- Home
- देश
- नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने तीन बच्चियों को यहां बापा नगर में रहने वाले उनके परिवार से मिलवाया है। वे अपने एक रिश्तेदार के यहां से घर लौटते समय गुम हो गई थीं। सबसे बड़ी बहन की उम्र महज़ 11 साल है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ये बहनें बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे वज़ीराबाद में मिली थीं और उनके घर का पता लगाने में पुलिस को सिर्फ तीन घंटे लगे। पुलिस ने उनके घर का पता लगाने के लिए गूगल की तस्वीरों की भी मदद ली। पुलिस ने बताया कि बच्चियों के बारे में उन्हें सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल शिवराज और कांस्टेबल विकास और तनू की टीम सहायक उपनिरीक्षक विनोद वालिया के नेतृत्व में उनसे मिली। उन्होंने बताया कि 11 वर्षीय बच्ची ने पुलिस को बताया कि उनका घर बापा नगर में है और घर के पास एक मंदिर है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टीम ने उन्हें बापा नगर इलाके में स्थित कुछ मंदिरों की तस्वीरें गूगल पर दिखाईं और बच्ची ने एक मंदिर को पहचान लिया। अधिकारी ने बताया, “ जब हम बापा नगर में एक सड़क से गुजर रहे थे तो बच्ची ने उस इलाके को पहचान लिया जहां वह रहती है। इसके बाद एक दुकानदार ने बच्चियों की पहचान की और उनका घर दिखाया।” टीम को घर पर उनका 35 वर्षीय पिता वीरेंद्र गुप्ता, उनकी पत्नी और एक बेटा मिला। लापता बेटियों के बारे में पूछे जाने पर, गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें इसकी जानकारी थी लेकिन वह उन्हें ढूंढ नहीं सके क्योंकि उनकी हाल में सर्जरी हुई थी और वह बीमार हैं। अधिकारी ने कहा, उस व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों के जरिए अपनी बेटियों को तलाश करने की कोशिश की।गुप्ता ने कहा कि वह बिहार से हैं और इलाके के साप्ताहिक बाजार में कपड़े बेचते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी, उनके गृहनगर में रहती थीं और मानसिक रूप से बीमार हैं और हाल में अपने चारों बच्चों के साथ दिल्ली आयी हैं। पुलिस ने कहा कि दंपति का झगड़ा हुआ और व्यक्ति ने अपनी बेटियों को वजीराबाद में एक रिश्तेदार के घर छोड़ दिया क्योंकि उनके घर में जगह की कमी थी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद बच्चियां अपने घर जाने के लिए वहां से निकल गईं और रास्ते में गुम हो गईं।
- बीड। महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार को अंबाजोगाई-लातूर रोड पर एक ट्रक तथा राज्य परिवहन निगम की एक बस में भिड़ंत हो गई जिससे चार व्यक्तियों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना नंदगांव गांव के पास हुई जब लातूर से औरंगाबाद जा रही बस, एक अन्य वाहन से आगे निकलने के चक्कर में ट्रक से भिड़ गई। अधिकारी ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक मशीनें लेकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रहा था। बरदापुर पुलिस थाने के निरीक्षक अशोक खरात ने कहा, “बस चालक समेत चार लोगों और एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 72 वर्षीय एक महिला भी शामिल है। घायल हुए 14 लोगों को अंबाजोगाई के स्वामी रामानंद तीर्थ सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पांच की हालत नाजुक है।” उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए यात्रियों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं।
- उमरिया (मप्र) । मध्य प्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के बफर जोन एक बाघ शावक का शव मिला है। अधिकारियों को संदेह है कि यह बाघों की लड़ाई में मारा गया है। उप संचालक बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य लवित भारती ने रविवार को बताया कि 11 माह के इस बाघ शावक का शव शनिवार को वन परिक्षेत्र मानपुर बफर जोन के मझौली बीट में मिला है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन पहले बाघों के आपसी लड़ाई की आवाज सुनने पर स्थानीय कर्मचारियों द्वारा वन क्षेत्रों की सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा था और इस दौरान यह शावक मृत अवस्था में मिला। भारती ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या इस बाघ शावक की मौत बाघों में आपसी लड़ाई में हुई है और विस्तृत जांच जारी है।
- नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक शख्स का स्कूटर एक बाइक से टकरा जाने के बाद हुए विवाद के चलते बाइक सवार तीन लोगों ने उसकी कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि वारदात शुक्रवार को हुडकेश्वर इलाके में हुई। उसने बताया कि जितेंद्र विकास चोपड़े (25) सड़क किनारे स्थित एक भोजनालय से रात्रि भोज करके अपने एक दोस्त के साथ स्कूटर पर जा रहा था। हुडकेश्वर थाने के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि चंद्रकिरण नगर में उसका स्कूटर आरोपियों की बाइक से टकरा गया। चोपड़े ने एक आरोपी से कथित रूप से अपशब्द कहे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि तीन लोगों ने चोपड़े पर धारदार हथिहार से हमला किया और उसके दोस्त को भी जख्मी कर दिया। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चोपड़े की मौत हो गई और उसके दोस्त का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि तीन आरोपियों में से दो वयस्क भाई हैं जबकि एक किशोर है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया और किशोर को हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ हत्या और भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि चोपड़े के परिवार के सदस्यों ने शनिवार को शव को हुडकेश्वर थाने के बाहर रखकर, घटना में कथित रूप से शामिल दो और लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।
- अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद जिले के ढोलका कस्बे के निकट एक मिनीवैन और एक अज्ञात वाहन की टक्कर हो जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हो गए। ढोलका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि कुछ लोग वैन में सवार होकर वडोदरा से बोटाद जिले के एक मंदिर जा रहे थे, तभी राज्य के एक राजमार्ग पर शनिवार शाम यह हादसा हुआ। अधिकारी ने कहा, ‘‘तेज गति से चल रही मिनीवैन ने एक अन्य वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य 10 यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।'' मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि मृतकों में वैन का चालक भी शामिल है। पुलिस अभी उस वाहन की पहचान नहीं कर पाई है, जिसे वैन ने टक्कर मारी थी। पुलिस ने बताया कि हताहतों की आयु 27 से 48 वर्ष के बीच है।
- जयपुर। राजस्थान में सीकर जिले के फतेहपुर सदर थाने के अंतर्गत शनिवार शाम को एक युवक- युवती ने पेड़ से फंदा लगाकर कथित आत्महत्या कर ली। थानाधिकारी लक्ष्मीनारायण ने रविवार को बताया कि जयपुर के आमेर थाना निवासी लोकेश मीणा (साढे 19 वर्ष) और सपना योगी (19) ने शनिवार देर शाम फतेहपुर सालासर राजमार्ग पर एक खेत में खेजडी के पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर कथित आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि युवती सपना योगी की छह माह पहले शादी हुई थी, लेकिन वह पिछले कई महीनों से अपनी मौसी के यहां रह रही थी। लक्ष्मीनारायण ने बताया कि मृतक लोकेश भी पड़ोस में रहता था और दोनों के बीच पिछले कुछ माह से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन्होंने बताया कि मृतक युवक ने आत्महत्या करने से पहले अपनी बुआ के लड़के को उस स्थान का लोकेशन मोबाइल पर भेजा था जहां पर दोनो ने आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि लोकेशन के आधार पर मृतक के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और दोनो के शवों को एक पेड़ पर लगे फंदे से लटका पाया। उन्होंने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में भारतीय दंड प्रकिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़े बाल एवं लंबी मूंछें रखने पर एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। मध्य प्रदेश के सहायक पुलिस महानिरीक्षक प्रशान्त शर्मा ने इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी किये, जो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शर्मा मध्य प्रदेश सहकारी धोखाधड़ी एवं लोक सेवा गारंटी के सहायक पुलिस महानिरीक्षक हैं और यहां पुलिस मुख्यालय में पदस्थ हैं। शर्मा ने रविवार को ‘ एक न्यूज़ एजेंसी ' से बतचीत में इस निलंबन की पुष्टि भी की है।उन्होंने कहा कि निलंबित किया गया कांस्टेबल राकेश राणा भोपाल में पुलिस के मोटर ट्रांसपोर्ट पूल (एम टी पूल) में पदस्थ हैं और सहकारी धोखाधड़ी एवं लोक सेवा गारंटी के विशेष पुलिस महानिदेशक के वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। शर्मा ने बताया, ‘‘उसका हुलिया अत्यधिक खराब दिखाई दे रहा है। उसे अपन हुलिया ठीक करने हेतु बाल एवं मूंछ उचित ढंग से कटवाने हेतु निर्देश दिये गये। लेकिन, उसने इस आदेश का पालन नहीं किया एवं बाल एवं मूंछ जस के तस रखने की हठ बनाये रखा।'' उन्होंने कहा कि यह वर्दी नियमों के तहत अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है तथा इस कृत्य का अन्य कर्मचारियों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। शर्मा ने बताया, ‘‘इसलिए राणा को सात जनवरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।''वहीं, राणा ने एक टीवी चैनल से कहा, ‘‘आज से पहले भी कई पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने मूंछें रखी हैं और देखने में भी आया है कि मूंछों में जवान बहुत अच्छे एवं स्मार्ट लगते हैं। मैं वर्दी में रहता हूं और पिछले एक साल से ड्यूटी कर रहा हूं, लेकिन तब किसी ने कोई सवाल नहीं उठाया।