- Home
- देश
- नयी दिल्ली। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक सोने की रसीदों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी जारी की। पिछले महीने नियामक ने इलेक्ट्रॉनिक स्वर्ण रसीद (ईजीआर) के संदर्भ में लॉकर (वॉल्ट) प्रबंधकों और डिपॉजिटरीज के लिये परिचालन से जुड़े निर्देश जारी किये थे। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के अनुसार ईजीआर का कारोबार ‘ट्रेडिंग यूनिट' में शेयर बाजारों में होगा। इसके बारे में शेयर बाजार चीजें निर्धारित करेंगे। परिपत्र के अनुसार, ‘‘शेयर बाजार यह सुनिश्चित करेंगे कि ट्रेडिंग यूनिट जमा यूनिट का 10वें हिस्से से कम नहीं हो।'' उदाहरण के लिये 100 ग्राम सोने की छड़ें जमा होने पर 100 ग्राम का एक ईजीआर या 10-10 ग्राम के 10 ईजीआर सृजित किये जा सकते हैं। सेबी के परिपत्र में कहा गया है, ‘‘शेयर बाजार में ईजीआर में कारोबार करने को इच्छुक कोई भी व्यक्ति सोना पंजीकृत वॉल्ट प्रबंधकों के पास ‘डिपॉजिट यूनिट' में जमा करेगा। इसे शेयर बाजार निर्दिष्ट करेंगे। अन्य बातों के अलावा सेबी ने कहा कि शेयर बाजार को निवेशकों के विशेष रूप से अलग-अलग जमा और ट्रेडिंग यूनिट वाले ईजीआर के लिये पर्याप्त जानकारी का प्रचार-प्रसार करना चाहिए। नियमों के तहत, ईजीआर से जुड़े पूरे लेनदेन को तीन चरणों में विभाजित किया जा सकता है... भौतिक सोने को ईजीआर में परिवर्तित करना, शेयर बाजारों में ईजीआर का कारोबार और इलेक्ट्रॉनिक स्वर्ण रसीद को भौतिक सोने में परिवर्तित करना।
- आइजोल। मिजोरम में राज्य मानव संसाधन विकास (एचआरडी) बोर्ड ने इस पूर्वोत्तर राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के लिए एक समान वर्दी का प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव हाल ही में राज्य के शिक्षा मंत्री लालचंदमा राल्ते की अध्यक्षता में हुई बैठक में रखा गया। बोर्ड ने सभी सरकारी स्कूलों के लिए एक ही वर्दी होने का सुझाव दिया। बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं विधायक एल. थंगमाविया ने रविवार को कहा कि एचआरडी बोर्ड इस सप्ताह औपचारिक रूप से राज्य के शिक्षा विभाग को अपना प्रस्ताव सौंपेगा। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों की एक समान वर्दी का प्रस्ताव लाने का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अमीर तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के पहनावे में ‘‘समानता'' लाना है।
- नयी दिल्ली. ब्रिटेन की विदेश मंत्री एलिजबेथ ट्रस बृहस्पतिवार को भारत की यात्रा पर आयेंगी। उनकी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब यूक्रेन के खिलाफ रूस का सैन्य अभियान जारी है। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, इस यात्रा के दौरान ट्रस अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ साझा हितों से जुड़े द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगी। पिछले कुछ सप्ताह में ऑस्ट्रिया और यूनान के विदेश मंत्रियों, अमेरिका की राजनीतिक मामलों की उप मंत्री विक्टोरिया नूलैंड सहित पश्चिम देशों के कई उच्चाधिकारियों की भारत यात्रा हुई है। समझा जाता है कि ट्रस और जयशंकर के बीच बातचीत के दौरान यूक्रेन की उभरती स्थिति पर विस्तृत चर्चा हो सकती है। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘‘इस यात्रा से कारोबार, निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष, रक्षा एवं सुरक्षा, जलवायु सहयोग, शिक्षा एवं डिजिटल संवाद जैसे विषयों पर गठजोड़ को और गहरा बनाने में मदद मिलेगी।'' इसमें कहा गया है कि ट्रस की यात्रा से ‘रोडमैप 2030' की प्रगति का मूल्यांकन भी किया जायेगा। ट्रस भारत-ब्रिटेन सामरिक भविष्य मंच के उद्घाटन सत्र में भी हिस्सा लेंगी। गौरतलब है कि भारत और ब्रिटेन ने अपने संबंधों को पिछले वर्ष मई में समग्र सामरिक गठजोड़ के स्तर पर उन्नत किया था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ब्रिटिश समकक्ष बोरिस जॉनसन ने डिजिटल माध्यम से शिखर बैठक में हिस्सा लिया था।
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने सोमवार को संसद में बताया कि कोविड-19 महामारी के कारण हवाई यातायात में पिछले वर्ष की तुलना में 2020-2021 के दौरान 66 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी और महामारी के दौरान नागर विमानन क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों की कुल नौकरियों में 10 प्रतिशत यानी करीब 1.9 लाख नौकरियों की कमी आई है। राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 27 मार्च, 2022 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुरू किए जाने, नए हवाई अड्डे की स्थापना, मौजूदा हवाई अड्डों और एयरलाइनों आदि के विस्तार के परिणामस्वरूप भारतीय विमानन सेक्टर में नौकरियों में वृद्धि होगी। कांग्रेस के सदस्य रिपुन बोरा द्वारा पिछले तीन वर्षों के दौरान कैरियर सेवाओं, विमान पत्तनों के प्रचालन और अनुरक्षण के काम में लगी निजी क्षेत्र की कंपनियों में कार्यरत लोगों की नौकरियां छूट जाने के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते सिंधिया ने कहा, ‘‘एयरलाइन, हवाई अड्डा, ग्राउंड हैंडलिंग और हवाई कार्गो सेक्टर में कुल नौकरियों में लगभग 19,200 की कमी आई है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इन सेक्टरों में कुल नौकरियों में लगभग 10 प्रतिशत (करीब 1.9 लाख) की कमी आई है।