- Home
- देश
- नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन परीक्षा ‘हैकिंग/सॉल्विंग' गिरोह का भंडाफोड़ कर इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक राज तेवतिया की गिरफ्तारी पर हरियाणा में एक लाख रुपये का इनाम है और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह विभिन्न परीक्षा पोर्टलों तक पहुंच बनाने के लिए रूसी हैकरों का भी इस्तेमाल करता था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ‘रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर' डाउनलोड करते थे, जो सुरक्षा उपायों और प्रॉक्टर की पकड़ में नहीं आ पाता था। उन्होंने कहा कि कुल 15 लैपटॉप और नौ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही फर्जी सूचनाओं के खिलाफ लोगों को आगाह किया है। सीबीएसई ने कहा, ऐसा पता चला है कि 10वीं कक्षा और 12वीं कक्षा के लिए दूसरे सत्र की बोर्ड परीक्षा के प्रारूप में बदलाव को लेकर ‘‘ब्रेकिंग न्यूज'' जैसे ध्यानाकर्षक शीर्षक के साथ कुछ ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म गलत सूचना प्रसारित कर रहे हैं और लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।'' बोर्ड ने एक परामर्श जारी कर कहा, ‘‘छात्रों के हित में यह स्पष्ट किया जाता है कि बोर्ड ने पिछले साल जुलाई में परीक्षा प्रारूप में बदलाव की घोषणा की थी। पहले सत्र की परीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी है और दूसरे सत्र के लिए परीक्षा का प्रारूप भी पिछले साल घोषित किया गया। इसलिए लोगों को सलाह दी जाती है कि नवीनतम और प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट देखें।'' पहले सत्र की परीक्षा पिछले साल नवंबर-दिसंबर में आयोजित हुई थी।
- दाहोद। गुजरात के दाहोद जिले में एक महिला ने कथित तौर पर घरेलू कलह से परेशान होकर अपने दो बच्चों को कुएं में फेंककर उनकी हत्या कर दी और उसके बाद स्वयं भी उसमें कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार को देवगढ़ बरिया तालुका के देगवाड़ा गांव के बाहरी इलाके में हुई।एक अधिकारी ने बताया कि मीनाक्षी (30) अपने दो बच्चों के साथ यह कहकर सुबह घर से निकली थी कि वह लकड़ियां लेने जा रही है, लेकिन जब वह शाम तक नहीं लौटी तो उसके परिवार वालों ने उसके फोन पर कॉल करके संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका यह प्रयास व्यर्थ रहा। अधिकारी ने बताया कि बाद में मवेशी चराने वाले एक व्यक्ति ने कुएं के बाहर फोन बजने की आवाज सुनी तो उसने कॉल का जवाब दिया, जिसके बाद परिवार वालों को इस घटना का पता चला। महिला की चप्पलें भी कुएं के निकट मिली हैं। उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मियों को मौके पर भेजा गया और उन्होंने कुएं से महिला और उसकी दो बेटियों (सात साल और चार साल) के शवों को बाहर निकाला। अधिकारी ने बताया कि महिला ने अपने ससुराल वालों के साथ स्पष्ट रूप से किसी विवाद के बाद यह कदम उठाया। मामले में आगे की जांच जारी है।
- नयी दिल्ली। देश में तीन जनवरी से 15 वर्ष से 18 वर्ष के किशोरों के लिए शुरू किए कोविड-19 रोधी टीकाकरण कार्यक्रम तहत पहले दो दिन में आंध्र प्रदेश में सबसे अधिक 39.8 प्रतिशत किशोरों को टीके की पहली खुराक दी गई। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी राज्य के बाद हिमाचल प्रदेश में 37 प्रतिशत और फिर गुजरात में 30.9 प्रतिशत बच्चों को कोविड रोधी टीके की पहली खुराक दी गई। देश में तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया है और इस श्रेणी के 85 लाख पात्र किशोरों को टीके लग चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव में 15 से 18 वर्ष के आयुवर्ग के 28.3 प्रतिशत, कर्नाटक में 25.3 प्रतिशत, उत्तराखंड में 22.5 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 20.6 और छत्तीसंगढ़ में 20.5 प्रतिशत बच्चों को टीके लगाए गए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 27 दिसंबर को दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा था कि इस आयुवर्ग के बच्चों को केवल कोविड-19 रोधी ‘कोवैक्सिन' टीके की खुराक दी जाएगी। इसके लिए पंजीकरण एक जनवरी से शुरू किया गया था। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया था कि पिछले 24 घंटों में 96,43,238 लोगों को कोविड-19 रोधी टीकों की खुराक दी गई। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 147.72 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