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं निलंबन का सामना कर सकता हूं, लेकिन मूंछें नहीं कटवा सकता, क्योंकि यह मेरे आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान से भी जुड़ी है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली सरकार ने रविवार को यह कहते हुए प्रवासी श्रमिकों एवं व्यापारियों का डर कम करने का प्रयास किया कि रोजी-रोटी बचाने के लिए उसकी कोशिश है कि लॉकडाउन नहीं लगे और कम से कम कोविड पाबंदियां लगायी जायें। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 रोजाना मामले तेजी से बढ़े हैं। प्रवासी श्रमिकों को 2020 तथा पिछली कोविड लहर की भांति लॉकडाउन लग जाने का अंदेशा है, ऐसे में उन्हें अपनी कमाई पर गहरी मार पड़ने एवं गंभीर वित्तीय संकट में फंस जाने का डर सता रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया कि अस्पतालों में मरीजों की भर्ती की दर कम है और यदि सभी लोग मास्क लगाते हैं तो लॉकडाउन की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ कोविड के बढ़ते मामले चिंता का विषय है लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। बहुत कम लोग अस्तपाल में भर्ती किये जा रहे हैं । मास्क लगाना महत्वपूर्ण है। यदि आप मास्क लगाते रहेंगे तो लॉकडाउन नहीं होगा। फिलहाल लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है।'' दिल्ली सरकार कोरोना वायरस के प्रसार को थामने के लिए पहले ही रात्रिकर्फ्यू और सप्ताहांत कर्फ्यू समेत कई पाबंदियां घोषित कर चुकी हैं। केजरीवाल ने कहा कि वह और दिल्ली के राज्यपाल एवं केंद्र कोविड की स्थिति पर कड़ी नजर बनाये हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी कोशिश कम से कम पाबंदियां लगाना है ताकि रोजीरोटी प्रभावित न हो।'' दिल्ली में शनिवार को कोविड के 20181 मामले सामने आये और सात मरीजों की जान चली गयी। शुक्रवार को 17335 कोविड-19 मामले सामने आये थे। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बार बार कहा है कि ज्यादातर कोविड-19 मरीज हल्के या बिना लक्षण वाले हैं और उन्हें अस्पताल लाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। फिलहाल 48178 मरीज उपचाराधीन हैं। अस्पतालों में बस 1480 मरीज हैं। मध्य दिल्ली में एक सरकारी निर्माण परियोजना में काम कर रहे सुधान मंडल (33) ने कहा, ‘‘ (अरविंद) केजरीवाल ने कहा है कि लॉकडाउन नहीं लगेगा। सप्ताहांत कर्फ्यू को तो संभल जाएगा। मैं आशा करता हूं कि स्थिति नहीं बिगड़ेगी।'' सुधान 2020 के लॉकडाउन में पश्चिम बंगाल के मालदा में अपने घर चला गया था। यहां रिक्शा चला रहे झारखंड के साहिबगंज के स्वप्न जाधव (35) ने कहा, ‘‘ मेरे परिवार में चार बच्चों समेत छह सदस्य हैं । पिछले दो लॉकडाउन के दौरान मैं गांव चला गया था लेकिन वहां भी बमुश्किल काम मिला। मैं सप्ताहांत कर्फ्यू से तो किसी तरह निपट लूंगा लेकिन पूर्ण लॉकडाउन हमारी कमर तोड़ देगा।
- गाजीपुर (उत्तर प्रदेश)। गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि कुलदीप राम (21) और उसका भांजा सूरज राम (23) शनिवार देर रात मोटरसाइकिल से घर वापस आ रहे थे, रास्ते में दुल्लहपुर क्षेत्र के बड़ागांव स्थित बिथरिया मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
- नयी दिल्ली। आयुष मंत्रालय 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन 75 लाख लोगों के लिये वैश्विक सूर्य नमस्कार प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करेगा। आयुष मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि ‘सूर्य नमस्कार' सूर्य की प्रत्येक किरण के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए सूर्य को प्रणाम के रूप में किया जाता है, क्योंकि वह सभी जीवों का पोषण करता है। मंत्रालय ने बयान में कहा है कि वैज्ञानिक दृष्टि से, सूर्य नमस्कार को प्रतिरक्षा विकसित करने और जीवन शक्ति में सुधार करने के लिए जाना जाता है, जो महामारी की आज की इस स्थिति में लोगों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। सूर्य के संपर्क में आने से मानव शरीर को विटामिन डी मिलता है, जिसे दुनिया भर की सभी चिकित्सा शाखाओं में व्यापक रूप से मान्यता मिली है। बयान के अनुसार, सूर्य नमस्कार के सामूहिक प्रदर्शन का उद्देश्य इसके जरिए जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग का संदेश भी देना है। आज की दुनिया में जहां जलवायु जागरूकता जरूरी है वहीं, दैनिक जीवन में सौर ई-ऊर्जा (हरित ऊर्जा) के इस्तेमाल से कार्बन उत्सर्जन में काफी कमी आएगी, जिससे पृथ्वी को खतरा है। बयान में कहा गया है, ‘‘इसके अलावा, यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत में मकर संक्रांति के महत्व को रेखांकित करेगा।'' सूर्य नमस्कार शरीर और मन के समन्वय के साथ 12 चरणों में किए जाने वाले आठ आसनों का एक समूह है। इसे ज्यादातर प्रात: काल में किया जाता है।
- कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने रविवार को कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच उसने लोगों से सुचारू रूप से संपर्क स्थापित करने की खातिर हर थाने में व्हाट्सएप सुविधा के साथ मोबाइल फोन सेवा की शुरुआत की है। महानगर में शनिवार को संक्रमण के 7337 नए मामले सामने आए और सात लोगों की मौत हो गई। पिछले कुछ हफ्ते में कई पुलिसकर्मी भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। कोलकाता पुलिस ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘‘लोग इन नंबर पर जरूरत पड़ने पर कभी भी संपर्क कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर रविवार शाम एक उच्च स्तरीय बैठक में वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। यह जानकारी सरकारी सूत्रों ने दी।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से हुई इस बैठक में कोविड-19 की ताजा स्थिति की समीक्षा की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोविड-19 के नये स्वरूप ओमीक्रोन से संक्रमण के 552 नए मामले सामने आने के बाद रविवार को देश इससे संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 3,623 हो गई है। मंत्रालय के सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,59,632 नए मामले सामने आए, जो पिछले 224 दिन में सामने आए सर्वाधिक दैनिक मामले हैं। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 5,90,611 हो गई है, जो करीब 197 दिन में सर्वाधिक है। देश में पिछले 24 घंटे में 327 लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,83,790 हो गई है। ओमीक्रोन के 3,623 मामलों में से 1,409 लोग या तो देश से बाहर चले गए हैं या स्वस्थ हो गए हैं। महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के सर्वाधिक 1,009 मामले सामने आए। इसके बाद दिल्ली में 513, कर्नाटक में 441, राजस्थान में 373, केरल में 333 और गुजरात में 204 मामले सामने आए। देश में इससे पहले पिछले साल 29 मई को संक्रमण के 1,65,553 मामले सामने आए थे।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए गर्भवती महिलाओं और केंद्र सरकार के दिव्यांग कर्मचारियों को कार्यालय जाने से छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उपलब्ध रहना होगा और घर से काम करना होगा।कार्मिक राज्यमंत्री सिंह ने कहा कि कोविड निरूद्ध क्षेत्र में रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी तब तक कार्यालय जाने से छूट दी गई है जब तक कि निरूद्ध क्षेत्र को गैर अधिसूचित नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि अवर सचिव स्तर से नीचे के सरकारी कर्मचारियों की कार्यालय में उपस्थिति वास्तविक क्षमता के 50 फीसदी तक सीमित कर दी गई है और शेष 50 फीसदी घर से काम करेंगे। यह जानकारी कार्मिक मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी बयान में दी गई। सिंह ने कहा कि सभी संबंधित विभागों द्वारा इसी मुताबिक रोस्टर तैयार किया जाएगा।बहरहाल, उन्होंने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय नहीं आ रहे हैं और घर से काम कर रहे हैं, वे हर समय टेलीफोन और संचार के अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए उपलब्ध रहेंगे। दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के कारण सात लोगों की मौत हो गई और संक्रमण के 20,181 मामले सामने आए। साथ ही संक्रमण दर बढ़कर 19.60 फीसदी हो गई। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार देश भर में एक दिन में संक्रमण के 1,59,632 मामले आए हैं और 327 लोगों की मृत्यु हुई है। सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस के तेजी से प्रसार को देखते हुए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने आदेश जारी किया है कि जहां तक संभव हो, आधिकारिक बैठक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से किए जाएं। उन्होंने बताया कि इसी तरह बहुत जरूरी नहीं होने पर किसी से मुलाकात से बचा जाना चाहिए। कार्यालय परिसर में अधिक भीड़भाड़ से बचने के लिए अधिकारी और कर्मचारी दो पालियों -- सुबह नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे और सुबह दस बजे से शाम साढ़े छह बजे तक काम करेंगे।
- जम्मू। जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी सुचेतगढ़ चौकी पर हर सप्ताहांत आयोजित होने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के ''बीटिंग रिट्रीट समारोह'' को कोरोना वायरस मामलों में वृद्धि के कारण अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। सीमा पर्यटन संवर्धन कार्यक्रम के तहत पिछले साल अक्टूबर में शुरू किये गए समारोह को देखने के लिये बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों समेत आगंतुक आते हैं। जम्मू संभागीय प्रशासन ने कहा, “कोविड संक्रमण के मामलों में वृद्धि और कोविड से संबंधित नवीनतम एसओपी / दिशानिर्देशों के मद्देनजर, आज (रविवार) से अगले आदेश तक बीटिंग रिट्रीट समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा।
