- Home
- देश
-
कोच्चि। केरल में लोगों से 10 करोड़ रुपये ठगने के आरोप में प्राचीन वस्तुओं के एक व्यापारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि केरल के अलाप्पुझा जिले के चेरथला के रहने वाले व्यापारी आरोपी मोनसन मावुंकल को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी मोनसन ने कई लोगों से यह कहकर धन राशि उधार ली थी कि उसे अपने बैंक खाते से 2.65 करोड़ रुपये प्राप्त करने के लिए कुछ प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए धन की आवश्यकता है जबकि उसका ऐसा कोई खाता नहीं था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक रविवार को आरोपी मोनसन के एक संग्रहालय पर छापा मारा गया जहां से वह प्राचीन वस्तुओं के रूप में उनकी प्रतिकृतियों को बेचता था। इसके अलावा वहां कुछ वास्तविक प्राचीन वस्तुएं भी थीं, लेकिन वे महंगी नहीं थीं। इसके अलावा कुछ ऐसी वस्तुएं भी थीं जो कि वास्तव में तिरुवनंतपुरम के एक बढ़ई द्वारा बनाई गई थीं। करीब एक सप्ताह पहले, कुछ शिकायतकर्ताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से संपर्क किया और उन्हें बताया कि आरोपी मावुंकल ने उनके साथ 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से इस समस्या के समाधान के लिए प्राथमिकता देने का आग्रह किया ताकि एक साल के भीतर इस खतरे को खत्म किया जा सके। उन्होंने नक्सलियों तक धन के प्रवाह को रोकने के लिए एक संयुक्त रणनीति बनाने को भी कहा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 10 नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राज्य के मंत्रियों और शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है तथा इसे तेज और निर्णायक बनाने की जरूरत है। शाह ने कहा कि वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) हिंसा के कारण मरने वालों की संख्या एक साल में घटकर 200 हो गई है। बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाग लिया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन बैठक में शामिल नहीं हुए, लेकिन इन चार राज्यों का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।
गृह मंत्री ने सभी मुख्यमंत्रियों से अगले एक साल तक वामपंथी उग्रवाद की समस्या को प्राथमिकता देने का आग्रह किया ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए दबाव बनाने, गति बढ़ाने और बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। शाह ने कहा कि नक्सलियों की आय के स्रोतों को बेअसर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की एजेंसियों को मिलकर व्यवस्था बनाकर इसे रोकने का प्रयास करना चाहिए। - देहरादून। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में सरयू नदी में नहाने गए दो नाबालिग सगे भाई डूब गए। बच्चों में से एक का शव बरामद हो गया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। कपकोट थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे का पता सुबह साढे ग्यारह बजे तब लगा जब 10 वर्षीय मोहित कुमार और सात वर्षीय सुमित कुमार की चप्पलें नदी किनारे पड़ी हुई दिखीं। बच्चों का घर नदी तट से कुछ ही दूरी पर है। सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने बच्चों की खोज में तलाश और बचाव अभियान चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद मोहित का शव घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर बरामद हो गया जबकि सुमित की तलाश अभी जारी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण इस समय नदी का बहाव बहुत तेज है।
- उदयपुर। राजस्थान के जेल अधिकारियों का मानना है कि संगीत के जरिये व्यक्ति के व्यवहार में भी बदलाव लाया जा सकता है। इसकी मिसाल उदयपुर की केन्द्रीय जेल के कैदियों द्वारा गठित बैंड ‘‘आउट ऑफ द बॉक्स'' के संगीत के जरिये दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जेल के 12 सदस्यीय बैंड ने संगीत के जरिये एक नई पहचान बनाई है और इस समूह को राज्य सरकार, बार एसोशिएशन और यहां तक की स्थानीय अदालत के कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के लिये आमंत्रण प्राप्त हुआ है। उदयपुर जेल के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार ने बताया, ‘‘राज्य सरकार ने कैदियों की बेहतरी में मदद के लिये ऐसे कई प्रावाधन किये हैं। संगीत का प्रशिक्षण ऐसे कई स्वेच्छिक प्रशिक्षण विकल्पों में से एक है और ‘‘आउट ऑफ द बॉक्स'' उनमें से एक है।'' उन्होंने बताया कि इसकी तीन साल पहले की गई थी और इस दौरान अधिकतर समय प्रशिक्षण और पूर्वाभ्यास में लगा। ऑर्केस्ट्रा बैंड ने अब निमंत्रण पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। कुमार ने बताया कि बैंड प्रति घंटा 1,600 रुपये का शुल्क लेता है। कमाई की आधी रकम कैदियों के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर हो जाती है और आधी रकम राज्य कैदी कल्याण बोर्ड