- Home
- देश
- चेन्नई। महात्मा गांधी की 152वीं जयंती तथा देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर दक्षिण रेलवे ने यहां अपने मुख्यालय में विरासत चित्र वीथी में एक विशेष खंड बनाया है जो राष्ट्रपिता की ऐतिहासिक रेल यात्रा को समर्पित है। एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक जॉन थॉमस ने राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि आजादी के संघर्ष के दौरान गांधी की दक्षिण भारत एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की रेल यात्राओं की तस्वीरों को यहां प्रस्तुत किया गया है। इसके मुताबिक थॉमस ने स्वच्छता पखवाड़े के समापन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने गहन स्वच्छता अभियान का आयोजन करने के लिए दक्षिण रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
- इस्लामाबाद । पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पास एक कार फिसलकर नदी में जा गिरी जिससे उसमें सवार एक परिवार के कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना इस्लामाबाद के उपनगरीय इलाके में शुक्रवार रात को हुई जब एक कार में चार महिलाएं, दो बच्चे और एक व्यक्ति पास के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि कार चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया जिसके बाद कार सड़क से फिसल कर पुल की बाड़ से जा टकराई और नदी में गिर गई। कार डूब गई और सुबह पानी का स्तर कम होने पर दिखाई दी। बचाव दल और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को अस्पताल ले जाया गया।
- नयी दिल्ली। गांधी जयंती के अवसर पर सरकार ने एक वेब पोर्टल शुरू किया जो भारत में कूड़े की समस्या के समाधान के लिए प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, सरकार के हितधारकों और स्थानीय नगर निकायों को एक मंच पर लाएगा। प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार विजय राघवन ने कहा कि ‘वेस्ट टू वेल्थ' पोर्टल का उद्देश्य स्थायी विकास के लिए समन्वय को बढ़ाना है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘गांधी जयंती 2021 के अवसर पर स्वच्छ भारत, उन्नत भारत मिशन को आगे बढ़ाते हुए प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के कार्यालय ने ‘वेस्ट टू वेल्थ' पोर्टल शुरू किया है जो स्थायी विकास के लिए चक्रीय अर्थव्यवस्था और सामुदायिक साझेदारी को बढ़ाएगा।'' विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने अपने ट्वीट में कहा कि इस पोर्टल का लक्ष्य प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, सरकार के हितधारकों और स्थानीय शहरी निकायों को भारत में कूड़े की समस्या के समाधान के लिए एक मंच पर लाना है।
- मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा से भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के रिश्तेदार की मध्यप्रदेश के इंदौर में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मरने वाले युवक की पहचान तनिष्क राज (18) के रूप में की गयी है । उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में मौत के बाद तनिष्क का शव नाएडा लाया गया जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया । बलदेव विधान सभा क्षेत्र से विधायक पूरन प्रकाश ने बताया कि उनके बड़े भाई और अवकाश प्राप्त पुलिस उपाधीक्षक जवाहर लाल नोएडा में रहते हैं। उनके पुत्र विनोद कुमार का मप्र के देवास में पेट्रोल पम्प है। विनोद का पुत्र तनिष्क राज (18) बुधवार को विधि स्नातक में नामांकन कराने इंदौर गया था।
- नयी दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ताजदार बाबर का शनिवार सुबह निधन हो गया। वह 85 साल की थीं। उनके पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि ताजदार ने आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्हें कुछ दिनों पहले मालवीय नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज दिन में निजामुद्दीन ईस्ट के एक सामुदायिक भवन पहुंकर ताजदार को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहीं पर ताजदार का पार्थिव शरीर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। पारिवार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शनिवार शाम उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘ताजदार बाबर जी के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। हम दिल्ली के लोगों और कांग्रेस के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हैं।'' कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा, ‘‘दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ नेत्री ताजदार बाबर जी, जिन्हें हम प्यार से मम्मी संबोधित करते थे, आज हमारे बीच नहीं रही। