- Home
- देश
- चाईबासा (झारखंड),। झारखंड के चाईबासा जिले में रविवार को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)और जिला सशस्त्र पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ चलाये गये विशेष तलाशी अभियान के दौरान टोंटो थाना क्षेत्र के मटकुलोर के जंगलों से चट्टानों के बीच छिपाकर रखे गये पांच-पांच किलोग्राम के तीन आइईडी बरामद कर उन्हें नष्ट कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र में चलाये गये विशेष अभियान में सुरक्षा बलों ने मटकुलोर के घने जंगलों से पांच-पांच किलोग्राम के इन आइईडी (इम्प्रोवाइस्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के कैन बमों को बरामद कर समय रहते निष्क्रिय कर दिया। उन्होंने बताया कि ये कैन बम सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए छिपा कर रखे गये थे अतः समय से इनका पता लगाकर इन्हें निष्क्रिय कर दिये जाने से बड़ी दुर्घटना टल गयी।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के करीब सवा महीने बाद रविवार की शाम भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 16 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। इसके साथ ही राजस्व परिषद के अध्यक्ष, कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त जैसे पदों पर नयी तैनाती के साथ ही अन्य कई महत्वपूर्ण दायित्वों में बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश के नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मनोज कुमार सिंह को एपीसी, संजीव मित्तल को राजस्व परिषद का अध्यक्ष तथा अरविंद कुमार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। अपर मुख्य सचिव राज्य कर विभाग एवं अध्यक्ष राज्य सतर्कता आयोग एवं प्रशासनाधिकरण संजीव मित्तल को राजस्व परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। मित्तल के पास अध्यक्ष राज्य सतर्कता आयोग एवं प्रशासनाधिकरण का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। अपर मुख्य सचिव, ग्राम्य विकास, पंचायत राज तथा राजस्व विभाग मनोज कुमार सिंह को कृषि उत्पादन आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। सिंह के पास पूर्ववर्ती दायित्व भी बने रहेंगे। अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरविंद कुमार को मूल रूप से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है और उनके पास अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स, तथा एनआरआई विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग के पद पर तैनाती दी गई है। अब तक प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग का दायित्व संभाल रहे नितिन रमेश गोकर्ण को वर्तमान पद से स्थानांतरित कर प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के पद पर तैनात किया गया है। प्रमुख सचिव शहरी एवं आवास तथा बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव दीपक कुमार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के प्रभार से हटाते हुए उन्हें मूल रूप से बेसिक शिक्षा विभाग का दायित्व सौंपा गया है। प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा सुभाष चंद्र शर्मा को वर्तमान पद से स्थानांतरित करते हुए उन्हें प्राविधिक शिक्षा एवं व्यावसायिक शिक्षा के साथ ही कौशल विकास विभाग का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा प्रमुख सचिव दुग्ध विकास सुधीर गर्ग को स्थानांतरित कर उन्हें प्रमुख सचिव राजस्व विभाग, अपर मुख्य सचिव नगर विकास एवं नगरीय रोजगार डॉक्टर रजनीश दुबे को स्थानांतरित कर उन्हें अपर मुख्य सचिव दुग्ध विकास, मत्स्य, पशुधन तथा समन्वय विभाग का दायित्व दिया गया है। व्यावसायिक शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात को वर्तमान पद से स्थानांतरित कर प्रमुख सचिव नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम विभाग में भेजा गया है। प्रमुख सचिव परिवहन राजेश कुमार सिंह को स्थानांतरित कर प्रमुख सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में भेजा गया है। महानिदेशक उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी लखनऊ तथा महानिदेशक दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, लखनऊ के पद पर तैनात एल वेंकटेश्वर लू को प्रमुख सचिव परिवहन बनाया गया है। सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास नीना शर्मा को निदेशक उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी, लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है। अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड एम देवराज को वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अपर मुख्य सचिव वित्त विभाग एवं वित्त आयुक्त एस राधा चौहान से अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार का अतिरिक्त प्रभार हटा लिया गया है। मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह को वर्तमान पद के साथ ही मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा के पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- बहराइच (उत्तर प्रदेश) । देवीपाटन मंडल की एक अधिकारी का कथित तौर पर नशे में धुत होने वीडियो सामने आया है जिसमें वह बहराइच पुलिस को ‘धौंस' दे रही हैं कि "मंडल स्तरीय अधिकारी हूं, जिला स्तरीय नहीं, कमिश्नर से बात करूंगी!" बहराइच पुलिस को धौंस देते हुए व नशे में धुत सड़क पर बवाल काट रही कथित रूप से देवीपाटन मंडल की उप श्रमायुक्त रचना केसरवानी का वीडियो रविवार दोपहर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय पुलिस ने मामले को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के माध्यम से श्रम विभाग को संदर्भित कर दिया है। वायरल वीडियो कथित तौर पर बहराइच जिले के थाना जरवल रोड इलाके का है जिसमें एक महिला नशे में धुत होकर महिला पुलिसकर्मी व अन्य पुलिस वालों से बहस करते हुए दिख रही हैं। वीडियो में महिला सिपाही नशे में धुत अधिकारी को गाड़ी की पिछली सीट पर बिठाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन वो बार-बार बाहर निकल कर ड्राइविंग सीट पर बैठने का प्रयास करती देखी जा रही हैं। महिला अपने को मंडल स्तर का अधिकारी बताकर कमिश्नर से बात करने की भी धौंस देती वीडियो में दिख रही हैं। वायरल वीडियो के अंत तक महिला सिपाही उनको गाड़ी में बिठा नहीं सकी थीं। इस संबंध में रविवार को जरवल रोड थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती 27 अप्रैल को उक्त महिला अधिकारी स्वयं कार चलाकर लखनऊ से अपने कार्यालय गोंडा जा रही थीं। उन्होंने बताया कि रास्ता भटक कर महिला की कार बहराइच की तरफ घूम गयी और बहराइच मार्ग पर एक डिवाइडर से जा टकराई। सिंह ने बताया कि डायल 112 व थाना पुलिस टक्कर की सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ जब घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि नशे में धुत उक्त महिला स्वयं गाड़ी चलाना चाह रही थीं। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें मना किया लेकिन वह स्वयं को मंडल स्तर का वरिष्ठ अधिकारी होने की ‘धौंस' देकर स्वयं गाड़ी चलाने की जिद पर अड़ी रहीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछे जाने पर नशे में धुत महिला ने अपना नाम रचना केसरवानी, उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल बताया। एसएचओ ने बताया कि काबू में नहीं आने के चलते महिला अधिकारी के पति को बुलाकर महिला पुलिस बल, पुलिस अधिकारियों व पति की मौजूदगी में उक्त महिला अधिकारी की चिकित्सा जांच कराई गई और उन्हें उनके पति के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मामला उच्चाधिकारी का था और प्रोटोकॉल के तहत हमें उनकी जांच व उनके खिलाफ कार्यवाही हेतु अधिकार नहीं प्राप्त है, इसलिए पूरा मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के माध्यम से श्रम विभाग को संदर्भित किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि महिला अधिकारी की चिकित्सा जांच में शराब पीने की पुष्टी हुई है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा जांच रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के माध्यम से विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजी गयी है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील में ‘डेफलम्पिक्स' (बधिर ओलंपिक) में भाग ले रहे भारतीय खिलाड़ियों को रविवार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि देश इस दल का उत्साहवर्धन कर रहा है। ब्राजील के कैक्सियास डो सुल में एक मई से 15 मई तक 24वें ग्रीष्मकालीन ‘डेफलम्पिक्स' का आयोजन किया जाएगा। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘भारत डेम्लम्पिक्स 2021 में हमारे दल का उत्साहवर्धन कर रहा है जो आज से शुरू हो गया है। हमारे सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को शुभकामनाएं।'' प्रधानमंत्री ने भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के ट्वीट को टैग करते हुए कहा, ‘‘मैं खेलों के लिए रवाना होने से पहले राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाने के उनके भाव से बहुत अभिभूत हूं।'' प्राधिकरण ने एक ट्वीट कर कहा कि टीम इंडिया ने खेलों में अपना सबसे बड़ा दल भेजा है और ब्राजील जाने से पहले दल राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर गया।