- नयी दिल्ली,। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने बुधवार को कहा कि सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2021 अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार से होगी। यूपीएससी ने राज्य सरकारों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उम्मीदवारों और परीक्षा अधिकारियों को उनकी आवाजाही में कोई असुविधा नहीं हो। आयोग ने कहा कि राज्यों से कहा गया है कि यदि आवश्यक हो तो उम्मीदवारों के ई-प्रवेश पत्रों और परीक्षा अधिकारियों के पहचान पत्रों का उपयोग आवाजाही पास के रूप में किया जा सकता है। आयोग ने एक बयान में कहा, "कोविड-19 महामारी की वजह से उत्पन्न मौजूदा स्थिति की सावधानीपूर्वक समीक्षा करने के बाद, आयोग ने सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2021 को कार्यक्रम के अनुसार यानी 7, 8, 9, 15 और 16 जनवरी, 2022 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।" भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों समेत अन्य अधिकारियों के चयन के लिए सिविल सेवा परीक्षा हर साल तीन चरणों - प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार - में आयोजित की जाती है।
- नई दिल्ली। पंजाब में फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली में सुरक्षा में चूक के कारण इसे रद्द कर दिया गया। गृह मंत्रालय ने इसे संज्ञान में लेते हुए पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंत्रालय ने इस चूक की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा है। प्रधानमंत्री आज सवेरे बठिंडा पहुंचे जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाना था, लेकिन वर्षा और खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री को करीब 20 मिनट तक मौसम ठीक होने की प्रतीक्षा करनी पड़ी। पंजाब पुलिस के महानिदेशक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यक पुष्टि के बाद वह सड़क मार्ग से रैली स्थल के लिए रवाना हुए।मंत्रालय ने कहा कि स्मारक से करीब 30 किलोमीटर दूर श्री मोदी का काफिला जब एक फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो वहाँ कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया जिसके कारण प्रधानमंत्री को 15 से 20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहना पड़ा जो सुरक्षा में एक बड़ी चूक थी।गृह मंत्रालय ने कहा कि श्री मोदी के कार्यक्रम और यात्रा योजना के बारे में पंजाब सरकार को पहले ही बता दिया गया था और प्रोटोकॉल के अनुसार राज्य सरकार को सुरक्षा के साथ-साथ आकस्मिक योजना तैयार रखनी चाहिए थी। साथ ही आकस्मिक योजना के मद्देनजर पंजाब सरकार को सड़क मार्ग से किसी भी आंदोलन को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात करनी चाहिए थी। मंत्रालय ने कहा है कि रास्ता साफ नहीं होने के कारण प्रधानमंत्री को वापस बठिंडा हवाई अड्डे जाने को मजबूर होना पड़ा।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि गृह पृथक-वास के तहत कोविड-19 रोगियों को संक्रमित होने के कम से कम सात दिनों के बाद पृथक-वास से छुट्टी दे दी जाएगी, अगर उन्हें लगातार तीन दिनों तक बुखार नहीं आता हो।मंत्रालय ने हल्के या बिना लक्षण वाले मामलों में गृह पृथक-वास के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने लोगों को डॉक्टरों के परामर्श के बिना स्वयं दवाइयां लेने, रक्त जांच, छाती का एक्स-रे या सीटी स्कैन आदि के लिए जल्दबाजी नहीं करने की सलाह दी। मंत्रालय ने रेखांकित किया कि खुद से स्टेरॉयड नहीं लेना चाहिए तथा इसके अति प्रयोग या अनुचित उपयोग से अतिरिक्त जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। संशोधित दिशानिर्देशों में कहा गया है कि प्रत्येक रोगी के उपचार की, उसकी विशिष्ट स्थिति के अनुसार व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जानी चाहिए और इसीलिए नुस्खे को साझा करने से बचा जाना चाहिए।