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं अपने श्री चरणों में स्थान दे। विनम्र श्रद्धांजलि!'' उल्लेखनीय है कि ताजदार बाबर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रहने के साथ ही मिंटो रोड और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्रों से विधायक भी रहीं। वह लंबे समय तक नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद की उपाध्यक्ष भी रहीं। ताजदार के पुत्र फरहाद सूरी कांग्रेस के नेता हैं और एकीकृत निगम रहने के दौरान दिल्ली के महापौर भी रह चुके हैं।
- तिरुवनंतपुरम। केरल सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि केवल 50 फीसदी दर्शकों की अनुमति समेत कुछ शर्तों के साथ 25 अक्टूबर से सिनेमाघर एवं सभागार (ऑडिटोरियम) फिर से खुल जायेंगे। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय कोविड-19 मूल्यांकन बैठक में निर्देश दिया गया कि सिनेमाघरों में केवल उन्हें ही प्रवेश की अनुमति होगी जिन्होंने टीके की दोनों खुराक ले ली है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि कर्मचारियों का भी पूर्ण टीकाकरण होना चाहिए। इसमें कहा गया है, ‘‘सिनेमाघरों और सभागारों में केवल 50 प्रतिशत लोगों के बैठने की अनुमति होगी।"कॉलेज भी 18 अक्टूबर से केवल उन कर्मियों एवं विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे जिनका पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। बैठक में यह भी तय किया गया कि शादियों एवं अंतिम संस्कार में 50 लोग शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि राज्य में कोविड-19 फैलने के बाद पिछले लगभग डेढ साल से सिनेमाघर और सभागार बंद हैं।
- नयी दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के आठ कॉलेजों द्वारा 11 पाठ्यक्रमों के लिए सौ प्रतिशत ‘कट-ऑफ' की घोषणा किये जाने के एक दिन बाद शिक्षाविदों के एक वर्ग ने शनिवार को तमाम बोर्ड की मूल्यांकन पद्धति पर सवाल खड़े किये और कुछ ने प्रवेश परीक्षाओं के विचार को यह कहते हुए नकार दिया कि इससे कोचिंग उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। कुछ विशेषज्ञों ने अच्छी गुणवत्ता वाले संस्थान खोलने के लिए अधिक निवेश करने पर जोर दिया और कहा कि इससे छात्रों का भला होगा। उन्होंने कहा कि इतने सारे छात्रों द्वारा शत प्रतिशत अंक प्राप्त करने से उनकी निष्ठा पर भी प्रश्न खड़े होते हैं जिन्हें अंक देने का दायित्व सौंपा गया था। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अरविन्द झा ने कहा, “शत प्रतिशत अंक देने से उन लोगों की निष्ठा पर सवाल खड़े होते हैं जिन्हें बोर्ड या स्कूलों में अंक देने के लिए नियुक्त किया गया है। इससे पहले प्रवेश परीक्षा आयोजित कराने का विचार किया गया था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। अगर इस मौके पर यह किया जाता है तो एक बेहतर समाधान होगा।” उन्होंने कहा, “अगर यह नहीं किया जा रहा है तो दिल्ली विश्वविद्यालय ऑनलाइन साक्षात्कार क्यों नहीं आयोजित करवाता। उन सभी 10 छात्रों का मूल्यांकन हो जाएगा जो सौ प्रतिशत अंक लेकर आए हैं और उनमें से एक का चयन हो जाएगा। विशेषकर कोविड महामारी में इसके बारे में सोचना चाहिए।” ‘नेशनल डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट' के प्रोफेसर ए के भागी ने कहा, “पूर्ण अंक सर्वश्रेष्ठ चार विषयों के लिए हैं और छात्रों के चार विषयों में पूर्ण अंक होने की उच्च संभावना है।'' उन्होंने कहा, “लेकिन ऐसे छात्रों की संख्या कोविड से पहले के समय में कम थी लेकिन महामारी के कारण और आंतरिक मूल्यांकन की वजह से शत प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों की संख्या बढ़ गई है। इससे अधिक कॉलेजों में सौ प्रतिशत कट ऑफ देखे जा रहे हैं।” भागी ने कहा कि एक मिलजुली प्रणाली को अपनाया जा सकता है जिसमें बोर्ड के अंकों के अलावा प्रवेश परीक्षा में किये गए प्रदर्शन पर गौर किया जा सकता है। दिल्ली विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद के पूर्व सदस्य राजेश झा ने कहा कि बोर्ड परीक्षा प्रणाली में सुधार किये जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी है और बिना भेदभाव के कट-ऑफ के आधार पर प्रवेश दिया गया है। विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज की प्रोफेसर आभा देव हबीब ने कहा, “सरकार को उच्च शिक्षा पर और अधिक निवेश करना चाहिए, केंद्रीय विश्वविद्यालयों में भर्ती करनी चाहिए और नए संस्थान स्थापित करने चाहिए।
