- Home
- देश
- जयपुर। राज्य सरकार ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 37 अधिकारियों का गुरुवार को तबादला और पदस्थापन किया। इस फेर-बदल के तहत केसर लाल मीणा को उद्योग विभाग में संयुक्त शासन सचिव बनाया गया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पदस्थापन की प्रतीक्षा (एपीओ) वाले पांच आरएएस अधिकारियों को नियुक्ति दी गई है जबकि 31 अधिकारियों का तबादला किया गया है। वहीं एक आरएएस अधिकारी को पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया है।
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार अपने सभी विभागों में लोक शिकायतों तथा पुरानी फाइलों के निस्तारण के लिए शनिवार से एक विशेष अभियान शुरू करेगी। कार्मिक मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि विशेष अभियान के दौरान अस्थायी प्रकृति की फाइलों को चिह्नित किया जाएगा और निपटाया जाएगा। उसने एक बयान में कहा कि कार्यस्थलों पर स्वच्छता बढ़ाने के लिए पुराना कबाड़ आदि हटाया जाएगा।मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद यह अभियान चलाया जाएगा। अभियान दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह अभियान की शुरुआत करेंगे और इस बाबत एक पोर्टल भी जारी करेंगे।
- नयी दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश की वयस्क आबादी में से 69 प्रतिशत को कोविड-19 टीके की कम से कम एक खुराक, जबकि 25 प्रतिशत को दोनों खुराक लग चुकी है। इसने यह भी कहा जनसंख्या के बढ़ते घनत्व ने भी कोविड-19 के प्रसार की गुंजाइश बढ़ाई है और अनावश्यक यात्रा टालना तथा त्योहार छोटे स्तर पर मनाना विवेकपूर्ण होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कोविड-19 टीके की 64.1 प्रतिशत खुराक ग्रामीण इलाकों में दी गई, जबकि 35 प्रतिशत शहरी इलाकों में दी गई है। उन्होंने कहा कि कुल 67.4 लाख खुराक (करीब 0.88प्रतिशत) उन टीकाकरण केंद्रों पर दी गई, जो ग्रामीण/शहरी के रूप में सूचीबद्ध नहीं किये गये हैं। भूषण ने जोर देते हुए कहा कि प्रतिदिन की जाने वाली कोविड-19 जांच की संख्या नहीं घटी है और देश में प्रतिदिन 15-16 लाख जांच की जा रही है। संक्रमण पुष्टि की दर घटने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि साप्ताहिक संक्रमण दर लगातार 13 दिनों से तीन प्रतशित से कम है और सभी राज्यों को इसे और नीचे लाने की कोशिश करनी चाहिए। भारतीय आयुविज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ बलराम भार्गव ने त्योहारों पर की जाने वाली यात्रा के प्रति आगाह करते हुए इस बात का जिक्र किया कि यात्रा के चलते किसी इलाके में जनसंख्या घनत्व बढ़ने से स्थानीय आबादी में बाहर से आने वाले लोगों से संक्रमण फैलने की गुंजाइश बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, अनावश्यक यात्रा टालना और त्योहार छोटे पैमाने या स्तर पर मनना विवेकपूर्ण होगा।'' स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि पिछले हफ्ते सामने आए कोविड के कुल मामलों में 59.66 प्रतशित केरल से थे और राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख से अधिक है। उन्होंने कहा कि 15 जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण की साप्ताहिक संक्रमण दर पांच से 10 प्रतिशत के बीच है जबकि 30 जिलों में यह 10 प्रतिशत से अधिक है। भूषण ने कहा कि 99 प्रतिशत स्वास्थ्य कर्मियों को टीके की पहली खुराक लग चुकी ह, जबकि 85 प्रतिशत को दोनेां खुराक दी जा चुकी है। उन्होंने कहा, ‘‘अग्रिम मोर्चे के 100 प्रतिशत कर्मियों को पहली खुराक, जबकि 82 प्रतिशत को दोनों खुराक दी जा चुकी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘देश की वयस्क आबादी के 69 प्रतिशत को कोविड टीके की कम से कम एक खुराक और 25 प्रतिशत को दोनों खुराक दी जा चुकी है।'' स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा साझा किये गये आंकड़ों के मुताबिक एक महीने में दी गई औसत खुराक की संख्या मई के 19.69 लाख से बढ़ कर जून में 39.89 लाख और फिर जुलाई में 43.41 लाख और अगस्त में 59.19 लाख पहुंच गई। भूषण ने कहा कि सितंबर में प्रतिदिन दी गई खुराक का औसत 79.08 लाख है।-
