- Home
- देश
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि भारत अगले हफ्ते कोविड-19 टीकाकरण के 100 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच जाएगा। साथ ही, टीके के बारे में मिथक और टीका लगवाने में हिचक को दूर करने के उद्देश्य से गायक कैलाश खेर का लिखा एक कोविड-गान भी जारी किया गया। मंत्री ने कहा, ‘‘देश में आज शाम तक करीब 97.23 करोड़ लोगों को टीके की प्रथम खुराक दी जा चुकी है।''उन्होंने कहा कि अब तक लगाये गये टीकों से यह पता चलता है कि आबादी के करीब 70 प्रतिशत हिस्से को प्रथम खुराक और करीब 30 प्रतिशत को दोनों खुराक दी जा चुकी है। मांडविया ने कहा, ‘‘हमने 17 सितंबर को, एक दिन में, 2.5 करोड़ खुराक लगाई थी और अगले हफ्ते हम 100 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच जाएंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा सभी के प्रयासों के चलते संभव हो पाया।'' शनिवार के आधिकारिक आंकड़े के मुताबिक, एक दिन में संक्रमण के 15,981 नये मामले सामने आने के साथ, देश में कोविड-19 के मामले घट रहे हैं। मंत्री ने कहा कि टीके का विकास करने में पांच से 10 साल लगता है, लेकिन भारत ने अनुसंधान किया और देश में टीका विकसित किया। कोविड-गान लिखने और गाने वाले खेर ने कहा कि टीके के बारे में मिथक और अफवाहों को दूर करने तथा इसके उपयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है ताकि सभी का टीकाकरण सुनिश्चित हो सके। टीका-गान को तेल उद्योग संगठन एफआईपीआई ने प्रायोजित किया है।इस अवसर पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि नकारात्मक परामर्श और देश में कुछ झूठ फैलाये जाने के बावजूद टीकाकरण अब एक जन आंदोलन बन गया है। उन्होंने देश में टीकाकरण अभियान पर विपक्षी दलों के विमर्श का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘दुश्मन, सरकार नहीं है बल्कि वायरस है।
- जयपुर । राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में शनिवार को चार चचेरी बहनों की एक तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह हादसा जिले के थामलाव गांव में हुआ। चचेरी बहनें नहाने के लिए तालाब में गईं थी लेकिन दुर्घटनावश गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को निकाला। रावत भाटा पुलिस थाने के हैड कांस्टेबल प्यारे लाल ने बताया कि मृतकों में पिंकी राजपूत, आशा, निशा व निक्की राजपूत हैं। चारों चचेरी बहनें थीं। पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।-file photo
- तिरुवनंतपुरम। केरल के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और कई नदियां उफान पर आ गईं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने राज्य के पांच जिलों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से दी गयी नवीनतम जानकारी के मुताबिक पथनमथिट्टा, कोट्टायम, एर्णाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा, पलक्कड़, मलाप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अरब सागर के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में व्यापक स्तर पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। विजयन ने राज्य के लोगों से अगले 24 घंटे के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील करते हुए एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि दक्षिण और मध्य जिलों में बारिश पहले ही शुरू हो चुकी है तथा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शाम तक उत्तरी जिलों में भी बारिश तेज हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के परिणामस्वरूप कुछ नदियों में जल स्तर बढऩे की आशंका है तथा कुछ बांधों का जल स्तर भी बढ़ सकता है। उन्होंने नदियों और बांधों के आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों को अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने के लिए तैयार रहने के लिए कहा है।