- Home
- देश
-
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में नाइटी पहनकर चोरी करने वाले गैंग की दहशत देखने को मिल रही है।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात लोहियानगर से नाइटी पहने चोर ने एक ठेकेदार के घर से करीब 20 लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसमें रिवॉल्वर, 30 कारतूस, 5 लाख रुपए कैश और ज्वेलरी शामिल हैं। चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। चोर ने नाइटी पहन कर इस घटना को अंजाम दिया। जबकि चोरों ने राइफल को छोड़ दिया। पर उसके पास रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर साथ ले गया। लोहियानगर ओपी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के वक्त परिवार के लोग घर में ही थे पर उन्हें इसकी बिल्कुल भी भनक नहीं लगी। आशंका है कि चोर ने बेहोशी की दवा का स्प्रे कर दिया होगा। -
नयी दिल्ली. प्रख्यात सारंगी वादक एवं गायक लाखा खान 30 जून को डेनमार्क में रोसकिल्डे महोत्सव में प्रस्तुति देंगे। बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह संगीत महोत्सव यूरोप के सबसे बड़े महोत्सवों में शुमार है और नॉर्डिक क्षेत्र का सबसे बड़ा संगीत महोत्सव है। वर्ष 2021 में पद्म श्री से सम्मानित लाखा खान राजस्थान की मांगणियार परंपरा के प्रमुख प्रतिपादकों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि डेनमार्क में प्रस्तुति को लेकर खुश हूं। पद्म श्री प्राप्तकर्ता ने बताया, मैं पहले भी डेनमार्क जा चुका हूं। मैं रोस्किल्डे महोत्सव में प्रस्तुति को लेकर उत्सुक हूं, जहां हम वहां के संगीत प्रेमियों को भजन और सूफी कलाम पेश करेंगे जो ताल और 'राग' की प्रशंसा करते हैं। उत्सव में, हमें दुनिया भर के साथी संगीतकारों को सुनने का अवसर भी मिलेगा।'' लाखा खान के साथ ढोलक पर उनके बेटे डेन खान, गुड़गांव स्थित म्यूजिक लेबल अमरास रिकॉर्ड्स के सह-संस्थापक अंकुर मल्होत्रा के साथ शामिल होंगे, जो भजन और सूफी कलाम का अंग्रेजी में अनुवाद करेंगे। संगीत समारोह में अपनी प्रस्तुति के बाद, वे अन्य कार्यक्रमों के लिए जर्मनी जाएंगे।
सिंधी सारंगी के अंतिम उस्तादों में शुमार खान शास्त्रीय संगीत व लोक संगीत दोनों में ही पारंगत हैं। उन्होंने पश्चिमी भारतीय उपमहाद्वीप में बेशुमार भजन, सूफी कलाम और लोकप्रिय हिंदी धुन आदि दिये हैं। वह हिंदी, मारवाड़ी, सिंधी, पंजाबी और मुल्तानी सहित छह से अधिक भाषाओं में गाते हैं।
वर्ष 1971 में शुरू किया गया रॉसकिल्डे महोत्सव संगीत, संस्कृति व मानवतावाद के विकास और सहयोग के लिए एक गैर-लाभकारी संगठन द्वारा आयोजित किया जाता है। इस वर्ष यह संगीत समारोह 25 जून 2022 से दो जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा। -
नयी दिल्ली. भारत में मलेरिया के मामलों में 2015 के बाद से 86 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई है और 2015 तथा 2021 के बीच इस बीमारी से होने वाली मौतों की संख्या में 79 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। गैर-लाभकारी संगठन ‘मलेरिया नो मोर' की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। ‘मलेरिया उन्मूलन की ओर भारत का सफर' शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया है कि 2017 और 2019 के बीच मलेरिया से लड़ने के लिए भारत का बजटीय आवंटन दोगुने से अधिक हो गया और 31 राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों में इस बीमारी के बारे में सूचना देने को जरूरी बना दिया गया। इसमें लंबे समय तक चलने वाले नौ करोड़ से अधिक कीटनाशक जाल के वितरण का भी योगदान रहा जिनमें से 4.8 करोड़ कीटनाशक जाल 2019 और 2021 के बीच वितरित किए गए। सरकार का लक्ष्य 2030 तक देश से मलेरिया को खत्म करना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान किया जाना बाकी है, जिसमें निजी क्षेत्र, व्यक्तियों और समुदायों से बीमारी के खिलाफ संयुक्त लड़ाई में अधिक भागीदारी शामिल है। मलेरिया के मामलों की प्रभावी रूप से सूचना देने में निजी क्षेत्र की भागीदारी, बिना लक्षण वाले मलेरिया के मामलों का पता लगाना, सही समय पर मामलों की