- Home
- देश
- नयी दिल्ली। रशियन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (आरडीआईएफ) और गैमेलिया सेंटर ने बुधवार को कहा कि स्पूतनिक लाइट की एक खुराक वाला टीका पहले तीन महीने में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप से संक्रमण के खिलाफ 70 प्रतिशत प्रभाव दिखाता है। आरडीआईएफ ने एक बयान में कहा कि गैमेलिया सेंटर ने डेल्टा स्वरूप के खिलाफ स्पूतनिक लाइट टीके के प्रभाव का विश्लेषण करते हुए एक लेख मेडआरएक्सआईवी प्रीप्रिंट सर्वर फॉर हेल्थ साइंसेज को दिया है। बयान के अनुसार विश्लेषण 28,000 प्रतिभागियों से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित था जिन्हें स्पूतनिक लाइट की एक खुराक दी गयी थी। उनकी तुलना टीका नहीं लगवाने वाले 56 लाख लोगों के समूह से की गयी। अध्ययन में इस्तेमाल आंकड़े जुलाई 2021 में मॉस्को में एकत्रित किये गये थे। आरडीआईएफ ने कहा, ‘‘टीका 60 साल से कम उम्र के लोगों में 75 प्रतिशत से अधिक प्रभावी है। स्पूतनिक लाइट गंभीर बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने के मामलों में भी अत्यधिक प्रभाव दिखाता है।'' एक खुराक वाले स्पूतनिक लाइट टीके को 15 से अधिक देशों में मंजूरी प्राप्त है और 30 अन्य देशों में इसके पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है।
- लातूर। महाराष्ट्र के लातूर नगर निकाय ने महिलाओं और छात्राओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और शहर के पास के ग्रामीण इलाकों में कचरा प्रबंधन योजना की घोषणा की। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निकाय प्रशासन ने महापौर विक्रांत गोजमगुंडे की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई एक बैठक में इन मामलों के संबंध में निर्णय लिया। अधिकारी ने कहा कि शहर की जाति आधारित कॉलोनियों के नाम बदलने, ई-वाहनों के लिए नीति के क्रियान्वयन तथा अन्य मामलों को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि निकाय ने शहर में महिलाओं और छात्राओं को मुफ्त यात्रा, हर वार्ड में सब्जी बाजार विकसित करने और कर्मचारियों के लिए अलग पेंशन खाते खोलने तथा म्युनिसिपल स्कूलों के नाम बदलने को मंजूरी दी।
- नयी दिल्ली। भारत ने जुलाई, 2020 से जून, 2021 के दौरान सौर और पवन ऊर्जा क्षमता में कुल 6,530 मेगावॉट का इजाफा किया है। स्वच्छ प्रौद्योगिकी क्षेत्र में परामर्श देने वाली कंपनी ब्रिज टू इंडिया की बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में यह कहा गया है। कुल क्षमता में 6,530 मेगावॉट की वृद्धि पिछले साल की तुलना में तीन प्रतिशत अधिक है।रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘जुलाई, 2020 से जून, 2021 के दौरान सौर और पवन ऊर्जा क्षमताओं में 6,530 मेगावॉट की वृद्धि हुई। सालाना आधार पर यह तीन प्रतिशत अधिक है।'' रिपोर्ट के अनुसार कुल क्षमता में गुजरात ने आलोच्य अवधि में सर्वाधिक 2,256 मेगावॉट क्षमता जोड़ी है। उसके बाद राजस्थान (1,438 मेगावॉट) और उत्तर प्रदेश (822 मेगावॉट) का स्थान है।
- नयी दिल्ली। रक्षा मंत्रालय एक नयी योजना के तहत सैनिक स्कूल सोसाइटी से संबद्ध होने वाले 100 स्कूलों में कक्षा छह के अधिकतम 50 छात्रों को हर साल 40,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को रक्षा मंत्रालय के तहत सैनिक स्कूल सोसाइटी के साथ शैक्षणिक वर्ष 2022-23 से सरकारी और निजी क्षेत्रों में 100 स्कूलों की संबद्धता को मंजूरी दी थी। अधिकारियों ने बताया कि नए स्कूलों में कक्षा छह में प्रवेश के साथ शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। इसलिए पहले वर्ष छात्रवृत्ति उन छात्रों के लिए होगी और कक्षा 12 के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति उत्तरोत्तर बढ़ायी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इस योजना के तहत कक्षा छह से कक्षा 12 तक प्रति वर्ष 50 छात्रों तक 50 प्रतिशत फीस की छात्रवृत्ति देने की परिकल्पना की गयी है जिसकी ऊपरी सीमा 40,000 रुपये प्रति वर्ष होगी। शुरू में, वित्तीय सहायता के कारण हर साल प्रति स्कूल प्रति कक्षा अधिकतम व्यय 20 लाख रुपये होगा। 100 स्कूलों में से प्रत्येक को मौजूदा किसी सैनिक स्कूल के तहत रखा जाएगा। अभी देश भर में 33 सैनिक स्कूल संचालित हैं।-
- आगरा (उप्र)। आगरा जिले के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के प्रकाशनगर में बुधवार की सुबह रेल की पटरी पर दो युवकों की लाश मिली। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और जीआरपी ने शिनाख्त के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एत्माद्दौला थाना के निरीक्षक देवेंद्र शंकर पाण्डेय ने बताया कि युवकों की मौत हादसे में हुई या हत्या का मामला है, इसकी जांच की जा रही। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पास की एक फैक्टरी में काम करते थे और मंगलवार रात से ही लापता थे। उन्होंने बताया कि पटरी पर जिन दो युवकों की लाश मिली है, उनकी पहचान एत्माद्दौला थाना के प्रकाशनगर निवासी मनीष (22) और दुर्गानगर थाना क्षेत्र के आकाश के तौर पर की गई है। file photo
