- Home
- देश
- देहरादून। महामारी की दूसरी लहर की वजह से महीनों तक निलंबित रहने के बाद उत्तराखंड में हिमालय पर्वतीय क्षेत्र में स्थित चार पवित्र धामों की यात्रा कोविड प्रोटोकॉल के साथ शनिवार से शुरू हो गई। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि यात्रा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अनुपालन सुनिश्चित करने संबंधी प्रबंधों के बीच आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं ने आज सुबह मंदिरों में पहुंचना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों पर सीसीटीवी के जरिए नजर रखी जा रही है, जिससे कि यह पता चल सके कि कहीं कोविड-19 प्रोटोकॉल का कोई उल्लंघन तो नहीं हो रहा है। तीर्थयात्रियों को चार धामों-बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के गर्भ गृह में जाने की अनुमति नहीं है। गौड़ ने कहा कि देर से शुरू हुई यह तीर्थयात्रा नवंबर के मध्य तक चलेगी।चारधाम यात्रा के शुरू होने से श्रद्धालुओं और ऐसे काराबोरियों के चेहरों पर खुशी आ गई ,है जिनकी आजीविका इस यात्रा से जुड़ी है। हालांकि, मंदिरों के कपाट नियमित पूजा-अर्चना के लिए मई में ही खुल गए थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से इन्हें श्रद्धालुओं के लिए बंद रख गया था। उत्तराखंड उच्च न्यायालय द्वारा यात्रा पर लगा स्थगन वापस लिए जाने के बाद आज सुबह से चारधाम यात्रा शुरू हो गई। देवस्थानम बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि आज शाम चार बजे तक 419 लोगों ने बद्रीनाथ और केदारनाथ के दर्शन किए, जबकि ज्यादातर स्थानीय लोगों ने गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने चारधाम यात्रा के लिए शनिवार शाम तक 19,491 ई- पास जारी किए हैं। इस बीच, चमोली जिले में स्थित सिख तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब के कपाट भी शनिवार को श्रद्धालुओं के लिए खुल गए। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने भी कोविड प्रोटोकॉल का कड़ा अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी की गई एसओपी में दैनिक तीर्थयात्रियों की संख्या सीमित कर दी गई है, जिसके तहत बद्रीनाथ में हर रोज 1,000 लोग, केदारनाथ में 800, गंगोत्री में 600 और यमुनोत्री मंदिर में 400 लोग हर रोज दर्शन कर सकते हैं। इसने कहा कि ऐसे लोगों को यात्रा की अनुमति होगी, जिन्हें कम से कम 15 दिन पहले कोविड रोधी टीके की दूसरी खुराक लग चुकी हो या जिनके पास नेगेटिव आरटी/पीसीआर/ट्रूनैट/सीबीएनएएटी/ आरएटी रिपोर्ट हो, जो 72 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उत्तराखंड के लोगों को स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं है, लेकिन राज्य से बाहर आने वाले लोगों के लिए यह आवश्यक है। वहीं, कोविड महामारी के अधिक मामलों वाले राज्यों-जैसे केरल, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के तीर्थयात्रियों को कोविड संबंधी नेगेटिव रिपोर्ट दिखाने के बाद ही ई-पास जारी किया जाएगा, भले ही उन्हें कोरोना रोधी टीके की दोनों खुराक क्यों न लग गई हों।
-
दुकान में लूट के इरादे से आए थे तीन बदमाश, दो बदमाशों से अकेले भिड़ गया, तभी तीसरे ने सीने में गोली मार दी...!
