- Home
- देश
-
हापुड़ (उत्तर प्रदेश) । जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को एक केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गये। मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि राहत कार्य में तेजी लाई गई है और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास की कई फैक्टरियों की छतें उड़ गईं। पुलिस प्रशासन व दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया और कई लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला। पुलिस के अनुसार, हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी (औद्योगिक क्षेत्र) में शनिवार को सीएनजी पंप के पीछे कृष्णा ऑर्गेनिक कंपनी में बॉयलर फट गया, जिससे वहां आग लग गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गये। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्विटर पर घटना पर दुख जताया और दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य कराने और परिजनों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिये हैं। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि राहत कार्य में तेजी लाई गई है। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है।
-- -
मुंबई । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि उसने पंजाब एंड सिंध बैंक पर ‘बाह्य मानक-आधारित' ब्याज से जुड़े कर्ज के मामले में जारी कुछ निर्देशों का पालन न करने को लेकर 27.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। आरबीआई ने कहा कि पंजाब एंड सिंध बैंक की एक सांविधिक जांच में निर्देशों का पालन नहीं किये जाने का पता चला। बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। रिजर्व बैंक ने कहा, ‘‘नोटिस पर बैंक के जवाब, मौखिक रूप से उनकी बातों को सुनने तथा उपलब्ध करायी गयी अतिरिक्त सूचनाओं की जांच के बाद निर्देशों का अनुपालन नहीं करने की बात साबित हुई ....।'' उसके बाद बैंक पर जुर्माना लगाने का निर्णय किया गया। -
कोलकाता। दक्षिण पश्चिम मॉनसून अपनी शुरुआत की सामान्य तिथि से कम से कम चार दिन पहले पश्चिम बंगाल में पहुंच गया और राज्य के उप-हिमालयी जिलों के कुछ हिस्सों पर छा गया है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि उत्तरी ओडिशा के तटीय हिस्से और पश्चिम बंगाल के गंगा वाले भाग पर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने और बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर भारत की ओर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण अगले पांच दिन के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने मॉनसून की शुरुआत के कारण 8 जून की सुबह तक कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है। अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा वाले जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी सामान्य शुरुआत की तिथि यानी एक जून से तीन दिन पहले 29 मई को ही केरल पहुंच गया था। -
जयपुर। राजस्थान के बाड़मेर जिले में शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक सन्दिग्ध पक्षी मिलने पर विभिन्न जाँच एजेंसियों एवं वन विभाग की टीम ने जांच-पड़ताल की जिससे पता चला कि सामान्य सारस प्रजाति का यह पक्षी मुंबई नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी द्वारा अनुसंधान के लिए छोड़े जाने पर रास्ता भटक गया। बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने बताया कि बीजराड़ थाना क्षेत्र में सीमा पर स्थित आगीन शाह का तला गांव के किसान नेतराम मेघवाल के खेत में एक सन्दिग्ध पक्षी पाए जाने पर ग्राम वासियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। भार्गव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम के मौके पर पहुंची जिसने पाया कि पक्षी के एक पैर में अंग्रेजी में ए वाई जेड अंकित रिंग एवं एक एलमुनियम की रिंग लगी हुई थी तथा दूसरे पैर में कैमराजैसा कोई उपकरण लगा था। उन्होंने बताया कि इस उपकरण पर लिखा था कि यदि यह पक्षी मिले तो कृपया संपर्क करें और उसपर एक ईमेल आईडी और सीक्रेट नंबर लिखा स्टीकर लगा था। उन्होंने बताया कि सन्दिग्ध पक्षी लगने पर पुलिस द्वारा बीएसएफ के अधिकारियों, सीमा खुफिया एवं वन विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी टीमों ने जांच-पड़ताल की जिससे पता चला कि पक्षी सामान्य सारस प्रजाति का है जिसे मुंबई नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी द्वारा अनुसंधान हेतु छोड़ा गया है। पक्षी को देखभाल के लिए वन विभाग की टीम को सौंपा गया है। -
