- Home
- देश
-
दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद सीढ़ियों से गिरने के बाद दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं। उधर, उनके समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना के साथ भगवान की शरण में पहुंच रहे हैं। लालू के पुत्र और राज्य के पूर्व मंत्री तेज प्रताप भी श्रीकृष्ण की शरण में पहुंचे। उन्होंने कहा, मैं सबकुछ छोड़ दूंगा, मुझे बस पापा चाहिए।
उन्होंने व्रत लिया है कि पिता के स्वस्थ होकर घर आने तक वह भगवान की शरण में ही रहेंगे। इस बारे में उन्होंने एक भावुक पोस्ट किया है। तेज प्रताप ने अपने ट्विटर हैंडल पर भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर पोस्ट कर लिखा है, पिताजी आप जल्द स्वस्थ होकर घर आ जाइए। आप हैं तो सब है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए लिखा, प्रभु, मैं आपकी शरण में हूं, तब तक रहूंगा, जब तक पापा घर नहीं आ जाते। मुझे बस पापा चाहिए और कुछ भी नहीं। ना राजनीति ना कुछ और। बस मेरे पापा और सिर्फ पापा..।
पिछले दिनों आवासीय परिसर में सीढ़ियों से गिरने के कारण लालू की तबीयत बिगड़ गई थी। पटना के एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने के कारण बुधवार को उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया। वहां एम्स में उपचार के बाद उनकी सेहत ठीक हो रही है। इसके बाद से ही उनके कई समर्थक विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर हवन और पूजा पाठ कर रहे हैं। - बदायूं (उप्र) । बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा कछला में शुक्रवार को दो युवकों की एक घंटे के अंतराल पर कथित तौर पर शराब पीने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस बीच, पुलिस ने शराब की तीन दुकानों को सील कर दिया है।पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि उझानी कोतवाली इलाके के कस्बा कछला निवासी अखिलेश (35) शराब पीने का आदी था। शुक्रवार उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वह शराब पीकर घर लौटा और कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। परिजन उसके शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वहां हलवाई की दुकान पर काम करने वाले पिंटू (26) की भी उसी दुकान से लेकर पी गई शराब से मौत हो गई। अचानक दो लोगों की शराब पीकर मौत के बाद लोगों में आक्रोश भर गया और उन्होंने ठेके पर पहुंचकर हंगामा शुरू किया और सड़क को जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद ठेके पर बिक रही शराब मिलावटी है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम बदायूं तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) ने कस्बे में मौजूद तीन ठेकों की शराब व बीयर के नमूने जांच के भेजे और दुकानें सील कर दी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि ठेकों पर पूरे दिन बिक्री हुई थी, लेकिन मौत केवल दो लोगों की हुई है।बदायूं की जिलाधिकारी दीपा रंजन ने बताया कि कस्बा कछला क्षेत्र में शराब पीने से दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद कस्बे में स्थित शराब की तीनों दुकानें सील करा दी गई हैं। शराब की सैंपलिंग भी की गई है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी। उल्लेखनीय है कि पिछले पंचायत चुनाव में मूसाझाग थाना क्षेत्र के तिगुलापुर गांव में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि एक युवक की आंखों की रोशनी भी जा चुकी है।
-
सतना। पंचायत चुनाव का आखिरी चरण अपने अंतिम दौर में सतना को बड़ा झटका दे गया। मैहर-कटनी बाइपास पर हुए एक हादसे में नागौद के प्रभारी तहसीलदार की दर्दनाक मौत हो गई। उनके साथ रहे आरआई चंद्रप्रकाश माझी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक सतना की नागौद तहसील के प्रभारी तहसीलदार गणेश देशभ्रतार मैहर जनपद के पाला-पकरिया सेक्टर के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बनाए गए थे। अपने सेक्टर से अंतिम पोलिंग पार्टी रवाना कर वापस मैहर लौट रहे थे। रात लगभग 2 बजे उन्होंने एक ढाबे में भोजन किया और मैहर के लिए बढ़े। उनका वाहन जैसे ही मैहर-कटनी बाइपास से मैहर के लिए मुड़ा सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसा। ड्राइवर ने बचाव की कोशिश की लेकिन कामयाब नही हुआ। बताया जाता है कि तहसीलदार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि आरआई का जबड़ा टूटा है और ड्राइवर की पसलियां फ्रैक्चर हो गई हैं।
