- Home
- देश
-
जोधपुर। जोधपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही पाली की 22 वर्षीय युवती ने किराए के कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। वे तुरंत जोधपुर पहुंचे। बुधवार को नारलाई में अंतिम संस्कार किया गया। युवती ने रीट की परीक्षा दी थी। इसके दो दिन बाद 28 सितंबर को अपने कमरे पर फांसी लगा दी।
पुलिस ने बताया कि नारलाई गांव की 22 वर्षीय सुमन जोधपुर में सरदारपुरा में अपनी एक सहेली के साथ किराए के रूम में रहती थी। दोनों प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। सुमन का आईएएस बनने का सपना था। परिजनों ने बताया कि सुमन शुरू से ही पढ़ाई में होशियार थी। पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद उसने बीएड किया। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए जोधपुर में रहती थी। दो दिन गांव में रहने के बाद वह जोधपुर चली गई। रीट की परीक्षा दी और 28 सितंबर को जोधपुर में अपने किराए के कमरे में फांसी लगा ली। उस समय उसकी रूम पार्टनर गांव गई हुई थी।
सुमन के कमरे में पुलिस को एक नोट मिला। इसमें 35 बार एक ही लाइन लिखी मिली। रीट का एग्जाम अच्छा हुआ, जरूर सलेक्शन हो जाएगा, जय ओम बन्ना की। इसके अलावा कुछ नहीं मिला। होनहार बेटी के यूं आत्महत्या करने से परिजन सदमे में हैं। उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि सुमन ने आत्महत्या कर ली। उन्हें लगता है कि उसके साथ कुछ बुरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। -
27 की जगह 15 हजार मिलने पर गनमैन ने सीने पर मारी 2 गोलियां; बोला- तूने ही कटवाई है सैलरी, ओवरटाइम भी नहीं करने देता था
भोपाल। भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र में यूनियन बैंक के पास निर्माण सदन में तैनात आरोपी सिक्योरिटी गार्ड ने अपने ही सुपर वाइजर को गोली मार दी। घायल सुपर वाइजर की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से सुपरवाइजर के सीने में दो गोलियां मारी हैं। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। अरेरा हिल्स स्थित निर्माण सदन पीडबल्यूडी के अधीन है। कैंपस में ही यह गोलीकांड हुआ है।
एएसपी जोन-2 राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि ड्यूटी को लेकर दोनों में अनबन थी। पिछले महीने तक सैलरी 27 हजार रुपए के आसपास मिलती थी। इस बार उसके खाते में 15 हजार रुपए ही आए। इससे वह नाराज था। आरोपी को शक था कि सैलरी सुपर वाइजर ने ही कटवाई है। वह यह भी कहता था कि इसी सुपरवाइजर के कारण मुझे ओवरटाइम भी करने को नहीं मिलता था। मर्डर से पहले भी गन मैन ने गुस्से में यही बातें दोहराईं।
एएसपी जोन-2 राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ड्यूटी को लेकर हुए विवाद में आरोपी गार्ड ने गोली मारी है। सुपरवाइजर ने गार्ड को अच्छे से ड्यूटी करने के लिए नसीहत दे रहा था। इसके बाद विवाद बढ़ा और उसने गोली चला दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एएसपी जोन-2 राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि दोनों के बीच पुराना कोई विवाद नहीं था। गुरुवार को दोनों के बीच ड्यूटी को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी गार्ड ने सुपरवाइजर को गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में जेपी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। - नई दिल्ली।केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार से 54 हजार 62 करोड़ रुपये और राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों से इकतीस हजार सात सौ 33 करोड़ रुपये के वित्तीय सहयोग से पीएम पोषण योजना को पांच और वर्ष के लिए जारी रखने का निर्णय किया है।सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कल मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इस निर्णय की जानकारी दी।मंत्रिमंडल के एक अन्य फैसले के बारे में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने मध्य प्रदेश में नीमच-रतलाम और गुजरात में राजकोट-कानालुस रेललाइन के दोहरीकरण की परियोजना को भी मंजूरी दी है।मंत्रिमंडल ने निर्यात ऋण गारंटी निगम लिमिटेड- ईसीजीसी लिमिटेड में चार हजार चार सौ करोड़ रुपये के निवेश को भी मंजूरी दी है। इससे अगले पांच वर्षों में बैंकों और निर्यातकों को सहायता मिलेगी। वाणिज्य और उद्योग तथा खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इससे ईसीजीसी की क्षमता बढकर 88 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचेगी।मंत्रिमंडल ने ईसीजीसी लिमिटेड को स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने का भी निर्णय किया है। मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाता-एनईआईए योजना को जारी रखने और पांच वर्षों के दौरान एक हजार छह सौ पचास करोड़ रुपये की अनुदान राशि को भी मंजूरी दी है।