दिशानिर्देशों के अनुसार, संक्रमित होने के कम से कम कम सात दिन बाद गृह पृथक-वास के तहत मरीजों को पृथक-वास से छुट्टी दे दी जाएगी अगर उन्हें लगातार तीन दिनों तक बुखार नहीं आता हो। लेकिन वे मास्क पहनना जारी रखेंगे। इससे पहले लक्षण दिखने के 10 दिन बाद गृह पृथक-वास की अवधि समाप्त होती थी। इसमें कहा गया है कि गृह पृथक-वास की अवधि समाप्त होने के बाद पुन: जांच की कोई आवश्यकता नहीं है। संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए, बिना लक्षण वाले लोगों को कोविड परीक्षण कराने की जरूरत नहीं है और उन्हें गृह पृथक-वास से ही स्वास्थ्य की निगरानी करने की आवश्यकता है। इसमें कहा गया है कि सोशल मीडिया के जरिए गैर-प्रामाणिक और बिना साक्ष्य आधारित इलाज 'प्रोटोकॉल' वाली जानकारी रोगियों को नुकसान पहुंचा सकती है। गलत सूचना से घबराहट पैदा होती है और इससे वे परीक्षण कराए जाते हैं जिसकी आवश्यकता नहीं होती है।संशोधित दिशा-निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि गृह पृथक-वास वाले मरीजों की निगरानी के लिए राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की समग्र निगरानी में जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। जमीनी स्तर की निगरानी टीम की जिम्मेदारियों को सूचीबद्ध करते हुए मंत्रालय ने कहा कि वे मरीज के प्रारंभिक मूल्यांकन के लिए जिम्मेदार होंगी और देखेंगी कि क्या गृह पृथक-वास के लिए आवश्यक सुविधाएं हैं। इसमें कहा गया है कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता को रोगी से प्रतिदिन संपर्क करना चाहिए, व्यक्तिगत रूप से या टेलीफोन या मोबाइल से संपर्क कर तापमान, नाड़ी, ऑक्सीजन स्तर, रोगियों का समग्र स्वास्थ्य और लक्षणों का विवरण प्राप्त करना चाहिए। उनकी टीम राज्य सरकार की नीति के अनुसार रोगी व देखभाल करने वाले को गृह पृथक-वास किट भी प्रदान कर सकती हैं। किट में मरीजों और परिवार के सदस्यों को शिक्षित करने के लिए स्थानीय भाषा में विस्तृत पुस्तिका के साथ मास्क, सैनिटाइटर, पैरासिटामोल दवाई आदि को शामिल किया जा सकता है।
- नई दिल्ली। भारतीय औषध महानियंत्रक की विशेषज्ञ समिति ने हैदराबाद की दवा कम्पनी भारत बायोटेक को नासिका के ज़रिये दिये जाने वाले टीके के तीसरे परीक्षण की अनुमति दे दी है। कंपनी ने बूस्टर डोज के रूप में इस टीके के इस्तेमाल की अनुमति मांगी थी। औषध महानियंत्रक ने भारत बायोटेक से इस बारे में नये प्रोटोकोल प्रस्तुत करने को कहा है।कंपनी की नासिका के जरिये दिए जाने वाले इस टीके का इस्तेमाल बूस्टर डोज के रूप में करने की योजना है। यह उन लोगों को दी जायेगी जिन्हें कोविड के दोनों टीके लग चुके हैं।
-
पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक बस व ट्रक की जबर्दस्त टक्कर में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना अमरापाड़ा थाना इलाके के पड़ेर कोला गांव के पास घटी। यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक में सीधी टक्कर हो गई। ट्रक में गैस सिलेंडर लदे थे। पुलिस के अनुसार लिट्टीपाड़ा-अमरापाड़ा मुख्य सड़क पर पडेर कोला की समीप निजी बस और सिलेंडरों से भरा ट्रक सामने से टकरा गए। अनियंत्रित ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों में अधिकांश लोग बस सवार हैं। जोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। -
गोड्डा। गोड्डा के मेहरमा थाना क्षेत्र में मंगलवार को 40 वर्षीय एक महिला की अज्ञात लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक शिव शंकर तिवारी ने बताया कि शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। महिला के परिजनों ने बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग चार बजे शौच के लिए वह घर से निकली थी। बाद में बायपास के किनारे खेत में शव मिला। परिजनों ने महिला के कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला के चार बच्चे हैं।