-
रोहतक। हरियाणा के रोहतक शहर में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। शहर के छोटूराम चौक के नजदीक निर्माणाधीन बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि बिल्डिंग पर काम करने के लिए बल्लियां बांधी गई थीं, जो अचानक टूट गईं। इस वजह से हादसा हो गया।
आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया। इसके अलावा दोनों मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई। पुलिस ने बताया कि छोटूराम चौक के नजदीक एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार सुबह चार मजदूर वहां पर काम करने के लिए पहुंचे थे। दो मजदूर तीसरी मंजिल पर बल्लियां बांधकर काम कर रहे थे। इसी बीच बल्लियां टूट गईं। इससे पहले कि दोनों मजदूर खुद को संभाल पाते, वह भी तीसरी मंजिल से बल्लियों और ईंटों के साथ नीचे आ गिरे। नीचे गिरने के बाद उनके ऊपर ईंट भी गिर गईं। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ इकठ्टा हुई, जो उन्हें उपचार के लिए लेकर जाने लगे, लेकिन दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथी मजदूरों ने बताया कि मरने वालों के नाम उत्तम और गौतम हैं, जो मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। एक मृतक बिहार के भागलपुर का रहने वाला था, तो दूसरा बिहार में ही लक्की सराय का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पहले ही वह काम पर आए थे। हादसे की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के बारे में जानकारी जुटाई। परिवार के सदस्यों के आने के बाद ही शवों को पोस्टमार्टम होगा। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह अशोका चौक के पास भी बिजली कर्मचारी तीसरी मंजिल से गिर गया था, जो छत पर कुछ काम कर रहा था। लोहे की ग्रिल टूटने की वजह से वह नीचे गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी। -
एटा। एटा कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में पुत्रवधू से अवैध संबंध में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी (सास) पति के पुत्रवधू से अवैध संबंधों का विरोध करती थी। मृतका के भाई ने बहनोई सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गुरुवार रात करीब नौ बजे 55 वर्षीय महिला की हत्या उसके ही पति ने गोली मारकर कर दी। आरोपी को बंदूक सहित ग्रामीणों व परिजनों ने पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने कहा कि मृतका के भाई ने बताया कि बहन के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों की शादी कर दी गई है। गांव में दो मकान है, दोनों पुत्र अलग-अलग मकान में रहते हैं। आरोप है कि छोटे पुत्र की करीब छह वर्ष पूर्व शादी हुई थी, लेकिन उसने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। करीब तीन साल पहले पुत्र दूसरी महिला को पत्नी बनाकर ले आया। इसके साथ आरोपी ससुर के अवैध संबंध हो गए। इसका पत्नी विरोध करती थी। बदनामी के चलते पत्नी अपने मायके चली आई, यहां पर दो वर्ष तक रही।
महिला को उसके बड़े पुत्र ने बताया कि उसके हिस्से की जमीन भी पिता छोटी बहू के नाम करने जा रहे हैं। इस पर वह गांव में आ गई और उसने सिविल कोर्ट में एक वाद दायर कर जमीन की बिक्री पर रोक लगा दी थी। एसएसपी उदय शंकर सिंह ने कहा कि कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में महिला की हत्या उसके पति ने की है। पति का आचरण सही नहीं था और वह जमीन बिक्री करना चाहता था। इसका महिला विरोध करती थी। महिला के भाई की तहरीर पर आरोपी पिता और साजिश में आरोपी पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। -
आगरा। आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में आज भरतपुर राजस्थान से आगरा के सेवला जाते समय एक बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि मृतक युवक हादसे के समय कान में लीड लगाकर गाने सुनते हुए गाड़ी चला रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर आई थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