के खाते में जाती है। उन्होंने बताया कि इस बैंड के सदस्यों को नहीं लगता कि वे जेल में हैं, क्योंकि वे ज्यादतर समय पूर्वाभ्यास करते हैं, वे अपने गीत भी खुद लिखने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम के लिये बैंड बुक करने के इच्छुक लोगों को जेल प्रशासन को निमंत्रण भेजना पड़ता है जो इसके लिये सुरक्षित व्यवस्था करता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘संगीत अपने आप में एक थेरेपी (इलाज) है। इसका प्रशिक्षण कैदियों में धैर्य विकसित करने में मदद करता है। बैंड के सदस्यों को मिलने वाला प्रोत्साहन उन्हें एक अच्छा व्यक्ति बनने के लिये प्रेरित करने और अच्छे भविष्य को साकार करने में मदद करता है।'' बैंड के दो प्रमुख गायकों में से जरनेल सिंह अपनी सजा काटने के बाद में एक गायक के रूप में जीवन यापन करने की इच्छा रखते हैं जबकि परमेश्वर व्यास संगीत शिक्षक बनना चाहते हैं। व्यास उन युवाओं के लिये भी संरक्षक के रूप में काम करना चाहते हैं जो अन्य अवसरों से वंचित हैं। वह ऐसे युवाओं को अपनी प्रतिभा विकसित करने और प्रस्तुत करने के लिये मंच देने की इच्छा रखते हैं। बैंड के अन्य सदस्यों ने भी इसी तरह की आंकाक्षाएं साझा की।
- जम्मू। भारतीय सेना के एक अधिकारी ने लेह से मनाली की 472 किलोमीटर की दूरी 34 घंटे 54 मिनट में तय करके 'सबसे तेज एकल साइकिलिंग - (पुरुष)' में नया गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया है। एक रक्षा प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्ट्रेटजिक स्ट्राइकर्स डिवीजन के लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीपद श्रीराम ने शनिवार सुबह चार बजे लद्दाख के लेह से साइकिल यात्रा शुरू की। प्रवक्ता ने कहा, "लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीराम ने 26 सितंबर को (हिमाचल प्रदेश में) लेह से मनाली तक 'सबसे तेज़ सोलो साइकिलिंग - (पुरुष)' में एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। कुल दूरी 472 किलोमीटर, जबकि ऊंचाई लगभग 8000 मीटर थी।'' उन्होंने कहा कि अधिकारी ने कठिन मौसम स्थिति में पांच प्रमुख दर्रों को पार करते हुए 34 घंटे 54 मिनट में सफलतापूर्वक यात्रा पूरी की।
- कटनी।जिले के कुठला इलाके में सीवेज प्लांट के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से रविवार को दो बच्चों की मौत हो गई। कुठला पुलिस थाने के निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि रामदास बेन के बेटी रिया बेन (9) और दिनेश बेन का बेटा कृष्णा (8) रविवार सुबह खेलने के लिए घर से बाहर गये थे। दोनों दो घंटे से अधिक समय तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की तो खुले गड्ढे के पास उनके जूते-चप्पल मिले। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से मिली सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब चार घंटे की तलाश के बाद दोनों बच्चों को गड्ढे में भरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सिंह ने बताया कि दोनों चचेरे भाई-बहन थे। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक यह गड्ढा करीब 40 से 50 फीट गहरा है।घटना से नाराज कुठला क्षेत्र के रहवासी ने शिकायत की है कि सीवेज प्लांट का यह खुला गड्ढा उनकी जान के लिए खतरा बना हुआ है।
-
देहरादून। हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला और उत्तर भारत का सबसे बड़ा पामेटम विकसित किया गया है। पामटेम, पेड़ की किस्म 'पाम' की बागबानी करने का स्थान है।
मुख्य वन संरक्षक संजीव चतुर्वेदी ने रविवार को बताया कि उत्तराखंड वन विभाग की शोध शाखा द्वारा कैम्पा योजना के तहत विकसित यह पामेटम तीन एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में फैला हुआ है और यहां पाम की 100 विभिन्न प्रजातियों के पेड़ लगे हुए हैं। इनमें से 20 प्रजातियां विलुप्त होने की कगार पर हैं या खतरे की स्थिति में पहुंच चुकी श्रेणी में आती हैं। पामेटम में मौजूद ताकील पाम उत्तराखंड में पाई जाने वाली स्थानीय प्रजाति है। चतुर्वेदी ने बताया कि यह पाम की एकमात्र ऐसी प्रजाति है जो शून्य से नीचे तापमान में भी जीवित रह सकती है और उत्तराखंड जैवविविधता बोर्ड ने इसे खतरे की स्थिति में पहुंच चुकी प्रजाति घोषित किया हुआ है। - बेंगलुरु। भारत के मंगलयान ने अपने छह महीने के लक्षित मिशन से कहीं आगे बढ़कर, अपनी कक्षा में सात साल पूरे कर लिए हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के तत्कालीन अध्यक्ष के रूप में मंगलयान अभियान का नेतृत्व करने वाले के. राधाकृष्णन ने इस उपलब्धि पर कहा, ‘‘निश्चित ही, यह एक संतोषजनक अहसास है।'' मंगलयान, दूसरे ग्रह पर भेजा जाने वाला इसरो का पहला अभियान था और इसे पांच नवंबर 2013 को आरंभ किया गया था। यान 24 सितंबर 2014 को अपनी कक्षा में पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक पहुंच गया था। इसरो के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया और इससे जो कुछ भी सीखने को मिला उससे इसरो के वैज्ञानिकों का आत्मविश्वास और भी बढ़ा। अधिकारियों ने कहा कि मंगलयान से जो भी जानकारी मिली उनके वैज्ञानिक विश्लेषण की प्रक्रिया चल रही है।