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डिजिटल भारत दृष्टिकोण एक कागज मुक्त, ‘‘फेसलेस'' और नकदी मुक्त शासन प्रणाली की ओर बढ़ने पर आधारित है और इसे आकार देने के लिए बड़े स्तर पर सार्वजनिक डिजिटल बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है जो बेहद व्यापक है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आर एस शर्मा ने बुधवार को यह बात कही। शर्मा ने 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' को संबोधित करते हुए कहा कि इंटरऑपरेबिलिटी (सॉफ्टवेयर के जरिए सूचना का आदान-प्रदान), स्केलेबिलिटी (क्षमता वृद्धि), मितव्ययिता और खुलापन इस डिजिटल बुनियादी ढांचे के चार गुण हैं। स्वास्थ्य सेवा मॉडल में भारी आंकड़ों की भूमिका पर जोर देते हुए शर्मा ने कहा, '' हमें स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सूचना एवं प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना चाहिए। राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन का मकसद आंकड़ों, सूचना एवं संचार का लाभ उठाना और मशीनी तकनीक सीखना है ताकि स्वास्थ्य सेवा की उपलब्धता को सार्वभौमिक बनाया जा सके।'' उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली को अपनाने से लागत में कमी आएगी और आंकड़े कहीं भी और किसी भी समय उपलब्ध रहेंगे।
- नयी दिल्ली। चक्रवात से जुड़ी सूचना और उससे बचाव की गतिविधियों के बारे में आम लोगों, आपदा प्रबंधकों आदि को सटीक जानकारी पहुंचाने के लिये भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) एक ऐप तैयार कर रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि इस ऐप का मकसद चक्रवात की चेतावनी से जुड़ी नवीनतम सूचनाएं उपलब्ध कराना है । यह वेब आधारित ऐप होगा जो डायनेमिक कंपोजिट रिस्क एटलस पर आधारित होगा ।'' उन्होंने बताया कि डायनेमिक कंपोजिट रिस्क एटलस वह मानचित्र है जिसमें भूस्थैतिक एवं जनसंख्या संबंधी आंकड़ों के आधार पर तटीय भूभाग पर चक्रवात संभावित क्षेत्रों को दर्शाया जाता है ताकि आधारभूत ढांचे, आर्थिक एवं अन्य नुकसान से बचा जा सके । उन्होंने कहा कि इस ऐप पर काम चल रहा है । यह ऐप पहले से मौसम संबंधी जानकारी देने वाले अन्य माध्यमों के अलावा चक्रवात पर विशिष्ट रूप से केंद्रित होगा । उल्लेखनीय है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राष्ट्रीय चक्रवात शमन परियोजना के तहत चक्रवात संभावित तटीय राज्यों में उपयोग के लिये डायनेमिक कंपोजिट रिस्क एटलस प्रणाली विकसित की है। चक्रवातीय घटनाओं पर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा प्रकाशित जलवायु परिवर्तन मूल्यांकन संबंधी नवीनतम रिपोर्ट में कहा गया है कि बीसवीं सदी के मध्य (1951-2018) से उत्तरी हिंद महासागर में उष्णदेशीय चक्रवात की वार्षिक आवृति में कमी आई है । इसके विपरीत पिछले दो दशकों में मानसून के बाद अति प्रचंड चक्रवाती तूफान की संख्या में अधिक वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘ जलवायु मॉडलों में 21वीं सदी के दौरान उत्तरी हिंद महासागर घाटी में उष्णदेशीय चक्रवातों की आवृत्ति में वृद्धि का अनुमान व्यक्त किया गया है।'' चक्रवाती तूफान गुलाब के कारण इस सप्ताह महाराष्ट्र में जानमाल के काफी नुकसान की खबरें आई हैं । इसमें अब तक 17 लोगों के मारे जाने की खबर हैं । पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2019 में अरब सागर में 5, बंगाल की खाड़ी में 3 चक्रवाती तूफान आए जिसमें से छह प्रचंड तूफान की श्रेणी के थे । वर्ष 2020 में अरब सागर में 2, बंगाल की खाड़ी में 2 और उत्तरी हिंद महसागर में एक चक्रवाती तूफान आया जिसमें से पांच प्रचंड चक्रवात की श्रेणी के थे । जून 2021 तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में प्रचंड चक्रवात की श्रेणी के एक-एक तूफान आए । इन आंकड़ों के अनुसार, साल 2010 से लेकर अब तक पिछले साढ़े ग्यारह वर्ष में 748 लोगों की चक्रवात के कारण मृत्यु हुई है। इस प्रकार से हर साल चक्रवात के कारण औसतन 72 लोगों की मौत हो रही है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का कहना है कि चक्रवात पूर्वानुमान कौशल में सुधार से हाल के वर्षो में जनहानि में कमी आई है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बाल बाटिका से प्राथमिक विद्यालय के स्तर पर सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में छात्रों को पका भोजन उपलब्ध कराने की ‘पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना को बुधवार को मंजूरी दे दी । केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति (सीसीईए) की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई । शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बताया कि यह योजना पांच वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के लिये है जिसपर 1.31 लाख करोड़ रूपया खर्च आयेगा । केंद्र सरकार 99,061 करोड़ रूपये का खर्च वहन करेगी जिसमें खाद्यान्न की लागत भी शामिल है। उन्होंने बताया कि अभी तक देश में मध्याह्न भोजन योजना चल रही थी और मंत्रिमंडल ने इसे नया स्वरूप दिया है । सीसीईए ने इसे पीएम पोषण योजना के रूप में मंजूरी दी है। प्रधान ने कहा कि पीएम पोषण योजना के दायरे में बाल बाटिका (प्री स्कूल) के बच्चे भी आयेंगे ।उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों से आग्रह किया गया है कि रसोईयों, खाना पकाने वाले सहायकों का मानदेय प्रत्यक्ष नकद अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से दिया जाए । इसके अलावा स्कूलों को भी डीबीटी के माध्यम से राशि उपलब्ध करायी जाए । मंत्री ने कहा कि इससे 11.20 लाख स्कूलों के 11.80 करोड़ बच्चों को लाभ मिलेगा ।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को कोविड-19 महामारी के कारण नकदी की समस्या से जूझ रहे सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों की मदद के लिये 4.5 लाख करोड़ रुपये की आपात ऋण सुविधा गारंटी योजना (ईसीएलजीएस) के तहत कर्ज लेने की गुंजाइश को बढ़ा दिया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि योजना की अवधि और छह महीने यानी 31 मार्च, 2022 तक के लिये बढ़ा दी गयी है। विभिन्न उद्योग मंडल और अन्य संबंधित पक्ष पात्र क्षेत्रों/कंपनियों की मदद जारी रहने के इरादे से योजना की मियाद बढ़ाने की मांग मंत्रालय से कर रहे थे। मंत्रालय ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर से प्रभावित विभिन्न कंपनियों की मदद के लिये ईसीएलजीएस की समयसीमा 31 मार्च 2022 या योजना के तहत 4.5 लाख करोड़ रुपये की गारंटी जारी होने तक, जो भी पहले हो, बढ़ाने का निर्णय किया गया है।'' इसमें यह भी कहा गया है कि योजना के अंतर्गत वितरण की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 30 जून, 2022 कर दी गयी है। बयान में कहा गया है कि योजना में संशोधन का मकसद कोविड महामारी की दूसरी लहर से प्रभावित कंपनियों की मदद करना है। इसमें यह भी कहा गया है कि ईसीएलजीएस 1.0 और 2.0 के तहत मौजूदा कर्जदार 29 फरवरी, 2020 या 31 मार्च, 2021 तक बकाया कुल ऋण, इसमें से जो भी अधिक हो, का 10 प्रतिशत तक अतिरिक्त कर्ज मदद के रूप ले सकते हैं। जिन इकाइयों ने ईसीएलजएस (1.0 या 2.0) के तहत सहायता नहीं ली है, वे 31 मार्च 2021 तक बकाया ऋण का 30 प्रतिशत तक ऋण ले सकती हैं। बयान के अनुसार ईसीएलजीएस 3.0 के तहत निर्धारित जिन इकाइयों ने ईसीएलजीएस का पूर्व में लाभ नहीं उठाया है, वे 31 मार्च, 2021 तक कुल बकाया ऋण का 40 प्रतिशत तक या 200 करोड़ रुपये कर्ज ले सकती हैं। ईसीएलजीएस का लाभ उठा चुके मौजूदा कर्जदार इन सीमाओं के भीतर अतिरिक्त ऋण ले सकते हैं। उनकी कर्ज लेने की पात्रता बढ़ गयी है क्योंकि समयसीमा को 29 फरवरी, 2020 से बदलकर 31 मार्च, 2021 कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस संशोधन से कोविड-2019 की दूसरी लहर से प्रभावित कंपनियों को बिना किसी जमानत के अतिरिक्त नकदी मिलना सुनिश्चित हो सकेगा। इसके अलावा, यह व्यस्त/त्योहारों के मौसम में सभी ईसीएलजीएस कर्जदारों (जिसमें मुख्य रूप से एमएसएमई इकाइयां शामिल हैं) को जरूरी सहायता प्रदान कर सकेगा।'' योजना पिछले साल मई में शुरू की गयी। इसके तहत 1.15 करोड़ एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों) और कंपनियों को सहायता उपलब्ध करायी गयी है। इसके तहत कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न बाधाओं को देखते हुए पात्र कर्जदाताओं को अपनी परिचालन से जुड़ी देनदारी और कारोबार फिर से शुरू करने के लिये मदद दी गयी है। मंत्रालय के अनुसार 24 सितंबर, 2021 की स्थिति के अनुसार योजना के तहत 2.86 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज दिया जा चुका है। कुल जारी गारंटी में से करीब 95 प्रतिशत गारंटी एमएसएमई को दिये गये कर्ज से जुड़ी है। योजना के तहत दिये जाने वाले कर्ज पर ब्याज सीमा 7.5 प्रतिशत है। इसका मतलब है कि बैंक कर्ज इससे कम ब्याज पर दे सकते हैं।
