- Home
- देश
- इंदौर (मध्यप्रदेश). इंदौर में एक गर्भवती महिला ने पुलिस-प्रशासन को अजीबो-गरीब मांग वाली अर्जी भेजकर कहा है कि उसे उसकी कार के आगे वैसा ही विशाल चक्र लगाने की अनुमति दी जाए, जैसा चक्र मशहूर फिल्म ‘‘बाहुबली'' में युद्ध के एक दृश्य के दौरान इसके किरदार भल्लाल देव के रथ के आगे लगा नजर आता है। सोशल मीडिया पर फैल रहे आवेदन पत्र को शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क पर स्थानीय वाहन चालकों के व्यवहार पर तीखे कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। छोटा बांगड़दा क्षेत्र में रहने वाली कनुप्रिया सत्तन ने गुरुवार को एक न्यूज़ एजेंसी से पुष्टि की कि उन्होंने पुलिस और प्रशासन के कुछ आला अफसरों को यह आवेदन पत्र भेजा है। सत्तन ने एक पेज के लिखित आवेदन में कहा है, ‘‘मुझे आठ माह का गर्भ है। मैं कई बार महसूस करती हूं कि इंदौर की सड़कों पर गाड़ी चलाना या उसमें बैठना सुरक्षित नहीं है।'' उन्होंने आवेदन पत्र में कहा कि शहर की सड़कों पर खासकर ऑटो रिक्शा, भारवाहक वाहन और सार्वजनिक परिवहन की बसों के चालक गलत ढंग से ओवरटेक करते हैं और दूसरी गाड़ियों के चालकों को डराने के लिए उनके एकदम पास से तेजी से वाहन निकालते हैं। सत्तन में पत्र में कहा कि अगर फिल्म ‘‘बाहुबली'' के किरदार भल्लाल देव के रथ के आगे लगे विशाल चक्र की तर्ज पर उनकी कार के आगे चक्र लग जाएगा तो इसकी वजह से लोग डरकर उनकी गाड़ी से खुद ही दूरी बना लेंगे और शहर की सड़कों पर तमाम अव्यवस्थाओं के बावजूद वह गर्भावस्था के दौरान सुरक्षित आवागमन कर सकेंगी। उधर, इस अर्जी के बारे में पूछे जाने पर पुलिस उपायुक्त (यातायात प्रबंधन) महेश चंद्र जैन ने दो टूक जवाब में कहा कि वह इस बारे में कोई भी टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे।
- नयी दिल्ली. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के बड़े हिस्से में जारी लू के प्रकोप में अगले पांच दिनों में और वृद्धि का अनुमान व्यक्त करते हुए राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए “ऑरेंज” अलर्ट जारी किया है जबकि उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की बात कही है। बृहस्पतिवार को जारी आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में और अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में लू का प्रकोप बना रहेगा। विभाग ने कहा, “अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की आशंका है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।” राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के लिये अगले चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की चेतावनी के लिए आईएमडी चार रंग के संकेतकों का उपयोग करता है - हरा (कोई कार्रवाई आवश्यक नहीं), पीला (देखें और जानकारी लेते रहें), नारंगी (तैयार रहें), और लाल (कार्रवाई करें)। झारखंड, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और मध्य प्रदेश में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच सकता है। स्वतंत्र मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने कहा, “चुरू, बाड़मेर, बीकानेर और श्री गंगानगर जैसे स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस सामान्य है, लेकिन उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अप्रैल के अंत तक 45-46 डिग्री सेल्सियस काफी असामान्य है।” आईएमडी ने कहा कि लू प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशील लोगों - शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए ‘मध्यम' स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को जन्म दे सकती है। उसने कहा, “इसलिए इन क्षेत्रों के लोगों को गर्मी के संपर्क से बचना चाहिए, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने चाहिए और टोपी, छतरी आदि से सिर का बचाव करना चाहिए।” आईएमडी के एक परामर्श में कहा गया, “उन लोगों में गर्मी की बीमारी के लक्षणों की संभावना बढ़ जाती है जो या तो लंबे समय तक धूप के संपर्क में रहते हैं या मेहनत वाला काम करते हैं।” गौरतलब है कि मैदानी इलाकों में जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है तब लू जैसे हालात की घोषणा की जाती है। मौसम विभाग के अनुसार भीषण लू की घोषणा तब की जाती है जब तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो। पूर्ण रिकॉर्ड किए गए तापमान के आधार पर, लू तब घोषित की जाती है जब कोई क्षेत्र अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज करता है। यदि तापमान 47 डिग्री के निशान को पार कर जाता है तो भीषण लू की घोषणा की जाती है।
- नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व नेता एवं लोकमत ग्रुप ऑफ न्यूजपेपर्स के संस्थापक जवाहरलाल दर्डा की जन्मशती को रेखांकित करने के लिए सरकार जल्द ही 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेगी। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, सिक्के के बीच में दर्डा की छवि होगी। सिक्के के ऊपर और नीचे की परिधि पर हिंदी और अंग्रेजी में 'श्री जवाहरलाल दर्डा की जन्मशती' अंकित होगा। अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘सिक्के के दाएं और बाएं मध्य परिधि पर अंतरराष्ट्रीय अंकों में क्रमशः वर्ष '1923' और '2023' अंकित किया जाएगा।'' 1923 में जन्मे, दर्डा ने एक सफल व्यवसायी और बाद में 1978 से 1995 तक महाराष्ट्र सरकार में कई कार्यकालों के लिए मंत्री बने। उनका 25 नवंबर, 1997 को निधन हो गया था।
- जयपुर. राजस्थान के टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तेज गति के ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दादा, बहू और पोती की मौत हो गई। वहीं, दो साल का पोता सकुशल बच गया। पुलिस ने बताया कि चंदलाई और तारण के बीच एक ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में कैलाश धाकड (55), उनकी बहू दुर्गा देवी (27) और पोती डारवी (6) की मौत हो गई जबकि दो साल का हिमांशु सकुशल बच गया। उन्होंने बताया कि चारों बाइक से किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दुर्गा देवी और डारवी (6) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर घायल धाकड ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। ट्रेलर को जब्त कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक अन्य हादसे में अलवर के खैरथल रेलवे स्टेशन के पास बीती रात शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। अलवर जीआरपी थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि मजदूरी कर सब्जी लेने जा रहे दोनों युवक मोबाइल की लीड कान में डालकर चल रहे थे और उन्हें शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुनाई दी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान संजू (22) और सुधीर (26) के रूप में की गई है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।
- शिमला. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में 21 वर्षीय एक व्यक्ति की गर्दन पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह पता नहीं चल सका है कि किस वस्तु से चोट लगी। उन्होंने कहा कि बरशैणी गांव के निवासी योगेश को उसके पिता और दोस्त बुधवार देर रात दो बजकर 40 मिनट पर कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में लाया गया घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि मृतक की गर्दन पर चोट के निशान थे । पुलिस के अनुसार, योगेश और उसके दोस्त बुधवार रात 11 बजकर 40 मिनट पर सैंट्रो कार में बैठकर सिगरेट पी रहे थे। पुलिस ने कहा, “अचानक से उन्होंने धमाके जैसी एक आवाज सुनी। योगेश रोने लगा और उसके गले से खून निकल रहा था।” दोस्तों ने योगेश के माता पिता को बुलाया और उसे अस्पताल ले गए लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि योगेश के शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि कार के बोनेट के बाएं हिस्से से एक चिंगारी निकली जो विंडस्क्रीन में छेद करते हुए योगेश की गर्दन पर लगी। पुलिस ने बताया कि कार में बैठे एक अन्य व्यक्ति की बांह पर ‘टुकड़ा' लगा जिससे वह घायल हो गया। मंडी से क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के एक दल ने घटनास्थल का दौरा किया और कार की जांच की। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है। उन्होंने कहा कि योगेश के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में कुल्लू पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
- मुजफ्फरनगर . मुजफ्फरनगर जिले के बुढाना क्षेत्र में एक खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से स्कूटी के टकराने से स्कूटी सवार एक होमगार्ड तथा उसके भतीजे की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि मेरठ जिले के सरूरपुर थाने में तैनात होमगार्ड तेजपाल कश्यप (50) अपने भतीजे अनिल कश्यप (28) के साथ गांव नगवा से सरूरपुर जा रहा था। रास्ते में मेरठ-करनाल राजमार्ग पर नगवा गांव के नजदीक उसकी स्कूटी एक खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से जा टकराई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तेजपाल और अनिल की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की है।
