- Home
- देश
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को डेनमार्क की समकक्ष मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, कारोबार, निवेश सहित द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों पर विस्तृत चर्चा की। फ्रेडरिक्सन आज सुबह भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंची जहां विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने उनकी आगवानी की । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने हैदराबाद हाऊस में वार्ता स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी और फ्रेडरिक्सन की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ भारत और डेनमार्क के बीच हरित सामरिक गठजोड़ को आगे बढ़ाते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन का द्विपक्षीय संवाद के लिये स्वागत किया।'' बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मेटे फ्रेडरिक्सन के बीच पिछले वर्ष स्थापित ‘हरित सामरिक गठजोड़' के प्रगति की समीक्षा किये जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि 28 सितंबर 2020 को डिजिटल माध्यम से हुई शिखर बैठक में भारत और डेनमार्क ने ‘‘हरित सामरिक गठजोड़'' स्थापित किया था। दोनों पक्ष आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और बहुस्तरीय मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे ।'' इससे पहले, फ्रेडरिक्सन ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की । इसके बाद, राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रेडरिक्सन का स्वागत किया जहां डेनमार्क की प्रधानमंत्री ने सलामी गारद का निरीक्षण किया । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वार्ता से पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फ्रेडरिक्सन से भेंट की।जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ भारत की पहली यात्रा पर डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन का स्वागत है। हमारा हरित सामरिक गठजोड़ इसके परिणामस्वरूप और आगे बढ़ेगा।'' डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन 9 से 11 अक्टूबर तक भारत की यात्रा पर आई हैं। भारत और डेनमार्क के मजबूत कारोबारी एवं निवेश संबंध हैं । भारत में डेनमार्क की 200 से अधिक कंपनियां मौजूद हैं, जबकि डेनमार्क में 60 से अधिक भारतीय कंपनियां हैं । दोनों देशों के बीच नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, जल एवं कचरा प्रबंधन, कृषि एवं पशुपालन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटकलीकरण, स्मार्ट सिटी, पोत क्षेत्रों में मजबूत सहयोग है।
- नयी दिल्ली। कोयले की कमी का संकट गहराने के बीच दिल्ली में सेवाएं दे रही टाटा पावर की इकाई ने अपने ग्राहकों को फोन पर संदेश भेजकर इसकी जानकारी दी है और उनसे शनिवार दोपहर बाद से बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आग्रह किया है। टाटा पावर की शाखा टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड (डीडीएल), जो मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में काम करती है, ने अपने ग्राहकों को एसएमएस (संदेश) भेजा है। शनिवार को भेजे गए एसएमएस में कहा गया है, ‘‘उत्तर भर में उत्पादन संयंत्रों में कोयले की सीमित उपलब्धता के कारण, दोपहर दो बजे से शाम छह बजे के बीच बिजली आपूर्ति की स्थिति गंभीर स्तर पर है। कृपया विवेकपूर्ण तरीके से बिजली का उपयोग करें। एक जिम्मेदार नागरिक बनें। असुविधा के लिए खेद है - टाटा पावर-डीडीएल।’’पिछले हफ्ते की शुरुआत में, बिजली मंत्री आर के सिंह ने देश में ताप विद्युत संयंत्रों में कोयले की कमी को स्वीकार किया था और इसे सामान्य स्थिति से परे करार दिया था।हालांकि, बाद में उन्होंने यह भी कहा था कि अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में बिजली की मांग कम हो जाएगी और संयंत्रों में कोयले की आपूर्ति में भी सुधार होगा।
-
नयी दिल्ली। इंडियन सोसाइटी फॉर क्रिटिकल केयर मेडिसीन (आईएससीसीएम) ने कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका जताते हुए केंद्र सरकार से प्रशिक्षित कर्मियों से लैस एवं पूर्ण रूप से क्रियाशील गंभीर मरीज देखभाल इकाइयां स्थापित करने का शनिवार को अनुरोध किया।
आईएससीसीएम ने अपना 28वां स्थापना दिवस मनाते हुए दो दिवसीय अनुसंधान सम्मेलन का अयोजन किया, जिसका उद्देश्य भारतीय चिकित्सकों को निकट भविष्य में क्लिनिकल अनुसंधान के अग्रिम पंक्ति में लाने की कोशिश करना है।आईएससीसीएम ने एक बयान में कहा कि सत्र में अस्पतालों में गंभीर मरीज देखभाल इकाइयों के महत्व पर जोर दिया गया, जो नाजुक स्थिति वाले मरीजों को बचाने में जीवनरेखा के तौर पर काम करती हैं और कुशल चिकित्सा कर्मी व तकनीकी रूप से अद्यतन सुविधाओं को वहां काफी जरूरत होती है।बयान के मुताबिक सत्र में 450 से अधिक चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सों और तकनीशियनों ने हिस्सा लिया।आईएससीसीएम के अध्यक्ष डॉ दीपक गोविल ने कहा, ‘‘गंभीर मरीज देखभाल विशेषज्ञों, नर्सों और तकनीशियनों की देश में भारी कमी है जो महामारी के दौरान खुल कर सामने आई...। ’’उन्होंने कहा, ‘‘गहन चिकित्सा देखभाल को आम आदमी के लिए कहीं अधिक पहुंच योग्य और वहनीय बनाना चाहिए।’’ -