एसएसपी मुनिराज के मुताबिक शनिवार सुबह आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में महर्षि परशुराम इंटर कालेज के पास हीरो होंडा बाइक स्प्लेंडर बाइक पर जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरा और उसके सर पर चोट लग गयी। ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची पर तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल की हैंड फ्री लीड, चार्जर और 215 रुपये मिले हैं। गाड़ी किसी बंटू पुत्र रघुवीर के नाम थी और मृतक की शिनाख्त सुनील कुमार निवासी भरतपुर राजस्थान के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया है की युवक अपनी पत्नी को मायके से लाने के लिए भरतपुर से आगरा के सेवला क्षेत्र में अपनी ससुराल जा रहा था। एसएसपी मुनिराज के अनुसार पुलिस अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाई में जुट गयी है। आस पास के सीसीटीवी फुटेज चेक कर वाहन की जानकारी करने के प्रयास कर रही है। -
पटना। बिहार पोस्ट मानसून की चपेट में है। 30 सितंबर को मानसून का एंड हो गया, एक अक्टूबर से पोस्ट मानसून का प्रभाव शुरू हो गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून अब तक भारत से वापस नहीं लौटा है। इसके लौटने की शुरुआत भी नहीं हुई है। जिस तरह की परिस्थिति बनी हुई है उससे ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले दो से तीन दिनों में इसके भारत से मानसून लौटने की शुरुआत होने की भी कोई संभावना नहीं है। ऐसे मौसमी सिस्टम में बिहार में 5 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। आने वाले 24 घंटे में पूरे बिहार यानी 38 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। इसमें 8 जिले ऐसे हैं, जहां भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मौसमी सिस्टम दो अलग अलग छोरों पर बने हुए हैं जिससे बिहार में इसका काफी प्रभाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य के सभी क्षेत्रों में मानसून की सक्रियता जारी रही है। इससे पूरे बिहार में हल्की से मध्यम और कहीं कहीं भारी बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। आने वाले 24 घंटे में भी यह सक्रियता बनी रहेगी। इसका असर पूरे बिहार में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने वैसे तो पूरे बिहार में बारिश का पूर्वानुमान जताया है लेकिन दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया और कटिहार सहित 8 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग से जुड़ी आरती गुप्ता बताती हैं कि राज्य में सतह से 6 किमी उंचाई तक पूर्वी हवा प्रवाहित हो रही है। इस सिस्टम को अपने स्थान से उत्तर दिशा में बढऩे की संभावना है। इस मौसमी सिस्टम का अगले 2 से 3 दिनों तक इसी प्रकार बने रहने की संभावना है। इसके परिणाम से पूरे बिहार में मध्यम से भारी और एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। अति वर्षा का क्षेत्र शुक्रवार को उत्तर पश्चिम में स्थित था अब इसके उत्तर पूर्वी दिशा में बढऩे का पूरा अनुमान है। इस कारण से शनिवार को उत्तर पूर्वी भागों में अति वर्षा की गतिविधि बढ़ जाएगी। - कानपुर। शहर में परचून की दुकान चलाने वाले एक व्यापारी की पत्नी और बच्चे सहित हत्या करने का मामला सामने आया है। तीनों शव परचून की दुकान से सटे कमरे में मिले हैं। हत्यारों ने पहले वारदात को अंजाम दिया और फिर शवों के सिर को पॉलिथीन से कसकर बांध दिया। तीनों के शव को फर्श पर लिटा कर कंबल से ढंककर फरार हो गए।कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र में यह वारदात हुई है। यहां पर राजकिशोर परचून की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी गीता और बेटे नैतिक हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजकिशोर के पड़ोसी ने शनिवार सुबह देखा कि एक शख्स राजकिशोर की बाइक लेकर जा रहा है। उन्होंने मकान में जाकर देखा तो बाहर से ताला लगा हुआ था। पड़ोसी ने इसकी खबर मृतक के भाई प्रेम किशोर को दी। प्रेम किशोर मौके पर पहुंचे, तो राजकिशोर को मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई आहट नहीं मिली। प्रेम किशोर को किसी अनहोनी का शक हुआ तो, उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के अंदर तीनों शव खून से लथपथ पड़े हुए थे।डीसीपी संजीव त्यागी के अनुसार घर के अंदर दंपति और बच्चे का शव मिला है। सर्विलांस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वैड की टीमें जांच कर रही हैं। कुछ सुराग मिले हैं, जल्द ही इस घटना की खुलासा कर दिया जाएगा। तीनों से शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।---
