- Home
- देश
-
नोएडा | उत्तर प्रदेश के नोएडा में चलती हुयी दो कारों पर चढ़कर फिल्मी स्टाइल में स्टंट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके अलावा दोनों कारों और एक मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गये युवक का एक साथी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वायरल वीडियो में एक युवक दो कारों पर फिल्मी स्टाइल में पैर रखकर स्टंट करता दिख रहा है। उन्होंने बताया कि वीडियो पर संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर 113 पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि खतरनाक स्टंट करने वाले राजीव को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है, तथा स्टंट में प्रयुक्त दो फॉर्च्यूनर कारें व एक मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है । उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल एक युवक फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
-
नयी दिल्ली. छोटे शहरों के शोधकर्ताओं की जल्द ही सरकार द्वारा वित्त पोषित संस्थानों में महंगे अनुसंधान बुनियादी ढांचे तक पहुंच होगी क्योंकि केंद्र ने इस तरह के वैज्ञानिक उपकरणों को कम कीमत पर साझा करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है। छोटे शहरों के शोधकर्ताओं को अत्याधुनिक उपकरणों तक पहुंच मिलने के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान अवसंरचना साझा रखरखाव और नेटवर्क (श्रीमान) दिशा-निर्देश भी पहल में भागीदारी के लिए संस्थानों को रेटिंग देकर प्रोत्साहित करना चाहता है, जिसका असर भविष्य में मिलने वाली राशि पर पड़ सकता है। हाल में दिशा-निर्देश जारी करते हुए विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि 90 प्रतिशत अत्याधुनिक अनुसंधान उपकरण आयात किए जाते हैं और अनुसंधान से जुड़े लोगों के बीच साझा नहीं किए जाते हैं। ‘श्रीमान' पहल का उद्देश्य ‘‘समुदाय के व्यापक और अधिकतम उपयोग के लिए बेहतर पहुंच और साझा व्यवस्था प्रदान करके सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित वैज्ञानिक अनुसंधान बुनियादी ढांचे को मूल्यवान सार्वजनिक संसाधन के रूप में उपलब्ध कराना'' है। यह पहल महंगे और अत्याधुनिक सरकारी वित्त पोषित अनुसंधान बुनियादी ढांचे को साझा करके सार्वजनिक व्यय की दक्षता में सुधार करना चाहती है। सिंह ने कहा, ‘‘वैज्ञानिक अवसंरचना अनुसंधान और नवाचार की नींव है और इसकी उपलब्धता, पहुंच और साझा करने की सुविधा को विशेष रूप से सीमित संसाधनों वाले भारत जैसे देशों के लिए एक प्रमुख लक्ष्य बनाने की आवश्यकता है।'' यह पहल विश्वविद्यालयों और अनुसंधान तथा विकास संस्थानों को अनुसंधान उपकरणों के निर्माण के लिए स्टार्ट-अप स्थापित करने और इसके रखरखाव के लिए कार्यबल विकसित करने को लेकर प्रोत्साहित करके घरेलू उपकरण उद्योग को बढ़ावा देना चाहती है। दिशा-निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि विशेष और साझा करने योग्य बुनियादी ढांचे को परिभाषित करने के लिए अपवाद प्रदान करने के साथ विवेकाधीन प्राधिकार विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के पास रहेगा। इसमें रणनीतिक विभागों के मामले शामिल नहीं होंगे। दिशा-निर्देश में यह भी कहा गया है कि पहल के तहत सुविधा का लाभ उठाने वाले व्यक्तिगत शोधकर्ताओं को बौद्धिक संपदा पर पूर्ण अधिकार प्राप्त होगा। दिशा-निर्देश के मुताबिक, ‘‘केवल अनुसंधान बुनियादी ढांचे तक पहुंच प्रदान करने और साझा करने से कोई अनुदान प्राप्त एजेंसी व्यक्तिगत शोधकर्ताओं द्वारा किए गए कार्यों पर बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) का दावा नहीं कर सकती है।
-
नयी दिल्ली | सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने देश के औषधि नियामक से दो साल से 18 साल तक की आयु के बच्चों में बूस्टर खुराक के रूप में अपने कोविड-19 रोधी टीके 'कोवोवैक्स' की सुरक्षा और प्रतिरक्षण क्षमता का मूल्यांकन करने के लिए तीसरे चरण का परीक्षण करने की अनुमति मांगी है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने मार्च में वयस्कों में बूस्टर खुराक के रूप में कोवोवैक्स के तीसरे चरण के परीक्षण की अनुमति दे दी थी। एसआईआई के सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने एक आवेदन भेजकर भारत में दो से 18 वर्ष की आयु के उन बच्चों पर तीसरे चरण का परीक्षण करने की अनुमति मांगी है जो कम से कम छह महीने पहले कोवोवैक्स टीके के साथ कोविड रोधी प्राथमिक टीकारण करा चुके हैं। परीक्षण में बूस्टर खुराक के रूप में टीके की प्रतिरक्षण क्षमता और सुरक्षा का मूल्यांकन किया जाएगा। हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक ने भी हाल ही में भारत के औषधि नियामक से दो से 18 वर्ष की आयु के बच्चों में बूस्टर खुराक के रूप में अपने कोविड रोधी टीके कोवैक्सीन के चरण-2/3 का अध्ययन करने की अनुमति मांगी है।