- नयी दिल्ली। दिल्ली समेत देश के किसी भी हिस्से में रविवार को ईद का चांद नजर नहीं आया, इसलिए ईद-उल-फित्र का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा तथा सोमवार को 30वां और आखिरी रोज़ा होगा। फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में ईद का चांद नज़र नहीं आया है, इसलिए ईद का त्योहार मंगलवार तीन मई को मनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश,, बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान समेत किसी भी राज्य से चांद दिखने की खबर नहीं मिली है। ” उन्होंने कहा कि सोमवार को 30वां रोज़ा होगा और शव्वाल (इस्लामी कैलेंडर के 10वें महीने) की पहली तारीख मंगलवार को होगी। शव्वाल के महीने के पहले दिन ईद होती है। वहीं, जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने एक बयान में कहा कि देश के किसी हिस्से से शव्वाल यानी ईद-उल-फित्र का चांद दिखने की कोई खबर नहीं है। बुखारी ने कहा, “ईद तीन मई मंगलवार के दिन होगी।”उधर, मुस्लिम संगठन इमारत-ए-शरिया हिंद ने भी एलान किया है कि रविवार को देश के किसी हिस्से में मीठी ईद का चांद नज़र नहीं आया है, लिहाज़ा मंगलवार को दिल्ली व देश के अन्य हिस्सों में ईद का त्योहार मनाया जाएगा। संगठन ने एक बयान में कहा, “ उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आज़मगढ़ और सीतापुर, बहराइच, मध्य प्रदेश के खरगोन, गुजरात के गोधरा, महाराष्ट्र के धुले, कर्नाटक के बेंगलुरु, बंगाल, असम, कश्मीर और पंजाब में आदि से संपर्क किया गया, लेकिन कहीं से भी चांद दिखने की सूचना नहीं है।” मुस्लिम धर्म गुरु रशीद फिरंगी महली ने यह भी घोषणा की कि शव्वाल का चांद नज़र नहीं आया है और इसलिए ईद तीन मई को मनाई जाएगी। मुसलमानों के लिए अभी इस्लामी कैलेंडर का नौवां महीना ‘रमज़ान' चल रहा है जिसमें समुदाय के लोग रोज़ा (व्रत) रखते हैं। रमज़ान के महीने में रोज़ेदार सुबह सूरज निकलने से पहले से लेकर सूरज डूबने तक कुछ नहीं खाते- पीते हैं। यह महीना ईद का चांद नजर आने के साथ खत्म होता है। बता दें कि इस्लामी कैलेंडर में महीना 29 या 30 दिन का होता है, जो चांद के हिसाब से तय होता है। मुफ्ती मुकर्रम ने लोगों से गुजारिश की वे ईद की नमाज़ से पहले ‘फित्रा' (दान) जरूर करें।उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवार 60 रुपये प्रत्येक व्यक्ति की दर से जबकि उच्च मध्यम वर्गीय परिवार 80 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से फित्रा दे।
- सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक महिला शिक्षक की मौत हो गई और उसका पति ओर बेटा गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने रविवार को बताया कि घटना शनिवार रात की है और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि शनिवार देर रात देवबंद के मोहल्ला जनकपुरी निवासी डॉक्टर धीरज अपनी पत्नी प्रीति व दो वर्षीय पुत्र के साथ बाइक पर सहारनपुर आ रहे थे तभी हाईवे पर तेज गति बोलेरो ने उनकी दुपहिया को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि धीरज और उनका दो वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गये। तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज आगे की कार्रवाई कर रही है।
- अगरतला। कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई के वरिष्ठ नेता सुदीप रॉय बर्मन के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) और चालक यहां कृष्णानगर इलाके में बदमाशों के एक समूह के कथित हमले में रविवार को घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वकील समिक देब से मुलाकात कर रहे थे।रॉय बर्मन ने पत्रकारों को बताया, ‘‘मैं आज कानूनी सलाह के लिए वकील के आवास पर गया था। अचानक मैंने आवास के बाहर हल्ला-गुल्ला सुना। जब मैं बाहर आया तो मैंने देखा कि मेरा चालक अभिजीत दत्ता मदद के लिए चिल्ला रहा है।'' उन्होंने बताया, ‘‘मेरा पीएसओ रमेश बिन घटनास्थल से भाग गया और उसे भी चोटें आयी हैं। सूचना देने पर पुलिस आयी और उन्हें ढूंढा तथा उन्हें आईजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि शायद चालक के हाथ में फ्रैक्चर आया है। पांच बार के विधायक रहे रॉय बर्मन इस साल फरवरी में भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। रमेश बिन की शिकायत पर पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है।अगरतला पश्चिम पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी (ओसी) सुब्रत चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘पूर्व मंत्री के निजी सुरक्षा कर्मी द्वारा दर्ज करायी शिकायत के बाद एक प्राथमिकी दर्ज की गयी और हम मामले की जांच कर रहे हैं। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।'' त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कोर समिति के सदस्य आशीष साहा ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री के निजी सुरक्षा अधिकारी और चालक पर हमले में ‘बाइक बहिनी' (बाइकर गिरोह) शामिल है। साहा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘पिछले चार वर्षों से भाजपा नीत सरकार लोगों के अधिकारों और आजादी का गला घोंटने के लिए आतंक पैदा कर रही है। हमने सभी आरोपियों पर मामला दर्ज करने के लिए 24 घंटे का समय दिया है, अगर ऐसा नहीं हुआ तो पार्टी प्रदर्शन करेगी।
