- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तमिलनाडु, राजस्थान और मध्य प्रदेश की बिजली उत्पादन करने वाली सरकारी कंपनियों पर कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) का 6,477.5 करोड़ रुपये का बकाया है। देश अभी कोयले की कमी के कारण बिजली संकट का सामना कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी पर कोल इंडिया का सबसे अधिक 2,608.07 करोड़ रुपये का बकाया है जबकि पश्चिम बंगाल पावर डेवलेपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (डब्ल्यूपीडीसीएल) पर 1,066.40 करोड़ रुपये बाकी है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र, राजस्थान और पश्चिम बंगाल की बिजली उत्पादन कंपनियों पर बकाया बहुत ज्यादा है लेकिन सीआईएल ने इन्हें आपूर्ति कभी नहीं रोकी और उन्हें पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति की है। -
भिवानी। हरियाणा में सतर्कता विभाग ने चरखी दादरी सदर थाने में तैनात एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को कथित तौर पर 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सतर्कता विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सतर्कता निरीक्षक (विजिलेंस इंस्पेक्टर) कुलवंत सिंह ने बताया कि चरखी के रहने वाले सुनील नामक व्यक्ति ने हिसार विजिलेंस कार्यालय से शिकायत की थी उसके भाई के खिलाफ गोलीबारी और मारपीट का मामला दर्ज किया गया और जांच अधिकारी एएसआई विक्रम सिंह उनसे 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने दावा किया कि रिश्वत नहीं देने पर आरोपी अधिकारी ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त सजा दिलाने की धमकी दी है। कुलवंत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर सतर्कता कार्यालय ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी विक्रम सिंह को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी पुलिस कर्मी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- फरीदाबाद (हरियाणा)। हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को पेशी के लिए जिला अदालत लाए गए एक कैदी ने कथित तौर पर अदालत की इमारत की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आत्महत्या करने वाले कैदी का नाम सूरज था और वह गाजियाबाद का निवासी था। उन्होंने बताया कि उसे दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह पुलिस हिरासत में था। प्रवक्ता ने बताया कि सूरज को आज न्यायाधीश जैस्मिन शर्मा की अदालत में पेशी के लिए लाया गया था और जब पुलिस उसे छठी मंजिल पर बने अदालत कक्ष में पेश करने के लिए ले गई तो उसने अचानक मौका देखकर इमारत से नीचे छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि आरोपी को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पता लगा रही है कि कैदी ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
- पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर एक युवक ने शनिवार को प्रेमिका व उसकी मां को कथित तौर पर लहूलुहान करने के बाद उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में कथित प्रेमी ने कुछ दूर जाकर खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गयी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश प्रभु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है व मामले की गहनता से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार बरेली जिले की बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी 19 वर्षीय आरोपी रिंकू गंगवार शनिवार सुबह पीलीभीत के थाना अमरिया क्षेत्र के ग्राम सिरसा में पहुंचा, वह गांव के ही निर्मल गंगवार के घर पर आया। उसके बैग में बांका (धारदार हथियार) व तमंचा था। उन्होंने बताया कि आरोपी रिंकू ने निर्मल गंगवार की 22 वर्षीय बेटी रचना गंगवार और पत्नी 50 वर्षीय माया देवी के हाथ पर बांका से वार कर दोनों को लहुलुहान कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान निर्मल का 28 वर्षीय बेटा रविंद्र पाल गंगवार जब आया तो आरोपी रिंकू ने तमंचे से उसके सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपी रिंकू घर से भागा और 20 मीटर दूर जाकर खुद को भी तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार प्रभु, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे,और उन्होंने लोगों से पूछताछ की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का पाया गया है। आसपास के लोगों ने अधिकारियों को बताया कि रचना की शादी कहीं और तय हो जाने से आरोपी रिंकू आहत था और उसने रिश्ता भी तुड़वा दिया था।
- बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश),। बुलंदशहर जिले के ऊंचा गांव ब्लॉक के एक सरकारी स्कूल में बच्चों का स्कूल परिसर में उगी हुई घास दरांती से साफ करने का वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने एबीएसए (खंड शिक्षा अधिकारी) को प्रतिकूल प्रविष्टि और स्कूल के शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने शनिवार को बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ऊंचा गांव स्कूल में बच्चे घास काटते दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, ‘कायाकल्प अभियान' के तहत स्कूल में बागवानी की जानी थी और स्कूल के शिक्षक तथा बच्चे उसमें श्रमदान कर रहे थे लेकिन यह आपत्तिजनक है। उन्होंने बताया कि इसके लिए ऊंचा गांव ब्लॉक के एबीएसए (खंड शिक्षा अधिकारी) को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने और स्कूल के शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के आदेश दिए गए हैं। सिंह ने बताया कुछ दिन पहले भी एक सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल हुआ था जिसमें बच्चों से स्कूल का शौचालय साफ कराया जा रहा था, वहां के शिक्षकों को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई थी। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षकों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करें कि बच्चों से कोई भी ऐसा काम न कराया जाए जो उनसे अपेक्षित न हो।
- नयी दिल्ली। चीन की मोबाइल विनिर्माता कंपनी शाओमी के बैंक खातों में जमा 5,551 करोड़ रुपये की राशि को भारत के विदेशी मुद्रा विनियमन अधिनियम (फेरा) नियमों का उल्लंघन करने के मामले में जब्त कर लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। निदेशालय ने यह कार्रवाई शाओमी टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ की है। शाओमी इंडिया भारत में एमआई ब्रांड के तहत मोबाइल फोन की बिक्री एवं वितरण करती है। प्रवर्तन निदेशालय ने एक बयान में कहा, ‘‘चीन के शाओमी समूह के पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी शाओमी इंडिया के बैंक खातों में पड़ी 5,551.27 करोड़ रुपये की राशि प्रवर्तन निदेशालय ने जब्त कर ली है।'' फेमा कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत यह धन जब्त किया गया है। इससे पहले ईडी ने फरवरी में चीनी कंपनी द्वारा विदेश भेजे गये कथित ‘अवैध धन' के सिलसिले में जांच शुरू की थी। वर्ष 2014 में भारत में अपना परिचालन शुरू करने वाली शाओमी ने अगले ही साल से यहां से धन चीन भेजना शुरू कर दिया था। ईडी ने कहा, ‘‘कंपनी ने 5,551.27 करोड़ रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा को रॉयल्टी के नाम पर विदेश स्थित तीन कंपनियों को भेजा है। इनमें शाओमी समूह की एक कंपनी भी शामिल है।'' एजेंसी ने कहा, ‘‘अन्य दो अमेरिकी असंबद्ध कंपनियों को भेजी गयी राशि भी अंतत: शाओमी समूह की कंपनियों के लाभ के लिए थी। रॉयल्टी के नाम पर इतनी बड़ी राशि उनके चीनी मूल कंपनी के निर्देश पर ही भेजी गई थी।'' प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक, शाओमी इंडिया भारत के विनिर्माताओं से पूरी तरह तैयार मोबाइल सेट और अन्य उत्पाद खरीदती है। उसने इन तीन विदेशी कंपनियों में से किसी की सेवा नहीं ली जिन्हें यह राशि भेजी गयी थी। जांच एजेंसी ने रॉयल्टी के नाम पर विदेश धन भेजने को फेमा कानून की धारा चार का उल्लंघन बताने के साथ ही शाओमी पर विदेश में धन भेजते समय बैंकों को ‘भ्रामक सूचना' देने का आरोप भी लगाया है। जांच एजेंसी ने इस महीने की शुरुआत में शाओमी समूह के वैश्विक उपाध्यक्ष मनु कुमार जैन से बेंगलुरू स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ की थी।