-
भावनगर। गुजरात के भावनगर शहर में एक पिल्ले को रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल से फेंककर मार डालने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। नीलमबाग थाने के एक अधिकारी ने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि आशा लुंबा ने शनिवार दोपहर आवासीय भवन की तीसरी मंजिल से एक पिल्ले को फेंक दिया जो परिसर की पार्किंग में मृत मिला। अधिकारी ने कहा, ‘‘पशु हेल्पलाइन चलाने वाली एक महिला की शिकायत पर आशा लुंबा के खिलाफ जानवरों के प्रति क्रूरता रोकथाम अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धारा 429 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।'' उन्होंने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे सूचना मिली कि पार्किंग में एक मृत पिल्ला पड़ा है। कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि आरोपी महिला पिल्ले को खाना खिलाने को लेकर उनसे बहस करती थी और उसे मारने की धमकी भी देती थी।'' अधिकारी ने कहा कि लुंबा को अभी गिरफ्तार किया जाना है और घटना की आगे की जांच जारी है।
-
भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 40 वर्षीय एक महिला ने अपने 10 वर्षीय भतीजे पर चाकू से कथित रूप से हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला अपनी मां के अंतिम संस्कार में अपने भाई एवं भाभी के शामिल न होने से स्पष्ट रूप से आक्रोशित थी। हनुमानगंज पुलिस थाने के निरीक्षक महेंद्र सिंह ठाकुर ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार को हनुमानगंज पुलिस थाना क्षेत्र के काजी कैंप इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसका पुत्र और बहू अंतिम संस्कार के लिए यहां भोपाल नहीं आ सके। वे दोनों झांसी में रहते हैं। ठाकुर ने बताया कि इस बात पर आरोपी महिला (40) को इतना गुस्सा आया कि उसने अपने साथ रह रहे अपने भाई के बेटे (10 वर्ष) पर चाकू से कई वार किए और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। ठाकुर ने बताया कि गंभीर रूप से घायल बच्चे को शासकीय हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने कहा कि आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। -
पटना | बिहार की राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना अंतर्गत गंगा नदी के राजापुल घाट के समीप रविवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीन युवकों की डूब कर मौत हो गयी जबकि एक अन्य युवक लापता है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के समादेष्टा मोहम्मद फरोगुद्दीन ने बताया कि मरने वालों की पहचान मोनू कुमार सिंह (21), विश्वजीत कुमार (22) और विकास कुमार उर्फ पवन (25)के रूप में की गयी है । उन्होंने बताया कि एक अन्य लापता युवक की तलाश एसडीआरएफ की टीम द्वारा की जा रही है।उन्होंने बताया कि सभी युवक पटना पुलिस लाईन इलाके के रहने वाले थे ।
-
मुंबई | फिल्मकार करण जौहर ने रविवार को कहा कि 'आरआरआर', 'केजीएफ: चैप्टर 2' और 'पुष्पा' जैसी दक्षिण भारतीय फिल्मों की अपार सफलता ने संपूर्ण रूप से भारतीय फिल्मों का स्तर ऊंचा किया है तथा फिल्म उद्योग को बड़े लक्ष्य बनाने की सीख दी है। हिंदी फिल्म उद्योग के शीर्ष निर्देशकों में से एक करण जौहर ने कहा कि देश की सभी भाषाओं की सफल फिल्में सामूहिक रूप से केवल भारतीय सिनेमा के उत्थान को ही प्रोत्साहित करती हैं। करण धर्मा प्रोडक्शन के मालिक हैं और पिछले दो दशक से भी अधिक समय से फिल्मों का निर्देशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "हम बड़े गर्व के साथ कह सकते हैं कि हम सभी भारतीय सिनेमा का हिस्सा हैं। हमें 'आरआरआर', 'केजीएफ' और 'पुष्पा' जैसी फिल्मों पर गर्व है, जिन्होंने शानदार कारोबार किया। इन फिल्मों ने संपूर्ण रूप से भारतीय फिल्मों का स्तर ऊंचा किया है और फिल्म उद्योग को बड़े लक्ष्य बनाने की सीख दी है। इन फिल्मों ने हमें बताया है कि भारतीय फिल्मों का स्तर कितना ऊंचा हो सकता है और हमारी फिल्मों की पहुंच बहुत आगे जा सकती है।" करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी अपनी नवीनतम फिल्म 'जुगजुग जीयो' के ट्रेलर लॉन्च के अवसर पर संवाददाताओं से यह बात कही। 'जुगजुग जीयो' में वरुण धवन, अनिल कपूर, कियारा आडवाणी और नीतू कपूर अहम भूमिका में नजर आएंगे।