- रीवा (मध्य प्रदेश)। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने रविवार को मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक जूनियर वैज्ञानिक के मकान पर छापा मार कर कथित रूप से 30 लाख रुपये नकद सहित लगभग सात करोड़ रुपये की आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति बरामद की है। रीवा लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने बताया, ‘‘तलाशी (सर्च) वारंट प्राप्त करने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने सतना जिले के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जूनियर वैज्ञानिक सुशील कुमार मिश्रा के मारुति नगर, सतना स्थित मकान की तलाशी ली।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमें नकद 30,30,880 रुपये, सोने-चांदी के जेवरात 8,18,726 रुपये, 21 बैंक खाते एवं 4 बीमा पॉलिसी और 29 नग जमीन रजिस्ट्री के कागजात कीमत लगभग 1.76 करोड़ रुपये मिले हैं। ये जमीन मिश्रा ने स्वयं एवं अपनी पत्नी सुमन मिश्रा और पुत्र ज्ञानेंद्र मिश्रा के नाम से सतना शहर एवं शहर से लगे हुए क्षेत्र की है। भोपाल शहर के जमीनों के कागजात भी बरामद हुये हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी का मारुति नगर में दो मंजिला मकान है जिसकी कीमत करीब 37.50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी का सतना शहर के नजदीक सात एकड़ का फार्महाउस है जिसमें 1500 वर्ग फीट में मकान बना हुआ है।'' जैन ने बताया, ‘‘विक्रय अनुबंध 35 नग जिसमें कुल 3.82 करोड़ रुपये जमीन के क्रय अनुबंध है। आरोपी के पास से एक ट्रैक्टर, एक महिंद्रा एसयूवी, एक स्कॉर्पियो, एक इंडिका कार एवं 3 मोटरसाइकिल एवं दस्तावेज मिले हैं। इन वाहनों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।'--
- कटक। ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने बड़ी मात्रा में पहले से चालू सिम कार्ड रखने के आरोप में रविवार को तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ये साइबर आरोपी कई ऑनलाइन शॉपिंग और गेमिंग ऐप में कथित तौर पर फर्जी खाते और वॉलेट खोलकर धोखाधड़ी करने वाली वित्तीय गतिविधियों में शामिल थे। राज्य पुलिस की अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) संजीव पांडा ने कहा कि पुलिस ने इन तीनों साइबर अपराधियों के पास से 19,641 सिम कार्ड, 14 लाख रुपये नकद, 48 मोबाइल फोन, फिंगरप्रिंट स्कैनर, क्रेडिट कार्ड, बैंक पासबुक, एक लैपटॉप, 440 पासपोर्ट आकार के फोटो, 394 मतदाता पहचान पत्र, पांच आधार कार्ड, 11 क्यूआर कोड बोर्ड और 108 ग्राहक आवेदन पत्र जब्त किए हैं। एडीजीपी ने कहा कि ढेंकनाल जिले का आरोपी दुष्मंत साहू इस गिरोह का सरगना है। इस मामले में आरोपी साईं प्रकाश दास और आरोपी विनाश नायक नामक दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पांडा ने कहा कि तीनों साइबर अपराधियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-
हापुड़ (उत्तर प्रदेश), । हापुड़ देहात क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर रविवार को मंसूरपुर के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तीनों युवक बाइक से दिल्ली से रामपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में थाना हापुड़ क्षेत्र में मंसूरपुर कट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रामपुर जिले के आमिर, शाहरुख और बरेली जिले के ईदुल के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि बाइक को टककर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
- चेन्नई. मदुरै सरकारी मेडिकल कॉलेज के डीन को पद से हटा दिया गया और प्रतीक्षा सूची में रखा गया है क्योंकि कॉलेज में प्रवेश पाए नए छात्रों को ‘हिप्पोक्रेटिक' शपथ के स्थान पर ‘महर्षि चरक शपथ' दिलाई गई थी। तमिलनाडु सरकार ने रविवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में एक विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि कॉलेज में शनिवार को महर्षि चरक शपथ दिलाई गई जो कि बेहद निंदनीय था, इसलिए मदुरै कॉलेज के डीन डॉ ए रतिनवेल को पद से हटा दिया गया है और उन्हें प्रतीक्षा सूची में डाल दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमण्यन की ओर से इस संबंध में नियम तोड़ने तथा छात्रों को चरक शपथ दिलाने के लिए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। सरकार ने कहा कि सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्रमुखों को सलाह दी जाती है कि वे हमेशा हिप्पोक्रेटिक शपथ दिलाने के नियम का पालन करें। गौरतलब है कि हाल में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने सुझाव दिया था कि हिप्पोक्रेटिक शपथ के स्थान पर महर्षि चरक शपथ दिलाई जानी चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने संसद में कहा था कि महर्षि चरक शपथ वैकल्पिक होगी और चिकित्सा छात्रों के लिए बाध्यकारी नहीं होगी।