हादसे के बाद तहसीलदार, आरआई और ड्राइवर को मैहर सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने प्रभारी तहसीलदार को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही रात 3 बजे कलेक्टर अनुराग वर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, सीईओ डॉ परीक्षित राव मैहर अस्पताल पहुंच गए। प्रभारी तहसीलदार की मौत से प्रशासनिक-राजस्व अमले में शोक की लहर दौड़ गई है। गणेश देशभ्रतार जिले के सुलझे हुए तहसीलदारों में से एक थे। वे पहले शिक्षक थे, बाद में पीएससी परीक्षा पास कर राजस्व सेवा में आए। उनके दो बेटे हैं।
-
जम्मू। अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है। 45 लोग अभी लापता हैं। सेना ने शनिवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। छह लोगों को एयरलिफ्ट किया गया।
उधर, माउंटेन रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुट गई है। हालात को देखते हुए फिलहाल अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। पवित्र गुफा के पास रेस्क्यू पूरा होने और रूट की मरम्मत के बाद ही यात्रा शुरू हो सकेगी। पुलिस के मुताबिक प्रशासन ने शुक्रवार रात को ही यात्रा स्थगित कर दी गई थी। पहलगाम और बालटाल में बने बेस कैम्प से आगे किसी यात्री को जाने की इजाजत नहीं है। शनिवार सुबह बेस कैम्प के बाहर यात्रियों की जबरदस्त भीड़ जमा हो गई। सब यह जानना चाहते थे कि यात्रा दोबारा कब शुरू होगी, लेकिन प्रशासन की तरफ से उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। -
चित्रकूट। चित्रकूट में शनिवार सुबह सड़क किनारे बैठे बारातियों को पिकअप ने रौंद दिया। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई। 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भरतपुर थाना प्रभारी दुर्गेश गुप्ता ने बताया कि यह हादसा चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र अंतर्गत रौली कल्याणपुर में हुआ। आक्रोशित भीड़ ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया है। मौके पर चित्रकूट डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला और एसपी अतुल शर्मा पहुंचकर लोगों को शांत कराया। शुक्रवार शाम को बांदा के जारी गांव से चित्रकूट बारात आई थी। गर्मी के चलते शनिवार सुबह सड़क के किनारे कुछ बाराती बैठे थे। तभी टमाटर से लदे पिकअप ने उन्हें रौंद दिया। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस संबंध में भरतपुर थाना प्रभारी दुर्गेश गुप्ता ने बताया कि पिकअप पकड़ लिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। -
नयी दिल्ली |सरकार ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के सम्मान में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है, इस दौरान शनिवार को भारत में उन सभी इमारतों पर तिरंगा आधा झुका रहेगा जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है। जापान के लोक प्रसारक एनएचए के मुताबिक, देश की सबसे शक्तिशाली व प्रभावी शख्सियतों में से एक आबे की पश्चिमी जापान में शुक्रवार को एक चुनावी सभा के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “पूरे भारत में शोक के दिन राष्ट्रीय ध्वज उन सभी भवनों पर आधे पर झुके रहेंगे, जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराये जाते हैं और इस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा। ” आबे की मौत की खबर सार्वजनिक किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली स्थित एम्स में इलाज करा रहे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उनकी बेटी मीसा भारती ने कहा, "लालू जी अब बिस्तर से उठकर बैठ सकते हैं और सहारे की मदद से खड़े हो सकते हैं। लालू जी की हालत अब काफी बेहतर है।"बिहार के 74 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री प्रसाद को अस्पताल के कार्डियो न्यूरो (सीएन) केंद्र की गहन देखभाल इकाई (सीसीयू) में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और कुछ दिन में उन्हें वार्ड में भेजे जाने की संभावना है। इससे पहले दिन में, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रसाद से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।सीढ़ियों से गिरने के कारण कई फ्रैक्चर होने पर उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को एक एयर एम्बुलेंस से उन्हें दिल्ली लाया गया था। इस सप्ताह की शुरुआत में प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव ने कहा था कि उनके पिता की तबीयत में 'सुधार' दिख है, लेकिन उन्हें दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया गया है, क्योंकि वहां एम्स के डॉक्टर उनके स्वास्थ्य इतिहास से अच्छी तरह वाकिफ हैं।चारा घोटाला मामलों में जमानत पर रिहा प्रसाद ने गुर्दे के प्रतिरोपण के लिए पिछले महीने झारखंड उच्च न्यायालय से विदेश, विशेषकर सिंगापुर जाने की अनुमति ली थी।
