- Home
- देश
- जयपुर। राजस्थान के चूरू जिले में सोमवार की रात चोरी करने आये एक रिश्तेदार युवक ने सास, बहू की धारदार हथियार से हमला कर कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी शाहरूख खान कतर में मजदूरी करने वाले बुदे खान के मकान में चोरी की नियत से घुसा लेकिन बुदे खान की पत्नी रहीसा (50) जाग गई और उसने अलमारी से बहुमुल्य सामान की चोरी करते आरोपी को पकड लिया। चूरू पुलिस अधीक्षक नारायण तोगस ने बताया, ‘‘ उसके बाद आरोपी खान ने चाकू से रहीसा पर हमला कर दिया। रहीसा की बहू यास्मीन (25) भी इस बीच जाग गई थी, आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।'' उन्होंने बताया कि उसी दौरान महिलाओं का शोर सुनकर पडोसी उनके घर पहुंचे लेकिन आरोपी फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि यह घटना यास्मीन की 9 वर्षीय बेटी सामने घटी क्योंकि वह भी जाग गई थी।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ‘‘आरोपी को चूरू सीमा के एक गांव से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है।''उन्होंने बताया कि बुदे खान और उसका बेटा तथा मृतका यास्मीन का पति साजिद दोनों कतर में काम करते है। दोनों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। उनके यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपे जायेंगे।
- सासाराम-कटिहार । बिहार के रोहतास और कटिहार जिले में अलग-अलग सड़क हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि रोहतास जिले के चेनारी थाने के सबरबाद गांव के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर रविवार की देर रात एक कार, एक ट्रक से टकरा गयी जिससे कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया । पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने मंगलवार को बताया कि मृतकों में सासाराम निवासी गोपाल प्रसाद, उनके भाई कृष्णा कुमार (45) तथा दो अन्य व्यक्ति दिवाकर कुमार एवं अशोक कुमार शामिल हैं । उन्होंने बताया कि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पेनार निवासी गोरख नाथ प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है। इस बीच, पुलिस ने बताया कि प्रदेश के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर सोमवार की देर रात्रि एक कार और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गयी जिससे कार सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया । कोढ़ा थानाध्यक्ष रूपक रंजन सिंह ने मंगलवार को बताया कि मृतकों में राम प्रसाद, सुनील कुमार और विकास कुमार शामिल हैं । उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल रवि चौधरी को इलाज के लिए तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिये कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है ।
- मुजफ्फरनगर । क्रेडिट कार्ड का बिल न भर पाने के कारण 30 वर्षीय मेडिकल रिप्रिजेंटेटिव ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार को मुजफ्फरनगर की है और मृतक की पहचान मिमलाना इलाके के निवासी मनोज कुमार के रूप में की गयी है। पुलिस ने बताया कि अपने क्रेडिट कार्ड का बिल न भर पाने के कारण कुमार तनाव में था। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच चल रही है।
- संबलपुर । ओडिशा के संबलपुर में महानदी में 45 वर्षीय एक व्यक्ति तथा उसके बेटे की डूबने से मौत हो गई और उसकी बेटी अब भी लापता है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई, जब मोहम्मद अल्ताफ, उनका बेटा मोहम्मद आफताब (15) और बेटी रुखसाना परवीन (13) नदी में नहाने गए थे। उन्होंने बताया कि यह परिवार पेंशनपारा का रहने वाला था। बच्ची का पता लगाने के लिए अभियान जारी है। रुखसाना पानी के बहाव में बह गई थी, जिसके बाद अल्ताफ अपनी बेटी को बचाने की कोशिश में गहरे पानी में चले गए और बेटा आफताब भी उनके पीछे-पीछे नदी में चला गया। इसके बाद सभी लापता हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस तथा दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया कि स्थानीय मछुआरों ने आफताब का शव बरामद किया और दमकल कर्मियों ने अल्ताफ के शव को नदी से बाहर निकाला। रुखसाना की तलाश अब भी जारी है।