राजधानी तिरुवनंतपुरम के चम्पकमंगलम में लगातार भारी बारिश के कारण शुक्रवार की रात एक घर की दीवार का एक हिस्सा गिरने के हादसे में दो बच्चे बाल-बाल बच गए। हादसे के समय दोनों बच्चे सो रहे थे और दोनों को मामूली चोटें आई हैं।जिलाधिकारी नवजोत खोसा ने लोगों को तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश के मद्देनजर पर्यटन स्थलों के अलावा नदियों और अन्य जल निकायों के पास जाने से बचने की सलाह दी है। इस बीच, राजस्व मंत्री के राजन ने आपदा प्रबंधन कार्यक्रमों के साथ समन्वय करने और राज्य भर में बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज दोपहर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों की एक बैठक बुलाई है।
- बिजनौर (उप्र)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में दूर दराज के एक इलाके में रामलीला में राजा दशरथ बने 62 वर्षीय कलाकार की ह्रदयाघात से मौत हो गयी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 65 किमी दूर अफजलगढ़ के हसनपुर गांव में गुरुवार रात को रामलीला मंचन के दौरान जब राम को वनवास के लिए भेजे जाने के दृश्य में राजा दशरथ बने 62 वर्षीय कलाकार राजेन्द्र सिंह वियोग में राम-राम चिल्लाकर विलाप करने लगे तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वह अचानक मंच पर गिर गये। हालांकि, दर्शकों को यह सब राजेंद्र के अभिनय का हिस्सा लगा और वे तालियां बजाने लगे। जब साथी कलाकारों ने उन्हें उठाना चाहा तो राजेन्द्र प्राण त्याग चुके थे। राजेंद्र पिछले 20 साल से दशरथ का ही किरदार निभा रहे थे।
- नोएडा। नोएडा में अलग-अलग सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार रात अब्दुल फारूक (23) मोटरसाइकिल से नोएडा एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली जा रहे थे। एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। अत्यंत गंभीर हालत में फारुक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रवक्ता ने बताया कि थाना कासना क्षेत्र के घंघोला गांव के पास एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना में नीतीश कुमार (22) की मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार एक अन्य युवक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि थाना बीटा-2 क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना में डॉक्टर शिखा भटनागर (36) तथा उनके पति सैवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने शिखा भटनागर को मृत घोषित कर दिया।
- गुमला। झारखंड के गुमला जिले में बिजली के झूलते तार की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार को डुमरटोली मोहल्ले में हुई। श्रमिक घटना के समय मिक्सचर मशीन ले जा रहे थे, तभी वह झूल रहे तार की चपेट में आ गए। घायलों को गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद इनमें से तीन को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान, रांची भेज दिया गया। उप संभागीय पुलिस अधिकारी मनीष चंद्र लाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।-file photo
-
नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने आज भारत में कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित एक गीत जारी किया। इसे पद्मश्री कैलाश खेर ने गाया है। इस अवसर पर श्री पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में कोविड-19 की वैक्सीन का उत्पादन और वितरण सफलतापूर्वक किया जा रहा है और शीध्र भारत सौ करोड वैक्सीन की खुराक देने की उपलब्धि हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि यह न केवल सरकारी कार्यक्रम है, बल्कि यह जन- आंदोलन है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि सरकार ने देश में कोरोना वैक्सीन की 97 करोड खुराक पहले ही दे दी गई हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र वैक्सीन की सौ करोड खुराक लाभार्थियों को दे दी जाएगीं। श्री मांडविया ने यह भी कहा कि वैक्सीन को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना एक बडी चुनौती थी और इस चुनौती का हम सब ने मिलकर सामना किया है और कामयाब हुए हैं।
- मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर की गंगा नहर में कथित तौर पर कूदने वाले 55 वर्षीय चिकित्सक का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि भोपा पुलिस थाना अंतर्गत गांधी कॉलोनी में रहने वाले आदर्श कुमार ने नहर में कथित तौर पर कूदकर सोमवार को आत्महत्या कर ली थी। उनका स्कूटर नहर के समीप खड़ा मिला था। कुमार के परिवार ने बताया कि वह अपने दामाद से जुड़े एक मामले को लेकर चिंतित थे।-file photo
- नयी दिल्ली । जम्मू कश्मीर प्रशासन में श्रम उपायुक्त के साथ कथित तौर पर दक्षिण दिल्ली के खानपुर इलाके में ‘ठक ठक' गिरोह के सदस्यों ने लूट की। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि 47 वर्षीय अधिकारी वसंत कुंज की रहने वाली हैं। पुलिस ने बताया कि दो-तीन दिन पहले जब वह कार से फरीदाबाद जा रही थीं,तभी स्कूटर सवार दो लोगों ने उन्हें खानपुर टी-प्वाइंट के पास रुकने का इशारा किया और कहा कि वाहन से ईंधन रिस रहा है। एक वारिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला के कार रोकने पर उनमें से एक ने उनका बैग छींन लिया,जिसमें दो हजार रुपये, एक एटीएम कार्ड और उनका पहचान पत्र था। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। उन्होंने बताया कि छीना-छपटी में महिला को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस मामला दर्ज करके जांच कर रही है।
- अहमदाबाद। गुजरात की भाजपा सरकार ने अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ की यात्रा करने वाले राज्य के आदिवासी समुदाय के सदस्यों को पांच हजार रुपये प्रति व्यक्ति की दर से वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है। यह घोषणा राज्य के पर्यटन एवं तीर्थ विकास मंत्री पुर्णेश मोदी ने की। गुजरात के डांग जिले में भगवान राम से जुड़े शबरी धाम में शुक्रवार को दशहरे के मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि अब से राज्य में भगवान राम से जुड़े तीर्थस्थलों पर राज्य स्तर का दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ का दर्शन करने जाने वाले आदिवासी समुदाय के तीर्थयात्रियों को पांच हजार रुपये प्रति व्यक्ति की दर से राज्य सरकार वित्तीय सहायता मुहैया कराएगी। उल्लेखनीय है कि शबरी धाम पर आयोजित राज्य स्तरीय दशहरा महोत्सव के दौरान गुजरात के विभिन्न आदिवासी नृत्यों का प्रदर्शन किया गया। मोदी ने कहा कि गुजरात सरकार डांग जिले के सतपुड़ा और नर्मदा जिले के केवडिया स्थित ‘स्टैच्यु ऑफ यूनिटी' के बीच पर्यटन सर्किट विकसित करने का काम कर रही है जिससे राज्य के पूर्वी आदिवासी जिले जुड़ेंगे।
- मिर्जापुर। मिर्जापुर जिले के पड़री थानाक्षेत्र में गुरुखुली गांव के पास शनिवार सुबह टहलने जा रही पांच महिलाओं को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे तीन बुरी तरह से घायल हो गयी । इनमें से दो की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गयी । अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि कि पांच महिलाएं रिंकी सिंह, संध्या, गिरिश, नेमा एवं सुधर्मा टहलने के लिए सुबह वाराणसी-मीरजापुर सड़क मार्ग पर निकली थीं। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी । वर्मा के अनुसार दुर्घटना में रिंकी सिंह, संध्या तथा गिरीश तीनों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हे उनके परिजनों द्वारा इलाज हेतु ट्रामा सेंटर वाराणसी ले गए। उनके अनुसार इलाज के दौरान रिंकी सिंह (42) एव संध्या (50) की मृत्यु हो गई तथा गिरीश का इलाज चल रहा है । पुलिस मामला दर्ज कर वाहन की तलाश कर रही हैं ।