मंगलयान के कार्यक्रम निदेशक रहे एम. अन्नादुराई ने कहा, ‘‘मंगलयान का यह सातवां वर्ष है जिसके मद्देनजर यान काफी बेहतर स्थिति में है।'' उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अंतरिक्ष यान कम से कम एक और वर्ष काम करेगा। इसरो के अधिकारियों ने कहा कि यान मंगल ग्रह पर वहां के तीन वर्ष रह चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने देखा कि मंगल पर एक मौसम से दूसरे मौसम में बदलाव किस तरह होते हैं और साल-दर-सार बदलाव भी देखे।'' मंगल ग्रह का एक वर्ष धरती के लगभग दो वर्ष के बराबर होता है।
- नयी दिल्ली। पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में छह लेन वाले राजमार्ग के निर्माण के लिए 14 हेक्टेयर से अधिक वन भूमि में 2,038 पेड़ों को काटकर दूसरे स्थान पर लगाने का प्रस्ताव है। आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने छह लेन वाले दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग के 14.75 किलोमीटर के हिस्से के विकास के लिये दिल्ली वन विभाग से अनुमति मांगी है। अक्षरधाम राष्ट्रीय राजमार्ग-9 जंक्शन और दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा के बीच स्थित इस हिस्से पर कुल 2,038 पेड़ हैं। पेड़ों की प्रजातियों में शीशम, शहतूत, पीपल, चंपा, अशोक, सुबाबुल, नीम, नीलगिरी, कीकर, बेर, जामुन और गुलर शामिल हैं। पंद्रह सौ करोड़ रुपये की यह परियोजना भारतमाला परियोजना के पहले चरण का हिस्सा है, जो देश का दूसरा सबसे बड़ा राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम है। इसके तहत 50,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय एजेंसी ने एनएच-148 डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर-पुश्ता रोड खंड तक छह लेन राजमार्ग के निर्माण के लिए 0.35 हेक्टेयर वन भूमि की अनुमति मांगी है। निर्माण कार्य के दौरान बेरी, नीम, पीपल, शहतूत और सिरस सहित कुल 191 पेड़ों को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है।
- भदोही (उत्तर प्रदेश)। जिले के औराई क्षेत्र में रविवार को यात्रियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी राम लखन मिश्रा ने बताया कि जिले के चौरी थाना के भाला गाँव निवासी 95 साल के एक वृद्ध का अंतिम संस्कार करने के लिए गाँव के ही 45 लोग दो वाहनों से मिर्ज़ापुर के भोगांव गंगा घाट जा रहे थे। औराई के बभनौटी गाँव के पास उनमें से एक वाहन के चालक ने आगे जा रहे एक दूसरे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे खड्ड में जा गिरा। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार रामेश्वर चौहान (42) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 20 अन्य जख्मी हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को शहर के दो निजी अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। मिश्रा ने बताया कि रामेश्वर चौहान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- जोपलिन (अमेरिका)। अमेरिका में सिएटल और शिकागो के बीच चलने वाली एमट्रैक कंपनी की ट्रेन शनिवार दोपहर को उत्तर-मध्य मोंटाना में पटरी से उतर गई। लिबर्टी काउंटी शेरिफ कार्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रेन का परिचालन करने वाली एमट्रैक कंपनी की ओर से कहा गया कि इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं। एमट्रैक के प्रवक्ता जैसन अबराम्स ने एक वक्तव्य में बताया कि स्थानीय समयानुसार शनिवार दोपहर करीब चार बजे ‘एम्पायर बिल्डर' ट्रेन जोपलिन कस्बे के निकट पटरी से उतर गई। हादसा जिस जगह पर हुआ वह हेलेना से 241 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में और कनाडा की सीमा से करीब 48 किलोमीटर की दूरी पर है। इस ट्रेन में 141 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे। ट्रेन में दो इंजन लगे थे और 10 डिब्बे थे जिनमें से आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। शेरिफ कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया गया। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड के प्रवक्ता एरिक वेइस ने बताया कि बोर्ड हादसे की जांच के लिए 14 सदस्यीय टीम को भेजेगा। यह टीम रेल मार्ग के सिग्नल और अन्य कार्यप्रणाली की भी जांच करेगी।-file photo