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 31 मार्च, 2020 की स्थिति के अनुसार भारत में एयरलाइन कर्मचारियों की कुल संख्या लगभग 74,800 थी, जो 31 दिसंबर, 2021 को घटकर लगभग 65,600 हो गई है। उन्होंने बताया कि हवाईअड्डा सेक्टर में कर्मचारियों की कुल संख्या 31 मार्च 2020 की स्थिति के अनुसार लगभग 73,400 थी, जो घटकर 31 दिसंबर, 2021 को घटकर लगभग 65,700 हो गई है। उन्होंने कहा कि ग्राउंड हैंडलिंग के क्षेत्र में 31 मार्च, 2020 को कर्मचारियों की कुल संख्या लगभग 30,800 थी, जो 31 दिसंबर, 2021 को घटकर लगभग 27,600 हो गई है। उनके मुताबिक हवाई कार्गो सेक्टर ही एक ऐसा क्षेत्र रहा जहां कर्मचारियों की कुल संख्या में वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि हवाई कार्गो सेक्टर में कर्मचारियों की संख्या 31 मार्च, 2020 को लगभग 9,600 थी जो बढ़कर 31 दिसंबर, 2021 को लगभग 10,500 हो गई है। सिंधिया ने कहा कि उद्योग जगत के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने के लिए सरकार ने उद्योग सहभागियों और हितधारकों के साथ चर्चा की है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के कारण हवाई यातायात में पिछले वर्ष की तुलना में 2020-2021 के दौरान 66 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो वर्षों के दौरान कोविड महामारी ने विमानन क्षेत्र सहित सभी व्यवसायों के राजस्व स्रोत पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है।'' उन्होंने कहा कि सामान्य स्थितियों में सरकार द्वारा हवाई किराए ना तो निर्धारित किए जाते हैं और ना ही विनियमित किए जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अभूतपूर्व परिस्थितियों की वजह से सरकार द्वारा एक विशेष उपाय के रूप में ऊपरी और निचली सीमा वाले किराया बैंड शुरू किए गए थे। किराया बैंड की व्यवस्था से यात्रियों के साथ साथ एयरलाइनों के हित संरक्षण की रक्षा के दोहरे उद्देश्यों की पूर्ति होती है।'' उन्होंने बताया कि महामारी के प्रसार के परिणामस्वरूप देश में मार्च, 2020 से एयरलाइन परिचालन बंद कर दिए गए थे लेकिन कोविड की स्थिति में सुधार के आधार पर सुरक्षित हवाई यात्रा के लिए विभिन्न प्रोटोकॉल के साथ मई, 2020 में घरेलू प्रचालन को फिर से चरणबद्ध तरीके से आरंभ करने की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि समय-समय पर हालात और हवाई यात्रा के लिए यात्रियों की मांग का आकलन करने के बाद क्षमता संबंधी प्रतिबंध 18 अक्टूबर, 2021 से हटा लिए गए।'' सिंधिया ने कहा, ‘‘सरकार द्वारा चलाए गए राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान, वर्ष 2021-2022 में हवाई यातायत के पुनरुत्थान, 27 मार्च 2022 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुरू किए जाने, नए हवाई अड्डे की स्थापना, मौजूदा हवाई अड्डों और एयरलाइनों आदि के विस्तार के परिणामस्वरूप भारतीय विमानन सेक्टर में नौकरियों में वृद्धि की संभावना है।
- नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने सोमवार को कहा कि आठ डीम्ड विश्वविद्यालयों ने अपने स्नातक कोर्सों में छात्रों को दाखिला देने के लिए साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) अंकों का इस्तेमाल करने में रूचि दिखाई है। इनमें सीयूटी में शामिल होने की इच्छा जताने वाले टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टिस) और जामिया हमदर्द भी शामिल हैं। कुमार ने सोमवार को उन आठ डीम्ड विश्वविद्यालयों के उपकुलपतियों और निदेशकों के साथ बैठक की जिन्हें यूजीसी की तरफ से रखरखाव खर्च मिलता है। मुंबई स्थित टिस और दिल्ली स्थित जामिया हमदर्द के अलावा सीयूईटी में शामिल अन्य छह विश्वविद्यालय हैं-गांधीग्राम स्थित गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान, आगरा स्थित डिंडीगुल दयालबाग शैक्षणिक संस्थान, हरिद्वार में गुरुकुल कांगड़ी, अहमदाबाद में गुजरात विद्यापीठ, कोयंबटूर में अविनाशीलिंगम इंस्टीट्यूट ऑफ होम साइंसेज और कोलकाता स्थित रामकृष्ण विवेकानंद शैक्षणिक अनुसंधान संस्थान। कुमार ने कहा, ‘‘सभी विश्वविद्यालयों के पास यह मौका है कि वह सीयूईटी को अपनाएं और 12वीं में बहुत ज्यादा अंक लाने या एक से अधिक प्रवेश परीक्षा देने के तनाव से विद्यार्थियों को राहत प्रदान करें। '' कुमार ने पिछले सप्ताह कहा था कि सीयूईटी 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों के स्नातक कार्यक्रम में प्रवेश लेने के लिहाज से अनिवार्य होगा। सीयूईटी के जरिये आवेदन करने की शुरुआत दो अप्रैल से होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 30 अप्रैल होगी। यूजीसी अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने सीयूईटी की मुख्य विशेषता से डीम्ड विश्वविद्यालयों को अवगत कराया और बताया कि कैसे यह विद्यार्थियों के लिए लाभप्रद है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि संस्थानों में लागू आरक्षण नीति पर साझा प्रवेश प्रक्रिया से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