- जमशेदपुर। झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित बांसपानी स्टेशन पर मंगलवार को लगभग दो सौ हथियारबंद अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की जिसमें करोड़ों की संपत्ति नष्ट हो गई और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के पांच से ज्यादा कर्मी घायल हो गए। दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) की ओर से बुधवार को जारी बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया है कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आरपीएफकर्मियों ने एक युवा पर अत्यधिक बल प्रयोग किया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। इससे आक्रोशित भीड़ ने फावड़े, बेलचे चाकू और अन्य औजारों के साथ एसईआर के चक्रधरपुर डिवीजन के तहत बांसपानी स्टेशन के स्टेशन मास्टर पर मंगलवार रात आठ बजकर 25 मिनट पर हमला कर दिया। इसके बाद भीड़ ने रेलवे सम्पत्तियों और आधिकारिक दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया। बयान के अनुसार, स्टेशन मास्टर और ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मचारी परिसर से निकलने में कामयाब हो गए।इसके बाद भीड़ आरपीएफ बैरक तक पहुंची और कर्मियों पर धारदार हथियारों से वार किया जिससे पांच कर्मचारी घायल हो गए। सभी पांच कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
- झाबुआ (मप्र) । मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में वर्दी में कथित तौर पर शराब पीने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। झाबुआ पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी ने बुधवार को बताया कि सोशल मीडिया में वायरल हुए एक वीडियो में जिले की पारा पुलिस चौकी पर तैनात कार्यवाहक सहायक आरोपी उपनिरीक्षक (एएसआई) लाल सिंह चौहान और आरोपी प्रेमचंद परमार वर्दी में शराब पीते नजर आ रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को अनुशासित रखने में विफल रहने पर पारा पुलिस चौकी के प्रभारी को भी हटा दिया है और उन्हें जिला पुलिस लाइन में तैनात किया गया है।
- अहमदाबाद। गुजरात के वडोदरा जिले में वैवाहिक विवाद और एकतरफा प्यार में व्यक्ति ने पत्नी और छह साल की बेटी की कथित रूप से हत्या कर दी । इसके लिए पति ने इंटरनेट पर जहर देकर मारने के तरीके भी 'सर्च' किए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त एल जाला ने बताया कि पुलिस ने आरोपी तेजस पटेल को कथित रूप से पत्नी शोभना (36) और बेटी काव्या की दस अक्टूबर को हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है । अधिकारी ने बताया कि सामा इलाके में अपनी ससुराल में रहने वाले आरोपी पटेल ने 11 अक्टूबर की तड़के अपने साले को बताया कि शोभना और काव्या किसी कारण वश अचेत हो गयी है। उन्होने बताया कि आरोपी पटेल और परिवार के अन्य सदस्यों ने शोभना और काव्या को अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । जाला ने बताया कि पोस्टमार्टम में महिला के गले पर चोट के निशान पाए गए और चिकित्सकों ने उनके पेट में विषाक्त पदार्थ भी पाया। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने आरोपी पटेल के आवास की तलाशी ली तो बहुमंजिला इमारत की छत पर चूहे मारने का पदार्थ मिला। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक चली लंबी जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी पटेल ने हाल ही में इंटरनेट पर ''चूहे मारने का जहर'', ''जहर से किस तरह मारे'', ''मौत किस तरह दें'', ''तकिये का इस्तेमाल कर किस तरह मारे'' 'सर्च' किया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 10 अक्टूबर की रात को उसने पत्नी और बेटी को मारने के लिए खाने में चूहे वाला जहर मिला दिया था। अधिकारी के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि दोनों के जिंदा होने का पता चलने पर उसने पत्नी का हाथों से गला घोंटा और तकिये का इस्तेमाल कर बेटी का दम घोट दिया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी पटेल ने वैवाहिक विवाद में पत्नी और बेटी की हत्या की। file photo-
