- Home
- देश
-
गुरुग्राम(हरियाणा)। गुरुग्राम पुलिस ने नवजात शिशु को चुराने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 25 दिनों की दो बच्चियां बरामद किया है। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त के.के. राव ने कहा कि आरोपी महिलाओं ने राजस्थान के अलवर जाने के लिए जो टैक्सी बुक की थी, उसके चालक को उन पर कुछ संदेह हुआ। उन्होंने बताया कि चालक ने आरोपी महिलाओं को किसी से फोन पर बच्चियों को बेचने के बारे में बात करते सुन लिया था। राव ने बताया कि चालक वाहन को गुरुग्राम पुलिस थाने ले गया और पुलिस को अपने संदेह के बारे में बताया, जिसके बाद आरोपी महिलाओं को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। राव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी महिलाओं ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी महिलाओं ने बताया कि वे बच्चियों को बेचने के लिए उन्हें राजस्थान ले जाने का प्रयास कर रही थी। आरोपियों की पहचान अलवर निवासी सुरिंदर कौर (45) और हरजिंदर (32 के रूप के में की गई। वहीं, तीसरी आरोपी महिला को दिल्ली के रोहिणी से गिरफ्तार किया गया।
-
आगरा(उप्र)। आगरा के ताजगंज थानाक्षेत्र में सात दिन पहले कलाल खेरिया से लापता हुआ किशोर शनिवार को गांव के पास एक तालाब में मृत मिला । ताजगंज के थाना प्रभारी भूपेंद्र बलियान ने बताया कि शनिवार सुबह कलाल खेरिया में स्थित पोखर में लोगों ने एक किशोर के शव को पड़ा देखा और उसकी सूचना पुलिस को दी। बलियान ने बताया कि उसकी पहचान कलाल खेरिया के 17 वर्षीय नकुल के रूप में की गयी।
पुलिस के अनुसार नकुल के पिता नेम सिंह ने बताया कि एक जनवरी उनका बेटा नया साल का जश्न मनाने दोस्तों के साथ गया था और जब उन्होंने पुत्र से फोन पर संपर्क किया तब उसने बताया कि वह कुछ देर बाद आ जायेगा। नेम सिंह के अनुसार जब नकुल नहीं आया, तब उन्होंने तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला, और फिर दो जनवरी को उन्होंने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस के अनुसार नकुल के परिजनों ने दोस्तों पर हत्या की आशंका जताई है। बालियान ने बताया कि नकुल शराब पीने का आदी था एवं उसने दोस्तों के साथ पार्टी में शराब पी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -
बिजनौर(उप्र)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अनियंत्रित कार के नहर किनारे खाई में गिर जाने से दो युवकों की मौत हो गयी जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार नहटौर के नवादा के सुमित (24), नीशू (19), विशाल (23), सचिन (25) और रोहित 22 शनिवार शाम थाना को कोतवाली देहात के बनवारीपुर नहर से गुजर रहे थे तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर सूखी नहर के किनारे खाई में गिर गयी। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में सुमित और नीशू की मौत हो गयी जबकि विशाल और सचिन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया।
-
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुदूर एक गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने 37 वर्षीय एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी को हिमस्खलन से बचाया। अधिकारियों ने बताया कि नसरीन और उसकी 11 साल की बेटी जायदा कौसर सुरनकोट क्षेत्र के बेहरामगल्ला के अपने तरवांजा गांव में एक प्राकृतिक स्रोत से पानी लेने गए थे, जब वे हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने तेजी से कार्रवाई की और महिला और उसकी बेटी को बर्फ से बाहर निकालने के बाद दोनों को सुरक्षित निकाला। अधिकारियों ने बताया कि घटना में दोनों को किसी तरह की चोट नहीं आई। ग्रामीणों द्वारा बर्फ के नीचे से लड़की को बाहर निकाले जाने का एक वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने दो जानों को बचाने के लिए ग्रामीणों की खूब सराहना की। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ इंच से लेकर पांच फुट तक बर्फबारी हुई है, जबकि जम्मू के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस बीच, कई छोटे-छोटे वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे हैं जिनमें नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अन्य अग्रिम क्षेत्रों में घुटने तक गहरी बर्फ में गश्त करते सेना और बीएसएफ कर्मी दिख रहे हैं। खराब मौसम के बावजूद सीमा पर कड़ी निगरानी रखने के लिए वीरों की प्रशंसा की जा रही है। सुरक्षा कर्मियों, स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों को सार्वजनिक और बिजली विकास विभाग तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को बर्फबारी के बीच खराब बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए खामियों की ठीक करते हुए दिखा रहे कुछ और वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
-file photo
-
हैदराबाद। केंद्र और तेलंगाना सरकार द्वारा शनिवार को यहां जमीनी स्तर पर सेवाओं के वितरण के लिए मानव संपर्क को कम करने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करने का संकल्प लेते हुए ‘हैदराबाद घोषणा-पत्र' अंगीकृत किया गया। यह प्रस्ताव सात और आठ जनवरी के बीच आयोजित दो दिवसीय "इंडियाज टेकएड: डिजिटल गवर्नेंस इन अ पोस्ट पेंडेमिक वर्ल्ड" सम्मेलन में सामने आया। ई-गवर्नेंस (ऑनलाइन शासन) पर 24वां सम्मेलन केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और तेलंगाना राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया था। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) ने भी सम्मेलन के आयोजन में एक भूमिका निभाई। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आदि जैसे क्षेत्रों में सार्वजनिक डिजिटल मंच के कार्यान्वयन में तेजी लाने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन में कुशल संसाधनों के बड़े संग्रह के निर्माण के माध्यम से भारत को उभरती हुई प्रौद्योगिकी के लिए "वैश्विक केंद्र" बनाने का संकल्प लिया गया।
-
नयी दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 15 से 18 आयु वर्ग में कोविड-19 रोधी टीके की दो करोड़ से अधिक पहली खुराक दी जा चुकी है जिसके बाद देश में अब तक दी गई टीके की खुराकों की संख्या शनिवार को 151.47 करोड़ के पार चली गई। शनिवार शाम सात बजे तक टीके की 79 लाख से ज्यादा खुराकें दी जा चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि किशोरों को टीके की करीब 2,27,33,154 खुराकें दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट करके किशोरों में टीकाकरण के प्रति उत्साह की प्रशंसा की और उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी।
- मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोरोना का फैलाव रोकने के लिए नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। राज्य के लगभग सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर बंद कर दिए गए हैं। अब राज्य में विवाह, सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक आयोजनों में अधिकतम 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। अंतिम संस्कार में केवल 20 लोगों को अनुमति दी जाएगी। शॉपिंग मॉल और बाजार परिसरों में 50 प्रतिशत लोग ही जा सकेंगे। सार्वजनिक परिवहन में वे ही यात्रा कर सकेंगे जिन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली है। राज्य में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा।
-
नई दिल्ली। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अगरतला-जीरीबाम-अगरतला जन शताब्दी एक्सप्रेस रेलगाड़ी को झंडी दिखा कर रवाना किया। यह त्रिपुरा और मणिपुर को जोड़ने वाली पहली रेलगाड़ी है। इस अवसर पर रेलमंत्री ने कहा कि इस रेलगाड़ी को पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के परिवहन, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री जी किशन रेड्डी उपस्थित थे। श्री वैष्णव ने कहा कि वह जल्दी ही अखौरा-अगरतला रेल परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे। भारत और बंगलादेश के बीच रेल संपर्क बनाने वाली यह एक रणनीतिक परियोजना है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री विप्लब कुमार देब, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह और कई अन्य नेता भी विडियों कांफ्रेंस के जरिए इस समारोह में शामिल हुए। श्री देब ने कहा कि इस रेल सेवा से दोनो राज्यों के बीच संबंधों को और मजबूती मिलेगी। रेल अधिकारियों ने कहा कि यह रेल सप्ताह में तीन बार चलेगी। -