नयी दिल्ली। भारतीय वायु सेना ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना को लागू करने में मदद के लिए भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) को सात स्थानों पर रक्षा भूमि सौंपी है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जिन स्थानों पर भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण को रक्षा भूमि सौंपी हैं, उनमें बागडोगरा, दरभंगा, आदमपुर, उतरलाई, सरसावा, कानपुर और गोरखपुर शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "उड़े देश का आम नागरिक' (उड़ान) दृष्टिकोण के अनुरूप और क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) में मदद के लिए सात स्थानों पर एएआई को रक्षा भूमि सौंपी गई है। बयान के अनुसार असैनिक टर्मिनलों के विकास और आरसीएस उड़ानें शुरू करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे की खातिर करीब 40 एकड़ जमीन सौंपी जा रही है। मंत्रालय ने कहा, "इन स्थानों पर हवाई संपर्क होने से अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और उन क्षेत्रों का विकास होगा। इसके अलावा, वायुसेना छह स्थानों पर असैनिक हवाई अड्डों के विस्तार के लिए रक्षा भूमि सौंपने की प्रक्रिया में है...।'' इन छह स्थानों में श्रीनगर, तंजावुर, चंडीगढ़, लेह, पुणे और आगरा शामिल हैं।
-
विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा में आरटीआई कार्यकर्ता रंजीत सोनी की हत्या के मामले में कथित निशानेबाज सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पूर्व सरकारी ठेकेदार सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने मुख्य निशानेबाज अंकित यादव उर्फ टुंडा, जसवंत सिंह, नरेश शर्मा, ऐश कुमार चौबे और शैलेंद्र पटेल को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार सोनी ने 2015-16 में कथित तौर पर एक ठेकेदार जसवंत सिंह को 4.60 लाख रुपये का चेक दिया था, लेकिन वह चेक बाउंस हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर यादव ने कहा कि बाद में कुछ अन्य भुगतानों पर भी उनका विवाद था और सोनी ने बाद में कथित तौर पर सिंह और अन्य को परेशान करने के लिए उनके द्वारा लिए गए कार्यों की जानकारी हासिल करने के लिए आरटीआई आवेदन दिया था। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को एक स्थानीय अदालत में चेक बाउंस होने के मामले में सुनवाई हुई। -
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस की अपराध शाखा ने आयुष्मान भारत योजना में लाखों रुपये का कथित फर्जीवाड़ा करने के आरोप में भोपाल के एक निजी अस्पताल के संचालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। भोपाल पुलिस की अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अमित कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आयुष्मान भारत योजना में लगभग 200 मरीजों के उपचार में फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये के गबन के आरोप में डॉ. विवेक सिंह परिहार और उनके एक सहयोगी अमित इंगले को भादंवि की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। कुमार ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पताल में बिचौलिये के जरिए मरीजों को भर्ती कर अधिक बिल राशि अथवा पूरी की पूरी फर्जी बिल राशि लगाये जाते थे। आरोप है कि ऐसे मरीजों के फर्जी उपचार में लाखों रुपये का गबन किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में आरोपियों से आगे पूछताछ करने के लिए अदालत में उनके रिमांड पर देने की अपील की है। -