- मुंबई। मुंबई के देवनार के केना बाजार इलाके में एक व्यक्ति पर उसके छोटे भाई ने तलवार से कथित तौर पर हमला किया जिससे उसकी दो उंगलियां कट गईं। पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी ने पीडि़त पर यह हमला इसलिए किया क्योंकि उसने आरोपी द्वारा मादक पदार्थ की बिक्री किये जाने का विरोध किया था।देवनार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सलीम गफूर शेख पर उसके भाई आरोपी जावेद और उसके कुछ साथियों ने हमला किया। अधिकारी ने कहा, ''सलीम ने अपनी दो उंगलियां गंवा दी और वह एक अस्पताल में भर्ती है। आरोपी जावेद, एक हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ नशीले पदार्थ के दो मामलों के साथ-साथ हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप के मामले हैं। आरोपी जावेद फरार है। 22 सितंबर को एक मामला दर्ज किया गया था।'' पुलिस उपायुक्त (जोन छह) कृष्णकांत उपाध्याय ने कहा कि आरोपी जावेद और दो अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 326 के तहत एक मामला दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
- धार (मध्य प्रदेश)। जिले के एक गांव में कोरोना रोधी टीका लगवाने से हिचक रहे एक व्यक्ति को जब अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया तो उसने ऐसी मांग रखी जिसे सुनकर सभी लोग हैरान रह गए। व्यक्ति ने अधिकारियों से कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ही टीके की पहली डोज लगवाएगा।शनिवार को हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा है। जिले के अधिकारियों ने बताया कि वे उक्त व्यक्ति के पास जाएंगे और उसे समझा-बुझाकर टीका लगवाने के लिए राजी करेंगे। डही विकासखंड के संसाधन समन्वयक मनोज दुबे ने बताया कि उक्त घटना उस समय हुई जब टीकाकरण टीम धार जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित आदिवासी ग्राम कीकरवास पहुंची। वीडियो में राज्य सरकार की एक टीम कोरोना रोधी टीका लगवाने से हिचक रहे इस व्यक्ति को समझाने की कोशिश करती नजर आ रही है और उससे पूछ रही है कि आखिर वह टीका लगवाने के लिए कैसे राजी होगा। इस पर उक्त व्यक्ति ने कहा कि किसी बड़े अधिकारी को बुलाओ। इसपर जब टीम ने पूछा कि क्या वह चाहते हैं कि उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) को बुलाया जाए तो उस व्यक्ति ने कहा, ''एसडीएम से कहो कि मोदी जी को बुलाएं, तो ही मैं और मेरा परिवार टीका लगाएगा।''श्री दुबे ने कहा, इस गांव में टीकाकरण के लिए पात्र व्यक्तियों में से केवल दो लोगों को ही अब तक टीका नहीं लगा है। इनमें से एक यही व्यक्ति है और दूसरी उसकी पत्नी। हम इस व्यक्ति से फिर से संपर्क करेंगे और उसे समझा-बुझाकर टीका लगवाने के लिए राजी करेंगे। कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान के तहत मध्य प्रदेश सरकार के कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को टीका लगवाने के लिए समझा-बुझा रहे हैं। प्रदेश सरकार 27 सितंबर को पुन: कोरोना रोधी टीकाकरण महाअभियान चलाएगी, ताकि प्रदेश के उन पात्र व्यक्तियों को टीके की पहली खुराक लगाई जा सके, जिन्होंने अभी तक टीका नहीं लगवाया है। महाअभियान में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रदेश के शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को टीके की पहली खुराक लग जाए। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में शनिवार शाम तक 6 करोड़ 7 लाख 88 हजार 981 लोगों को कोरोना रोधी टीका लगाया जा चुका है।
- अमरावती। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 7,270 करोड़ रुपये का राज्य सहायता कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है ताकि 'भारतीय सड़कों पर शून्य दुर्घटनाओं' के दृष्टिकोण को साकार करने में मदद मिल सके।केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित छह वर्षीय कार्यक्रम को उन 14 राज्यों में लागू किया जाएगा जहां देश में होने वाली कुल सड़क दुर्घटनाओं में से 85 प्रतिशत होती हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय 3635 करोड़ रुपये की बजटीय सहायता देगा जबकि विश्व बैंक और एशिया विकास बैंक से 1818-1818 करोड़ रुपये का कर्ज लिया जाएगा। कुल राशि में से, 6,725 करोड़ रुपये 14 राज्यों को उनके प्रदर्शन के आधार पर वितरित किए जाएंगे, जबकि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय क्षमता निर्माण गतिविधियों पर 545 करोड़ रुपये खर्च करेगा। राज्य को भेजे गए अवधारणा नोट में मंत्रालय ने कहा कि यह योजना राज्य सरकारों को जमीनी स्तर पर सड़क सुरक्षा हस्तक्षेप के लिए प्रोत्साहित करेगी जिसका मकसद सड़क हादसों को रोकना और हताहतों की संख्या में कमी लाना है। इस योजना के तहत लक्षित राज्य उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, गुजरात, बिहार, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हरियाणा और असम हैं।" भारत में 2019 में 4.49 लाख दुर्घटनाओं में लगभग 1.51 लाख मौत हुई थी। कुल मौतों में से 14 राज्यों में 1 लाख 27 हजार 379 मृत्यु हुई थी। साल 2020 में, देश भर में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 1.32 लाख मौतें दर्ज की गईं, जबकि साल में लंबे समय तक कोविड-19 के कारण लॉकडाउन लगा हुआ था। इस नई योजना के तहत मौतों की संख्या को मार्च 2027 तक 30 फीसदी तक कम करने का लक्ष्य है। सभी राज्यों में 2022-23 से एकीकृत सड़क दुर्घटना डेटाबेस (आईआरएडी) शुरू किया जाएगा और इसका इस्तेमाल राज्य राजमार्गों और प्रमुख जिला सड़कों पर 'ब्लैक स्पॉट' (सड़क पर वह स्थान जहां सबसे ज्यादा हादसे होते हैं) की पहचान करने और उसमें सुधार करने के लिए किया जाएगा। राज्य शिक्षा बोर्डों को 2022-23 से छठी से नौवीं कक्षा के लिए और उसके अगले साल से 12वीं कक्षा तक के लिए सड़क सुरक्षा पर एक अध्याय शामिल करना होगा ।
- भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को केंद्र से इस बात का अध्ययन करने का अनुरोध किया कि देश में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के कितने बच्चे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफल होते हैं। पटनायक ने 10 वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अधिकारियों की नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में यह प्रस्ताव रखा। पटनायक के यहां जारी किए गए भाषण के अनुसार उन्होंने कहा, ‘‘गृह मंत्रालय को इस बात का अध्ययन करना चाहिए कि देश भर में इन वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के कितने बच्चे नीट, आईआईटी और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफल हो रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘यदि हमारी प्रणालियां इन क्षेत्रों को नजरअंदाज करती रहेंगी, तो इससे वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की मदद नहीं होगी।'' पटनायक ने कहा कि नक्सलवाद देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से निपटने के प्रयासों के दौरान भी ओडिशा ने एलडब्ल्यूई गतिविधियों को रोकने की कोशिशें जारी रखीं। मुख्यमंत्री ने कई अन्य प्रस्तावों को भी रखा, जिसमें जयपुर से मोटू तक मलकानगिरी के जरिए गुजरने वाले एनएच -326 का विस्तार कर उसे चार लेन का बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पूर्वी भारत, छत्तीसगढ़ और झारखंड राज्यों से दक्षिण भारत विशेष रूप से बेंगलुरु और हैदराबाद तक यातायात के लिए एक समानांतर सड़क मिलेगी। यह गलियारा यात्रा के समय को कम करने के अलावा इस क्षेत्र को बड़ा आर्थिक प्रोत्साहन भी प्रदान करेगा।'' पटनायक ने कहा कि नक्सल प्रभावित जिले रेल नेटवर्क का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय और ओडिशा सरकार लागत साझा करके जयपुर से नबरंगपुर और जयपुर से मलकानगिरी तक रेल लाइन निर्माण का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों में 6,278 गांव ऐसे हैं, जहां मोबाइल के जरिए संपर्क की सुविधा नहीं है, जो देश में सबसे बड़ी संख्या है। उन्होंने केंद्र से इन क्षेत्रों में बैंक स्थापित करने के लिए तेजी से कदम उठाने का आग्रह किया, जिसके लिए राज्य सरकार भूमि और बुनियादी ढांचा मुफ्त उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सली गतिविधियों के चरम पर होने के दौरान राज्य के 30 जिलों में से 70 प्रतिशत इससे प्रभावित थे, लेकिन ओडिशा में अब मुश्किल से तीन जिलों के कुछ हिस्से इससे प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एलडब्ल्यूई से निपटने के अनुभव से हमने सीखा है कि पहुंच और आर्थिक समृद्धि एलडब्ल्यूई रोधी सबसे बड़ा कदम है और यह कदम व्यापक स्तर पर उठाया जाना चाहिए।
- कन्नूर। केरल के कन्नूर जिले में रविवार सुबह एक जंगली हाथी ने एक दंपत्ति पर हमला कर दिया, जिससे पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने कहा कि महिला का फिलहाल इलाज चल रहा है।पुलिस के मुताबिक दंपति पर यहां इरिटी के निकट वल्लीथोडु पेरिन्गिरी में उस समय हमला हुआ, जब दोनों मोटरसाइकिल से गिरजाघर जा रहे थे। पुलिस ने कहा कि हाथी के हमले के बाद, दंपति को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पुरुष को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने कहा कि दो दिन पहले इडुक्की में एक अन्य बाइक सवार दंपति पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया था। हाथी ने कुचलकर महिला को मार डाला था जबकि पति बाल-बाल बच गया था।
- पणजी। गोवा में अपनी तरह के पहले मदिरा संग्रहालय में 1950 के दशक से भी पहले के परंपरागत पेय फेनी की बोतलों, मदिरा पीने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले गिलास, इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले लकड़ी के पुराने बर्तन और माप के उपकरण बरबस ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यह संग्रहालय काजू से बनने वाले परंपरागत पेय को बनाने की कला को समर्पित है।