आगरा। आगरा के कालिंदी विहार में शुक्रवार की रात बाइक से आए तीन बदमाशों ने एक दुकान में काम करने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश लूट के इरादे से आए थे, लेकिन युवक ने उनका विरोध किया। तभी उस पर बदमाशों ने फायर कर दिया। युवक की शुक्रवार को नौकरी लगी थी। उसका दुकान पर पहला दिन था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। सूचना पर एसएसपी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस हत्यारों को पकडऩे के लिए नाकाबांदी कर चेकिंग कर रही है। लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
एसएसपी मुनिराज ने बताया कि हत्या की यह वारदात थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की है। कालिंदी विहार में सौ फुटा रोड पर शाहदरा के रहने वाले वीर बहादुर की राधिका एल्युमिनियम के नाम से एल्युमिनियम और कांच के गेट लगाने की दुकान है। दुकान पर रात सवा 11 बजे फर्रूखाबाद का रहने वाला सुशील चौहान बैठा था। लोगों का कहना है कि तभी एक बाइक पर तीन युवक दुकान पर आए। उन्होंने पहले ग्राहक बनकर सुशील से बात की। इसी बीच बदमाशों ने दुकान में लूट का प्रयास किया। सुशील की बदमाशों से खींचतान हुई। तभी एक बदमाश ने तमंचे से सुशील को गोली मार दी। इसके बाद तीनों बदमाश बाइक पर बैठकर शाहदरा की ओर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आते तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
एसएसपी मुनिराज ने बताया कि दुकान मालिक भूरा का कहना है कि कुछ माल आना था, इसलिए सुशील को दुकान पर रोक रखा था। बदमाशों ने लूट का प्रयास किया तो सुशील दो बदमाशों से भिड़ गया था। तभी तीसरे बदमाश ने सीने में गोली मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। सुशील का दुकान पर पहला दिन था। शुक्रवार को ही उसकी नौकरी लगी थी। दुकान पर एक महिला ने उसकी नौकरी लगवाई थी।
हत्या की सूचना पर एसएसपी मुनिराज, एसपी सिटी विकास कुमार थानों का फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी है। आसपास के हास्पीटलों में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ा जाएगा। -
घरेलू विवाद में सनकी पति ने पत्नी को घायल किया, फिर चाकू घोंप आत्महत्या कर ली
सासाराम। सासाराम के तकिया स्थित बढिय़ा बाग में एक पति ने पहले पत्नी को कथित तौर पर चाकू मारकर घायल कर दिया फिर घर का दरवाजा बंदकर खुद को चाकू घोंपकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार मध्य रात की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि पति के शव को कब्जे में लेते हुए सदर अस्पताल सासाराम में शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए लाई है। फिलहाल पत्नी का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि दंपति बक्सर जिला के हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि शुक्रवार मध्य रात्रि को घरेलू विवाद में पति सुनील ने पत्नी रीना देवी को चाकू से कथित तौर पर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हंगामा सुन तकिया स्थित बढिय़ा बाग के मोहल्लेवासियों द्वारा नगर थाना को सूचना दी गई। पुलिस पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल में पहुंचाया। इसी बीच उक्त महिला के पति ने एक कमरे में दरवाजा बंद करके आत्महत्या कर ली। पुलिस गई तो दरवाजा नहीं खुल रहा तो खिड़की तोड़ पुलिस घर में घुसी, लेकिन तब तक युवक ने अपने पेट में चाकू मारकर आत्महत्या कर लिया था। पुलिस के अनुसार विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। महिला का इलाज चल रहा है। दोनों के घरवालों को सूचना दे दी गई है। -
