- Home
- देश
-
आगरा (उप्र) । आगरा में हथियारबंद बदमाशों ने शनिवार देर रात एक चिकित्सक के घर में चोरी की और लाखों की नगदी, जेवर और कीमती सामान ले कर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आवास विकास के सेक्टर दो में रहने वाले रेडियोलॉजिस्ट डॉ.जसवंत राय की कोठी में पांच हथियारबंद बदमाश घुस आये। चिकित्सक ने बताया कि उनके घर पर छोटे भाई सुखवीर की पत्नी आई हुई थीं और सारे लोग हॉल में बैठकर खाना खा रहे थे तभी हथियारबंद घुस आये। बदमाशों ने तमंचे की बट से प्रहार कर डॉ.राय को घायल कर दिया। डॉ राय की पत्नी डॉ.सुनीता जिला महिला चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। चिकित्सक ने बताया कि बदमाशों ने उनके मुंह और हाथ पैरों को टेप से बांध दिया और उनकी पत्नी से अलमारियां खुलवायीं, उनमें रखे आठ लाख रूपये तथा जेवरात लूट कर भाग गये। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि बदमाशों को पकड़ने के लिए थाना पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं।
-
मुंबई। बिना किसी चिकित्सकीय योग्यता के चिकित्सक के रूप में काम करने के आरोप में दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया। इनमें से दो आरोपियों ने केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। मुंबई अपराध शाखा के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने शनिवार को शहर के घाटकोपर में तीन क्लीनिक पर छापा मारा और भरत महस्के (46), नीलम सीताराम पासी (38) और सूरज रामजी सरोज (23) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया, ‘‘महस्के और सरोज ने केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है, लेकिन एक चिकित्सक के यहां कंपाउंडर के रूप में काम किया था। पासी का कहना है कि वह मेडिकल द्वितीय वर्ष की छात्रा है, लेकिन उसके दावों की पुष्टि की जा रही है।'' अधिकारी ने कहा कि तीनों को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल एक्ट के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
- चंडीगढ़। चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके साथ डिप्टी सीएम के तौर पर सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने भी शपथ ली। पंजाब में पहली बार 2 डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह 11 बजे होना था लेकिन राहुल गांधी के इंतजार में 22 मिनट की देरी हुई। इसके बाद शपथ ग्रहण शुरु कराया गया।पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे। चरणजीत चन्नी अब पंजाब के इतिहास में पहले दलित मुख्यमंत्री बन गए हैं। वहीं, जट्ट सिख कम्युनिटी से सुखजिंदर सिंह रंधावा और हिंदू नेता के तौर पर ओपी सोनी को डिप्टी सीएम बनाया गया है। चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ लेने के बाद अब पंजाब के नए मंत्रिमंडल पर नजर रहेगी।
- मोतिहारी। बिहार की पूर्वी चंपारण जिला पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सामानों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय शटरकटवा गिरोह के दो सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने रविवार को बताया कि समीर शाह एवं सलमान शाह, पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनकी पहचान शटरकटवा गिरोह ‘‘चादर गिरोह'' के चेलवा-बेलवा के रुप में की गई। उन्होंने कहा कि इस गिरोह ने दिल्ली, रांची, बनारस, पटना, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तराखंड, राजस्थान, आगरा, झांसी, नागपुर, गुजरात, मथुरा, जयपुर, अलवर, तेलंगाना आदि जगहों पर विभिन्न वारदातों को अंजाम दिया है। झा ने कहा कि नागपुर में इस गिरोह ने हाल में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इनके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में करीब पचास मामले दर्ज हैं तथा ये कई बार जेल भी जा चुके हैं। झा ने कहा कि घोड़ासहन पुलिस ने वाहन जांच के दौरान शनिवार को वालान चौक के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार इन लोगों को तीन किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था। इनके पास से दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी थी । झा ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी की सूचना अन्य राज्यों की पुलिस को दी जाएगी।