नई दिल्ली। भारतीय रेल ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उतराखंड और दिल्ली के अस्पतालों तथा कोविड देखभाल केन्द्रों तक 14 हजार टन से ज्यादा चिकित्सा तरल ऑक्सीजन पहुंचाई है। इसके लिए उत्तर रेलवे ने आठ सौ 58 विशेष माल रेलगाडियों का प्रयोग किया है। यह भारतीय रेल द्वारा पहुंचाई गई कुल चिकित्सा तरल ऑक्सिजन का लगभग पचास प्रतिशत हिस्सा है।
रेल मंत्रालय ने कहा है कि उत्तर रेलवे ने स्वास्थ्य केन्द्रों तक दवाईयों, टीकों और अन्य वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखी है। मंत्रालय ने कहा है कि चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति बनाए रखने के लिए उत्तर रेलवे केन्द्रीय अस्पताल में पांच सौ लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन के उत्पादन की क्षमता का एक संयंत्र स्थापित किया गया है। सभी पांच मंडलीय अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।मंत्रालय ने कहा है कि उत्तर रेलवे ने पिछले साल अप्रैल से दिसंबर तक की अवधि में रिकॉर्ड दो करोड़ साठ लाख टन खाद्यान्न का मालवहन किया है। यह खाद्यान्न विभिन्न राज्यों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत भेजा गया है। - नई दिल्ली। केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने लोगों से कोविड के खिलाफ लडऩे के लिए आयुरक्षा किट का उपयोग करने की अपील की है। शनिवार को गुवाहाटी में पत्रकारों से बातचीत में श्री सोनोवाल ने कहा कि इस किट में चार घटक होते हैं। उन्होंने कहा कि आर्सेनिकम एल्बम 30 सहित अन्य आयुष उत्पाद हैं जिन्हें चिकित्सकों के परामर्श से लिया जा सकता है। श्री सोनोवाल ने कहा कि स्वास्थ्य और आयुष मंत्रालय कोविड की स्थिति से निपटने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग के अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जा सकता है और उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से योग करने की अपील की। श्री सोनोवाल ने यह भी कहा कि आयुष मंत्रालय इस महीने की 14 तारीख को सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित करेगा।
- कोट्टायम (केरल) ।कोट्टायम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से नवजात शिशु को हाल में चुराने वाली नर्स की वेशभूषा वाली महिला अपने प्रेमी को यह दिखाना चाहती थी कि यह उसका बच्चा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना की जांच कर रहे चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक थॉमस मैथ्यू ने शनिवार को कहा कि अस्पताल और प्रसूति वार्ड के अंदर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे, लेकिन नर्स की वेशभूषा में यह महिला इन सभी को चकमा देने में कामयाब रही थी। जांच अधिकारी ने मीडिया से कहा, ‘‘महिला एक पूर्व योजना के साथ अस्पताल में गई। उसने अस्पताल में प्रवेश किया और कुछ ही मिनट में नवजात शिशु के साथ बाहर निकल गयी। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में जल्द ही एक रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज को सौंपी जायेगी, जिन्होंने घटना की जांच का आदेश दिया था। नर्स की वेशभूषा में एक महिला ने मेडिकल अस्पताल के प्रसूति विभाग में छह जनवरी को प्रवेश किया और दोपहर तीन बजे एक शिशु के साथ बाहर निकल गयी। नवजात की मां और उनके संबंधियों को यह पता चलने में आधा घंटा लग गया कि उनका शिशु चोरी हो गया है। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटे में नवजात का पता लगा लिया और उसे उसकी मां के हवाले कर दिया। अधिकारी ने बताया कि शिशु चुराने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला अपने प्रेमी को यह दिखाना चाहती थी कि उसने इस शिशु को जन्म दिया है। प्रेमी एर्णाकुलम का रहने वाला है। दरअसल, आरोपी महिला का गर्भपात हो गया था लेकिन उसने इसकी जानकारी अपने प्रेमी को नहीं दी थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी महिला ने अपने प्रेमी को बताया था कि वह गर्भवती है और जब उसके प्रेमी ने दूसरी लड़की से शादी करने का फैसला किया, तो वह उसे ब्लैकमेल करने लगी। कोट्टायम की पुलिस अधीक्षक शिल्पा दयावैया ने कहा, ‘‘उसने (आरोपी महिला ने) प्रसूति वार्ड गई और एक शिशु को वहां से अपने कमरे में ले गई। उसकी तस्वीर ली और अपने प्रेमी को भेज दी। घटना को अंजाम देने का यही मकसद था।'' आरोपी महिला, चार जनवरी को कोट्टायम पहुंची थी और वहां एक किराये पर एक कमरा लिया था। पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है क्योंकि आरोपी महिला ने आरोप लगाया था कि उसने 30 लाख रुपये से अधिक रकम उससे उधार लेने के बाद उसके साथ धोखाधड़ी की।
- मथुरा।केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा ब्रज के 84-कोस परिक्रमा मार्ग के पुनर्विकास की योजना की घोषणा के एक दिन बाद मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने शनिवार को कहा परियोजना एक ऐसी सेवा है जिसे वह हमेशा भगवान कृष्ण को समर्पित करना चाहती थीं। उन्होंने कहा, ‘‘ मथुरा के आसपास सड़क के इस हिस्से को विकसित करने की सरकार की घोषणा से पता चलता है कि भगवान कृष्ण ने मेरी सेवा स्वीकार कर ली है।'' ब्रज का 84-कोस परिक्रमा मार्ग मथुरा के चारों ओर एक गोलाकार सड़क है, जिसमें केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित भारत के सभी प्रमुख धार्मिक मंदिरों को प्रतीकात्मक रूप में शामिल किया गया है और भक्त साल भर इस 269 किलोमीटर की सड़क पर नंगे पैर तीर्थयात्रा करते हैं। हेमामालिनी ने कहा कि यह स्थानीय लोगों और पुजारियों की लंबे समय से लंबित मांग थी और परियोजना को मंजूरी देकर उन्होंने दिखाया है कि वह भगवान कृष्ण की सच्ची भक्त हैं।
- नयी दिल्ली। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने छात्रों के मूल्यांकन और शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिये दो कार्यक्रमों की शुरूआत की है। एआईसीटीई के अध्यक्ष अनिल सहस्रबुद्धे ने कहा, ‘‘ इन दो कार्यक्रमों से छात्रों एवं शिक्षकों दोनों को लाभ होगा। हम राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने की दिशा में बढ़ रहे हैं, जिसमें शिक्षकों के प्रशिक्षण को काफी महत्व दिया गया है।'' उन्होंने कहा कि इसके महत्व को ध्यान में रखते हुए पुनर्गठित राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण पहल (एनआईटीटीटी) की शुरूआत की गई है। इसके अलावा छात्रों में उच्च स्तरीय सोचने की क्षमता एवं अकादमिक विकास के लिये छात्र शिक्षक शिक्षण मूल्यांकन (परख) शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षण जीवनभर चलने वाली प्रक्रिया है और एनआईटीटीटी आज के शिक्षकों को भविष्य की जिम्मेदारी के लिये तैयार करेगा। साथ ही छात्र परख के माध्यम से सम्पूर्ण विकास का मूल्यांकन कर सकते हैं। परख कार्यक्रम को छात्रों में उच्च स्तरीय सोचने की क्षमता एवं अकादमिक विकास के मूल्यांकन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
- जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले में शनिवार को रेल लाइन पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे दो भाइयों को ट्रेन ने कुचल दिया और उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार लोकेश मीणा (22) एवं उसके छोटा भाई राहुल रूपबास कस्बे के पास रेलवे लाइन पर बैठकर पबजी खेल रहे थे कि उसी बीच दोनों वहां से गुजर रही एक ट्रेन की चपेट में आ गए। सदर थाने के सहायक उपनिरीक्षक मनोहर लाल के अनुसार दोनों भाई गेम खेलने में इतने डूबे थे कि वे ट्रेन को ही नहीं देख पाए। उन्होंने कहा कि दोनों भाई प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। वे यहां अपनी बड़ी बहन के साथ रह रहे थे जबकि उनके पिता गांव में रहते हैं। दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।
- पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में अपने दो बच्चों की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में 24 वर्षीय एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात को पुणे के बाहरी इलाके में स्थित मुलशी में मजदूरों के शिविर के पास हुई। उन्होंने बताया कि महिला ने अपने दो साल के बेटे और साढ़े तीन साल की बेटी की हत्या कर दी। अधिकारी ने कहा कि हत्या का मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब मजदूरी करने वाला महिला का पति बुधवार दोपहर को खाना खाने घर आया और उसने अपनी पत्नी और बच्चे को नदारद पाया। अधिकारी ने कहा कि तलाश करने के बावजूद व्यक्ति को उसका परिवार नहीं मिला, तब उसने लोनावला में अपने रिश्तेदार को फोन किया। महिला को उसके भाई के घर पर पाया गया। अधिकारी ने कहा कि मजदूर शिविर के पास झाड़ी से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
- सहारनपुर। सहारनपुर में खराब मौसम के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से उसके नीचे दबकर एक किसान की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल शर्मा ने बताया कि देवबंद थाने के ग्राम कपूरी गोविंदपुर का किसान संदीप यादव (47) शुक्रवार देर रात दो बजे चीनी मिल में गन्ने देने के बाद अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव वापस लौट रहा था तभी देवबंद झबरेडा मार्ग पर खराब मौसम होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया और वाहन के नीचे दबने से चालक संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह राहगीरों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। शर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- नयी दिल्ली। पूरे देश में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच बैंक अधिकारियों के संगठन एआईबीओसी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से अपील की है कि एहतिहाती खुराक (बूस्टर डोज) देने के लिए बैंक कर्मचारियों को भी अग्रिम पंक्ति का कर्मचारी (फ्रंटलाइन वर्कर) माना जाए। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) ने वित्त मंत्री को लिखे पत्र में सुझाव दिया कि वायरस के संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए बैंकों को सप्ताह में पांच दिन खोला जाए। पत्र में यह आग्रह भी किया गया कि सभी शाखाओं या कार्यालयों में केवल 50 प्रतिशत कर्मचारियों की प्रत्यक्ष उपस्थित होनी चाहिए, और बाकी कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी जाए। एआईबीओसी ने बैंक कर्मचारियों को उपनगरीय रेलवे सेवाओं सहित सार्वजनिक परिवहन का लाभ उठाने के लिए विशेष दर्जा देने की मांग भी की। सरकार ने कहा है कि कोविड-19 वैक्सीन की एहतियाती खुराक 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों और 60 साल तथा उससे अधिक उम्र के लोगों को दी जाएगी। एआईबीओसी के महासचिव सौम्य दत्ता ने पत्र में कहा कि नियमित अंतराल पर बैंक कर्मचारियों की जांच करने के लिए अनिवार्य रैपिड एंटीजन परीक्षण होना चाहिए। पत्र में कहा गया कि पहली दो लहर में लगभग 2,000 बैंक कर्मचारियों ने अपनी जान गंवाई। परिसंघ ने कहा, ‘‘हम खुद को वित्तीय सेना का हिस्सा मानते हैं, जिन्होंने बाधाओं को दूर किया है और संकट के समय में देश की सेवा की।'' केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक ओमीक्रोन संक्रमण के 3,071 मामले सामने आ चुके हैं और कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में एक दिन में 1,41,986 की बढ़ोतरी हुई है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस संबंधी जांच में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और वह ‘‘बहुत बीमार'' महसूस कर रही हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। तेज बुखार के साथ बहुत बीमार महसूस कर रही हूं। खुद को पृथक कर लिया है। मेरे संपर्क में आए लोगों से अनुरोध है कि वे अपनी आरटीपीसीआर जांच करवा लें।'' मालीवाल (37) ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने कहा, जमीनी स्तर पर इतना काम करने के बावजूद, अब तक कोविड-19 से बची हुई थी। ओमीक्रोन बहुत संक्रामक है। सभी लोग कृपया सावधानी बरतें।