जहानाबाद। जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के गिजी गांव निवासी अमित पांडे के पुत्र 12 वर्षीय रामजी पांडे फल्गु नदी में स्नान करने गया था। जहां नदी की तेज धारा उसे बहा ले गया और वह आगे जाकर डूब गया। इस बात की सूचना उसके साथ आए कुछ बालकों ने उसके परिवार को दिया। परिवार के लोग दौड़ते हुए नदी किनारे आए और बालक को पानी से निकालकर इलाज हेतु घोसी पीएससी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना घोषी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया है।
-
70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से भाग सकते हैं दक्षिण अफ्रीकी शुतुरमुर्ग
रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के लघु चिडिय़ाघर में पहली बार शुतुरमुर्ग लाए गए हैं। शुतुरमुर्ग हैदराबाद से लाए गए हैं और इनकी ऊंचाई करीब 9 फीट है। एक नर और दो मादा हैं। केंद्रीय चिडिय़ाघर प्राधिकरण की अनुमति से इन्हें यहां लाया गया है। अधिकारियों का दावा है कि प्रदेश के किसी भी चिडिय़ाघर में शुतुरमुर्ग नहीं है। इसलिए रोहतक चिडिय़ाघर प्रदेश का पहला ऐसा चिडिय़ाघर बन गया है, जहां शुतुरमुर्ग हैं। चिडिय़ाघर के इंचार्ज देवेंद्र हुड्डा ने बताया कि करीब 35 साल पहले बने इस लघु चिडिय़ाघर में पहली बार दुनिया का सबसे बड़ा और उड़ान रहित पक्षी कहा जाने वाले शुतुरमुर्ग आया है। इससे विभाग के कर्मचारियों में भी उत्सुकता और खुशी देखी जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, यहां लाए गए शुतुरमुर्गों में एक नर दो मादा हैं। उम्र करीब तीन वर्ष है। तीनों शुतुरमुर्गों के लिए यहां लघु चिडिय़ाघर में अलग स्थान तय किया गया है। उनके खाने-पीने के लिए भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पक्षी मूल रूप से दक्षिण अफ्रीका में पाया जाता है। सर्दी और गर्मी दोनों तरह के मौसम में रह सकता है। नर और मादा शुतुरमुर्ग यहां लाए जाने से इनके वंश में वृद्धि की भी संभावनाएं है। शुतुरमुर्ग का अंडा भी काफी बड़ा होता है।
अधिकारियों के अनुसार, शुतुरमुर्ग की गर्दन और पैर लंबे होते हैं और आवश्यकता पडऩे पर यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से भाग सकता है। जो इस पृथ्वी पर पाए जाने वाले किसी भी अन्य पक्षी की रफ्तार से अधिक है। शुतुरमुर्ग पक्षियों की सबसे बड़ी जीवित प्रजातियों में से है और यह किसी भी अन्य जीवित पक्षी की प्रजाति की तुलना में सबसे बड़े अंडे देता है। आमतौर पर शुतुरमुर्ग शाकाहारी होता है। इसका वजन आमतौर पर 80 से 150 किलोग्राम होता है। -
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पैन कार्ड से आधार को लिंक करने की आखिरी तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। इससे पहले आधार से पैन को लिंक करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 31 मार्च 2022 कर दी गई है। वित्त मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई है। इस तारीख तक आधार-पैन लिंक न करने पर आपका पैन इनऑपरेटिव (निष्क्रिय) घोषित कर दिया जाएगा। इनऑपरेटिव पैन का उपयोग करने पर आप पर 10 हजार रुपए जुर्माना लगाया जा सकता है। इस समस्या से बचने के लिए आपको 31 मार्च 2022 तक आधार-पैन लिंक करना होगा।
ऐसे चेक करें आधार-पैन लिंक हैं या नहीं-सबसे पहले इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ऑफिशियल वेबसाइट incometax.gov पर जाएं।-यहां नीचे की तरफ लिंक आधार स्टेटस का ऑप्शन मिलेगा, उस पर क्लिक करें।-इसके बाद अगला पेज खुलेगा जहां आपको अपना आधार और पैन नंबर डालकर व्यू आधार लिंक स्टेटस पर क्लिक करना होगा।-इस पर क्लिक करते ही स्क्रीन पर आधार-पैन से लिंक है या नहीं, इसकी जानकारी आ जाएगी।एक मैसेज से कर सकते हैं आधार-पैन लिंक-इसके लिए आपको अपने फोन में UIDPAN टाइप करना है। इसके बाद स्पेस देकर अपना आधार नंबर और उसके बाद स्पेस देकर पैन नंबर दर्ज करना है।