- गुवाहाटी। केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने रविवार को कहा कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने आने वाले सालों में असम से 10 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यहां भाजपा के राज्य मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए चौबे ने कहा कि वर्ष 2010 से 2014 के बीच जब संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) की केंद्र में सरकार थी तब असम से 47 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद एफसीआई के जरिये की गई। उन्होंने दावा किया कि असम में धान खरीद में वृद्धि वर्ष 2014 में राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकार आने के बाद हुई और मौजूदा वित्तवर्ष में राज्य के किसानों से दो लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जाएगी। उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं जनवितरण मंत्रालय में राज्यमंत्री चौबे ने कहा,‘‘ राज्य सरकार और संबंधित विभागों की मदद से आने वाले सालों में यह आंकड़ा बढ़कर 10 लाख मीट्रिक टन हो जाएगा।'' उन्होंने कहा कि राज्य में राशन कार्ड को आधार से जोड़ने का काम पूरा होने के करीब है। चौबे ने कहा कि केंद्र असम को देश में आदर्श राज्य के तौर पर विकसित करने को लेकर प्रतिबद्ध है।
- ईटानगर। अरूणाचल प्रदेश में दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बालीपारा-चारदुआर-तवांग (बीसीटी) मार्ग पर 20 से ज्यादा स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे गाड़ियों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित हुई है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी ने रविवार को बताया कि भूस्खलन में कोई हताहत नहीं हुआ है। ये घटनाएं शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश के बाद वेस्ट कामेंग जिले में हुई है। बीआरओ के अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन की वजह से सेसा और नेचिफू क्षेत्रों के बीच सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिस वजह से दोनों तरफ बड़ी संख्या में यात्री फंसे हुए हैं। बीआरओ के कमांडर कर्नल अनिल कोटियाल ने बताया कि भूस्खलन की सूचना मिलने पर संगठन ने कर्मियों और मशीनरी को काम पर लगा दिया है और मलबा हटाकर तथा सड़क की मरम्मरत करके संपर्क बहाल करने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि फंसे हुए वाहन शनिवार रात से प्रभावित इलाकों से जाने लगे, जबकि मरम्मत का काम रविवार तक जारी रहा। बीसीटी रोड तीन जिलों - ईस्ट कामेंग, वेस्ट कामेंग और तवांग को जोड़ती है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली का कारागार विभाग जल्द ही नयी पहल के तहत तिहाड़ जेल में बंद कैदियों को विभिन्न तरह के खेलों का पेशेवर प्रशिक्षण देगा। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी। जेल अधिकारियों ने बताया कि छत्रसाल स्टेडियम में मारपीट में एक पहलवान की मौत मामले में गिरफ्तार दो बार के ओलंपिक पदक विजेता आरोपी सुशील कुमार को भी इन गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी, अगर वह रुचि दिखाते हैं। एक वरिष्ठ जेल अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी सुशील कुमार ने कुश्ती में प्रशिक्षित हैं, लेकिन नयी पहल के तहत आयोजित किए जाने वाले खेलों जैसे बैडमिंटन, वॉलीबॉल में रुचि दिखाते हैं तो उन्हें उन खेल गतिविधियों में प्रतिभागी के तौर पर शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।'' जेल अधिकारी ने कहा कि यह पहली बार होगा जब तिहाड़ जेल के कैदियों को कोच (प्रशिक्षक)की मदद से अधिक पेशेवर और वैज्ञानिक तरीकों से खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत छह खेलों-खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज और कैरम- का प्रशिक्षण दिया जाएगा और इसे नैगमिक समाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) प्रायोजित करेगा। जेल प्रशासन के मुताबिक आईओसीएल सप्ताह में दो बार इन खेलों के पेशेवर कोच को कैदियों के प्रशिक्षण के लिए तिहाड़ जेल भेजेगा। वरिष्ठ जेल अधिकारी ने बताया कि कंपनी ही इन खेलों के आवश्यक उपकरण और प्रत्येक खेल में 20 कैदियों के लिए जर्सी मुहैया कराएगी। दिल्ली के पुलिस महानिदेशक (कारावास) संदीप गोयल ने कहा कि आईओसीएल की साझेदारी में जल्द कैदी विभिन्न खेलों में पेशेवर कोच से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी गतिविधियों से कारागार में सकारात्मक और स्वस्थ माहौल बनाने में मदद मिलेगी। इससे कैदियों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ने में मदद मिलेगी और इससे भी महत्वपूर्ण है कि इससे उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में मदद मिलेगी।'' जेल अधिकारियों ने कहा कि रुचि रखने वाले या पहले ही प्रशिक्षित कैदी पेशेवर कोच से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे ताकि वे अन्य कैदियों को भी इन खेलों से जोड़ सकें। उन्होंने बताया कि तिहाड़ में छह नंबर की जेल में बंद महिला कैदियों को बैडमिंटन, शतरंज और कैरम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि इससे कैदियों को सालाना होने वाली अंतर जेल खेल प्रतियोगिता में प्रदर्शन सुधारने में भी मदद मिलेगी। जेल अधिकारियों ने बताया कि निकट भविष्य में पेशेवर खेल गतिविधि की शुरुआत रोहिणी और मंडोली की जेलों में भी की जाएगी। जेल अधिकारियों ने बताया कि करीब एक महीने में तिहाड़, रोहिणी और मंडोली जेलों के कैदियों और कर्मचारियों में कोविड-19 का कोई नया मामला नहीं आया है।