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले कथित रूप से “राष्ट्र-विरोधी” संदेश फैलाने के लिए सिख फॉर जस्टिस सहित कई अज्ञात व्यक्तियों और समूहों के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कोरोना वायरस महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद इस साल 30 जून से 11 अगस्त तक तीर्थयात्रा निर्धारित है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “यह विश्वसनीय रूप से पता चला है कि सिख फॉर जस्टिस समेत कुछ व्यक्ति/समूह आगामी अमरनाथ यात्रा से पहले राष्ट्र विरोधी संदेश फैला रहे हैं और विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों में शामिल हैं।” उन्होंने कहा कि वे अलगाववादी संदेशों और विचारधारा का प्रसार कर रहे हैं, जिससे भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर सवाल उठ रहे हैं और उसे बाधित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इसके अलावा, इस तरह की गतिविधियों से केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था में गड़बड़ी होने की आशंका है।” उन्होंने कहा कि इस जानकारी के आधार पर और ऐसे समूहों और व्यक्तियों की पहचान के उद्देश्य से एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, गैरकानूनी गतिविधि निरोधक अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय दंड विधान के तहत संबंधित धाराओं को लागू किया गया है। उन्होंने कहा मामले में फिलहाल जांच चल रही है। -
आगरा (उप्र)। आगरा के छत्ता पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक क्षेत्र में कथित तौर पर नकली मोबिल आयल बनाने का धंधा करने के आरोपी दो भाइयों की गैंगस्टर अधिनियम के तहत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की संपत्ति शुक्रवार को कुर्क की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन दोनों आरोपी भाइयों पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि छत्ता थाना क्षेत्र के अंतर्गत हकीमो गली निवासी आरोपी सनी अहमद कुरैशी और आरोपी शारिक कुरैशी के ठिकानों पर पुलिस ने छापा मारकर नकली मोबिल आयल बनाते हुए पकड़ा था। दोनों पर गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पाया गया कि दोनों आरोपी भाइयों ने नकली तेल के अवैध कारोबार से संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने बताया कि इनकी संपत्ति कुर्क करने के लिए एक दिन पहले जिलाधिकारी ने आदेश दिये थे। आदेश मिलने के बाद शुक्रवार को छत्ता थाने की पुलिस गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14 ए के तहत इनकी संपत्ति कुर्क की। पुलिस अधीक्षक (नगर)विकास कुमार ने मुनादी करवा कर लोगों को संपत्ति कुर्क करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी भाइयों का मकान, लग्जरी कार और कई बाइक जब्त किए गए हैं। -
जयपुर. राजस्थान के जालोर जिले के करडा थाना क्षेत्र में एक कथित प्रेमी जोडे़ के शव शुक्रवार की सुबह पेड़ से लटके मिले। सहायक पुलिस उपनिरीक्षक किशन लाल ने बताया कि सिलासन निवासी भंवराराम भील (24) और प्रियंका भील (18) के शव खेत में एक पेड़ से लटके पाये गये। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शवों को पेड़ से उतार पर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि दोनों बृहस्पतिवार रात से घर से गायब थे और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। भंवराम राम शादी शुदा था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में सीआरपीसी धारा 174 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
-
नयी दिल्ली.। वित्त मंत्रालय भारतीय विकास और आर्थिक सहायता योजना (आईडीईएएस) के तहत साझेदार देशों के साथ जानकारी साझा करने के लिए एक मंच शुरू कर रहा है। मंत्रालय ने ट्विटर पर लिखा है कि नया मंच आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान पेश किया जा रहा है। यह मंच विकास सहयोग के इस नए युग के अग्रदूत के रूप में काम करेगा। मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस मंच को इंडियन एक्जिम बैंक (भारतीय आयात- निर्यात बैंक) और विदेश मंत्रालय के सहयोग से तैयार किया गया है...। -