- भोपाल. बुरहानपुर मध्यप्रदेश का पहला ऐसा जिला बन गया है जहाँ के शत-प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को उनके घर में नल कनेक्शन के जरिए जल उपलब्ध करवाया जा रहा है। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया, ‘‘जल जीवन मिशन में प्रदेश की समूची ग्रामीण आबादी को नल कनेक्शन से जल उपलब्ध करवाने के लिए हर जिले में एकल अथवा समूह जल-प्रदाय योजनाओं पर काम जारी है। बुरहानपुर प्रदेश का पहला जिला है जहाँ के शत-प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को उनके घर में नल कनेक्शन के जरिए जल उपलब्ध करवाया गया है।'' उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानी भोपाल से करीब 325 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लगभग पाँच लाख की ग्रामीण जनसंख्या वाले बुरहानपुर जिले में जल जीवन मिशन में 129 करोड़ रुपये से अधिक लागत की जल प्रदाय योजनाओं से प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक अब नल से जल पहुँच रहा है। अधिकारी ने बताया कि बुरहानपुर जिले के दोनों (बुरहानपुर और खकनार) विकासखण्ड में 167 ग्राम पंचायतें और 254 गांव हैं। जल जीवन मिशन में जिले के सभी गाँवों के सभी परिवार के घर तक नल कनेक्शन से जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र में संचालित सभी आँगनवाड़ी केन्द्र और शालाओं में भी प्लेटफार्म बनाकर उनमें नल कनेक्शन से जल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था कर दी गई है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक में राष्ट्रीय राजमार्ग का 117 किलोमीटर लंबा खंड पूरा होने से बेंगलुरु से मैसूर तक की यात्रा समय घटकर सिर्फ 75 मिनट रह जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बेंगलुरु से मैसूर जाने में करीब तीन घंटे लगते है। यह काम अक्टूबर, 2022 तक पूरा हो जाएगा। गडकरी ने कई ट्वीट करते हुए कहा, ‘‘कर्नाटक में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-275 का बेंगलुरू-निदाघट्टा- मैसूर खंड, दस लेन का एक 117 किलोमीटर लंबा हिस्सा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस हिस्से का निर्माण 8,350 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस हिस्से का निर्माण कार्य पूरा होने के नजदीक है और अक्टूबर, 2022 तक यह पूरा हो जाएगा।'' केंद्रिय मंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच संपर्क को बढ़ाएगा और इस क्षेत्र के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करेगा। गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बड़ी जिम्मेदारी के साथ ऐसी कई बुनियादी ढांचे से संबंधित परियोजनाओं की घोषणा की गई है। इन परियोजनाओं को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर हमारी अटूट प्रतिबद्धता है।
- शिमला. हिमाचल प्रदेश के चंबा में सोमवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। एक आपदा प्रबंधन अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह चंबा-जोट रोड पर कार दुर्घटना का शिकार हो गई। अधिकारी ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चंबा जिले के साहू इलाके के निवासी थे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल दो लोगों का मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है।
-
नई दिल्ली । राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में वर्ष 2022 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति ने जानी मानी शास्त्रीय गायिका डॉ. प्रभा अत्रे को पद्म विभूषण प्रदान किया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को दूसरा सर्वोच्च असैन्य सम्मान मरणोपरांत प्रदान किया गया।
आज नौ पद्म भूषण पुरस्कार प्रदान किए गए। कोवैक्सीन बनाने वाली भारत बायोटेक की कृष्ण मूर्ति इल्ला और सुचित्रा इल्ला को पद्म भूषण प्रदान किया गया। ओडिया साहित्यकार डॉक्टर प्रतिभा रे, प्रसिद्ध न्यायशास्त्री आचार्य वशिष्ट त्रिपाठी और अभिनेता विक्टर बनर्जी को भी पदम भूषण से सम्मानित किया गया। भारतीय मूल के मैक्सिको निवासी वैज्ञानिक डॉक्टर संजय राजाराम को मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया।तोक्यो पैरालिम्पिक स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत और सुमित अंतिल, तोक्यो ओलिम्पिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपडा, गायक सोनू निगम, जनजातीय लेखक टी सेनका आओ, कथक नृत्यकार कमलिनी और नलिनी अस्थाना, लद्दाख के काष्ठ कलाकार त्सेरिंग नामग्याल, कलरिपयट्टू कलाकार शंकरनारायण मेनन चुंडायिल और लावणी गायिका सुलोचना चव्हाण को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। संस्कृत को लोकप्रिय बनाने के प्रयासों के लिए पोलैंड के विद्वान डॉक्टर मारिया के बर्स्की और आयरलैंड के प्रोफेसर रूटगर कोर्टेनहोर्स्ट को पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधान न्यायाधीश एन वी रमणा, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। - पणजी। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल में हुए चुनाव में अपने नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 20 सीटें जिताने वाले तीन बार के विधायक प्रमोद सावंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी में दूसरे कार्यकाल के लिए राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में सोमवार को शपथ ग्रहण की। गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने राज्य की राजधानी पणजी के निकट डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित समारोह में सावंत (48) को शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई नेता शामिल हुए। सावंत ने कोंकणी भाषा में शपथ ग्रहण की। यह राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में उनका दूसरा कार्यकाल है। वह मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद पहली बार मार्च 2019 में मुख्यमंत्री बने थे।
- हैदराबाद। तेलंगाना के कामरेड्डी जिले में सोमवार को सरकारी सड़क परिवहन निगम की एक बस की एक कार से आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और एक बच्चा जख्मी हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे मछरेड्डी मंडल में हुई। उन्होंने बताया कि दो महिलाओं और एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एक अन्य बच्चा दुर्घटना में जख्मी हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को इंडिगो की इंदौर-जम्मू मार्ग पर पहली उड़ान का उद्घाटन किया। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने एक बयान में कहा कि सिंधिया ने एक ऑनलाइन कार्यक्रम में इस उड़ान का उद्घाटन किया। इंदौर और जम्मू के बीच हफ्ते में चार दिन उड़ानें संचालित होंगी। ये उड़ानें सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को होंगी। इंडिगो ने कहा कि जम्मू से इंदौर की वापसी की उड़ानें भी इन्हीं चार दिनों में संचालित होंगी।
-
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में गांव दिवाना के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक-युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। शवों के रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों के पास से मिले मोबाइल फोन, कागजात आदि से उनकी पहचान हुई। दोनों की पहचान पंजाब के संगरूर जिला निवासियों के रूप में हुई। मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दोनों के परिजन पानीपत पहुंचे। परिजनों ने जीआरपी के साथ घटनास्थल देखा। परिजनों के आने पर दोनों शवों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका पंचनामा भरवाकर शवगृह में रखवा दिया गया। परिजनों के बयानों के आधार पर मामले में इतेफाकिया कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पंजाब के संगरूर जिले के गांव गुजराना का रहने वाले कुलदीप सिंह (21) और पड़ोसी युवती 26 मार्च की दोपहर बाद दोनों एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों ने दोनों की अनेक जगहों तलाश की, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों की गुमशुदगी का पर्चा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच, देर रात परिजनों के पास पानीपत जीआरपी की कॉल गई। जिस कॉल के बाद दोनों परिवारों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। दोनों परिवार पानीपत पहुंचे, जहां पहुंचने के बाद पता लगा कि युवक-युवती ने विकास नगर फाटक के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। -
खंडवा। नर्मदा नगर में नाबालिग बेटी को छेड़ा तो पिता का खून खौल गया। उसने अपने साले के साथ मिलकर आरोपी के तीन टुकड़े कर दिए। शव को निर्वस्त्र हालत में अजनाल नदी में फेंक दिया। सिर, धड़ और घुटने के नीचे के दोनों पैर रविवार को नदी में मिले। उन्होंने नदी के पास ही मंदिर के सामने शव को काटा था। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है। मृतक उनका रिश्तेदार ही था। यह खुलासा करते हुए एसपी विवेक सिंह ने बताया कि नर्मदा नगर थाना क्षेत्र के सक्तापुर गांव का नरेंद्र रविवार सुबह अजनाल नदी में नहाने के लिए पहुंचा। उसे नदी के घाट पर शिव मंदिर के सामने खून फैला दिखा। उसके बाद नदी में सिर, धड़ और पैर को अलग-अलग देखा तो घबरा गया। वह दौड़कर गांव आया और सरपंच शिवराज सिंह को सूचना दी। सरपंच ने पुलिस को सूचित कर दिया। एसपी विवेक सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। गोताखोरों की मदद से सिर, धड़ और पैर को नदी से बाहर निकलवाए।
फॉरेंसिक डिपार्टमेंट के अधिकारी डॉ. विकास मुजाल्दा ने बताया कि शव को कुल्हाड़ी और हंसिए जैसे हथियार से काटा गया है। मृतक की पहचान बोडानी गांव निवासी त्रिलोकचंद (55) के रूप में हुई। एसपी विवेक सिंह ने बताया कि त्रिलोकचंद की हरकतों से परेशान होकर उसकी पत्नी 12 साल पहले छोड़कर चली गई थी। इसके बाद त्रिलोकचंद ने अपने मामा ससुर के पोते आरोपी छन्नू को मकान बनाने के लिए सक्तापुर में जमीन दी थी। आरोपी छन्नू की 14 साल की एक बेटी पर त्रिलोकचंद की नीयत खराब हो गई। वह उसके साथ अकसर छेड़छाड़ करता था। ऐसे में आरोपी छन्नू ने त्रिलोक को ठिकाने लगाने की ठान ली। इसमें उसने अपने साले आरोपी उमेश की मदद ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी छन्नू और आरोपी उमेश ही त्रिलोकचंद को बाइक पर बैठाकर नदी के पास ले गए थे। वहां मछली काटने के हथियार से उसका सिर और पैर काट दिए। शव को नदी में ठिकाने लगा दिया। आरोपी छन्नू और आरोपी उमेश समेत चार आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। -