-उदाहरण के लिए: UIDPAN 0000011112222 AAAPA7777Q टाइप करके 567678 या 56161 पर भेजना है।-इसके बाद आयकर विभाग आपके दोनों नंबर को लिंक करने की प्रोसेस में डाल देगा।ऑनलाइन लिंक कर सकते हैं आधार-पैन-सबसे पहले इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ऑफिशियल वेबसाइट incometax.gov पर जाएं।-इसमें नीचे की तरफ लिंक आधार का ऑप्शन मिलेगा। इस पर क्लिक करने पर एक नया पेज खुलेगा।-इसमें आपको PAN नंबर, आधार नंबर और आधार कार्ड में दर्ज नाम डालकर लिंक आधार पर क्लिक करना होगा।-इसके बाद आयकर विभाग आपके दोनों नंबर को लिंक करने की प्रोसेस में डाल देगा।लिंक न होने पर पैन हो जाएगा निष्क्रियइनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अनुसार अगर कोई पैन कार्ड होल्डर्स पैन को आधार से लिंक नहीं कराता है, तो उनके पैन को इनऑपरेटिव घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद वित्तीय लेनदेन में पैन का इस्तेमाल नहीं हो पाएगा। यह भी जान लीजिए कि अगर आप अपने बैंक अकाउंट से 50 हजार रुपए से ज्यादा की रकम निकाल या जमा कर कर रहे हैं तो आपको पैन कार्ड दिखाना पड़ता है। ऐसे में पैन के निष्क्रिय होने पर आप 50 हजार रुपए से ज्यादा का लेन देन नहीं कर सकेंगे।अटक सकता है निवेश का पैसासेबी ने कहा है कि अगर 30 सितंबर तक पैन और आधार को लिंक नहीं किया गया तो पैन काम करना बंद कर देगा। अगर पैन नहीं होगा तो कोई भी ट्रांजैक्शन नहीं हो पाएगा।देना होगा दोगुना TDSसीए अभय शर्मा के अनुसार अगर किसी व्यक्ति के पास एक्टिव पैन नंबर नहीं है तो बैंक आपकी आय पर 20% की दर से TDS काटेगा।जुर्माना भी लग सकता हैनियम के तहत अगर आपका पैन निष्क्रिय हो चुका है और फिर भी आप इसका उपयोग बैंक के लेन-देन या अन्य जगह करते हैं तो ऐसा माना जाएगा कि आपने कानून के तहत पैन नहीं दिया है। ऐसे में आपके ऊपर इनकम टैक्स एक्ट की धारा 272B के तहत 10,000 रुपए का जुर्माना लग सकता है। एक्ट की धारा 139A के तहत मांगे जाने पर पैन दिखाना अनिवार्य है। हालांकि बैंक अकाउंट खुलवाने या फिर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए निष्क्रिय पैन का इस्तेमाल करने पर जुर्माना नहीं लगेगा। - नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनका मंत्रालय दिल्ली से जयपुर तक इलेक्ट्रिक हाइवे के निर्माण के लिए एक विदेशी कंपनी से बातचीत कर रहा है।गडकरी ने राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (डीएमई) की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक रेलवे इंजन की तरह बसों और ट्रकों को भी बिजली से चलाया जाएगा।उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली से जयपुर तक इलेक्ट्रिक हाईवे बनाना मेरा सपना है। यह अभी भी एक प्रस्तावित परियोजना है। हम एक विदेशी कंपनी के साथ चर्चा कर रहे हैं।’’गडकरी ने कहा कि एक परिवहन मंत्री के रूप में, उन्होंने देश में पेट्रोल और डीजल के उपयोग को खत्म करने का संकल्प लिया है। आठ लेन का यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात से होकर गुजरेगा।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई भवन में आग लग गई। यह जानकारी शुक्रवार को अधिकारियों ने दी।दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कार्यालय में आग लगने के बारे में सूचना अपराह्न एक बजकर 40 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की आठ गाड़ियों को वहां के लिए रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि आग भूतल पर पैनल बोर्ड में लगी थी।उन्होंने बताया कि अपराह्न ढाई बजे तक आग पर काबू पाया गया और इस घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ।
