- Home
- देश
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा पांच साल में सात वृहद एकीकृत कपड़ा क्षेत्र और परिधान (पीएम मित्र) पार्क स्थापित करने को मिली मंजूरी से कपड़ा क्षेत्र को बल मिलेगा और इससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सात पीएम मित्र पार्क स्थापित किए जाने संबंधी केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से कपड़ा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। इन पार्कों से रोजगार को बल मिलेगा और माल ढुलाई का व्यय कम होगा।'' केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 4,445 करोड़ रुपये के कुल व्यय से पांच साल में सात वृहद एकीकृत कपड़ा क्षेत्र और परिधान (पीएम मित्र) पार्क स्थापित करने को मंजूरी दे दी। ये पार्क विभिन्न इच्छुक राज्यों में नये या पुराने स्थलों पर स्थापित किये जाएंगे।
- दतिया । जिले में बुधवार को दो लड़कियों की सिंध नदी में डूबने से मौत हो गई जबकि एक अन्य लापता है। गोराघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक कमल गोयल ने बताया कि घटना उचड़ गांव की है। दोपहर में 16 से 17 साल उम्र की तीन लड़कियां कुछ रस्म पूरी करने के लिए नदी में गई थीं लेकिन वे पानी में फिसल गईं। उन्होंने बताया कि दो लड़कियों के शव पानी से निकाले गए हैं जबकि एक अन्य लड़की की तलाश की जा रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख: जताया है।
- चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मंगलवार को राज्य में हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग के दायरे में आने वाले विभिन्न मंदिरों के 1,744 नाइयों के लिए 5,000 रुपये मासिक भत्ता योजना की शुरुआत की। राज्य सरकार ने कहा कि इस कदम के जरिए सरकार ने अपना एक और वादा पूरा किया है जिसके चलते 10.47 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक भार पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से मंदिरों के नाइयों की आजीविका में इजाफा होगा। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, चेन्नई के वेपेरी में योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 25 लोगों को सहायता वितरित की। सभी 1,744 नाइयों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। इन सभी को संबंधित मंदिरों से 5,000 रुपये मासिक भत्ता दिया जाएगा।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को गुजरात के महाराजा कृष्णकुमार सिंहजी भावनगर विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी की उपाधि प्रदान की गयी है। बताया जाता है कि मांडविया एक अक्टूबर को विश्वविद्यालय में मौखिक परीक्षा में शामिल हुए थे। मांडविया के पास रसायन और उर्वरक मंत्रालय का भी प्रभार है। विश्वविद्यालय ने एक ट्वीट में कहा, "हमें यह जानकारी देते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है कि हमारे छात्र और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने 'सामुदायिक विकास और भविष्य की चुनौतियों में ग्राम विद्यापीठों की भूमिका' विषय पर पीएचडी की डिग्री हासिल की है। हमें उम्मीद है कि उनके अध्ययन से ग्रामीण उच्च शिक्षा को मजबूती मिलेगी।" मांडविया ने ट्वीट को टैग करते हुए कहा, "मैं विश्वविद्यालय, मेरे गाइड और मेरी शोध यात्रा में साथ देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं। यह पीएचडी की यात्रा मुझे स्थूल ज्ञान से सूक्ष्म ज्ञान की तरफ ले गई है। यह मेरे जीवन का बहुत महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