- नयी दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि जायडस कैडिला के स्वदेशी रूप से विकसित सुई-मुक्त कोविड-19 रोधी टीके जायकोव-डी को बहुत जल्द राष्ट्रव्यापी कोरोनावायरस रोधी टीकाकरण अभियान में शामिल किया जाएगा और वर्तमान में उपयोग किए जा रहे टीकों की तुलना में इसका अलग मूल्य होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जहां तक इसके खरीद मूल्य का सवाल है, उसे लेकर सरकार निर्माता के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने कहा, “जहां तक वैक्सीन की कीमत का सवाल है, जिस पर इसे खरीदा जाएगा, हम निर्माता के साथ बातचीत कर रहे हैं। चूंकि यह तीन-खुराक वाला टीका है और एक सुई रहित वितरण प्रणाली के साथ आता है, इसलिए इसकी कीमत में मौजूदा समय में कोविड टीकाकरण कार्यक्रम में उपयोग किए जा रहे टीकों की कीमत से अंतर होगा।” भूषण ने कहा, “इसे बहुत जल्द कोविड टीकाकरण अभियान में शामिल किया जाएगा।”कोवैक्सीन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की मंजूरी के संबंध में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा, “हम जानते हैं कि वैज्ञानिक आंकड़ा, सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी विचार और अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर विचार किया जाता है, जिस पर डब्ल्यूएचओ द्वारा मंजूरी दी जाती है। ये सभी उपलब्ध कराए गए हैं और उन पर गौर किया जा रहा है। डब्ल्यूएचओ उसी के अनुरूप फैसला करेगा।” जायकोव-डी को भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से आपातकालीन उपयोग की मंजूरी प्राप्त हो चुकी है और इसे 12 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को दिया जाएगा। कोविशील्ड, कोवैक्सीन और स्पूतनिक-वी टीके केवल 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को दिए जा रहे हैं इनकी दो खुराक दी जाती हैं जबकि इसके विपरीत जायकोव-डी तीन-खुराक वाला टीका है।
- देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सिख गुरूद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष शीतकाल के लिए 10 अक्टूबर को बंद होंगे । श्री हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि 10 अक्टूबर को तीर्थस्थल के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस महामारी के कारण चारधामों की तरह श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा भी इस वर्ष देरी से 18 सितंबर को ही शुरू हुई । करीब 4,633 मीटर की ऊँचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब में मत्था टेकने अभी तक 5000 से अधिक श्रद्धालु पहुँच चुके हैं । श्री हेमकुंड साहिब गुरूद्वारा सर्दियों में भारी बर्फवारी की चपेट में रहने के कारण श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया जाता है जो अगले साल मई में फिर से खुलता है ।
-
भुवनेश्वर। कोलकाता से हैदराबाद जा रहे इंडिगो के एक विमान को ओडिशा में भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मेडिकल संबंधी कारण से आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हवाई अड्डा सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि हैदराबाद जा रही उड़ान में सवार 59 वर्षीय एक व्यक्ति को सांस लेने में परेशानी हो रही थी जिस वजह से उड़ान का मार्ग बदल कर भुवनेश्वर की ओर किया गया। उन्होंने बताया कि उड़ान शाम करीब छह बजे हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा। जयब्रत घोष नाम के मरीज परिवार के तीन सदस्यों के साथ यात्रा कर रहे थे। घोष की विमान में ही एक डॉक्टर ने जांच की और बताया कि उन्हें दिल संबंधी परेशानी है तथा तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती किए जाने की सलाह दी। हवाई अड्डे से मरीज को नाजुक हालत में भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण की एक एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके साथ इंडिगो के कर्मी भी थे। व्यक्ति और उनके परिवार के सदस्य विमान से उतर गए जिसके बाद उड़ान हैदराबाद के लिए रवाना हो गई।