मुंबई. मुंबई के जुहू इलाके में हाथापाई के दौरान 28 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना बुधवार रात नेहरूनगर के अंबे माता चॉल में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सूरज कनौजिया के रूप में हुई है।
जुहू पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा ''आरोपी शेखर नायर (55) की कनौजिया से बहस शुरू हुई। इसके बाद उसकी कनौजिया की सास से भी बहस हुई। इसी बीच उसने चाकू निकाला और दोनों पर हमला कर दिया। कनौजिया की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी नायर को गिरफ्तार कर लिया गया। -
पटना। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की पटना शाखा को शहर में संरक्षित कुम्हरार तालाब की खुदाई के दौरान कम से कम 2000 साल पुरानी ईंट की दीवार मिली है। गौरतलब है कि कुम्हरार पटना रेलवे स्टेशन से 6 किलोमीटर पूरब में स्थित है, जहां मौर्य कालीन शहर पाटलिपुत्र के पुरातात्विक अवशेष हैं। एएसआई के पटना सर्कल के अधीक्षण पुरातत्वविद गौतमी भट्टाचार्य ने बताया, ‘‘एएसआई अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को तालाब की खुदाई के दौरान ईंट की दीवारों को सबसे पहले खोजा था। एएसआई केंद्र के मिशन अमृत सरोवर पहल के तहत कुम्हरार तालाब का कायाकल्प कर रहा है। तालाब के अंदर से ईंट की दीवारों की खोज बहुत महत्वपूर्ण है। एएसआई विशेषज्ञों की एक टीम ईंट की दीवारों के पुरातत्व महत्व का विश्लेषण कर रही है।'' उन्होंने बताया, ‘‘हमने नयी दिल्ली स्थित एएसआई मुख्यालय में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को प्राचीन (लगभग 2000 साल पुरानी) ईंट की दीवारों की खोज के बारे में सूचित किया है। ऐसा प्रतीत होता है कि ये ईंटें कुषाण युग की हैं। हालांकि विस्तृत विश्लेषण के बाद ही हम यह निष्कर्ष निकाल पाएंगे कि बरामद प्राचीन ईंटें किस काल की हैं।'' कुषाण काल लगभग 30 ईस्वी से 375 ईस्वी तक माना जाता है।
मौर्य महल (कुम्हरार में) की साइट में मिले अवशेषों में आरोग्य विहार नामक 80 स्तंभों वाला हॉल शामिल है। मौर्य काल (322-185 ईसा पूर्व) के पुरातात्विक अवशेष यहां खोजे गए हैं। यहां की खुदाई 600 ईसा पूर्व की है और अजातशत्रु, चंद्रगुप्त और अशोक की प्राचीन राजधानी को चिह्नित करती है और सामूहिक रूप से अवशेष 600 ईसा पूर्व (बीसीई) से 600 सीई तक तक के हैं। एएसआई, पटना ने मिशन अमृत सरोवर पहल के तहत बिहार में अपने सभी ग्यारह संरक्षित जल निकायों का कायाकल्प कर रहा है। ये एएसआई संरक्षित जल निकाय पटना में कुमराहार, चौक शिकारपुर एवं मनेर, रोहतास में सासाराम एवं रोहतासगढ़, नालंदा, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और सीवान में स्थित हैं। भविष्य के लिए जल संरक्षण की दृष्टि से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 अप्रैल को मिशन अमृत सरोवर नामक एक नई पहल की शुरुआत की। मिशन का उद्देश्य आजादी के उत्सव के एक भाग के रूप में देश के प्रत्येक जिले में 75 जल निकायों का विकास और कायाकल्प करना है। -
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को 'सम्राट पृथ्वीराज' फिल्म देखी और कहा कि ''अब हम इतिहास को भारत के दृष्टिकोण से देख रहे हैं।'' उन्होंने अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर अभिनीत इस फिल्म को ''विश्व स्तरीय'' बताया। आरएसएस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ फिल्म देखने के बाद भागवत ने कहा, ''यह तथ्य-आधारित फिल्म है और यह सही संदेश देती है, जिसकी आज देश को आवश्यकता है। हम दूसरों के द्वारा लिखे गए अपने इतिहास को पढ़ते थे। अब हम इतिहास को भारत के नजरिए से देख रहे हैं।'' फिल्म के निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी संघ से जुड़े संस्कार भारती के साथ मिलकर काम करते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड ने पहले ही इस फिल्म को कर-मुक्त घोषित कर दिया है। -