नागौर। नागौर जिले के परबतसर शहर के पास मंदिर की एक पहाड़ी पर सेल्फी लेने के दौरान लड़की का पैर फिसल गया। लड़की करीब 15 फीट नीचे झाडिय़ों में फंस गई। वहां मौजूद लोग जैस-तैसे नीचे उतरे और लड़की को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उसे अजमेर अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने बताया कि रिंकू डिफेंस एकेडमी में तैयारी कर रही है। शनिवार को लड़कियों के ग्रुप में वो किनसरिया माता के दर्शन करने पहुंची थी। इसी दौरान यहां बने एक सेल्फी पॉइंट पर ऊंची पहाड़ी के व्यू के साथ अपनी सेल्फी ले रही थी। तभी अचानक पत्थर के फिसल जाने से वो असंतुलित होकर पहाड़ी की तरफ नीचे गिर गई। रिंकू करीब 15 फीट नीचे पत्थरों और झाडिय़ों में फंस गई। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि लड़की चट्टान के किनारे खड़ी होकर सेल्फी ले रही थी। सेल्फी के लिए वह खाई का व्यू भी क्लिक कर रही थी। इसी दौरान उसका बैलेंस बिगड़ा और वह गिर गई। हादसे के बाद ग्रुप की लड़कियों और उनके साथ आए ट्यूटर ने चिल्लाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर लोग वहां पहुंचे। उसे परबतसर अस्पताल ले गए। -
बाड़मेर। बाड़मेर जिले के बाटाडृ रामपुरा गांव में विवाहिता की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि आरोपी पति ने बेटे की चाह में पत्नी को लाठियों से पीट-पीट कर मार दिया। पति दूसरी शादी करना चाहता था। पत्नी इसमें रोड़ा बनी हुई थी।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि बाटाडू रामपुरा निवासी आरोपी शेराराम और उसकी पत्नी सरस्वती के बीच झगड़ा होता रहता था। इनकी शादी को 13 साल हो चुके थे। दोनों की एक बेटी है। आरोपी शेराराम को बेटा चाहिए था। बेटा नहीं होने की वजह से आरोपी शेराराम दूसरी शादी करना चाहता था। पत्नी सरस्वती को रास्ते से हटाने के लिए 26 सितंबर की रात को आरोपी शेराराम ने उससे झगड़ा किया। शेराराम ने लाठी उठाई और सरस्वती पर हमला बोल दिया। इस दौरान उनकी बेटी दुर्गा भी जाग गई। वह मां को बचाने बीच में आई तो आरोपी पिता के हमले से उसे भी धक्का लग गया। इससे वह सीढिय़ों पर गिर गई। दुर्गा के सिर, मुंह और आंखों पर चोट लग गई। बचने के लिए सरस्वती घर की रसोई, आंगन और मकान के बरामदे तक में दौड़ती रही, लेकिन वह लगातार लाठियों से वार करता रहा। मारपीट के बाद उसने सरस्वती को जमीन पर पटका और गला दबाकर हत्या कर दी।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि आरोपी शेराराम भी इस हमले के दौरान पत्नी की ओर से किए गए वार से घायल हो गया था। उसका फिलहाल जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। इलाज के बाद आरोपी शेराराम से घटना को लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी। आरोपी के हत्या करना कबूल करने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा। -
दमोह। दमोह जिले के बटियागढ़ थानाक्षेत्र के आंजनी टपरिया गांव में गिट्टी से भरा ट्राला सड़क किनारे बने कच्चे घर के ऊपर पलट गया। इसमें दो भाई, एक बहन सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतक भाई-बहन के माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। बताया गया है वह ट्राला में सवार था। इसके अलावा ट्राला चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस ने बताया कि घायलों को 108 एंबुलेंस से रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल लाया गया। इनमें से आकाश पुत्र हरिराम अहिरवाल 17, मनीषा पुत्र हरिराम 19, ओमकार पुत्र हरिराम 16 एवं एक अज्ञात युवक को डॉ. विशाल शुक्ला ने मृत घोषित कर दिया। नेहा पत्नी हरिराम अहिरवाल एवं हरिराम पुत्र भूरा अहिरवाल 35 का इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी राघवेंद्र अहिरवाल के मुताबिक रात में चाची बीड़ी बना रही थी। चाचा पास में बैठे थे। तीनों बच्चे आकाश (17), मनीषा (19), ओमकार (16) मकान की दीवार के पास सो रहे थे। मैं अपने घर के पास खड़ा था। इस बीच तेज आवाज आई और हम लोग जहां से आवाज आई, उस दिशा में दौड़े। आसपास मौजूद लोग भी मौके की तरफ भागे। देखा तो गिट्टी से भरा एक ट्राला चाचा हरिराम के कच्चे मकान पर पलटा पड़ा था। पूरे मकान पर गिट्टी बिखर गई थी। हम लोग मकान की ओर दौड़े और परिवार के लोगों को तलाशने लगे। मकान के ऊपर फैली गिट्टी को हटाना शुरू किया। पहले चाचा नजर आए। इसके बाद गिट्टी हटाने के काम में और तेजी लाई गई। इस बीच चाची नेहा की आवाज मिली। इन्हें बाहर निकालने के बाद तीनों बच्चों की तलाश शुरू हुई। ट्राला गिट्टी से ओवरलोड भरा था। पलटने पर पूरी गिट्टी घर के ऊपर बिखर गई। जिससे परिवार के सभी लोग दब गए थे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से गिट्टी को हटाया गया। इसके बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया। इसमें काफी समय लगने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। -