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद शासन ने शारदीय नवरात्रि, विजयादशमी, रामलीला मंचन और चेहल्लुम को लेकर कोविड-19 प्रोटोकाल, कानून व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए गाइडलाइन जारी की है। पर्वों के अवसर पर कोविड-19 महामारी की रोकथाम हेतु दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा है कि दुर्गा पूजा पंडाल और रामलीला मंच के स्थापना की अनुमति प्रदान करते समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि सार्वजनिक आवागमन प्रभावित न हो। मूर्तियों की स्थापना पारंपरिक परंतु खाली स्थान पर की जाए, उनका आकार यथासंभव छोटा रखा जाए। मैदान की क्षमता से अधिक लोग न रहें। मूर्तियों के विसर्जन में यथासंभव छोटे वाहनों का प्रयोग किया जाए और मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में न्यूनतम व्यक्ति ही शामिल हो। मूर्ति विसर्जन के समय निर्धारित सीमा से अधिक लोग न हों और शारीरिक दूरी व मास्क पहनने के नियमों का पालन अवश्य किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी धार्मिक स्थल पर क्षमता से अधिक लोगों की भीड़ एकत्र न होने पाए।जारी निर्देशों में कहा गया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि यातायात कदापि बाधित न हो और बैरियर व पुलिस चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कराई जाए। इसके साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। साथ ही जन सुविधाएं जैसे बिजली पेयजल एवं साफ सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है। जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि इस अवसर पर सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।सुरक्षा व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न होने पाए। संवेदनशील क्षेत्रों व अन्य स्थानों पर भी मोबाइल पेट्रोलिंग कराई जाए। शासन ने चेहल्लुम के अवसर पर कानून व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए और कोविड-19 महामारी के प्रभाव को कम करने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन से यह भी अपेक्षा की गई है कि अनुमति इस शर्त के साथ दी जाए कि कोविड-19 प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन किया जाए।
- भुवनेश्वर । ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में रविवार को भारी बारिश के बीच खुले नाले में गिरने के बाद 15 वर्षीय एक किशोर लापता हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं का छात्र ज्योतिर्मय बेहेरा सिरिपुर में शताब्दी नगर बैंक कॉलोनी की गली नंबर सात के निकट एक नाले में गिर गया। पुलिस के अनुसार किशोर के परिवार ने बताया कि ज्योतिर्मय घर से साइकिल से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकला था। परिवार के एक सदस्य ने कहा,‘‘ हम नहीं बता सकते कि वह नाले में कैसे गिरा लेकिन वहां मौजूद लोगों ने बताया कि वह साइकिल से गिर पड़ा और फिलसते हुए नाले में जा गिरा।'' पुलिस ने बताया कि किशोर की साइकिल और चप्पलें बरामद कर ली गई हैं, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकलकर्मी किशोर की तलाश कर रहे हैं।
- नयी दिल्ली। वाद्ययंत्र ‘सरोद' को दुनिया में पहचान दिलाने का श्रेय उस्ताद अमजद अली खान को जाता है, लेकिन भारत के सबसे प्रसिद्ध संगीतकारों में शामिल संगीतकार का कहना है कि उनका पहला प्यार तार वाला यह वाद्ययंत्र नहीं, बल्कि ‘‘तबला'' है। खान ने ‘संसद टीवी' पर लोकसभा सदस्य शशि थरूर को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि वह बचपन में तबला के प्रति इतने आकर्षित हो गये थे कि इससे चिंतित होकर उनके पिता ने कुछ महीनों के लिए उनसे संगीत वाद्ययंत्र छिपा दिया। खान ने कहा, ‘‘तबला मेरा पहला प्यार है। बचपन में मैं इसकी ओर आकर्षित हुआ। इससे मेरे पिता इतने चिंतित हो गए कि कुछ महीनों तक वाद्ययंत्र को मुझसे छिपा दिया। लेकिन तबला के हर वादक के लिए लय, ताल को समझना बहुत जरूरी है। मैं कई युवा तबला वादकों को भी प्रोत्साहित करता हूं, वे गुमनाम लेकिन प्रतिभाशाली लोग हैं।'' यह पूछे जाने पर कि संगीत का क्षेत्र क्यों चुना, सरोद वादक ने कहा, ‘‘हर इंसान ध्वनि और लय के साथ पैदा होता है, कुछ को एहसास होता है और कुछ को