- ठाणे/पालघर । मूसलाधार बारिश के कारण नवी मुंबई के पांडवकडा जलप्रपात पर फंसे कम से कम 17 पर्यटकों को वहां से सुरक्षित निकाला गया है। वहीं ठाणे और पालघर जिलों के निचले इलाकों में फंसे सैकड़ों लोगों को भी सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। ठाणे और पालघर में मंगलवार और बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण दोनों जिलों के निचले इलाकों में पानी भर गया है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जिलों में से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई मकान पानी में डूब गए हैं और लोग बेघर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) ने सैकड़ों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है। ठाणे जिला आपदा नियंत्रण अधिकारी अनिता जवांजल और पालघर में उनके समकक्ष विवेकानंद कदम ने बताया कि दोनों जिलों में मूसलाधार बारिश बारिश हुई है जिसके कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है और सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है। ठाणे नगर निगम के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि उल्हासनगर में पहाड़ी के पास सुरक्षा के लिए बनायी गयी दीवार गिर गयी है जिससे कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त हुए मकानों में फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। निकाय अधिकारियों ने बताया कि नवी मुंबई के खारघर इलाके में स्थित पांडवकडा जलप्रपात पर फंसे मुंबई के कुल 17 पर्यटकों को सुरक्षित बचाया ग्रया है। दमकल कर्मियों ने मंगलवार को उन्हें सुरक्षित निकाला। भवंडी, कल्याण, उल्हासनगर और पालघर जिले में मूसलाधार बारिश से काफी नुकसान पहुंचा है।
- नयी दिल्ली। दक्षिण कोरियाई फिल्मी सितारे ली जुन ह्यूक और ली जू युंग आगामी बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के समापन समारोह के मेजबान होंगे। आयोजकों ने बुधवार को इसकी घोषणा की। बीआइएफएफ के आधिकारिक ट्विटर पेज के अनुसार, छह अक्टूबर की रात को बुसान सिनेमा सेंटर में महोत्सव का उद्घाटन होगा तथा इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन किया जाएगा। एशिया के अग्रणी फिल्म महोत्सव का 26 वां संस्करण दक्षिण कोरिया के बुसान में होगा और 15 अक्टूबर को इसका समापन होगा। इस फिल्म महोत्सव में भारत के सुजीत सरकार द्वारा निर्मित “डीप 6” और अपर्णा सेन की “द रेपिस्ट” का प्रदर्शन किया जाएगा।
- इंदौर । पुलिस ने इंदौर और इसके पड़ोसी धार जिले में नकली गुटखा व पान मसाला बनाने वाले दो कारखानों का बुधवार को भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मामले में कुल एक करोड़ रुपये के माल और उपकरण जब्त करने के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अपराध निरोधक शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरुप्रसाद पाराशर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर चार लोगों को इंदौर से पकड़ा गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को धार से गिरफ्तार किया गया। पाराशर ने बताया, ये आरोपी इंदौर और धार में दो कारखाने चोरी-छिपे चला रहे थे। वे नामी ब्रांड के गुटखा और पान मसाला के जाली पाउच में नकली माल भरकर अवैध तौर पर बेच रहे थे।'' उन्होंने बताया कि इस फर्जीवाड़े का सरगना इंदौर निवासी एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
- नयी दिल्ली। चक्रवात गुलाब के बाकी हिस्से के 30 सितंबर को अरब सागर में प्रवेश करने तथा मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेने तथा पाकिस्तान की ओर बढ़ने की संभावना है। गुलाब चक्रवात के इस बाकी हिस्से के चलते गुजरात के कई हिस्सों में वर्षा होने के आसार हैं।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि बुधवार को निम्न दबाव का क्षेत्र -चक्रवात गुलाब का बाकी हिस्सा-- दक्षिण गुजरात क्षेत्र एवं आसपास की खंभात की खाड़ी के ऊपर बना । विभाग ने कहा, ‘‘ इस बात की बड़ी संभावना है कि यह पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढेगा एवं उत्तरपूर्व अरब सागर में उभरकर कल तक गहरे दबाव में तब्दील होकर मजबूत हो जाएगा। उसके बाद उसके पश्चिम और पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने एवं अगले 24 घंटे में चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है। उसके बाद वह भारतीय तट से दूर पाकिस्तान के मकरान तटों से टकरा सकता है। '' उसने कहा कि गुजरात में सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ स्थानों पर हल्की , मध्यम से लेकर भारी तथा छिटपुट स्थानों पर भीषण वर्षा हो सकती है। साथ ही गुजरात के अन्य क्षेत्र, दमन दीव, दादर एवं नागर हवेली में मूसलाधार एवं कुछ स्थानों पर भीषण बारिश होने के आसार हैं । उत्तरी कोंकण में छिटपुट स्थानों पर भीषण वर्षा होने की आशंका है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को सार्वजनिक क्षेत्र की निर्यात ऋण गारंटी निगम (ईसीजीसी) में 4,400 करोड़ रुपये की पूंजी डालने और आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के जरिये इसे शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार 2021-22 से पांच साल में ईसीजीसी में 4,400 करोड़ रुपये पूंजी डालेगी। उन्होंने यह भी कहा कि 500 करोड़ रुपये तत्काल डाले जाएंगे। कंपनी अगले साल सूचीबद्ध हो सकती है।