- नयी दिल्ली। टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) की एक समिति ने सिफारिश की है कि रूस के कोविड-रोधी टीके स्पूतनिक-वी की दोनों खुराक ले चुके लोगों को इस टीके की पहली खुराक को बूस्टर के तौर पर दिया जा सकता है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि स्पूतनिक-वी टीके की दोनों खुराक की रचनाएं अलग-अलग हैं। वर्तमान में रूसी टीका लगवा चुके लोगों के लिए एहतियाती खुराक उपलब्ध कराने के संबंध में कोई नीतिगत निर्णय नहीं है। को-विन पोर्टल पर स्पूतनिक-वी के लिए एहतियाती खुराक को लेकर कोई विकल्प प्रदर्शित नहीं होता। पिछले साल जुलाई में स्पूतनिक-वी टीके की दूसरी खुराक ले चुके लोग बूस्टर खुराक नहीं लगवा पा रहे हैं। सूत्रों ने बताया, ''एनटीएजीआई की स्थायी तकनीकी उप-समिति ने शुक्रवार को बैठक की, जिसमें इस मुद्दे पर चर्चा हुई और सिफारिश की गई कि रूस के कोविड-रोधी टीके स्पूतनिक-वी की दोनों खुराक ले चुके लोगों को इस टीके की पहली खुराक को बूस्टर के तौर पर दिया जा सकता है।'' सूत्रों के मुताबिक, छह लाख से अधिक लोगों ने रूसी टीका लगवाया है।
- मंगलुरु। दक्षिण रेलवे के कुछ ट्रेनों में कोविड-19 पूर्व स्थिति के समान ही अनारक्षित कोच जोड़े जाएंगे। भारतीय रेल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिन अप-डाउन ट्रेनों में अनारक्षित कोच/डिब्बे जोड़े जाने हैं वे हैं... मंगलुरु सेंट्रल - चेन्नई सेन्ट्रल पश्चिमी घाट एक्सप्रेस, मंगलुरु सेंट्रल - मझगांव जंक्शन रोजाना अनारक्षित विशेष, मंगलुरु सेंट्रल - चेन्नई एगमोर एक्सप्रेस । ऐसी अन्य ट्रेनें हैं... मंगलुरु जंक्शन - यशवंतपुर जंक्शन मेल एक्सप्रेस, 6 मंगलुरु जंक्शन - यशवंतपुर जंक्शन एक्सप्रेस और मंगलुरु सेंट्रल - नगरकोइल एनार्ड एक्सप्रेस । विज्ञप्ति के अनुसार, नगरकोइन जंक्शन - मंगलुरु सेंट्रल डेली परशुराम एक्सप्रसे, मंगलुरु सेंट्रल - कोयंबटूर जंक्शन इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस... अप-डाउन ट्रनों में भी अनारक्षित डिब्बे जोड़े जाएंगे।
- नयी दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देशभर के 50 शहरों में अत्यधिक स्थानीय स्तर पर मौसम संबंधी सूचना सेवाओं को शुरू करने की तैयारी कर ली है। ऐसी ही पहल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भी लागू की जा रही है। मौसम कार्यालय ने पिछले साल जून में दिल्ली-एनसीआर के लिए 13 मौसम केंद्रों से शहरी मौसम विज्ञान सेवाओं की शुरुआत की थी ताकि मौसम की मौजूदा परिस्थितियों के जरिए जल्द से जल्द चेतावनियां दी जा सके। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने पिछले साल दिल्ली के लिए शहरी मौसम विज्ञान सेवाओं की शुरुआत की थी जिसके तहत स्थानीय स्तर पर मौसम की जानकारियां दी जाती है। हमारी एक साल में 50 और स्थानों पर ऐसी ही सेवाओं को शुरू करने की योजना है। मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहरों में पहले चरण में शहरी मौसम विज्ञान सेवाएं शुरू हो सकती हैं।
- चेन्नई। तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में औद्योगिक हब होसुर में शनिवार को एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि ई-स्कूटर का मालिक हादसे में बच गया। वह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर है। पुलिस ने बताया कि होसुर निवासी सतीश कुमार ने देखा कि उसके स्कूटर की सीट के नीचे अचानक आग लग गयी और वह वाहन से कूद गया। वाहन से आग की लपटें निकलने पर वहां से गुजर रहे लोग उसकी मदद को आए, लेकिन वाहन जलकर खाक हो गया। सतीश ने पिछले साल इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदा था। इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में अचानक आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय बन गयी हैं। हाल में ऐसी घटनाओं की श्रृंखला में मार्च में वेल्लोर जिले में इलेक्ट्रिक बाइक में विस्फोट के कारण निकले धुएं से दम घुटने के कारण पिता-पुत्री की मौत हो गयी थी। यह हादसा तब हुआ तब इलेक्ट्रिक बाइक चार्ज हो रही थी। तिरुचिरापल्ली जिले के मनाप्पराई में भी एक इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन में आग लग गयी थी। इस महीने की शुरुआत में तेलंगाना में एक शख्स की उसके घर में उस समय मौत हो गयी थी जब चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी में विस्फोट हो गया था। तमिलनाडु के अंबुर में इस महीने एक