- नयी दिल्ली। दक्षिण पश्चिमी मॉनसून की बुधवार से वापसी शुरू हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान तथा गुजरात के कुछ हिस्सों से मॉनसून की वापसी हुई है।वर्ष 1975 के बाद से दक्षिण पश्चिमी मॉनसून की यह दूसरी सबसे देरी से वापसी है। आईएमडी के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी आर के जेनमनी के अनुसार, 2019 में उत्तर पश्चिम से मॉनसून की वापसी नौ अक्टूबर से शुरू हुई थी।उत्तर पश्चिमी भारत से दक्षिण पश्चिमी मॉनसून की वापसी आमतौर पर 17 सितंबर से शुरू होती है। दिल्ली से इसकी वापसी तीन से चार दिन में हो जाएगी। आईएमडी ने एक बयान में कहा कि दक्षिण पश्चिमी मॉनसून पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के गुजरात के हिस्सों से वापस हो चुका है।विभाग ने कहा, "गुजरात के कुछ और हिस्सों, पूरे राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से अगले तीन से चार दिन में दक्षिण पश्चिमी मॉनसून के लौटने की स्थिति बन रही है।" देश में दक्षिण पश्चिमी मॉनसून के चार महीनों के मौसम के दौरान जून से सितंबर तक "सामान्य" बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, अक्टूबर से दिसंबर तक दक्षिणी राज्यों में बारिश लाने वाले उत्तर पूर्वी मॉनसून के सामान्य रहने की उम्मीद है।
- शिरडी । महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के शिरडी के साईबाबा मंदिर में रोजाना ऑनलाइन पास रखने वाले कम से कम 15,000 श्रद्धालुओं को प्रवेश करने की अनुमति होगी। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में पूजा स्थल सात अक्टूबर से फिर से खुलने वाले हैं। इसलिए जिला प्रशासन और श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट के प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पास रखने वाले कम से कम 15,000 श्रद्धालुओं को प्रतिदिन दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को ऑनलाइन पास के लिए आवेदन करना होगा। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रसाद काउंटर बंद रहेगा। जिला प्रशासन के अनुसार, दस साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, मरीजों, 65 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और बिना मास्क वाले लोगों को मंदिर परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
- नयी दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में मंगलवार तक कोविड-19 टीके की 92 करोड़ से ज्यादा खुराक लोगों को दी जा चुकी है । मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार शाम सात बजे तक टीके की 54 लाख से ज्यादा खुराक दी गयी और देर रात तक अंतिम रिपोर्ट आने के बाद संख्या बढ़ने की संभावना है। उसने रेखांकित किया कि टीकाकरण देश के सबसे संवेदनशील वर्ग को कोविड-19 से बचाने की कवायद है और उच्च स्तर पर इसकी लगातार निगरानी और समीक्षा की जाती है। देश में 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के तहत पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। वहीं कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ। कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से शुरू हुआ जिसमें वरिष्ठ नागरिकों (60 साल से ज्यादा आयु वाले) और विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त 45 साल से ज्यादा आयु वाले लोगों को टीका लगाया गया। देश में 45 साल से ज्यादा आयु वाले सभी लोगों के लिए टीकाकरण अभियान एक अप्रैल से शुरू किया गया। सरकार ने एक मई से टीकाकरण अभियान में विस्तार करते हुए 18 साल से ज्यादा आयु के सभी लोगों को टीका लगाना शुरू कर दिया।