सूचना देना और प्रौद्योगिकी नवाचार ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें अधिक काम करने की आवश्यकता है। ‘मलेरिया नो मोर' के कंट्री डायरेक्टर प्रतीक कुमार ने बुधवार को यहां मलेरिया पर आयोजित एक मीडिया वर्कशॉप में कहा कि भारत में मलेरिया को गरीब आदमी की बीमारी के रूप में माना जाता है, इस प्रकार सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंडे में इसे कम प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कार्रवाई और ध्यान बढ़ाने की जरूरत है। कुमार ने कहा, "हालांकि, महत्वाकांक्षी लक्ष्य केवल सरकार द्वारा प्राप्त नहीं किया जा सकता और समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी एवं समर्थन की आवश्यकता है। मलेरिया को खत्म करने के प्रयास में सभी लोग शामिल हों ताकि 2030 तक देश से बीमारी को खत्म करने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। -
नयी दिल्ली. अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने इंजीनियरिंग कालेजों एवं अन्य संबद्ध संस्थानों से उद्योग नीत कोर्स तैयार करने को कहा है ताकि छात्रों के लिये रोजगार प्राप्त होने के अवसर बढ़ें । तकनीकी शिक्षा नियामक ने संस्थानों से उद्योग उन्मुख कोर्स तैयार करने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने के लिये शीर्ष उद्योगों एवं संबंधित संघों से संवाद करने को कहा है। कालेजों के प्राचार्यो एवं संस्थानों के प्रमुखों को लिखे पत्र में एआईसीटीई ने कहा, ‘‘ एआईसीटीई ने उद्योग उन्मुख एवं कौशल आधारित कोर्स तैयार करने तथा छात्रों को उद्योग में इंटर्नशिप का अवसर सुगम बनाने के लिये शीर्ष उद्योगों और संबंधित संघों के साथ एमओयू (सहमति पत्र) किया है ।'' परिषद ने कहा कि उद्योग अब विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में महत्वपूर्ण तकनीकी कौशल, डिजिटल कौशल और व्यवसायिक कौशल प्रदान करने में समर्थन देने के लिये आगे आ रहे हैं । पत्र में संस्थान के प्रमुखों से कहा गया है, ‘‘आपसे आग्रह किया जाता है कि शीर्ष उद्योगों और उद्योग संघों के साथ उद्योग नीत कोर्स विकसित करने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने के लिये संवाद करें । छात्रों को ऐसे कोर्स पूरा करने पर ‘क्रेडिट' प्रदान किया जाए । यह छात्रों को उद्योगों के अनुरूप तैयार करने एवं उनके लिये रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद करेगा।
-
मुंबई. लोकप्रिय पार्श्व गायिका चिन्मयी श्रीपदा और अभिनेता-निर्देशक राहुल रवींद्रन जुड़वां बच्चों के माता-पिता बन गए हैं। श्रीपदा ने मंगलवार रात इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
हालांकि उन्होंने बच्चों के जन्म के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की, लेकिन गायिका ने कहा कि दंपति ने नवजात बच्चों का नाम द्रिप्ता और शरवस रखा है। श्रीपदा ने इंस्टाग्राम पर राहुल रवींद्रन को टैग करते हुए लिखा, ‘‘द्रिप्ता और शरवस। हमारी दुनिया का नया और हमेशा बना रहने वाला केंद्र।'' श्रीपदा और राहुल रवींद्रन ने मई 2014 में शादी की थी। -
सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश). सुलतानपुर के गोसाईगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह रोडवेज की एक बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह तीन छात्र एक मोटरसाइकिल से फरीदपुर स्थित अपने स्कूल जा रहे थे,तभी रास्ते में गोसाईगंज इलाके में अयोध्या की तरफ से आ रही प्रयागराज डिपो की एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में दिव्यांश सिंह (20) और दानेश्वर सिंह (23) की मौके पर ही मौत हो गई तथा कुलदीप नामक छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-