- चेन्नई,। चेन्नई के पास एक राजमार्ग पर शुक्रवार को सरकारी परिवहन निगम की एक बस के ट्रक से टकरा जाने से उसमें सवार दो महिलाओं समेत छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।पुलिस ने बताया कि चेन्नई से चिदंबरम जा रही बस चेन्नई-तिरुचिरापल्ली राजमार्ग पर मदुरंतकम के पास एक कंटेनर ट्रक से जा भिड़ी।चेंगलपट्टू जिले के पुलिस अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि हादसे में कम से कम 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना की जांच जारी है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को लेकर शोक जताया है।उन्होंने ट्वीट किया, “चेंगलपट्टू में सड़क दुर्घटना में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”वहीं, राज्यपाल आर एन रवि ने चेंगलपट्टू जिले में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने प्रत्येक शोक संतप्त परिवार को मुख्यमंत्री जन राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
-
नयी दिल्ली. पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक 22 वर्षीय व्यक्ति ने 12वीं कक्षा की एक लड़की पर झगड़े के बाद चाकू से हमला कर दिया। ये घटना परिवार द्वारा उक्त व्यक्ति के खिलाफ लड़की को 'परेशान' करने के लिए पुलिस से संपर्क करने के बाद हुई। पुलिस ने बताया, ‘‘एक अस्पताल में बतौर हाउसकीपिंग स्टाफ काम करने वाले व्यक्ति पर हत्या के प्रयास के लिए मामला दर्ज किया गया है। लड़की के पेट पर चाकू से वार करने के कईं घाव हैं और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।'' पुलिस ने बताया कि दोनों तिलक नगर में पास के इलाकों में रहते हैं।'' उन्होंने कहा, यह घटना सुबह के करीब सात बजकर 15 मिनट पर हुई जब लड़की स्कूटी से स्कूल जा रही थी। आरोपी ने उसे रोका और दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गयी, जिसके बाद आरोपी ने उसके पेट में चाकू से वार किए। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) घनश्याम बंसल ने कहा, झगड़े की वजह और चाकू से हमला करने का वास्तविक कारण अभी पता नहीं चला है क्योंकि लड़की का इलाज चल रहा है और उसका बयान दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि, आरोपी की पहचान कर ली गयी है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फोन बंद कर फरार हो गया था। पुलिस आरोपी के घर के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि उसका कोई सुराग मिल सके। पुलिस के मुताबिक पीड़िता के पिता नहीं हैं और उनकी मां घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती हैं।
पीड़िता की मां ने कहा, ''घटना के वक्त मेरी बेटी स्कूल जा रही थी। आरोपी उसे पहले भी परेशान करता था। हमने मई में भी पुलिस को इसकी सूचना दी थी। आरोपी ने उस वक्त उसे धमकी भी दी थी।'' पीड़िता के पारिवारिक मित्र ने बताया, चाकू लगने के बाद लड़की को पहले एक रिक्शा में सीआरपीएफ शिविर के अस्पताल ले जाया गया। ''लेकिन घटना में उसका काफी खून बह गया था, इसलिए उसे वहां से केशोपुर के पार्क अस्पताल ले जाया गया।'' सिंह ने बताया, ''परिवार के सदस्यों के मुताबिक करीब दो महीने पहले पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी और उसने लिखित में दिया था कि वह भविष्य में उसे तंग नहीं करेगा। हालांकि, परिवार ने आरोप लगाया था कि पुलिस चौकी से बाहर निकलने के बाद उसने लड़की को धमकी दी थी। -
काहिरा। मिस्र के दक्षिणी अश्वन प्रांत के समीप बृहस्पतिवार को एक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि 44 अन्य घायल हो गये। सरकारी समाचार एजेंसी ने यह खबर दी। सरकारी समाचार एजेंसी एमईएनए ने बताया कि अश्वन को अबू सिम्बेल से जोड़ने वाले राजमार्ग पर तड़के एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हुई।