- दतिया (मध्य प्रदेश) ।जिला पुलिस ने अपने नाबालिग सौतेले बेटा-बेटी की कथित रूप से हत्या करने और शव के साथ क्रूरता करने के आरोप में 37 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी ज्योति प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी महिला ने बुधवार की शाम सिटी कोतवाली क्षेत्र में स्थित अपने घर में सौतेले बच्चों... बेटे अर्णब (07) और बेटी जान्हवी (11) की हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला ने अलग-अलग कमरों में बच्चों का पहले गला घोंटा, बाद में उनके शव पर चाकू से कई वार किए जिससे वे खून से लथपथ हो गए। अपराध करने के बाद आरोपी महिला स्थानीय हाट बाजार में खरीदारी करने चली गई। घटना का पता तब चला जब बच्चों के पिता ने घर लौटने पर उन्हें खून से लथपथ मरा हुआ देखा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ की जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शुरूआती जांच के अनुसार आरोपी महिला सौतेले बच्चों को नापसंद करती थी, शायद यही अपराध का कारण है।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि महिला पंचों और सरपंचों की गिनती की जाए तो दुनिया में भारत में राजनीतिक पदों पर महिलाओं की संख्या सर्वाधिक है। ईरानी पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंस्ट्री द्वारा आयोजित ‘प्रत्यास्थी भारत के निर्माण में महिला सशक्तीकरण' विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रीय संसद में निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के प्रतिशत के आधार पर भारत को 148वें स्थान पर बताने वाली 193 देशों की वैश्विक सूची के संबंध में महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा, ‘‘क्या हम महिलाओं का राजनीतिक सशक्तीकरण सिर्फ इस आधार पर देखते हैं कि फिलहाल संसद में कितनी महिलाएं हैं?'' उन्होंने कहा, ‘‘क्या हम महिलाओं की क्षमता और योगदान को उन महिलाओं के आधार पर मान्यता नहीं देंगे जो भारत में पंचायतों और जिला परिषदों की सदस्य हैं...।'' ईरानी ने कहा, ‘‘यदि आप हमारी प्रणाली में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और हमारे देश की त्रिस्तरीय शासन अवसंरचना को देखेंगे तो आप पाएंगे कि आज दुनिया में भारत में राजनीतिक पदों पर सर्वाधिक महिलाएं हैं।'' उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या के मुद्दे पर कहा कि आम तौर पर यह धारणा है कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में या नगरों में मलिन बस्तियों में होता है। ईरानी ने कहा, ‘‘आप यह जानकर आश्चर्यचकित होंगे कि अभी दो-तीन साल पहले दक्षिण बंबई में सर्वाधिक कन्या भ्रूण हत्या देखने को मिली जहां वित्तीय रूप से सर्वाधिक तथाकथित संपन्न लोग रहते हैं।
- ढाका। बांग्लादेश में बुधवार को पद्मा नदी में 50 से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही एक नौका के पलट जाने के बाद पुलिस ने तीन बच्चों तथा 50 वर्षीय एक महिला के शव बरामद किये हैं। बृहस्पतिवार को मीडिया ने यह जानकारी दी। ढाका ट्रूब्यून अखबार की खबर के अनुसार चार लोगों की मौत होने की पुष्टि करते हुए शिबगंज के उपजिला निर्बाही अधिकारी साकिब-अल-रब्बी ने बताया कि बुधवार को यह नौका पाकर बोगलौरी से दसारशिया की ओर जा रह थी और अपराह्न दो बजे खराब मौसम के चलते पलट गयी। स्थानीय लोगों के अनुसार उसपर यात्रियों के अलावा आलू और बैगन की बोरियां, नारियल और साइकिल भी लदी थीं। पुलिस के मुताबिक 20 लोगों को पहले ही बचा लिया गया है और बाकी यात्रियों की तलाश की जा रही है ।पिछले महीने भी पद्मा नदी में एक नौका पलट जाने के बाद 15 स्कूली बच्चे लापता हो गये थे।
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को अब तक 86 करोड 51 लाख से अधिक कोविड टीके निशुल्क उपलब्ध कराए हैं। 63 लाख 69 हजार और टीके भेजे जा रहे हैं। अभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के पास पांच करोड 46 हजार से अधिक टीके बचे हुए हैं।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में स्वच्छ भारत मिशन-शहरी और कायाकल्प तथा शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन -अमृत के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे।प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप स्वच्छ भारत मिशन और अमृत को सभी शहरों को कचरा मुक्त करने और जल संरक्षण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तैयार किया गया है। केन्द्र सरकार के ये दोनों महत्वाकांक्षी मिशन शहरों की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में मददगार साबित होंगे। इस अवसर पर आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के शहरी विकास मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