- नयी दिल्ली। जन धन योजना के तहत खोले गए बैंक खातों में जमा राशि का आंकड़ा 1.5 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। सरकार ने यह योजना साढ़े सात साल पहले शुरू की थी। वित्त मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई) के तहत खातों की संख्या 44.23 करोड़ पर पहुंच चुकी है। इन खातों में जमा राशि का 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने वाली इस योजना ने पिछले साल अगस्त में क्रियान्वयन के सात साल पूरे किए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में जनधन योजना शुरू करने की घोषणा की थी। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कुल 44.23 करोड़ जन धन खातों में से 34.9 करोड़ खाते सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में और 8.05 करोड़ खाते क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में हैं। शेष 1.28 करोड़ खाते निजी क्षेत्र के बैंकों में खोले गए हैं। इसके अलावा पीएमजेडीवाई के 31.28 करोड़ लाभार्थियों को रुपे कार्ड जारी किया गया है।यहां उल्लेखनीय है कि समय के साथ रुपे कार्ड की संख्या और इसका इस्तेमाल बढ़ा है। इस योजना के पहले साल में 17.90 करोड़ खाते खोले गए थे। किसी खाताधारक द्वारा किए गए लेनदेन के आधार पर जन धन खातों में शेष या बैलेंस रोजाना के आधार पर बदल सकता है। किसी दिन खाते में ‘बैलेंस' शून्य पर भी आ सकता है। सरकार ने पिछले महीने संसद को सूचित किया था कि आठ दिसंबर, 2021 तक जन धन खातों में शून्य शेष या बैलेंस वाले खातों की संख्या 3.65 करोड़ थी। यह कुल जन धन खातों का 8.3 प्रतिशत बैठता है। आंकड़ों के अनुसार, 29.54 करोड़ जन धन खाते ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी बैंक शाखाओं में हैं। 29 दिसंबर, 2021 तक कुल जन धन खाताधारकों में से 24.61 करोड़ महिलाएं थीं।
- नयी दिल्ली। बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) पर बिजली उत्पादक कंपनियों (जेनको) का बकाया जनवरी, 2022 में सालाना आधार पर 4.4 प्रतिशत बढ़कर 1,21,030 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। जनवरी, 2021 तक डिस्कॉम पर बिजली वितरण कंपनियों का बकाया 1,15,904 करोड़ रुपये था। पेमेंट रैटिफिकेशन एंड एनालिसिस इन पावर प्रोक्यूरमेंट फॉर ब्रिंगिंग ट्रांसपैरेंसी इन इन्वॉयसिंग ऑफ जेनरेशन (प्राप्ति) पोर्टल से यह जानकारी मिली है। जनवरी, 2022 में डिस्कॉम पर कुल बकाया पिछले महीने यानी दिसंबर, 2021 की तुलना में भी बढ़ा है। दिसंबर में यह 1,15,462 करोड़ रुपये था। बिजली उत्पादकों तथा डिस्कॉम के बीच बिजली खरीद लेनदेन में पारदर्शिता लाने के लिए प्राप्ति पोर्टल मई, 2018 में शुरू किया गया था। जनवरी, 2022 तक 45 दिन की मियाद या ग्रेस की अवधि के बाद भी डिस्कॉम पर कुल बकाया राशि 1,01,357 करोड़ रुपये थी। यह एक साल पहले समान महीने में 99,650 करोड़ रुपये थी। दिसंबर, 2021 में डिस्कॉम पर कुल बकाया 99,981 रोड़ रुपये था। बिजली उत्पादक कंपनियां डिस्कॉम को बेची गई बिजली के बिल का भुगतान करने के लिए 45 दिन का समय देती हैं। उसके बाद यह राशि पुराने बकाये में आ जाती है। ज्यादातर ऐसे मामलों में बिजली उत्पादक दंडात्मक ब्याज वसूलते हैं। बिजली उत्पादक कंपनियों को राहत के लिए केंद्र ने एक अगस्त, 2019 से भुगतान सुरक्षा प्रणाली लागू है। इस व्यवस्था के तहत डिस्कॉम को बिजली आपूर्ति पाने के लिए साख पत्र देना होता है। केंद्र सरकार ने बिजली वितरण कंपनियों को भी कोविड-19 महामारी की वजह से कुछ राहत दी है। भुगतान में देरी के लिए डिस्कॉम पर दंडात्मक शुल्क को माफ कर दिया गया है। सरकार ने मई, 2020 में डिस्कॉम के लिए 90,000 करोड़ रुपये की नकदी डालने की योजना पेश की थी। इसके तहत बिजली वितरण कंपनियां पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) तथा आरईसी लिमिटेड से सस्ता कर्ज ले सकती हैं। बाद में सरकार ने इस पैकेज को बढ़ाकर 1.2 लाख करोड़ रुपये और उसके बाद 1.35 लाख करोड़ रुपये कर दिया। आंकड़ों से पता चलता है कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड और तमिलनाडु की बिजली वितरण कंपनियों का उत्पादक कंपनियों के बकाये में सबसे अधिक हिस्सा है। भुगतान की मियाद समाप्त होने के बाद जनवरी, 2022 तक डिस्कॉम पर कुल बकाया 1,01,357 करोड़ रुपये था। इसमें स्वतंत्र बिजली उत्पादकों का हिस्सा 54.56 प्रतिशत है। वहीं, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की जेनको का बकाया 22.43 प्रतिशत है। सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों में अकेले एनटीपीसी को ही डिस्कॉम से 4,298.32 करोड़ रुपये वसूलने हैं। उसके बाद एनपीसीआईएल कुडनकुलम परमाणु बिजली संयंत्र को 2,745.21 करोड़ रुपये, डीवीसी को 2,447.83 करोड़ रुपये और एनएलसी इंडिया को बिजली वितरण कंपनियों से 2,206.86 करोड़ रुपये वसूलने है। निजी बिजली उत्पादक कंपनियों में अडाणी पावर का बकाया 26,648.56 करोड़ रुपये, बजाज समूह की ललितपुर पावर जेनरेशन कंपनी का 4,966.09 करोड़ रुपये है। वहीं गैर-परंपरागत ऊर्जा स्रोतों मसलन सौर और पवन ऊर्जा कंपनियों का बकाया 19,651.15 करोड़ रुपये है।