- बाराबंकी (उत्तर प्रदेश). जिले के देवा थाना क्षेत्र में रविवार को एक पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की धारदार हथियार से काट कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि घटना देवा थाना क्षेत्र के हुसैनपुर की है जहां रविवार को जामुन का पेड़ काट रहे आरोपी राजेंद्र को उसके बड़े भाई नौमीलाल ने पेड़ काटने से मना किया। उन्होंने बताया कि इसे लेकर कहासुनी से शुरू हुई बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी राजेंद्र ने नौमीलाल (52) पर बांके (धारदार हथियार) से हमला कर दिया। नौमीलाल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
- नयी दिल्ली. राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए 4-वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं । शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, केंद्र/राज्य सरकार के बहु-विषयक विश्वविद्यालय/संस्थान 4-वर्षीय आईटीईपी के लिए मान्यता प्राप्त करने के वास्ते 1 से 31 मई, 2022 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। मंत्रालय के बयान के अनुसार, 22 अक्टूबर, 2021 को जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, आईटीईपी एक दोहरी-वृहद समग्र स्नातक डिग्री है, जो बी.ए. बी.एड./ बी.एससी. बी.एड और बी.कॉम. बी.एड पाठ्यक्रम उपलब्ध कराती है। यह शिक्षक शिक्षा से संबंधित नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रमुख आदेशों में से एक है। इसे शुरू में देश भर के केंद्र/राज्य सरकार के बहु-विषयक विश्वविद्यालयों/संस्थानों में पायलट आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा एक राष्ट्रीय साझा प्रवेश परीक्षा (एनसीईटी) के जरिए इसमें प्रवेश दिया जाएगा। बयान के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुसार इस कार्यक्रम का पाठ्यक्रम इस तरह तैयार किया है कि यह एक छात्र-शिक्षक को शिक्षा के साथ-साथ इतिहास, गणित, विज्ञान, कला, अर्थशास्त्र या वाणिज्य जैसे विशेष विषय में डिग्री प्राप्त करने में सक्षम बनाता है।
- गोंडा (उत्तर प्रदेश). जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में रविवार को अपने पति से नाराज एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित तौर पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। राजकीय रेलवे पुलिस के प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि गोंडा-गोरखपुर रेलखंड पर समपार संख्या 251 बी टू से करीब 30 मीटर की दूरी पर मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोठिया गांव की सुनीता (30) ने अपने बेटे आलोक (पांच) और बेटी अनीता (सात) के साथ ट्रेन से कटकर जान दे दी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मृतकों की शिनाख्त की।स्थानीय पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, सुनीता की सास बुधना ने बताया कि उसका छोटा बेटा अमरनाथ सूरत में नौकरी करता है जबकि उसकी पत्नी सुनीता और दोनों बच्चे गांव में ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि सुनीता आज सुबह घर से बच्चों को लेकर निकली लेकिन देर तक नहीं लौटी। तलाश के दौरान तीनों के शव पटरियों पर मिले। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘‘मृतका के भाई की आज शादी है और उसने विवाह कार्यक्रम में खर्च करने के लिए पति अमरनाथ से पैसे मांगे थे। लेकिन अमरनाथ ने ना उसे पैसे दिए और नाहीं खुद शादी में शामिल होने आया। यहां तक कि ससुराल के लोग सुनीता को मायके जाने से भी रोक रहे थे।'' प्रभारी निरीक्षक चतुर्वेदी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है और घटना स्थल के निरीक्षण से परिलक्षित होता है कि पहले महिला ने बच्चों को धक्का दिया होगा और उसके बाद खुद ट्रेन के सामने कूदी होगी क्योंकि महिला का शव बच्चों के शव से काफी दूर पड़ा था।-file photo
- जयपुर. राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ रविवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। राज्य के पश्चिमी इलाकों में सूरज की तपिश और लू के चलने के कारण आमजन जीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, बीकानेर 47.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 46.8 डिग्री, फलोदी में 46.6 डिग्री, जैसलमेर में 46.5 डिग्री, हनुमानगढ़ में 46.1 डिग्री, चूरू-नागौर में 46-46 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 45.7 डिग्री और अन्य प्रमुख स्थानों पर 45 से 43.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को रात का तापमान 24.5 से 31.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, राज्य में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार से मंगलवार के बीच राज्य में कहीं-कहीं धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं मंगलवार को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, व जयपुर संभाग के जिलों में धूलभरी सतही हवाएं चलने की संभावना जताई है।