- नयी दिल्ली। भारत में कोविड-19 के 18,346 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,38,53,048 पर पहुंच गयी। 209 दिनों में संक्रमण के ये सबसे कम मामले हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,52,902 हो गयी जो 201 दिनों में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 263 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 4,49,260 पर पहुंच गयी है। कोरोना वायरस के मामलों में दैनिक वृद्धि लगातार 11वें दिन 30,000 से कम बनी हुई है। मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.75 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.93 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 11,556 की कमी दर्ज की गयी है। सोमवार को कोविड-19 का पता लगाने के लिए 11,41,642 नमूनों की जांच की गयी जिससे देश में अभी तक जांच किए गए नमूनों की संख्या 57,53,94,042 पर पहुंच गयी है। मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण की दैनिक दर 1.61 प्रतिशत दर्ज की गयी जो पिछले 36 दिनों से तीन प्रतिशत से कम पर बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर 1.66 फीसदी दर्ज की गयी। यह पिछले 102 दिनों से तीन प्रतिशत से कम पर बनी हुई है। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 3,31,50,886 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.33 फीसदी है। देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 91.51 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे। आंकड़ों के अनुसार, देश में जिन 263 और मरीजों ने जान गंवाई है उनमें से 149 की मौत केरल में और 26 की महाराष्ट्र में हुई। अभी तक देश में 4,49,260 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें से 1,39,233 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 37,832 की कर्नाटक, 35,666 की तमिलनाडु, 25,526 की केरल, 25,088 की दिल्ली, 22,894 की उत्तर प्रदेश और 18,837 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- मुंबई । दक्षिण मुंबई में अरब सागर में तैरने गए दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि घटना सोमवार शाम प्रियदर्शिनी पार्क के पास हुई, जब आठ लोग यहां आग्रीपाड़ा इलाके से समुद्र के पानी में उतर गए थे। आठ में से छह सुरक्षित लौट आए, जबकि दो अन्य लापता हो गए। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों ने घटना की जानकारी मिलने पर तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे दोनों के शव पार्क के पास बरामद हुए। मालाबार हिल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सूर्यकांत बांगड़ ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी जेजे अस्पताल भेजा गया है।-file photo
- नासिक। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि वह एक ऐसा कानून लाने की योजना बना रहे हैं, जिसके तहत वाहनों के हॉर्न के रूप में केवल भारतीय वाद्ययंत्रों की आवाज का इस्तेमाल किया जाए। यहां एक राजमार्ग के उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि वह एम्बुलेंस और पुलिस की गाड़ियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सायरन का भी अध्ययन कर रहे हैं और उन्हें आकाशवाणी पर बजाए जाने वाली अधिक कर्णप्रिय धुन में बदलने पर विचार कर रहे हैं। गडकरी ने कहा कि उन्होंने लाल बत्ती खत्म कर दी है। “अब मैं इन सायरन को भी खत्म करना चाहता हूं। अब मैं एम्बुलेंस और पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सायरन का अध्ययन कर रहा हूं।” उन्होंने कहा, “एक कलाकार ने आकाशवाणी के लिए एक धुन बनाया और इसे सुबह-सुबह बजाया गया। मैं उस धुन को एंबुलेंस के लिए इस्तेमाल करने की सोच रहा हूं ताकि लोगों को अच्छा लगे। खासकर मंत्रियों के गुजरते समय सायरन का इस्तेमाल जोरदार आवाज में किया जाता है जो बहुत परेशान करने वाला होता है। इससे कानों को भी नुकसान पहुंचता है।” गडकरी ने कहा, “मैं इसका अध्ययन कर रहा हूं और जल्द ही एक कानून बनाने की योजना बना रहा हूं” कि सभी वाहनों के हॉर्न से भारतीय संगीत वाद्ययंत्रों की आवाज़ आए, ताकि उन्हें सुनना कर्णप्रिय रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक लाख करोड़ रुपये की लागत वाला मुंबई-दिल्ली राजमार्ग पहले से ही निर्माणाधीन है, लेकिन यह भिवंडी से होते हुए जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट-मुंबई की परिधि तक पहुंचता है।