करण ने कहा, "हिंदी सिनेमा में 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ने अच्छा कारोबार किया, 'भूल भुलैया 2' ने शानदार शुरुआत की है। हमें उम्मीद है कि 'जुगजुग जीयो' भी उस सूची का हिस्सा बने। हम चाहते हैं कि सभी भाषाओं की फिल्में शानदार सफलता हासिल करें।" उन्होंने कहा, "पंजाबी फिल्मों, मराठी फिल्मों ने भी हाल ही में अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए हम नहीं चाहते कि किसी भी भाषा की फिल्मों की एक-दूसरे से तुलना की जाए। हमें केवल भारतीय सिनेमा पर गर्व है। हम चाहते हैं कि हमारा भारतीय सिनेमा आगे बढ़ता रहे और मनोरंजन की दुनिया में वैश्विक स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाए। -
अमरोहा. उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के सैयद नगली थाना क्षेत्र के कनैटा गांव में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम कनैटा गांव के पास नौ मजदूर नीलगिरी के पेड़ काट रहे थे, तभी अचानक आंधी-बारिश शुरू हो गई और सभी मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। सूत्रों के मुताबिक, घटना में रिफाकत (55), प्रेमचंद (23) और राजेंद्र (30) की मौत हो गई, जबकि वसीम, नवाजिश, मोमराज, देवेंद्र, अनीस और इमरान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को अमरोहा स्थित मुन्नी देवी मेमोरियल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय अग्रवाल के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है और वे सभी खतरे से बाहर हैं। हसनपुर के उप-जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि हर मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
-
नयी दिल्ली. लॉजिस्टिक्स और संपर्क (कनेक्टिविटी) से जुड़े बुनियादी ढांचे से संबंधित 500 करोड़ रुपये से अधिक की सभी परियोजनाओं को अब पीएम गतिशक्ति पहल के तहत गठित नेटवर्क योजना समूह (एनपीजी) से मंजूरी लेनी होगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वित्त मंत्रालय ने इस बारे में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने एक राष्ट्रीय मास्टर प्लान डिजिटल मंच भी बनाया है। पीएम गतिशक्ति योजना की घोषणा पिछले साल विभागीय ‘कोठरी' को तोड़ने और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अधिक समग्र और एकीकृत नियोजन को लाने के उद्देश्य से की गई थी। इसका मकसद बहु-मॉडल और अंतिम छोर तक संपर्क के मुद्दे को हल करना है।
अधिकारी ने कहा कि इससे लॉजिस्टिक्स की लागत नीचे आएगी और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में अधिक प्रभावी और कुशल योजना को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। एक एकीकृत बुनियादी ढांचा नेटवर्क योजना समूह (एनपीजी) का गठन भी किया गया है जिसमें संपर्क से जुड़े विभिन्न विभागों/मंत्रालयों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। योजना और प्रस्तावों के एकीकरण के लिए एनपीजी में नेटवर्क योजना प्रभाग के प्रमुख शामिल हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने राष्ट्रीय मास्टर प्लान डिजिटल मंच बनाया है। हमने संबंधित लोगों को प्रशिक्षण प्रदान किया है और अब हमारे पास वित्त मंत्रालय से यह अनिवार्य प्रावधान है। इसलिए अब सभी लॉजिस्टिक्स और संपर्क परियोजनाओं को पीएम गतिशक्ति के सिद्धांतों के आधार पर मंजूरी मिलेगी। 500 करोड़ रुपये से अधिक की सभी परियोजनाओं पर एनपीजी द्वारा विचार किया जाएगा। डीपीआईआईटी ने विभिन्न सरकारी विभागों के साथ कई प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए हैं और राज्यों में क्षेत्रीय सम्मेलनों का भी आयोजन किया है। सभी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं एनपीजी में आएंगी। तकनीकी समर्थन के लिए भी एक इकाई बनाई गई है। अधिकारी ने बताया कि विस्तृत परियोजना रपट (डीपीआर) बनाने से पहले सभी विभागों को एनपीजी के पास आना होगा। एनपीजी की मंजूरी के बाद परियोजना को सामान्य प्रक्रिया के तहत वित्त मंत्रालय और मंत्रिमंडल की मंजूरी लेनी होगी। -