-
नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें एकजुट होकर वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही हैं। वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का एक अत्यधिक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया था। सितंबर, 2018 में 'किसानों की आय दोगुना' पर एक अंतर-मंत्रालयी समिति ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए रणनीतियों की सिफारिश करते हुए एक रिपोर्ट सौंपी थी। पैनल की सिफारिशों को स्वीकार करने के बाद, सरकार ने प्रगति की समीक्षा और निगरानी के लिए एक ‘अधिकार प्राप्त निकाय' का गठन किया है। गोवा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि और संबद्ध गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में कृषि का योगदान महत्वपूर्ण है, इसलिए कृषि क्षेत्र को मजबूत करना और भी जरूरी है। तोमर के हवाले से एक सरकारी बयान में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री के वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के सपने को साकार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें और देश के किसान एकजुट होकर काम कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान भी कृषि क्षेत्र समय की कसौटी पर खरा उतरा और किसानों ने बंपर पैदावार की। गोवा में भी जब वहां का पर्यटन उद्योग ठप था, कृषि क्षेत्र आगे बढ़ा। छोटे किसानों को मजबूत करने के लिए शुरू की गई पीएम-किसान जैसी केंद्रीय योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए तोमर ने कहा कि केंद्र वर्ष 2027-28 तक 10,000 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की स्थापना के लिए प्रयासों को प्रोत्साहित कर रहा है, जिसमें कुल बजटीय परिव्यय 6,865 करोड़ रुपये है और इस योजना को गोवा में सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है। '' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में उन्नत तकनीक और नई तकनीकें राज्य में युवाओं को कृषि की ओर आकर्षित कर रही हैं।'' उन्होंने लोगों से कृषि, बागवानी, डेयरी फार्मिंग, मछली पालन और फूलों की खेती के रूप में एकीकृत खेती करने का भी आग्रह किया।
-
हरदोई (उप्र) । हरदोई जिले के कछौना कोतवाली इलाके में मंगलवार को सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई तथा तीन लोग घायल हो गये। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में दो की हालत गंभीर है जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह हादसा एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना भेजा जहां पर चिकित्सकों ने मुख्तार (42) और सना (30) को मृत घोषित कर दिया। यासीन और हसनैन को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घटना में कार के चालक को भी चोट आई है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय बिजली मंत्री आर के सिंह ने स्वचालित उत्पादन नियंत्रण (एजीसी) परियोजना राष्ट्र को समर्पित की है। इस परियोजना से बिजली प्रणाली की ‘फ्रीक्वेंसी' और विश्वसनीयता को कायम रखने में मदद मिलेगी। बिजली मंत्रालय ने मंगलवार को बयान में कहा कि इस परियोजना से सरकार के 2030 तक 500,000 मेगावॉट गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन क्षमता के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिलेगी। एजीसी का परिचालन पावर सिस्टम ऑपरेशन कॉरपोरेशन (पीओएसओसीओ) द्वारा राष्ट्रीय भार पारेषण केंद्र के माध्यम से किया जा रहा है। एजीसी के जरिये पीओएसओसीओ प्रत्येक चार सेकंड में बिजली संयंत्रों को बिजली प्रणाली की ‘फ्रीक्वेंसी' और विश्वसनीयता को कायम रखने के लिए संकेत भेजता है। पांचवें पोओएसओसीओ दिवस पर सोमवार को आर के सिंह ने कहा कि एजीसी परियोजना के तहत अब तक सभी पांच क्षेत्रों में 51,000 मेगावॉट उत्पादन क्षमता चालू है। यह देश की बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मील का पत्थर है।