- नयी दिल्ली / जयपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के जयपुर स्थित पेट्रोरसायन प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईपीईटी) का उद्घाटन किया और राज्य के बांसवाड़ा, सिरोही, हनुमानगढ़ और दौसा जिलों में चार नए चिकित्सा महाविद्यालयों की आधारशिला भी रखी। वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर सीआईपीईटी यानी ‘‘सिपेट’’ का उद्घाटन और चारों चिकित्सा महाविद्यालयों का शिलान्यास किया। उद्घाटन और शिलान्यास समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और गजेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य मंत्री और जन प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कोविड-19 का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 साल की सबसे बड़ी इस महामारी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में अनेक चुनौतियां खड़ी कीं और इसने बहुत कुछ सिखाया भी है।उन्होंने कहा, ‘‘हर देश अपने अपने तरीके से इस संकट से निपटने में जुटा है। भारत ने इस आपदा में ‘आत्मनिर्भरता’ का और अपने सामर्थ्य में बढ़ोतरी का संकल्प लिया है।’’ उन्होंने कहा कि राजस्थान में चार चिकित्सा महाविद्यालयों के निर्माण कार्य की शुरुआत और जयपुर में सिपेट का उद्घाटन इसी दिशा में एक अहम कदम है।इसके लिए राजस्थान के नागरिकों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साल 2014 के बाद से राजस्थान में 23 नए चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए केंद्र सरकार ने स्वीकृति दी थी जिनमें से सात चिकित्सा महाविद्यालयों ने काम करना शुरू कर दिया है और आज बांसवाड़ा, सिरोही, हनुमानगढ़ और दौसा में नए चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण की शुरुआत हुई है।उन्होंने उम्मीद जताई कि इन नए चिकित्सा महाविद्यालयों का निर्माण राज्य सरकार के सहयोग से समय पर पूरा होगा। बिरला ने इस अवसर पर कहा कि यह कदम आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज देश में स्वास्थ्य संसाधनों में वृद्धि हुई है और इन चारों चिकित्सा महाविद्यालयों के बन जाने से राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा।भारत सरकार पेट्रोरसायन प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना राजस्थान सरकार के साथ मिलकर कर रही है।इन मेडिकल कॉलेजों को, जिला व रेफरल अस्पतालों से संबद्ध नए चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित करने की केन्द्र प्रायोजित योजना के तहत मंजूरी दी गई हैं। इसके लिए विकास की दृष्टि से पिछड़े, सुविधा वंचित और आकांक्षी जिलों को प्राथमिकता दी गई है। इस योजना के तीन चरणों के अंतर्गत पूरे देश में 157 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।
-
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को अहमदनगर जिले में शिरडी हवाई अड्डे के आसपास एक नया शहर विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। हवाईअड्डा से मुख्य रूप से शिरडी के प्रसिद्ध साईबाबा मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों को सुविधा रहती है। ठाकरे ने यहां महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) की 76वीं बैठक को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक नए शहर को एरिया अराउंड शिरडी हब एयरपोर्ट (एएएसएचए) कहा जाएगा और एमएडीसी द्वारा यहां विकास का काम किया जाएगा।
- -
नयी दिल्ली। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने आगामी त्योहार सीजन में कोविड नियमों के कड़ाई से पालन के साथ रामलीला समारोह आयोजनों की अनुमति देने का बुधवार को फैसला किया। दिल्ली पुलिस और जिला प्रशासन कार्यक्रम स्थलों पर बैठने का उपयुक्त प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे तथा एक दूसरे के बीच दूरी, अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार एवं भीड़भाड़ नहीं बढ़ने देने का काम देखेंगे। यह फैसला उपराज्यपाल की अध्यक्षता में एक बैठक में किया गया। उस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया नहीं थे। डीडीएमए कुछ दिनों में विस्तृत एसओपी के साथ एक अन्य आदेश जारी करेगा। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत , शीर्ष विशेषज्ञों एव सरकारी अधिकारियों ने इस बैठक में हिस्सा लिया।
-