- कांकेर. जिले में सीमा सुरक्षा बल के जवान ने कथित तौर पर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। कांकेर जिले के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कामटेडा शिविर में बीएसएफ की 30वीं बटालियन के जवान उज्जवल नंदी (33) ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जानकारी के मुताबिक नंदी सुबह लगभग सात बजे अपने बैरक में था तब उसने खुद को गोली मार ली। जब शिविर में मौजूद अन्य जवानों को इस घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने इसकी सूचना अधिकारियों को दी और जवान को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि जवान पश्चिम बंगाल के नदिया जिले का रहने वाला था, उसके परिजन को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को कोयलीबेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके गृहग्राम भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि आत्महत्या के कारणों के संबंध में अभी तक जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
-
नई दिल्ली। ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने आज नई दिल्ली में आजादी से अंत्योदय अभियान का शुभारंभ किया। आजादी का अमृत महोत्सव के वर्ष भर के आयोजनों के तहत नब्बे दिन के इस अभियान का उद्देश्य 28 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 75 जिलों में नौ केन्द्रीय मंत्रालयों की लाभकारी योजनाओं को पहुंचाना है। ये जिले देश की आजादी के लिए प्राणों की आहुति देने वाले 99 स्वतंत्रता सेनानियों के जन्मस्थल से जुड़े हैं। अभियान का लक्ष्य 17 चुनिंदा योजनाओं को समाज में हाशिये पर रह रहे लोगों तक सीधे लाभ पहुंचाना है। विकास के मानकों में अत्यंत पिछड़े इन 75 जिलों को मासिक प्रति व्यक्ति आय के आधार और सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना के आंकड़ों के ज़रिये चुना गया है।
-
दीफू (असम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र से आफस्पा को पूरी तरह हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।यहां एक ‘‘शांति, एकता और विकास’’ रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पिछले आठ वर्षों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में सुधार आने के बाद हटाया जा सका है।
गौरतलब है कि केंद्र ने नगालैंड, असम और मणिपुर में आफस्पा के तहत आने वाले प्रभावित इलाकों को दशकों बाद एक अप्रैल से कम करने की घोषणा की थी।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ‘डबल इंजन’ सरकार का प्रभाव असम में स्थायी शांति और तेज गति से विकास के लौटने से दिखायी देता है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता ‘‘डबल इंजन’’ शब्द का इस्तेमाल पार्टी के केंद्र के साथ ही राज्य में भी सत्ता में रहने पर करते हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ने असम के कार्बी आंगलोंग और त्रिपुरा में शांति समझौते किए हैं जबकि पूरे क्षेत्र में स्थायी शांति लाने एवं तेज गति से विकास करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कार्बी आंगलोंग में पशु चिकित्सा विज्ञान और कृषि कॉलेजों तथा एक मॉडल सरकारी कॉलेज की नींव रखी।
-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर धार्मिक स्थलों से अब तक ‘अवैध' रूप से लगाए गए 11,000 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं और 35,000 लाउडस्पीकरों की ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज धीमी की गयी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बुधवार को बताया, "पूरे प्रदेश में धार्मिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए लाउडस्पीकर उतारने और वैध लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के सिलसिले में एक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार दोपहर तक 10923 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं और 35221 ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज अनुमन्य सीमा तक कम की गई है।" कार्रवाई के बारे में बताते हुए, कुमार ने कहा, "जो लाउडस्पीकर हटाए जा रहे हैं वे अनधिकृत हैं। वे लाउडस्पीकर जो जिला प्रशासन से उचित अनुमति के बिना लगाए गए हैं या जिन्हें अनुमति संख्या से अधिक लगाया गया हैं, उन्हें ‘अनधिकृत' श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।' उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकरों के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेशों को भी ध्यान में रखा जा रहा हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पिछले हफ्ते वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान दिए गए दिशा निर्देशों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। योगी ने कहा था कि हर किसी को अपनी-अपनी धार्मिक आस्था के हिसाब से पूजा और इबादत करने की आजादी है, लेकिन लाउडस्पीकर की आवाज परिसर के बाहर नहीं जानी चाहिए ताकि दूसरे लोगों को कोई परेशानी न हो। प्रदेश के गृह विभाग ने ‘अवैध' रूप से लगाए गए लाउडस्पीकर को हटाने की कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट आगामी 30 अप्रैल को मांगी है। पुलिस विभाग द्वारा बुधवार को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, लखनऊ जोन के जिलों में सबसे ज्यादा 2,395 लाउडस्पीकर हटाए गए, इसके बाद गोरखपुर (1,788), वाराणसी (1,366) और मेरठ (1204) जोन में हटाये गये हैं। लाउडस्पीकरों की आवाज कराने के मामले में, लखनऊ क्षेत्र 7,397 लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई के साथ सूची में सबसे ऊपर है, इसके बाद बरेली (6,257) और मेरठ (5,976) में लाउडस्पीकर की आवाज सीमित की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि लाउडस्पीकर हटाने का काम बिना किसी भेदभाव के किया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) सोमेन बर्मा ने बताया "अवैध लाउडस्पीकर हटाने का सिलसिला मंगलवार को शुरू किया गया था और यह अब भी जारी है। हम विभिन्न धर्मगुरुओं से तथा शांति समितियों के सदस्यों के साथ तालमेल कर इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। अभी तक हमें किसी भी तरह के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा है।'' -
नयी दिल्ली। भाजपा नीत दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे का सर्वेक्षण शुरू कर दिया है और महापौर मुकेश सुर्यन ने बुधवार को सरिता विहार, जैतपुर और मदनपुर खादर वार्ड का सर्वे किया । महापौर ने कहा कि सड़कों को ‘अवैध कब्जे' से मुक्त कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने भी कल्याणपुरी इलाके में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के पास सड़क किनारे बने कुछ कथित अवैध दुकानों को गिराया है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने एक बयान में कहा, ‘‘कल्याणपुरी में बुधवार को जिन दुकानों को गिराया गया वे अवैध तरीके से बनायी गयी थीं। अवैध कब्जे के खिलाफ हमारी कार्रवाई जारी रहेगी।'' एसडीएमसी के मेयर ने कहा कि ओखला, मदनपुर खादर, सरिता विहार, जैतपुर, लाजपत नगर, बदरपुर, ग्रेटर कैलाश, द्वारका, वसंत कुंज, विकासपुरी, शाहीन बाग आदि में सरकारी जमीनों, सड़कों और फुटपाथ पर अवैध कब्जा हटाने के लिए ‘एक महीने लंबी' योजना बनायी जाएगी।
- भोपाल । मध्यप्रदेश, नेशनल ऑटोमेटेड फिंगर प्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (एनएएफआईएस) के माध्यम से किसी अज्ञात मृत व्यक्ति की पहचान करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस मुख्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना है जिसके तहत देश के सभी राज्यों में एनएएफआईएस वर्कस्टेशन स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मप्र देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां एनएएफआईएस डेटाबेस के माध्यम से एक अज्ञात मृतक की पहचान की गई और हत्या के मामले के सुराग मिले। उन्होंने कहा, 24 अप्रैल को सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के रैयाराव के जंगल में एक अज्ञात शव पड़ा मिला था। सूचना के बाद सिवनी से निशान विशेषज्ञ रितु उइके ने मृत व्यक्ति के उंगलियों के निशान लिए और फिर जिले में एनएएफआईएस वर्कस्टेशन का इस्तेमाल किया।'' उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान लसुदिया अमरा निवासी ईश्वर सिंह के तौर पर हुई। अधिकारी ने बताया कि उसे 2017 में उज्जैन जिले के माकड़ोन थाने क्षेत्र में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
- लखनऊ | उत्तर प्रदेश सरकार ने कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने तथा बिना अनुमति विदेश यात्रा जाने के मामले में भारतीय पुलिस सेवा की 2008 बैच की अधिकारी अलंकृता सिंह को निलंबित कर दिया है। वह 20 अक्टूबर 2021 से अपने दफ्तर से बिना अधिकृत सूचना के गायब हैं और बिना अनुमति विदेश यात्रा पर गयी हैं । निलंबन की अवधि के दौरान वह पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध रहेंगी। उप्र के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 2008 बैच की आईपीएस अलंकृता सिंह ने 19 अक्टूबर 2021 की रात व्हाटसएप काल से अपर पुलिस महानिदेशक महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन को अवगत कराया था कि वह इस समय लंदन में हैं और तब से वह लगातार अनुपस्थित चल रही हैं । आदेश के मुताबिक पुलिस अधिकारी बगैर किसी प्रकार का अवकाश स्वीकृत कराये अपने कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित चल चल रही हैं । अवस्थी ने बताया कि कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में अलंकृता सिंह को निलंबित किया गया हैं ।