एहसास नहीं होता है।'' खान ने कहा, ‘‘सुर और ताल की अपनी दुनिया है। स्वाभाविक रूप से लोग सुर की दुनिया में अधिक व्यस्त हैं। मैं सुर की दुनिया को समझ नहीं पाया... इसलिए भगवान का शुक्र है कि मैं ताल की दुनिया में रहता हूं क्योंकि ताल के माध्यम से मैं हेरफेर नहीं कर सकता। अगर मैं सुर से बाहर होता हूं तो आपको पता चल जाएगा, यह इतना पारदर्शी होता है।'' सरोद वादक हाफिज अली खान के घर जन्मे अमजद अली खान, सेनिया बंगश स्कूल की छठी पीढ़ी हैं और 1960 के दशक से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। संगीतकारों के परिवार में जन्म लेने के लिए खुद को ‘‘बहुत भाग्यशाली'' बताते हुए 75 वर्षीय अमजद अली खान ने कहा कि वह पंडित रविशंकर, उस्ताद अल्ला राखा, उस्ताद अलाउद्दीन खान, पंडित भीमसेन जोशी और पंडित कुमार गंधर्व सहित सभी बड़े नामों को सलाम करते हैं, जिन्होंने अपनी बदौलत संगीत के क्षेत्र में पहचान बनाई।
- चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस विधायक दल के नये नेता चुने गए चरणजीत सिंह चन्नी सोमवार सुबह 11 बजे राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद चन्नी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अपना दावा पेश किया। राज्यपाल महोदय ने 11 बजे शपथग्रहण का समय दिया।'' चन्नी को रविवार को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया और अब वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
- बाराबंकी (उप्र) । उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र में रविवार को गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने गए पांच लोग कल्याणी नदी में डूब गए। हादसे के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पीएसी की बाढ़ नियंत्रण टीम और पांच गोताखोर लोगों की तलाश में जुट गए और उन्होंने एक महिला का शव बरामद कर लिया है तथा बाकी लोगों की तलाश जारी है। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि मसौली थाने के सआदतगंज कस्बे के नारायण धर पांडेय ने घर में गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। रविवार को वह परिजन व पड़ोसियों के साथ प्रतिमा को कल्याणी नदी में विसर्जित करने जा रहे थे। प्रसाद ने बताया कि बारिश के कारण कल्याणी नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और इस कारण प्रतिमा के साथ नारायण धर पांडेय (58) व धर्मेंद्र कश्यप (20) अचानक नदी में बह गए। इसके बाद अफरातफरी मच गई और तभी गांव का ही सूरज पानी में डूबने लगा, छोटे भाई सूरज को बचाने के क्रम में नीलेश पटवा (35) और उनकी मां मुन्नी देवी भी डूबने लगीं। हादसे में कुल पांच लोग नदी में बह गये। उन्होंने बताया कि 62 वर्षीय मुन्नी देवी का शव बरामद कर लिया गया है।
- पारादीप। ओडिशा में महानदी के तेज प्रवाह के कारण रविवार को एक नौका के पलट जाने से उसमें सवार दो मछुआरों के डूबने का अंदेशा है जबकि पांच अन्य को बचा लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तब हुआ, जब सात मछुआरे गहरे समंदर से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि नाव ‘मा रामचंदी-98' का ऊंची लहरों से टकरा कर संतुलन बिगड़ गया और यह पारादीप के पास महानदी के मुहाने पर पलट गई। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि दो मछुआरे लापता हैं, जो पारादीप के संधाकुड के रहने वाले हैं जबकि अन्य नौका पर सवार मछुआरों ने पांच अन्य को बचा लिया। तटरक्षक बल के कर्मियों और अन्य नौकाओं के मछुआरों ने लापता लोगों को ढूंढने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है।-file photo
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उन उपहारों और स्मृति चिह्नों की नीलामी में भाग लेने का लोगों से आग्रह किया, जो उन्हें बीते वर्षों में मिले हैं। मोदी ने कहा कि इससे होने वाली आय 'नमामि गंगे' पहल में उपयोग की जाएगी। संस्कृति मंत्रालय द्वारा की जा रही ई-नीलामी में अधिकतम बोलियां भारत के ओलंपिक और पैरालंपिक सितारों के खेल उपकरणों के लिए लग रही हैं, जिनमें कृष्णा नागर और सुहास एल यथिराज के बैडमिंटन रैकेट, नीरज चोपड़ा का भाला और लवलीना बोरगोहेन के दस्ताने शामिल हैं। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘बीते वर्षों में मुझे कई उपहार और स्मृति चिह्न मिले हैं जिनकी नीलामी की जा रही है। इसमें हमारे ओलंपिक नायकों द्वारा दिए गए विशेष स्मृति चिह्न भी शामिल हैं। नीलामी में भाग लें।'' उन्होंने कहा कि इस नीलामी से होने वाली आय 'नमामि गंगे' पहल में इस्तेमाल की जाएगी। नमामि गंगे मिशन का उद्देश्य गंगा नदी का संरक्षण और कायाकल्प करना है।