मंगलुरू. एक त्वरित खोज और बचाव (एसएआर) मिशन में भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने तकनीकी खराबी के बाद पानी में डूब रहे विदेशी वाणिज्यिक जहाज ‘‘एमवी प्रिंसेस मिरल'' से सीरिया के 15 नाविकों को बचाया। बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। एमवी प्रिंसेस मिरल के चालक दल ने एक दरार का पता चलने के बाद जहाज को छोड़ दिया। दरार से जहाज में पानी भरने लगा था। मंगलवार को यह डूब गया। आईसीजी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल के जहाजों विक्रम और अमर्त्य ने विदेशी जहाज तक पहुंचने और चालक दल को बचाने के लिए कठिन बचाव अभियान चलाया। जहाज चीन के तियानजिन से लेबनान के बेरूत तक आठ हज़ार टन वजन के इस्पात के तार ले जा रहा था। दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त के वी राजेंद्र ने बताया कि जहाज उल्लाल तट से पांच से छह समुद्री मील दूर था। -
नोएडा (उप्र) . गौतमबुद्ध नगर के सरकारी स्कूल में तैनात ऐसी कम से कम 10 शिक्षिकाओं के बारे में शिक्षा विभाग को जानकारी मिली है जो गत कई साल से पढ़ाने नहीं आ रही हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि जिले में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक के करीब 511 स्कूल हैं। इनमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे है। उन्होंने बताया कि जिले के चारों ब्लॉक से वर्ष 2014, 2017, 2018, 2019 और 2020 से दस शिक्षिकाएं बिना अवकाश के गायब हैं। इनमें बिसरख ब्लॉक की चार, दादरी ब्लॉक की तीन, दनकौर की दो और जेवर की दो शिक्षिकाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन शिक्षिकाओं को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन उनके द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। लक्ष्मी ने बताया कि इस मामले मे संज्ञान लेकर खंड शिक्षा अधिकारी से जानकारी मांगी गई है। ऐसे शिक्षिकाओं के कागजों की जांच पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि इन शिक्षिकाओं की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। -
अयोध्या (उप्र). अयोध्या में सरयू नदी में स्नान कर रहे संभवतः पति और पत्नी पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला बोल दिया और पति को गाली देते हुए बेरहमी से पीटा। पुलिस ने बताया कि अयोध्या कोतवाली पुलिस थाना अंतर्गत सरयू नदी के किनारे की यह घटना मंगलवार की है, जिसका वीडियो बुधवार को वायरल हुआ। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवा दंपति नदी में स्नान कर रहा है और चूंकि महिला तैरना नहीं जानती, इसलिए तेज बहाव के डर से पुरुष ने उसे पकड़ रखा है। उन्होंने बताया कि कुछ अज्ञात कथित बदमाशों ने पुरुष और महिला को खींचकर पानी से बाहर किया और पुरुष की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। लोगों का आरोप था कि यह दंपति साथ में स्नान कर अश्लीलता फैला रहे थे। पुलिस ने कहा कि उसे इस घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दंपति और हमला करने वाले कथित बदमाशों को तलाशने का प्रयास कर रही है। -
जयपुर/ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत झुंझुनूं में सात से नौ जुलाई के बीच आयोजित हो रही तीन दिवसीय अखिल भारतीय स्तर की “प्रांत प्रचारक बैठक” में शामिल होंगे। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने जयपुर में बताया कि बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित सभी सहसरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, डॉ. मनमोहन वैद्य, सी.आर. मुकूंद, अरुण कुमार व रामदत्त शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बैठक संगठन संबंधित विषयों पर केंद्रित रहती है।
उन्होंने बताया कि बैठक में संघ के प्रशिक्षण वर्ग- “संघ शिक्षा वर्ग“ के वृत्त एवं समीक्षा, आगामी वर्ष की कार्ययोजना, प्रवास योजनाओं आदि विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष कार्य विस्तार योजना पर भी विचार विमर्श होगा। आरएसएस के संगठन की दृष्टि से यह बैठक हर वर्ष आयोजित की जाती है जिसमें पदाधिकारी विभिन्न गतिविधियों, वर्तमान विषयों का जायजा लेते हैं और वर्ष में आगे की योजना तैयार करते हैं । वर्ष 2025 में आरएसएस की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होंगे। सूत्रों के अनुसार ऐसे में संघ देशभर में संगठन का विस्तार करना चाहता है। समझा जाता है कि बैठक में इसके बारे में भी चर्चा होगी । -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) 15 जुलाई से 10 अगस्त तक साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) का आयोजन करेगी । एनटीए ने बुधवार को यह घोषणा की । एनटीए के बयान के अनुसार, सीयूईटी का आयोजन देश के 554 शहरों एवं भारत से बाहर 13 शहरों में विभिन्न केंद्रों पर कम्प्यूटर आधारित प्रारूप (सीबीटी) में किया जायेगा । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के अनुसार, इस परीक्षा के लिये अब तक 9,50,804 उम्मीदवारों ने 86 विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिये पंजीकरण कराया है जिसमें से 43 केंद्रीय विश्वविद्यालय हैं । इनमें 13 राज्य विश्वविद्यालय, 12 डीम्ड विश्वविद्यालय और 18 निजी विश्वविद्यालय शामिल हैं । एक छात्र ने औसतन पांच से अधिक विश्वविद्यालयों के लिये आवेदन किया है। सीयूईटी (स्नातक) का आयोजन 15 जुलाई, 16 जुलाई, 19 जुलाई, 20 जुलाई तथा 4 अगस्त, 5 अगस्त, 6 अगस्त, 7 अगस्त, 8 अगस्त और 10 अगस्त 2022 को किया जायेगा । यूजीसी के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने एक ट्वीट कर छात्रों को एनटीए की वेबसाइट से अद्यतन जानकारी प्राप्त करने का सुझाव दिया है।
-
भोपाल. मध्यप्रदेश में जून-जुलाई में होने वाले पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव से पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है और इसी कड़ी में राज्य में 993 गैर लाइसेंसी हथियार जब्त किए गये हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, ‘प्रिवेन्टिव सेक्सन ऑफ सीआरपीसी' में 1,25,614 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्रवाई की गयी है और अभी तक 14,599 गैर जमानती वारंट की तामीली भी की गयी है। मध्यप्रदेश में 25 जून से लेकर 15 जुलाई तक पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव होने हैं।
-
बेंगलुरू. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को कहा कि वह 30 जून को अपनी वाणिज्यिक शाखा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) के दूसरे समर्पित वाणिज्यिक मिशन 'पीएसएलवी-सी53' की शुरुआत करेगा जो सिंगापुर के तीन उपग्रहों को लेकर जाएगा। दो अन्य उपग्रहों के साथ डीएस-ईओ उपग्रह को ले जाने वाला प्रक्षेपण यान श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से भारतीय समयानुसार शाम छह बजे उड़ान भरेगा। प्रक्षेपण के लिए 25 घंटे की उलटी गिनती 29 जून को शाम पांच बजे से शुरू होगी।
यह पीएसएलवी का 55वां मिशन होगा और पीएसएलवी-कोर अलोन वैरिएंट का उपयोग करते हुए 15वां मिशन तथा दूसरे लॉन्च पैड से 16वां पीएसएलवी प्रक्षेपण होगा।-file photo
-
चंपावत. उत्तराखंड के चंपावत जिले के टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में जिले के बनबसा थाने में तैनात महिला पुलिस उप निरीक्षक की मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि बनबसा थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (विशेष) विजयलक्ष्मी (59) ड्यूटी समाप्त कर अपने आवास को जा रही थी कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर बनबसा थाने के पार्किंग में खड़े पुलिस वाहन और स्टाफ के वाहनों से जा टकराया। उन्होंने बताया कि ट्रक की चपेट में आकर विजयलक्ष्मी एवं अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी (आपरेशन) अभिनव चौधरी विजयलक्ष्मी को चिकित्सालय ले गये जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस द्वारा उनके परिजनों को दे दी गई है, वहीं पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और पुलिसकर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है । -