नयी दिल्ली। भारत में 84 दिन के बाद एक दिन में कोविड-19 के 4,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जिससे देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,31,68,585 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या 21,177 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 4,041 नए मामले सामने आए, जबकि दस मरीजों की मौत हो गई, जिससे संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,24,651 पर पहुंच गई। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 21,177 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत है। वहीं, संक्रमण से ठीक होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.95 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.73 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,26,22,757 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देशभर में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 193.83 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे में संक्रमण से जिन दस मरीजों ने जान गंवाई है, उनमें से छह केरल, दो दिल्ली और एक-एक महाराष्ट्र व नगालैंड के थे। -
मुंबई. मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक महिला को 49 कैप्सूल में 535 ग्राम हेरोइन और 15 कैप्सूल में 175 ग्राम मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अवैध बाजार में तीन करोड़ रुपये की कीमत के मादक पदार्थ महिला के शरीर में छिपाए गए थे। उन्हें शरीर से बाहर निकालने के लिए महिला को भायखला के सरकारी जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि युगांडा से मुंबई में एक संदिग्ध महिला के आगमन की विशेष सूचना के आधार पर 28 मई को चलाए गए एक अभियान के तहत उसे पकड़ा गया था। अधिकारी ने बताया, महिला का पता लगाने के बाद उसके सामान में जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। बारीकी से जांच करने पर पता चला कि वह अपने शरीर में मादक पदार्थ छिपाकर ले जा रही थी। उन्होंने कहा ‘‘लगातार पूछताछ करने पर महिला ने स्वीकार किया कि विभिन्न प्रकार के चिपकने वाले टेप के उपयोग से उसके शरीर में 11 कैप्सूल छिपाए गए थे। 110 ग्राम हेरोइन युक्त कम से कम 10 कैप्सूल हटा दिए गए थे और शेष की निकासी के लिए जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।'' एनसीबी अधिकारी ने बताया कि 28 मई से पांच जून के बीच, कुल 54 कैप्सूल निकाले गए, जिसमें 425 ग्राम हेरोइन के 39 कैप्सूल, 175 ग्राम कोकीन वाले 15 कैप्सूल शामिल थे, जिससे उसके शरीर से निकाले गए कैप्सूल की कुल संख्या 64 हो गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। महिला को तस्करी रैकेट जिसका वह हिस्सा है उसकी जांच के लिए एनसीबी कार्यालय लाया जाएगा। -
मेरठ. मेरठ शहर के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के पल्हैड़ा फ्लाईओवर के नजदीक शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पल्लवपुरम थानाध्यक्ष अवनीश कुमार अस्टवाल ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब पल्हैड़ा फ्लाईओवर के नजदीक ट्रक का टायर फटने के बाद सड़क किनारे तीनों दोस्त और ट्रक चालक टायर बदल रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। अस्टवाल के अनुसार हादसे में मारे गये युवकों के नाम सोनू (32), जय प्रकाश (40) और मनोज (31) है। इनमें जय प्रकाश गाजियाबाद का निवासी था, जबकि सोनू और मनोज दिल्ली के निवासी थे। हादसे में दिल्ली निवासी अमित घायल है। पुलिस के अनुसार गाजियाबाद के लोनी इलाके में रामपार्क खानपुर मोड़ निवासी जयप्रकाश के घर पर माता का जागरण था। माता की मूर्ति हरिद्वार मेंi विसर्जित करने के लिए जयप्रकाश अपने दोस्त सोनू और मनोज के साथ ट्रक में सवार होकर बृहस्पतिवार रात को निकला था।
-