- हैदराबाद। अभिनेता महेश बाबू के बड़े भाई और अभिनेता कृष्णा के बड़े बेटे घट्टामनेनी रमेश बाबू का स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण शनिवार रात निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। रमेश बाबू के परिवार के निकटवर्ती सूत्रों ने उनके निधन की जानकारी दी। महेश बाबू एंटरटेनमेंट के आधिकारिक ट्विटर हैंडल जीएमबी एंटरटेनमेंट ने शनिवार रात कहा, ‘‘हम बहुत दु:ख के साथ अपने प्रिय घट्टामनेनी रमेश बाबू गारु के निधन की जानकारी देते हैं। वह हमारे हृदय में सदैव जीवित रहेंगे। रमेश बाबू ने अपने पिता कृष्णा की फिल्मों से एक बाल कलाकार के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी और बाद में उन्होंने कई फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा और ‘अर्जुन' और ‘अतिथि' जैसी फिल्मों का निर्माण किया। अभिनेता चिरंजीवी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री जी रमेश बाबू के निधन की सूचना के स्तब्ध और बहुत दु:खी हूं। मैं श्री कृष्णा गारु, महेश और उनके परिवार के सभी सदस्यों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर इस त्रासदीपूर्ण क्षति से निपटने की परिवार को शक्ति प्रदान करे।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रवासी भारतीय दिवस' पर भारतीय प्रवासियों की प्रशंसा करते हुए रविवार को कहा कि इस समुदाय ने दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाई है और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। भारत के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान के सम्मान में हर साल नौ जनवरी को ‘प्रवासी भारतीय दिवस' मनाया जाता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी देश के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व करने के लिए नौ जनवरी, 1915 को दक्षिण अफ्रीका से भारत आए थे। मोदी ने ट्वीट किया, प्रवासी भारतीय दिवस की सभी को, विशेषकर प्रवासी भारतीयों को शुभकामनाएं। हमारे प्रवासी भारतीय समुदाय ने दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाई है और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसी के साथ, वे अपनी जड़ों से जुड़े रहे हैं। हमें उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।
- नई दिल्ली। स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं तथा अन्य रोगों से ग्रस्त 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड रोधी बूस्टर डोज लगाने का काम कल 10 जनवरी से शुरू हो जाएगा। केन्द्र ने इस बारे में जारी दिशा-निर्देशों में बताया है कि बूस्टर डोज के लिए नए सिरे से पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है। जिन लोगों को कोरोना वैक्सीन के दो डोज लग चुके हैं वे समय लेकर या सीधे कोविड टीकाकरण केन्द्र जाकर यह एहतियाती डोज लगवा सकते हैं। समय लेने की ऑनलाइन प्रक्रिया कल से शुरू हो गई। चुनाव ड्यूटी के लिए लगाए गए लोगों को अग्रिम पंक्ति का कार्यकर्ता माना जाएगा और उन्हें कल से बूस्टर डोज मिलने लगेगी। केन्द्र पहले ही कह चुका है कि ऐहतियात के तौर पर लगाये जाने वाली तीसरी डोज में वही वैक्सीन लगाई जाएगी जो पहले दो डोज में लगायी गई थी। इस सप्ताह के शुरू में सरकार ने 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण आरंभ किया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को घोषणा की कि सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह के चारों बेटों को श्रद्धांजलि देने के लिए इस साल से 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के अवसर पर यह घोषणा की।उन्होंने ट्वीट किया कि यह ‘साहिबजादों’ के साहस और न्याय स्थापना की उनकी कोशिश को उचित श्रद्धांजलि है। गुरु गोबिंद सिंह के चारों पुत्रों की मुगलों ने हत्या कर दी थी।प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘वीर बाल दिवस उसी दिन मनाया जाएगा, जब साहिबजादा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा फतेह सिंह जी ने दीवार में जिंदा चिनवा दिए जाने के बाद शहीदी प्राप्त की थी। इन दो महान हस्तियों ने धर्म के महान सिद्धांतों से विचलित होने के बजाय मौत को चुना।’’उन्होंने कहा, ‘‘माता गुजरी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और चार साहिबजादों की बहादुरी और आदर्शों ने लाखों लोगों को ताकत दी। उन्होंने कभी अन्याय के आगे सिर नहीं झुकाया। उन्होंने समावेशी और सौहार्दपूर्ण विश्व की कल्पना की। यह समय की मांग है कि और लोगों को उनके बारे में पता चले।’’