- नयी दिल्ली। रेल कौशल विकास योजना के तहत रेलवे अगले तीन वर्षों में 18 से 35 साल के 50 हजार युवाओं को प्रशिक्षित करेगा।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को इस योजना का शुभारंभ किया। रेलवे द्वारा जारी एक बयान के अनुसार योजना के तहत युवाओं को रेलवे प्रशिक्षण संस्थानों में उद्योग से संबंधित कौशल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। रेल कौशल विकास योजना (आरकेवीवाई) आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक पहल है और यह आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला का भी हिस्सा है। वैष्णव ने योजना की शुरुआत करते हुए कहा, इलेक्ट्रॉनिक्स के इस युग में ये कौशल बेहद प्रासंगिक होंगे। मैं इसके सबसे अच्छे पहलू के बारे में सबसे अधिक खुश हूं, वह यह है कि प्रशिक्षण शहरों से अलग दूरदराज के इलाकों में उपलब्ध होगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम चार विधाओं - इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, मशीनिस्ट और फिटर, में आयोजित किए जाएंगे और देश भर से चुने गए प्रतिभागियों को 75 रेलवे प्रशिक्षण संस्थानों में 100 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। रेलवे ने कहा, इन संस्थानों द्वारा समय-समय पर इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे और प्रतिभागियों का चयन मैट्रिक में मिले अंकों जैसी पारदर्शी व्यवस्था के आधार पर किया जाएगा। हालांकि, प्रतिभागी का इस तरह के प्रशिक्षण के आधार पर रेलवे में रोजगार पाने का कोई दावा नहीं कर सकेंगे।कार्यक्रम के लिए बनारस लोकोमोटिव वक्र्स ने पाठ्यक्रम विकसित किया गया है, जो इस योजना के लिए नोडल इकाई है। मंत्रालय ने कहा कि इस योजना की शुरुआत एक हजार प्रतिभागियों के साथ की जा रही है और तीन साल की अवधि में 50 हजार उम्मीदवारों को प्रशिक्षित किया जाएगा। बयान में कहा गया, प्रशिक्षुओं को एक मानकीकृत मूल्यांकन से गुजरना होगा और कार्यक्रम के पूरा होने पर उन्हें रेलवे/ राष्ट्रीय रेल एवं परिवहन संस्थान द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।-----
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत एक अक्टूबर से जम्मू के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद भागवत की जम्मू कश्मीर की यह पहली यात्रा होगी। संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पांच अगस्त, 2019 को तत्कालीन राज्य का विशेष दर्जा समाप्त कर दिया गया था और उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों - जम्मू कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया गया था। संघ के पदाधिकारी ने भागवत की यात्रा को 'नियमित' बताते हुए कहा कि यह देश भर में संघ कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम का हिस्सा है। भागवत अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के लिए कई बैठकें करेंगे। उन्होंने बताया कि संघ के संपर्क कार्यक्रम के तहत भागवत का जम्मू की मशहूर हस्तियों की एक बैठक को भी संबोधित करने का कार्यक्रम है। भागवत गुरुवार को राजस्थान के चार दिवसीय दौरे पर उदयपुर पहुंचे।
- नयी दिल्ली । पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध पर भारत ने कहा कि पश्चिमी सेक्टर में संघर्ष के शेष क्षेत्रों से सैनिकों के पूरी तरह से पीछे हटने की प्रक्रिया पूरी करने से ही सीमावर्ती इलाकों में पूर्ण रूप से शांति बहाली एवं द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति सुनिश्चित की जा सकती है । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाताओं से यह बात कही ।