- मुंबई। भले ही भारत कृषि नवाचार या खोज पर सालाना तीन अरब डॉलर से अधिक खर्च करता है, लेकिन इसमें से केवल चार प्रतिशत का इस्तेमाल पर्यावरण और सामाजिक स्थिरता हासिल करने के उद्देश्य से खर्च किया जाता है। एक रिपोर्ट के अनुसार, देश को अपने पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाए बिना खाद्य लक्ष्यों को हासिल करने के बीच संतुलन बनाने की चुनौतियां मिलना जारी रहेंगी। रणनीतिक सलाहकार फर्म डालबर्ग एडवाइजर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत सरकार विकास भागीदारों, निजी क्षेत्र और पीई / वीसी फर्मों द्वारा निवेश सहित कृषि नवाचार पर सालाना तीन अरब डॉलर (2010-2018 की अवधि के लिए 25 अरब डॉलर) खर्च करती है। .इस वित्तपोषण में से केवल 4-5 प्रतिशत के लिए सुस्पष्ट सतत परिणाम परिभाषित हैं (पर्यावरण, सामाजिक, मानव परिणामों के संयोजन के रूप में मापा जाता है)। यह सालाना 12 करोड़ डॉलर या 10 प्रतिशत प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष बैठता है। डालबर्ग एडवाइजर्स पार्टनर नीरत भटनागर ने कहा, ‘‘भारत में अधिक भोजन उगाने की पर्यावरणीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए टिकाऊ कृषि के लिए पर्याप्त रूप से अधिक नवाचार निवेश की आवश्यकता है। विभिन्न कारकों द्वारा टिकाऊ कृषि निवेश की लगातार रिपोर्टिंग को पारदर्शी, सुसंगत और सत्यापन योग्य प्रारूप में अनिवार्य करना पहला कदम होगा। '' रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि भारत में वर्ष 2050 तक अनुमानित 1.6 अरब लोगों की आबादी होगी। देश को बढ़ती आबादी और उच्च गुणवत्ता वाले भोजन की मांग दोनों को ध्यान में रखते हुए अपने खाद्य उत्पादन को लगभग दोगुना करने की आवश्यकता होगी। यह एक महत्वपूर्ण चुनौती होगी क्योंकि कृषि पहले से ही भारत में पानी की कमी, जैव विविधता के नुकसान और कार्बन उत्सर्जन का एक प्रमुख कारक है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके लिए भारत में टिकाऊ कृषि प्रणालियों में पर्याप्त निवेश की आवश्यकता होगी।
- नयी दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पूर्व महापौर और भाजपा नेता रविंद्र गुप्ता द्वारा उनके घर में घुसकर धमकाने के आरोप लगाने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि तीन लोग उनके घर में घुसे और बिल्डरों द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ शिकायत करने पर उन्हें और उनके परिवार को परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार तीनों आरोपी हरियाणा के सोनीपत के निवासी हैं। पुलिस ने कहा कि वे आरोपियों की मंशा का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि तीनों आरोपी सोमवार को मध्य दिल्ली के करोल बाग में स्थित गुप्ता के घर पहुंचे और पूर्व महापौर व उनके परिवार के सदस्यों को धमकाया। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ डीबीजी रोड पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने कहा कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच के लिए इन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
- नयी दिल्ली। प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल ने मंगलवार को स्थानीय और क्षेत्रीय स्तर पर विभिन्न समुदाय के लिये मूल खबरें देने वाले छोटे एवं मझोले स्तर के समाचार प्रकाशकों को समर्थन देने को लेकर गूगल समाचार पहल विज्ञापन लैब (जीएनआई एडवरटाइजिंग लैब) शुरू करने की घोषणा की। गूगल ने ‘ब्लॉगपोस्ट' में लिखा है कि कार्यक्रम के तहत टीमों के तकनीकी और उत्पाद प्रशिक्षण के साथ-साथ संगठन के डिजिटल विज्ञापन राजस्व को बढ़ाने में मदद करने के लिए तकनीकी कार्यान्वयन पर ध्यान दिया जाएगा। यह पहल उन प्रकाशकों को ध्यान में रखकर की गयी, जहां संस्थान में (न्यूज रूम) 100 लोगों को रोजगार मिला हुआ है। इसमें कहा गया है कि कार्यक्रम के तहत 800 तक छोटे एवं मझोले समाचार प्रकाशकों का चयन किया जाएगा और उनकी सामग्री प्रबंधन प्रणाली, वेबसाइट और विज्ञापन सेटअप के अनुकूलन चीजों को करने के लिये मार्गदर्शन को लेकर उनके साथ मिलकर काम किया जाएगा। यह कार्यक्रम जीएनआई (गूगल समाचार पहल) कार्यक्रमों के अंतर्गत नवीनतम पहल है। इसमें गूगल सभी आकार-प्रकार के समाचार संगठनों के साथ सीधे काम कर रही है ताकि नए उत्पादों, कार्यक्रमों और भागीदारी को विकसित किया जा सके जिससे समाचार प्रकाशकों को अपने व्यवसाय को बढ़ाने में मदद मिल सके। नये कार्यक्रम के लिये आवेदन पांच नवंबर, 2021 तक दिये जा सकेंगे।