- नयी दिल्ली| केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को ओडिशा स्थित दो गैर- सरकारी संगठनों का ‘एफसीआरए' पंजीकरण निरस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई। ‘हैवनली ग्रेस मिनिस्ट्रीज' और ‘पीपुल्स आर्गेनाइजेशन फॉर एम्पावरमेंट ऑफ ट्राइबल' नामक संगठनों के विदेश से चंदा लेने पर पाबंदी लगा दी गई है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि इन दोनों संगठनों ने विदेशी चंदा विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) 2010 के प्रावधानों का उल्लंघन किया जिसके कारण इनका लाइसेंस रद्द कर दिया गया है।
- नयी दिल्ली| नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने बुधवार को अमेरिकी हिंद-प्रशांत कमान के कमांडर एडमिरल जॉन एक्विलिनो के साथ व्यापक बातचीत की। उनकी बातचीत में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामकता से उत्पन्न प्रमुख चुनौतियों और यूक्रेन संकट के क्षेत्रीय सुरक्षा पर संभावित प्रभावों पर जोर रहा। सूत्रों ने बताया कि शीर्ष अमेरिकी कमांडर ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की और दोनों के बीच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों के संबंध में चर्चा हुई। एडमिरल जॉन एक्विलिनो ‘रायसीना डायलॉग' कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भारत आए हैं।समझा जाता है कि दोनों कमांडरों ने द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग और हिंद-प्रशांत, दक्षिण चीन सागर और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों की व्यापक समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि दोनों कमांडरों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए रूस-यूक्रेन युद्ध के संभावित प्रभावों पर भी गौर किया। नौसेना प्रमुख ने ऑस्ट्रेलिया के रक्षा बल के प्रमुख जनरल अंगुस कैम्पबेल के साथ भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। थल सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने भी जनरल कैम्पबेल के साथ वार्ता की और इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तौर-तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया गया। ‘रायसीना डायलॉग' के एक सत्र में, एडमिरल एक्विलिनो ने रूस-यूक्रेन युद्ध का व्यापक रूप से जिक्र किया और कहा कि यह समान विचारधारा वाले देशों के लिए ऐसी चुनौतियों से निपटने की खातिर "तात्कालिता की भावना" के साथ तैयार होने का समय है। उन्होंने कहा, "यूक्रेन में हमने जो कुछ देखा, उससे हम सभी चिंतित हैं। हमने युद्ध शुरू करने के लिए अकारण कार्रवाई देखी। जब मैं वैश्विक सुरक्षा के नजरिए से देखता हूं तो यह बहुत ही चिंताजनक समय है।" एडमिरल एक्विलिनो ने यूक्रेन पर रूसी हमले को "अपने जीवन का सबसे खतरनाक समय" बताते हुए कहा, "हमें तत्परता के साथ तैयारी करने की जरूरत है।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत के देशों को ऐसी स्थिति से निपटने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर रूसी हमले को देखते हुए नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) अपनी ताकत बढ़ा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यह हिंद-प्रशांत के लिए एक अच्छा मॉडल हो सकता है।
- हजारीबाग| झारखंड के हजारीबाग जिले में 25 और 26 अप्रैल की मध्य रात्रि को गिरफ्तार पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट का एक नक्सली कोर्रा थाने की हाजत में शौचालय में फांसी पर लटकता पाया गया जिसके बाद पुलिस ने जिला न्यायाधीश से मामले की न्यायिक जांच कराने का अनुरोध किया है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने बुधवार को बताया कि पीएलएफआई का नक्सली नन्द किशोर महतो 25 और 26 अप्रैल की रात्रि को गिरफ्तार किया गया और उसे कोर्रा थाने में हिरासत में रखा गया जहां उसे सुबह हाजत के शौचालय में फांसी से लटकते पाया गया। उन्होंने बताया कि शौचालय के तमाम सामान टूटे पाये गये हैं जिससे उसकी मौत को लेकर संदेहास्पद स्थिति बन गयी है हालांकि मामला आत्महत्या का ही प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि मामला चूंकि पुलिस की हिरासत में मौत का है अतः नियमानुसार हजारीबाग के जिला एवं सत्र न्यायाधीश से इसकी न्यायिक जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