- नयी दिल्ली । बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में अशिक्षित और बुजुर्ग लोगों को एटीएम से नकदी निकालने में मदद करने का झांसा देकर कथित रूप से धोखाधड़ी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों की पहचान सुल्तानपुरी के रहने वाले सुमित (28) और रोहित (19) के रूप में हुई है। उनके पास से 16 एटीएम कार्ड और एक स्वाइप मशीन भी बरामद की गयी है। पुलिस को निहाल विहार में रहने वाले 65 वर्षीय व्यक्ति ने चार सितंबर को शिकायत में बताया कि वह 27 अगस्त को पैसे निकालने के लिए अपने घर के पास एक एटीएम बूथ पर गया था। बुजुर्ग ने कहा कि एटीएम बूथ के पास एक व्यक्ति ने उसकी मदद करने का प्रस्ताव दिया। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी ने बुजुर्ग का एटीएम कार्ड मशीन में डाला और यह कहकर वापस लौटा दिया कि कार्ड में कुछ तकनीकी गड़बड़ी होने के कारण रुपये नहीं निकाले जा सकते। बुजुर्ग व्यक्ति जब अपने घर वापस लौटा तो उसने देखा कि आरोपी ने उसे किसी अन्य व्यक्ति का एटीएम कार्ड दे दिया है। बुजुर्ग ने जब अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि उसके खाते से अवैध रूप से 33,923 रुपये निकाल लिए गए हैं। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह ने कहा, “हमने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें निहाल विहार इलाके से गिरफ्तार किया गया।” पुलिस उपायुक्त ने कहा, “पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने एटीएम बूथों में मदद करने के बहाने अशिक्षित या बुजुर्ग व्यक्तियों को निशाना बनाया और पिन जानने के बाद उनके कार्ड को बदला और बाद में निकासी की।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार से कोविड-19 के दृष्टिगत नषिद्ध क्षेत्र के बाहर गतिविधियां करने संबंधी नियमों में ढील दी है जिसमें एक समय में एक स्थान पर 100 व्यक्तियों को कोविड-प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी गई है, अब तक 50 लोगों को एक समय में एक स्थान पर कार्यक्रम करने की अनुमति थी। राज्य में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित एक पत्र में अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने कहा, “बंद या खुले स्थानों पर एक समय में अधिकतम 100 व्यक्तियों को कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार अनुमति होगी। कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना प्रवेश द्वार पर की जाएगी।'' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि आयोजन या समारोह स्थलों पर आमंत्रित अतिथियों के बैठने की व्यवस्था में दो गज की दूरी के प्रोटोकॉल का पूर्णत: पालन किया जाएगा। इससे पहले इसी वर्ष के 19 जून के सरकारी आदेश के अनुसार अधिकतम 50 व्यक्तियों को खुले या बंद स्थानों पर एक साथ, एक समय में इकट्ठा होने की अनुमति थी। ताजा आदेश में कहा गया है कि शौचालयों में पर्याप्त साफ-सफाई और सेनेटाइजेशन की समुचित व्यवस्था रखनी होगी।
- बीजिंग। दक्षिण-पश्चिम चीन के गुइझोउ प्रांत की एक नदी में एक नौका पलटने से उसमें सवार कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी और छह अन्य लापता हैं। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ' ने रविवार को खबर दी कि यह दुर्घटना शनिवार को लियुपनशुई शहर की जांग्के नदी में स्थानीय समयानुसार शाम चार बजकर 50 मिनट पर हुई। इस नौका में 40 यात्रियों के बैठने की क्षमता थी। प्राधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि नौका में कितने लोग सवार थे जिनमें से अधिकतर विद्यार्थी थे। अभी तक नौ शव बरामद किए गए हैं। नवीनतम प्राप्त जानकारी के मुताबिक नदी से 40 लोगों को बचाया गया। शिन्हुआ के मुताबिक बचाव अभियान में 17 टीमों और 50 नौकाओं को लगाया गया है। इसके साथ ही हादसे की वजहों का भी पता लगाया जा रहा है।
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कहा कि उनकी आगामी फिल्म “मिशन मजनूं” में रॉ एजेंट की उनकी भूमिका में पारंपरिक एक्शन के अलावा भी दर्शकों के लिये बहुत कुछ है। यह फिल्म विज्ञापन फिल्म निर्माता शांतनु बागची के निर्देशन में पहली फिल्म है और इसका निर्माण आरएसवीपी के रोनी स्क्रूवाला और अमर बुटाला व गरिमा मेहता (एसोसिएशन मीडिया द्वारा दोषी) ने किया है। निर्माताओं के मुताबिक, “मिशन मजनूं” 1970 के दशक में हुई वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और पाकिस्तान के अंदर भारत के सबसे साहसिक मिशन की कहानी है जिसने दोनों राष्ट्रों के बीच रिश्तों को बदल कर रख दिया था। ‘शेरशाह' में अपने अभिनय के लिए आलोचकों की सराहना बटोरने वाले कलाकार ने कहा कि इस फिल्म ने उनके किरदार के कई आयाम नजर आएंगे। मल्होत्रा ने बताया, “यह फिल्म वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। यह रॉ के महत्वपूर्ण मिशन के बारे में है। यह एक्शन से ज्यादा थ्रिलर फिल्म है। यह पहली बार है जब मैं जासूसी एजेंट का किरदार निभा रहा हूं लेकिन यह जेम्स बॉन्ड के पात्र जैसा नहीं है।” दक्षिण फिल्मों की अभिनेत्री रश्मिका मंदाना भी इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं।