- पन्ना (मप्र)। प्रसूताओं को अस्पताल ले जाने के लिए सरकार द्वारा संचालित जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस सेवा समय पर न पहुंचने पर सोमवार को 28 वर्षीय महिला ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में ही बच्चे को जन्म दिया। यह जानकारी महिला के परिजनों ने दी। महिला के परिजन संतराम पटेल ने बताया कि पन्ना से करीब 10 किलोमीटर दूर अजयगढ़ तहसील के देवगांव की रहने वाली महिला के लिए राज्य द्वारा संचालित जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस सेवा का करीब दो घंटे तक इंतजार किया, लेकिन जब वह नहीं आई तो हम मजबूरन उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली से अस्पताल ले जाने लगे। उन्होंने कहा कि आधे रास्ते ही पहुंचे थे कि महिला ने ट्रैक्टर-टॉली में ही बच्चे को जन्म दे दिया। पटेल ने कहा, ‘‘मैंने 108 नंबर (एंबुलेंस हेल्पलाइन) पर चार बार फोन किया। मुझे बताया गया कि एंबुलेंस 10 मिनट के भीतर पहुंच जाएगी। लेकिन दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई।'' उन्होंने कहा कि महिला एवं उनका बच्चा अब अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हैं। दोनों को स्वास्थ्य केन्द्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली से ही पहुंचाया गया है। हालांकि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) आर के पांडे ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। लेकिन, उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- नयी दिल्ली। सरकार ने सोमवार को सीरिंज के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अधिसूचना में कहा कि उसने सीरिंज निर्यात को प्रतिबंधित श्रेणी में शामिल किया है, जिसके तहत अब किसी निर्यातक को निर्यात के लिए लाइसेंस या सरकार की अनुमति लेनी होगी। अधिसूचना में कहा गया, ‘‘सुई के साथ या सुई के बिना, सीरिंज के निर्यात को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित श्रेणी में शामिल कर दिया गया है।'' सीरिंज का निर्यात 2020-21 में 4.56 करोड़ अमेरिकी डॉलर का था। इस साल अप्रैल-जुलाई के दौरान यह आंकड़ा 1.73 करोड़ अमेरिकी डॉलर था।
- नयी दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि देश की 70 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दे दी गई है। देश भर में लोगों को टीके की 91 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक 25 प्रतिशत वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है।स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट किया,‘‘ सशक्त राष्ट्र, तेज टीकाकरण: भारत ने 70 प्रतिशत आबादी को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दे दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। शाबाश भारत, कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी रखें ।'' राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के दौरान देश भर में दी गई खुराकों की संख्या सोमवार को 91 करोड़ को पार कर गईं। को-विन पोर्टल के अनुसार, रात 9.50 बजे तक टीके की 71 लाख से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के पास टीकों की 5,67,37,905 खुराकें मौजूद हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार एक माह में प्रतिदिन औसतन दी जाने वाली खुराकों की संख्या बढ़ी है। मई में 19.69 लाख खुराक दी गई,जो जून में बढ़कर 39.89 लाख हो गई। वहीं जुलाई में यह संख्या 43.41 लाख और अगस्त में 59.19 लाख पर पहुंच गई। सितंबर में प्रतिदिन औसतन 79.08 लाख खुराकें दी गईं।मंत्रालय ने कहा कि देश की आबादी को कोविड-19 से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान की लगातार समीक्षा की जा रही है और उच्चतम स्तर पर इसकी निगरानी की जा रही है। देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू हुआ था और पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए थे।