करनाल। हरियाणा के पानीपत जिले में टीडीआई सिटी में सीवर की सफाई करने उतरे तीन कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई थी। शनिवार सुबह तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
एसएचओ मंजीत सिंह ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी देते हुए सफाई कर्मचारी विक्की ने बताया कि उन्हें सीवर में ब्लॉकेज की सूचना मिली थी। शुक्रवार को इसकी सफाई करने के लिए एक कर्मचारी नीचे सीवर में उतरा। लेकिन जब काफी देर तक भी वह वापस नहीं आया तो दूसरा कर्मचारी नीचे सीवर में उतरा। काफी इंतजार के बाद भी जब दोनों बाहर नहीं निकले तो तीसरा कर्मचारी भी सीवर में उतर गया। काफी देर तक जब तीनों बाहर नहीं आए तो सीवर तोड़कर सेफ्टी बेल्ट से तीनों को बाहर निकाला और बिना देरी किए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
एसएचओ मंजीत सिंह ने बताया कि टीडीआई सिटी में एक कंपनी ने सफाई का ठेका ले रखा है। मृतक उसी के कर्मचारी थे। तीनों को सीवरेज तोड़कर सेफ्टी बेल्ट से बाहर निकाला गया, लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। -
वैशाली। वैशाली में जमीन विवाद में पति-पत्नी की तेज धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि दो पड़ोसियों में हुए जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें एक पक्ष ने पति-पत्नी को धारदार हथियार (फरसा) से काटकर मार डाला। महिला 5 माह की गर्भवती थी। घटना जिले के पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के जारंग रामपुर में शनिवार सुबह हुई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में शशि विश्वकर्मा (35) और संगीता देवी (32) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों में एक साल पहले से जमीन का विवाद चल रहा था। यह विवाद आज इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और फरसा जैसे धारदार हथियार से हमले किए गए। इस घटना में शशि और उसकी पत्नी संगीता की मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष से भी दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक का 4 वर्षीय पुत्र लकी कुमार और 3 वर्षीय पुत्र वीर कुमार है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजन संजय ठाकुर के मुताबिक शशि विश्वकर्मा नवरात्रि के मौके पर घर पर पूजा कर रहा था। इसी दौरान आरोपी उनके घर में घुसे और उसे खींच कर तेजधार हथियार से वार करके हत्या कर दी। वहीं, पति को बचाने आई शशि की पत्नी संगीता देवी को भी लोगों ने धारदार हथियार से वार करके मार डाला। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद में दंपती की हत्या की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी चल रही है। - नोएडा (उप्र)। नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाली युवती ने कथिततौर पर 18वीं मंजिल से कूदकर शनिवार सुबह आत्महत्या कर ली। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरीश चंदर ने बताया कि सुबह थाना बिसरख पुलिस को सूचना मिली कि एक सोसायटी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती 18वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट से कूद गई है। उन्होंने बताया कि युवती को गंभीर हालत में उसके परिजन अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। file photo
- हमीरपुर (उप्र)। हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में शुक्रवार को सीवर टैंक की सफाई कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गयी, जबकि गंभीर हालत में एक अन्य मजदूर का इलाज चल रहा है।कुरारा थाने की पुलिस ने बताया कि शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे वार्ड संख्या-10 के एक मकान में बने नए सीवर टैंक की सफाई के लिए उतरे तीन मजदूर अचानक बेहोश हो गए।उन्होंने बताया कि मकान मालिक गोरेलाल विश्वकर्मा की सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस तीनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाल कर अस्पताल ले गयी, जहां चिकित्सकों ने मजदूर सिद्धगोपाल (50) और छोटे (32) को मृत घोषित कर दिया और सिद्ध गोपाल के बेटे भूरा (23) का अभी गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा, "प्रथम दृष्टया लग रहा कि नए बने सीवर टैंक के भीतर कोई जहरीली गैस बन गयी थी, जिसके प्रभाव से दोनों मजदूरों की जान गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी गयी है।"