गुस्साए शख्स ने अपने ई-स्कूटर पर पेट्रोल छिड़कर उसे आग लगा दी थी, क्योंकि निर्माताओं ने उसकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। व्यक्ति का दावा था कि उसने निर्माताओं से 50 किलोमीटर बाद वाहन के काम न करने की शिकायत की थी। अपनी ही बाइक को आग लगाते हुए इस शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। गत सप्ताह इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माता प्योर ईवी ने एक इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी में कथित विस्फोट से तेलंगाना के निजामाबाद में 80 वर्षीय शख्स की मौत होने पर गहरा खेद व्यक्त किया था। उसने निजामाबाद और चेन्नई में अपने 2,000 से अधिक वाहनों को वापस बुलाने की घोषणा की थी।
- नयी दिल्ली। कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी के बीच दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने उसके स्वास्थ्य केंद्रों पर आ रहे दीर्घकालीन बीमारियों से ग्रस्त रोगियों को एक महीने की अग्रिम दवाएं देने का फैसला किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अगर उन्हें अधिक समय के लिए दवाएं मिल जाती है तो उन्हें अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनके कोविड-19 से संक्रमित होने की संभावना बहुत कम होगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि नगर निगम ने अपने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड मरीजों के लिए व्यापक बंदोबस्त किए हैं, जिसमें अलग पंजीकरण काउंटर, प्रतीक्षा कक्ष, कतारें और जांच प्रयोगशालाएं बनाना शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस संबंध में नगर निगम ने एक आदेश जारी कर दिया है।एसडीएमसी ने कहा, ‘‘हमारे स्वास्थ्य केंद्रों पर आ रहे वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर पहले देखा जा रहा है क्योंकि वे संक्रमण के लिहाज से सबसे अधिक संवेदनशील समूह के लोग हैं। गैर-कोविड मरीज खासतौर से दीर्घकालीन बीमारियों से जूझ रहे लोगों को कम से कम एक महीने की दवाएं दी जानी चाहिए।'' उसने कहा कि अगर कोविड के मामले अचानक बढ़ते हैं तो कमजोर प्रतिरक्षा के कारण बुजुर्ग लोगों के संक्रमित होने की आशंका अधिक है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बताया कि शहर में कोविड-19 के 1,607 नए मामले दर्ज किए गए और दो मरीजों की मौत हो गयी। शहर में संक्रमण दर 5.28 प्रतिशत है। आदेश में सभी चिकित्सा अधिकारियों को पैरासिटामोल, अजिथ्रोमाइसिन, ओआरएस, लिवोसिट्रिजिन, खांसी की दवाओं, पैंटोसिड जैसी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। इसमें कहा गया है कि कोरोना वायरस की रोकथाम और नियंत्रण के लिए पीपीई किट, मास्क, दस्ताने, सैनिटाइजर, लिक्विड साबुन, पल्स ऑक्सीमीटर जैसे आवश्यक सामान का भी भंडार होना चाहिए। आदेश के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में बनायी ऑक्सीजन आपूर्तिकर्ता ईकाइयों और पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र को संचालनात्मक रूप में बने रहने को कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम ने साफ-सफाई, संक्रमण रोकथाम और बायोचिकित्सा कचरे के उचित निपटान के लिए प्रत्येक अस्पताल में एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया है।
- नयी दिल्ली। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि गुजरात में बुलेट ट्रेन परियोजना के सिविल और ट्रैक बिछाने से संबंधित सभी कार्यों के लिए करार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि गुजरात में 352-किलोमीटर लंबी परियोजना के लिए 3141 करोड़ रुपये का करार लार्सन एंड टु्ब्रो के साथ किया गया है। अहमदाबाद और मुंबई के बीच 508-किलोमीटर लंबी बुलेट ट्रेन परियोजना का 352 किलोमीटर हिस्सा गुजरात में बनेगा। हालांकि महाराष्ट्र में इस परियोजना के लिए अभी तक भूमि अधिग्रहण को लेकर अडंगा फंसा है, लेकिन गुजरात में इस परियोजना का काम शुरू हो गया है। वैष्णव ने ट्वीट करके कहा, ‘‘बुलेट ट्रेन परियोजना के ट्रैक के लिए 3141 करोड़ रुपये का काम सौंप दिया है। गुजरात में सिविल और ट्रैक कार्य के लिए शत-प्रतिशत काम का ठेका दिया जा चुका है।