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से 32 टन सरिया से भरे ट्रक को अगवा कर ले जाने और उसमें भरा 40 लाख रुपए कीमत का सरिया बेच देने के मामले में पुलिस ने लुटेरे गिरोह के सरगना सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया ट्रक एवं उसमें लदा सरिया भी बरामद कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बुधवार को बताया, लुटेरों ने मंगलवार की रात दिल्ली से 32 मीट्रिक टन सरिया लेकर नागपुर जा रहे एक ट्रक को अगवा कर लिया और उसके चालक बीरबल पुत्र हाकिम सिंह कुशवाह (निवासी रामपुरा थाना बसैया जिला मुरैना, मप्र) को बंधक बनाकर अपनी गाड़ी से अछनेरा-आगरा रोड पर स्थित बरौदा गांव में फेंक दिया। जहां से फरह पहुंचकर उसने स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरों को पकड़ने के लिए छह टीमें बनाई और एक को छोड़कर गिरोह के सरगना नीरज, सहित सभी आरोपियों - जितेन्द्र उर्फ जीतू, रंजीत, रोहित, बन्टू, कुशलपाल, अभिषेक- को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि लूटा गया सरिया खरीदने के आरोप में शहर के महाविद्या कालोनी निवासी दो भाइयों अनिल व सुनील छौकर को भी गिरफ्तार किया गया है। ग्रोवर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सरिया व ट्रक, घटना में प्रयुक्त की गई स्कॉर्पियो गाड़ी और बलोनो कार बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। -
लेह। केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख में आयोजित पहले हिमालयन फिल्म महोत्सव में लद्दाखी फिल्मकारों स्टेनज़िन टैंकोंग और स्टेनज़िन गुरमेत की फिल्मों ने पुरस्कार जीते। तीन लघु फिल्मों को पुरस्कृत किया गया। इस बीच, लद्दाख के उपराज्यपाल आर के माथुर ने हिमालयी क्षेत्र की प्रतिभा को उजागर करने के लिए फिल्म महोत्सव को प्रतिवर्ष आयोजित करने की जोरदार वकालत की। पांच दिनी फिल्म महोत्सव का मंगलवार रात को लेह के सिंधु संस्कृति केन्द्र में समापन हुआ। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख के उपराज्यपाल ने समारोह में मुख्य अतिथि, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव अपूर्व चंद्रा और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत की । टैंकोंग की प्रशंसित फिल्म "सेकूल" ने सर्वश्रेष्ठ कहानी का पुरस्कार जीता जबकि गुरमेत को "शैडी: ए फॉरगॉटन लैंड" के लिए सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार मिला। समापन समारोह में चार फिल्में प्रदर्शित की गयीं। सर्वश्रेष्ठ तीन लघु फिल्मों का पुरस्कार "द टेंटेड मिरर" (मणिपुर), "गो फॉर ऑर्गेनिक" और "होमवर्क एंड गॉडलीनेस" को मिला, जिन्हें 3.5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समापन समारोह के दौरान अपने संबोधन में उपराज्यपाल माथुर ने महोत्सव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इसे एक वार्षिक कार्यक्रम के रूप में जारी रखना चाहिए। उपराज्यपाल ने स्थानीय फिल्म कलाकारों के बेहतर प्रशिक्षण को लेकर कहा कि प्रशासन लद्दाख में प्रशिक्षण के लिए भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे के साथ गठजोड़ की दिशा में काम कर रहा है। लेह में 24 सितंबर से 28 सितंबर तक चले इस फिल्म महोत्सव को हिमालयी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 100 प्रविष्टियां मिलीं। इस दौरान कुल 26 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया और जूरी द्वारा अनुशंसित 18 प्रविष्टि वाली फिल्मों को भी दिखाया गया। । -
देहरादून । देहरादून शहर के प्रेमनगर क्षेत्र में एक महिला और उसके नौकर की धारदार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने बताया कि करीब 55 वर्षीय महिला उन्नति शर्मा और उसके 50 वर्षीय नौकर राजकुमार थापा के शव उनके धौलास क्षेत्र में स्थित मकान के आंगन से बुधवार को बरामद हुए। उन्होंने बताया कि महिला अपने पति सुभाष शर्मा के साथ 10 साल पहले लंदन से यहां रहने आई थी जबकि उनके दोनों बच्चे अभी लंदन में ही हैं। देहरादून आने के बाद से नौकर थापा मकान के अहाते में बने सर्वेंट क्वार्टर में रह रहा था। पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर रही है। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूरी ने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।file photo
-