- नयी दिल्ली। सड़क मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसने सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को गंभीर चोट लगने के एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों के लिए एक योजना शुरू की है, जिसके तहत उन्हें 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रधान सचिवों और परिवहन सचिवों को लिखे पत्र में कहा कि यह योजना 15 अक्टूबर 2021 से 31 मार्च 2026 तक प्रभावी होगी। मंत्रालय ने सोमवार को ‘‘नेक मददगार को पुरस्कार देने की योजना'' के लिए दिशानिर्देश जारी किए। मंत्रालय ने कहा कि इस योजना का मकसद आपातकालीन स्थिति में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए आम जनता को प्रेरित करना है। नकद पुरस्कार के साथ एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि इस पुरस्कार के अलावा राष्ट्रीय स्तर पर 10 सबसे नेक मददगारों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
- नयी दिल्ली। रक्षा मंत्रालय 2022 के गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़े कार्यक्रमों को इतिहास के पन्नों में दर्ज करने के लिए सोमवार को एक नयी वेबसाइट शुरू की। यह वेबसाइट रक्षा सचिव अजय कुमार ने लॉंन्च किया।मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘2022 के गणतंत्र दिवस समारोहों को प्रदर्शित करने के लिए, जो स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ--आजादी का अमृत महोत्सव के तौर पर मनाया जाएगा, रक्षा मंत्रालय ने एक नयी वेबसाइट तैयार की है।'' कुमार ने इस अवसर पर कहा कि गणतंत्र दिवस समारोहों से जुड़ी कई गतिविधियां देश भर में हुआ करती हैं और वेबसाइट इन कार्यक्रमों के लिए बहुत उपयोगी होगी। बयान में कहा गया है कि वेबसाइट में विशेष ई पुस्तिका, भारतीय स्वतंत्रता आदोलन पर ब्लॉग जैसी विशेषताएं होंगी।
-
नयी दिल्ली। भारतीय विधि सेवा की वरिष्ठ अधिकारी रीता वशिष्ठ को विधि एवं न्याय मंत्रालय में नया विधायी सचिव नियुक्त किया गया है। वशिष्ठ अब तक मंत्रालय के विधायी विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत थीं और उन्होंने सोमवार को अपनी नयी जिम्मेदारी संभाल ली। गौरतलब है कि कोविड-19 के कारण जी नारायण राजू की मृत्यु के बाद मई की शुरुआत से विधायी सचिव का पद खाली पड़ा था। राजू के निधन के बाद, विधि सचिव अनूप मेंदीरत्ता विधायी विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। विधायी सचिव पर संसद में पेश किए जाने से पहले सरकार के प्रमुख विधायी प्रस्तावों का मसौदा तैयार करने और उन्हें मंजूरी देने की जिम्मेदारी होती है। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरन रिजिजू ने ट्वीट कर रीता वशिष्ठ को बधाई दी।
रिजिजू ने ट्वीट किया, ''डॉ रीता वशिष्ठ को सचिव, विधायी विभाग, विधि एवं न्याय मंत्रालय, भारत सरकार के रूप में नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। उन्हें मेरी शुभकामनाएं। एक टीम के रूप में उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं। - मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक मोटरसाइकिल की सड़क पर खड़ी रेत से लदी एक भैंसागाड़ी से टक्कर हो गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। चोसाना पुलिस चौकी प्रभारी सामी पाल अत्री ने बताया कि पीड़ितों की पहचान रामपाल और चंद्रपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना चोसाना-गंगोह मार्ग पर हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के थाना परतापुर क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर कार और ट्रक के बीच टक्कर में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई,जिससे कार में सवार चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आठ माह का एक बच्चा घायल हो गया। घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पांचों शवों को पोस्टमाटर्म के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। पुलिस का कहना है कि संभवतः चालक को झपकी आने से कार का संतुलन बिगड़ गया और कार टोल प्लाजा के पास खड़े ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
- लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य की योगी आदित्यनाथ नीत सरकार पर मंगलवार को हमला करते हुए कहा कि आवाज उठाने वाले लोगों के प्रति उत्तर प्रदेश सरकार का रवैया लगातार हिंसात्मक और दमनकारी है।कांग्रेस महासचिव ने लखनऊ दौर पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और पूछा कि वह लखीमपुर खीरी उन परिवारों से मिलने क्यों नहीं जा रहे हैं, जिनके बेटों की ‘‘बर्बरतापूर्ण तरीके से हत्या कर दी गई’’ और जहां हेलीकॉप्टर से जाने में यहां से सिर्फ 15 मिनट लगते हैं।योगी सरकार पर हमला करते हुए प्रियंका ने कहा, ‘‘ उत्तर प्रदेश सरकार का पूरा ध्यान सत्ता में बने रहने के लिए प्रचार और जनसंपर्क पर केन्द्रित है।’’प्रियंका गांधी ने राज्य के वैश्विक महामारी से निपटने को लेकर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार मददगार बनने के बजाय हमलावर बन गई है ।’’प्रियंका को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जाते वक्त रास्ते में सीतापुर में हिरासत में ले लिया गया था। वह लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों के मारे जाने के बाद वहां जा रहीं थी।गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे के विरोध को लेकर भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
- नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत में लिए जाने को गैरकानूनी कदम करार देते हुए मंगलवार को कहा कि तथ्यों से साबित होता है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं है और वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपना कानून चल रहा है।पूर्व गृह मंत्री ने एक बयान में कहा, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत में लिए जाने से जुड़े तथ्य और हालात यह साबित करते हैं कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं है... उन्हें हिरासत में लिया जाना और उनकी गिरफ्तारी पूरी तरह गैरकानूनी और सत्ता का दुरुपयोग है। चिदंबरम के मुताबिक, गिरफ्तार करने वाले पुलिस अधिकारी ने उन्हें (प्रियंका) बताया कि उनको दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है। जबकि इस धारा के तहत गिरफ्तार किसी व्यक्ति को 24 घंटे से ज्यादा हिरासत में नहीं रखा जा सकता, जब तक कि न्यायिक मजिस्ट्रेट की ओर से कोई आदेश नहीं आया हो। उन्होंने दावा किया कि उनकी गिरफ्तारी दंड प्रक्रिया संहिता के कई प्रावधानों का उल्लंघन है। कांग्रेस नेता ने कहा, किसी भी महिला को शाम के बाद और सूर्योदय से पहले गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। जबकि प्रियंका गांधी को भोर में 4.30 बजे गिरफ्तार किया गया। उनको एक पुरुष अधिकारी ने गिरफ्तार किया, जो गैरकानूनी है।चिदंबरम ने आरोप लगाया, ऐसा लगता है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का मतलब श्री आदित्यनाथ का कानून और श्री आदित्यनाथ की व्यवस्था है। यह भी प्रतीत होता है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस कानून का पालन नहीं कर रही है, बल्कि श्री आदित्यनाथ के कानून और श्री आदित्यनाथ की व्यवस्था के अनुसार चल रही है।लखीमपुर खीरी के तिकोनिया क्षेत्र में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद वहां जाने के दौरान रास्ते में हिरासत में लीं गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 30 घंटे बाद भी पुलिस अभिरक्षा में हैं। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पैतृक गांव के दौरे के विरोध को लेकर भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
- नयी दिल्ली। जाने माने उर्दू शायर डॉ ताबिश मेहदी को नौ नवंबर को विश्व उर्दू दिवस के मौके पर ‘अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय' पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन नौ नवंबर को दिल्ली के कॉन्सिट्यूशल क्लब में आयोजित एक समारोह में महेदी के साथ ही उर्दू व हिंदी के अन्य विद्वानों को भी सम्मानित करेगा। संगठन के अध्यक्ष डॉ सैयद अहमद खान ने एक विज्ञप्ति में बताया कि नौ नवंबर को प्रख्यात उर्दू शायर अल्लामा इकबाल की जयंती के मौके पर विश्व उर्दू दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस साल ‘उर्दू के विकास' विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा जिसमें कोरोना वायरस की वजह से सिर्फ 100 लोगों को शिरकत करने की अनुमति है। डॉ खान ने बताया मेहदी के अलावा नाटककार आफताब हसनैन, लेखक डॉ शम्स बदायूनी और पत्रकार कौशल शर्मा समेत अन्य को भी सम्मानित किया जाएगा।
- चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने गैर भाजपा शासित 11 राज्यों और गोवा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का विरोध करने और शिक्षा में ‘‘राज्यों की प्रधानता'' बहाल करने में सहयोग मांगा है। यह जानकारी सोमवार को राज्य सरकार ने दी। साथ ही स्टालिन ने समर्थन जुटाने के लिए इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से संपर्क करने के काम में अपनी पार्टी के सांसदों को लगाया है। अपने समकक्षों को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने नीट का विरोध करने के रुख को दोहराया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा स्पष्ट रुख है कि नीट शुरू करने की केंद्र सरकार की पहल संघीय ढांचे के विपरीत है और राज्य सरकारों के अधिकारों को कम कर संवैधानिक संतुलन कायम रखने का उल्लंघन है।'' स्टालिन ने एक अक्टूबर को लिखे पत्र में कहा कि राज्य सरकारों को अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए दबाव बनाना चाहिए ताकि अपने उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन की प्रक्रिया के बारे में वे निर्णय कर सकें। यह पत्र सोमवार को मीडिया को उपलब्ध हुआ।
- कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में सोमवार की सुबह तेज रफ्तार से जा रही एक कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी । हादसे में दोपहिया वाहन पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि टक्कर के कारण कार पलट गई और सड़क के किनारे ढलान में गिर पड़ी लेकिन चालक उसमें से निकलने में कामयाब रहा। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान 65 वर्षीय मदनलाल बैरवा और 30 साल के लोकेश उर्फ गोलू के तौर पर हुई है। दोनों कोटा के रहने वाले थे। क्षेत्र निरीक्षक मनोज सिंह सिरवाल ने बताया कि कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी जिसकी वजह से बैरवा और लोकेश दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना कोटा-बारां राजमार्ग पर उद्योगनगर थाना क्षेत्र के धाकड़खेड़ी गांव के पास हुई है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद कार भी पलट गई और सड़क के किनारे ढलान में गिर पड़ी। कार चालक मौके से भाग गया लेकिन गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस बाबत लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है और कार चालक को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। सिरवाल ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
- मथुरा। कन्याकुमारी से चलकर दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जा रही तिरुक्कुरल एक्सप्रेस में रविवार को मथुरा जंक्शन स्टेशन के आउटर पर चलती ट्रेन से अज्ञात लुटेरों ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। मथुरा में स्टॉपेज न होने के कारण महिला यात्री ने निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचकर मामला दर्ज कराया।जिस समय यह वारदात हुई उस समय उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडल के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार मथुरा से पलवल एवं मथुरा से कीथम के बीच डाली जा रही रेलवे लाइनों के कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने अधिकारियों के साथ वहां पहुंचे हुए थे। पुलिस अधीक्षक (रेलवे) मोहम्मद मुश्ताक ने फोन पर बताया कि मथुरा में आउटर पर खड़ा युवक तिरुक्कुरल एक्सप्रेस में सवार महिला के गले से जंजीर तोड़कर भाग गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला ने दिल्ली के निजामुद्दीन थाने में चेन तोड़ने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना का खुलासा करने के लिए रेलवे एसओजी, सर्विलांस और थाना के प्रभारी निरीक्षक की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं, जो अपने स्तर से लुटेरे की खोज में जुट गई हैं। उन्होंने बताया, दिल्ली से रिपोर्ट मंगवाकर मथुरा जीआरपी थाने में दर्ज कराई जा रही है।