-
चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कहा कि साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए राज्य के प्रत्येक जिले में साइबर अपराध थाने खोले जाएंगे। मंत्री ने कहा, ‘‘साइबर अपराध थानों में प्रशिक्षित कर्मियों को तैनात किया जाएगा ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा इन साइबर थानों में आईटी पेशेवरों को भी नियुक्त किया जाएगा जिसके लिए पदों के सृजन का काम जल्द ही किया जाएगा।'' एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विज ने यहां गृह और पुलिस विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें यह फैसला लिया गया। विज ने अधिकारियों को रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले अन्य अहम स्थानों समेत प्रत्येक शहर में एचडी/नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए ताकि अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिले।
-
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के लांक गांव में अलग-अलग जगहों पर पुरानी रंजिश को लेकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल रात यह दोहरा हत्याकांड हुआ था और दोषियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है, हालांकि तीन संदिग्धों को पकड़ लिया गया है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 50 वर्षीय पल्ला और विनोद कुमार (45) के रूप में हुई है और उनके शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एक मृतक के भाई शौकेंद्र मलिक की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, कुख्यात अपराधी और उसके साथियों ने उस वक्त धारदार हथियारों से हमला कर दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी जब वे दोनों अपने खेतों से लौट रहे थे। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक गांव में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और तनाव को कम करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
-
तिरूवनंतपुरम ।भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 2023 में प्रक्षेपित किये जाने वाले एवं मानव को अंतरिक्ष में ले जाने वाले देश के प्रथम अभियान ‘गगनयान' के लिए काफी तेजी से काम कर रहा है। ‘क्रू मॉड्यूल, के पृथ्वी पर उतरने के विकल्पों ,अंतरिक्ष यात्रियों की बचाव प्रणाली और इस दल (क्रू) के प्रत्येक व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक पैकेट के बारे में दिलचस्प विवरण सामने आए हैं। इसरो के मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र (एचएसएफसी), बेंगलुरु के निदेशक डॉ. उन्नीकृष्णन नायर ने एक आलेख में कहा है कि ‘क्रू मॉड्यूल' सप्ताह भर के अपने अभियान को पूरा करने के बाद 2023 में भारतीय तट के पास उतरेगा, और अपेक्षाकृत शांत समुद्री मौसमी दशाओं वाला अरब सागर प्राथमिक विकल्प है, लेकिन एक अन्य विकल्प के तौर पर बंगाल की खाड़ी पर भी विचार किया जा रहा है। ‘इंडियन ह्यूमन स्पेस मिशन' शीर्षक वाला आलेख मनोरमा ईयर बुक 2022 में प्रकाशित हुआ है।
इसरो ने वहनीय मानव अंतरिक्ष उड़ान गतिविधियों के लिए एचएसएफसी की स्थापना 2019 में बेंगलुरु में की थी और गगनयान पहली परियोजना है। अंतरिक्ष यात्री बचाव प्रणाली के कामकाज को मान्यता देने के लिए परीक्षण उड़ान और गगनयान का प्रथम मानव रहित अभियान 2022 के उत्तरार्ध में शुरू होने का कार्यक्रम है। गगनयान ऑर्बिटल मॉड्यूल के दो हिस्से हैं- क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉडयूल- तथा वजन करीब 8,000 किग्रा है। आर्बिटल मॉड्यूल को ह्यूमन रेटेड लॉंच व्हीकल (एचआरएलवी) से प्रक्षेपित किया जाएगा, जो जीएसएलवी मार्क-3 रॉकेट का उन्नत संस्करण है। क्रू मॉड्यूल में प्रत्येक अंतरिक्ष यात्री के जीवित रहने में सहायक पैकेट होंगे जो करीब दो दिनों तक उनकी मदद करेंगे। हालांकि, इसरो इसे लेकर सकारात्मक है कि मॉड्यूल के पृथ्वी पर उतरने के बाद दो घंटे के अंदर अंतरिक्ष यात्री भारहीनता से उबर सकते हैं। गगनयान के लिए चयनित चार अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस में करीब 15 महीनों तक अंतरिक्ष उड़ान का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। -