file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार का इरादा 2030 तक निजी कारों में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हिस्सेदारी 30 प्रतिशत, वाणिज्यिक वाहनों में 70 प्रतिशत और दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों में 80 प्रतिशत करने का है क्योंकि परिवहन क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन कम करने की तत्काल जरूरत है।गडकरी ने कहा कि अगर इलेक्ट्रिक वाहन बिक्री 2030 तक दोपहिया और कारों के खंड में 40 प्रतिशत और बसों के लिए 100 प्रतिशत के करीब पहुंच जाती है, तो भारत कच्चे तेल की खपत को 15.6 करोड़ टन कम करने में सक्षम होगा जिसकी कीमत 3.5 लाख करोड़ रुपये है।उन्होंने उद्योग मंडल फिक्की द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "परिवहन क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन कम करने और अर्थव्यवस्था, पारिस्थितिकी और पर्यावरण के दृष्टिकोण से इसे सतत बनाने की तत्काल जरूरत है।" सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा, "सरकार का इरादा 2030 तक निजी कारों में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हिस्सेदारी 30 प्रतिशत, वाणिज्यिक वाहनों में 70 प्रतिशत, बसों में 40 प्रतिशत और दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों में 80 प्रतिशत करना है।"
- चंडीगढ़। पंचकूला में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को पूर्व डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की 2002 में हत्या करने के मामले में शुक्रवार को दोषी करार दिया । सिंह दो अनुयायियों के साथ बलात्कार के मामले में 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से जेल में बंद हैं।सीबीआई के विशेष अभियोजक एच पी एस वर्मा ने बताया कि विशेष अदालत ने गुरमीत राम रहीम सिंह और चार अन्य किशन लाल, जसबीर सिंह, अवतार सिंह और सबदिल को हत्या का दोषी ठहराया।उन्होंने बताया कि मामले में 12 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी। हत्या मामले में एक और आरोपी की एक साल पहले मौत ही हो गयी थी।हाल में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने रंजीत सिंह हत्या मामले को पंचकूला में विशेष सीबीआई अदालत से पंजाब, हरियाणा या चंडीगढ़ में किसी अन्य विशेष सीबीआई अदालत में स्थानांतरित करने का अनुरोध करने वाली याचिका खारिज कर दी थी।पूर्व डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की 2002 में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। एक अज्ञात पत्र प्रसारित करने में संदिग्ध भूमिका के चलते उसकी हत्या की गयी थी। इस पत्र में बताया गया था कि डेरा प्रमुख डेरा मुख्यालय में किस प्रकार महिलाओं का यौन शोषण करता है।सीबीआई के आरोपपत्र के अनुसार, डेरा प्रमुख का मानना था कि इस अज्ञात पत्र को प्रसारित करने के पीछे रंजीत सिंह था और उसने उसकी हत्या की साजिश रची। गुरमीत राम रहीम को 2017 में दो अनुयायियों के साथ दुष्कर्म के जुर्म में 20 साल जेल की सजा सुनायी गयी और वह अभी रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। दो साल पहले डेरा प्रमुख को एक पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या के जुर्म में भी उम्रकैद की सजा सुनायी गयी थी।
- नयी दिल्ली। पूर्ववर्ती योजना आयोग के उपाध्यक्ष रहे मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने गुरुवार को कहा कि कर्ज में डूबी एयरलाइन एयर इंडिया के अधिग्रहण के लिए टाटा समूह से बेहतर स्थिति भारत में किसी अन्य कॉरपोरेट घराने की नहीं है। टाटा संस सरकार द्वारा संचालित एयरलाइन के अधिग्रहण के लिए शीर्ष बोलीदाता के रूप में उभरा है, लेकिन बोली को गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाले मंत्रियों के एक समूह द्वारा अनुमोदित किया जाना बाकी है। ऑनलाइन आयोजित एक कार्यक्रम में एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आपके पास टाटा से बेहतर स्थिति वाला कॉरपोरेट नहीं हो सकता है, हम इसे (सरकारी एयरलाइन एयर इंडिया को) सौंप सकते हैं।'' एयर इंडिया स्पेसिफिक अल्टरनेटिव मैकेनिज्म (एआईएसएएम) नामक पैनल के अन्य सदस्य वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। जहांगीर रतनजी दादाभाई (जेआरडी) टाटा ने 1932 में एयरलाइन की स्थापना की थी। तब इसे टाटा एयरलाइंस कहा जाता था। यह अंतरराष्ट्रीय सेवा भारत में पहली सार्वजनिक-निजी भागीदारी में से एक थी, जिसमें सरकार की 49 प्रतिशत, टाटा की 25 प्रतिशत और जनता की शेष हिस्सेदारी थी। एयर इंडिया का 1953 में राष्ट्रीयकरण किया गया था। सरकार राष्ट्रीय एयरलाइन में अपनी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की कोशिश कर रही है।