नयी दिल्ली | भारत में एक ऐसे नए रैंसमवेयर का पता चला है जो उसके शिकार बने लोगों से गरीबों के लिए नए कपड़ों, बच्चों के लिए महंगे पिज्जा और अत्यंत आवश्यक चिकित्सा सुविधा की बाट जोह रहे लोगों को वित्तीय मदद के रूप में दान देने की गुजारिश करता है। डिजिटल जोखिम को आंकने वाली कंपनी क्लाउडसेक ने बताया कि ‘‘गुडविल रैंसमवेयर'' की चपेट में आने के बाद कंपनी के डेटा को अस्थायी नुकसान के साथ स्थायी नुकसान भी हो सकता है और कंपनी के परिचालन पर भी इसका असर पड़ सकता है, परिचालन बंद होने से राजस्व घाटा भी उठाना पड़ सकता है। क्लाउडसेक ने एक रिपोर्ट में कहा, ‘‘गुडविल रैंसमवेयर की पहचान क्लाउडसेक के अनुसंधानकर्ताओं ने मार्च 2022 में की थी। खतरा पैदा करने वाले इस समूह के नाम से ही पता चलता है कि इसके संचालनकर्ता कथित तौर पर सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के लिए इस रैंसमवेयर का इस्तेमाल करना चाहते हैं।'' गुडविल रैंसमवेयर दस्तावेज, फोटो, वीडियो, डेटाबेस और महत्वपूर्ण फाइलों तक पहुंच को रोक देता है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘‘अपने डेटा को वापस पाने के लिए पीड़ित तीन सामाजिक गतिविधियां करते हैं जैसे कि बेघरों को नए कपड़े दिलवाना और इसे रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर डालना, वंचित वर्ग के पांच बच्चों को डॉमिनोज, पिज्जा हट या केएफसी ले जाना और इस गतिविधि की भी तस्वीर, वीडियो आदि सोशल मीडिया पर डालना और जरूरतमंदों को नजदीक के अस्पतालों में वित्तीय मदद देना और इनका ऑडियो रिकॉर्ड करना।'' इसमें बताया गया कि ये तीनों गतिविधियां पूरी होने के बाद पीड़ित शिकार से सोशल मीडिया पर यह लिखने को कहा जाता है कि गुडविल नाम के रैंसमवेयर का पीड़ित बनने के बाद वे किस तरह एक अच्छे इंसान बन गए। रिपोर्ट के मुताबिक अनुसंधानकर्ताओं ने ई-मेल पते के जरिए पता लगाया कि ये भारत की एक आईटी सुरक्षा समाधान एवं सेवा कंपनी का काम है।
-
बेरहामपुर . ओडिशा के गंजाम जिले में 35 वर्षीय ऑटोरिक्शा चालक ने एक महिला यात्री को करीब 1.6 लाख रुपये का उसका सोने का हार लौटाकर वाहवाही बटोरी है। महिला कुछ दिन पहले गलती से ऑटोरिक्शा में यह हार छोड़ गई थी। ऑटोरिक्शा चालक पंकज बहेरा को शुक्रवार को अपने वाहन की सफाई के दौरान यात्री सीट के नीचे लगभग 30 ग्राम वजनी हार मिला। उसने शनिवार को पुलिस अधिकारियों और स्थानीय ऑटो चालक संघ के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में इसे न्यू बस स्टैंड पुलिस चौकी पर महिला नर्मदा बहेरा को सौंप दिया। ऑटोरिक्शा ड्राइवर बुधवार को 30 वर्षीय महिला और उसके परिवार के सदस्यों को न्यू बस स्टैंड से गोपालपुर ले गया था। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बहेरा ने सोने का हार अपने पर्स में रखा था, लेकिन वह गलती से वाहन में गिर गया होगा जिसका महिला को पता भी नहीं चला। घर पहुंचने के बाद उसे पता चला कि हार उसके पर्स में नहीं था और उसने तुरंत ऑटोरिक्शा चालक को फोन किया, जिसे वह पहले से जानती थी। उसने ऑटो में देखा, लेकिन उस दिन हार नहीं मिला। चालक ने कहा, ‘‘अपने ऑटोरिक्शा की सफाई के दौरान हार मिलने के बाद, मैंने पुलिस और महिला के परिवार को सूचित किया।'' पुलिस चौकी के प्रभारी नारायण स्वैन ने चालक की ईमानदारी की सराहना की। आभूषण वापस मिलने से महिला को भी राहत मिली। महिला ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिन से मेरी रातों की नींद हराम हो गई थी। अब, मैं बहुत खुश हूं और ऑटोरिक्शा चालक की शुक्रगुजार हूं।
-
नयी दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि घोड़े भारत के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति का एक अभिन्न अंग रहे हैं। उन्होंने सशस्त्र बलों में घोड़ों के योगदान और सेवाओं की सराहना की। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के अंगरक्षक बेड़े में शामिल रहे घोड़े ‘विराट' की विशेष रूप से सराहना की। यह घोड़ा इस साल की शुरुआत में 73वीं गणतंत्र दिवस परेड के बाद अपनी वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गया था। मोदी ने कर्नल (सेवानिवृत्त) एच. एस. सोढ़ी को लिखे एक पत्र में कहा कि घोड़े ‘‘हमारे समृद्ध और गौरवशाली इतिहास और संस्कृति'' का एक अभिन्न अंग रहे हैं। सोढ़ी ने इससे पहले गणतंत्र दिवस के मौके पर ‘विराट' के प्रति स्नेह दिखाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए एक पत्र लिखा था और उन्हें धन्यवाद कहा था। सोढ़ी ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री को लिखा था कि ‘विराट' की सेवाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड को खास और यादगार बना दिया है। प्रधानमंत्री ने लिखा कि महाराणा प्रताप और रानी लक्ष्मी बाई जैसे वीर योद्धाओं के अपने घोड़ों के साथ विशेष लगाव और उनकी वीरता की कहानियां भी प्रसिद्ध हैं। सोढ़ी के अनुसार मोदी ने पत्र में कहा, ‘विराट' और घुड़सवार रेजिमेंट के अन्य बहादुर घोड़े आज भी इस अनूठी परंपरा को निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि घुड़सवार रेजिमेंट और सशस्त्र बल इस गौरवशाली परंपरा को जारी रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात' कार्यक्रम में भी ‘विराट' की तारीफ की थी।