- नयी दिल्ली. कांग्रेस ने 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में वृद्धि की खबरों को लेकर रविवार को केंद्र पर निशाना साधा और बढ़े हुए मूल्य को वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि केंद्र वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है और दाम बढ़ा रहा है। लांबा ने कहा कि एक मार्च को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के मूल्य में 105 रुपये की बढ़ोतरी की गई, एक अप्रैल को इसमें 250 रुपये की वृद्धि की गयी और एक मई को एक बार फिर 102.5 रुपये दाम बढ़ाये गये। उन्होंने कहा कि आठ महीने में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम 618.5 रुपये बढ़ गये हैं। खबरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम अब 2,355.50 रुपये होंगे, जो इससे पहले 2,253 रुपये प्रति सिलेंडर थे। लांबा ने कहा कि महंगाई के साथ गरीबों और कामकाजी वर्ग पर बार-बार हमला किया जा रहा है।उन्होंने कहा, चिंता और बढ़ जाती है क्योंकि सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी के एक सर्वेक्षण के अनुसार देश में करीब 2.1 करोड़ नौकरियां घट गयी हैं और 45 करोड़ लोगों ने सारी उम्मीदें खत्म होने के बाद नौकरी की तलाश ही बंद कर दी है।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि सबसे बड़ा हमला भारतीय महिलाओं पर हुआ है, जिनमें से केवल करीब 9 प्रतिशत ही अब कार्यरत हैं।
- देहरादून. उत्तराखंड में तितली की एक असामान्य प्रजाति 'किंग क्रो' की मौजूदगी पहली बार दर्ज की गयी है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इस खोज से प्रदेश में पायी जाने वाली तितलियों की 450 प्रजातियों की मौजूदा सूची में एक आकर्षक और दुर्लभ प्रजाति और जुड़ गयी है। प्रदेश के मुख्य वन संरक्षक (शोध) संजीव चतुर्वेदी ने बताया कि वन विभाग की अनुसंधान शाखा ने 'किंग क्रो' तितली की मौजूदगी नैनीताल के भुजिया घाट क्षेत्र में दर्ज की है। उन्होंने बताया कि इसकी मौजूदगी पहले उत्तर पूर्व में दर्ज की गयी थी जहां इसकी दोनों उप प्रजातियां... भूरी और नीली देखी गयी थीं। उन्होंने कहा, इसकी उपस्थिति दक्षिण में भी दर्ज की जा चुकी है जहां इसकी केवल भूरी उप प्रजाति मिली थी। भुजिया घाट क्षेत्र 650 मीटर की उंचाई पर स्थित है जहां अच्छी गुणवत्ता वाले सघन उपोष्णकटिबंधीय वन हैं। वन अधिकारी ने बताया कि तितली की उपस्थिति स्थानीय पारिस्थितकी तंत्र और वन की अच्छी सेहत का भी संकेतक है। उन्होंने बताया कि तितली की इस विशेष प्रजाति का एक बहुत असामान्य गुण यह है कि यह ज्यादातर जहरीले या मिल्कवीड जैसे क्षारीय पौधों का रस चूसती है और ऐसे पौधों के प्रजनन और प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
- नयी दिल्ली. वरिष्ठ राजनयिक विनय मोहन क्वात्रा ने रविवार को भारत के नए विदेश सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने यह दायित्व ऐसे समय में संभाला है, जब नयी दिल्ली यूक्रेन युद्ध समेत विभिन्न भूराजनैतिक घटनाक्रमों का सामना कर रही है। वर्ष 1998 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी क्वात्रा ने हर्षवर्धन श्रृंगला का स्थान लिया है, जो शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। विदेश सचिव बनने से पहले क्वात्रा नेपाल में भारत के राजदूत थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने रविवार को ट्वीट किया, “श्री विनय क्वात्रा ने रविवार सुबह विदेश सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। विदेश मंत्रालय विदेश सचिव क्वात्रा को एक सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता है।” क्वात्रा को भारत के पड़ोसी देशों के अलावा अमेरिका, चीन और यूरोप के साथ संबंधों का विशेषज्ञ माना जाता है। 2020 में नेपाल में अपनी राजनयिक तैनाती से पहले उन्होंने अगस्त 2017 से फरवरी 2020 के बीच फ्रांस में भारत के राजदूत के रूप में कार्य किया। 32 वर्षों का अनुभव रखने वाले क्वात्रा ने अक्टूबर 2015 से अगस्त 2017 के बीच दो वर्षों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में संयुक्त सचिव का पद भी संभाला। उन्होंने जुलाई 2013 से अक्टूबर 2015 के बीच विदेश मंत्रालय के नीति निर्धारण एवं अनुसंधान प्रभाग का नेतृत्व किया। बाद में वह विदेश मंत्रालय में अमेरिकी विभाग के प्रमुख के पद पर नियुक्त हुए, जहां उन्होंने अमेरिका और कनाडा के साथ भारत के संबंधों को देखा।
- नयी दिल्ली. भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) की अधिकारी संगीता सिंह को केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जे बी महापात्र 30 अप्रैल को सीबीडीटी प्रमुख पद से सेवानिवृत्त हो गए हैं, जिसके बाद संगीता सिंह को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वित्त मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आदेश के अनुसार, आयकर कैडर की 1986 बैच की आईआरएस अधिकारी संगीता सिंह तीन महीने या नियमित चेयरमैन की नियुक्ति, जो भी पहले हो, तक सीबीडीटी के चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। फिलहाल सिंह सीबीडीटी में सदस्य (आयकर और राजस्व) हैं। इसके अलावा उनके पास सीबीडीटी में सदस्य (करदाता सेवाओं) का अतिरिक्त प्रभार भी है। सीबीडीटी में चेयरमैन के अलावा छह सदस्य होते हैं। सभी सदस्य विशेष सचिव के स्तर के होते हैं। यह आयकर विभाग का प्रशासनिक निकाय है। फिलहाल सीबीडीटी में पांच सदस्य हैं। सबसे वरिष्ठ सदस्य 1985 बैच की आईआरएस अधिकारी अनुजा सारंगी है। 1985 बैच के आईआरएस अधिकारी महापात्र शनिवार को सेवानिवृत्त हुए। महापात्र को पिछले साल सितंबर में सीबीडीटी का पूर्णकालिक चेयरमैन नियुक्त किया गया था। हालांकि, वह 31 मई, 2021 से चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