मंत्री ने यह भी कहा कि चालू वित्त वर्ष में 21 सितंबर, 2021 तक निर्यात 185 अरब डॉलर का था। मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाता (एनईआईए) योजना जारी रखने और पांच साल में सहायता अनुदान के रूप में 1,650 करोड़ रुपये लगाये जाने को भी मंजूरी दी। एनईआईए में पूंजी डालने से उन बाजारों में परियोजना निर्यात की क्षमता के उपयोग में मदद मिलेगी, जहां ध्यान दिया जा रहा है। ईसीजीसी का गठन वाणिज्यिक और राजनीतिक कारणों से विदेशी खरीदारों द्वारा भुगतान नहीं होने की स्थिति में निर्यातकों को कर्ज बीमा सेवाएं प्रदान करके निर्यात को बढ़ावा देने के लिए किया गया था। यह कर्ज लेने वाले निर्यातकों के मामले में जोखिम से बचाव को लेकर बैंकों को भी बीमा प्रदान करती है। ईसीजीसी में पूंजी डाले जाने से कंपनी निर्यात उन्मुख उद्योग खासकर श्रम गहन क्षेत्रों में अपना दायरा बढ़ा सकेगी। देश में निर्यात ऋण बीमा बाजार में 85 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ ईसीजीसी सबसे आगे है।-
- सहारनपुर । उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना नांगल के अन्तर्गत राजमार्ग पर एक कार के डिवाइडर से टकरा जाने से कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल शर्मा ने बताया कि सहारनपुर के थाना सदर बाजार में रेलवे रोड निवासी अशोक सलूजा अपनी पत्नी चंदा सलूजा और अन्य लोगों के साथ एक कार्यक्रम से लौट रहे थे तभी दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-344 पर कार अनियन्त्रित होकर डिवाइडर पर चढ गई।घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
- नयी दिल्ली। सार्वजानिक क्षेत्र की इंजीनियरिंग कंपनी भेल ने बुधवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में उसने सरकार के ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) के माध्यम से 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद की है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि पारदर्शिता और व्यापार सुगमता की दिशा में सरकार की पहल के तहत भेल जीईएम पोर्टल के जरिये वस्तुओं और सेवाओं की खरीद की अगुवाई कर रही है। जीईएम माल और सेवाओं के लिए एक एकीकृत सार्वजनिक खरीद पोर्टल है।कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में जीईएम के जरिये उसकी खरीद 1,500 करोड़ रुपये को पार कर गई है, जो इससे पिछले पूरे वित्त वर्ष 2020-21 में केवल 389 करोड़ रुपये थी। भेल के अनुसार जीईएम पोर्टल के माध्यम से उत्पादों की प्रमुख खरीद में इस्पात, सीमेंट, केबल, विभिन्न सब-असेंबली आदि शामिल हैं। कंपनी चालू वर्ष की पहली तिमाही के दौरान पोर्टल से खरीद के मामले में 20 सार्वजनिक कंपनियों की सूची में भी शीर्ष पर रही। कंपनी दरअसल जीईएम पोर्टल से खरीद कर पारदर्शिता सुनिश्चित कर रही है और विभिन्न सरकारी निर्देशों जैसे सामान्य वित्तीय नियम, सार्वजनिक खरीद नीति और मेक इन इंडिया का अनुपालन सुनिश्चित कर रही है।
-
नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड (एनबीबी) के साथ मिलकर गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (जीसीएमएमएफ) द्वारा विकसित एक नया उत्पाद 'अमूल हनी' बाजार में पेश किया। इस पेशकश के बाद तोमर ने कहा कि सरकार छोटे किसानों की आय दोगुनी करने के लिए मधुमक्खी पालन को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। एक सरकारी बयान में तोमर के हवाले से कहा गया है कि एनबीबी की स्थापना विभिन्न गतिविधियों को संचालित करने के लिए भी की गई थी। उदाहरण के लिए, शहद की गुणवत्ता की जांच के लिए पांच प्रमुख प्रयोगशालाएं और 100 मिनी-शहद परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा, तोमर ने स्थानीय शहद मानकों को सुधारकर वैश्विक स्तर पर लाने और निर्यात को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। सहकारी मॉडल को कृषि क्षेत्र में सफलता की कुंजी बताते हुए तोमर ने कहा कि सहकारी भावना के साथ काम करने से दूध के क्षेत्र में अमूल की तरह बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अमूल ब्रांड के मालिक जीसीएमएमएफ ने देश में श्वेत क्रांति लाने में बड़ा योगदान दिया है। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि किसान न केवल शहद से बल्कि रॉयल जेली जैसे उप-उत्पादों से भी कमा सकते हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग और बेहतर कीमतें हैं। इस कार्यक्रम में कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी और शोभा करंदलाजे के साथ-साथ जीसीएमएमएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। -