- रांची। झारखंड में पिछले दो वर्षों के दौरान राज्य पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई है। राज्य में इस योजना की लाभार्थियों की संख्या दो साल में 6,608,71 से बढ़कर 14,34,314 हो गई है। राज्य सरकार ने शनिवार को यह दावा किया। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत नए वृद्ध लाभार्थियों की संख्या में सर्वाधिक 5,774,26 की वृद्धि गत दो वर्ष में दर्ज की गई है। विज्ञप्ति के मुताबिक जहां 31 दिसंबर 2019 तक इस योजना का 3,451,68 वृद्ध लाभ ले रहे थे, वहीं 28 अप्रैल 2022 तक इनकी संख्या बढ़कर 9,22,594 हो गई। इस दौरान 5,774,26 नये वृद्ध लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया गया। इसी तरह स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों की संख्या में 31 दिसंबर 2019 तक 87,796 निःशक्त को जोड़ा गया था जबकि 28 अप्रैल 2022 तक इनकी संख्या बढ़कर 1, 87,876 हो गई। इस प्रकार योजना के तहत अप्रैल 2022 तक 1, 00,080 नये लाभार्थियों को जोड़ा गया। विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना का लाभ दिसंबर 2019 तक 1,721,96 लाभार्थियों को ही मिल रहा था लेकिन 28 अप्रैल 2022 तक इस योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 2, 57,434 हो गई। इस प्रकार गत दो साल में योजना से 85,238 नये लाभार्थियों को जोड़ा गया। इसी, प्रकार मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना का लाभ दिसंबर 2019 तक 52, 336 लाभार्थी ले रहे थे जिनकी संख्या बढ़कर अप्रैल 2022 तक 62, 161 हो गई इस प्रकार इस अवधि में 9, 82,5 नये लाभार्थी जुड़े। मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना में भी दिसंबर 2019 से अप्रैल 2022 तक 874 नये लाभार्थी जोड़े गये और अब इनकी संख्या 3, 375 से बढ़कर 4, 249 हो गई है।
-
नयी दिल्ली। मौसम विभाग ने शनिवार को कहा कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 1990 के बाद से अप्रैल महीने में इस साल सर्वाधिक औसत अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। साथ ही, क्षेत्र में मई में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मई के लिए तापमान और बारिश से जुड़े पूर्वानुमान जारी करते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकतर हिस्सों में मई के महीने में रात में भी गर्मी महसूस होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस साल अप्रैल पिछले 122 वर्षों में सबसे अधिक गर्म रहा, जहां औसत अधिकतम तापमान क्रमश: 35.9 डिग्री सेल्सियस और 37.78 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इससे पहले उत्तर-पश्चिम भारत में अप्रैल 2010 में औसत अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि मध्य भारत में अप्रैल 1973 के दौरान औसत अधिकतम तापमान 37.75 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। महापात्रा ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश भागों - जम्मू - कश्मीर, हिमाचल, गुजरात, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा - को मई में भी सामान्य से अधिक तापमान का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि अप्रैल के दौरान देशभर में औसत तापमान 35.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 122 वर्षों में चौथी बार सबसे अधिक रहा है। उन्होंने कहा कि देश में इस साल मई के दौरान औसत बारिश सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। साथ ही कहा कि मई में उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। महापात्रा ने पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में तापमान 50 डिग्री के पार चले जाने की संभावना को खारिज नहीं किया। इस बार गर्मी के मौसम में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जुड़े सवाल पर महापात्रा ने कहा, ''मैं इस तरह का पूर्वानुमान नहीं जता सकता। हालांकि, यह जलवायु के अनुसार संभव है क्योंकि मई सबसे गर्म महीना है।'' उत्तर प्रदेश के बांदा में शनिवार को तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि देश में सर्वाधिक रहा। आईएमडी के महानिदेशक ने कहा कि ''लगातार कमजोर वर्षा गतिविधि'' के कारण मार्च और अप्रैल में उच्च तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में मार्च के दौरान बारिश में करीब 89 फीसदी जबकि अप्रैल में 83 फीसदी गिरावट देखी गई। उल्लेखनीय है कि देश में लोगों को - खासकर उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी भागों में- पिछले कुछ सप्ताह से लू का सामना करना पड़ रहा है।