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के तीन जिलों और एक अन्य जिले के दो थाना क्षेत्रों को उग्रवादी गतिविधियों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम के तहत अगले छह महीने के लिए ‘अशांत’ घोषित कर दिया है।केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इस संबंध में जारी अधिसूचना एक अक्टूबर 2021 से 31 मार्च 2022 तक प्रभावी होगी। मंत्रालय के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पहली बार, लंबे समय के बाद दो अन्य जिलों- लोअर दिबांग और लोहित- के दो पुलिस थाना क्षेत्रों में आफस्पा कानून लागू नहीं होगा और यह फैसला सुरक्षा हालात में सुधार के मद्देनजर लिया गया है।केंद्र सरकार ने सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम-1958 की धारा-3 में निहित शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए एक अप्रैल 2021 को जारी अधिसूचना में अरुणाचल प्रदेश के तिरप, चांगलांग और लॉन्गडिंग जिलों और चार पुलिस थाना क्षेत्रों- दो नामसई जिले में और लोअर दिबांग और लोहित जिले के एक-एक पुलिस थाना क्षेत्र को ‘अशांत’ इलाका घोषित किया था, जो असम की सीमा से सटे हैं।मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश के तिरप, चांगलांग और लॉन्गडिंग जिलों और असम की सीमा से लगते चार थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की हाल में समीक्षा की।अधिसूचना में कहा गया, ‘‘ अरुणाचल प्रदेश के तिरप, चांगलांग और लॉन्गडिंग जिलों और नामसई जिले के नामसई और महादेवपुर पुलिस थाना क्षेत्र को सशस्त्र बल (विशेष अधिकार) अधिनियम-1958 की धारा-3 में निहित शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए एक अक्टूबर 2021 से 31 मार्च 2022 तक या इससे पहले आदेश वापस लेने तक ‘अशांत क्षेत्र ’ घोषित किया जाता है।’’आफस्पा उन इलाकों में लागू किया जाता है, जहां पर नागरिक प्रशासन की मदद के लिए सशस्त्र बलों की जरूरत होती है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में एनएससीएन, उल्फा और एनडीएफबी जैसे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों की मौजूदगी है।
- मुंबई। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) ने शुक्रवार को कहा कि सितंबर में रोजगार में 85 लाख की वृद्धि हुई, जिससे महीने के दौरान बेरोजगारी दर घटकर 6.9 प्रतिशत हो गई। इनमें वेतनभोगी नौकरियों में वृद्धि की प्रधानता रही।सीएमआईई के एमडी और सीईओ महेश व्यास ने अपने विश्लेषण में कहा, ‘‘महीने के दौरान नौकरियों में 85 लाख की वृद्धि हुई। बेरोजगारी दर अगस्त के 8.3 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 6.9 प्रतिशत रह गई, जो 20 महीनों में या मार्च 2020 में कोविड-19 के प्रकोप के बाद से सबसे अधिक है।’’ श्रम भागीदारी दर 40.5 प्रतिशत से बढ़कर 40.7 प्रतिशत हो गई और रोजगार दर 37.2 प्रतिशत से बढ़कर 37.9 प्रतिशत हो गई।विश्लेषण में कहा गया है कि सितंबर में रोजगार में वृद्धि की सबसे अच्छी बात वेतनभोगी नौकरियों में वृद्धि रही। इनमें 69 लाख की वृद्धि हुई है।वेतनभोगी नौकरियों में रोजगार सितंबर में बढ़कर 8.41 करोड़ हो गया, जो अगस्त में 7.71 करोड़ था। सभी प्रमुख व्यवसाय समूहों में, वेतनभोगी नौकरियों में सबसे बड़ी वृद्धि देखी गई। सितंबर में यह बड़ी छलांग वेतनभोगी नौकरियों को 2019-20 के उनके औसत के सबसे करीब लाती है, जो कि 8.67 करोड़ थी।
- नई दिल्ली। अब आगरा से लखनऊ के लिए सीधी फ्लाइट मिला करेगी। शुक्रवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आगरा और लखनऊ के बीच पहली डायरेक्ट फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह फ्लाइट क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 'उड़ान' योजना के तहत शुरू की गई है। इस नॉन स्टॉप फ्लाइट के लिए एकतरफा हवाई किराया 1999 रुपये से शुरू होगा।इंडिगो एयरलाइंस एक अक्टूबर से आगरा-लखनऊ फ्लाइट शुरू कर रही है। सिंधिया का कहना है कि इस फ्लाइट के शुरू होने से आगरा से लखनऊ की बीच की दूरी अब सिर्फ एक घंटे में तय होगी। अभी आगरा से लखनऊ पहुंचने में 4 घंटे लग जाते हैं। यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, रविवार) उपलब्ध रहेगी। इन नई फ्लाइट से इस क्षेत्र में टूरिस्ट और आम लोगों के लिए ट्रैवल के और ज्यादा विकल्प उपलब्ध होंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बूस्ट मिलेगा।उत्तर प्रदेश का आगरा एयरपोर्ट एक सिविल एन्क्लेव है, जिसका स्वामित्व भारतीय वायुसेना के पास है और यह भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा संचालित किया जाता है। आगरा से सीधी फ्लाइट के जरिए जुडऩे वाला लखनऊ तीसरा शहर है। इससे पहले अहमदाबाद और बेंगलुरू को भी आगरा से सीधी उड़ान के जरिए जोड़ा जा चुका है।---