- नयी दिल्ली। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में बेमौसम बारिश की वजह से आपूर्ति घटने के कारण मेट्रो शहरों के खुदरा बाजारों में टमाटर की कीमतें 72 रुपये प्रति किलोग्राम की ऊंचाई तक पहुंच गई हैं। महानगरों में, टमाटर के खुदरा मूल्य में सबसे अधिक वृद्धि कोलकाता में देखी गई, जहां इस प्रमुख सब्जी की कीमत 12 अक्टूबर को 72 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जबकि एक महीने पहले यह कीमत 38 रुपये प्रति किलोग्राम थी। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली और चेन्नई में, टमाटर की खुदरा कीमतें एक महीने पहले की तुलना में क्रमशः 30 रुपये और 20 रुपये प्रति किग्रा से बढ़कर 57 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। आंकड़ों से पता चलता है कि मुंबई में, खुदरा बाजारों में टमाटर की कीमत पहले के 15 रुपये किलो से बढ़कर 53 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। टमाटर की खुदरा कीमतें गुणवत्ता और बिक्री वाले इलाके के आधार पर भिन्न होती हैं।आजादपुर टमाटर संघ के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने बुधवार को बताया, ‘‘मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे उत्पादक राज्यों में बेमौसम बारिश ने फसल को नुकसान पहुंचाया है, जिससे दिल्ली जैसे उपभोक्ता बाजारों में आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे थोक और खुदरा दोनों बाजारों में कीमतों में वृद्धि हुई है।'' राष्ट्रीय राजधानी में स्थित आजादपुर मंडी फलों और सब्जियों के लिए एशिया का सबसे बड़ा थोक बाजार है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि शिमला जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में भी बेमौसम बारिश के कारण फसल प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश वाले उत्पादक राज्यों में टमाटर की 60 प्रतिशत फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने कहा कि नतीजतन, एक महीने में टमाटर की कीमतें आजादपुर मंडी में लगभग दोगुनी होकर 40-60 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं, क्योंकि इस सब्जी की दैनिक आवक 250-300 टन रह गई है। मौजूदा समय में, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के प्रमुख उत्पादक राज्यों में कटाई चल रही है। टमाटर की फसल बोने के लगभग दो-तीन महीने में कटाई के लिए तैयार हो जाती है और बाजार की आवश्यकता के अनुसार कटाई की जाती है। नेशनल हॉर्टिकल्चरल रिसर्च एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन के अनुसार, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक देश भारत, 7.89 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से लगभग 25.05 टन प्रति हेक्टेयर की औसत उपज के साथ करीब 1.975 करोड़ टन टमाटर का उत्पादन करता है।
- नयी दिल्ली । सरकार ने ब्रिटेन से आने वाले लोगों पर कोविड-19 से जुड़ी अतिरिक्त पाबंदियां लगाने वाला एक यात्रा परामर्श वापस ले लिया है। कोविशील्ड टीके की दोनों खुराक लगवाने के बाद भारत से ब्रिटेन जाने वाले लोगों के लिए अनिवार्य जांच और पृथक-वास के नियमों को ब्रिटिश सरकार द्वारा स्थगित किये जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने 11 अक्टूबर को जारी एक आधिकारिक ज्ञापन में कहा कि उभरते परिदृश्य के आधार पर, यह निर्णय लिया गया है कि संशोधित दिशानिर्देश वापस लिया गया माना जाए और अंतरराष्ट्रीय आगमन पर 17 फरवरी को जारी पूर्व के दिशानिर्देश ब्रिटेन से आने वाले सभी यात्रियों पर लागू होंगे। उल्लेखनीय है कि 17 फरवरी से यात्रा नियमों के मुताबिक एयरलाइनों को ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों को विमान में सवार करने से पहले उनकी आरटी-पीसीआर जांच की नेगेटिव रिपोर्ट सुनिश्चित करनी है। आगमन पर उन्हें भारतीय हवाई अड्डे पर और निकास पर नमूना देने की जरूरत है। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने पर उन्हें पृथक-वास में रहना होगा और उपचार कराना होगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उनहें सात दिनों के लिए घर पर पृथक रहने की जरूरत होगी और दोबारा जांच करानी होगी। भारत ने एक अक्टूबर से यह नया नियम लागू किया कि भारत पहुंच रहे ब्रिटिश नागरिकों को चार अक्टूबर से अनिवार्य रूप से 10 दिन पृथक-वास में रहना होगा। भारत ने दोनों देशों के बीच टीका विवाद के बाद यह जवाबी कदम उठाया था। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविशील्ड टीके को मान्यता तो दे दी थी लेकिन टीके की दोनों खुराक ले चुके भारतीय यात्रियों के लिए 10 दिन के पृथक-वास के प्रावधान को बरकार रखा था, जिसके बाद भारत ने यह घोषणा की थी। बाद में, ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा था कि ब्रिटेन को भारत की टीका प्रमाणन प्रक्रिया से कुछ समस्या है ना कि कोविशील्ड टीके से। हालांकि, ब्रिटेन ने पिछले हफ्ते भारत सहित 47 गंतव्यों के लिए कोविड-19 से जुड़ी सख्त यात्रा पाबंदियों को रद्द कर दिया। इसके बाद, भारत ने भी ब्रिटेन से आने वालों की कोविड जांच और पाबंदियां हटा ली।
- नयी दिल्ली। इन्फोसिस के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) प्रवीन राव चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कंपनी जल्द अपने नयी कॉरपोरेट संरचना की घोषणा करेगी। इन्फोसिस ने बुधवार को कहा कि कंपनी में नेतृत्व प्रदान करने वाले लोगों का एक मजबूत समूह है। इसके साथ ही कंपनी ने कहा कि उसे भविष्य में शीर्ष स्तर के पदों के लिए किसी तरह की चुनौती नजर नहीं आती। इन्फोसिस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक सलिल पारेख ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अपनी संरचना को लेकर चीजें तय कर ली हैं। आगामी सप्ताहों में हम आंतरिक तौर पर इनकी घोषणा करेंगे। उसके बाद हम इसकी जानकारी देंगे। जल्द आपको इसके बारे में पता चलेगा।