-
नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से गांवों में लोगों की आय बढ़ाने के लिये किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) धारकों को सुगम कर्ज प्रवाह सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ आधा दिन चली बैठक में उन्होंने प्रौद्योगिकी को उन्नत बनाने में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की मदद करने को भी कहा। बैठक के बाद मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि वित्त मंत्री ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा की और इस बात पर मंथन किया कि कैसे संस्थागत ऋण इस क्षेत्र को उपलब्ध कराया जा सकता है। वित्त राज्यमंत्री भागवत के कराड ने कहा, ‘‘बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री ने की और मछली पकड़ने और डेयरी क्षेत्र में लगे सभी लोगों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने पर चर्चा की गई।'' उन्होंने कहा, ‘‘एक अन्य सत्र में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों पर यह निर्णय किया गया कि प्रायोजक बैंकों को उन्हें डिजिटलीकरण और प्रौद्योगिकी सुधार में मदद करनी चाहिए।'' क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की कृषि ऋण में महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके प्रायोजक बैंक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (पीएसबी) और राज्य सरकारें हैं। सूत्रों ने बताया कि देश में कुल 43 आरआरबी हैं। इनमें से एक-तिहाई, विशेषकर पूर्वोत्तर और पूर्वी क्षेत्रों के आरआरबी घाटे में चल रहे हैं और इन्हें नौ फीसदी की नियामकीय पूंजी आवश्यकता को पूरा करने के लिए कोष की जरूरत है। इन बैंकों का गठन आरआरबी अधिनियम, 1976 के तहत हुआ है और इनका उद्देश्य छोटे किसानों, कृषि क्षेत्र के कामगारों और ग्रामीण इलाकों के कारीगरों को कर्ज तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
-
नयी दिल्ली। मदर डेयरी ने सोयाबीन और चावल भूसी तेल की कीमतों में 14 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती की बृहस्पतिवार को घोषणा की। मदर डेयरी ने यह कटौती तेल कंपनियों को खाद्य तेलों के वैश्विक कीमतों में आई गिरावट का लाभ उपभोक्ताओं को देने के सरकारी निर्देश के एक दिन बाद की है। दिल्ली-एनसीआर में दूध के प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं में से एक मदर डेयरी धारा ब्रांड के तहत खाद्य तेल की भी बिक्री करती है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सरकार के हस्तक्षेप के बाद उपभोक्ताओं को तेल कीमतों में आई गिरावट का लाभ देते हुए हमने धारा सोयाबीन तेल और धारा राइसब्रान (चावल भूसी) तेल के एमआरपी को 14 रुपये प्रति लीटर तक कम कर दिया है। नई कीमतों वाले उत्पाद अगले सप्ताह तक बाजार में उपलब्ध होंगे।'' कीमतों में कटौती के बाद धारा रिफाइंड सोयाबीन तेल (पॉली पैक) 194 रुपये प्रति लीटर की मौजूदा कीमत की तुलना में 180 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा। धारा रिफाइंड चावल भूसी (पॉली पैक) तेल के मामले में कीमत 194 रुपये प्रति लीटर से घटकर 185 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। कंपनी को अगले 15-20 दिनों में सूरजमुखी तेल के एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) में कमी होने की उम्मीद है। मदर डेयरी ने 16 जून को वैश्विक बाजारों में कीमतों में नरमी आने के साथ अपने खाद्य तेलों की कीमतों में 15 रुपये प्रति लीटर तक की कमी की थी।
-
दरभंगा. बिहार के दरभंगा जिला के सिंहवाड़ा थाना अंतर्गत रामपुरा मिर्जापुर गांव स्थित पानी भरे एक खड्ड में डूबने से चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई है। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने घटना की सूचना मिलने पर हादसा स्थल पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों को पानी भरे खड्ड से निकलवाकर बृहस्पतिवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजवाया। अंचलाधिकारी चौधरी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता के रूप में चार-चार लाख रुपये की राशि देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतकों में मिर्जापुर जगनी टोला निवासी दिवंगत सदरे आलम के पुत्र जावेद अंसारी (10), नूर आलम के पुत्र नफीस अंसारी (11), मुख्तार अंसारी के पुत्र मोहम्मद इरशाद (9) और राजू के पुत्र मोनू कुमार (8) में शामिल हैं, जो कि रामपुरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढते थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि चारों बच्चे बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद खेलने के लिए घर से निकले थे और नहाने के क्रम में उक्त पानी भरे खड्ड में डूब गए। उन्होंने बताया कि चारों बच्चे जब शाम को घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनके कपड़े व चप्पल उक्त खड्ड किनारे मिले, जिससे ग्रामीणों को उनके डूब जाने की आशंका हुई।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। मुख्तार अब्बास नकवी के पद से इस्तीफे के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री ईरानी को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। स्मृति ईरानी के कार्यभार संभालने के मौके पर पूर्व अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी मौजूद थे। नकवी ने ईरानी को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, ‘‘केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी जी को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करने पर हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हर वर्ग के "सम्मान के साथ सशक्तीकरण" के संकल्प को आपके ऊर्जावान नेतृत्व में और मजबूती मिलेगी।'' स्मृति ईरानी ने बुधवार को खुद को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया था और कहा था कि वह अल्पसंख्यक वर्गों के कल्याण के माध्यम से देशसेवा का संकल्प निरंतर जारी रखेंगी।
- नयी दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) द्वारा वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप स्वीकृत बिजली भार का आकलन करने में विफलता के परिणामस्वरूप 20 महीनों में 1.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च हुआ। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में यह कहा गया है। अपने बचाव में डीटीयू ने कहा कि वह एक अनुसंधान और नवाचार विश्वविद्यालय है तथा विभिन्न शोध करता है, जिसके लिए हर समय बिजली की ‘‘निश्चित उपलब्धता'' की आवश्यकता होती है। इसलिए, यह आवश्यक था कि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थितियों के मामले में स्वीकृत भार विश्वविद्यालय को उपलब्ध हो। हालांकि, सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया कि स्पष्टीकरण में दम नहीं था क्योंकि डीटीयू को बिजली की आवश्यकता में ऐसी कोई अनिश्चितता नहीं थी। कैग की रिपोर्ट मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि डीटीयू के रिकॉर्ड की ऑडिट जांच से पता चला है कि 2015-16, 2016-17 और 2017-18 के दौरान बिजली की वास्तविक मांग (अधिकतम भार) 756 से 1,866 किलोवाट, 679-1,962 किलोवाट और 714-2,042 किलोवाट के बीच थी। डीटीयू के पास 4,256 किलोवाट के स्वीकृत लोड के साथ टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) का घरेलू बिजली कनेक्शन है।बिल में स्वीकृत लोड के आधार पर एक निश्चित घटक होता है और वास्तविक बिजली की खपत के आधार पर परिवर्तनीय घटक होता है। अगर स्वीकृत भार आवश्यकता से ज्यादा हो, तो बढ़े हुए नियत शुल्क के कारण अधिक व्यय होता है। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘वास्तविक आवश्यकता 4,256 किलोवाट के स्वीकृत भार से काफी कम रहने के बावजूद, डीटीयू ने स्वीकृत भार को कम करने के लिए लाइसेंसधारी से संपर्क करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की ताकि अधिक स्वीकृत भार पर निश्चित शुल्क के भुगतान से बचा जा सके।'' मई 2018 में, टीपीडीडीएल ने जुलाई 2018 से शुरू होने वाली बिलिंग अवधि के लिए स्वीकृत लोड को कम करने के बारे में डीटीयू के साथ चर्चा की थी क्योंकि 2017-18 में अधिकतम मांग के लिए मौजूदा 4,256 किलोवाट के मुकाबले केवल 1,709 किलोवाट के स्वीकृत लोड की आवश्यकता थी। हालांकि, डीटीयू ने स्वीकृत लोड में कमी के लिए सहमति देने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की और 4,256 किलोवाट के स्वीकृत लोड पर बिजली शुल्क का भुगतान करना जारी रखा, जिससे जुलाई 2018 से मार्च 2020 तक 1.55 करोड़ रुपये का व्यय हुआ, जिससे बचा जा सकता था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि नियमों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर वास्तविक खपत के आधार पर स्वीकृत लोड को बढ़ाया जा सकता है।