-
जयपुर. राजस्थान के सीकर जिले के रींगस थाना क्षेत्र में शनिवार को पारिवारिक कलह में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कुल्हाडी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हेड कांस्टेबल रामस्वरूप ने रविवार को बताया कि वार्ड नंबर सात में मीणा वाली ढाणी निवासी आरोपी धर्मेन्द्र मीणा (27) ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी पूजा मीणा (23) पर कुल्हाडी से वार कर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने घर के पास पानी की एक टंकी में कूद कर आत्महत्या का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने उसे बचा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी धर्मेन्द्र के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में 28 मई को प्रख्यात अभिनेता एवं गायक किशोर कुमार को श्रद्धांजलि देने वाले एक नए संगीतमय हास्य नाटक का मंचन किया जाएगा। 100 मिनट के इस नाटक का शीर्षक किशोर कुमार की वर्ष 1962 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म ‘हाफ टिकट' के नाम पर रखा गया है। नाटक के निर्देशक एवं नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) के पूर्व छात्र बिनोद शर्मा ने यहां जारी एक बयान में कहा, “हाफ टिकट में एक सपने सरीखा जादू है। यह एक पारिवारिक नाटक है, जो आपको हंसता भी है और रुलाता भी है। लेकिन आप खुश होकर और मुस्कुराते हुए बाहर निकलेंगे।'' ‘हाफ टिकट' का निर्माण किंगडम ऑफ थियेटर कर रहा है। नाटक में भोलेनाथ और दीपिका के मुख्य किरदार में क्रमश: आदित्य देशवाल और प्रकृति वर्मा नजर आएंगे। ‘हाफ टिकट' का टिकट ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित आर्या ऑडिटोरियम से प्राप्त किया जा सकता है। टिकट की शुरुआती कीमत 499 रुपये रखी गई है। -
भद्रवाह (जम्मू-कश्मीर). कोविड-19 महामारी से पहले ‘फूलों की घाटी' मई और मध्य जून के बीच भद्रवाह के आगंतुकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र हुआ करती थी, लेकिन इस साल वहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट जारी है। जम्मू-कश्मीर की ‘फूलों की घाटी' में ‘फॉक्सग्लोव' खिलता है, लेकिन यह भी पर्यटकों को आकर्षित नहीं कर पा रहा है। ‘फॉक्सग्लोव' को आमतौर पर लोग ‘जीनियस डिजिटलिस' भी कहते हैं। इसमें फूलों की 20 से अधिक प्रजातियां आती हैं, जो झाड़ियों या छोटे पौधों पर पनपती हैं। भद्रवाह के जंगल और ऊंचाई वाले घास के मैदानों में उगने वाले ‘फॉक्सग्लोव' का आकर्षक दृश्य भी पर्यटकों को खींचने में नाकाम साबित हो रहा है। पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने इसके लिए पूरी तरह से भद्रवाह विकास प्राधिकरण (बीडीए) को जिम्मेदार ठहराया है। भद्रवाह में ‘टूर एंड ट्रैवल्स एसोसिएशन' के सचिव शेख मोहम्मद इशाक ने कहा, ‘‘हम पर्यटकों की संख्या में वृद्धि और महामारी के बाद पर्यटन क्षेत्र के पुनरुद्धार के लिए फॉक्सग्लोव पर बहुत अधिक निर्भर थे। लेकिन अज्ञात कारणों से अधिकारियों ने फूल प्रेमियों के बीच इस प्रमुख आकर्षण को ढंग से पेश नहीं किया।'' इशाक के मुताबिक, इस बार पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद थी। पंचायती राज संस्था के निर्वाचित सदस्य भी पर्यटन की वर्तमान स्थिति से चिंतित हैं और उन्होंने बीडीए के कामकाज पर निराशा व्यक्त की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जिला विकास परिषद (डीडीसी) के सदस्य ठाकुर युद्धवीर सिंह बलोरिया ने आरोप लगाया कि बीडीए की ‘‘विफलता'' ने एक अच्छे पर्यटन मौसम की संभावना को धूमिल कर दिया है और इसलिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए। संपर्क किए जाने पर डोडा के जिला विकास आयुक्त विकास शर्मा ने कहा कि वह इस मुद्दे को बीडीए के समक्ष उठाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि हंगा घाटी में जल्द से जल्द एक कार्यक्रम के आयोजन की योजना बनाई जाए। शर्मा ने कहा, ‘‘जिला प्रशासन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। वह क्षेत्र में कई विकास कार्यों को भी शुरू करेगा।
-
जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में रविवार को एक कार एक पेड़ से टकरा गयी, जिससे इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि हादसा अलवर-भिवाड़ी राजमार्ग पर भिंडसू गांव के पास उस समय हुआ जब चालक ने नियंत्रण खो दिया और यह पेड़ से टकरा गयी । उन्होंने बताया कि कार सवार लोग सरिस्का अभयारण्य का दौरा कर अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान धर्मेन्द्र (40) उनकी पत्नी मोनिका (36) और बेटी शिवा (12) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल व्यक्ति को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
-
पुणे। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार को एक एसयूवी वाहन और एक कार की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना पंढरपुर-मोहोल राजमार्ग पर पेनूर गांव के पास शाम साढ़े चार बजे हुई। मोहोल थाने के निरीक्षक अशोक सैकर ने कहा, ‘‘राजमार्ग के एक खास हिस्से में सड़क से जुड़े कुछ काम चल रहे है और इस कारण अभी वहां केवल एक तरफ ही यातायात का संचालन हो रहा है। एक वाहन उस स्थान पर एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था कि विपरीत दिशा से आ रही कार से उसकी टक्कर हो गई।'' उन्होंने कहा कि कार में सवार कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एसयूवी में सवार लोगों को भी चोटें आईं और उन्हें पंढरपुर और मोहोल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, एसयूवी चालक की गलती प्रतीत होती है, लेकिन जांच जारी है।
- नयी दिल्ली। इन्साकोग ने कोरोना वायरस के स्वरूप ओमीक्रोन के दो उप-स्वरूप बीए.4 और बीए.5 की भारत में मौजूदगी की पुष्टि की है, जिनमें से एक मामला तमिलनाडु, जबकि दूसरा मामला तेलंगाना में पाया गया है। भारतीय सार्स-सीओवी-2 अनुक्रमण संघ (इन्साकोग) ने रविवार को एक बयान में कहा कि तमिलनाडु की एक महिला वायरस के उप-स्वरूप बीए.4 से संक्रमित पायी गई है। बयान के मुताबिक, महिला में हल्के लक्षण हैं और वह कोविड-रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुकी है तथा उसने कहीं यात्रा भी नहीं की है। बयान के मुताबिक, तेलंगाना में 80 वर्षीय व्यक्ति में वायरस के उप-स्वरूप बीए. 5 की पुष्टि हुई है। बुजुर्ग व्यक्ति में हल्के लक्षण हैं और वह कोविड-रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं तथा उन्होंने कहीं यात्रा भी नहीं की है। ये सबसे पहले इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका से रिपोर्ट किए गए थे और अब कई अन्य देशों से रिपोर्ट किए जा रहे हैं। ओमीक्रोन के दो उप-स्वरूप बीए.4 और बीए.5 वैश्विक स्तर पर फैल रहे हैं। इन दोनों उप-स्वरूप के मामले इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका में सामने आए थे और अब कई अन्य देशों में भी इनकी पुष्टि हो रही है।
-
अकोला (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के अकोला सिटी में पुलिस ने रविवार को एक जाने-माने कोचिंग सेंटर के निदेशक को एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़खानी करने एवं बातचीत के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर गिरफ्तार किया। सिविल लाइंस थाने के प्रभारी विलास पाटिल ने बताया कि चौधरी कोचिंग क्लासेज चलाने वाले आरोपी वासिम चौधरी को गिरफ्तार किया गया है एवं उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (भादसं) की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से उसपर हमला करना या आपराधिक बल प्रयोग करना) तथा बाल यौन अपराध संरक्षण कानून की संबंधित धाराएं लगायी गयी हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के अनुसार 20 मई को आरोपी ने छात्रा को अपने कमरे में बुलाकर उसके साथ छेड़खानी की। बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को इस घटना के बारे में बताया जिन्होंने पुलिस में शिकायत की। आरोप है कि चौधरी ने पहले भी टेलीफोन पर छात्रा के साथ बातचीत में अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया था। - गुवाहाटी। असम में रविवार को बाढ़ की स्थिति और बदतर हो गई तथा दो बच्चों समेत छह और लोगों की मौत हो गई। वहीं 22 जिलों में सैलाब के कारण 7.2 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक, नगांव जिले के कामपुर राजस्व क्षेत्र में चार लोग पानी में डूब गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि होजाई जिले के डूबोका में एक शख्स की और कछार जिले के सिल्चर में एक बच्चे की बाढ़ के कारण मृत्यु हो गई। असम में इस साल बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। प्राधिकरण ने कहा कि कई जिलों में आई बाढ़ के कारण 7,19,540 लोग प्रभावित हैं। नगांव सैलाब की वजह से बुरी तरह प्रभावित है जहां 3.46 लाख लोग संकट में हैं। इसके बाद कछार में 2.29 लाख और होजाई में 58 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।