मुंबई। देश के पूर्वी तट पर दस्तक देने वाले चक्रवात गुलाब के असर से मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश को देखते हुए आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह विरल मामला है और मौसम प्रणाली एक और चक्रवाती तूफान को जन्म दे सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के प्रमुख डॉ. जयंत सरकार ने कहा कि इस तरह की घटनाएं अकसर नहीं होतीं, ‘‘हालांकि मौसम विज्ञानियों को इसकी जानकारी होती है।'' उन्होंने से कहा, ‘‘इससे महाराष्ट्र में अत्यधिक बारिश हुई और कोंकण, मध्य महाराष्ट्र तथा मराठवाड़ा क्षेत्र अधिक बारिश वाली श्रेणी में आ गए।'' चक्रवात ‘कम दबाव के क्षेत्र' से शुरू होता है और चक्रवात प्रणाली के तट से टकराते ही इसकी तीव्रता कम हो जाती है क्योंकि नमी की मात्रा कम हो जाती है। सरकार ने कहा कि चक्रवात गुलाब पूर्वी तट पर श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराया और पश्चिम की तरफ बढ़ते हुए महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और गुजरात में पिछले तीन दिनों में इसके कारण भारी बारिश हुई। उन्होंने कहा, ‘‘मौसम प्रणाली में कुछ नमी आई और यह अरब सागर की तरफ बढ़ गई और यह सौराष्ट्र क्षेत्र से वापस लौट सकती है। ज्यादा नमी होने से यह कम दबाव से गहरे दबाव और फिर चक्रवात में तब्दील हो सकती है।'' उन्होंने कहा कि अगर यह नए चक्रवात में तब्दील होता है तो इसका नाम ‘शाहीन' होगा।
-
नयी दिल्ली। सरकार ने एयर इंडिया के अधिग्रहण के लिये टाटा समूह और स्पाइसजेट के संस्थापक की वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन शुरू किया है। इसके साथ सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी के निजीकरण की प्रक्रिया अगले चरण में बढ़ गयी है। सरकार सौदे को जल्दी पूरा करने को इच्छुक है। अघोषित आरक्षित मूल्य के आधार पर वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। जिस बोली में मानक मूल्य से अधिक कीमत पेश की गयी होगी, उसे स्वीकार किया जाएगा। टाटा की बोली अगर सफल होती है तो एयर इंडिया 67 साल बाद नमक से लेकर सॉफ्टवेयर बनाने वाले समूह के पास वापस चली जाएगी। उल्लेखनीय है कि टाटा समूह ने अक्टूबर, 1932 में टाटा एयरलाइंस के नाम से एयर इंडिया का गठन किया था। सरकार ने 1953 में एयरलाइन का राष्ट्रीयकरण कर दिया। टाटा पहले से सिंगापुर एयरलाइंस के साथ मिलकर विमानन सेवा विस्तार का परिचालन कर रही है। अभी यह साफ नहीं है कि समूह ने स्वयं या एयर एशिया इंडिया के जरिये बोली लगायी है। ऐसा कहा जाता है कि सिंगापुर एयरलाइंस निजीकरण की प्रक्रिया में शामिल होने को लेकर उत्सुक नहीं है। सरकार एयरलाइन में अपनी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच रही है। इसमें एयर इंडिया की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली एआई एक्सप्रेस लि. और 50 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लि. शामिल हैं। -
मेदिनीनगर। झारखंड में पलामू जिले के सतबरवा थानान्तर्गत हलूमाड़ गांव में मक्के के खेत से बुधवार को पुलिस ने 17 वर्षीय छात्रा का शव बरामद किया। थाना प्रभारी कर्मपाल नाग ने बताया कि छात्रा के शव को स्थानीय ग्रामीणों की सूचना के बाद बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि छात्रा मंगलवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन वह नहीं लौटी। परिजनों ने देर रात तक छात्रा को ढूंढ़ने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने बताया कि संभवतः छात्रा मक्का तोड़ने के लिए खेत में गयी और काफी नीचे से गुजरते बिजली के तार के संपर्क में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।file photo
-
जयपुर। राजस्थान के प्रोफेसर श्यामसुंदर ज्याणी को भूमि संरक्षण के लिए दुनिया के प्रमुख पुरस्कार 'लैंड फॉर लाइफ' अवार्ड से नवाजा गया है। यहां जारी बयान के अनुसार चीन के बून में आयोजित ऑनलाइन वैश्विक समारोह में अंतरराष्ट्रीय श्रेणी के तहत पारिवारिक वानिकी के लिए उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रो. ज्याणी की उपलब्धि पर राज्य के वन व पर्यावरण राज्यमंत्री श्री सुखराम बिश्नोई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। बीकानेर के राजकीय डूंगर कॉलेज में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर ज्याणी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ की भूमि संरक्षण सम्बंधी इकाई यूएनसीसीडी द्वारा प्रति दो वर्ष के अंतराल पर भूमि संरक्षण में अति विशिष्ट योगदान हेतु दुनियाभर से किसी एक व्यक्ति या संगठन को यह पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने बताया कि मई 2022 में अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट में जब सदस्य देशों का वैश्विक सम्मेलन आयोजित होगा, उसमें उन्हें विशेष उद्बोधन हेतु आमंत्रित किया जाएगा और तब ही उन्हें यह ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