- पुरी। ओडिशा में पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर के दक्षिण-पूर्वी कोने में स्थित एमार मठ में खजाने की तलाश शुरू कर दी गयी है। मेटल डिटेक्टर से लैस पुरातत्वविदों की टीम 12वीं शताब्दी के मंदिर में दबे हुए खजाने की खोज कर रही हैं। मंदिर के उत्तर-पार्श्व मठ के महंत (प्रमुख) नारायण रामानुज दास के अनुरोध के बाद बृहस्पतिवार से ही खजाने की तलाश शुरू हो गयी है। रामानुज दास एमार मठ के प्रभारी भी हैं। मठ के अधिकारियों के साथ-साथ इतिहासकारों का भी यह मानना है कि मंदिर परिसर की जमीन के भीतर कीमती सामान का एक संग्रह दबा हुआ है। यह विश्वास कि एक गुप्त कोष को भूमिगत रूप से दबाया गया है, पहले मिले दो खजानों की खोज से और भी मजबूत हुआ है। गौरतलब है कि 2011 में पुलिस को मठ के अंदर 18 टन वजनी चांदी की 522 सिल्लियों का खजाना मिला था, जिसकी कीमत उस समय लगभग 90 करोड़ रुपये थी। इससे पहले इस साल अप्रैल में मठ के अंदर लगभग 35 किलोग्राम वजन की चांदी की 45 और सिल्लियां मिली थीं। एमार मठ से चांदी की सिल्लियों के अलावा चांदी का पेड़ और चांदी के फूल, लगभग 16 प्राचीन तलवारें और गाय की कांसे की एक मूर्ति भी बरामद की गई थी। इस मठ की स्थापना रामानुजाचार्य ने 1050 ईसवीं में की थी, जब वह पुरी आए थे। राज्य पुरातत्व विभाग की एक विशेष टीम ने श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के अधिकारियों, पुरी के जिलाधिकारी समर्थ वर्मा, पुरी के पुलिस अधीक्षक के वी सिंह और एमार मठ के ट्रस्ट के सदस्यों की मौजूदगी में छिपे हुए खजाने का पता लगाने के लिए बृहस्पतिवार को एमार मठ के परिसर के अंदर तलाशी शुरू की। पुरी के उप-जिलाधिकारी भाबतरन साहू ने कहा, ‘‘अभी तक बृहस्पतिवार के निरीक्षण के दौरान कोई सामग्री नहीं मिली है। परिसर को स्कैन करने वाली तकनीकी टीम की रिपोर्ट पर हम उचित कार्रवाई करेंगे।'' मठ से पहले बरामद किए गए खजाने को अब पुरी में राज्य के खजाने में रखा गया है और सशस्त्र पुलिस द्वारा उसकी सुरक्षा की जाती है। रामानुजाचार्य द्वारा पुरी में रामानुज संप्रदाय से संबंधित 18 मठों की स्थापना की गई थी। ये सभी मठ श्री जगन्नाथ मंदिर से जुड़े हुए हैं और मंदिर से जुड़े अनुष्ठानों में शामिल होते हैं। उत्तर-पार्श्व मठ के महंत नारायण रामानुज दास की अध्यक्षता में चार सदस्यीय एक ट्रस्ट निकाय ने शुक्रवार को एमार मठ को अपने कब्जे में ले लिया था, और सभी क़ीमती सामान की सूची एक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बनाई गई थी। नारायण रामानुज दास ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार की मेटल डिटेक्टर खोज ने कुछ संकेत दिया है। लेकिन, हम यह नहीं कह सकते कि वे मूल्यवान धातु हैं या लोहा या कोई अन्य धातु। चूंकि मेटल डिटेक्टर जमीन की सतह के नीचे केवल डेढ़ फुट से दो फुट तक की सामग्री का ही पता लगा सकते हैं, इसलिए अब हमें एक बेहतर सर्वेक्षण की आवश्यकता है जोकि अधिक गहराई पर धातुओं का पता लगा सके।'
- बेंगलुरु। अंतरिक्ष विभाग ने भारतीय औद्योगिक साझेदारों के साथ मिलकर पीएसएलवी के अलावा दो और रॉकेटों जीएसएलवी-एमके III और एसएसएलवी के संपूर्ण उत्पादन की योजना बनाई है। विभाग के वाणिज्यिक अंग एनएसआईएल के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) को पीएसएलवी (ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान) के संपूर्ण निर्माण के लिये जारी उसके प्रस्ताव अनुरोध (आरएफपी) के जवाब में तीन आवेदन मिले हैं। ये आवेदन एचएएल-एलएंडटी, बीईएल-अडानी-बीईएमएल और बीएचईएल ने दाखिल किये हैं। एनएसआईएल के अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक राधाकृष्णन डी ने यहां बताया, ''अभी हम (तीनों आवेदनों के संबंध में) तकनीकी-वाणिज्यिक मूल्यांकन की प्रक्रिया में हैं।'' उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया अगले दो महीनों के भीतर पूरी हो जाएगी, जिसमें किसी एक बोली लगाने वाले को अनुबंध मिल जाएगा। राधाकृष्णन ने कहा , ''संपूर्ण पीएसएलवी का उत्पादन करने के लिए बोलीदाता के चयन के तुरंत बाद, एनएसआईएल एक अन्य परिचालन रॉकेट जीएसएलवी-एमके III (जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल) के संपूर्ण उत्पादन के लिए अभिरुचि पत्र (ईओआई) जारी करेगा।'' उन्होंने कहा, ''मैं इस साल के अंत से पहले (जीएसएलवी-एमके III के लिए ईओआई जारी होने की) उम्मीद कर रहा हूं।'' एनएसआईएल ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा विकसित किए जा रहे एसएसएलवी (लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान) को इस साल के अंत तक भारतीय उद्योग भागीदारों के माध्यम से जारी करने की भी योजना बनाई है।