- नयी दिल्ली । सरकार ने गुरुवार को बिजली क्षेत्र में साइबर सुरक्षा के लिए दिशा निर्देश जारी किये। इस पहल का मकसद सुरक्षित साइबर परिवेश बनाना है। बिजली मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह के निर्देशन में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) ने बिजली क्षेत्र में साइबर सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश तैयार किए हैं। इसे गुरुवार को जारी कर दिया गया। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (ग्रिड से कनेक्टिविटी के लिए तकनीकी मानक) (संशोधन) विनियमन, 2019 में साइबर सुरक्षा पर धारा 3(10) के प्रावधान के तहत सीईए ने सभी बिजली कंपनियों द्वारा पालन किए जाने के लिए बिजली क्षेत्र में साइबर सुरक्षा पर दिशानिर्देश तैयार किए हैं। मंत्रालय ने कहा कि बिजली क्षेत्र में साइबर सुरक्षा को लेकर पहली बार व्यापक दिशानिर्देश तैयार किए गए हैं। यह दिशानिर्देश बिजली क्षेत्र के लिए साइबर सुरक्षा तैयारियों के स्तर को बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई निर्धारित करते हैं। मंत्रालय के अनुसार यह नियम सीईआरटी-इन (कंप्यूटर एमरजेंसी रिस्पांस टीम), एनसीआईआईपीसी (नेशनल क्रिटिकल इनफॉर्मेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोटेक्शन सेंटर), एनएससीएस (नेशनल सिक्युरिटी काउंसिल सिस्टम) और आईआईटी-कानपुर जैसी साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ गहन विचार-विमर्श और बिजली मंत्रालय में चर्चा के बाद तैयार किये गए है। इन दिशा-निर्देशों में नियामक ढांचे को मजबूत करना, सुरक्षा खतरे को लेकर पहले से चेतावनी और सुरक्षा खतरों की प्रतिक्रिया के लिए तंत्र स्थापित करना शामिल है। यह दिशा-निर्देश सभी जिम्मेदार संस्थाओं के साथ-साथ उपकरण निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं/विक्रेताओं, सेवा प्रदाताओं और भारतीय बिजली आपूर्ति प्रणाली से जुड़े आईटी हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर मूल उपकरण निर्माता पर लागू होंगे।
- नयी दिल्ली। सीबीआई ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनाती के दौरान दर्ज मवेशी तस्करी के मामले में जांच का सामना कर रहे बीएसएफ के पूर्व कमांडेंट सतीश कुमार के खिलाफ 5.67 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में मामला दर्ज किया है।अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने कुमार के खिलाफ 2011 और 2020 के बीच कथित तौर पर उनके और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर अवैध संपत्ति जमा करने के लिए एक नया मामला दर्ज किया है। इससे पहले उनके सनसनीखेज पशु-तस्करी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 21 सितंबर, 2020 को चार आरोपियों के खिलाफ मवेशी-तस्करी मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान, उसे कुमार द्वारा जमा की गई संपत्ति से संबंधित सबूत मिले, जो कथित तौर पर उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से 220 प्रतिशत अधिक थी। उन्होंने कहा कि संपत्ति में गाजियाबाद में दो , कोलकाता के साल्टलेक में एक, सिलीगुड़ी में एक घर और गाजियाबाद, बुलंदशहर और अमृतसर में कृषि भूमि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कुमार के पास 2.3 करोड़ रुपये से अधिक की सावधि जमा रसीदें और उनकी पत्नी तानिया सान्याल के नाम पर 90 लाख रुपये से अधिक के म्यूचुअल फंड हैं। सीबीआई ने पाया कि कुमार ने 2011-20 के दौरान कथित तौर पर 7.1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की थी, जबकि उनकी और उनके परिवार के सदस्यों की कुल आय 2.57 करोड़ रुपये से अधिक थी। बचत और खर्चों की गणना के बाद, एजेंसी ने आरोप लगाया कि कुमार और उनके परिवार के सदस्यों के पास 5.67 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति है, जिसके लिए वह कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। सीबीआई ने कुमार और पशु तस्करी रैकेट के कथित मास्टरमाइंड इनामुल हक के खिलाफ फरवरी में चार्जशीट दाखिल की थी।एजेंसी ने कुमार पर बीएसएफ की 36वीं बटालियन के पूर्व कमांडेंट, हक, अनारुल शेख, गोलाम मुस्तफा, तानिया सान्याल, बादल कृष्ण सान्याल और रशीदा बीबी पर कथित तौर पर बांग्लादेश में मवेशियों की तस्करी की आपराधिक साजिश का हिस्सा होने का आरोप लगाया है। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक विशेष अदालत के समक्ष दायर अपने आरोप पत्र में, सीबीआई ने आरोप लगाया कि हक अवैध व्यापार का सरगना था और दो अन्य आरोपियों ने कुमार के साथ मिलीभगत में सहायता की थी, जिन्हें मुर्शिदाबाद और मालदा में तैनात किया गया था।