जम्मू. थल सेना, पुलिस और असैन्य अधिकारियों के एक संयुक्त सम्मेलन में बुधवार को यहां आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेना की टाइगर डिवीजन ने संयुक्त सुरक्षा समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया, जिसकी सह-अध्यक्षता जनरल ऑफिसर कमांडिंग, राइजिंग स्टार कोर, लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश कुमार ने की तथा जम्मू तथा सांबा में सुरक्षाबलों की तैयारियों का समन्वय किया। पवित्र अमरनाथ गुफा में बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए 43 दिन लंबी यात्रा 30 जून को दो मार्गों-पहलगाम और बाल्टाल से शुरू होगी। प्रवक्ता ने कहा, "उच्चस्तरीय बैठक के दौरान यात्रा के लिए खतरे की आशंका और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।" उन्होंने कहा कि सम्मेलन में जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार, जम्मू और सांबा के उपायुक्त, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी, राज्य खुफिया ब्यूरो के उप निदेशक, जम्मू और सांबा के फॉर्मेशन कमांडर और ब्रिगेड कमांडर शामिल हुए। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने यहां भगवती नगर में तीर्थयात्रियों के मुख्य शिविर यात्री निवास और उसके आसपास मोर्चा संभालना शुरू कर दिया है।
-
नई दिल्ली। संयुक्त प्रवेश परीक्षा- जेईई मेन जून 2022 आज से शुरू हो गई है। । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी देश के 501 शहरों और देश के बाहर 22 शहरों में स्थित विभिन्न केन्द्रों में 23, 24, 25, 26, 27, 28 और 29 जून को परीक्षा संचालित करेगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा- सीयूईटी-अंडर ग्रैजुएट देश के 554 शहरों और बाहर के 13 शहरों में 15 जुलाई से संचालित करेगी। सीयूईटी अंडर ग्रैजुएट प्रवेश परीक्षा 15, 16, 19, 20 जुलाई और 4, 5, 6, 7, 8 और 10 अगस्त को कम्प्यूटर आधारित परीक्षा - सी बी टी प्रणाली से होगी।
करीब ग्यारह लाख से अधिक अभ्यार्थियों ने सीयूईटी परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। मार्च में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने घोषणा की थी कि 45 केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए सीयूईटी की परीक्षा में प्राप्त अंक अनिवार्य रूप से मान्य होंगे तथा केन्द्रीय विश्वविद्यालय अपने लिए न्यूनतम पात्रता मानदण्ड निर्धारित कर सकते हैं।44 केन्द्रीय विश्वविद्यालयों, 12 राज्य विश्वविद्यालयों, 11 डीम्ड विश्वविद्यालयों और 19 निजी विश्वविद्यालयों ने अकादमिक वर्ष 2022-23 के लिए अंडर ग्रैजुएट पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी में शामिल होने का आवेदन किया है। -
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन -इसरो ने आज तडके फ्रेंच गयाना के कौरू से संचार उपग्रह जी-सैट 24 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। इसरो ने जी सैट-24 का निर्माण न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड- एन एस आई एल के लिये किया है। जी सैट-24 चार हजार एक सौ अस्सी किलोग्राम वजन वाला 24 केयू बैंड का संचार उपग्रह है जो पूरे भारत में डी टी एच ऐप की जरूरतें पूरी करेगा। अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधारों के बाद न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड का यह पहला मांग आधारित संचार उपग्रह मिशन है। एन एस आई एल अंतरिक्ष विभाग के अंतर्गत भारत सरकार की कंपनी है जिसने समूची उपग्रह क्षमता टाटा प्ले को लीज पर दी है।
-
नागपुर। नागपुर के सदर इलाके में राजभवन परिसर से चंदन के दो पेड़ काटने के बाद चोरी कर लिये गये। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सदर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस चोरी का पता सुबह उस समय चला, जब एक माली ने दो कटे हुए पेड़ों का हिस्सा देखा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- गुवाहाटी। असम में ब्रह्मपुत्र, बराक एवं उनकी सहायक नदियों में बाढ़ की स्थिति मंगलवार को भी गंभीर बनी रही। राज्य में इस प्राकृतिक आपदा के कारण सात और लोगों की जान चली गई एवं करीब 55 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौत के नये मामलों के बाद इस साल प्राकृतिक आपदा के कारण इस साल 89 लोग जान गंवा चुके हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सर्मा ने बाढ़ प्रभावित नलबाड़ी और कामरुप जिलों में राहत शिविरों का दौरा किया और कहा कि जल्द ही राहत पैकेज की घोषणा की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, भुवनेश्वर से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मी