औरंगाबाद। महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले में पिछले 48 घंटे में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने बाढ़ के पानी में फंसे 459 लोगों को हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मांजरा बांध से मंगलवार को पानी छोड़ा गया जिससे पड़ोसी जिलों के कुछ हिस्सों और गांवों में बाढ़ आ गई। उस्मानाबाद जिले और मराठवाड़ा क्षेत्र के अन्य भागों में बीते दो दिन में भारी बारिश हुई है।
उस्मानाबाद तहसील के दौतपुर गांव से दो बच्चों सहित छह लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिये बचाया गया, जबकि कलांब तहसील के सौंदाने अंबा गांव से दस लोगों को सुरक्षित निकाला गया। पड़ोसी लातूर जिले के कलेक्टर पृथ्वीराज बी पी ने बताया कि जिले के रेनापुर तहसील के पोहरेगांव में एक बच्चे समेत तीन लोगों का परिवार कथित तौर पर फंसा हुआ है, लेकिन खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण बचाव दल मौके पर नहीं पहुंच सका। उन्होंने कहा, ''हम उन्हें बचाने के अन्य तरीके आजमा रहे हैं। -
जमशेदपुर (झारखंड)। झारखंड के पूर्व सिंहभूम जिले में दो सड़क हादसों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी एवं 13 अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। बबोदाम थाने के प्रभारी शंकर लाकरा ने बताया कि भदुदिह गांव में एक मिनीबस ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उसे चला रहे 24 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि पीछे बैठे एक अन्य आदमी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मिनीबस के ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इन दोनों युवकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी। अधिकारियों द्वारा उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन देने के बाद लोग वहां से चले गये। लाकरा ने बताया कि इसी थानाक्षेत्र में दुबराजपुर गांव में एक वाहन पलट गया जिससे एक महिला समेत दो मजदूरों की मौत हो गयी जबकि 13 अन्य घायल हो गये। यह वाहन बोडाम से जमशेदपुर जा रहा था और ये सभी उस पर सवार थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
नयी दिल्ली। विमानन नियामक डीजीसीए द्वारा जारी नियमों के मुताबिक विमान के चालक दल के सदस्यों और वायु यातायात नियंत्रकों की, उनके नियोक्ता अगले साल 31 जनवरी से गांजा और कोकीन जैसे नशीले पदार्थों की लत का पता लगाने के लिए जांच करेंगे। जारी किए गए नियमों के मुताबिक, ‘‘दुनिया भर में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल का प्रसार, उनकी सामान्य उपलब्धता और नशे की लत के शिकार लोगों की बढ़ती संख्या विमानन सुरक्षा के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है।'' नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा जारी नियमों के अनुसार, विमान कंपनियां और दिशा सूचक सेवा प्रदाताओं को हर साल उनके द्वारा नियुक्त विमान के चालक दल के सदस्यों और विमान यातायात नियंत्रकों के कम से कम 10 प्रतिशत कर्मियों की, औचक तरीके से, नशीले पदार्थों की लत का पता लगाने के लिए जांच करनी होगी। नियमों में उल्लेख किया गया है कि वाणिज्यिक विमान संचालकों, रखरखाव और मरम्मत का काम करने वाली इकाइयों, उड़ान प्रशिक्षण संगठनों और हवाई दिशासूचक सेवा प्रदाताओं को किसी भी व्यक्ति को नियुक्त करने या प्रशिक्षु पायलट को भर्ती करने से पहले उसकी नशीले पदार्थों की लत के संबंध में जांच करनी होगी। इन इकाइयों को उन सभी विमानन कर्मियों की भी जांच करनी होगी जिन्होंने संबंधित देश में उड़ान संचालन के दौरान किसी विदेशी नियामक से जांच कराने से इनकार कर दिया। ऐसे सभी विमानन कर्मचारियों की एम्फटेमिन, गांजा, कोकीन, अफीम, बार्बिचुरेट्स और बेंजोडायजेपाइन जैसे नशीले पदार्थों की लत का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। अगर कोई विमानन कर्मी जांच में ‘पॉजिटिव' पाया जाता है तो डीजीसीए को 24 घंटे के भीतर सूचित करना होगा। यदि कोई कर्मी काम के दौरान दूसरी बार जांच में ‘पॉजिटिव' पाया जाता है तो उसका लाइसेंस तीन साल के लिए निलंबित कर दिया जाएगा और अगर कोई कर्मी तीसरी बार ‘पॉजिटव' पाया जाता है तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
-