- - श्रीनगर. कश्मीर में अगले सप्ताह आने वाली ईद-उल-फितर की तैयारियों के बीच शनिवार को बाजार गुलजार दिखे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि बेकरी की दुकानों, मटन की दुकानों, चिकन विक्रेताओं, रेडीमेड कपड़ों और क्रॉकरी की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। पहले के विपरीत, शहर के लाल चौक में यातायात की आवाजाही बहुत अच्छी तरह से प्रबंधित की गई थी, लेकिन ईद की खरीदारी की भीड़ के कारण शहर के अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर यातायात जाम देखा गया। स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि दो साल बंद रहने के बाद इस बार ईद के मौके पर बाजार गुलजार हैं। हालांकि कारोबार कोरोना वायरस महामारी से पूर्व 2019 की तुलना में कम है। व्यवसायी शाहिद खान ने कहा, ''लोग खरीदारी तो कर रहे हैं लेकिन वैसी नहीं जैसी कोविड-19 से पहले हुआ करती थी। हम पिछले तीन वर्षों से लॉकडाउन की स्थिति में हैं।'' एक बेकरी और कन्फेक्शनरी चेन के मालिक इरफान भट ने कहा कि बिक्री पिछले साल की तुलना में बेहतर है। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि यह आर्थिक सुधार का संकेत है।" हालांकि, ईद की पूर्व संध्या पर सभी सामानों की कीमतों में काफी वृद्धि होने से लोग नाखुश हैं।इंदिरा नगर निवासी आसिफ भट ने कहा, ''सभी खाद्य पदार्थों की कीमतों में 20 से 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मटन भी, जिसके लिए सरकार ने 535 रुपये प्रति किलोग्राम की दर निर्धारित की है, वह 650 रुपये प्रति किलोग्राम पर बेचा जा रहा है।'
- जयपुर. राजस्थान सरकार ने सभी नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने वाली मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए पंजीकरण की आखिरी तारीख बढ़ाकर सात मई कर दी है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस योजना में पंजीकरण की आखिरी तारीख 30 अप्रैल से बढ़ाकर सात मई की गई है। इस योजना के तहत 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा व पांच लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा भी मिलेगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को एक ट्वीट कर कहा कि इस योजना की बढ़ती लोकप्रियता के कारण इसमें पंजीकरण की आखिरी तारीख को बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि चिरंजीवी योजना से जुड़ने वाले परिवारों की महिला मुखिया को मुख्यमंत्री डिजिटल सेवा योजना के तहत निःशुल्क स्मार्टफोन, तीन साल की फ्री इंटरनेट कनेक्टिविटी भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस साल के बजट में 1.33 करोड़ महिला मुखिया को स्मार्टफोन देने की घोषणा की थी।
- बस्ती (उप्र) .बस्ती जिले में सप्ताह भर पहले अपहृत कपड़ा व्यापारी के 13 वर्षीय पुत्र को पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बस्ती आशीष श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि 23 अप्रैल को बस्ती के थाना रुधौली से अपहृत हुए अखंड कसौधन (13) को बस्ती पुलिस और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की टीम ने सकुशल बरामद कर लिया और दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि बस्ती के कारोबारी अशोक कुमार कसौधन के पुत्र अखंड कसौधन को अपहरणकर्ताओं ने गोरखपुर के सहजनवा में छिपाकर रखा था। अखंड की बरामदगी के लिए सक्रिय टीम ने सूचना के आधार पर उसे बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरणकर्ता दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ के दौरान अपहर्ताओं ने कहा कि अखंड कसौधन के पिता अशोक कुमार के कारोबार में वे लोग आपूर्ति करते थे, जिसके कारण वह बच्चे को भी भली प्रकार जानते थे। 23 अप्रैल को अखंड से अपहरणकर्ताओं ने यह बहाना बनाया कि उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया है चल कर उसे बनवा दें, इसलिए वह बच्चा उनकी बाइक पर बैठ गया और इसके बाद उसे अपहृत कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने अपहरण के बाद व्यापारी से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि उनपर कर्ज का दबाव था, जिसे चुकाने के इरादे से उन्होंने बच्चे का अपहरण कर लिया। बच्चे को गोरखपुर जिले के सहजनवा कस्बे में छिपा कर रखा गया। पुलिस ने अखंड को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्यवाही की जाएगी।