संबलपुर (ओडिशा)। कांग्रेस नेता और ओडिशा के पूर्व मंत्री रिपुनाथ सेठ का रविवार को बारगढ़ जिले में उनके पैतृक स्थान पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे। उनके परिवार ने बताया कि सेठ ने सीने में दर्द की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर बारपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। बीजेपुर निर्वाचन क्षेत्र से 1995 में ओडिशा विधानसभा में निर्वाचित होने वाले सेठ ने बारपाली अधिसूचित क्षेत्र परिषद (एनएसी) के अध्यक्ष के तौर पर अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के खिलाफ 2019 में बीजेपुर सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गए थे। विभिन्न दलों के नेता और बारपाली क्षेत्र के लोग दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर जुटे। मुख्यमंत्री ने भी सेठ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। -
नयी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में एक महिला की हत्या करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी मधु ने फातिमा की हत्या के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले आरोपी शौकीन खान (30) और आरोपी जीशान (22) को एक लाख रुपये दिए थे। पुलिस ने बताया कि फातिमा की 14 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पुराने सीलमपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि उसे तीन गोलियां मारी गई थीं। उन्होंने बताया कि गांधीनगर निवासी आरोपी मधु उर्फ आरती उर्फ पंजाबन को शक था कि फातिमा उसकी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है और उसने आरोपी खान औरआरोपी जीशान को सुपारी दी थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी खान को रविवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि आरोपी जीशान को शनिवार को आनंद विहार से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) आर सतियासुंदरम ने कहा कि जांच की प्रक्रिया में अपराधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई।
-
नयी दिल्ली। दिल्ली के द्वारका में 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान नजफगढ़ निवासी आशीष उर्फ आशु (24) और द्वारका के सेक्टर 16-ए निवासी सुमित उर्फ दिलबाग (19) के रूप में हुई है। द्वारका उत्तर थाना पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि ककरोला गांव में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। पुलिस ने कहा कि जांच में पता चला कि एक स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्रों के बीच छोटी सी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। छात्रों ने मामले को सुलझाने के लिये अपने दोस्तों को भी बुला लिया, जिसके बाद बाहरी लोग झगड़े में शामिल हो गए। पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी साहिल (19) की आंख के पास मुक्का मारा गया, जिसके बाद उसने द्वारका के सेक्टर 16-ए निवासी खुर्शीद को गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि खुर्शीद ने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि नंगली डेयरी क्षेत्र के निवासी आरोपी साहिल को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। -
पुणे। महाराष्ट्र स्थित पिंपरी चिंचवड के पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश का नाम लेकर कथित तौर पर एक व्यक्ति का भूमि विवाद सुलझाने के एवज में वसूली के आरोपी 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। आरोपी रोशन बगुल के फर्जीवाड़े की जानकारी तब मिली जब पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से संपर्क किया और इसके बाद भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी ने अपने कर्मियों को जाल बिछाने को कहा और खुद भेष बदलकर रेस्तरां में बैठे। देहूरोड पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया,‘‘ आरोपी ने पीड़ित को बताया कि वह पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश को जानता है और भूमि विवाद निपटाने के लिए पैसे की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस आयुक्त से संपर्क किया। आरोपी को रेस्तरां से जाल बिछाकर उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह रुपये ले रहा था।'' यह संयोग है कि पुलिस आयुक्त ने मई 2021 में लोगों की शिकायत मिलने के बाद व्यक्तिगत रूप से भेष बदलकर तीन थानों का दौरा किया था। -