- बलिया। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के सीताकुंड गांव में एक सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुंड गांव में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पुलिस से सेवानिवृत्त कृपाशंकर गुप्ता (63) ने घर के एक कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों को तब हुई, जब उनकी छोटी बहू ने खाना खाने के लिए उन्हें आवाज लगाई। दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के सदस्यों ने खिड़की से देखा कि वह फांसी से लटके हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची हल्दी थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कृपाशंकर गुप्ता तीन साल पहले छत्तीसगढ़ पुलिस से सेवानिवृत्त हुए थे। दो साल पहले इनकी पत्नी का निधन हो गया था तब से वह तनाव में रहने लगे थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
- ठाणे। महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी में एक थोक बाजार में भयंकर आग लगने से लकड़ी के फर्नीचर के करीब 40 गोदाम जलकर खाक हो गए। नगर निकाय के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि काशेली टोल प्लाजा के समीप स्थित महालक्ष्मी फर्नीचर बाजार में शुक्रवार रात करीब 11 बजे आग लगी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। ठाणे महानगरपालिका के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख संतोष कदम ने कहा, ‘‘एक फर्नीचर गोदाम में आग लगी जो तेजी से आसपास के गोदामों तक फैल गयी। इसमें करीब 40 गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गए।'' उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर ठाणे और भिवंडी के दमकल कर्मी, आरडीएमसी का एक दल और अग्निशमन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। कदम ने बताया, ‘‘आग पर आज सुबह चार बजकर 45 मिनट तक काबू पा लिया गया।'' आग लगने की वजह का पता नहीं चला है।
- कुल्लू ।हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के ढालपुर दशहरा मैदान पर भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा शुरू होने के साथ कल एक सप्ताह का पारंपरिक दशहरा महोत्सव शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की दो सौ से अधिक पालकी और हज़ारों अनुयायी महोत्सव में भाग ले रहे हैं। पूरी कुल्लू घाटी अगले सात दिनों तक ढोल और नगाड़ों तथा आध्यात्मिक संगीत से गूंजती रहेगी और श्रद्धालु 21 अक्तूबर तक कुल्लू में शिविरों में रहेंगे। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने दिए जलाकर दशहरा महोत्सव का उद्घाटन किया। पर्यटकों सहित श्रद्धालुओं की भीड़ सदियों पुराने सांस्कृतिक और धार्मिक महोत्सव को देखने के लिए टूट पड़ी है। कुल्लू दशहरे को 1972 में अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव घोषित किया गया था। File Pic
- नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कपिल सिब्बल समेत ‘जी 23’ समूह के कुछ नेताओं की ओर से पिछले दिनों सार्वजनिक रूप से बयान दिए जाने की पृष्ठभूमि में शनिवार को उन्हें निशाने पर लिया और नसीहत देते हुए कहा कि वह ही पार्टी की स्थायी अध्यक्ष हैं तथा उनसे बात करने के लिए मीडिया का सहारा लेने की जरूरत नहीं है।उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में यह भी बताया कि अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 30 जून तक पूरी की जानी थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण ही इसे टालना पड़ा तथा अब इसकी रूपरेखा पेश की जाएगी।सोनिया गांधी ने किसान आंदोलन, लखीमपुर खीरी हिंसा, महंगाई, विदेश नीति और चीन की आक्रामकता के मुद्दों को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा।कांग्रेस अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हमारे सामने कई चुनौतियां आएंगी, लेकिन अगर हम एकजुट रहते हैं एवं अनुशासित रहते हैं और सिर्फ पार्टी के हित पर ध्यान केंद्रित करते हैं तो मुझे पूरा विश्वास है कि हम अच्छा करेंगे।सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां आरंभ हो चुकी हैं।