-
पालघर. महाराष्ट्र में यहां व्यस्त मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर खाद्य तेल लेकर जा रहा एक टैंकर पलट गया, जिससे सड़क पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को हुई दुर्घटना के बाद कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और टैंकर से गिर रहे तेल को लूटने लगे। गुजरात के सूरत से मुंबई में प्रसंस्करण के लिए 12,000 लीटर खाद्य तेल लेकर जा रहे टैंकर के चालक का राजमार्ग पर तवा गांव के पास वाहन से नियंत्रण खो गया। इससे वाहन पलट गया और उसमें से तेल रिसने लगा। अधिकारी ने कहा कि कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और लीक हुए तेल को अपने डिब्बों और अन्य बर्तनों में भरकर ले जाने लगे। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात को दुरुस्त करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। यातायात करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा। अधिकारी ने बताया कि हादसे में टैंकर चालक को मामूली चोट आई हैं। अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय बचाव दल ने बाद में टैंकर को सड़क से हटाया और सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया।
- -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि जापान में क्वाड नेताओं की आमने-सामने की दूसरी शिखर वार्ता से चारों देशों के नेताओं को समूह द्वारा उठाए गए कदमों में हुई प्रगति की समीक्षा करने का मौका मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस वार्ता से हिंद-प्रशांत क्षेत्र के घटनाक्रम के साथ ही आपसी हितों से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा करने का अवसर भी प्राप्त होगा। जापान की दो दिवसीय (23-24 मई) यात्रा पर रवाना होने से पहले मोदी ने एक बयान जारी कर कहा कि इस यात्रा के दौरान वह अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें बहु-आयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा होगी। मोदी ने कहा, ‘‘हम क्षेत्रीय घटनाक्रम और समसामयिक वैश्विक मुद्दों पर भी संवाद जारी रखेंगे।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह जापान के अपने समकक्ष फुमियो किशिदा के निमंत्रण पर तोक्यो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मार्च 2022 में उन्होंने 14वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए किशिदा की मेजबानी की थी। मोदी ने कहा, ‘‘तोक्यो की मेरी यात्रा के दौरान, मैं भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से हमारी बातचीत को जारी रखने की उम्मीद करता हूं।'' उन्होंने कहा कि जापान में वह क्वाड नेताओं की आमने-सामने की दूसरी शिखर वार्ता में भी हिस्सा लेंगे, जिससे चार क्वाड देशों के नेताओं को क्वाड के कदमों की प्रगति की समीक्षा करने का अवसर मिलेगा। क्वाड सुरक्षा संवाद में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के नेता शामिल होंगे।
मोदी ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज पहली बार क्वाड शिखर वार्ता में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके साथ द्विपक्षीय बैठक को लेकर उत्साहित हूं, जिसमें वृहद रणनीतिक साझेदारी के तहत भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बहुआयामी सहयोग और परस्पर हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।'' प्रधानमंत्री ने अपने बयान में कहा कि भारत और जापान के बीच आर्थिक सहयोग उनकी विशेष रणनीति और वैश्विक साझेदारी का महत्वपूर्ण आयाम है। उन्होंने कहा, मार्च की शिखर वार्ता के दौरान, प्रधानमंत्री किशिदा और मैंने जापान से भारत में सार्वजनिक तथा निजी निवेश और वित्त पोषण को अगले पांच वर्षों में पांच ‘ट्रिलियन' जापानी येन तक पहुंचाने की हमारी मंशा की घोषणा की थी।'' उन्होंने कहा, आगामी यात्रा के दौरान मैं इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए हमारे देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने के लक्ष्य के साथ जापान के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात करूंगा।'' मोदी ने कहा कि जापान में भारतीय समुदाय के करीब 40,000 लोग रहते हैं, जो जापान के साथ हमारे संबंधों में महत्वपूर्ण हैं और वह उनसे मुलाकात करने के लिए उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री मोदी की जापान यात्रा ऐसे समय हो रही है जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है।