- देहरादून।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर को ऋषिकेश आएंगे । मुख्यमंत्री धामी ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में आक्सीजन संयंत्रों के उद्घाटन के लिए उत्तराखंड के ऋषिकेश को चुना है, जिसके लिए वह उनके आभारी हैं । यह पूछे जाने पर कि क्या प्रधानमंत्री केदारनाथ भी जाएंगे, धामी ने कहा कि अभी उनका ऋषिकेश का ही कार्यक्रम है । सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान), ऋषिकेश में पीएम केयर्स फंड की सहायता से निर्मित ऑक्सीजन संयंत्र का उद्घाटन करेंगे और वहीं से वह देश के अन्य भागों में पीएम केयर्स फंड की मदद से बने ऑक्सीजन संयंत्रों का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे।
- चंडीगढ। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने वित्त विभाग को एक जुलाई से संशोधित पेंशन का भगतान तीन लाख से अधिक पेंशनभोगियों को करने का निर्देश दिया है। इससे राज्य सरकार पर चालू वित्त वर्ष में 1,887 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार पंजाब के छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप यह फैसला किया गया है।चन्नी ने छुट्टियों को भुनाने तथा ग्रैच्यूटी जैसे अन्य लाभ के भुगतान का भी निर्देश दिया। यह करीब 915 करोड़ रुपये बैठेगा। इसका भुगतान एक जनवरी, 2016 से 30 जून, 2021 के दौरान सेवानिवृत्त हुए पेंशनभोगियों को किया जाएगा। कुल मिलाकर इन फैसलों से सरकारी खजाने पर 2,802 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा।
- नयी दिल्ली ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मशूहर शेयर बाजार निवेशक राकेश झुनझुनवाला से मुलाकात की और कहा कि वह भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर काफी आशावादी हैं। मोदी ने ट्वीट किया, ''राकेश झुनझुनवाला से मिलकर खुशी हुई...जीवंत, अंतर्दृष्टिपूर्ण और भारत को लेकर बेहद आशावादी।'' प्रधानमंत्री मोदी ने क्यूएस क्वाक्वेरेली साइमंड्स लिमिटेड के मुख्य कार्याधिकारी और प्रबंध निदेशक नुंजियो क्वाक्वेरेली के साथ भी एक ''सार्थक'' बैठक की। मोदी ने कहा कि उन्होंने शिक्षा क्षेत्र से संबंधित पहलुओं के बारे में विस्तार से बात की।
- नयी दिल्ली। वाहन मालिकों को अपनी 15 साल से पुरानी कार के पंजीकरण नवीनीकरण के लिए अगले साल अप्रैल से 5,000 रुपये का भुगतान करना होगा, जो वर्तमान दर की तुलना में आठ गुना अधिक है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पुराने वाहनों के पंजीकरण प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के लिए एक अधिसूचना जारी की है और यह नया नियम राष्ट्रीय वाहन कबाड़ नीति का हिस्सा है। अधिसूचना के अनुसार 15 साल से अधिक पुराने बस या ट्रक के लिए फिटनेस प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के लिए आठ गुना अधिक भुगतान करना होगा। इसी तरह 15 साल से अधिक पुरानी कार के पंजीकरण नवीनीकरण का शुल्क मौजूदा 600 रुपये के मुकाबले 5,000 रुपये होगा। पुरानी बाइक के पंजीकरण नवीनीकरण के लिए मौजूदा 300 रुपये की तुलना में 1,000 रुपये देने होंगे। इसके साथ ही 15 साल से अधिक पुराने की बस या ट्रक के लिए फिटनेस प्रमाणपत्र के नवीनीकरण की कीमत 1,500 रुपये से बढ़ाकर 12,500 रुपये कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार इन नियमों को केंद्रीय मोटर वाहन (23वां संशोधन) नियम, 2021 कहा जा सकता है और यह एक अप्रैल, 2022 से लागू होगा। अधिसूचना में कहा गया है कि फिटनेस प्रमाण पत्र की समाप्ति के बाद प्रत्येक दिन की देरी के लिए 50 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा।
- नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर जिले के एक गांव में मंगलवार को सूखने के लिए कपड़े डालने के दौरान एक तार के संपर्क में आने पर बिजली का करंट लगने से दो महिलाओं की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा नागपुर शहर से करीब 40 किलोमीटर कालमेश्वर में हुआ। अलका निरंजन वेरूलकर (42) लोहे के एक तार पर कपड़े सूखने के लिए डाल रही थी और यह तार बिजली के संपर्क में आ गया। उन्होंने बताया कि महिला ने शोर मचाया जिसपर उसकी रिश्तेदार मंजू पुरूषोत्तम वेरूलकर (55) उसे बचाने आयी लेकिन इस बीच उसे भी बिजली का झटका लगा। अधिकारी ने बताया कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गयी और करीब एक घंटे बाद जब कोई पड़ोसी आया तो उसने दोनों को मृत पाया। इस संबंध में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
- नयी दिल्ली।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को गुजरात के महाराजा कृष्णकुमार सिंहजी भावनगर विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी की उपाधि प्रदान की गयी है। बताया जाता है कि मांडविया एक अक्टूबर को विश्वविद्यालय में मौखिक परीक्षा में शामिल हुए थे। मांडविया के पास रसायन और उर्वरक मंत्रालय का भी प्रभार है। विश्वविद्यालय ने एक ट्वीट में कहा, "हमें यह जानकारी देते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है कि हमारे छात्र और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने 'सामुदायिक विकास और भविष्य की चुनौतियों में ग्राम विद्यापीठों की भूमिका' विषय पर पीएचडी की डिग्री हासिल की है। हमें उम्मीद है कि उनके अध्ययन से ग्रामीण उच्च शिक्षा को मजबूती मिलेगी।" मांडविया ने ट्वीट को टैग करते हुए कहा, "मैं विश्वविद्यालय, मेरे गाइड और मेरी शोध यात्रा में साथ देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं। यह पीएचडी की यात्रा मुझे स्थूल ज्ञान से सूक्ष्म ज्ञान की तरफ ले गई है। यह मेरे जीवन का बहुत महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
- -ब्लैक फंगस से जुड़ा एक अतिरिक्त मेडिकल प्रबंधन भी जोड़ा गयानयी दिल्ली। सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) के तहत करीब 400 उपचारों की दरें संशोधित की हैं तथा उसमें ब्लैक फंगस से संबंधित नया मेडिकल पैकेज भी शामिल किया है जो ‘ पैनल में शामिल अस्पतालों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सशक्त करेगा। ' संशोधित स्वास्थ्य लाभ पैकेज (एचबीपी 2.2) के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने इन पैकेज की दरें 20 से 400 फीसद तक बढ़ा दी है । प्राधिकरण के कंधों पर ही एबी पीएम-जेएवाई को लागू करने की जिम्मेदारी है। उसने कहा कि मेडिकल प्रबंधन प्रक्रियाओं के तहत वेंटीलेटर सुविधा से लैस आईसीयू की दर में शत प्रतिशत, बिना वेंटीलेटर सुविधा वाले आईसीयू की दर में 136 फीसद, उच्च निर्भरता इकाई (एचडीयू) की दर में 22 फीसद और नियमित वार्ड के दाम में 17 फीसद की वृद्धि की गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘ पीएमजेएवाई के तहत स्वास्थ्य लाभ पैकेज (एचबीपी 2.2) के संशोधित संस्करण मे कुछ स्वास्थ्य पैकेज की दरें 20 से 400 फीसद तक वृद्धि की गयी है । करीब 400 प्रक्रियाओं की दरें संशोधित की गयी हैं और ब्लैक फंगस से जुड़ा एक अतिरिक्त मेडिकल प्रबंधन भी जोड़ा गया है। '' स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, ‘‘ मुझे खुशी है कि स्वास्थ्य लाभ पैकेज (एचबीपी 2.2) के संशोधित संस्करण से पैनल में शामिल अस्पतालों को आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई के तहत लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में मजबूती