- सहारनपुर। उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले की नगर कोतवाली के अन्तर्गत गुच्छा मार्किट में बुधवार को संपत्ति विवाद में सगे छोटे भाई ने ही बड़े भाई को कथित रूप से गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) राजेश कुमार ने बताया कि शालीमार गार्डन निवासी प्रदीप वर्मा की नगर कोतवाली क्षेत्र के गुच्छा बाजार में चाट की दूकान है। प्रदीप का अपने छोटे भाई आरोपी संजय वर्मा के साथ इसी दूकान को लेकर विवाद चला रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम आरोपी संजय वर्मा अपने भाई की दूकान पर आया और अचानक उस पर अंधाधुंध गोली चलानी शुरू कर दी। इनमे दो गोलियां प्रदीप को लगी जबकि दो गोलियों का निशाना चूक गया। कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी संजय को उसकी लाइसेसी रिवाल्वर सहित पकड़ लिया जबकि प्रदीप को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
- मुंबई ।दक्षिण मुंबई में फुटपाथ पर सोने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की कथित रूप से पत्थर से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को हत्या के आरोप में राजेश (35) को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब एक राहगीर ने दक्षिण मुंबई में खाड़ा पारसी जंक्शन के पास खून से लथपथ एक व्यक्ति के पड़े की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि आरोपी और पीड़ित दोनों जंक्शन के पास एक ही फुटपाथ पर सोते थे, लेकिन सोमवार की रात सोने की व्यवस्था को लेकर दोनों में तीखी बहस हो गई। अधिकारी ने बताया कि गुस्से में आकर आरोपी ने व्यक्ति पर कंक्रीट के ब्लॉक (पत्थर) से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर, पुलिस ने आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कहा कि कुछ ही दिनों में कोविड रोधी टीकाकरण का आंकड़ा ऐतिहासिक 100 करोड़ को पार कर लेगा। उन्होंने कहा कि भारत टीके की आपूर्ति को मजबूत कर रहा है और अक्टूबर में 28 करोड़ से ज्यादा खुराकों का उत्पादन होगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मांडविया ने कहा कि पात्र आबादी में से करीब 73 प्रतिशत को कोविड रोधी टीके की कम से कम एक खुराक लगाई जा चुकी है जबकि तकरीबन 29 प्रतिशत जनसंख्या को दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्यों के पास अब टीके की आठ करोड़ से अधिक खुराकें हैं। मंत्री ने कहा कि इस महीने 28 करोड़ खुराकें उपलब्ध होंगी जबकि सितंबर में 22 करोड़ खुराकें मुहैया थी। उन्होंने कहा कि 28 करोड़ में से करीब 22 करोड़ खुराकें कोविशील्ड टीके की होंगी और कोवैक्सीन टीके की छह करोड़ खुराकें मुहैया होंगी। उन्होंने बताया कि लगभग 60 लाख डीएनए टीकों का उत्पादन किया जाएगा। मांडविया ने बताया कि अबतक करीब 97 करोड़ खुराकें लगाई जा चुकी हैं और अगले सप्ताह, संभवत: 19 या 20 अक्टूबर तक देश में टीके की खुराकें लगाने की संख्या 100 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय की फिलहाल बूस्टर खुराक देने की कोई योजना नहीं है क्योंकि इस मामले पर विशेषज्ञों की राय अभी स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने समग्र टीकाकरण कार्यक्रम पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शायद ही कोई राज्य अब टीकों की कमी को लेकर शिकायत कर रहा है। महामारी के कारण छठ पूजा पर रोक को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बारे में पूछे जाने पर सूत्रों ने कहा कि सभी राज्यों में त्योहार मानने को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) हैं और इस पर कोई राजनीति नहीं की जानी चाहिए। दिल्ली सरकार ने इस संबंध में मांडविया को पत्र लिखा है। दरअसल, भाजपा की प्रदेश इकाई ने इसे लेकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा है। यह पूछे जाने पर कि क्या केंद्र सरकार टीकों का निर्यात फिर से शुरू करने पर विचार कर रही है, तो आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि घरेलू जरूरतें पूरी होने के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा।
-
पटना। पटना सिटी में पूजा पंडाल के पास ही जमीन कारोबारी बबलू चौधरी की (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार देर रात 2 बजे की है। वारदात बबलू के पूजा पंडाल से घर जाने के दौरान हुई। पीछे से आए बदमाशों ने बबलू पर फायरिंग कर दी। एक गोली बबलू की पीठ में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज किसी ने नहीं सुनी, जिस वजह से घटना की जानकारी लोगों को काफी देर बाद हुई। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने बताया कि बबलू चौधरी के घर के पास ही एक पूजा पंडाल बना है। मंगलवार देर रात 2 बजे बबलू वहीं था। पंडाल के बगल में ही बबलू अपने कुछ साथियों के साथ बैठकर ताश खेला। इस दौरान वहां पर कुछ लोगों से उसकी झड़प भी हुई थी। यहां से कुछ देर बाद बबलू जालान स्कूल के पास स्थित अपने घर जाने के लिए निकला। तभी पीछे से बदमाश आए और उस पर फायरिंग कर दी। घटना पूजा पंडाल से महज चंद कदम दूर ही पर घटी, लेकिन किसी को भी कुछ पता नहीं चला। काफी देर बाद लोगों ने शव देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। -