- मुंबई । जीवन बीमा कंपनियों की नये कारोबार से प्रीमियम आय चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 5.8 प्रतिशत बढ़कर 1,31,982 करोड़ रुपये रही। इसमें मुख्य योगदान निजी क्षेत्र की कंपनियों का रहा। केयर रेटिंग्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 0.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,24,727.7 करोड़ रुपये रही थी। देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी एलआईसी की नये कारोबार से प्रीमियम आय वित्त वर्ष 2021-22 की पहली छमाही के दौरान 3.3 प्रतिशत घट गई जबकि निजी कंपनियों की प्रीमियम आय में 27.7 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार उद्योग में कुल वृद्धि का मुख्य कारण व्यक्तिगत गैर-एकल प्रीमियम और समूह एकल प्रीमियम में वृद्धि रहा। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही का सितंबर महीना जीवन बीमा उद्योग के लिए सबसे अच्छा साबित हुआ। इस दौरान नए कारोबार से प्रीमियम आय 22.2 प्रतिशत बढ़कर 31,001.2 करोड़ रूपए रही। इससे पिछले वर्ष के इसी महीने में यह 25,366 करोड़ रुपये थी। एलआईसी की नए कारोबार से प्रीमियम आय वित्त वर्ष 2021-22 की पहली छमाही में 3.3 प्रतिशत घटकर 85,112.6 करोड़ रुपये रही, जो कि इससे पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 88,018 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा निजी कंपनियों की नए कारोबार से प्रीमियम आय इस अवधि के दौरान 27.7 प्रतिशत बढ़कर 46,869.3 करोड़ रुपये रही। इससे पिछले वित्त वर्ष की सामान अवधि में यह 36,709.6 करोड़ रुपये थी।
- आगरा (उत्तर प्रदेश)। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन रविवार को यहां ताजमहल और आगरा किले का दीदार करेंगी और इसी के मद्देनजर उस दिन ताजमहल आमजन के लिए दो घंटे बंद रहेगा। डेनमार्क के सुरक्षा दल ने एडीएम प्रोटोकॉल हिमांशु गौतम के साथ ताजमहल और आगरा किले का निरीक्षण किया और वीआईपी मार्ग की व्यवस्थाएं देखीं। डेनमार्क की प्रधानमंत्री के आगरा दौरे के कारण रविवार सुबह ताजमहल दो घंटे और आगरा किला एक घंटे के लिए आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। डेनमार्क की प्रधानमंत्री शनिवार को रात्रि आठ बजे डेनमार्क से सीधे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचेंगी, जहां उनका भव्य स्वागत किया जायेगा। उनका रात्रि विश्राम के बाद रविवार की प्रात: छह से आठ बजे तक ताजमहल घूमने का कार्यक्रम है, जिसके बाद वह आगरा किला जाएंगी। वह अपराह्न दो बजे नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
- पाकुड़ (झारखंड)। पाकुड़ में एक दंपत्ति ने एक खाली पड़ी पत्थर की खदान में कथित रूप से आत्महत्या करने के इरादे से गुरुवार को छलांग लगा दी, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गयी और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी।पुलिस ने बताया कि यह घटना पाकुड़ के मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में हुई। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के बाहिरग्राम के एक युवा दंपत्ति ने रामनगर स्थित लगभग सौ फीट गहरी पत्थर की खदान में छलांग लगा दी, जिससे पप्पू रिखियासन(22) की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी पत्नी पोद्दो कर्मकार(20) गंभीर रूप से घायल हो गई। मालपहाड़ी ओपी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों ने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। पप्पू के परिजन इस शादी से नाखुश थे और इसी वजह से घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, घर में रोज होने वाले झगड़ों से परेशान युवा दंपत्ति ने आत्महत्या करने की नीयत से खदान में छलांग लगा दी। अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी अजीत कुमार विमल ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।
- नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने महाराष्ट्र में सरकारी पदों पर बैठे कुछ लोगों और बिचौलियों पर छापे मारकर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का पता लगाया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ये अधिकारी और बिचौलिये कथित तौर पर सरकारी फाइलों को आगे बढ़ाने तथा नौकरशाहों को मनपसंद जगह पदस्थापना दिलाने के लिए रिश्वत लेकर काम करते थे। सीबीडीटी ने बताया कि 23 सितंबर को महाराष्ट्र के कुछ कारोबारियों, बिचौलियों और सरकारी पदों पर बैठे कुछ लोगों के बड़े सिंडीकेट पर छापे मारकर 4.6 करोड़ रुपये नकद और 3.42 करोड़ रुपये के जेवरात जब्त किये गये। तलाशी में 25 आवासीय और 15 कार्यालय परिसरों पर कार्रवाई की गयी, वहीं चार दफ्तरों में सर्वे की कार्रवाई की गयी। छह महीने से अधिक समय तक इसके लिए खुफिया जानकारी जुटाई गयी। सीबीडीटी ने एक बयान में कहा, ‘‘मुंबई के ओबेराय होटल में कुछ सुइट दो बिचौलियों ने स्थायी रूप से किराये पर ले रखे थे और इनका इस्तेमाल ग्राहकों से मुलाकातों के लिए किया जाता था। यहां भी तलाशी ली गयी।'' बयान में बताया गया, ‘‘कारोबारियों/बिचौलियों/सहयोगियों और सरकारी पदों पर बैठे लोगों के सिंडीकेट ने अपने रिकॉर्ड में अनेक कोड नाम का इस्तेमाल किया और एक मामले में तो 10 साल पुरानी तारीख के रिकॉर्ड रखे गये।'' सीबीडीटी ने दावा किया कि इस तलाशी के दौरान 1050 करोड़ रुपये के कुल लेनदेन का पता चला। सीबीडीटी कर विभाग के लिए नीति निर्धारित करता है। उसने आरोप लगाया कि नकदी के हस्तांतरण के लिए अंगड़ियों का इस्तेमाल भी किया जाता था और ऐसे एक व्यक्ति से डेढ़ करोड़ रुपये जब्त किये गये।