मिलेगी। '' उन्होंने कहा, ‘‘ कैंसर विज्ञान पर संशोधित पैकेज से देश में लाभार्थियों के लिए कैंसर देखभाल बढ़ेगी। ब्लैक फंगस से संबंध नये पैकेज के जुड़ने से लाभार्थियों को बहुत राहत मिलेगी। मुझे यकीन है कि तर्कसंगत किये गये एचबीपी से निजी अस्पतालों में योजना अपनाने में सुधार आएगा और लाभार्थियों की जेब पर कम असर पड़ेगा। '' राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आर एस शर्मा ने बताया कि एनएचए स्वास्थ्य लाभ पैकेज को तर्कसंगत बनाने के लिए पक्षकारों से मिलने वाले फीडबैक पर लगातार काम करता है। फिलहाल आयुष्मान भारत पीएम जेएवाई में 1,669 उपचार प्रक्रियाएं हैं जिनमें 1080 सर्जिकल , 588 मेडिकल एवं एक अज्ञात पैकेज हैं। आयुष्मान भारत पीएम जेएवाई का लक्ष्य सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवेरज का लक्ष्य हासिल करना एवं दूर दराज क्षेत्रों में नागरिकों को मुफ्त एवं सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इसका लक्ष्य 10.74 करोड़ गरीबों एवं जोखिम संभावित परिवारों को प्रति वर्ष प्रति परिवार पांच लाख रूपये तक की मुफ्त एवं बेनकदी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना है।
- देवास (मप्र)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में एक कुत्ते को कथित तौर पर लाठियों से पीट-पीटकर जान से मारने के आरोप में खातेगांव नगर परिषद के दो कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से करीब 110 किलोमीटर दूर खातेगांव कस्बे में रविवार को हुई कथित घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। खातेगांव नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) अनिल जोशी ने कहा, ''यह पूरा मामला तीन अक्टूबर का है। खातेगांव के त्रिमूर्ति कॉलोनी में एक कुत्ते को लाठियों से पीटने का पता चला था।'' उन्होंने कहा कि खातेगांव नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों आरोपी टेमा लोदवाल और आरोपी चंकी लोदवाल को निजी रूप से लोगों द्वारा वहां पर बुलाया गया था, जिसके बाद दोनों ने कुत्ते पर लाठियां चलाकर यह बर्बरता की और कुत्ते की मौत हो गई। जोशी ने बताया कि सिम्बा एंड गोपाल एनिमल वेलफेयर सोसाइटी की रूपा पटवर्धन की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ खातेगांव थाने में भादंवि की धारा 429 एवं पशु क्रूरता संरक्षण अधिनियम की धारा 11(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, ''इसकी जानकारी लगने के बाद मैंने इन दोनों आरोपियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ये दोनों दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी हैं और सफाई का काम करते थे।
- नयी दिल्ली। यूनेस्को की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पूर्वोत्तर और "आकांक्षी जिलों" में शिक्षकों के काम करने की स्थिति खराब है तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच बुनियादी सुविधाओं के साथ ही सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) संबंधी ढांचे को लेकर असमानता है।यूनेस्को की ‘‘2021 स्टेट ऑफ द एजुकेशन रिपोर्ट फॉर इंडिया: नो टीचर, नो क्लास' रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शिक्षकों की उपलब्धता में सुधार हुआ है लेकिन माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात अब भी अच्छा नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि छात्रों की मौजूदा संख्या को देखते हुए शिक्षण कार्यबल में 10 लाख से अधिक शिक्षकों की कमी है तथा प्रारंभिक बचपन की शिक्षा, विशेष शिक्षा, शारीरिक शिक्षा, संगीत, कला और व्यावसायिक शिक्षा जैसे विषयों तथा कुछ शिक्षा स्तरों पर शिक्षकों की कमी को देखते हुए इसकी आवश्यकता बढ़ने का अनुमान है। इसमें कहा गया है कि 15 वर्षों में मौजूदा कार्यबल के लगभग 30 