- नई दिल्ली। मुम्बई में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने धनशोधन मामले में कई समन भेजे जाने के बावजूद प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष हाजिर नहीं होने के लिए महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। न्यायालय ने भारतीय दंड संहिता की धारा 174 के अन्तर्गत अनिल देशमुख के खिलाफ यह प्रक्रिया शुरू की है।अनिल देशमुख के खिलाफ जांच एजेंसी द्वारा पांच समन भेजे जाने के बावजूद उनके हाजिर नहीं होने के कारण प्रवर्तन निदेशालय ने अदालत में अर्जी दाखिल की थी। मुम्बई में रेस्तरां, बार और अन्य प्रतिष्ठानों से रिश्वत के रूप में प्राप्त राशि के कथित धनशोधन के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व मंत्री को समन भेजा था। अवर मुख्य मेट्रोपोलिटिन मजिस्ट्रेट आर एम नेरलिकर के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय द्वारा प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर अनिल देशमुख के खिलाफ प्रथम द़ष्टया मामला बनता है।
- नई दिल्ली। भारत ने कहा है कि ब्रिटेन से भारत में आने वाले वहां के नागरिकों को अनिवार्य रूप से क्वारंटाइन में रहना होगा। इससे पहले ब्रिटेन द्वारा नए यात्रा नियम घोषित किए जाने के बाद भारत ने अब यह कदम उठाया है। ब्रिटेन के नए नियमों के अनुसार ब्रिटेन पहुंचने वाले वैसे भारतीय यात्रियों को जिन्होंने कोविशील्ड की दोनों खुराक ली हैं, उनका टीकाकरण नहीं माना जायेगा।सूत्रों के अनुसार भारत के नियम चार अक्टूबर से प्रभावी होंगे और ब्रिटेन से भारत आने वाले सभी ब्रिटिश नागरिकों पर लागू होंगे।टीकाकरण की स्थिति के बावजूद ब्रिटेन से भारत आने वाले सभी व्यक्तियों को प्रस्थान से पहले, यात्रा शुरू करने और हवाई अड्डे पर 72 घंटे के भीतर, कोविड-19 की आरटी-पीसीआर जांच करानी होगी। उन्हें भारत में पहुंचने के आठवें दिन फिर आरटी-पीसीआर जांच करानी होगी। उन्हें भारत में पहुंचने के बाद ठहरने के स्थान पर या अपने घर में दस दिन तक क्वारंटाइन में रहना होगा।
-
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘स्वच्छ भारत मिशन-शहरी’ और ‘कायाकल्प एवं शहरी सुधार के लिए अटल मिशन’ के दूसरे चरण की शुक्रवार को शुरुआत की।प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री की दृष्टि के अनुरूप स्वच्छ भारत मिशन 2.0 और ‘अमरुत 2.0’ को सभी शहरों को कचरा मुक्त करने और जल संरक्षण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तैयार किया गया है। यहां आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने प्रमुख मिशन की शुरुआत की।प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और अटल मिशन भारत में तेजी से शहरीकरण की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान करने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ने का संकेत देने के साथ-साथ सतत विकास लक्ष्य 2030 की उपलब्धि में योगदान करने में भी मददगार होंगे। स्वच्छ भारत मिशन सभी शहरों को 'कचरा मुक्त' बनाने और अटल मिशन के अंतर्गत आने वाले शहरों के अलावा अन्य सभी शहरों में धूसर और काले पानी के प्रबंधन को सुनिश्चित करने, सभी शहरी स्थानीय निकायों को खुले में शौच से मुक्त बनाने की परिकल्पना करता है, जिससे शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित स्वच्छता के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अटल मिशन के दूसरे चरण का लक्ष्य लगभग 2.64 करोड़ सीवर कनेक्शन प्रदान करके लगभग 2.68 करोड़ नल कनेक्शन और 500 अमृत शहरों में सीवरेज और सेप्टेज का शत-प्रतिशत कवरेज करते हुए लगभग 4,700 शहरी स्थानीय निकायों में सभी घरों में पेयजल की आपूर्ति का शत-प्रतिशत कवरेज प्रदान करना है। मुताबिक इससे शहरी क्षेत्रों में 10.5 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ होगा। इस अवसर पर आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों के शहरी विकास मंत्री भी मौजूद थे।