बचाव अभियान में मदद के लिए असम भेजे गये हैं। बराक घाटी में करीमगंज और कचार जिलों में बराक एवं कुशियारा नदियों का जलस्तर बढ़ते जाने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीआरएफ की चार इकाइयां बचाव अभियान में मदद के लिए भुवनेश्वर से सिलचर भेजी गयी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ एनडीआरएफ की चार इकाइयां यानी कुल 105 कर्मी बराक घाटी में बचाव अभियान चलाने के लिए सिलचर भेजे गये हैं। '' उन्होंने इस ‘त्वरित मदद ' के लिए गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। कचार में 506 गांव के 2.16 लाख लोग और करीमगंज में 454 गांव के 1.47 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य में 36 में से 32 जिलों में करीब 48 लाख लोग बाढ की इस दूसरी लहर से बेहाल हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, राज्य के 36 में से 32 जिलों के 55,42,053 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बारपेटा सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 12.51 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश के कारण आयी बाढ़ के चलते 2.62 लाख लोगों ने 862 राहत शिविरों में शरण ली है। राहत कार्य में लगी एजेंसियों ने पिछले 24 घंटे में 11,292 लोगों एवं 27,086 मवेशियों को बाढ़ वाले क्षेत्रों से बाहर निकाला । केंद्रीय जल आयोग के बुलेटिन के अनुसार, नगांव जिले के कामपुर में कोपिली नदी और निमाटिघाट, तेजपुर, गुवाहाटी, कामरूप, ग्वालपाड़ा और धुबरी में ब्रह्मपुत्र नदी तथा पुथिमारी, पागलडिया, बेकी, बराक, कुशियारा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बारपेटा, कचार, दारांग, ग्वालपाड़ा, कामरूप (मेट्रो) और करीमगंज के शहरी इलाकों में भी बाढ़ की खबर है तथा कामरूप एवं करीमगंज में दिन में भूस्खलन हुआ। कुल 1,13,485.37 हेक्टयर क्षेत्र में लगी फसल एवं 33,84,326 जानवरों पर बाढ़ का असर पड़ा है। दो तटबंध टूट गये तथा 316 सड़कें एवं 20 पुल क्षतिग्रस्त हो गये।
- कोलकाता । दक्षिण-पश्चिमी हवा के प्रभाव से अगले पांच दिनों में पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बयान में कहा, उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार और सिक्किम में भी कुछेक स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम हवा के प्रभाव में बारिश होने की संभावना है। उत्तरी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के नेओरा में 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 280 मिमी दर्ज की गयी, जबकि मूर्ति में 210 मिमी और नागरकाटा में 200 मिमी बारिश दर्ज की गयी। तीस्ता और चैल नदियों का पानी चपडांगा और राजदंगा में प्रवेश करने से क्रांति ब्लॉक के कई इलाके जलमग्न हो गए। इलाके का राजमार्ग भी पानी में डूब गया। अधिकारियों ने निचले इलाकों में रहने वालों को जिले के मल अनुमंडल में लगातार हो रही बारिश के बीच दूसरी जगह चले जाने की अपील की है। पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के बाद सिलीगुड़ी के कई इलाके भी जलमग्न हो गए हैं। पश्चिम सिक्किम जिले के सोरेंग और युकसोम में सोमवार सुबह से 120 मिमी बारिश हुई।
- नयी दिल्ली। सेना के तीनों अंगों ने मंगलवार को कहा कि अग्निपथ योजना सैनिकों की भर्ती की मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं लाएगी और न ही उनकी युद्धक क्षमताओं तथा अभियानगत तैयारी को प्रभावित करेगी। सैन्य मामलों के विभाग के अतिरिक्त सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने नयी योजना के बारे में विभिन्न मुद्दों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सैन्य बलों का आकार सही करने और सेना का युवा स्वरूप बनाने के लिए योजना लायी गई है और कुल मिलाकर इससे बलों की क्षमता बढ़ेगी। भर्ती के लिए नए मॉडल की घोषणा के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसक विरोध देखा गया। नयी योजना के तहत केवल चार साल के लिए साढ़े 17 से 21 वर्ष की आयु के युवाओं की भर्ती करने का प्रावधान है, जिसमें से 25 प्रतिशत को 15 और वर्षों के लिए सेवा में बनाए रखा जाएगा। इस साल के लिए ऊपरी आयु सीमा को बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया गया है।