प्रतिशत हिस्से को बदलने की जरूरत होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों में योग्य शिक्षकों की उपलब्धता और नियुक्ति दोनों में सुधार करने की आवश्यकता है। बुनियादी सुविधाओं के मामले में, पूर्वोत्तर और आकांक्षी जिलों में शिक्षकों के काम करने की स्थिति खराब है। संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में शिक्षण पेशे का "औसत दर्जा " है, लेकिन यह खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवाओं के लिए पसंदीदा पेशा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि निजी स्कूल के शिक्षक और बच्चों के शिक्षक अत्यधिक कमजोर समूह हैं तथा उनमें से कई कम वेतन पर बिना किसी अनुबंध के काम करते हैं और उन्हें स्वास्थ्य या मातृत्व अवकाश का लाभ भी नहीं मिलता। रिपोर्ट में शिक्षकों के लिए और अधिक "पेशेवर स्वायत्तता" पर बल देते हुए कहा गया है, "सार्वजनिक धारणा के विपरीत, शिक्षकों पर काफी कार्यभार है।
- कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने मंगलवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को देश में आने के लिए अगले साल तक इंतजार करना होगा,वहीं कार्य कुशल प्रवासियों तथा छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।मॉरिसन ने कहा कि उम्मीद है कि मंगलवार को देश में टीकाकरण का दायरा उस सीमा तक पहुंच जाएगा कि 16 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 80 प्रतिशत उन लोगों को प्रतिबंधों में ढील दी जा सकेगी जिन्होंने टीके की दोनों खुराक ले ली हैं। गत सप्ताह प्रधानमंत्री ने टीका ले चुके नागरिकों और स्थायी निवासियों को विदेश यात्रा करने की अनुमति देने की योजना का खाका पेश किया था। उन्होंने मंगलवार को कहा कि ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों के बाद अगली प्राथमिकता पर्यटकों के बजाय कार्य कुशल प्रवासियों और अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दी जाएगी।
- नई दिल्ली। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने 44 में से 41 सीट जीतकर गांधीनगर नगर निगम पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। इस चुनाव में कांग्रेस ने दो और आम आदमी पार्टी ने एक सीट जीती है। भाजपा ने थारा और ओखा नगर परिषद में भी जीत हासिल की है, जबकि भनवाड नगर परिषद में कांग्रेस को जीत मिली। जिला परिषद की आठ सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा ने पांच और कांग्रेस ने तीन सीटें जीती हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने जीत के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया है।
- - बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर कोविड महामारी का व्यापक असरनई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित एक रिपोर्ट जारी की। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष द्वारा प्रकाशित इस रिपोर्ट में बच्चों केमानसिक स्वास्थ्य पर कोविड महामारी के प्रभाव का विवरण दिया गया है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हालांकि मानसिक स्वास्थ्य एक पुराना मामला है लेकिन इसमें कई नये मुद्दे भी सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि पूरे समाज के लिए कोविड मानसिक तनाव की एक कड़ी परीक्षा थी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और परिवार के साथ मानसिक स्वास्थ्य संबंधित मुद्दों से निपटने के लिए शिक्षकों की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 15 से 24 वर्ष आयु वर्ग के के लगभग 14 प्रतिशत लोगों ने अक्सर उदास महसूस करने या काम करने में कम रुचि होने की बात कही है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के पास एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी करने के बाद एक इराकी