- ठाणे. मध्य प्रदेश से लापता हुए एक लड़के और लड़की को रविवार को महाराष्ट्र के ठाणे से पकड़ा गया जब पुलिस ने उन्हें बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर जाते देखा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आनंद नगर टोल प्लाजा के पास नवघर पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक दोपहिया वाहन को देखा जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी। नवघर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील कांबले ने बताया कि पुलिस ने युवक और युवती को रोका और पूछताछ की। दोनों की उम्र 18 साल है। युवक ने अपना नाम रामकरण मोहन सिंगवाल बताया और कहा कि वह राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस ने कहा कि लड़की ने मध्य प्रदेश की निवासी है। आगे की जांच में पता चला कि दोनों मध्य प्रदेश के भिंड जिले से लापता हुए थे और लड़की के परिजनों की शिकायत के आधार पर वहां पिपरी पुलिस थाने में अपहरण का एक मामला दर्ज है। नवघर पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस से सम्पर्क कर उन्हें युवक और युवती के बारे में जानकारी दी। मध्य प्रदेश पुलिस का एक दल उन दोनों को लेने के लिए रवाना हो चुका है।
- आइजोल. मिजोरम में मलेरिया के कारण 2021 में 10 लोगों की मौत हुई है। हालांकि बीते एक दशक में मच्छर जनित इस बीमारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या में खासी कमी आई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के मिशन निदेशक डॉ एरिक जोमाविया ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि 2021 में राज्य में 5,637 लोग मलेरिया से पीड़ित हुए और पिछले साल जून तथा सितंबर के बीच 10 लोगों की मौत हो गई। इस कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ आर लालथंगलिआना मुख्य अतिथि थे।उन्होंने कहा कि इस साल जनवरी और फरवरी में मलेरिया से 354 लोगों के पीड़ित होने का पता चला है लेकिन अब तक मौत का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 2030 तक देश के बाकी हिस्सों के साथ ही राज्य में भी मलेरिया को खत्म करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से व्यापक जागरूकता पैदा करने, आसपास के वातावरण को साफ रखने और मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए राज्य सरकार की मदद का आग्रह किया।
- अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) .अलीगढ़ जिले के क्वारसी क्षेत्र में रविवार को एक बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक (नगर) गुणवंत ने संवाददाताओं को बताया कि क्वारसी थाना क्षेत्र के नगला पटवारी इलाके में एक बेकाबू ट्रक ने स्थानीय बाजार में कई लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। उनकी तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि घटना में कम से कम छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि घायलों में से एक की हालत नाजुक बतायी जा रही है। गुणवंत ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त वह नशे में था। इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की तीन दिवासीय यात्रा पर रवाना होंगे और इस दौरान ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक संबंध, टिकाऊ विकास, जलवायु एवं हरित ऊर्जा सहित विविध क्षेत्रों में विस्तृत चर्चा होगी। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान इन देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा बनाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान यूक्रेन का मुद्दा भी चर्चा में उठेगा। क्वात्रा ने कहा कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों की पृष्ठभूमि में ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा महत्वपूर्ण है और यूरोपीय देशों के नेताओं के साथ बैठक में यह विषय चर्चा के लिए आएगा। यूक्रेन संघर्ष को लेकर एक सवाल के जवाब में क्वात्रा ने कहा, ‘‘इस विषय पर हमारा रुख स्पष्ट है और अनेक मंचों पर इसे व्यक्त किया गया है कि युद्ध समाप्त होना चाहिए तथा इसका समाधान बातचीत एवं कूटनीति के जरिये निकाला जाना चाहिए।'' विदेश सचिव ने कहा, ‘‘ मेरा ख्याल है कि यह बात हमारे यूरोपीय सहयोगी तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे सहयोगियों के समक्ष पूर्ण रूप से स्पष्ट है। मुझे नहीं लगता कि इस बारे में उन्हें कोई शंका होगी।'' वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मनी, डेनमार्क, फ्रांस की यात्रा से पहले अपने बयान में कहा, ‘‘ मेरी यूरोप यात्रा ऐसे समय हो रही है जब इस क्षेत्र को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अपनी यात्रा के माध्यम से यूरोपीय भागीदारों के साथ सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहता हूं। शांति और समृद्धि के लिए भारत की चाह में यूरोपीय भागीदार महत्वपूर्ण साथी हैं।'' मोदी दो मई को जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। यह इस साल होने वाली उनकी पहली विदेश यात्रा है। प्रधानमंत्री पहले जर्मनी जाएंगे और उसके बाद डेनमार्क तथा फिर वापसी में कुछ समय के लिए पेरिस में रुकेंगे।