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि क्वाड के नेताओं के 24 मई को तोक्यो में होने वाले शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की चुनौतियों और अवसरों के साथ-साथ कई मुद्दों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा था कि कोविड-19 के बाद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने, स्वास्थ्य सुरक्षा, टिकाऊ आधारभूत ढांचा और आपूर्ति श्रृंखला जैसे मुद्दों पर भी बातचीत होगी। क्वात्रा ने कहा था कि उम्मीद है कि क्वाड नेतागण स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण पर विचार-विमर्श करेंगे और वे गठबंधन के ढांचे के तहत अब तक हुई प्रगति का जायजा लेंगे तथा भविष्य के लिए मार्गदर्शन करेंगे। -
उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक ट्रक में आग लगने से उसमें ले जाए जा रहे 13 गाय-बछड़ों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा शनिवार देर रात खचरोद पुलिस थाना क्षेत्र के घिनोदा गांव के पास हुआ।
खचरोद पुलिस थाने के प्रभारी रवींद्र यादव के मुताबिक, हादसे के समय ट्रक में 20 से अधिक गोवंश मौजूद थे। उन्होंने बताया कि ट्रक को जलते देख ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक पांच गायों और आठ बछड़ों की मौत हो चुकी थी। यादव के अनुसार, हादसे में पांच गोवंश को बचा लिया गया और उन्हें पास की गौशाला में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों ने दावा किया है कि उन्होंने इस ट्रक से 10 से 15 गायों को बचाया, जो पास के जंगल में भाग गईं। यादव ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक व क्लीनर भाग गए और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। ट्रक के मालिक का पता लगाकर उसे बुलाने की कोशिश की जा रही है। - गोपेश्वर। विश्व के सबसे अधिक उंचाई पर स्थित गुरूद्वारे हेमकुंड साहिब के कपाट रविवार को विधिविधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिए गए । उत्तराखंड के चमोली जिले में 15200 फीट पर स्थित गुरूद्वारे के कपाट खुलने की प्रक्रिया पंच प्यारों की अगुवाई में सुबह साढ़े दस बजे संपन्न हुई।इससे पहले, सुबह गुरुग्रंथ साहिब को दरबार साहिब लाया गया और सुखमणि साहिब के पाठ के साथ कपाट खुलने की प्रक्रिया पूरी हुई। हेमकुंड साहिब के साथ ही निकटवर्ती लोकपाल मंदिर के कपाट भी रविवार को दर्शनों के लिए खोल दिए गए ।हेमकुंड साहिब सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह की तपस्थली मानी जाती है। हिमाच्छादित पर्वत श्रंखलाओं के मध्य हेमकुंड सरोवर के समीप श्री हेमकुंड गुरुद्वारा और लोकपाल तीर्थ स्थित है। यहां पहुंचने के लिए बदरीनाथ के निकट गोविंद घाट से पुलना गांव तक मोटर मार्ग से तथा उसके आगे लगभग 17 किलोमीटर पैदल चल कर पहुंचा जा सकता है। देश—विदेश के लाखों श्रद्धालु हर साल हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए आते हैं । इस बार हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए हर दिन अधिकतम 5000 यात्रियों की संख्या तय की गयी है । इसी मार्ग पर विश्वविख्यात फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान भी स्थित है जो जून से पर्यटकों के लिए खुलता है।
- सिद्धार्थनगर (उप्र)। सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया उदयपुर में बारातियों को लेजा रही एक गाड़ी के ट्रक से टकरा जाने से आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना शनिवार रात करीब एक बजे की है।जानकारी के अनुसार कुछ बाराती विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गाड़ी से लौट रहे थे, तभी जिले के जोगिया उदयपुर के ग्राम कटया में सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई और गाड़ी में सवार सात लोगों की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गाड़ी में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। इस हादसे में सचिन पाल (16), मुकेश पाल (35), लालाराम पासवान (26), शिवसागर यादव (18), रवि पासवान (19), राम बरन (35), पिंटू गुप्ता (25) तथा चालक गौरव मौर्य (22) की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये अनुग्रह राशि के तौर पर देने की घोषणा की है।प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ कार्यालय ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


















.jpg)





.jpg)
.jpg)
.jpeg)