- पीलीभीत (उप्र) । पीलीभीत संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी कोरोना संक्रमित हो गये हैं।वरुण गांधी पीलीभीत में पिछले तीन दिन से चुनाव प्रचार कर रहे थे। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है। अपने ट्वीट में उन्होंने बताया, “तीन दिनों तक पीलीभीत में रहने के बाद मजबूत लक्षणों के साथ मेरी कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।”उन्होंने कहा, “अब हम तीसरी लहर और चुनाव प्रचार के बीच में हैं और चुनाव आयोग को उम्मीदवारों व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को कोविड टीके की एहतियाती खुराक देनी चाहिए।”गौरतलब है कि पिछले वर्ष 27 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी के पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी ने अपनी ही पार्टी की सरकार के रात्रिकालीन कर्फ्यू के फैसले और चुनावी रैलियों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि रात में कर्फ्यू लगाना और दिन में रैलियों में लाखों लोगों को बुलाना यह सामान्य जनमानस की समझ से परे है। वरुण गांधी ने तब ट्वीट में कहा था, “रात में कर्फ्यू लगाना और दिन में रैलियों में लाखों लोगों को बुलाना–यह सामान्य जनमानस की समझ से परे है। उत्तर प्रदेश की सीमित स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के मद्देनजर हमें ईमानदारी से यह तय करना पड़ेगा कि हमारी प्राथमिकता भयावह ओमीक्रोन के प्रसार को रोकना है अथवा चुनावी शक्ति प्रदर्शन।”
-
नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करने के सरकार के फैसले से छात्राओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने और राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान करने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन सम्मेलन में एक संबोधन में, सिंह ने कहा कि सरकार सशस्त्र बलों में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने की पक्षधर है और उस दिशा में कई कदम उठाए गए हैं, जिसमें सैनिक स्कूलों में उनके प्रवेश का रास्ता साफ करना और महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन प्रदान करना शामिल है। रक्षा मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नए सैनिक स्कूल स्थापित करने के निर्णय से लड़कियों को देश की सेवा करने के अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। सिंह ने कहा कि रक्षा विभाग और सैनिक स्कूल सोसाइटी को सभी सैनिक स्कूलों को उनके प्रदर्शन और ऑडिट के आधार पर रैंकिंग के लिए एक तंत्र तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे स्कूलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही नये कदमों को शुरू करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि पाठ्यक्रम के साथ-साथ बच्चों को देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति निष्ठा से अवगत कराया जाना चाहिए क्योंकि इससे उनके चरित्र निर्माण में मदद मिलेगी और देश को लाभ होगा। सिंह ने कहा, “100 नए सैनिक स्कूलों की स्थापना से लड़कियों को सशस्त्र बलों में शामिल होने और राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान करने का अवसर मिलेगा। -
श्रीनगर। कश्मीर में भारी हिमपात के कारण शनिवार को यहां हवाई अड्डे पर दृश्यता बहुत कम हो गई जिसके कारण यहां से सभी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गयी । इसके बाद कश्मीर का देश के बाकी हिस्सों से हवाई संपर्क टूट गया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी । अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को यहां दोपहर बाद शुरू हुई बर्फबारी कश्मीर घाटी के अधिकतर स्थानों पर दिन भर जारी रही। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘श्रीनगर हवाई अड्डे से संचालित सभी 40 उड़ानों को हिमपात के कारण रद्द करना पड़ा।'' उन्होंने कहा कि बर्फबारी से हवाई अड्डे पर दृश्यता 600 मीटर से भी कम हो गई ।