-
नयी दिल्ली/कानपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री उत्तर प्रदेश के कानपुर में ‘एलिवेटेड गंगा लिंक एक्सप्रेसवे' के लिये विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगा। कानपुर के संभागीय आयुक्त राज शेखर ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 पर प्रस्तावित सड़क गलियारा 30 किलोमीटर लंबा होगा। यह शहर से गुजरेगा और आंतरिक क्षेत्रों को गंगा बैराज से जोड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘उच्च स्तरीय संयुक्त विकास समिति के समन्वयक नीरज श्रीवास्तव ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अमित कुमार घोष से मुलाकात कर उन्हें योजना सौंपी।'' बैठक में घोष से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराने का आग्रह किया गया, जिस पर उन्होंने सहमति जतायी। अधिकारी ने कहा कि यह परियोजना कानपुर के लिये वरदान साबित होगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना की संकल्पना 2018 में गयी और राज्य स्तर पर मंजूरी मिली। लेकिन इस पर काम तेजी से आगे नहीं बढ़ पाया। इसे पटरी पर लाने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। -
सासाराम (बिहार)। रोहतास जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में बुधवार को वन विभाग की टीम पर पत्थर तस्करों ने लाठी-डंडे से हमला किया और उन पर पथराव किया जिसमें चार वन कर्मी जख्मी हो गए जबकि वन विभाग का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वनपाल ललन मोची ने बताया कि घायल सिपाहियों में पंकज कुमार गुप्ता, विक्रम कुमार, धर्मेंद्र कुमार और वाहन चालक अशोक कुमार यादव शामिल हैं। सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कैमूर पहाड़ी से अवैध खनन और कंचनपुर गांव में अवैध तरीके से क्रशर मशीन के उपयोग की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम वहां कार्रवाई के लिए गयी थी। -
नयी दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत और अमेरिका को बड़े तरीके से भागीदार बनना चाहिए तथा नयी दिल्ली अमेरिका के साथ आर्थिक साझेदारी का विस्तार करने के लिए तैयार और इच्छुक है। गोयल ने अगले 10 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार का 1,000 अरब अमेरिकी डॉलर का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने का भी आह्वान किया। ‘अमेरिका भारत रणनीतिक साझेदारी मंच' (यूएसआईएसपीएफ) के चौथे वार्षिक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि अमेरिका के पिछले प्रशासन के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत के लिए बहुत प्रयास किए गए थे, दुर्भाग्य से इसमें कामयाबी नहीं मिली। मंत्री ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ एक समझौते पर बातचीत कर रहा है, "इसलिए अब यह अमेरिका और भारत पर है कि उन्हें बड़े तरीके से भागीदार बनना चाहिए। मैं आप सभी से आग्रह करूंगा कि आप भी अपने प्रशासन को समझाएं कि भारत पारस्परिकता और समानता की भावना से अपनी आर्थिक साझेदारी का विस्तार करने के लिए तैयार है और इच्छुक हैं। -
झुंझुनूं। झुंझुनूं के पिलानी में देर रात को सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। इनमें पति-पत्नी और 8 साल के बेटे की मौत हुई है। घटना रात की है। पति-पत्नी और बेटा बाइक से लोहारू से अपने गांव गोकूल का बास जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कैंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि गोकुल का बास निवासी मुकेश कुमार (38), पत्नी सुमन(36) और 8 साल का बेटा हादसे का शिकार हुए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के पास एक मकान पर लगे सीसीटीवी को चेक किया गया। फुटेज में सामने आया कि बाइक को टक्कर तेज रफ्तार कैंपर गाड़ी ने मारी थी। टक्कर के बाद कैंपर चालक कैंपर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में कैंपर गाड़ी के नंबरों के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। वहीं, पिलानी पुलिस ने तीनों का शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिए हैं। आसपास लगे बाकी सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। कैंपर गाड़ी किस तरफ गई इसका पता लगाया जा रहा है।



























.jpg)