- ट्रक से टकरा गई वॉल्वो बसबाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में देवा क्षेत्र के बबुरी गांव के निकट बृहस्पतिवार तड़के एक वॉल्वो बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 15 लोगों की मौत हो गई तथा 27 अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुये मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिये हैं।पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि तड़के कुर्सी-देवा मार्ग पर दिल्ली से बहराइच जा रही एक वॉल्वो बस ट्रक से टकरा गई। हादसे के वक्त बस में 70 यात्री सवार थे जिनमें से नौ लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि छह अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रसाद ने बताया कि मृतकों में सलाउद्दीन (37), अनिसुर रहमान (45) रमन (22), विनोद कुमार (32) दृगपाल (19), अब्दुल रहमान (42), कादिर (49), द्वारका प्रसाद (38), नूर अली (42), साहिबा बेगम (25) जारा (दो), अजय कुमार (12), यासमीन (28), राजू (15) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। उन्होंने बताया कि इस घटना में घायल 11 लोगों का लखनऊ के ट्रामा सेंटर में जबकि चार लोगों का बाराबंकी के अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।आधिकारिक बयान के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद एवं राहत प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं। योगी ने दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
- नयी दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जामिया नगर में आर्थिक तंगी से परेशान होकर बृहस्पतिवार को आत्महत्या करने का प्रयास कर रहे ई-रिक्शा चालक की जान दिल्ली के दो पुलिसकर्मियों ने समय पर हस्तक्षेप करके बचा ली। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित की मां ने अपने बेटे को उसके कमरे के अंदर खुद को लटकाने का प्रयास करते देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी जो चार मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक रामदास और हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह महिला के घर के भीतर घुसे। उन्होंने अंदर से बंद कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और व्यक्ति को पंखे के नीचे एक स्टूल पर खड़ा देखा जिसमें गले में दुपट्टा बांधा हुआ था और उसका दूसरा सिरा पंखे से बांधा हुआ था। वह स्टूल को गिराने ही वाला था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे बचा लिया। पुलिस ने कहा कि एक पुलिसकर्मी ने उसके पैर पकड़ लिए जबकि दूसरे ने दुपट्टे को खोल दिया। उसे नीचे उतारने के बाद पुलिसकर्मियों ने उससे पूछा कि वह इतना बड़ा कदम क्यों उठा रहा था।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उस व्यक्ति ने कहा कि उसका परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है और उसकी मां अपना ई-रिक्शा बेचना चाहती है ताकि दोनों का गुजारा हो सके। अधिकारी ने बताया कि वह इस बात को लेकर उदास था कि अगर उसका वाहन बिक गया तो वह कैसे गुजारा करेगा और इसलिए उसने आत्महत्या की कोशिश की।
- मुंबई। कोविड-19 महामारी के कारण लगभग छह महीने तक बंद रहने के बाद महाराष्ट्र में धार्मिक स्थल बृहस्पतिवार को पुनः खुले और मुंबई तथा अन्य स्थानों पर मंदिरों और मस्जिदों में सुबह से ही श्रद्धालुओं को देखा गया। नवरात्र के पहले दिन धार्मिक स्थलों के खुलने के साथ ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे और दोनों बेटे आदित्य और तेजस यहां सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर मुंबा देवी के मंदिर गए और देवी के दर्शन किये। मुंबई में सुबह से ही मंदिरों और मस्जिदों में मास्क लगाए सामाजिक दूरी का पालन करते हुए श्रद्धालु देखे गए। ठाकरे परिवार ने भी मास्क लगा कर और सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मुंबा देवी मंदिर में लगभग आधे घंटे बिताए। मुख्यमंत्री के साथ मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर भी मौजूद रहीं। दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, “कोविड-19 के मद्देनजर प्रार्थना स्थल पर स्वास्थ्य नियमों का पालन करना सभी का दायित्व है।” ठाकरे ने कहा कि उन्होंने कोरोना वायरस जनित महामारी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए मुंबा देवी से प्रार्थना की। राज्य में बृहस्पतिवार