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मास्क नहीं लगाने वालों पर बुधवार से 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह निर्णय मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को सम्पन्न हुई भोपाल जिला संकट प्रबंधन समूह की बैठक में लिया गया। सिंह भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। सिंह ने कहा, ‘‘भोपाल जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बुधवार से प्रभावी रूप से मास्क लगाने का अभियान चलाया जाए। मास्क नहीं लगाने वालों पर 200 रुपये का चालान लगाने की कार्रवाई की जाए।'' उन्होंने कहा कि भोपाल में कोरोना वायरस मरीजों के इलाज के लिए 8,500 से अधिक बिस्तर उपलब्ध हैं, सभी शासकीय बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र का निरंतर ‘मॉक ड्रिल' जारी है, सभी निजी अस्पतालों में भी ऑक्सीजन भंडारण क्षमता को बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी बड़े निजी अस्पताल संचालकों से लगातार संपर्क रखा जा है।
-
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मथुरा सहित राज्य के सात नगर निगम क्षेत्रों के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इन नगर निगमों में मथुरा-वृन्दावन, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़ व शाहजहांपुर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में डिजिटल माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम के जरिए इस सेवा की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग की परियोजनाओं तथा राज्य स्मार्ट सिटी मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय), वाई-फाई की सुविधा, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) समेत कई योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिला सूचना अधिकारी प्रशांत सुचारी ने बताया कि नगर निगम मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र में 8.15 करोड़ रुपये की लागत से 50 इलेक्ट्रिक बसों के लिये चार्जिंग स्टेशन, रख-रखाव डिपो का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसका लोकार्पण मंगलवार को किया गया। नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि मथुरा-वृन्दावन नगरीय क्षेत्र में 18 मार्ग पर ई-बसें संचालित की जाएंगी।
-
भीलवाड़ा। ट्रक और कार की भीषण टक्कर में माता-पिता व बेटे सहित 4 की मौत हो गई। हादसे के बाद लोग कार में फंसे रहे और चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सभी राजसमंद के रेलमगरा के रहने वाले थे और बीमार पिता का इलाज कराकर जयपुर से लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि हादसा मंगलवार देर रात भीलवाड़ा के रायला में हुआ। मृतक देवीलाल अपने पिता का उपचार करवाने के लिए जयपुर गया था। यह तस्वीर उसके अपने बेटे के साथ की है। हंसता-खेलता परिवार एक झटके में उजड़ गया। मृतक देवीलाल अपने पिता का उपचार करवाने के लिए जयपुर गया था। रायला पुलिस के अनुसार मंगलवार रात को थाना क्षेत्र से गुजर रहे अजमेर हाईवे पर बेरा के पास हादसा हुआ। भीलवाड़ा की तरफ जा रहे ट्रक और जयपुर की तरफ से आ रही कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। सभी कार के अंदर ही फंस गए और दम तोड़ दिया। इस हादसे में कार में सवार रेलमगरा क्षेत्र के खड़बामनिया में अमरपुरा निवासी प्रताप गाडरी, उसकी पत्नी सोहनी,बेटा देवीलाल गाडरी व रिश्तेदार राजपुरा निवासी देवीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे में मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