संग्रहालय के मालिक एवं स्थानीय उद्यमी नंदन कुडचाडकर ने कहा कि वे शराब पीने की आदत को बढ़ावा नहीं दे रहे हैं। यह दीर्घा तटीय राज्य में फेनी शराब की विशिष्ट और समृद्ध परंपरा को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि यह शराब बनाने के इतिहास को समर्पित दुनिया का पहला संग्रहालय है। पणजी से लगभग 10 किमी दूर उत्तरी गोवा के समुद्र तटीय क्षेत्र में सिंक्वेरिम और कैंडोलिम पर्यटन केंद्रों को जोडऩे वाली व्यस्त गली पर 1,300 वर्ग फुट क्षेत्र में स्थापित 'म्यूजियम ऑफ अल्कोहल' काजू से बनी राज्य की प्रसिद्ध शराब 'फेनी' के अतीत और वर्तमान की एक झलक प्रदान करता है। संग्रहालय के अंदर चार कमरों में मिट्टी के विभिन्न पुराने बर्तन, फेनी परोसते समय उपयोग किए जाने वाले 16वीं शताब्दी के माप उपकरण, प्राचीन लकड़ी का एक पात्र, फेनी की मादकता क्षमता मापने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक मापक और रूस से लाया गया एक दुर्लभ क्रिस्टल ऑस्ट्रेलियाई बियर गिलास समेत विश्वभर से एकत्रित कई दुर्लभ चीजें प्रदर्शन के लिए रखी गई हैं।कुडचाडकर ने कहा, ''संग्रहालय एक व्यस्त सड़क पर स्थित है, जहां मैं अपना कोई भी उपक्रम लगाकर पैसा कमा सकता था, लेकिन,मैंने इस परियोजना को यहां लगाने के बारे में सोचा क्योंकि मैं लोगों को हमारी समृद्ध विरासत दिखाना चाहता था।'' उन्होंने कहा कि वे इस दीर्घा के माध्यम से लोगों को शराब पीने के लिए प्रोत्साहित नहीं कर रहे हैं।
- चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने रविवार को राज्य मंत्रिपरिषद का पहला विस्तार कर 15 कैबिनेट मंत्रियों को शामिल किया, जिसमें सात नए चेहरे हैं। राज्य में पांच महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस कवायद से सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। चन्नी के मंत्रिपरिषद में रणदीप सिंह नाभा, राजकुमार वेरका, संगत सिंह गिलजियां, परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और गुरकीरत सिंह कोटली नए चेहरे हैं। राणा गुरजीत सिंह ने 2018 में अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद वापसी की है। पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में मंत्री रहे ब्रह्म मोहिंद्रा, मनप्रीत सिंह बादल, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु को फिर से मंत्रिपरिषद में जगह दी गई है।प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू से लंबे समय तक टकराव के बाद अमरिंदर सिंह ने त्यागपत्र दे दिया था, जिसके बाद दलित समुदाय से आने वाले चन्नी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राणा गुरजीत सिंह, मोहिंद्रा और सिंगला अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं। हालांकि, पार्टी में असंतोष अभी खत्म होता नहीं दिख रहा है। अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रहे राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, साधु सिंह धर्मसोत, बलबीर सिंह सिद्धू, गुरप्रीत सिंह कांगड़ और सुंदर शाम अरोड़ा को नए मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिली। मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह से कुछ घंटे पहले, बलबीर सिंह सिद्धू और गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन किया, जहां उन्होंने मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं करने के फैसले पर सवाल उठाया। बलबीर सिद्धू ने भरे गले से पूछा, ‘‘मेरा क्या कसूर है?'' जबकि कांगड़ ने भी यही सवाल किया। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि जिन्हें मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिली है उन्हें सरकारी संस्थाओं और संगठन में स्थान दिया जाएगा। रावत ने कहा कि यह कवायद युवा चेहरों को लाने और सामाजिक तथा क्षेत्रीय संतुलन बनाने के लिए किया गया है। उपमुख्यमंत्री बनाए गए सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने सोमवार को शपथ ली थी। पंजाब में मुख्यमंत्री समेत कुल 18 विधायक मंत्रिपरिषद में शामिल हो सकते हैं और अब एक पद भी रिक्त नहीं है। इससे पहले, राज्य के कांग्रेस नेताओं के एक वर्ग ने पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख सिद्धू को पूर्व मंत्री राणा गुरजीत सिंह को शामिल किए जाने के खिलाफ पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि वह ‘‘भ्रष्ट और दागी'' हैं। नेताओं ने यह भी मांग की थी कि इसके बजाय दलित वर्ग के ‘बेदाग' छवि के किसी नेता को मंत्री बनाया जा सकता है। पत्र की प्रति मुख्यमंत्री को भी भेजी गई। राणा गुरजीत सिंह को रेत खनन अनुबंधों की नीलामी में अनियमितता के आरोपों पर विपक्ष की आलोचना के बाद 2018 में मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। उस समय गुरजीत सिंह के पास सिंचाई और बिजली विभाग थे।