-
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम-स्वनिधि) योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों को दिए गए कर्ज में सिर्फ 12-13 प्रतिशत गैर-निष्पादित आस्ति (एनपीए) बना है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस योजना के तहत एक साल के 10,000 रुपये का गारंटी-मुक्त कर्ज दिया जाता है। कारोबार बढ़ाने को लिए गए पहले कर्ज का भुगतान करने पर दूसरी और तीसरी बार में योजना के तहत क्रमश: 20,000 और 50,000 रुपये का कर्ज दिया जाता है। मंत्रालय ने बयान में कहा कि इस योजना के तहत अबतक 53.7 लाख आवेदन मिले हैं। इनमें से 36.6 लाख आवेदनों को मंजूरी दी गई है और 33.2 लाख को कर्ज का वितरण कर दिया गया है। बयान में कहा गया है कि योजना के तहत अबतक 3,592 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। 12 लाख रेहड़ी-पटरी वालों ने अपने पहले कर्ज का भुगतान कर दिया है।
-
मुंबई। देश में कारखानों, निर्माण और खनन जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले (ब्लू कॉलर्ड) दो-तिहाई से अधिक कर्मचारी 15 हजार रुपये से कम मासिक वेतन पाते हैं। यह केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) द्वारा तय न्यूनतम वेतन से कम है। एक रिपोर्ट में गुरुवार को यह जानकारी दी गई। इन क्षेत्रों काम करने वाली महिलाएं मासिक औसतन 12 हजार 398 रुपये तक कमाती हैं। यह पुरुष कर्मियों की तुलना में 19 प्रतिशत कम है। कर्मचारी उपस्थिति और ‘पेरोल' प्रबंधन ऐप सैलरीबॉक्स की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। सैलरीबॉक्स ने यह रिपोर्ट इस मंच का इस्तेमाल करने वाले 11 लाख से अधिक कर्मचारियों के आधार पर तैयार की है। ये कर्मचारी सक्रिय रूप से इस मंच का उपयोग करते हैं। इस बारे में जानकारी जनवरी से जून, 2022 के दौरान जुटाई गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि 15 प्रतिशत से भी कामगार 20 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन पाते हैं। इन आंकड़ों से पता चलता है कि ज्यादातर भारतीयों को आज जीवनयापन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। दिलचस्प तथ्य यह है कि ज्यादातर कंपनियां केंद्रीय वेतन आयोग द्वारा तय 18 हजार रुपये के न्यूनतम वेतन से कम का भुगतान अपने कर्मचारियों को कर रही हैं। सैलरीबॉक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक निखिल गोयल ने कहा कि बेरोजगारी के आंकड़ों पर सभी की नजर रहती है। लेकिन इस बात पर कोई ध्यान नहीं देता कि किसे कितना वेतन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनियों को इसकी ओर ध्यान देने की जरूरत है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल श्रमबल में सिर्फ 27 प्रतिशत महिलाएं हैं।
-
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने कहा है कि मोबाइल फोन कंपनी वीवो इंडिया ने भारत में कर देयता से बचने के लिए 2017 से 2021 के दौरान चीन को करीब 62 हजार 476 करोड़ रुपये भेजे हैं। निदेशालय ने कहा कि धोखाधड़ी से शामिल की गईं 18 कंपनियों ने वीवो इंडिया को टर्नओवर की 50 प्रतिशत राशि भारत से बाहर, मुख्य रूप चीन भेजने में मदद की। एजेंसी ने कहा कि धन शोधन रोकथान अधिनियम के प्रावधानों के तहत अब तक कंपनियों की एक सौ 19 बैंक खातों की चार सौ 65 करोड़ रुपये की राशि जब्त की गई है।
इस बीच विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत में काम कर रही चीनी कंपनियों को देश के कानून का पालन करना होगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि इस मामले में देश के कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। -
नई दिल्ली।भारतीय सेना अग्निपथ योजना के अंतर्गत सैनिकों की भर्ती रैलियां अगले महीने से शुरू करेगी। सेना द्वारा जारी ज़ोन-वार कार्यक्रम के अनुसार भर्ती रैलियां 12 अगस्त से शुरू होंगी और दिसम्बर तक चलेंगी। इसमें देश के सभी जिलों को शामिल किया जायेगा। सैन्य पुलिस कोर में केवल महिला अग्निवीरों की भर्ती की जायेगी। सैन्य पुलिस कोर में चरणबद्ध रूप से एक हजार 7 सौ महिलाओं की नियुक्ति किए जाने की योजना है।
सरकार ने पिछले महीने अग्निपथ योजना की घोषणा करते हुए कहा था कि इस वर्ष 46 हजार सैनिकों की भर्ती की जाएगी। इनमें चालीस हजार रिक्तियां सेना के लिए और तीन-तीन हजार भारतीय वायु सेना और नौसेना के लिए होंगी। अगले कुछ वर्षों में अग्निवीरों की रिक्तियां बढ़ा दी जाएंगी। -