- मुंबई। केंद्रीय उत्पाद एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग ने 22 करोड़ रुपये के जाली इनपुट कर क्रेडिट (आईटीसी) घोटाले के आरोप में में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मंगलवार शाम को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी लौह अवशिष्ट एवं कबाड़ का कारोबार करने वाली फर्मों मैसर्स शाह एंटरप्राइजेज और मैसर्स यूएस एंटरप्राइजेज के मालिक हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीजीएसटी के मुंबई क्षेत्र की आसूचना इकाई से मिली सूचना के आधार पर ठाणे क्षेत्र के अधिकारियों ने इन दोनों आरोपियों को उपनगरीय क्षेत्र कांदिवली से गिरफ्तार किया है। विभाग ने इस गिरफ्तारी की तारीख और उनके नामों का ब्योरा नहीं दिया है। इस बयान के मुताबिक, दोनों ही फर्मों पर इनपुट टैक्स क्रेडिट के फर्जी कागजात तैयार करने के आरोपी हैं। इन पर क्रमश: 11.80 करोड़ रुपये और 10.23 करोड़ रुपये के फर्जी बिल बनाने के आरोप लगे हैं।
- नयी दिल्ली। सीबीआई ने मंगलवार को कहा कि उसने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के संबंध में अभी तक 51 मामले दर्ज किए हैं और जांच के चार महीनों के भीतर 20 मामलों में आरोपपत्र में 100 लोगों को नामजद किया है। एजेंसी ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म, दुष्कर्म की कोशिश और हत्या के मामलों की जांच करने का सीबीआई को आदेश दिया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के प्रवक्ता आरसी जोशी ने कहा, ‘‘सीबीआई ने केवल इन मानदंडों को पूरा करते हुए मामले दर्ज किए। एक जनवरी 2022 तक सीबीआई ने करीब चार महीनों में 51 मामले दर्ज किए, 20 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए। 100 से अधिक लोगों को आरोपपत्र में नामजद किया गया है।'' एजेंसी ने कहा, ‘‘सीबीआई को अभी तक एनएचआरसी से यौन अपराधों की 29 शिकायतें मिली थी इनमें से सात नियमित मामले दर्ज किए गए और बाकी की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।'' एजेंसी ने बताया कि एनएचआरसी द्वारा भेजे गए दो मामलों को एजेंसी ने राज्य के विशेष जांच दल को भेज दिया है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने इस जांच दल का गठन किया है। जोशी ने कहा, ‘‘यह बताया जाता है कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 19 अगस्त 2021 को सीबीआई को हत्या, दुष्कर्म और दुष्कर्म की कोशिश के अपराधों की जांच करने का आदेश दिया था। सीबीआई ने केवल इन मापदंडों का पालन करते हुए मामले दर्ज किए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट किया जाता है कि सीबीआई को 22 दिसंबर 2021 तक एनएचआरसी से यौन शोषण की 29 शिकायतें मिली। इनमें से सीबीआई ने अपराध की प्रकृति के आधार पर दो मामले राज्य एसआईटी को सौंप दिए।'' उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर राज्य पुलिस ने भी सीबीआई को 64 घटनाओं की रिपोर्ट भेजी है। जोशी ने कहा, ‘‘इनमें से सीबीआई ने नियमित मामले दर्ज करते हुए 39 अपराध दर्ज किए, चार की प्रक्रिया चल रही है जबकि 21 मामले राज्य पुलिस/एसआईटी को भेज दिए गए हैं।'' सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि उच्च न्यायालय में 22 दिसंबर 2021 को स्थिति रिपोर्ट सौंपने के वक्त सीबीआई ने 50 नियमित मामले दर्ज किए थे और चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं में एक प्रारंभिक जांच की थी। उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति रिपोर्ट देने के वक्त तक सीबीआई ने 10 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए थे जबकि बाकी के मामलों में प्रक्रिया चल रही है।
- हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ जिले के धौलाना में पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से हथियार व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किये। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक भूकर ने बताया कि थाना धौलाना पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 18 तमंचे, एक देशी रिवॉल्वर व शस्त्र बनाने के उपकरण समेत अन्य सामान बरामद किये गए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इंतजार और जावेद शामिल हैं। आरोपी एक तमंचे को पांच से सात हजार रुपये में बेचते थे। इंतजार के खिलाफ थाना धौलाना में पहले से करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