अधिकारी ने कहा कि कम दृश्यता से संबंधित समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा क्योंकि इस साल नवंबर तक हवाईअड्डे पर एक उन्नत उपकरण लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा, "कैट-द्वितीय आईएलएस की स्थापना अप्रैल 2022 में शुरू होगी और नवंबर 2022 तक पूरी हो जाएगी। उम्मीद है कि हम अगले साल इन कठिनाइयों का सामना नहीं करेंगे।" अधिकारी ने यात्रियों को अपनी उड़ानों को पुनर्निर्धारित करने की सलाह देते हुये कहा कि एयरलाइनों द्वारा यह मुफ्त में की जाएगी। उन्होंने कहा, "यदि यात्री अपनी यात्रा रद्द करने का फैसला करते हैं तो उन्हें पूरा धन वापस किया जायेगा ।'' कश्मीर से आने-जाने वाला हवाई यातायात पिछले कुछ दिनों में बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कम दृश्यता के कारण बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इस बीच, उन्होंने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में शून्य से 4.6 डिग्री नीचे, पहलगाम में शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में शून्य डिग्री, कोकेरनाग में शून्य से 0.9 डिग्री नीचे और कुपवाड़ा में शून्य डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कश्मीर में 40 दिन का 'चिल्लई कलां' का दौर 21 दिसंबर से शुरू हो गया। इस दौरान क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ती है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाती है, जिससे यहां की प्रसिद्ध डल झील के साथ-साथ घाटी के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति लाइनों सहित जलाशय जम जाते हैं। इस दौरान अधिकतर इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी सबसे अधिक रहती है और खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात होता है। ‘चिल्लई कलां' के 31 जनवरी को खत्म होने के बाद, 20 दिन का ‘चिल्लई-खुर्द' और फिर 10 दिन का ‘चिल्लई बच्चा' का दौर शुरू होता है। इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण 136 किलोमीटर लंबे बनिहाल-बारामूला रेलखंड पर भी रेल सेवा बाधित हुई। इस बीच, रियासी जिले में स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर में इस मौमस की पहली बर्फबारी हुई।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार तड़के वैष्णो देवी में चार इंच बर्फबारी हुई और भैरो घाटी समेत ऊंचाई वाले इलाके भारी बर्फबारी के कारण ढक गए। यात्रा सुचारू रूप से जारी है, लेकिन खराब मौसम के कारण बैटरी कार सेवा और हेलीकॉप्टर सेवा बाधित हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में शुक्रवार दोपहर को जारी हुई बर्फबारी रात को अधिकतर स्थानों पर जारी रही। ताजा जानकारी मिलने तक घाटी में कई स्थानों पर रुक-रुक कर बर्फबारी जारी रही। -
नयी दिल्ली। भारत बायोटेक ने शनिवार को कहा कि परीक्षणों से संकेत मिलते हैं कि उसका टीका कोवैक्सीन कोविड-19 के खिलाफ बूस्टर खुराक के तौर पर सुरक्षित है। कंपनी ने कहा कि आकलन बताते हैं कि कोवैक्सीन (बीबीवी152) की बूस्टर खुराक सुरक्षित है और प्रतिशक्षा को बनाए रखने के लिए जरूरी हो सकती है। भारत बायोटेक के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक कृष्ण एला ने कहा,‘‘ परीक्षणों के परिणाम कोवैक्सीन को बूस्टर खुराक के तौर पर मुहैया कराने के हमारे लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। वयस्कों, बच्चों को दो प्राथमिक खुराक और बूस्टर खुराकों के साथ ही कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक टीके का निर्माण करने का हमारा लक्ष्य पूरा हो गया है।'' कंपनी ने कहा,‘‘ सामने आ रहे आंकडों के आधार पर भारत बायोटेक का विश्वास है कि सुरक्षा के उच्चतम स्तर को बनाए रखने के लिए तीसरी खुराक लाभकारी होगी।
-
नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बेंगलुरु स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के एक पूर्व कुलाधिपति को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उन्होंने फीस के रूप में 107 करोड़ रुपये की धनराशि को "हथियाने" के लिए 4,500 छात्रों के अभिभावकों को धोखा दिया है। एजेंसी ने शनिवार को यह जानकारी दी। एलायंस विश्वविद्यालय के पूर्व कुलाधिपति मधुकर जी. अंगुर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
ईडी ने एक बयान में कहा कि आरोपी को शनिवार को बेंगलुरु में एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। ईडी ने आरोप लगाया कि अंगुर और अन्य लोगों ने ''छात्रों के अभिभावकों को ई-मेल और नोटिस के माध्यम से एलायंस विश्वविद्यालय के आधिकारिक खातों में शुल्क जमा नहीं करने की सूचना दी और इसके बजाय उन्हें अपने बच्चों की फीस अवैध रूप से खोले गए बैंक खातों (अंगुर द्वारा) और अन्य में श्रीवारी एजुकेशनल सर्विसेज के नाम पर जमा करने के लिए कहा। बयान में कहा गया है, ''इसलिए, लगभग 4,500 छात्रों के अभिभावकों को उक्त अवैध रूप से खोले गए बैंक खातों में फीस जमा करने के लिए राजी किया गया और लगभग 107 करोड़ रुपये की राशि अंगुर और अन्य द्वारा ट्यूशन फीस, छात्रावास शुल्क और अन्य शुल्क जमा करके ले ली गई।'' ईडी ने कहा कि ये शुल्क 2016-17 के बीच जमा किए गए थे।
एजेंसी ने पिछले साल सितंबर में अंगुर और उनके परिवार के सदस्यों प्रियंका एम अंगुर, रवि कुमार के, श्रुति और पवन डिब्बर की 19 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क की थी।



























.jpg)