- नयी दिल्ली। देशभर में 3.7 लाख से अधिक साझा सेवा केंद्रों (सीएससी) में अब राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। इन सेवाओं में नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करना, ब्योरे का अद्यतन करना और उसे आधार से जोड़ना शामिल है। इस कदम से देशभर के 23.64 करोड़ राशन कार्डधारकों को लाभ होगा। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय की अधीनस्थ विशेष इकाई सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लि. के साथ करार किया है। इस करार का मकसद अर्द्धशहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में राशन की आपूर्ति को सुसंगत करना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करना है।देश में 3.7 लाख सीएससी के जरिये राशन कार्ड सेवाओं के लिए खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग तथा सीएससी ने सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। बयान में कहा गया है कि इस भागीदारी से देशभर के 23.64 करोड़ राशन कार्डधारकों को फायदा होगा। अब वे नजदीकी सीएससी केंद्र जाकर अपने कार्ड ब्योरे का अद्यतन कर सकेंगे, कार्ड की डुप्लिकेट प्रति हासिल कर सकेंगे, कार्ड को आधार से जोड़ सकेंगे, राशन की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।इसके अलावा मौजूदा राशन कार्डधारक यदि नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो वे भी नजदीकी सीएससी में जाकर आवेदन कर सकेंगे। सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया के प्रबंध निदेशक दिनेश त्यागी ने कहा, ‘‘खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के साथ हमारी भागदारी के बाद सीएससी का संचालन करने वाले हमारे ग्राम स्तर के उद्यमी (वीएलई) ऐसे लोगों तक पहुंच सकेंगे जिनके पास राशन कार्ड नहीं र्है। वे उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली और मुफ्त राशन की विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में मदद करेंगे।’’
- रामेश्वरम (तमिलनाडु)। तमिलनाडु वन विभाग और तटरक्षक ने लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य का समुद्री जीव (सी कुकंबर) बरामद किया है, जिसे तस्करी कर श्रीलंका ले जाये जाने की आशंका थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, गश्त लगाने के दौरान, यहां पम्बन के पास संदिग्ध रूप से जाती हुई एक नौका दिखाई पड़ी, जिसकी जानकारी तटरक्षक को दी गई।उन्होंने कहा कि जब तटरक्षक कर्मियों ने नाव की जांच की तो उस पर कोई व्यक्ति नहीं था और डेढ़ किलोग्राम का ‘सी कुकंबर’ बरामद किया गया। अधिकारियों ने कहा कि आगे की जांच जारी है। कीड़े की तरह दिखने वाले समुद्री जीव सी कुकुंबर की दक्षिण पूर्वी एशिया के साथ चीन में भी काफी डिमांड है। इनका इस्तेमाल भोजन और पारंपरिक दवाएं बनाने में किया जाता है। वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट 1972 के शेडयूल 1 के तहत सी कुकुंबर का व्यापार प्रतिबंधित है। पर्यावरण मंत्रालय ने 2001 में सी कुकुंबर के शिकार और निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। file photo
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा संबंधी पुस्तिका का विमोचन किया जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे की अर्थव्यवस्था में हुए सुधारों को लेकर टिप्पणी की है। मोदी ने कहा है, "आज उत्तर प्रदेश पूरे देश का नेतृत्व कर रहा है, इसके पीछे साढ़े चार वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वह परिश्रम है, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर लाने के लिए दिन-रात मेहनत की और वह ‘रिफॉर्म के जरिए परफॉर्म करते हुए उत्तर प्रदेश को ट्रांसफ़ॉर्म’ करने के अपने मिशन में सफल रहे।"उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे होने पर रविवार को लोकभवन में योगी ने सरकार की उपलब्धियों को दर्शाती 50 पृष्ठ की एक पुस्तिका और 16 पृष्ठ के फोल्डर का विमोचन किया।पुस्तिका में एक अन्य संदेश में मोदी ने कहा 'गत साढे चार वर्षों में राष्ट्रीय पटल पर एक नया, सक्षम और समर्थ उत्तर प्रदेश उभरकर सामने आया है। कभी देश में पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था का दंश झेलने वाला उत्तर प्रदेश आज लगातार प्रयासों से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है।'