रेवाड़ी। रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी महिला को रौंद दिया। हादसे के समय पास ही खड़ा महिला का पति बाल-बाल बच गया। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। बावल थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के अलवर जिले के गांव लोका का बास निवासी अजय सिंह बावल में मजदूरी करते हैं। मंगलवार शाम वह अपनी पत्नी कांता (22) के साथ घर जाने के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस रोड पर खड़ा था वाहन का इंतजार कर रहा था। उस दौरान दिल्ली की ओर से आई कार ने कांता को रौंद दिया। हादसे में अजय बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। कांता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बावल के सरकारी अस्पताल में कांता के शव का पोस्टमार्टम हुआ। बावल थाना पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी हैं। अजय सिंह के अनुसार वह मजदूरी कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। -
बैतूल (मप्र)। बैतूल जिले में 12वीं कक्षा का एक छात्र मंगलवार को कथित रूप से अपनी महिला मित्र के साथ सेल्फी खींचने के चक्कर में अचानक कोसमी बांध में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि मंगलवार दोपहर किला खंडारा निवासी 17 वर्षीय शुभम कास्दे अपनी महिला मित्र के साथ गांव से मोटरसाइकिल से कोसमी बांध घूमने आया था। बांध पर आने के बाद उसने मोबाइल से कई सेल्फी लीं। उन्होंने कहा कि इसके बाद शुभम अपनी मित्र के साथ बांध के किनारे खड़े होकर फोटो खिंचवाने लगा। इसी दौरान किनारे पर होने के कारण वह फिसल गया और सीधे बांध के गहरे पानी में जा गिरा। हिंगवे ने कहा कि उसके बांध में गिरते ही युवती घबरा गई। उसने तत्काल गांव के परिचितों को घटना की जानकारी देकर मौके पर बुलाया, लेकिन तब तक शुभम गहरे पानी मे डूब चुका था। उन्होंने बताया कि गांव वालों ने पहुच कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद होमगार्ड के गोताखोरों ने शुभम की तलाश शुरू की और थोड़ी देर बाद शुभम का शव निकाला गया। -
नयी दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का कार्डियोथोरैसिक साइंस सेंटर 17 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार को ऐसे मरीजों के लिए विशेष क्लिनिक का संचालन करेगा, जिनकी वाल्व सर्जरी हुई है और उन्हें खून का थक्का जमने की समस्या को लेकर लगातार डॉक्टरी निगरानी की जरूरत है। एंटीकॉगुलेशन का उपयोग हृदय संबंधी सर्जरी के बाद प्रॉस्थेटिक वाल्व में खून का थक्का जमने से रोकने के लिए किया जाता है। ऐसा कोई भी मरीज जिसकी वाल्व सर्जरी हुई है या जो खून का थक्का जमने से रोकने के लिए दवाएं ले रहा है, उसे क्लिनिक में आने की अनुमति होगी। एम्स के कार्डियोथोरैसिक साइंस सेंटर द्वारा मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, ‘‘वाल्व सर्जरी कराने वाले ऐसे मरीज जिन्हें खून का थक्का जमने के खतरे को लेकर लगातार डॉक्टरी निगरानी के लिए अस्पताल आने की जरुरत होती है, उनके लिए कार्डियोथोरैसिक सेंटर 17 अक्टूबर से ‘एंटी-कोगुलेशन क्लिनिक' शुरू करने जा रहा है।'' उसमें कहा गया है, ‘‘सिर्फ उन्हीं मरीजों को अपने ओपीडी के स्थान पर इस क्लिनिक में आने की सलाह दी जाती है, जिनकी हालत स्थिर बनी हुई है और जिन्हें सर्जरी के तुरंत बाद कोई परेशानी नहीं आयी हो। जिन मरीजों में लक्षण दिख रहे हों या जिन्हें करीबी निगरानी या देखभाल की जरुरत है, वे अपने पुराने ओपीडी में ही जाएं।'' क्लिनिक का प्रबंधन कार्डियोथोरैसिक साइंस सेंटर विभाग के दो वरिष्ठ रेजीडेंट करेंगे और इसकी निगरानी विभाग के ही एक कंसल्टेंट द्वारा किया जाएगा। इन सभी की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगेगी। इसके लिए कार्डियोलॉजी विभाग, कार्डियक रेडियोलॉजी विभाग और कार्डियक बायोकेमिस्ट्री विभाग, इकोकार्डियोग्राफी, सिनेएंजियोग्राफी और पीटी-आईएनआर मुहैया कराएंगे। सेंटर की ओपीडी सेवा सुचारू रुप से चलती रहे इसके लिए मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन और नर्सिंग सर्विस भी इसमें हिस्सा लेंगे। सेंटर द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, ‘‘कार्डियोथोरैसिक साइंस सेंटर और कार्डियोलॉजी विभाग के सभी कंसल्टेंट ऐसे मरीजों को, जिनकी हालत स्थिर है, आगे के फॉलोअप के लिए यहां भेज सकते हैं। अगर मरीज को ज्यादा देखभाल की जरूरत हुई तो उसे, सर्जरी करने वाले सर्जन के पास रेफर कर दिया जाएगा। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) को 2025-26 तक जारी रखने को मंगलवार को मंजूरी प्रदान कर दी जिसका लक्ष्य स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन के परिणामों को बनाए रखना एवं उनकी गति बढ़ाना है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई । सरकारी बयान के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत खुले में शौच से मुक्ति (ओडीएफ) के परिणामों पर जोर दिया जायेगा। साथ ही सभी शहरों में ठोस कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण शुरू किया जायेगा । इसमें कहा गया है कि मिशन के तहत जनगणना 2011 में 1 लाख से कम आबादी वाले शहरों में अपशिष्ट जल के प्रबंधन पर जोर दिया जायेगा । इनमें ऐसे शहर हैं जिन्हें अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) में शामिल नहीं किया गया था ।
बयान के अनुसार, 2021-22 से 2025-26 की अवधि के लिए, 36,465 करोड़ रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी के साथ स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के वास्ते कुल 1,41,600 करोड़ रुपये का वित्तीय परिव्यय तय किया गया है । यह मिशन के पिछले चरण के 62,009 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय से 2.5 गुना ज्यादा है। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के स्वच्छता आयाम के तहत सभी सांविधिक शहरों को कम से कम खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) प्लस बनाना तथा 1 लाख से कम जनसंख्या वाले शहरों को ओडीएफ प्लस प्लस बनाना है। इसमें अपशिष्ट जल का सुरक्षित तरीके के साथ शोधन हो और अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया जायेगा । मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन के तहत इस बात पर ध्यान दिया जायेगा कि सभी शहरों को कम से कम 3 स्टार कचरा मुक्त प्रमाणन हासिल हो। बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री द्वारा 1 अक्टूबर 2021 को शुरू किये गए स्वच्छ भारत मिशन- शहरी 2.0 का मुख्य जोर अगले 5 साल में अब तक हासिल की गई स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन के परिणामों को बनाए रखना व उनकी गति बढ़ाने पर होगा, ताकि मिशन के ‘कचरा मुक्त' शहरी भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सके। मिशन के विभिन्न भागों का कार्यान्वयन एक व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिसमें आवश्यक आधारभूत ढांचे का विश्लेषण, 5 वर्षीय विस्तृत कार्य योजना और समयसीमा के साथ वार्षिक कार्य-योजनाएं शामिल हैं। इसमें कहा गया है कि प्रत्येक शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक को चरणबद्ध रूप से समाप्त करने पर ध्यान केन्द्रित किया जायेगा, साथ ही राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) वाले शहरों और 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में निर्माण और तोड़-फोड़ (सीएंडडी) अपशिष्ट प्रसंस्करण सुविधाओं की स्थापना की जायेगी । बयान के अनुसार, सभी पुराने कचरा स्थलों के जीर्णोद्धार पर जोर दिया जायेगा ताकि 15 करोड़ टन पुराने कचरे से ढकी 14,000 एकड़ भूमि को मुक्त किया जा सके। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नवीकरण और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन - अमृत 2.0 को 2025-26 तक के लिए मंगलवार को मंजूरी प्रदान कर दी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई । सरकारी बयान के अनुसार, अटल मिशन (अमृत 2.0) का मकसद आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक कदम के रूप में और पानी की चक्रीय अर्थव्यवस्था के जरिए शहरों को जल सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है। इसमें कहा गया है कि अमृत 2.0 के लिए कुल सांकेतिक परिव्यय 2,77,000 करोड़ रुपये है तथा इसमें वित्त वर्ष 2021-22 से वित्तीय वर्ष 2025-26 तक पांच वर्षों के लिए 76,760 करोड़ रुपये का केंद्रीय हिस्सा शामिल है। बयान के अनुसार, परियोजनाओं के लिए धन केंद्र, राज्य और शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) द्वारा साझा किया जाएगा। राज्यों को केंद्रीय निधि राज्य जल कार्य योजना के अनुसार राज्य के आवंटन के आधार पर तीन चरणों में जारी की जाएगी। मिशन का लक्ष्य सभी 4,378 सांविधिक कस्बों में घरेलू नल कनेक्शन प्रदान करके पानी की आपूर्ति का सार्वभौमिक कवरेज हासिल करना है । बयान के अनुसार, मंत्रिमंडल का मानना है कि शहरी परिवारों को विश्वसनीय और सस्ती जलापूर्ति तथा स्वच्छता सेवाएं प्रदान करना एक राष्ट्रीय प्राथमिकता है। इसके तहत सभी घरों को चालू नल कनेक्शन प्रदान करके, जल स्रोत संरक्षण/वृद्धि, जल निकायों और कुंओं का कायाकल्प, शोधित किए गए पानी का पुनर्चक्रण/पुन: उपयोग और वर्षा जल संचयन द्वारा प्राप्त किया जाएगा। मिशन के तहत 500 अमृत शहरों में घरेलू जलमल निकासी एवं प्रबंधन का 100 प्रतिशत कवरेज लक्षित किया गया है। इसका लक्ष्य 2.68 करोड़ नल कनेक्शन प्रदान करना है। गौरतलब है कि नवीकरण