उन्होंने संगठानात्मक चुनाव का हवाला देते हुए कहा, ‘‘पूरा संगठन चाहता है कि कांग्रेस फिर से मजबूत हो। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि एकजुटता हो और पार्टी के हित को सर्वोच्च रखा जाए। इन सबसे ऊपर आत्मनियंत्रण और अनुशासन की जरूरत है।’’कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर देकर कहा, ‘‘अगर आप मुझे बोलने की इजाजत दें तो मैं पूर्णकालिक और सक्रिय अध्यक्ष हूं...पिछले दो वर्षों में कई साथियों और खासकर युवा नेताओं ने नेतृत्व करने की जिम्मेदारी उठाई है और पार्टी की नीतियों को लोगों तक लेकर गए हैं।’’उन्होंने जी 23 नेताओं को नसीहत देते हुए कहा, ‘‘मैंने सदा स्पष्टवादिता की सराहना की है। मुझसे मीडिया के जरिये बात करने की जरूरत नहीं है। इसलिए हम सभी यहां खुली और ईमानदार चर्चा करते हैं। लेकिन इस चहारदीवारी से बाहर जो बात जाए वो सीडब्ल्यूसी का सामूहिक फैसला होना चाहिए।’’सोनिया ने जम्मू-कश्मरीर में पिछले दिनों कई अल्पसंख्यकों की हुई हत्या की निंदा की और कहा कि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने और इस केंद्रशासित प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बहाल करने की जिम्मेदारी केंद्र की है।उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना का हवाला देते हुए कहा कि इससे किसान आंदोलन को लेकर भाजपा की सोच का पता चलता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने संसद से जो ‘तीन काले कानून’ पारित करवाएं हैं वो कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाले हैं।उन्होंने अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह सरकार अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का सिर्फ एक ही उपाय जानती है और यह है उन राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचना है जिनको बनाने में दशकों का समय लगा है।सोनिया ने आरोप लगाया, ‘‘मोदी सरकार का एक सूत्री एजेंडा ‘बेचो, बेचो और बेचो’ है...देश में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर, गैस सिलेंडर का दाम 900 रुपये और खाने के तेल की कीमत 200 रुपये के पार चली जाएगी। इससे लोगों के जीवन पर असहनीय बोझ पड़ रहा है।’’ उनके मुताबिक, केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों की मांग के बाद टीकाकरण नीति में बदलाव किया और सहकारी संघवाद आज भी भाजपा सरकार के लिए सिर्फ एक नारा मात्र है।विदेश नीति के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए सोनिया ने कहा, ‘‘देश में विदेश नीति को लेकर हमेशा एक व्यापक सहमति रही है। लेकिन मोदी सरकार ने विपक्ष को सार्थक ढंग से साथ लेने का प्रयास नहीं किया जिससे इससे यह सहमति कमजोर हुई है।’’उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार के लिए विदेश नीति चुनावी माहौल बनाने और ध्रुवीकरण का एक औजार बनकर रह गई है।सीमा पर चीन की आक्रमकता का उल्लेख करते हुए सोनिया ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने पिछले साल विपक्षी नेताओं से कहा था कि चीन ने हमारी सीमा के भीतर कोई कब्जा नहीं किया है और इसके बाद से उन्होंने जो चुप्पी साधी है उसकी कीमत देश चुका रहा है।’’कांग्रेस के ‘जी 23’ समूह के नेताओं की ओर से पार्टी के भीतर संवाद की मांग किए जाने और हाल के महीनों में कई नेताओं के पार्टी छोड़ने की पृष्ठभूमि में सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई है।
- देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच नवंबर को केदारनाथ जाकर पूजा करेंगे और 250 करोड़ रुपये की केदारपुरी पुनर्निर्माण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। एक महीने के भीतर राज्य का यह उनका दूसरा दौरा होगा।प्रधानमंत्री सात अक्टूबर को ऋषिकेश में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गए थे और वहां एक ऑक्सीजन संयंत्र का उद्घाटन किया था। अगले महीने होने वाली मोदी की केदारनाथ यात्रा की पुष्टि करते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री केदारनाथ मंदिर के दर्शन करने के अलावा 250 करोड़ रुपये की केदारपुरी पुनर्निर्माण परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं, जिसमें आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि से संबंधित परियोजना भी शामिल है।धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री केदारपुरी पुनर्निर्माण के दूसरे चरण की परियोजनाओं की आधारशिला भी रख सकते हैं, जिन पर 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी कई बार केदारनाथ आ चुके हैं। वह पिछले साल कोविड-19 महामारी के कारण केदारनाथ नहीं आ सके थे। महामारी से उत्पन्न स्थिति अपेक्षाकृत नियंत्रण में होने के बाद अब उनके मंदिर आने की अटकलें लगाई जा रही थीं। प्रधानमंत्री केदारपुरी पुनर्निर्माण परियोजनाओं की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। भैया दूज के अवसर पर 6 नवंबर से सर्दियों के लिए केदारनाथ धाम के कपाट बंद होना निर्धारित है। file photo
- भुवनेश्वर। ओडिशा के भुवनेश्वर से राजस्थान के जयपुर के बीच सीधी उड़ान दो नवंबर को शुरू होगी। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह जानकारी दी है।केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हाल में लिखे पत्र में सिंधिया ने कहा कि भुवनेश्वर-जयपुर मार्ग पर इंडिगो एयरलाइन सप्ताह में तीन उड़ानों का परिचालन करेगी। प्रधान ओडिशा से ही आते हैं। सिंधिया ने कहा, मुझे उम्मीद है कि मंदिरों के शहर भुवनेश्वर तथा गुलाबी नगरी जयपुर के बीच संपर्क से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे दोनों राज्यों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। ओडिशा सरकार इस मार्ग पर उड़ान की मांग कर रही थी। प्रधान ने इस बारे में 17 सितंबर को सिंधिया को पत्र लिखा था।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने की 24 तारीख को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 82वीं कड़ी होगी। प्रधानमंत्री ने लोगों से कार्यक्रम के लिए सुझाव देने को कहा है। नमो ऐप या माई जीओवी ओपन फोरम पर विचार भेजे जा सकते हैं। टोल फ्री नम्बर 1800-11-7800 पर कॉल करके हिंदी या अंग्रेजी में प्रधानमंत्री के लिए संदेश रिकॉर्ड कराया जा सकता है। फोन लाइन 22 अक्टूबर तक खुली रहेंगी। 1922 पर मिस्ड कॉल देकर एसएमएस से मिले लिंक से सीधे प्रधानमंत्री के लिए सुझाव भेजे जा सकते हैं।--
- नई दिल्ली। सरकार ने चार्टर्ड विमानों से विदेशी पर्यटकों को देश में आने की अनुमति दे दी है। गृह मंत्रालय ने 15 अक्तूबर से चार्टर्ड विमानों से भारत आने वाले विदेशियों को नया पर्यटक वीज़ा देना शुरू कर दिया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि विदेशी पर्यटकों, उनको भारत में लाने वाले विमानों और लैंडिंग केन्द्रों पर अन्य हितधारकों को स्वास्थ्य मंत्रालय से अधिसूचित कोविड मानकों का पालन करना होगा।कोविड महामारी के कारण विदेशियों को जारी सभी वीज़ा पिछले वर्ष निलंबित कर दिए गए थे। केन्द्र सरकार ने कोविड महामारी के फैलने पर रोक लगाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय यात्रा पर कई तरह के अन्य प्रतिबंध भी लगाए थे। कोविड स्थिति पर विचार करने के बाद विदेशी नागरिकों को भारत में आने और रहने के लिए पर्यटक वीज़ा को छोड़ कर किसी अन्य तरह के भारतीय वीज़ा देने की अनुमति दी गई थी।गृह मंत्रालय को कई राज्य सरकारों और पर्यटन क्षेत्र के कई हितधारकों से पर्यटक वीज़ा शुरू करने और भारत में विदेशी पर्यटकों को आने की अनुमति देने के अनुरोध मिले थे। गृह मंत्रालय ने स्वास्थ्य, विदेश, नागरिक विमानन, पर्यटन मंत्रालयों और राज्य सरकारों जैसे प्रमुख हितधारकों के साथ विचार-विमर्श किया। विभिन्न मुद्दों पर विचार करने के बाद गृह मंत्रालय ने चार्टर्ड विमानों से भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों को 15 अक्तूबर 2021 से नया पर्यटक वीज़ा देना शुरू करने का फैसला किया।
