोड़ के समीप परिवार पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसमें 30 वर्षीय महिला और उसकी बेटी की मौत हो गयी तथा उसका पति अशोक लाकड़ा घायल हो गया। बहरहाल, हमले में उनका पांच साल का बेटा बच गया है।
पुलिस ने बताया कि लाकड़ा नक्सली समूह झारखंड जन-मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) का पूर्व सदस्य है। पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वाकुयारिब ने घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद घायल लाकड़ा मौके से भाग गया था। वह चुपचाप जनावल नवातोली गांव में इलाज करा रहा था, जिसे एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल लाकड़ा को गुमला सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि लाकड़ा हत्या समेत दो मामलों में कथित रूप से शामिल है। एसआईटी ने उसके आवास के समीप हथियार एवं गोला बारुद बरामद किया है। -
नयी दिल्ली। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) द्वारा 2022-23 के लिए जारी मंजूर प्रक्रिया पुस्तिका (हैंडबुक) के अनुसार भौतिकी, रसायन और गणित (पीसीएम) विषय वास्तुकला में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अब अनिवार्य विषय नहीं होंगे। जिन दो अन्य पाठ्यक्रमों में 12वीं कक्षा में ये तीन विषय अनिवार्य नहीं होंगे, उनमें फैशन प्रौद्योगिकी और पैकेजिंग प्रौद्योगिकी शामिल हैं। एआईसीटीई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने दाखिलों के लिए ये सिफारिशें करने के वास्ते विशेषज्ञ समिति गठित की थी कि किन पाठ्यक्रमों में पीसीएम को वैकल्पिक बनाया जा सकता है। समिति की सिफारिशों के आधार पर तीन पाठ्यक्रमों का चयन किया गया है।
-
गुरुग्राम (हरियाणा),। हरियाणा के सेक्टर 84 में एक निर्माणाधीन इमारत में मिट्टी के ढेर में 22 वर्षीय एक मज़दूर दब गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इमारत के बेसमेंट में काम कर रहे अन्य श्रमिकों ने दूसरे व्यक्ति को बचा लिया। उन्होंने बताया कि मिट्टी धंस जाना घटना का कारण बना। घटना में चार मजदूर बाल-बाल बच गए। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी गजेंदर के तौर पर हुई है।
पुलिस के मताबिक, दमकल कर्मियों ने 40 मिनट के बाद गजेंदर को मिट्टी के टीले से बाहर निकाला और फिर उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि उसने अभी मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। खेड़की दौला थाने के अधिकारी ने कहा, “ हमने मृतक के परिवार को सूचित कर दिया है और शिकायत दर्ज करने के लिए उनका इंतजार कर रहे हैं। कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।'' -
रामपुरहाट (पश्चिम बंगाल)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रामपुरहाट उपमंडल के पूर्व पुलिस अधिकारी शायन अहमद और स्थानीय पुलिस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर त्रिदीप प्रमाणिक से बीरभूम नरसंहार की जांच के संबंध में दो दिनों में दूसरी बार मंगलवार को पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि 21 मार्च की रात हुई घटना के बाद अहमद को अनिवार्य प्रतीक्षा पर भेज दिया गया है जबकि प्रमाणिक को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता की हत्या के बाद अज्ञात बदमाशों ने नौ लोगों को जिंदा जला दिया था। सीबीआई ने इन दोनों से सोमवार को भी पूछताछ की थी। सीबीआई अधिकारी ने कहा, ‘‘एसडीपीओ और आईसी को घटना की जानकारी देने के लिए कहा गया। उनके जवाब दर्ज किए गए हैं।'' केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने रामपुरहाट शहर के समीप बोगतुई गांव में नरसंहार में अपने परिवार के सात सदस्यों को खोने वाले मिहिलाल शेख से भी पूछताछ की। इसके अलावा घटना में घायल हुई और सोमवार को एक अस्पताल में दम तोड़ने वाली नाजमा बीबी के पति से भी पूछताछ की गयी। सीबीआई अधिकारियों के एक अन्य दल ने फिर से बोगतुई गांव में क्षतिग्रस्त मकानों का दौरा किया और नमूने एकत्रित किए। अधिकारी ने बताया कि एजेंसी का एक अलग दल बतासपुर गांव गया, जहां नरसंहार में मारे गए लोगों के परिवार के सदस्य भागकर आए थे और उन्होंने जांच के तौर पर उनसे बातचीत की। सीबीआई कोलकाता उच्च न्यायालय के आदेश पर जांच कर रही है। इससे पहले पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गठित एसआईटी ने मामले की जांच की थी।



























.jpg)