इसी पुस्तिका में प्रधानमंत्री के प्रति योगी ने एक संदेश लिखा है 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में भारत वर्ष में 75 करोड़ से अधिक टीकाकरण हो चुका है। यह आत्मनिर्भर भारत के सामर्थ्य की एक झांकी है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि सशक्त नेतृत्व के महत्व को प्रकट करती है, निश्चित ही कोरोना हारेगा-भारत जीतेगा।'पुस्तिका के प्रारंभ में 'उत्तर प्रदेश को शून्य से शिखर तक ले जाने की गाथा' शीर्षक से राज्य सरकार के 54 महीनों के कार्यकाल की चर्चा की गई है। इसके बाद भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं में उत्तर प्रदेश की प्रगति, देश में अग्रणी योजनाओं का ब्यौरा, माफिया पर केंद्रित कानून-व्यवस्था की उपलब्धियों समेत बिंदुवार अलग-अलग उपलब्धियां गिनाई गई हैं।सरकार की उपलब्धियों से संबंधित जिस पुस्तिका का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया, उसमें लिखा गया है, ‘‘प्रदेश सरकार ने दूरदर्शी योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारा। इससे उत्तर प्रदेश कुचक्रों के जाल से उबरकर विकास की ओर अग्रसर हो गया। फलस्वरूप बीते 54 माह में राज्य के माथे से बीमारू राज्य का धब्बा हट गया और समृद्धिशीलता का टीका लग गया है। इस पुस्तिका में आंकड़ों के जरिए सरकार ने उप्र की ताजा अर्थव्यवस्था की तस्वीर सामने रखी हैं।’’इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार के इस प्रयास पर तंज किया है।सपा प्रमुख ने रविवार को ट्वीट किया 'उप्र की भाजपा सरकार ने प्रकाशित किया ‘16 पेज का 16 आने झूठ’ , लगता है कि भाजपा ने अपने ‘अंतरराष्ट्रीय झूठ प्रशिक्षण केंद्र’ की पाठ्यपुस्तिका प्रकाशित की है ।’’उन्होंने लिखा है, ‘‘परंतु भाजपा के ‘झूठ के दूत’ इसे ऑनलाइन कक्षाओं में ही चला पायेंगे क्योंकि जनता के बीच वो जा नहीं पा रहे हैं।'
- चंडीगढ़ । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह ने पार्टी विधायक दल का नया नेता चुने जाने पर चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह सीमान्त राज्य पंजाब और लोगों की सुरक्षा कर सकेंगे । सिंह के मीडिया सलाहकार के मुताबिक, अमरिंदर ने कहा, ‘‘चरणजीत सिंह चन्नी को मेरी शुभकामनाएं। मैं आशा करता हूं कि वह सीमांत राज्य पंजाब को सुरक्षित और सीमा पार से बढ़ते सुरक्षा खतरे से हमारे लोगों की रक्षा कर सकेंगे ।’’ कांग्रेस की पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी को रविवार को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया और अब वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने बताया कि चन्नी को कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुना गया।
- चंडीगढ़। पंजाब में नए सीएम के रूप में रविवार शाम को चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर मुहर लग गई। पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब कांग्रेस के विधायक दल का नेता चुने जाने का ऐलान किया।पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने ट्वीट कर बताया कि मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि चरणजीत सिंह चन्नी को सर्वसम्मति से पंजाब के कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है। दरअसल अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और कहा था कि विधायकों की बार-बार बैठक बुलाए जाने से उन्होंने अपमानित महसूस किया, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया।चन्नी के कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत उन्हें लेकर राज्यपाल से मिलने पहुंचे। नवजोत सिंह सिद्धू और सुखजिंदर सिंह रंधावा भी उनके साथ गए। इस मुलाकात के बाद चरणजीत चन्नी ने कहा कि सोमवार सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण होगा।आइए जानते हैं पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कौन हैं-चरणजीत सिंह चन्नी दलित सिख समुदाय से आते हैं । उन्हें पंजाब के दोआबा क्षेत्र का कद्दावर कांग्रेस नेता माना जाता है। चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब से लगातार 3 बार विधायक बने। 2007 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव जीता था। इसके बाद 2 बार कांग्रेस की टिकट पर विधायक बने। 2015 से 2016 तक पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे। 2017 में कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में उन्हें टेक्निकल एजुकेशन और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग मंत्री बनाया गया था। अमरिंदर सिंह के खिलाफ अगस्त में हुई बगावत की अगुआई करने वालों में चन्नी प्रमुख थे। उन्होंने कहा था कि पंजाब के मुद्दों को हल करने के लिए हमें अमरिंदर पर भरोसा नहीं रहा।




.jpg)


.jpg)













.jpg)


.jpg)


.jpg)