रांची. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 जुलाई को झारखंड के देवघर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानर (एम्स) का उद्घाटन करेंगे। भाजपा के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि हवाई अड्डे के उद्घाटन से बाबा बैद्यनाथ धाम व देवघर समेत संथाल प्रमंडल के लिए हवाई मार्ग से पहुंचना सरल हो जायेगा, इसी प्रकार एम्स का काम प्रारंभ होते ही न सिर्फ देवघर बल्कि पूरे झारखण्ड को इसका लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री चौदह जुलाई से प्रारंभ हो रहे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले से ठीक पूर्व 12 जुलाई को 657 एकड़ भूमि में फैले 401 करोड़ रुपये की लागत से तैयार देवघर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। प्रकाश ने कहा कि इस हवाई अड्डे के उद्घाटन के साथ श्रावणी मेले के लिए देश-विदेश से देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को अब रांची अथवा कोलकाता से सड़क मार्ग से देवघर स्थित बाबा धाम आने की कठिनाई नहीं उठानी पड़ेगी। इस वर्ष का प्रसिद्ध श्रावण मेला 14 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। श्रावण मेले में देवघर बाबा धाम में लाखों श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए पहुंचते हैं।
-
खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के एक गांव में 45 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर पिटाई की गई और उसे अपने पति को कंधे पर उठाकर चलने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस ने इस सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य में एक सप्ताह के समय में इस तरह की यह दूसरी घटना है। पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी राकेश मोहन शुक्ला ने बुधवार को बताया कि यह ऊन थाना क्षेत्र के कैली गांव की है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार को सामने आया। उन्होंने कहा कि पुलिस को 30 जून को कैली गांव में एक पारिवारिक विवाद के बारे में फोन आया था, जब पुलिस मौके पर पहुंची तब उसने पाया कि महिला अपने पति के साथ जाने को तैयार नहीं थी लेकिन बाद में ग्रामीणों के हस्तक्षेप से युगल के बीच आपसी सहमति बन गई। हालांकि पुलिस को मंगलवार को एक वीडियो मिला जिसमें चार विवाहित बच्चों की मां यह महिला अपने पति को कंधों पर उठाकर जाती दिखाई दे रही है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने पीड़िता के पति सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उनका कहना है कि वीडियो में लगभग 20 से 25 लोगों को देखा जा सकता है और जल्दी है अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला की 25 साल पहले शादी हुई थी लेकिन कुछ साल बाद ही उसका पति अपने पिता की हत्या के आरोप में जेल गया और सजा काटने के बाद रिहा हो गया। अधिकारी ने बताया कि महिला पास के गांव में रहती थी और एक श्रमिक के तौर पर महाराष्ट्र भी गई थी। उनके अनुसार करीब एक माह पहले वह कैली गांव में रहने आई थी और उसने अपने एक रिश्तेदार के खेत पर काम करना शुरु कर दिया था। उन्होंने कहा कि हालांकि ग्रामीणों ने रिश्तेदार के साथ महिला के रहने पर आपत्ति प्रकट की और एक पंचायत ने फैसला सुनाया कि वह अपने पति के साथ रहे। अधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों को महिला के अपने रिश्तेदार के साथ संबंध होने का संदेह था। उनके मुताबिक यह घटना तब हुई जब पीड़िता 30 जून को अपना सामान लेने अपने रिश्तेदार के यहां आई थी।
-
आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 10 स्थित एक घर में पति-पत्नी के साथ उनकी बेटी का शव फन्दे से लटका मिला है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंच कर तीनों शवों को नीचे उतारा गया और जांच शुरू की गयी । उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर गहन जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान सोनू, उसकी पत्नी गीता और बेटी सृष्टि के रूप में की गयी है । उन्होंने बता या कि पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
-