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को बकेवर थाना क्षेत्र के बाबा कुंआ के पास हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बकेवर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नीरज यादव ने बताया कि रविवार दोपहर चौडगरा-जहानाबाद सड़क मार्ग पर बाबा कुआं के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृत दंपति की पहचान रसूलपुर गांव निवासी दिनेश पाल (50) और उनकी पत्नी मिथलेश पाल (45) के रूप में हुई है। एसएचओ के मुताबिक, दंपति के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। - जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस में उप-निरीक्षकों (एसआई) की भर्ती के लिए रविवार को हुई परीक्षा में 97 हजार से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। परीक्षा पहली बार जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा आयोजित की गई थी।जेकेएसएसबी के एक अधिकारी ने बताया कि गृह विभाग के उप-निरीक्षकों (पुलिस) के 1,200 पदों के लिए पहली बार ओएमआर-आधारित वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि 16 जिलों में कुल 322 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सबसे अधिक 65 केंद्र जम्मू जिले में और न्यूनतम छह केंद्र किश्तवाड़ जिले में स्थापित किए गए। जेकेएसएसबी ने पिछले साल इन पदों का विज्ञापन किया था। अधिकारी ने कहा कि परीक्षा के लिए 1,13,861 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था और 97,793 (85.95 प्रतिशत) ने परीक्षा दी। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया के दौरान सभी स्थानों को लाइव सीसीटीवी निगरानी की सुविधा से लैस करके और अनुचित साधनों और प्रथाओं का उपयोग करने के प्रयासों को रोकने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई, ताकि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। शासकीय महिला डिग्री कॉलेज अनंतनाग में एक अभ्यर्थी द्वारा अनुचित साधनों के प्रयोग के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। अधिकारी ने कहा कि मोबाइल फोन रखने वाले उम्मीदवार को हटा दिया गया।
- भोपाल।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि देश में पहली बार किसी राज्य (मध्य प्रदेश) में सरकारी स्कूलों में कक्षा आठ से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। शिवराज ने पचमढ़ी में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘स्कूल स्तर पर देश में पहली बार मध्य प्रदेश में सरकारी स्कूलों में कक्षा आठ से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। इसके तहत 240 घंटों का एआई पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि प्रदेश में पशुओं के इलाज के लिए वेटिनरी टेलीमेडिसिन सेवा शुरू की जाएगी और फसलों की बीमारी के संबंध में भी कृषि विज्ञान केंद्र से टेलीफोन द्वारा सलाह देने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश राज्य परिवहन निगम बंद होने के बाद ग्रामीण परिवहन में बहुत कठिनाइयां आ रही हैं, जिसके मद्देनजर अगले महीने राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण परिवहन नीति लाई जाएगी। शिवराज ने मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल के दो दिवसीय चिंतन शिविर के अंतिम दिन हुई बैठक के संबंध में पचमढ़ी में मीडिया के प्रतिनिधियों से बात की। उन्होंने कहा कि कई नए विचार भी इस मंथन से निकले हैं।शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, शहरों में 22 अप्रैल से 25,000 की आबादी पर एक मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक भी आरंभ की जाएगी, जहां सामान्य बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने दावा किया कि इससे बड़े अस्पतालों पर मरीजों का बोझ घटाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष में प्रदेश के सभी नगर निकायों में यह क्लीनिक स्थापित कर की जाएंगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों को सुपर स्पेशियल्टी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। शिवराज ने कहा, “मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना आरंभ की गई थी, जिसे अलग-अलग राज्यों ने अपनाया। प्रदेश में यह योजना तीन साल से ठप पड़ी थी। अब इसे दोबारा शुरू किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को पहली ट्रेन काशी विश्वनाथ रवाना होगी और पहली यात्रा में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद के सदस्य भी सम्मिलित होंगे। शिवराज ने कहा कि बस से भी अब तीर्थ-दर्शन कराया जाएगा और अगर संभव हुआ तो वरिष्ठ नागरिकों को हवाई जहाज से ले जाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इससे समय बचेगा और वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा भी होगी। शिवराज ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना' भी दोबारा शुरू की जा रही है, जो कोविड-19 महामारी के चलते बंद थी। उन्होंने कहा, “21 अप्रैल से कन्या विवाह योजना एक बार फिर नए स्वरूप में आरंभ होगी। पहले दो विभाग योजना के लिए राशि देते थे, अब इसे एकीकृत किया जा रहा है।” शिवराज ने बताया, “इस योजना के लाभार्थी को दी जाने वाली राशि 51,000 रुपये थी और अब इसे बढ़ाकर 55,000 रुपये किया जा रहा है। प्रति वर्ष आयोजित होने वाले