- नयी दिल्ली। महिला और बाल विकास मंत्रालय ने इस वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले नारी शक्ति पुरस्कार 2021 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। नामांकन केवल www.awards.gov.in पर ऑनलाइन मोड के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। नारी शक्ति पुरस्कार के लिए 31 जनवरी तक प्राप्त सभी नामांकनों पर विचार किया जाएगा। महिला और बाल विकास मंत्रालय प्रत्येक वर्ष प्रतिष्ठित महिलाओं, संगठनों और संस्थानों को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित करके अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है।
- नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने अलका मित्तल को कंपनी का अंतरिम चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। इसी के साथ वह देश की सबसे बड़ी तेल और गैस उत्पादक कंपनी की पहली महिला प्रमुख बन गई हैं। मित्तल इस पद पर सुभाष कुमार की जगह लेंगी, जो 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो गए।अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर और वाणिज्य में डॉक्टरेट मित्तल ने 27 नवंबर, 2018 को ओएनजीसी के निदेशक मंडल में शामिल होने वाली पहली महिला बनी थीं। 59 वर्षीय मित्तल किसी तेल एवं गैस अन्वेषण और उत्पादन कंपनी की प्रमुख बनने वाली पहली महिला हैं। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने तीन जनवरी को जारी अपने एक आदेश में कहा, ‘‘मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के ओएनजीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद का अतिरिक्त प्रभार अलका मित्तल को सौंपने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।'' आदेश में कहा गया, ‘‘अलका मित्तल एक जनवरी, 2022 से छह महीने की अवधि या अगले आदेश तक ओएनजीसी की अंतरिम चेयरमैन रहेंगी।'' इससे पहले निशि वासुदेव किसी तेल कंपनी की प्रमुख बनने वाली पहली महिला थीं। उन्होंने 2014 में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की बागडोर संभाली थी। ओएनजीसी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘कंपनी की निदेशक (मानव संसाधन) अलका मित्तल को ओएनजीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी के साथ वह कंपनी प्रमुख का पदभार संभालने वाली पहली महिला बन गई हैं।
- मुंबई। एचडीएफसी बैंक के अर्थशास्त्रियों ने मंगलवार को कहा कि देश में ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए विभिन्न राज्यों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण सामान्य आर्थिक गतिविधियों पर दबाव पड़ सकता है, जिसके चलते मार्च तिमाही में वृद्धि दर 0.30 प्रतिशत तक प्रभावित हो सकती है। निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक के अर्थशास्त्रियों ने कहा कि पहले उनका अनुमान था कि चौथी तिमाही में वृद्धि दर 6.1 प्रतिशत होगी, लेकिन ओमीक्रोन के प्रकोप के चलते ये 0.2-0.3 प्रतिशत तक प्रभावित हो सकती है।उन्होंने कहा, ''राज्यों द्वारा कोविड से संबंधित प्रतिबंधों (लोगों की आवाजाही पर रात का कफ्र्यू, 50 प्रतिशत क्षमता के साथ रेस्तरांओं का संचालन, कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के आने की अनुमति) के चलते वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में आर्थिक गतिविधियों के प्रभावित होने की आशंका है।'' अर्थशास्त्रियों ने एक टिप्पणी में कहा कि अधिक राज्यों के प्रतिबंध लगाने, प्रतिबंधों के जनवरी, 2022 से आगे बढऩे, और वैश्विक पुनरुद्धार में मंदी के चलते इस समय नकारात्मक जोखिम बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में ओमीक्रोन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और कुल नए मामलों में से 60 प्रतिशत इस नए स्वरूप के संक्रमण के हैं।



























.jpg)