-
संभल/सिरौली। मुंडन कराकर लौट रहा सिरौली के गांव पल्था का परिवार बदायूं-मेरठ स्टेट हाईवे पर हादसे का शिकार हो गया। हादसे में तीन साल के उस बच्चे की मौत हो गई जिसका मुंडन कराया गया था। उसकी 10 वर्षीय बहन ने भी दम तोड़ दिया। बच्चों के माता-पिता समेत आठ लोग घायल हो गए।
गुन्नौर सीओ राकेश कुमार ने बताया कि सिरौली के गांव पल्था निवासी प्रकाश सिंह तीन वर्षीय बेटे शिवांश का मुंडन कराने मैक्स से परिवार के साथ जुनावई (संभल) क्षेत्र के गांव कादराबाद में कालिका मंदिर पर गए थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुंडन कराकर गांव लौट रहे थे। मैक्स में बच्चों समेत करीब 22 लोग सवार थे। बदायूं हाईवे पर मैक्स का पहिया खराब हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक मैक्स को डिवाइडर के पास रोककर पहिया ठीक करने लगा। प्रकाश सिंह कुछ और लोगों के साथ डिवाइडर पर बैठ गए। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल ने मैक्स को टक्कर मारी और फिर डिवाइडर पर बैठे लोगों को रौंदते हुए दूसरीलेन में पहुंच गया।हादसे में तीन वर्षीय शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को पहले जुनावई स्थित सीएचसी और फिर मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मुरादाबाद में शिवांश की बहन राधिका (10) को भी मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक प्रकाश, उनकी पत्नी समेत आठ गंभीर घायलों का उपचार चल रहा है।
गुन्नौर सीओ राकेश कुमार ने बताया कि हादसे में दो बच्चों की मौत की सूचना है। आरोपी कैप्सूल चालक फरार है। -
भरतपुर। भरतपुर के सेवर थाना इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक कार ने सड़क पर खड़े तीन लोगों को रौंद दिया। तीनों की मौत हो गई। मरने वालों में ट्रेलर के ड्राइवर और खलासी थे। दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। फिलहाल मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसा सेवर थाना इलाके के गांव महुआ और सिनपिनी गांव के बीच हुआ। मृतकों के साथ उनका एक चौथा साथी भी था। पुलिस के अनुसार चौथे साथी रसीद ने बताया कि वह दो ट्रेलर में किशनगढ़ से मार्बल और जोधपुर की तरफ से चूना भरकर ला रहे थे। मार्बल का ट्रेलर उड़ीसा और चूने का ट्रेलर कलकत्ता जाना था। उनके साथ दोनों ट्रेलर का मालिक जफरू खान भी था। माल लोड कर आते समय अचानक एक ट्रेलर का पहिया पंचर हो गया। ट्रेलर के पहिए को बदलने के लिए वह महुआ और सिनपिनी गांव के बीच रुके। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर दोनों ट्रेलर में सवार चारों लोगों ने मार्बल के ट्रेलर का पहिया बदला। इसके बाद रसीद पहिए बदलने के औजार रखने ट्रेलर की दूसरी तरफ गया। कुर्शेद, जफरू और कमलेश ट्रेलर के पहिए को चेक कर रहे थे। इतने में एक कार आई और तीनों को रौंदकर चली गई।
रसीद को जोर से टक्कर मारने की आवाज आई। दूसरी तरफ पहुंचा तो सड़क पर तीनों पड़े हुए थे। रसीद तीनों को संभाल ही रहा था कि हाईवे पेट्रोलिंग की गाड़ी पहुंची। तीनों को आरबीएम अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने कुर्शेद और जफरू को मृत घोषित कर दिया। कमलेश को इलाज के लिए भर्ती कर लिया, लेकिन कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। रसीद ने तीनों मृतक के परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी। -
लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमेटियों का ऐलान किया है। इसमें पीएल पुनिया को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। सलमान खुर्शीद को घोषणापत्र समिति, राजेश मिश्रा को रणनीति समिति, प्रमोद कृष्णम को चार्जशीट कमेटी और निर्मल खत्री को समन्वय समिति प्रमुख बनाया गया है। -
10 रुपए ट्रांजेक्शन की कोशिश में 1 लाख 63 हजार रुपए की ठगी...!
दूसरे मामले में पति की मोबाइल से पत्नी से ठगी...!