- नयी दिल्ली। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार से राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रियाओं के सख्ती से पालन के साथ धार्मिक स्थलों को श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोलने की अनुमति दे दी।दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने नए कोविड-19 दिशा निर्देश जारी किए। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर के कारण लॉकडाउन लगने से 19 अप्रैल से पांच महीने से अधिक समय तक धार्मिक स्थल भक्तों के लिए बंद रहे।डीडीएमए ने अपने आदेश में धार्मिक स्थलों पर भक्तों के प्रवेश की अनुमति दी है, लेकिन वहां बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने पर रोक है। डीडीएमए ने जिलाधिकारियों और पुलिस उपायुक्तों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर कोविड-उपयुक्त व्यवहार का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।प्राधिकरण ने अपने नए कोविड-19 दिशानिर्देशों में कहा है कि दिल्ली में त्योहारों के दौरान मेलों, खाने के स्टॉल, झूलों, रैलियों और जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीडीएमए ने आधिकारिक आदेश में कहा, ‘‘सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा की अनुमति नहीं दी जाएगी और लोगों को सलाह दी जाती है कि वे इसे अपने घरों में ही मनाएं।’’ डीडीएमए ने जिन गतिविधियों की अनुमति दी है और जिनपर पाबंदियां लगाई है, उससे संबंधित आदेश 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेंगे।
- शिमला। शिमला में बारिश के कारण हुए भूस्खलन में बहुमंजिला इमारत ढह गई है, जिससे पास के दो ढांचे भी क्षतिग्रस्त हो गए।आपदा प्रबंधन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता के अनुसार, हाल में बारिश के कारण हुए भूस्खलन में शिमला में हाली पैलेस के पास घोड़ा चौकी में आठ मंजिला इमारत ढह गई।उन्होंने बताया कि आठ मंजिला भवन के हिस्से अन्य दो मंजिला इमारतों पर गिरे, जिससे वे भी क्षतिग्रस्त हो गईं। एक होटल सहित आसपास की दो इमारतों पर अब भी खतरा बना हुआ है। मोख्ता ने बताया कि जिला प्रशासन ने इमारत में रहने वालों को वित्तीय सहायता के रूप में 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
- जम्मू । जम्मू हवाईअड्डे पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जाने पर लगने वाले जुर्माना को समाप्त कर दिया गया है। इससे विमानन कंपनियां पूरी क्षमता के साथ अब उड़ानों का संचालन कर सकेंगी। इस निर्णय से जम्मू के लिए हवाई किराए में कमी आएगी। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इससे पहले जम्मू हवाईअड्डे पर 30 प्रतिशत ‘लोड पेनाल्टी' लागू थी, जिसका मतलब है कि विमानन कंपनियां विमान में मौजूद कुल सीटों के मुकाबले केवल 70 प्रतिशत सीटों की ही बुकिंग ले सकती थी। इस मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायु सेना के नियंत्रण वाले जम्मू हवाई अड्डे के लिए गुरुवार को एक नोटम (वायु सैनिकों को नोटिस) जारी किया। इसका मतलब है कि जम्मू हवाईअड्डे पर लागू किये गए 30 प्रतिशत जुर्माने के प्रावधान को हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय के बाद विमानन कंपनियां अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ानों का संचालन कर सकती है और इससे उड़ानों के किराए में कमी भी आएगी। जम्मू हवाईअड्डा पर वर्तमान में प्रतिदिन विभिन्न शहरों से 35 उड़ानों का संचालन होता है।
- नयी दिल्ली। सार्वजानिक क्षेत्र की कंपनी कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) देश के नौ शहरों में बिजली से चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करेगी। कंपनी ने एक बयान में कहा, "देश में सार्वजनिक परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक बसों के इस्तेमाल को प्रेरित करने के लिए एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी सीईएसएल देश के नौ शहरों में इलेक्ट्रिक बसें संचालित करेगी।" कंपनी के बयान के अनुसार इसके लिए उसने राज्यों के परिवहन विभागों से इलेक्ट्रिक बसों की मांग आमंत्रित की है।
- नयी दिल्ली। देश में जिला अस्पतालों में प्रति एक लाख आबादी पर औसतन 24 बिस्तर हैं। इसमें पुडुचेरी में जिला अस्पतालों में सर्वाधिक औसतन 222 बिस्तरे उपलब्ध हैं वहीं बिहार में सबसे कम छह बिस्तरे हैं। नीति आयोग की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है। आयोग की ‘जिला अस्पतालों के कामकाज में बेहतर गतिविधियों' पर रिपोर्ट में कहा गया है कि बिस्तरों की उपलब्धता, चिकित्सा और इलाज में डॉक्टर की मदद करने वाले चिकित्साकर्मियों (पैरामेडिकल) की संख्या, जांच सुविधाएं जैसे संकेतकों के आधार पर 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 75 जिला अस्पतालों का प्रदर्शन काफी बेहतर है। इसमें कहा गया है, ‘‘प्रदर्शन से जुड़े प्रमुख संकेतकों के आधार पर प्रति एक लाख की आबादी पर कार्यरत अस्पतालों में बिस्तरों की औसतन संख्या 24 है...।'' भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानक (आईपीएचएस) 2012 दिशानिर्देश के तहत