- सहारनपुर ।उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने शनिवार सुबह एक ढाबे के मालिक को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल शर्मा ने बताया कि सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान के सढौली दुनीचंदपुर गांव में दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर 55 वर्षीय सुरेन्द्र सेनी का शाकुम्भरी ढाबा है। शनिवार सुबह जब उसने अपना ढाबा खोला तभी मोटर साइकिल पर सवार होकर तीन युवक वहां आए और बारिश होने के कारण मोबाइल रखने के लिए उनसे पॉलीथीन मांगी। शर्मा ने बताया कि इसके बाद युवकों ने अपनी जेब से तमंचा निकाला और कहने लगे कि हमें मोबाइल नहीं यह रखना है। इस पर सुरेन्द्र ने युवकों से कहा कि यहां से चले जाओ, जिस पर वे भड़क गए और उन्होंने सुरेन्द्र पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि गोली सुरेन्द्र की जांघ में लगी और गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी और बेटा भी बाहर आ गए। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सुरेन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर भर्ती कराया गया। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
- जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सेल्फी लेने के दौरान मुंबई की 50 वर्षीय महिला और उसके बेटे की मंगेतर नर्मदा नदी में गिर गईं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। तिलवाड़ा पुलिस थाने के उप निरीक्षक लेखराम ने बताया कि घटना जबलपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल न्यू भेड़ाघाट इलाके में शुक्रवार को हुई। 50 वर्षीय महिला का शव नदी से निकाल लिया गया है जबकि 22 वर्षीय महिला की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की पहचान हंसा सोनी (50) और रिद्धि पिचड़िया (22) के रुप में हुई है।उन्होंने बताया कि मुंबई की रहने वाली हंसा सोनी, उसका पति अरविंद सोनी, बेटा राज सोनी और उसकी मंगेतर रिद्धि ने नर्मदा नदी पर धूलाधार झरने से रोपवे की सवारी की और न्यू भेड़ाघाट नामक स्थान पर दूसरी तरफ गए। लेखराम ने बताया कि रिद्धि और हंसा सफेद संगमरमर की चट्टानों पर खड़े होकर मोबाइल फोन से सेल्फी ले रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों नदी में गिर गईं। उन्होंने कहा कि हंसा का शव शुक्रवार देर रात को नदी से बाहर निकाला गया जबकि गोताखोरों का एक दल रिद्धि की तलाश कर रहा है।
- फतेहपुर ।उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले की खागा कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज राजमार्ग पर शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार डीसीएम ने चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गयी जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। खागा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) गयादत्त मिश्रा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे कानपुर-प्रयागराज राजमार्ग पर महिचा मंदिर पुलिस चौकी के समीप पिकअप जीप में खराबी आने के बाद मैकेनिक (मिस्त्री) धर्मेंद्र उर्फ भूरा (25) अपने तीन साथियों सोनू (23), बब्बू (27) और पिंटू (24) के साथ उसकी मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आयी एक तेज रफ्तार डीसीएम (सामान ढोने वाली गाड़ी) ने पिकअप जीप में टक्कर मारने के बाद सभी को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि हादसे में मैकेनिक धर्मेंद्र उर्फ भूरा, बब्बू और पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और घायल सोनू को उपचार के लिए कानपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि डीसीएम गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
- मुंबई। संगीतकार और गायक विशाल ददलानी के पिता मोती ददलानी का यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। विशाल ने शनिवार को यह जानकारी दी। मोती ददलानी 79 वर्ष के थे। विशाल ने अपने पिता के निधन की जानकारी इंस्टाग्राम पर दी और कहा कि वह अपने पिता के आखिरी वक्त में उनके साथ नहीं थे क्योंकि शुक्रवार को कोविड-19 जांच में संगीतकार को संक्रमित पाया गया था। संगीतकार ने कहा कि पित्ताशय (गॉल ब्लैडर) की सर्जरी के बाद पिछले तीन-चार दिन से उनके पिता गहन चिकित्सा इकाई(आईसीयू) में थे। विशाल ने अपने पिता की तस्वीर साझा की और लिखा, “मैंने पिछली रात अपने सबसे अच्छे दोस्त, धरती पर सबसे अच्छे व्यक्ति को खो दिया। मुझे अपने जीवन में इससे बेहतर पिता, व्यक्ति या शिक्षक नहीं मिल सकते थे। मेरे अंदर जो कुछ भी अच्छा है वह उनकी ही देन है।” विशाल अभी अपने आवास पर पृथक-वास में हैं और उनमें बीमारी के हल्के लक्षण हैं।