नयी दिल्ली। जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को कहा कि जल जीवन मिशन- ‘हर घर नल योजना' के तहत पांच करोड़ ग्रामीण परिवारों के घर में नल से जल पहुंचाया गया है और अब 42.83 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को इसके माध्यम से पेयजल आपूर्ति शुरू हो गयी है। उन्होंने कहा कि ऐसे नल कनेक्शनों को ‘‘जियो टैग'' भी किया जा रहा है। जल शक्ति मंत्रालय के बयान के अनुसार, शेखावत ने कहा कि देशभर के 919 ब्लॉक के एक लाख 15 हजार 278 गांव 'हर घर जल गांव' बन चुके हैं । उन्होंने कहा कि ‘हर घर नल योजना' के तहत पांच करोड़ ग्रामीण परिवारों के घर में नल से जल पहुंचाया गया है जिससे अब करीब आठ करोड़ 24 लाख ग्रामीण परिवारों (42.83 प्रतिशत) को उनके घर में पेयजल जल मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिये गए लक्ष्य को पूरा करने के लिए जल जीवन मिशन की टीम राज्यों के साथ मिलकर तेजी से काम कर रही है तथा करीब 25 महीने में ही जलशक्ति मंत्रालय ने राज्यों के सहयोग से पांच करोड़ नए कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं । मंत्री ने कहा, ‘‘ हर कनेक्शन को परिवार के प्रमुख के आधार संख्या के साथ जिओ टैग भी किया जा रहा है।'' मंत्रालय के बयान के अनुसार, हर घर नल के तहत गोवा, तेलंगाना, अंडमान निकोबार आईलैंड, पुडुचेरी, दादर नागर हवेली एंड दमन दीव ने हर घर जल राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बनने की उपलब्धि पहले ही हासिल कर ली है तथा उम्मीद है कि जल्द ही हरियाणा भी इस सूची में शामिल हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त, 2019 को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल जीवन मिशन की घोषणा की थी, तब करीब तीन करोड़ 24 लाख परिवारों (करीब 17 प्रतिशत) को ही उनके घर में पीने का पानी मिल रहा था।
-
चेन्नई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के पुराने छात्रों ने अगले दो साल में देश और दुनिया भर के कम से कम 10 लाख लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लक्ष्य से ‘मिशन मिलियन स्माईल' शुरु किया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आईआईटी मद्रास के एलुमनी एसोसिएशन में 53,825 सदस्य हैं। एसोसिएशन ने अपने सभी सदस्यों से इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संसाधनों और अन्य मदद देने के लिए कहा है। आईआईटी मद्रास एलुमनी एसोसिएशन ने कहा कि उसने ‘मिशन 5,000 इग्नाइट माइंड' भी शुरू किया है जिसका लक्ष्य पुराने छात्रों में से 10 प्रतिशत को ‘मिशन मिलियन स्माईल' के लिए प्रतिबद्ध स्वयं सेवक बनाने का है। आईआईटी मद्रास एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णन नारायणन ने बताया, ‘‘50,000 से ज्यादा सदस्यों वाले आईआईटी मद्रास एलुमनी एसोसिएशन, संस्थान के छात्रों और संकाय सदस्यों (शिक्षकों) के पास इतना ज्ञान, कौशल और संसाधन है कि वे बदलाव का बड़ा जरिया बन सकते हैं। अपने देश और स्थानीय समुदायों को कुछ वापस देना भी जरूरी है।'' विज्ञप्ति में कहा गया है कि एसोसिएशन विज्ञान, प्रौद्योगिकी और देश में नवोन्मेष के क्षेत्र पर ध्यान केन्द्रीत करेगा। - सागर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में मंगलवार को 10वीं कक्षा के तीन किशोरों की नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों के दल ने चार घंटे की तलाशी के बाद शवों को बाहर निकाला गया। राहतगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक आनंद राज ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम झिला में हुई। उन्होंने बताया कि गांव के तीन लड़के कुछ महिलाओं के साथ महालक्ष्मी पर्व की एक रस्म के लिए नदी किनारे गए थे। नहाते समय ये लड़के नदी के गहरे पानी में चले और और तेज बहाव में फंसकर डूब गए। राज ने बताया कि घटना के बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और गोताखोरों के दल ने चार घंटे की तलाशी के बाद तीनों लड़कों के शवों को बाहर निकाला। मृतकों में 14 वर्षीय एक तथा 15 वर्षीय दो किशोर शामिल हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस बीच, जिला प्रशासन ने प्रत्येक मृतक के परिवार वालों को चार-चार लाख रुपए की अनुग्रह राशि मंजूर की है।