और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन जून 2015 में 500 शहरों में नागरिकों को नल कनेक्शन और सीवर कनेक्शन प्रदान करके जीवन में सुगमता लाने के लिए शुरू किया गया था। - देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के एक सरकारी अधिकारी के घर में पर्याप्त नकदी एवं बहुमूल्य सामान नहीं मिलने से नाराज होकर वहां एक पत्र लिखकर छोड़ जाने वाले दो चोरों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। ये मामला सोमवार को प्रकाश में आया था। देवास जिले के खातेगांव के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) त्रिलोचन सिंह गौड़ के घर में पर्याप्त नकदी एवं बहुमूल्य सामान नहीं मिलने पर चोर वहां एक पत्र लिखकर छोड़ गये थे, जिसमें लिखा था, ''जब पैसे नहीं थे, तो घर को लॉक नहीं करना था कलेक्टर।'' कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी उमराव सिंह ने बताया कि चोरी के इस मामले में दो आरोपियों कुंदन ठाकुर (32) और शुभम जायसवाल (24) को पकड़ लिया गया है, जबकि उनका साथी आरोपी प्रकाश उर्फ गंजा अभी फरार है। उन्होंने कहा कि इनमें से आरोपी जायसवाल ने गौड़ के घर में करीब 5,500 रुपये की ही नकदी मिलने के बाद पत्र नोट लिखकर छोड़ा था। सिंह ने कहा कि आरोपियों ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में एसडीएम के घर की टोह लेने के बाद यह चोरी की थी। पिछले करीब 15-20 दिन से इस घर में कोई नहीं रहता था। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं और इनके कब्जे से 4,000 रुपये नकद और अन्य सामान जब्त किया गया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय का आह्वान किया कि अफगानिस्तान के हालात में अपेक्षित बदलाव लाने के लिए संगठित प्रयासों की जरूरत है और क्षेत्र को क्षेत्रीय या वैश्विक रूप से चरमपंथ और आतंकवाद का स्रोत नहीं बनने देना चाहिए। विदेश मंत्रालय के अनुसार अफगानिस्तान पर जी20 शिखर सम्मेलन में डिजिटल संबोधन में मोदी ने अफगान नागरिकों को तत्काल तथा निर्बाध मानवीय सहायता पहुंचाने पर भी जोर दिया और उस देश में समावेशी प्रशासन की जरूरत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद प्रस्ताव 2593 पर आधारित एकीकृत अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई अफगानिस्तान में हालात को सुधारने के लिए जरूरी है। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘अफगानिस्तान पर जी20 के शिखर सम्मेलन में भाग लिया। अफगान क्षेत्र को चरमपंथ तथा आतंकवाद के स्रोत बनने से रोकने पर जोर दिया। अफगान नागरिकों को तत्काल और निर्बाध मानवीय सहायता पहुंचाने तथा समावेशी प्रशासन के लिए भी आह्वान किया।'' संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की भारत की अध्यक्षता के तहत 30 अगस्त को अपनाये गये प्रस्ताव में अफगानिस्तान में मानवाधिकारों को कायम करने की जरूरत के बारे में उल्लेख है। इसमें आह्वान किया गया है कि अफगान क्षेत्र का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए नहीं होना चाहिए और संकट के समाधान के लिए बातचीत कर राजनीतिक समाधान निकाला जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय के अनुसार मोदी ने कहा कि भूख और कुपोषण का सामना कर रही अफगान जनता की पीड़ा को हर भारतीय समझता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सुनिश्चित करना चाहिए कि अफगानिस्तान को तत्काल और निर्बाध मानवीय सहायता मिले। उसने एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित करने की जरूरत को भी रेखांकित किया कि अफगान क्षेत्र क्षेत्रीय या वैश्विक रूप से चरमपंथ और आतंकवाद का स्रोत नहीं बने।'' विदेश मंत्रालय के मुताबिक मोदी ने क्षेत्र में चरमपंथ, आतंकवाद और मादक पदार्थों तथा हथियारों की तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ संयुक्त लड़ाई को तेज करने की भी वकालत की। उसने कहा, ‘‘पिछले 20 साल के सामाजिक-आर्थिक फायदों को संरक्षित रखने के मकसद से तथा चरमपंथी विचारधारा के प्रसार को पाबंद करने के लिए प्रधानमंत्री ने अफगानिस्तान में समावेशी प्रशासन की वकालत की जिसमें महिलाएं और अल्पसंख्यक शामिल हों।'' सम्मेलन का आयोजन इटली ने किया था जो जी20 का मौजूदा अध्यक्ष है जिसमें दुनिया की 20 बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘उन्होंने अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए समर्थन जताया और अफगानिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2593 में समाहित संदेश के लिए जी20 के नये सिरे से समर्थन का आह्वान किया।'' उसने कहा कि मोदी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से एकीकृत वैश्विक कार्रवाई का आह्वान किया जिसके बिना अफगानिस्तान के हालात में अपेक्षित बदलाव लाना मुश्किल होगा। मंत्रालय के अनुसार मोदी ने कहा कि अफगान जनता में भारत के लिए मित्रता की महती भावना है और हर भारतीय भूख तथा कुपोषण का सामना कर रही अफगान जनता की पीड़ा को महसूस करता है। मोदी ने अपने बयान