समारोहों का विकासखंड स्तर पर पहले से तिथि तय कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।” उन्होंने कहा, “योजना के तहत सामूहिक विवाह ही होंगे। सामाजिक न्याय विभाग इन कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। समाज और जन-प्रतिनिधियों को जोड़कर आयोजन किया जाएगा।” मुख्यमंत्री ने कहा, “मध्य प्रदेश में लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की गई थी। आज 43 लाख लाडली बेटियां मध्य प्रदेश में है। अब योजना का दूसरा चरण दो मई को आरंभ किया जाएगा।” शिवराज ने कहा, “गरीब कल्याण योजना छह माह और जारी रहेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना और मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना को मिलाकर हर व्यक्ति को प्रति माह 10 किलो अनाज दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि सीएम राइज स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति का सूचक है और प्रत्येक स्कूल के भवन निर्माण पर 24 करोड़ की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि भवन में लाइब्रेरी, लैब, स्मार्ट क्लास और खेल मैदान की व्यवस्था होगी।उन्होंने कहा कि अभी जहां-जहां भवन उपलब्ध हैं, ऐसे 350 विद्यालयों में सीएम राइज स्कूल की परिकल्पना के आधार पर 13 जून से शिक्षण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। शिवराज ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पेयजल की व्यवस्था के लिए 6,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और बुरहानपुर में 30 मार्च को जल जीवन मिशन का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहब आंबेडकर की जयंती पर बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा, जिसके बाद कबीर महाकुंभ और वाल्मीकि महाकुंभ भी होगा। शिवराज के अनुसार, मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जहां एमबीबीएस की पढ़ाई इस वर्ष से हिंदी में आरंभ होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस में 6,000 पदों पर भर्ती शुरू होने वाली है और इसमें 50 प्रतिशत नंबर फिजिकल और 50 प्रतिशत अंक लिखित परीक्षा के होंगे।
- पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर रविवार को पटना के बाहरी इलाके में एक विक्षिप्त युवक ने सुरक्षा घेरे में सेंध लगाकर हमला कर दिया। जिला प्रशासन द्वारा एक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, पटना जिले के बख्तियारपुर शहर में अबू मोहम्मदपुर इलाके के निवासी शंकर कुमार वर्मा उर्फ छोटू (32) ने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। नीतीश एक सार्वजनिक कार्यक्रम के सिलसिले में बख्तियारपुर गए थे। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।बयान के अनुसार, घटना के समय नीतीश महान स्वतंत्रता सेनानी और राज्यसभा के पूर्व सदस्य पंडित शीलभद्र याजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर रहे थे। याजी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस का करीबी माना जाता था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नीतीश जब आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए आगे की ओर झुकते हैं, तभी हमलावर तेजी से सीढ़ियां चढ़कर वहां पहुंचता है और उन पर पीछे से वार कर देता है। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी उसे काबू में कर लेते हैं। वीडियो में मुख्यमंत्री को सुरक्षाकर्मियों को संयम बरतने और यह पता लगाने का निर्देश देते हुए देखा जा सकता है कि हमलावर के साथ क्या दिक्कत है। प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “जांच के दौरान यह पता चला है कि शंकर वर्मा मानसिक रूप से बीमार है। उसने दो मंजिला इमारत की छत से कूदकर और अपने कमरे से फंदा लगाने की कोशिश कर दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था।” बयान के मुकाबिक, शंकर वर्मा की दिमागी सेहत का असर उसके वैवाहिक जीवन पर भी पड़ा और उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ अलग रहती है। प्रशासन ने बताया कि बहरहाल, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए और हमलावर को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जाए। इस बीच, राजनीतिक समुदाय खासतौर से सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री पर हमले को लेकर आक्रोश जताया। उनके मंत्रिमंडल और जनता दल (यूनाइटेड) के सदस्यों के साथ ही गठबंधन के सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी के नेताओं व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी घटना की निंदा की है।