- नयी दिल्ली | छात्रों और अभिभावकों के लिए सीबीएसई की मुफ्त मनोवैज्ञानिक परामर्श सेवा ने 25वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) छात्रों को परीक्षा संबंधी तनाव से निपटने में मदद के लिए परामर्श सेवा उपलब्ध कराती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि छात्रों और अभिभावकों को विभिन्न तरीकों से मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने का सीबीएसई का कार्यक्रम अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर गया। उन्होंने बताया कि बोर्ड वर्ष 1998 से लगातार दो चरणों में - परीक्षा से पहले और नतीजों के बाद - निशुल्क मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध करवा रहा है। अधिकारी ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रखना है। उन्होंने कहा कि देश में संभवत: सीबीएसई ही एकमात्र ऐसा बोर्ड है जो विभिन्न तरीकों से यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है।--
-
मोतिहारी । बिहार के पूर्वी चंपारण जिला के छौडादानो थाना अंतर्गत चैनपुर गांव में नीबू तोड़ने के विवाद में एक विवाहिता के साथ उसकी सास और दो ननदों ने बुधवार को मारपीट की तथा गला दबाकर कथित रूप से उसकी हत्या कर दी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी। छौडादानो थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मरने वाली महिला की पहचान काजल देवी (28) के तौर पर की गयी है जो चैनपुर गांव निवासी सुनील बैठा की पत्नी है। उन्होंने बताया कि मृतका के सिर पर चोट एवं गले में रस्सी का निशान पाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय मोतिहारी स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मरने वाली महिला का पति और ससुर प्रदेश के बाहर काम करते हैं और वारदात के समय घर में मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि आरोपी सास और दोनों ननद फरार हैं। उन्होंने बताया कि मरने वाली महिला के मायके वालों को सूचित कर दिया गया है ।
-
नयी दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि केंद्र ने 31, मार्च 2022 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए राज्यों को आठ महीने का जीएसटी क्षतिपूर्ति बकाया पहले ही जारी कर दिया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार ने आठ महीने का जीएसटी क्षतिपूर्ति बकाया जारी कर दिया है और उपकर कोष में अपर्याप्त राशि होने के कारण 78,704 करोड़ रुपये लंबित हैं। मंत्रालय ने कहा कि आम तौर पर किसी भी वित्त वर्ष के लिए दस महीने (अप्रैल से जनवरी) के लिये जीएसटी क्षतिपूर्ति जारी की जाती है। जबकि फरवरी-मार्च के लिये क्षतिपूर्ति अगले वित्त वर्ष में दी जाती है। मंत्रालय के अनुसार, ‘‘वित्त वर्ष 2021-22 के दस में से आठ महीनों के लिए राज्यों का जीएसटी क्षतिपूर्ति जारी कर दी गयी है। लंबित राशि भी तब जारी की जाएगी जब उपकर कोष में प्राप्त राशि होगी।
-
जयपुर। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 25 अप्रैल को शारजहा से आये एक यात्री के बैग से करीब पांच किलोग्राम सोना जब्त किया जिसे प्रेस और दो हथोड़ो में छिपाकर लाया गया था। सोने की बाजार में कीमत करीब दो करोड़ 62 लाख रूपये आंकी गई है। निदेशालय सूत्रों के अनुसार 25 अप्रैल को शारजहा से जयपुर आये विमान में सवार कुछ यात्रियों का सामान अगले दिन 26 अप्रैल को देर रात जयपुर पहुंचा था। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर रात पहुंचे यात्रियों के सामान में से एक बैग की जांच के दौरान प्रेस और दो लोहे के हथोड़ो से कुल पांच किलोग्राम सोना बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि सोने की बाजार में कीमत दो करोड 62 लाख आंकी गई है। उन्होंने बताया कि प्रेस में तीन किलो सोना छिपाकर रखा गया था जबकि दो लोहे के हथोडों में एक एक किलोग्राम सोना प्रत्येक में से बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि यात्री की पहचान कर ली गई हैं और उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
-