- नयी दिल्ली। दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निजी सचिव रहे पूर्व नौकरशाह और शिक्षाविद शक्ति सिन्हा का सोमवार को निधन हो गया। राजनीतिक नेताओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सिन्हा के आकस्मिक निधन पर शोक और दुख व्यक्त किया और एक रणनीतिक विचारक के रूप में और सार्वजनिक नीति में उनके योगदान को याद किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रेस सचिव अजय सिंह ने ट्वीट किया, “जीवन कितना क्षणभंगुर है। कल ही शक्ति सिन्हा जी से मुलाकात की और एक लंबी और समृद्ध बातचीत हुई। अब वह नहीं रहे। बेहद व्यथित!” भाजपा नेता राम माधव ने कहा कि सिन्हा गवर्निंग बोर्ड ऑफ इंडिया फाउंडेशन के सदस्य थे और आज दोपहर लेह में एक सम्मेलन को संबोधित करने वाले थे। उन्होंने ट्वीट किया, “एक विनम्र और सरल लेकिन विद्वान और बौद्धिक व्यक्ति... एक बड़ी क्षति। गहरी संवेदना। ओम।” सिन्हा 1979 बैच के आईएएस अधिकारी थे । वह नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) के पूर्व निदेशक भी थे। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने ट्वीट किया, “प्रेस क्लब ऑफ इंडिया पूर्व नौकरशाह और तीन मूर्ति में नेहरू मेमोरियल लाइब्रेरी एंड म्यूजियम के पूर्व निदेशक, शिक्षाविद और लेखक शक्ति सिन्हा के असामयिक निधन से स्तब्ध है। सिन्हा कुछ दिन पहले ही पीसीआई में हुई एक चर्चा में शामिल हुए थे। हम उनके असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हैं।” सिन्हा ने 1996-1999 के दौरान वाजपेयी के साथ मिलकर काम किया और ‘वाजपेयी: द इयर्स दैट चेंजेड इंडिया' शीर्षक से एक संस्मरण लिखा था।
- लखनऊ। प्रांतीय राजधानी के एक निजी अस्पताल में कल से भर्ती श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की स्थिति स्थिर एवं संतोषजनक बनी हुई है। लखनऊ स्थित मेंदाता अस्पताल के निदेशक डॉक्टर राकेश कपूर ने बताया, ‘‘सोमवार को उनकी स्थिति में सुधार देखा गया। उनके ऑक्सीजन सपोर्ट की जरुरत कम हुई है। उनके पेशाब के संक्रमण में भी कमी आयी है। उनकी स्थिति स्थिर और संतोषजनक है। उन्हें अभी भी गहन चिकित्सा कक्ष में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों और यूरोलोजी विशेषज्ञों की टीम की निगरानी में रखा गया है।'' महंत (84) को ऑक्सीजन स्तर कम होने और सांस फूलने की शिकायत के बाद रविवार को अयोध्या से लखनऊ के मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था। महंत गोपाल दास के सहयोगी कमल नयन दास ने रविवार को बताया था कि सुबह महंत की तबीयत बिगड़ने पर अयोध्या जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल भेजा गया। मठ मनीराम छावनी के निवासी नयन दास ने बताया था कि ऑक्सीजन स्तर में गिरावट के अलावा, गोपाल दास सर्दी-खांसी से पीड़ित हैं और उन्हें बहुमूत्र की समस्या भी है। उन्होंने कहा कि यहां के डॉक्टरों ने महंत गोपाल दास को कुछ समय के लिए अपनी निगरानी में रखा लेकिन बाद में उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल भेज दिया। महंत नृत्य गोपाल दास पिछले साल कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे, जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संक्रमण के बाद उनका लंबे समय तक इलाज चला था।
- बलिया । बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कटिहारी गांव के पास रविवार देर शाम कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार हरेंद्र शर्मा (45) तथा राम इकबाल शर्मा (35) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कार सवार चिकित्सक डॉक्टर सत्य गुरुदयाल सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं।
- मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) की ओर से सोमवार को कहा गया कि उसका घरेलू यात्री टर्मिनल टी1 20 अक्टूबर को आधी रात से पुनः खोला जाएगा। निजी हवाई अड्डा संचालक ने एक विज्ञप्ति में कहा कि गोएयर, एयर एशिया इंडिया, स्टार एयर और ट्रू जेट, 20 अक्टूबर आधी रात से टर्मिनल टी1 से अपनी सभी घरेलू उड़ानों का परिचालन बहाल करेंगे। हालांकि, इंडिगो की कुछ उड़ानें 31 अक्टूबर से बहाल होंगी और ज्यादातर उड़ानें टी2 से परिचालित होंगी तथा बेस उड़ानें टी1 से परिचालित होंगी। देश में कोरोना वायरस जनित महामारी की दूसरी लहर के बाद अप्रैल के मध्य में मुंबई हवाई अड्डे के अधिकारियों ने टी1 से उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी थीं और सभी सेवाएं टी2 से परिचालित हो रही थीं। बयान में कहा गया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान और हवाई यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि के चलते सीएसएमआईए टी1 पर 20 अक्टूबर से घरेलू उड़ान सेवाएं बहाल कर रहा है। टी1 पर प्रतिदिन लगभग 156 उड़ानें परिचालित होंगी जबकि टी2 पर 396 उड़ानों का परिचालन होगा।







.jpg)

.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)










.jpg)