नोएडा (उत्तर प्रदेश)। जनपद में साइबर ठगों ने एक नामी कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से एक लाख 40 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। थाना सेक्टर-113 के थानाध्यक्ष शरद कांत शर्मा ने बताया कि सेक्टर-142 निवासी मोहित बिष्ट ने थाने में अपने साथ हुई ठगी को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक निजी कंपनी में काम करने वाले बिष्ट ने एक वेबसाइट पर नौकरी के लिए आवेदन किया था। इसके बाद एक महिला ने फोन किया और उसने टाटा मोटर्स में उन्हें नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि महिला ने बिष्ट का ऑनलाइन साक्षात्कार भी लिया। इसके बाद टाटा मोटर्स के नाम पर एक फर्जी कंफर्मेशन ईमेल भी आया। शिकायत के मुताबिक महिला ने उनसे सिक्योरिटी फीस, इंश्योरेंस, जीएसटी सर्विस फीस सहित कई अन्य मदों में 1.40 लाख रुपये ले लिया। उन्होंने बताया कि बाद में पीड़ित को पता चला कि वह ठगी के शिकार हुए हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि सरकार 2025 तक देश को तपेदिक मुक्त बनाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि तपेदिक रोगियों के बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक सहयोग पर एक अभियान शुरू किया जाएगा।शुक्रवार को नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री मांडविया ने कहा कि देश भर में तपेदिक के 20 से 25 लाख रोगी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तपेदिक के उन्मूलन के लिए लगातार काम कर रही है लेकिन देश को तपेदिक मुक्त बनाने के लिए समाज के सहयोग की जरूरत है। श्री मांडविया ने कहा कि कोविड के कारण रुके हुए मोतियाबिंद के ऑपरेशन दोबारा शुरू करने के लिए एक अभियान चलाया जाएगा।
-
नई दिल्ली। केंद्र ने उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा सरकार से केदारनाथ यात्रा, आगामी अमरनाथ यात्रा तथा रथ यात्रा के दौरान स्वच्छता का उच्चस्तर सुनिश्चित करने के लिए कहा है। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में सचिव मनोज जोशी ने उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा के मुख्य सचिवों को इस सम्बन्ध में पत्र लिखे हैं। इन राज्यों में तैयारियों का जायजा लेने और स्वच्छता तथा कचरा प्रबंधन में सुधार के लिए मंत्रालय की ओर से विशेष कार्यबलों को तैनात किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल के बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गयी हैं।प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।उन्होंने कहा, ‘‘जांच में कोविड-19 से संक्रमित होने का पता चला है। संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए मैंने खुद को अपने घर पर ही पृथकवास में कर लिया है।’’प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों से जरूरी सावधानियां बरतने का आग्रह करती हूं जो मेरे संपर्क में आये हैं।’’इससे एक दिन पहले ही सोनिया गांधी और के सी वेणुगोपाल के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी सामने आयी थी। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को कहा था कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, हालांकि वह आठ जून को नेशनल हेराल्ड मामले से संबंधित धनशोधन के आरोपों की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश होंगी।
-
नई दिल्ली। केंद्र ने तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र की सरकारों से कहा है कि वे कोविड-19 के त्वरित और प्रभावी प्रबंधन के लिए आवश्यक उपायों को लागू करें और निगरानी जारी रखें। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने साप्ताहिक कोविड -19 मामलों में बढोत्तरी को देखते हुए इन पांच राज्यों को पत्र लिखा है। पत्र में, श्री भूषण ने राज्यों से स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। श्री भूषण ने बताया कि पिछले तीन माह में भारत में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या में निरंतर गिरावट दर्ज की गई, लेकिन पिछले एक सप्ताह से मामलों में मामूली वृद्धि देखी जा रही है क्योंकि 27 मई को समाप्त सप्ताह में 15 हजार 708 मामले सामने आए, जो इस माह की तीन तारीख तक बढकर 21 हजार 55 हो गए।