- नयी दिल्ली. एम्स के ट्रामा सेंटर में दिमागी रूप से मृत घोषित छह वर्षीय लड़की के माता-पिता ने उसका हृदय, यकृत, गुर्दे और नेत्रपटल (कॉर्निया) दान कर दिये। चिकित्सकों द्वारा शुक्रवार को उसे दिमागी रूप से मृत घोषित किये जाने के बाद अंग पुनर्प्राप्ति एवं बैंकिंग संगठन (ओआरबीओ-एम्स) ने राष्ट्रीय अंग व ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एनओटीटीओ) को इसकी जानकारी दी, जिसने प्रतीक्षा सूची के आधार पर जरूरतमंदों को अंग आवंटित किए। न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर दीपक गुप्ता ने बताया कि लखनऊ के सात वर्षीय बच्चे का यकृत प्रतिरोपण किया जाएगा, जो दिल्ली के एक अन्य अस्पताल में भर्ती है। डॉ. गुप्ता जेपीएनएटीसी ट्रॉमा सेंटर में अंगदान गतिविधियों को भी देख रहे हैं। हृदय के लिये समान उम्र का कोई जरूरतमंद नहीं मिला है। हृदय के वॉल्व को बाद में इस्तेमाल के लिये रख लिया गया है। दोनों गुर्दों को शुक्रवार रात एक अन्य बच्चे में प्रत्यारोपित किया जाना था। दोनों कॉर्निया भी दो अन्य बच्चों में प्रत्यारोपित की जाएंगी। डॉक्टर गुप्ता ने कहा, ''रॉली नामक लड़की के सिर में गोली लगी थी। वह गोली शायद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पिता पर चलाई थी। इस मामले में पुलिस जांच जारी है।'' लड़की को 28 अप्रैल की सुबह ट्रामा सेंटर के न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर गुप्ता ने कहा कि उसकी हालत गंभीर थी और सीटी स्कैन में उसके सिर में गोली दिखी थी। जांच के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर उसे दिमागी रूप से मृत घोषित कर दिया गया।
- भोपाल. मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक निजी स्विमिंग पूल में 14 वर्षीय एक लड़के की डूबने से मौत हो गई। जिला अस्पताल पुलिस थाना प्रभारी सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम विवेकानंद नगर स्थित बीआरसी क्लब के स्वीमिंग पूल में हुई। उन्होंने कहा कि मृतक लड़के की पहचान विनय लिखितकर के तौर पर हुई है जो अपने परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए स्वीमिंग पूल गया था, जिनके पास स्वीमिंग पूल क्लब की सदस्यता है। वर्मा ने कहा कि लड़का तैरने के लिए पूल में दाखिल हुआ और गहरे पानी में जाने पर डूबने लगा। जिसके बाद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, तो कोच ने उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्लब के मालिक कुशल गुप्ता ने बताया कि मृतक के परिवार के तीन अन्य बच्चे भी क्लब के सदस्य हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ विनय उनसे मिलने आया था और कोच की जानकारी के बिना उसने पूल में तैरना शुरू कर दिया।
- सागर. मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य में एक बाघिन ने दो शावकों को जन्म दिया है। नौरादेही (वन्यजीव) वन प्रभाग के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) सुधांशु यादव ने बताया कि शुक्रवार को बाघिन एन-112 अपने दो शावकों के साथ कैमरे में दिखाई दी। नौरादेही अभयारण्य भोपाल के निकट रातापानी अभयारण्य और पन्ना टाइगर रिजर्व के बीच एक गलियारा बनाता है। बाघ पुनरुत्पादन कार्यक्रम के तहत किशन और राधा नाम के बाघ जोड़े को क्रमश: कान्हा टाइगर रिजर्व और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से नौरादेही अभयारण्य में लाया गया था। इसके अलावा एक और बाघ एन-3 ने भी अभयारण्य को अपना घर बना लिया है। राधा ने मई 2019 में तीन शावकों और नवंबर 2021 में दो शावकों को जन्म दिया था। यादव ने कहा कि पहले प्रजनन में राधा से पैदा हुए शावक अब वयस्क हो गए हैं। अखिल भारतीय बाघ अनुमान रिपोर्ट 2018 के अनुसार मध्य प्रदेश में 526 बाघ रहते हैं, जो कि देश के किसी भी राज्य में सबसे अधिक हैं। प्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, सतपुड़ा और पन्ना सहित कई बाघ अभयारण्य हैं।