जिला अस्पतालों को प्रति एक लाख आबादी पर कम से कम 22 बिस्तर की सिफारिश की गयी है। यह सिफारिश 2001 की जनगणनना के औसत जिला जनसंख्या पर आधारित है। प्रदर्शन आकलन में कुल 707 जिला अस्पताल शामिल हुएं। इसके लिये वर्ष 2017-18 के स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) के आंकड़ों को आधार बनाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘देश में पुडुचेरी में बिस्तरों की औसतन संख्या सर्वाधिक है। केंद्रशासित प्रदेश के जिला अस्पताल में प्रति एक लाख आबादी पर 222 बिस्तर हैं। जबकि बिहार में प्रति एक लाख आबादी पर सबसे कम छह बिस्तर उपलब्ध हैं।'' रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 707 जिला अस्पतालों में कुल 101 ने सभी क्रियात्मक विशेषताओं वाले 14 मानदंडों को पूरा किया। इसमें कहा गया है कि तमिलनाडु में सभी क्रियात्मक विशेषताओं वाले अस्पतालों का अनुपात सबसे अधिक था। इसके बाद कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और केरल का स्थान है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में जिला अस्पतालों में प्रति एक लाख की आबादी पर एक से 408 बिस्तर हैं।नीति आयोग के अनुसार 217 जिला अस्पतालों में प्रति एक लाख आबादी पर कम-से-कम 22 बिस्तर पाये गये। यह पाया गया कि जिन जिलों में आबादी कम है, वहां बुनियादी ढांचा से संबद्ध प्रदर्शन से जुड़े प्रमुख संकेतकों की स्थिति बेतहर है। रिपोर्ट स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ इंडिया) के सहयोग से तैयार की गयी है। देश में जिला अस्पतालों की संख्या 800 से अधिक हैं। ये अस्पताल लोगों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
- नयी दिल्ली। नीति आयोग के सदस्य वी के पॉल ने गुरुवार को सेहतमंद समाज के निर्माण में जिला अस्पतालों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि उन्नत माध्यमिक देखभाल प्रदान करने में उनकी अहम भूमिका के बावजूद, “दुर्भाग्य से कुछ कमियां भी हैं।” नीति आयोग ने आज भारत में जिला अस्पतालों के प्रदर्शन मूल्यांकन की रिपोर्ट जारी की, जिसका शीर्षक “जिला अस्पतालों के कामकाज में अपनाये जा रहे तौर-तरीके” है। पॉल ने कहा कि "सभी के लिए स्वास्थ्य" को एक वास्तविकता बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सुरक्षित तथा विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने की जरूरत है। एक सरकारी बयान में कहा गया, “डॉ वी के पॉल ने स्वस्थ समाज के निर्माण में जिला अस्पतालों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया, जो स्वास्थ्य सेवाओं की एक व्यापक पहुंच प्रदान करते हैं और एक बड़ी आबादी की सभी ज़रूरतों को पूरा करते हैं।” बयान में पॉल के हवाले से कहा गया है कि नीति आयोग द्वारा किया गया जिला अस्पतालों का प्रदर्शन मूल्यांकन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नीति आयोग के सदस्य ने कहा, “उन्नत माध्यमिक देखभाल प्रदान करने में उनकी (जिला अस्पतालों की) महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद, दुर्भाग्य से कुछ कमियां भी हैं, चाहे वह मानव संसाधनों की कमी हो, क्षमता, उपयोग और सेवा में वृद्धि की बात हो।” इस रिपोर्ट को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और विश्व स्वास्थ्य संगठन की भारतीय इकाई ने आपसी सहयोग से तैयार किया है।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के लिए अंग्रेजी और हिंदी के साथ-साथ 13 क्षेत्रीय भाषाओं में लिपिकीय भर्ती परीक्षा आयोजित करने का सुझाव दिया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह निर्णय एक समिति की सिफारिश पर आधारित है जिसे मंत्रालय द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में पीएसबी में लिपिक संवर्ग के लिए परीक्षा आयोजित करने के मामले को देखने के लिए गठित किया गया था। बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) द्वारा शुरू की गई परीक्षा आयोजित करने की चल रही प्रक्रिया को समिति की सिफारिशें उपलब्ध कराए जाने तक रोक दिया गया था। बयान में कहा गया कि 12 पीएसबी के लिए लिपिक भर्तियां और अब से विज्ञापित रिक्तियों, प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा दोनों 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित की जाएंगी। समिति ने स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसरों के लिए एक समान अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से काम किया।












.jpg)
.jpg)






.jpg)


.jpg)
.jpg)


.jpg)