- हावड़ा (प बंगाल). स्वामी विवेकानंद द्वारा स्थापित रामकृष्ण मिशन के 125वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को बेलूर मठ में सैकड़ों श्रृद्धालु एकत्र हुए। रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंदजी महाराज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस की शिक्षा ने संगठन को मानवता की सेवा के पथ पर आगे बढ़ने में सहायता की है। उन्होंने संगठन की विभिन्न शैक्षणिक, परमार्थ और आध्यात्मिक गतिविधियों के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, “रामकृष्ण मिशन से जुड़े सभी छात्र समुदायों, श्रद्धालुओं और संन्यासियों को 125वें स्थापना दिवस पर मैं शुभकामनाएं देती हूं। ठाकुर-मां-स्वामीजी का संदेश हम सभी को प्रेरणा देता रहे।” पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में स्थित बेलूर मठ की स्थापना एक मई 1897 को स्वामी विवेकानंद ने की थी।
- नयी दिल्ली. उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मातृभाषा में शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए रविवार को कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा मातृभाषा में होनी चाहिए। नायडू ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के शताब्दी समारोह के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा प्रणाली को "हमारी संस्कृति" पर भी ध्यान देना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा, "यदि बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा उनकी मातृभाषा में दी जाए तो वे उसे आसानी से समझ सकेंगे। लेकिन, यदि प्रारंभिक शिक्षा किसी अन्य भाषा में दी जाती है, तो पहले उन्हें वह भाषा सीखनी होगी और फिर वे समझेंगे।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों को पहले अपनी मातृभाषा सीखनी चाहिए और फिर दूसरी भाषाएं सीखनी चाहिए। नायडू ने कहा, "सभी को अपनी मातृभाषा में प्रवीण होना चाहिए और उससे संबंधित मूल विचारों का बोध होना चाहिए।" दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलाधिपति उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शताब्दी समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए जबकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान विशिष्ट अतिथि थे। उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर सौ रुपये का एक स्मारक सिक्का, एक स्मारक शताब्दी टिकट और दिल्ली विश्वविद्यालय के अब तक के सफर को प्रदर्शित करने वाली एक स्मारक शताब्दी पुस्तिका भी जारी की। नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को एक कार्यक्रम में की गयी उस टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें अदालतों में स्थानीय भाषा के उपयोग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया गया था। उन्होंने कहा, "कल प्रधानमंत्री मोदी ने अदालतों में स्थानीय भाषाओं की आवश्यकता के बारे में भी बात की थी। केवल अदालतें ही क्यों, इसे हर जगह लागू किया जाना चाहिए।" उपराष्ट्रपति ने दिल्ली विश्वविद्यालय को 100 साल पूरे करने पर बधाई भी दी।नायडू ने कहा, "मैं इस विश्वविद्यालय की उन्नति, विकास और प्रगति के लिए तथा इसे प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक बनाने के लिए सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं।" नायडू ने इस अवसर पर स्नातक पाठ्यचर्या की रूपरेखा-2022 (हिंदी संस्करण) और स्नातक पाठ्यचर्या की रूपरेखा- 2022 (संस्कृत संस्करण) भी जारी किया। इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा हासिल की गईं उपलब्धियों को दर्शाने वाली पुस्तिका ‘दिल्ली विश्वविद्यालय:एक झलक' भी जारी की गयी। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देने से छात्रों की रचनात्मकता को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रधान ने कहा, "राष्ट्रीय शिक्षा नीति में स्थानीय भाषा के महत्व पर जोर दिया गया है। स्थानीय भाषा छात्रों की रचनात्मकता को दिशा देने में मदद करती है।" इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह ने कहा, "हमने अकादमिक उत्कृष्टता के 100 साल पूरे कर लिए हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय बहुत अच्छा कर रहा है। हम भारतीयों के जीवन में अपना योगदान देना जारी रखेंगे।


























.jpeg)