- सहारनपुर। उतर प्रदेश के सहारनपुर जिले में ट्रैक्टर ट्रॉली से घर लौट रहे एक ग्रामीण की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी, देहात) अतुल शर्मा ने बताया कि थाना बिहारीगढ़ के अन्तर्गत ग्राम थापुल निवासी सादिक राव रविवार सुबह सहारनपुर मण्डी में लकड़ी बेचकर टैक्ट्रर ट्रॉली से गांव लौट रहे थे। लेकिन राजमार्ग पर पुल पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने सादिक की टैक्ट्रर ट्रॉली को टक्कर मार दी जिससे वह नियन्त्रण खो बैठे और सड़क पर गिर गए जबकि उनका वाहन नीचे खाई में जा गिरा। घटना में पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सादिक की मौके पर ही मौत हो गई। शर्मा ने बताया कि राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचित किया।
- तिरुवनंतपुरम। केरल के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के वी राजगोपालन नायर का आयु संबंधी बीमारियों के कारण रविवार को यहां उनके आवास पर निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और बेटी है। वर्ष 1962 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी नायर 30 अप्रैल, 1995 से 30 जून, 1996 तक डीजीपी रहे। उन्होंने सतर्कता और जेल विभागों के प्रमुख के रूप में भी सेवाएं दी थीं। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पूर्व डीजीपी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार के तहत रविवार को कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रह चुके जितिन प्रसाद समेत सात मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन के गांधी सभागार में आयोजित एक सादे समारोह में जितिन प्रसाद, पलटू राम, धर्मवीर प्रजापति, छत्रपाल गंगवार, संगीता बलवंत, संजीव कुमार गौड़ और दिनेश खटिक को मंत्री पद की शपथ दिलाई। प्रसाद को कैबिनेट मंत्री जबकि अन्य को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी। पूर्व में केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री रह चुके जितिन प्रसाद हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए थे। उन्हें राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के तहत मंत्री पद दिया जाना तय माना जा रहा था। राज्य मंत्री बनाये गये छत्रपाल सिंह गंगवार बरेली की बहेड़ी सीट से विधायक हैं। वहीं, पलटू राम बलरामपुर सीट से, संगीता बलवंत गाजीपुर सीट से, संजीव कुमार सोनभद्र जिले के ओबरा क्षेत्र से और दिनेश खटिक मेरठ के हस्तिनापुर से विधायक हैं, जबकि आगरा के धर्मवीर सिंह प्रजापति विधान परिषद सदस्य हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार ऐसे समय किया गया है जब राज्य के विधानसभा चुनाव में बमुश्किल पांच महीने रह गए हैं। इस मंत्रिमंडल विस्तार से पहले प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री समेत 23 कैबिनेट मंत्री, नौ स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 21 राज्य मंत्री थे। राज्य विधानसभा में सदस्यों की संख्या 403 है, ऐसे में नियमानुसार 60 मंत्री बनाये जा सकते हैं लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार से पूर्व सिर्फ 53 मंत्री थे और सात पद खाली थे जिन्हें आज भरा गया।
- पालघर। महाराष्ट्र के पालघर में कुछ बैंकों के एटीएम केंद्रों में ग्राहकों को कथित रूप से ठगने के आरोप में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एटीएम केंद्रों में बैंक ग्राहकों की मदद करने की आड़ में डेबिट/क्रेडिट कार्ड चुरा लिये जाने की शिकायतें मिलने के बाद मीरा भयंदर वसाई विरार पुलिस ने अपराधियों की तलाश शुरू की।अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद बधाक ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी परवेज अकबर अली शेख (31) और आरोपी शंकर रंगनाथ सुराडकर (37) को पड़ोसी ठाणे जिले से गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से एक कार एवं दो मोबाइल फोन जब्त किये। उन्होंने बताया कि ये दोनों पालघर के विरार एवं नालासोपारा इलाकों में एटीएम केंद्रों में ग्राहकों को ठगने तथा उनके डेबिट कार्ड चुरा लेने में कथित रूप से शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि वे राज्य के अन्य भागों में भी ऐसा ही अपराध करते थे।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि नये अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में लंबे समय से व्याप्त क्षेत्रीय असंतुलन को ठीक करेंगे। गडकरी ने साथ ही कहा कि एम्स की संख्या दोगुनी करने से लोगों की आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री एम्स, नागपुर के तीसरा स्थापना दिवस पर आयोजित एक डिजिटल कार्यक्रम में बोल रहे थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार भी शामिल थीं। एक बयान में गडकरी के हवाले से कहा गया, ‘‘विदर्भ क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, नागपुर में एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना के साथ, मध्य भारत के सभी सीमावर्ती राज्यों के रोगियों को सस्ती और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इन सुविधाओं का लाभ न केवल शहरों बल्कि हमारे क्षेत्र के दूरदराज के गांवों के लोगों तक भी पहुंचे।'' बयान के अनुसार मंत्री ने कहा कि हाल ही में बनाए गए एम्स संस्थान लंबे