लेफ्टिनेंट जनरल पुरी ने कहा, ‘‘भर्ती प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा। पांच साल पहले जो हुआ, जो पूर्व में हुआ, वही जारी रहेगा।'' साथ ही, उन्होंने कहा कि योजना के तहत भर्ती होने वाले सैनिक वीरता पुरस्कार के लिए पात्र होंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना इसलिए शुरू की जा रही है ताकि सशस्त्र बल सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को आकर्षित कर सकें। पुरी ने कहा कि अग्निपथ सशस्त्र बलों को ताकत देगा। सेना के तीनों अंगों के शीर्ष अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि अग्निवीर को दिए जाने वाले प्रशिक्षण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, हालांकि इसकी अवधि कम की जाएगी।‘एयर ऑफिसर-इन-चार्ज ऑफ पर्सनल' एयर मार्शल एस के झा ने कहा, ‘‘भारतीय वायु सेना की युद्धक क्षमता और तैयारी पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। भारतीय वायु सेना और सरकार वह सब कुछ करेगी जो हमें युद्ध के योग्य और युद्ध के लिए तैयारी रखने को लेकर आवश्यक है।'' उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत भारतीय वायुसेना की भर्ती प्रक्रिया, प्रवेश स्तर की योग्यता, परीक्षा पाठ्यक्रम और चिकित्सा मानकों में ‘‘बिल्कुल कोई बदलाव नहीं'' हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय वायु सेना में प्रवेश अग्निवीर वायु के माध्यम से ही होंगे।''सेना के एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बंसी पोनप्पा ने कहा कि सेना अग्निपथ योजना के तहत महिलाओं को सैन्य पुलिस के रूप में शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से नुकसान नहीं होगा बल्कि सेना की युद्धक क्षमता में सुधार होगा। भर्ती कार्यक्रम जारी करते हुए, लेफ्टिनेंट जनरल पोनप्पा ने कहा कि उम्मीदवारों का ऑनलाइन पंजीकरण और भर्ती रैलियों के कार्यक्रम की घोषणा एक जुलाई से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि भर्ती रैलियां अगस्त के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी, अग्निवीर के पहले बैच के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 16 अक्टूबर और 13 नवंबर को होगी तथा वे 22 दिसंबर को प्रशिक्षण केंद्रों पर रिपोर्ट करेंगे। पहला बैच 23 जुलाई को अपनी-अपनी इकाइयों में शामिल होंगे। वायुसेना के भर्ती कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए एयर मार्शल झा ने कहा कि उम्मीदवारों का पंजीकरण 24 जून से 5 जुलाई तक होगा, जबकि स्टार परीक्षा (ऑनलाइन) के लिए पंजीकरण 24 से 31 जुलाई के बीच उपलब्ध होगा। वायु सेना अस्थायी रूप से चयनित उम्मीदवारों को 10 अगस्त तक कॉल लेटर जारी करेगी और उनका मेडिकल परीक्षण 29 अगस्त से 8 नवंबर तक किया जाएगा। एयर मार्शल झा ने कहा कि अनंतिम चयन सूची 1 दिसंबर को जारी की जाएगी, नामांकन सूची और सफल उम्मीदवारों को कॉल लेटर 11 दिसंबर को जारी किए जाएंगे और पाठ्यक्रम 30 दिसंबर से शुरू होगा। नौसेना के कार्यक्रम के बारे में, वाइस एडमिरल (कार्मिक) दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया का विवरण बुधवार को जारी किया जाएगा और सभी उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एक जुलाई से शुरू होगा। भर्ती के लिए एक विस्तृत अधिसूचना जुलाई में प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवेदन विंडो 15 से 30 जुलाई तक उपलब्ध होगी और परीक्षा और शारीरिक फिटनेस परीक्षण अक्टूबर के मध्य में होगा जबकि प्रशिक्षण प्रक्रिया 21 नवंबर से शुरू होगी। वाइस एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि अग्निवीर को अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद मर्चेंट नेवी में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
- शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के मिर्जापुर क्षेत्र में बैंड वाले को रुपये देने को लेकर हुए विवाद के बाद दुल्हन पक्ष ने बारात खाली हाथ लौटा दी। मिर्जापुर के थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि फर्रुखाबाद जिले के कंपिल कस्बा निवासी धर्मेंद्र की बारात सोमवार को मिर्जापुर में आई थी। उन्होंने बताया कि बारात में कई कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब बैंड वालों वर पक्ष से अपना भुगतान मांगा तो उन्होंने यह कहकर मना कर दिया की वधू पक्ष के लोग उन्हें रुपये देंगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि दूल्हा धर्मेंद्र भी अपने गले में पड़ा वरमाला का हार तोड़कर अपने परिजनों के पक्ष में खड़ा हो गया। यह बात वधू पक्ष के लोगों को और नागवार गुजर गई और उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। सिंह ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के समझाने के बावजूद सहमति नहीं बनने पर दोनों पक्षों ने आपसी लेनदेन वापस कर दिया और बारात दुल्हन लिए बगैर लौट गई। (प्रतीकात्मक फोटो)
- नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने हस्तशिल्प निर्यात और रियल एस्टेट से जुड़े एक कारोबारी समूह के ठिकानों पर छापेमारी के बाद 100 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता लगाया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि गत 16 जून को इस कारोबारी समूह के राजस्थान एवं मुंबई स्थित 25 ठिकानों पर आयकर विभाग ने सघन तलाशी अभियान चलाया था। यह समूह हस्तशिल्प निर्यात से लेकर रियल एस्टेट तक के कारोबार से जुड़ा हुआ है। तलाशी अभियान के दौरान आयकर विभाग ने कई अहम दस्तावेज बरामद किए जिनसे पता चला कि यह समूह रियल एस्टेट कारोबार में अघोषित नकद लेनदेन में संलिप्त रहा है। इसके अलावा फर्जी खरीद बिल भी बरामद किए गए हैं। आयकर विभाग ने तलाशी अभियान के दौरान 1.3 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित नकदी और 7.9 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण भी जब्त किए हैं। सीबीडीटी ने इस समूह की पहचान उजागर न करते हुए कहा, "प्रथम दृष्टया तलाशी के दौरान अभी तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता चला है। (प्रतीकात्मक फोटो)
-
नई दिल्ली। जाने-माने कवि और साहित्यकार प्रोफेसर रामदरश मिश्र को प्रतिष्ठित सरस्वती सम्मान दिया जाएगा। यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली में 27 जून को 'मैं तो यहां हूं', काव्य संग्रह के लिए प्रदान किया जाएगा।। यह पुरस्कार के.के. फाउंडेशन की तरफ से दिया जाता है। इसके तहत 15 लाख रुपये नकद दिए जाते हैं।
श्री रामदरश मिश्र का जन्म 15 अगस्त, 1924 को उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के डुमरी गांव में हुआ था। उन्होंने हिन्दी साहित्य की विभिन्न विधाओं में लेखन किया है। उनके 32 काव्य संग्रह, 15 उपन्यास, 30 लघु कथा संग्रह, 15 साहित्यिक आलोचनात्मक पुस्तकें, चार निबंध संग्रह, यात्रा संस्मरण और अन्य पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। प्रोफेसर मिश्र विभिन्न मंत्रालयों से सम्बद्ध हिन्दी सलाहकार समितियों के सदस्य भी रहे। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग से सेवानिवृत्त हुए। -
नई दिल्ली। असम, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना लागू करने वाला देश का 36वां राज्य बन गया है। इसके साथ ही, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना पूरे देश में सफलतापूर्वक लागू हो गई है।
इस योजना का उद्देश्य देश में किसी भी स्थान पर प्रवासी मजदूरों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए किसी भी उचित दर दुकान से रियायती दर पर अनाज की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना से लाभार्थियों विशेष रूप से कोविड महामारी के दौरान प्रवासी लाभार्थियों को रियायती दर पर अनाज सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।इस योजना को बाधारहित और त्वरित बनाने के लिए मेरा राशन मोबाइल ऐप शुरू किया गया है। यह ऐप लाभार्थियों को कई तरह की महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध करा रहा है और यह 13 भाषाओं में उपलब्ध है।





















.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpeg)