- अमरावती। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में शनिवार तड़के एक परिवार के चार सदस्यों ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। परिवार तेलंगाना के निजामाबाद का रहना वाला था। पुलिस ने कहा कि मां-बेटे ने इंजेक्शन से अत्यधिक इंसुलिन लेकर आत्महत्या कर ली जबकि पिता और एक अन्य पुत्र ने प्रकाशम बैराज के पास कृष्णा नदी में कूदकर जान दे दी। मृतकों की पहचान पी. सुरेश (56), श्रीलता (54), अखिल (28) और आशीष (24) के रूप में हुई है। सुरेश निजामाबाद में एक मेडिकल स्टोर चलाता था जबकि अखिल ने पेट्रोल भरने का स्टेशन किराये पर ले रखा था। आशीष बी. फार्मेसी का छात्र था जबकि श्रीलता गृहिणी थी। परिवार गत 6 जनवरी को विजयवाड़ा आकर एक सराय में रह रहा था। शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे, श्रीलता ने अपने भाई को व्हाट्सएप पर एक ऑडियो संदेश भेजा कि वे अपना जीवन समाप्त कर रहे हैं। तड़के संदेश सुनने के बाद भाई ने सराय प्रबंधन को फोन किया जिन्होंनं पुलिस को सूचना दी। सहायक पुलिस आयुक्त हनुमंत राव के अनुसार, पुलिस ने मां-बेटे को उनके कमरे में मृत पाया। कमरे में इंसुलिन और सीरिंज की कम से कम 20 इस्तेमाल की हुई शीशियां पड़ी थीं। बाद में पता चला कि पिता-पुत्र ने नदी में छलांग लगा दी है। बाद में उनके शवों को नदी से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। एसीपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
- मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई में पुलिस ने एक व्यक्ति को ‘लिव-इन' में साथ रह रही महिला के चरित्र पर संदेह के कारण गला काटकर उसकी हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने बृहस्पतिवार तड़के साकीनाका के संघर्ष नगर इलाका स्थित अपने आवास में 29 वर्षीय महिला पर कथित रूप से धारदार हथियार से हमला किया। अधिकारी ने बताया कि नील के पड़ोसियों ने महिला की चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने महिला को खून से लथपथ अवस्था में पाया और उसके गले, पेट, सीने और सिर पर चोट के निशान थे। महिला की बहन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
- नयी दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रमों की घोषणा कर दी। सभी राज्यों में सात चरणों में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तहत 10 फरवरी से लेकर सात मार्च तक सात चरणों में मतदान होगा, वहीं उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में 14 फरवरी को एक चरण में वोट डाले जाएंगे।मणिपुर में दो चरणों में 27 फरवरी और तीन मार्च को मतदान होगा। सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना 10 मार्च को होगी।मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव संबंधी तारीखों का ऐलान किया।उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चुनावी प्रक्रिया को संपन्न किया जाएगा और इसमें हिस्सा लेने वाले सभी कर्मियों को कोविड-19 रोधी टीके की एहतियाती खुराक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सैनिटाइजर और मास्क जैसी कोविड से बचाव की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मतदाता केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 14 मई को पूरा हो रहा है जबकि उत्तराखंड और पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 23 मार्च को समाप्त हो रहा है। गोवा विधानसभा का कार्यकाल 15 मार्च और मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 19 मार्च को समाप्त हो रहा है। चुनावों की घोषणा के साथ ही सभी पांच राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई।



























.jpg)