समय से क्षेत्रीय असंतुलन को ठीक करने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान एम्स की संख्या को दोगुना करने से देश की आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा। पवार ने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि आजादी के इतने दशकों बाद भी देश में सिर्फ 6 एम्स बने। इसके बाद साल 2014 में सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हर राज्य में एम्स विकसित करने की नीति विकसित की।'' पवार ने मेडिकल छात्रों और समुदाय को सलाह दी कि चिकित्सा उपचार की तरह रोगियों की भावनात्मक देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सहानुभूति के साथ रोगी की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना और उन्हें इसके लिए प्रोत्साहित करने से समग्र रोगी अनुभव महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि एम्स, नागपुर सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य पहलों के प्रभावी कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर संस्थान की पत्रिका "अभिज्ञानम" के शुरुआती अंक का भी विमोचन किया गया।
- भुवनेश्वर। ‘गुलाब' चक्रवात के प्रभाव से ओड़िशा के दक्षिण एवं तटीय क्षेत्रों में रविवार को वर्षा शुरू हो गयी। इस चक्रवात के ओड़िशा के गोपालपुर एवं आंध्रप्रदेश के कलिंगपटनम के बीच करीब आधी रात को तट से टकराने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि ओड़िशा में चार महीने में आने वाला यह दूसरा चक्रवात है। इसका केंद्र गोपालपुर के दक्षिणपूर्व में करीब 140 किलोमीटर की दूरी तथा कलिंगपटनम के पूर्व-उत्तर पूर्व में करीब 190 किलोमीटर की दूरी पर है। आईएमडी ने ‘लाल संदेश' (बहुत अधिक वर्षा का संदेश) जारी करते हुए कहा, ‘ इसके पश्चिम की ओर बढ़ने तथा उत्तरी आंध्रप्रदेश एवं दक्षिण ओड़िशा तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान 75-85 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 95 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तूफान चल सकता है। रविवार देर शाम यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।'' उसने बताया कि फिलहाल उसकी रफ्तार 18 किलोमीटर प्रति घंटा है।ओड़िशा सरकार ने पहले ही बचाव एवं राहत कर्मियों एवं मशीनरी को तैयार कर लिया है एवं राज्य के दक्षिण हिस्से के सात चिह्नित जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। विशेष राहत आयुक्त पी के जेना ने बताया कि ओड़िशा आपदा त्वरित कार्यबल की 42 टीमों, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 24 दस्तों तथा अग्निशमन कर्मियों की 102 टीमों को गजपति, गंजाम, रायगढ़, कोरापुट, मलकानगिरि, नबरंगपुर और कंधमाल जिलों में भेजा गया है। जेना ने कहा कि गंजाम पर चक्रवात की सबसे अधिक मार पड़ने की आशंका है, इसलिए अकेले उस क्षेत्र में 15 बचाव दल भेजे गये हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा अग्निशमन सेवा की 11 इकाइयों, ओड़िशा आपदा त्वरित कार्यबल के छह दलों तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के आठ दलों को आपात स्थिति के लिए तैयार स्थिति में रखा गया है। अगले तीन दिन तक ओड़िशा, पश्चिम बंगाल एवं आंध्रप्रदेश से सटे समुद्र में बहुत खराब स्थिति रहेगी। ऐसे में मछुआरों को बंगाल की खाड़ी एवं अंडमान सागर में नहीं जाने को कहा गया है।
- नई दिल्ली।प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह शौचालयों के निर्माण से गरीबों की गरिमा बढ़ी है उसी तरह आर्थिक स्वच्छता गरीबों के अधिकार करे सुनिश्चित बनाती है और उनका जीवन आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि जन-धन खाते खोलने का जो अभियान चलाया गया है उससे गरीबों को मिलने वाली राशि सीधे उनके खाते में जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार काफी कम हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी ने भी इसमें बड़ी भूमिका निभाई है। डिजिटल लेन-देन से पारदर्शिता बढी है और लोगों का जीवन आसान हुआ है।श्री मोदी ने कहा कि आजादी के 75वें साल में जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो इससे संतोष होता है कि हमारी युवा पीढी खादी को गौरव दे रही है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे 2 अक्टूबर को बापू की जयंती पर और त्यौहारों के मौसम में खादी तथा कुटीर उद्योगों के उत्पाद खरीदकर नया रिकार्ड बनाएं।प्रधानमंत्री ने हाल में आठ दिव्यांग जनों की टीम द्वारा सियाचिन ग्लिेशियर की 15 हजार फुट से अधिक ऊंचाई पर कुमार पोस्ट पर अपना परचम लहराकर विश्व रिकार्ड बनाने की ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने दिव्यांग जनों के कल्याण के लिए उत्तर प्रदेश में बरेली की दीपमाला का भी जिक्र किया, जिन्होंने बड़ी संख्या में बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाया।
























.jpg)


.jpg)