- ग्वालियर (मध्य प्रदेश)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि ग्वालियर में निर्माणाधीन अत्याधुनिक स्टेडियम अगले 10 से 11 माह के भीतर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि संभवत: अगले वर्ष से इस स्टेडियम में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। सिंधिया ने यहां ग्वालियर डिवीजन एवं चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशनस की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस बैठक में सिंधिया को सर्वसम्मति से चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है।उन्होंने कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रभावी ढंग से क्रिकेट कैंप आयोजित करें। सिंधिया के मुताबिक, “जड़ मजबूत होने पर ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट कौशल हासिल किया जा सकता है। खुशी की बात है कि मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने पिछले दो साल में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।” उन्होंने कहा कि वेंकटेश अय्यर व आवेश खान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं और वर्तमान में आईपीएल में खेल रहे हैं। सिंधिया ने कहा, “कोविड-19 महामारी की वजह से खेल गतिविधियां भी कठिन दौर से गुजरी हैं। अब खिलाड़ी एक बार फिर स्वतंत्र माहौल में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन देने के लिए उत्सुक हैं। क्रिकेट संघ खिलाड़ियों को हर संभव मदद देगा।” उन्होंने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और श्रेष्ठ खिलाड़ी ही टीम में शामिल किए जाएंगे।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छात्रों से एक अप्रैल को 'परीक्षा पे चर्चा' (पीपीसी) कार्यक्रम में परीक्षा का उत्सव मनाने का आह्वान किया। ‘परीक्षा पे चर्चा' के दौरान प्रधानमंत्री छात्रों से संवाद करते हैं। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय पिछले चार साल से इसका आयोजन कर रहा है। पीपीसी के पहले तीन संस्करण नयी दिल्ली में एक संवादात्मक ‘टाउन-हॉल' प्रारूप में आयोजित किए गए थे। चौथा संस्करण पिछले साल सात अप्रैल को ऑनलाइन आयोजित किया गया था। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आइये, परीक्षा का उत्सव मनाएं। तनाव मुक्त परीक्षाओं की बात करते हैं। एक अप्रैल को परीक्षा पे चर्चा में मिलते हैं।'' यह आयोजन एक अप्रैल को नयी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होगा।
- जम्मू। दक्षिण कश्मीर में हिमालयी क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की यात्रा कोविड-19 महामारी के कारण दो साल तक बंद रहने के बाद 30 जून को शुरू होगी। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के पदाधिकारियों ने रविवार को बताया कि 43 दिवसीय यात्रा 11 अगस्त को संपन्न होगी। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यहां राजभवन में जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में एसएएसबी की 41वीं बैठक में यह फैसला लिया गया। अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए तीर्थयात्रा अनंतनाग जिले में पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग, दोनों से शुरू होगी जबकि ऑनलाइन पंजीकरण 11 अप्रैल से शुरू होगा। जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को अगस्त 2019 में समाप्त किये जाने के कारण उस वर्ष अमरनाथ यात्रा बीच में ही रद्द कर दी गयी थी, जबकि कोरोना वायरस महामारी के कारण पिछले दो वर्षों- यानी 2020 और 2021 में सांकेतिक यात्रा की ही अनुमति दी गयी थी। सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘आज श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता की। तैंतालीस दिवसीय तीर्थयात्रा कोविड से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 30 जून से शुरू होगी और इसका समापन परम्परा के अनुरूप रक्षा बंधन के दिन होगा। हमने आगामी तीर्थयात्रा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर गहराई से विचार-विमर्श किया है।'' बैठक की जानकारियां देते हुए प्रवक्ता ने कहा कि बोर्ड ने मार्ग के आधार पर श्रद्धालुओं की दैनिक संख्या 10,000 तक सीमित रखने का फैसला किया है। इसमें हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यात्री शामिल नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने 2.75 किलोमीटर लंबे बालटाल से डोमेल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बैटरी कार सेवा शुरू करने का भी फैसला किया है। बैठक को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने अधिकारियों से सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए रास्ते में उनकी गतिविधि पर नजर रखने के लिए आरएफआईडी प्रणाली ला रही है।'' सिन्हा ने सभी श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधाएं देने पर भी खास जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को संतों की तीर्थयात्रा के लिए अखाड़ा परिषदों और आचार्य परिषदों को विशेष निमंत्रण भेजे का भी निर्देश दिया। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने यात्रा के लिए सुरक्षा इंतजाम की योजना पर बोर्ड को जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड दुनियाभर के श्रद्धालुओं के लिए सुबह और शाम होने वाली आरती का सीधा प्रसारण भी करेगा। यात्रा, मौसम और कई सेवाएं ऑनलाइन प्राप्त करने के बारे में सूचना प्राप्त करने के लिए गूगल प्ले स्टोर पर ‘श्री अमरानाथजी यात्रा' ऐप मुहैया करायी गयी है।

.jpg)








.jpg)

.jpg)










.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)