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को कहा कि पुरी के जगन्नाथ मंदिर में ओडिशा सरकार द्वारा की जा रही निर्माण गतिविधि व्यापक जनहित में है। इसके साथ ही न्यायालय ने निर्माण कार्य का विरोध करने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति बीआर गवई और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की अवकाशकालीन पीठ ने जुर्माना लगाते हुए जनहित याचिका को खारिज कर दिया। पीठ ने स्पष्ट किया कि मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे आवश्यक निर्माण कार्य को रोका नहीं जा सकता। शीर्ष अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ताओं की आपत्ति में कोई आधार नहीं है।पीठ ने गैरजरूरी जनहित याचिकाएं (पीआईएल) दायर करने पर भी फटकार लगाई। उसने कहा कि इस तरह की ज्यादातर पीआईएल या तो ‘पब्लिसिटी इंट्रेस्ट लिटिगेशन’ (लोकप्रियता अर्जित करने के इरादे से दायर याचिका) या फिर ‘पर्सनल इंट्रेस्ट लिटिगेशन’ (व्यक्तिगत हित के लिए दायर याचिका) होती हैं। पीठ ने कहा, “हमारा मानना है कि जनहित के उद्देश्य के अतिरिक्त जो पीआईएल दायर की जाती हैं, वे जनहित विरोधी होती हैं। हाल ही में ऐसा देखा गया है कि ढेर सारी पीआईएल दायर की जा रही हैं। इनमें से अधिकांश याचिकाएं या तो ‘पब्लिसिटी इंट्रेस्ट लिटिगेशन’ या फिर ‘पर्सनल इंट्रेस्ट लिटिगेशन’ होती हैं।”न्यायालय ने कहा, “हम इस प्रकार की गैरजरूरी पीआईएल दायर करने को अनुचित मानते हैं, क्योंकि यह कानून का दुरुपयोग करने जैसा है। इससे न्याय प्रणाली का कीमती समय बर्बाद होता है। समय आ गया है कि इस प्रकार की याचिकाओं को तत्काल समाप्त कर दिया जाए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों।”शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसा माहौल बनाया गया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) की निरीक्षण रिपोर्ट का उल्लंघन कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, लेकिन एएसआई के महानिदेशक का नोट स्थिति को स्पष्ट करता है।
- भुवनेश्वर ओडिशा में दो साल बाद शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आये। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य के लोक स्वास्थ्य निदेशक निरंजन मिश्रा ने बताया कि 38 साल के एक पुरुष तथा 28 साल की एक महिला एच1एन1 वायरस से संक्रमित मिले हैं और दोनों का यहां एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि जांच में दोनों के नमूनों में एच1एन1 वायरस मिलने के बाद दोनों मामलों की पुष्टि हुई और अस्पताल ने दोनों मरीजों की हालत खतरे से बाहर बतायी है। मिश्रा ने कहा, ‘‘ राज्य में आम तौर पर स्वाइन फ्लू बीमारी दो बार शीर्ष पर पहुंचती है, एक बार मानसून से पहले और दूसरी बार सर्दियों में।’’अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्वाइन इंफ्लूएंजा के नाम से भी चर्चित यह सांस संबंधी बीमारी एच1एन1 वायरस से होती है और इस दौरान नाक से पानी बहना, कफ, भूख की कमी तथा बेचैनी जैसी शिकायतें रहती हैं। file photo
- नयी दिल्ली। विश्व साइकिल दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों से आग्रह किया कि टिकाऊ और स्वस्थ जीवन-शैली के लिए वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से प्रेरणा लें।मोदी ने साइकिल चलाते हुए महात्मा गांधी की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की और लिखा, "लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (लाइफ) यानी पर्यावरण के लिए जीवन-शैली। आज विश्व साइकिल दिवस है और इस अवसर पर टिकाऊ व स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा महात्मा गांधी से बेहतर भला और कौन दे सकता है।"ज्ञात हो कि हर वर्ष तीन जून को विश्व साइकिल दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों को साइकिल से होने वाले फायदों के बारे में जागरूक करना हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अप्रैल 2018 में, तीन जून को विश्व साइकिल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।

.jpg)





















.jpg)


.jpeg)