- नयी दिल्ली। पूर्व तट और मध्य भारत में भीषण वर्षा कराने के बाद चक्रवात गुलाब मंगलवार को कमजोर पड़ गया, लेकिन पश्चिमी तट पर पहुंचने के बाद उसके फिर मजबूत होने के आसार हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने अगले दो दिनों के दौरान गुजरात, उत्तरी कोंकण, उत्तर-मध्य महाराष्ट्र एवं मराठवाड़ा में भारी वर्षा का अनुमान लगाया है। उसका यह भी कहना है कि पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदान, ओडि़शा, झारखंड में भी अगले दो दिनों के दौरान वर्षा हो सकती है।आईएमडी के चक्रवात चेतावनी संभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिम विदर्भ और आसपास के क्षेत्र से यह दबाव पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा एवं मंगलवार को बहुत ही कमजोर हो गया । अगले 24 घंटे में क्रमिक रूप से उसके और उत्तर पश्चिम की ओर बढऩे एवं कमजोर होने की संभावना है। संभाग ने कहा, ''यह प्रणाली 30 सितंबर को उत्तरपूर्व अरब सागर एवं निकटवर्ती गुजरात के समीप उभरने की संभावना है और ऐसा अनुमान है कि उत्तरपूर्व अरब सागर पर 24 घंटे के दौरान यह मजबूत हो सकता है। '' उसने कहा कि इस प्रणाली के बाकी हिस्से के उत्तरी अरब सागर में उभरने तथा मजबूत होने की उसकी संभावना पर कड़ी नजर रखी जा रही है। चक्रवात गुलाब 26 सितंबर को ओडि़शा एवं आंध्रप्रदेश तट से टकराया था। उसके बाद वह कमजोर होने लगा लेकिन उसके प्रभाव से तेलंगाना, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में काफी वर्षा हुई।
- नयी दिल्ली। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने राष्ट्रीय राजधानी में एक जनवरी 2022 तक पटाखों की बिक्री और फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का मंगलवार को आदेश दिया। आदेश के मुताबिक, कई विशेषज्ञों ने संकेत दिया है कि कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी का अंदेशा है और पटाखों को फोड़कर बड़े पैमाने पर जश्न मनाने लिए बड़ी संख्या में लोग जमा होंगे, जिससे न सिर्फ सामाजिक दूरी के नियम का उल्लंघन होगा, बल्कि वायु प्रदूषण का उच्च स्तर दिल्ली में गंभीर स्वास्थ्य मसलों का कारण बनेगा। आदेश में कहा गया है कि वायु प्रदूषण और श्वसन संक्रमण के बीच अहम संबंध को देखते हुए, मौजूदा महामारी संकट की वजह से पटाखे फोड़ना लोगों के स्वास्थ्य के लिए अनुकूल नहीं है। डीपीसीसी ने आदेश में कहा, “ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में एक जनवरी 2022 तक सभी तरह के पटाखे फोड़ने और बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध होगा।” डीपीसीसी ने जिलाधिकारियों और पुलिस उपायुक्तों से कहा है कि वे निर्देशों पर अमल कराएं और दैनिक कार्रवाई रिपोर्ट जमा करें।
- नयी दिल्ली। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कोरोना वायरस की वजह से लगाई गई अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर रोक को 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। डीजीसीए ने मंगलवार को कहा, ‘‘हालांकि, चुनिंदा मार्गों पर मामला-दर-मामला आधार पर सक्षम प्राधिकरण की अनुमति से अंतरराष्ट्रीय अनुसूचित उड़ानों की अनुमति दी जा सकती है।'' कोरोना वायरस महामारी की वजह से 23 मार्च, 2020 से अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगाई गई थी। लेकिन मई, 2020 से वंदे भारत मिशन के तहत विशेष अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन हो रहा है। इसके अलावा चुनिंदा देशों के साथ ‘द्विपक्षीय ‘एयर बबल‘ व्यवस्था के तहत जुलाई, 2020 से उड़ानों का परिचालन हो रहा है। भारत ने अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, केन्या, भूटान और फ्रांस सहित करीब 28 देशों के साथ एयर बबल करार किया है। एयर बबल करार के तहत दो देशों के बीच उनकी एयरलाइंस द्वारा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन किया जा सकता है। डीजीसीए के सर्कुलर में कहा गया है कि इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय ऑल-कार्गो उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं होगा।
- बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अगली पीढ़ी का खगोल विज्ञान उपग्रह विकसित करने की संभावना तलाश रहा है। खगोल विज्ञान के लिए समर्पित इसरो का पहला मिशन एस्ट्रोसैट 28 सितंबर, 2015 को शुरू किया गया था। मंगलवार को इसके संचालन के छह साल पूरे हो गए। अंतरिक्ष एजेंसी में शीर्ष विज्ञान समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत ए एस किरण कुमार ने बताया, ''यह (एस्ट्रोसैट) मिशन कुछ और वर्षों तक चलने की उम्मीद है।'' कुमार इसरो के तत्कालीन अध्यक्ष के रूप में मिशन टीम का नेतृत्व कर चुके हैं।उन्होंने कहा, ''हम कुछ और परिणाम आने की उम्मीद कर सकते हैं जो पथप्रदर्शक होंगे।''इसरो द्वारा एस्ट्रोसैट -2 लॉन्च करने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एस्ट्रोसैट -2 नहीं बल्कि अगली पीढ़ी का खगोल उपग्रह विकसित करने की संभावना तलाशी जा रही है। यह सबकुछ योजना पर निर्भर करता है। इस (एस्ट्रोसैट) पर अलग तरीके से काम करने पर भी विचार चल रहा है। इसरो के अधिकारियों के अनुसार, एस्ट्रोसैट के डेटा का व्यापक रूप से खगोल विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों के अध्ययन के लिए उपयोग किया जा रहा है।























.jpg)
.jpg)


.jpg)