नयी दिल्ली. रेलटेल ने बुधवार को एक बयान में कहा कि देश भर के स्टेशनों पर भारतीय रेलवे की वीडियो निगरानी प्रणाली परियोजना का पहला चरण जनवरी 2023 तक पूरा हो जाएगा। इस कार्यक्रम की कार्यान्वयन एजेंसी रेलटेल ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
इसने कहा कि परियोजना के पहले चरण में ए-1, ए, बी और सी श्रेणी के 756 प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे और इसके जनवरी 2023 तक पूरा होने की संभावना है। एजेंसी ने कहा कि शेष स्टेशन दूसरे चरण में शामिल किए जाएंगे। बयान में कहा गया, “रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए, जो परिवहन के प्रमुख केंद्र हैं, रेलवे विभिन्न स्टेशन पर इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) आधारित वीडियो निगरानी प्रणाली (वीएसएस) स्थापित करने की प्रक्रिया में है।'' रेल मंत्रालय ने निर्भया फंड के तहत इस परियोजना को मंजूरी दी थी। -
मुंबई. उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना और चरणबद्ध विनिर्माण कार्यक्रम की वजह से देश के मोबाइल आयात में उल्लेखनीय गिरावट आई है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021-22 में मोबाइल फोन का आयात 33 प्रतिशत घटा है जबकि इस दौरान स्थानीय स्तर पर उत्पादन 26 प्रतिशत बढ़ा है। क्रिसिल की रिपोर्ट में कहा गया है कि मोबाइल फोन के स्थानीय उत्पादन की वृद्धि दर 2015-16 से 2020-21 के दौरान 33 प्रतिशत रही है। हालांकि, वित्त वर्ष 2021-22 में यह रफ्तार कुछ घटकर 24 से 26 प्रतिशत रह गई। रिपोर्ट कहती है कि उत्पादन में यह वृद्धि चिप के मौजूदा संकट के बावजूद हासिल हुई है। वहीं तीन वैश्विक विनिर्माताओं ने 2021-22 में पीएलआई उत्पादन लक्ष्य को हासिल किया है। रेटिंग एजेंसी का कहना है कि चरणबद्ध विनिर्माण कार्यक्रम तथा उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना की वजह से स्थानीय स्तर पर मोबाइल फोन का उत्पादन बढ़ा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2021-22 में मोबाइल का आयात सालाना आधार पर 33 प्रतिशत घट गया। वहीं इस दौरान मोबाइल के लिए चीन पर निर्भरता भी घटकर 60 प्रतिशत रह गई, जो 2020-21 में 64 प्रतिशत थी। हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि स्थानीय उत्पादन में भारी बढ़ोतरी के बावजूद 2021-22 में चीन से फोन-उपकरणों का आयात 60 प्रतिशत रहा है। हालांकि, यह इससे पिछले वित्त वर्ष के 64 प्रतिशत से कम है।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में कई व्यापारियों और रेस्तरां मालिकों ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ‘दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल' आयोजित करने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शहर के बाजारों की लोकप्रियता बढ़ेगी और उनके कारोबार में भी वृद्धि होगी। हालांकि उन्होंने खरीदारी मेले को लेकर स्पष्टता की कमी पर चिंता व्यक्त की और सरकार से इसे सफल बनाने के लिए इसके हितधारकों से बातचीत करने का आग्रह किया। एक दिन पहले केजरीवाल ने घोषणा की थी कि राष्ट्रीय राजधानी अगले साल 28 जनवरी से 26 फरवरी तक 'दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल' की मेजबानी करेगी। उन्होंने इसे देश का सबसे बड़ा ऐसा आयोजन बताया। राजधानी के छोटे भोजनालयों और बड़े रेस्तरां मालिकों को भी इस आयोजन से कारोबार में उछाल आने की उम्मीद है। आरके पुरम में एक फूड जॉइंट के मालिक रोहित ने कहा, ‘‘मेले में बड़ी संख्या में लोगों के आने से बिक्री में उछाल आएगा। हम इस दिशा में सोचने के लिए सरकार के आभारी हैं।'' रेस्तरां मालिकों ने भी सरकार से उनके साथ मेले के बारे में चर्चा करने और उनकी राय लेने का आग्रह किया है। भारतीय राष्ट्रीय रेस्तरां संघ (एनआरएआई) के कोषाध्यक्ष मनप्रीत सिंह ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से इससे इस क्षेत्र को बढ़ाने में मदद मिलेगी। लेकिन प्रमुख मुद्दा यह है कि यह मेला किस तरह की भीड़ को आकर्षित कर सकता है। अगर निम्न आय वर्ग के लोग आते हैं तो छोटे भोजनालयों में व्यापार बढ़ेगा और अगर उच्च आय वर्ग के लोग आते हैं तो बड़े रेस्तरां अच्छा कारोबार करेंगे।'' गौरतलब है कि इस साल रोजगार बजट के तहत दिल्ली सरकार ने घोषणा की थी कि वह 250 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ 'दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल' और 'होलसेल शॉपिंग फेस्टिवल' आयोजित करेगी।














.jpg)

.jpg)









.jpeg)