नागरिक के शरीर से एक ‘लेफ्ट वेंट्रिकुलर असिस्ट डिवाइस' (एलवीएडी) को निकाल दिया। व्यक्ति का हृदय पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद यह सर्जरी की गई। अस्पताल के अधिकारियों ने मंगलवार को यह दावा किया। हाल में नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में सर्जरी की गई और डॉक्टरों ने दावा किया कि अब तक दुनिया में ऐसे बेहद कम मामले सामने आए हैं। एलवीएडी एक मैकेनिकल पंप होता है जिसे व्यक्ति के सीने के भीतर लगा दिया जाता है जो एक कमजोर हृदय को रक्त पम्प करने में सहायता करता है। उक्त मरीज में एलवीएडी 2018 में लगाया गया था। वह अब 56 साल का है। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि मरीज के हृदय में गंभीर समस्या हो गई थी। नोएडा स्थित फोर्टिस हार्ट एंड वस्कुलर इंस्टिट्यूट के अध्यक्ष डॉ अजय कॉल और उनके दल ने सितंबर में मरीज की सर्जरी की थी। उन्होंने मरीज के साथ मंगलवार को मीडिया से बातचीत की। बयान में कहा गया कि मरीज जब पहली बार अस्पताल आया था तो उसकी सांस उखड़ रही थी और दैनिक कामकाज करने में अक्षम था। उस पर सर्जरी की कोई प्रक्रिया संभव नहीं होने के कारण उसे हृदय प्रतिरोपण की सूची में रखा गया था। बयान के अनुसार, उसकी हालत बिगड़ने लगी और एलवीएडी लगाने की नौबत आ गई। बाद में मरीज की हालत में सुधार हुआ और मरीज अपने देश चला गया और उसे हर छह महीने पर जांच के लिए आने को कहा गया। बयान में कहा गया कि एलवीएडी लगाने के डेढ़ साल बाद उसे संक्रमण हो गया। अस्पताल ने कहा कि जांच में पता चला कि मरीज का हृदय पूरी तरह ठीक हो चुका है। कॉल ने नेतृत्व में दल ने बेहद जटिल और दुर्लभ सर्जरी कर एलवीएडी को निकाल दिया। अस्पताल के जोनल निदेशक मोहित सिंह ने कहा कि यह प्रक्रिया भारत में पहली बार फोर्टिस अस्पताल नोएडा में की गई।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री इस योजना के तहत 1,71,000 लाभार्थियों को ई-प्रॉपर्टी कार्ड भी वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इस कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रहेंगे। स्वामित्व योजना केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की योजना है, जिसका लक्ष्य ग्रामीण आवासीय क्षेत्रों के निवासियों को संपत्ति के अधिकार प्रदान करना है। पीएमओ ने कहा कि यह योजना शहरी क्षेत्रों की तरह, ग्रामीणों द्वारा ऋण और अन्य वित्तीय लाभ लेने के लिए वित्तीय संसाधन के रूप में संपत्ति का उपयोग करने का मार्ग प्रशस्त करेगी। पीएमओ के मुताबिक इसका उद्देश्य नवीनतम सर्वेक्षण ड्रोन-प्रौद्योगिकी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय क्षेत्रों का सीमांकन करना है। इस योजना ने देश में ड्रोन के निर्माण के लिए इकोसिस्टम को भी बढ़ावा दिया है।
- नयी दिल्ली। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड के गठन को अधिसूचित कर दिया है। यह बोर्ड सड़क सुरक्षा, नवोन्मेष और नयी प्रौद्योगिकी को अपनाने समेत अन्य चीजों के लिये जिम्मेदार होगा। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बोर्ड का मुख्यालय राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में होगा और यह देश के अन्य स्थानों में भी अपने दफ्तर स्थापित कर सकता है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड में चेयरमैन और कम-से-कम तीन सदस्य होंगे। इसमें अधिकतम सात सदस्य हो सकते हैं। इनकी नियुक्ति केंद्र सरकार करेगी। बोर्ड सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, दुर्घटना जांच के साथ-साथ केंद्र, राज्य सरकारों तथा स्थानीय प्राधिकरणों को सड़क सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन पर तकनीकी परामर्श और सहायता प्रदान करेगा।



















.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)