में अफगानिस्तान में मौजूदा हालात की समीक्षा करने के लिए बैठक आयोजित करने में इटली की अध्यक्षता में जी20 की पहल का स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी ने भारत और अफगानिस्तान की जनता के बीच सदियों पुराने संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि भारत ने पिछले दो दशक में अफगानिस्तान में युवाओं और महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास तथा क्षमता निर्माण को बढ़ाने में योगदान दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘उन्होंने याद किया कि भारत ने अफगानिस्तान में 500 से अधिक विकास परियोजनाओं को लागू किया है।'' सम्मेलन के अध्यक्ष इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्राघी थे।
- नयी दिल्ली। केंद्र ने मंगलवार को कई नौकरशाहों के विभागों में फेरबदल किये। वरिष्ठ नौकरशाह मीरा मोहंती को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं रितेश चौहान को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की हिमाचल प्रदेश कैडर के 2005 की अधिकारी मोहंती फिलहाल पीएमओ में निदेशक हैं। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अस्थायी रूप से निदेशक के पद का अद्यतन कर मोहंती को सामूहिक कार्यकाल के लिए एक मई, 2022 तक पीएमओ में संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं उनके ‘बैचमेट' चौहान को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का सीईओ तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव कृषि नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति सात साल के सामूहिक कार्यकाल के लिए 22 सितंबर, 2023 तक की गई है। आदेश में कहा गया है कि भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) की अधिकारी उमा नंदूरी को संस्कृति मंत्रालय के तहत आजादी का अमृत महोत्सव सचिवालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। विपिन बंसल को वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव और आशीष कुमार को गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। पवन कुमार सैन को प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद, नीति आयोग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इनके अलावा अमितेश कुमार सिन्हा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। वहीं समीर शुक्ला को वित्तीय सेवा विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। सौम्या गुप्ता को उच्च शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव, हरीश चंद्र चौधरी को एनएचआरसी में संयुक्त सचिव, कुलदीप नारायण को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वंदना कुमार को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में संयुक्त सचिव और एन युवराज को औषधि विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अभी तक लगायी गई कोविड-19 रोधी टीकों की कुल खुराक की संख्या मंगलवार को 96 करोड़ पार कर गई। मंत्रालय ने कहा कि शाम सात बजे तक टीके की 46 लाख से अधिक (46,23,892) खुराक दी जा चुकी थी।मंत्रालय ने कहा कि दिन के लिए अंतिम रिपोर्ट देर रात तक संकलित किये जाने के बाद दैनिक टीकाकरण संख्या बढ़ने की उम्मीद है। स्वास्थ्य कर्मियों (एचसीडब्ल्यू) को पहले चरण में टीका लगाने के साथ देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था। कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों का टीकाकरण 2 फरवरी से शुरू हुआ था। कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और अन्य बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए शुरू हुआ। देश ने 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया। सरकार ने उसके बाद 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीका लगाये जाने की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का निर्णय लिया।
- मलाप्पुरम। केरल में कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार तड़के करीपुर के समीप एक मकान ढहने से दो बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मकान ढहने से छह महीने की बच्ची और उसकी आठ साल की बहन की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह मकान मुंडोट्टुपडम के समीप माथमकुलम में था। यह मकान हादसे का शिकार हुईं बच्चियों के दादा का था। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान बारिश की वजह से तड़के चार बजकर 30 मिनट पर पीड़ितों के मकान पर गिर गया। बच्चों को कोझिकोड चिकित्सा कॉलेज ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। केरल में सोमवार से भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर चक्रवात बना है और इसके अगले तीन दिनों तक बने रहने की संभावना है, जिसके कारण केरल में 11 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान है।

.jpg)




.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)














.jpg)