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ठगों ने नारनौंद एरिया के दो लोगों को निशाना बनाते हुए उनसे 4 लाख 67 हजार रुपए ठग लिए है। हैकर्स ने खुद को जानकार बताते हुए उधार लिए पैसे खाते में भेजने व नौकरी दिलवाने की बात बोलकर यह ठगी की है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हांसी निवासी सतीश ने बताया कि उसने गुरुग्राम के एचडीएफसी बैंक में खुद का खाता खुलवाया हुआ है। शुक्रवार दोपहर को उसके पास एक युवती का फोन आया। युवती ने उससे कहा कि वह नौकरी डॉट कॉम से बोल रही है और उसने एक करियर साइट पर उसका रजिस्ट्रेशन कर दिया है। लेकिन नौकरी के लिए रजिस्ट्रेशन करने के लिए खाते में एक बार 10 रुपए की ट्रांजेक्शन करनी पड़ती है। सतीश ने जब उस बैंक खाते में 10 रुपए भेजने की कोशिश की तो ट्रांजेक्शन रिजेक्ट हो गई। इसलिए उसने दोबारा 10 रुपए भेजने का प्रयास किया। कुछ देर बाद उसके बैंक से मैसेज आया कि उसके खाते से दो बार में 1 लाख 63 हजार रुपए निकाले गए हैं। इसके बाद उसको समझ आया कि उसका खाता हैक कर लिया गया है और उसके साथ यह फ्रॉड किया गया है।
पुलिस के अनुसार दूसरे मामले में मदनहेड़ी वासी बिमला ने बताया कि शुक्रवार को उसके पति अनुराग का फोन घर पर ही रह गया था। दोपहर को अनुराग के फोन पर किसी का फोन आया। फोन करने वाले ने उससे कहा कि वह उसके पति का दोस्त बोल रहा है और उसके खाते में कुछ पैसे भेज रहा है। महिला के अनुसार, उसने सोचा कि जरूर पति का दोस्त ही होगा। इसलिए उसने उसे पैसे भेजने के लिए हामी भर दी। इसके बाद फोन करने वाले ने उसके नंबर पर तीन बार लिंक भेजे। जब शाम को अनुराग घर आए तो फोन चेक करने के बाद उनको पता चला कि उनके खाते से तीन बार में तीन लाख रुपए निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामले में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। -
जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र के फुलसहरी गांव में एक महिला की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या की बात कबूली है। पुलिस के अनुसार आरोपी सामा पुजहर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी जोसना पुजहर किसी दूसरे युवक से बात कर रही थी। उसे शक हुआ तो उसने पत्नी से पूछताछ की, लेकिन वह लगातार बातें छिपाती रही और विवाद बढ़ गया। गुस्से में उसने घर में रखी कुल्हाड़ी निकाली उससे प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या आरोपी पति सामा को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया। -
जयपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने से 2 भाइयों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है पार्वती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। मूर्ति विसर्जन के दौरान दो सगे भाइयों समेत पांच लोग डूब गए। जब तक इन्हें बचाया जाता इनकी मौत हो चुकी थी। ये सभी शुक्रवार को दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे लेकिन ये हादसा हो गया। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि दरअसल, धौलपुर जिले में बसेड़ी के भूतेश्वर इलाके में भूतेश्वर मंदिर के पास पार्वती नदी में गांव वाले दुर्गा प्रतिमा विसर्जित कर रहे थे। इसी दौरान गांव के पांच युवक दुर्गा प्रतिमा के साथ पार्वती नदी के गहरे पानी में उतर गए, लेकिन मूर्ति ज्यादा वजनी होने के कारण इनका बैलेंस बिगड़ा और सब एक के बाद एक नदी में डूबते चले गए। इसी बीच गहरे पानी में जाने के कारण पांच युवाओं की डूबकर मौत हो गई। इसके बाद नदी किनारे कोहराम मच गया. लोगों ने युवाओं को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन, सफलता नहीं मिली।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक युवकों के साथ आए गांव वालों ने चारों को डूबता देख शोर मचाया। गश्त कर रहे पुलिस दल ने गोताखोरों को बुलाया। पहले राजेश और सत्यपाल के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद रणवीर, घनश्याम और कृष्णा की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद शव भी बाहर निकाले गए। पुलिस के अनुसार मृतक राजेश और रणवीर दोनों सगे भाई थे।














.jpg)
.jpg)











.jpg)