लखनऊ। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास की तबीयत स्थिर और संतोष जनक है । अस्पताल ने बुधवार को इसकी जानकारी दी । अयोध्या निवासी 83 वर्षीय दास को गुर्दे की पुरानी बीमारी है और उन्हें मूत्र संक्रमण और कमजोरी के बाद रविवार को अयोध्या से यहां मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेदांता अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ राकेश कपूर ने बुधवार को जारी एक मेडिकल बुलेटिन में कहा, "श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को पेशाब में संक्रमण होने और सामान्य कमजोरी की वजह से क्रिटिकल केयर टीम की निगरानी में मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति में सुधार देखा गया तथा तबीयत अभी स्थिर और संतोषजनक है।" उन्होंने कहा कि आज उनकी स्थिति स्थिर और संतोषजनक है तथा उन्हें क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों और यूरोलॉजी टीम की निगरानी में रखा गया है।
-
ग्वालियर (मप्र),। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूटर की टक्कर में कम से कम दो लड़कों की मौत हो गयी जिनकी उम्र 11 और 12 साल बतायी जा रही है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । बहौदापुर थाना प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि बुधवार को घोशीपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा जाने की घटना में स्कूटर सवार दो लड़कों की मौत हो गयी । उन्होंने कहा कि लड़कों की पहचान अलीम (11) और रेहान खान (12) के रूप में हुई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई । उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया । उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
-
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार के नवनियुक्त प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह से मुलाकात की और प्रौद्योगिकी तथा उचित फंडिंग के माध्यम से स्टार्टअप (कंपनियों) को दीर्घकाल तक संचालित करने के वास्ते रोडमैप बनाने पर चर्चा की। मंत्री ने सूद से एक मसौदा नीति बनाने को कहा ताकि संभावित स्टार्टअप की पहचान की जा सके और उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (बीआईआरएसी) व प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड जैसे संगठनों से सहायता दी जा सके। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सूद ने स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए उद्योग जगत का साथ लेने पर भी चर्चा की। इसके अलावा मंत्री ने ‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एकीकृत दृष्टिकोण' के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के साथ विमर्श किया।
- कोटा. राजस्थान के बारां जिले के छीपाबड़ौद में अपने साढ़े तीन साल के बेटे की पीट-पीट कर हत्या करने के आरोप में बुधवार को 26 वर्षीय एक युवती को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अनिल जाटव ने अपनी पत्नी आरोपी गायत्री जाटव के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद आरोपी गायत्री को गिरफ्तार किया गया। शिकायत के अनुसार, सोमवार को जब अनिल मजदूरी कर के घर लौटा तब उसने अपने बेटे को मृत अवस्था में पाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवती मानसिक रूप से बीमार है। छीपाबड़ौद पुलिस थाने के प्रभारी रवींद्र सिंह ने कहा कि जाटव ने मंगलवार को अपनी आरोपी पत्नी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई जिसमें कहा गया कि आरोपी गायत्री ने सोमवार को कमरा अंदर से बंद कर बेटे कान्हा को पीटा। मृतक के पिता ने शिकायत में कहा कि जब वह शाम को मजदूरी कर के लौटा तब उसने बेटे को अचेत अवस्था में पाया। एसएचओ ने कहा कि अनिल जब अपने बेटे को अस्पताल ले गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोपी गायत्री को रोकने की कोशिश की लेकिन उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। पीटने के कारण कुछ देर बाद बच्चे की मौत हो गई। सिंह ने कहा कि आरोपी गायत्री जाटव के विरुद्ध भरतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और बच्चे के शव को पोस्ट मॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। सिंह ने कहा कि इससे पहले पुलिस ने दो बा रआरोपी गायत्री को बच्चे को पीटने से रोका था।
- बांदा . उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की महामंत्री और जिला पंचायत सदस्य श्वेता सिंह गौर ने बुधवार दोपहर को अपने आवास में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बांदा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की जिला स्तरीय महामंत्री और जसपुरा क्षेत्र के वार्ड संख्या-14 की सदस्य श्वेता सिंह गौर (35) का शव बुधवार दोपहर उनके इंदिरा नगर स्थित निजी आवास में फांसी के फंदे पर लटका पाया गया है, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।


























.jpeg)