- सूरत. गुजरात के सूरत जिले में तापी नदी के पानी में बह जाने के बाद तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के वक्त इकबाल नगर के झुग्गी बस्ती के तीन नाबालिग शुक्रवार शाम शहर के रांदेर इलाके में तापी नदी के किनारे खेल रहे थे। रांदेर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि ''अरब सागर में उच्च ज्वार के परिणामस्वरूप पुल के पास नदी के जल स्तर में अचानक वृद्धि हो गई, जिस कारण तीनों बच्चे डूब गए।'' अधिकारी ने बताया कि पानी में डूबने वाले मृतकों में से दो मोहम्मद फकीर (7) और शहादत फकीर (8) के शवों को देर शाम पानी से बाहर निकाला गया, जबकि सानिया शेख (14) का शव शनिवार सुबह दमकल विभाग के गोताखोरों के एक दल ने बरामद किया।-file photo
- बलिया (उप्र). पूर्वोत्तर रेलवे के बलिया-छपरा रेल प्रखंड में रेल पटरी पर एक युवक और युवती का शव पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार बलिया-छपरा रेल प्रखंड में बकुल्हा-माझी रेल स्टेशनों के मध्य माझी रेल पुल पर शुक्रवार को एक युवक व युवती का शव मिला। दोनों की उम्र 20 से 25 वर्ष के मध्य है। बकुल्हा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर पीआर पटेल ने अप सद्भावना एक्सप्रेस से कटकर दोनों की मौत होने की आशंका जताई है। बैरिया के पुलिस उपाधीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बैरिया पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।
- मुजफ्फरनगर (उप्र) .मुजफ्फरनगर जिले के जानसठ थाना क्षेत्र के अहरोडा गांव में एक विवाद के चलते शनिवार को चाचा-भतीजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में तीन अन्य घायल हो गये हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार शनिवार को जानसठ थाना क्षेत्र के अहरोडा गांव में दो गुटों के बीच जमीनी विवाद में हुई झड़प में शिव शंकर (50) व उसके भतीजे नकुल (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। इस विवाद में गोली लगने से पीड़ित पक्ष के ही तीन अन्य घायल हो गये हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी शकील अहमद ने बताया कि इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाइसेंसी बंदूक और एक पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार खेत की मेड़ से एक पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में 2 लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपराध में प्रयुक्त हथियार बरामद किए। सीओ ने कहा कि झड़प के दौरान हथियारों और लाठियों का इस्तेमाल किया गया। अहमद ने बताया कि गांव में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई है। चार दिनों के भीतर थाना जानसठ क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड की यह दूसरी घटना है। इसके पहले 26 अप्रैल को जानसठ थाना क्षेत्र के खलवाडा गांव में हरपाल (50) और उसकी पत्नी कोशल (48) की ई-रिक्शा से खींचकर हत्या कर दी गई थी।-file photo
- गोंडा (उप्र). गोंडा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। गोंडा के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर भभुआ पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत भुलियापुर मोड़ के पास लखनऊ जा रही तेज रफ्तार इको स्पोर्ट कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और राजधानी की तरफ से तरबूज लादकर वापस गोंडा आ रहे पिकअप (छोटे ट्रक) से टकरा गयी। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में कार सवार गिरजेश सिंह (38) और हर्ष सिंह (24) निवासी कस्बा मनकापुर, जनपद गोंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिवाकर सिंह, अतुल सिंह व अंकित पाण्डेय घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- मुजफ्फरनगर .उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बरला गांव के समीप दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को कुचल दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब आस मोहम्मद (23) और उसका भाई एजाज (22) अपनी बहन को ईद का तोहफा देकर रुड़की से बाइक से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। पुलिस ने कहा कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।


























.jpeg)