को मुंबई के अलावा अन्य स्थानों पर भी धार्मिक स्थल पुनः खुले। ठाणे में भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य निरंजन डावखरे प्रसिद्ध घंटाली देवी के मंदिर गए और दर्शन किये। पारंपरिक परिधान में अनेक श्रद्धालु भी दर्शन करने मंदिर पहुंचे। ठाणे शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में कोपिनेश्वर मंदिर अंबरनाथ में भगवान शिव का मंदिर भी फिर से खोला गया। पालघर जिले के डहाणू में महालक्ष्मी मंदिर और वसई में वज्रेश्वरी मंदिर में सांगीतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फूल बेचने वालों और अन्य विक्रेताओं ने धार्मिक स्थलों के फिर से खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया जारी की थी जिसके अनुसार, प्रसाद वितरण, पवित्र जल के छिड़काव, प्रतिमा को स्पर्श करने आदि की मनाही है।
- नयी दिल्ली। राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को अभी तक 93.94 करोड़ से अधिक कोविड-19 टीके की खुराक मुहैया कराई गई है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। इसने बताया कि राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के पास अब भी 7.64 करोड़ से अधिक कोविड-19 के टीकों की खुराक बची है। मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने के लिए कृतसंकल्प है। इसने कहा कि टीके की ज्यादा उपलब्धता, राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के पास टीका उपलब्धता की पारदर्शिता एवं टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू बनाकर टीकाकरण अभियान में तेजी लाई गई है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 के टीके नि:शुल्क मुहैया कराकर उनका सहयोग कर रही है।
- ऋषिकेश। देश के 35 ऑक्सीजन संयंत्रों का लोकार्पण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के नवनिर्मित संयंत्र का निरीक्षण किया और उसके नोडल अधिकारी डॉ. अजय कुमार से उसकी संरचना और कार्यप्रणाली को बारीकी से समझा। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी एम्स के ‘प्रेशर स्विंग ऐड्सॉर्प्शन' (पीएसए) ऑक्सीजन संयंत्र पर गए और नोडल अधिकारी डॉ. कुमार से उसके बारे में पूरी जानकारी ली। लगभग सात मिनट तक संयंत्र के बारे में बारीकी से समझने के दौरान प्रधानमंत्री ने डॉ. कुमार से यह भी पूछा कि इससे कितने लोगों को लाभ मिलेगा। डॉ. कुमार ने उन्हें बताया कि इस संयंत्र से वेंटिलेटर के 50 और ऑक्सीजन मॉस्क के 150 मरीजों को लाभ होगा। इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी एम्स ऋषिकेश परिसर में बने हेलीपैड की तरफ चले गए और वहां से वायुसेना के हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हो गये।-
- देहरादून। अपने पिछले 20 साल के सफर को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि शीर्ष पदों पर पहुंचने की कल्पना भी उन्होंने कभी नहीं की थी । ऋषिकेश एम्स से देशभर में आक्सीजन संयंत्रों का लोकार्पण करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज के ही दिन 20 साल पहले उन्हें जनता की सेवा का दायित्व मिला था । उन्होंने कहा, ' लोगों की सेवा करने की मेरी यात्रा तो कई दशक पहले शुरू हो चुकी थी लेकिन आज से 20 वर्ष पूर्व गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मुझे नई जिम्मेदारी मिली थी ।' मोदी ने कहा कि वैसे यह भी एक संयोग है कि उत्तराखंड का गठन 2000 में हुआ और उनकी यह यात्रा इसके कुछ माह बाद 2001 में शुरू हुई । उन्होंने कहा, 'सरकार के मुखिया के तौर पर पहले मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री पद पर पहुंचना, इसकी कल्पना भी मैंने कभी नहीं की थी ।' प्रधानमंत्री ने कहा कि 20 वर्ष की उनकी यह अखंड यात्रा आज अपने 21 वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और इस महत्वपूर्ण वर्ष में उन्हें निरंतर स्नेह और अपनत्व देने वाली धरती पर आकर वह बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं । उन्होंने कहा, 'हिमालय की यह तपोभूमि जो तप और त्याग का मार्ग दिखाती है, उस भूमि पर आकर कोटि—कोटि देश्वासियों की सेवा करने का मेरा संकल्प और दृढ हुआ है । यहां आकर एक नई उर्जा मुझे मिलती है । योग और आयुर्वेद की शक्ति से जिस क्षेत्र ने जीवन को आरोग्य बनाने का समाधान दिया है, वहीं से आज देश भर में अनेक नए आक्सीन संयंत्रों का लोकार्पण हुआ है ।' उन्होंने कहा कि यह देवभूमि ऋषियों की तपोभूमि रही है और विश्व के लोगों को आकर्षित करती रही है ।मोदी ने कहा, 'उत्तराखंड की दिव्य धरा ने मुझ जैसे अनेक लोगों के जीवन की धारा को बदलने में बडी भूमिका निभाई है । यह भूमि इसलिए मेरे लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस भूमि से मेरा नाता मर्म का भी है, कर्म का भी है, सत्व का भी है और तत्व का भी है ।









.jpg)

.jpg)
.jpg)


.jpg)











.jpg)