जुलाई में वरिष्ठ सैन्य स्तर की 12वीं दौर की बैठक के बाद भारतीय सेना द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया था कि पीछे हटने को लेकर दोनों पक्षों ने खुलकर एवं गहराई से चर्चा की और बैठक में आपस समझ बढ़ी । सीमा पर जारी गतिरोध को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में बागची ने कहा, ‘‘ हम अपने इस रुख को दोहराते हैं कि संघर्ष के शेष क्षेत्रों से सैनिकों के पूरी तरह से पीछे हटने की प्रक्रिया पूरी करने से ही सीमावर्ती इलाकों में पूर्ण रूप से शांति बहाली एवं द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति सुनिश्चित की जा सकती है ।'' यह पूछे जाने पर कि ताजिकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक से इतर क्या विदेश मंत्री जयशंकर अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे, प्रवक्ता ने कहा कि वे किसी बैठक की संभावना को खारिज नहीं करते हैं । उन्होंने कहा कि इंतजार करें कि कैसी बैठकें होती हैं ।उल्लेखनीय है कि भारत और चीन के बीच पिछले वर्ष मई की शुरुआत से पूर्वी लद्दाख में सीमा पर सैन्य गतिरोध है। हालांकि, दोनों पक्षों ने कई दौर की सैन्य एवं राजनयिक वार्ता के बाद फरवरी में पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारों से सैनिकों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की थी। समझा जाता है कि कुछ क्षेत्रों में सैनिकों के पीछे हटने को लेकर अभी गतिरोध बरकरार है ।
- नयी दिल्ली। वर्तमान में लुटियंस दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में स्थित केंद्रीय सचिवालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और हैदराबाद हाउस जैसे एक सम्मेलन कक्ष की सुविधाएं साउथ ब्लॉक के पीछे बनने वाले नये प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के साथ मौजूद होंगी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने यह कहा है।रक्षा मंत्रालय और सशस्त्र बलों के कर्मचारियों को साउथ ब्लॉक के पास से दूसरी जगह भेजे जाने के साथ सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत नये पीएमओ और प्रधानमंत्री आवास के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दो शानदार कार्यालय भवनों के उदघाटन कार्यक्रम में सेंट्रल विस्टा की विशेष वेबसाइट भी शुरू की, जिसमें जारी और प्रस्तावित परियोजनाओं का ब्योरा है तथा सरकार के इस महत्वाकांक्षी पुनर्विकास योजना के बारे में मिथकों का भी जवाब दिया गया है।सेंट्रल विस्टा वेबसाइट के मुताबिक पीएमओ को साउथ ब्लॉक के पीछे भूखंड संख्या 36 और 38 पर नये प्रस्तावित कार्यालय में ले जाया जाना है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित वेबसाइट पर कहा गया है, '' केंद्रीय सचिवालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और विदेश मंत्रालय के हैदराबाद हाउस जैसे एक सम्मेलन कक्ष की सुविधाएं पीएमओ के साथ मौजूद होंगी। '' उल्लेखनीय है कि विभिन्न देशों के आगंतुक शीर्ष नेताओं के साथ हैदराबाद हाउस में फिलहाल उच्च स्तरीय वार्ता की जाती है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रक्षा मंत्रालय और सशस्त्र बलों के कर्मियों को केजी मार्ग तथा अफ्रीका एवेन्यू के दो नये भवनों में भेजे जाने के साथ उनके हटमेंट्स को हटाने का काम शीघ्र शुरू हो जाएगा।
- रतलाम (मप्र)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे एवं चंबल एक्सप्रेस वे विकास का महामार्ग बनेंगे और इससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे मध्य प्रदेश में संपन्नता आएगी। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे परियोजना का 245 किलोमीटर क्षेत्र मध्य प्रदेश से गुजरेगा तथा वह राजस्थान के रामगंज मंडी से मध्यप्रदेश में दाखिल होकर मंदसौर, रतलाम, झाबुआ जिले से गुजरते हुए अनास नदी के पास गुजरात में निकलेगा, जबकि 404 किलोमीटर चंबल एक्सप्रेस वे मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों को जोड़ेंगे। गडकरी ने कहा, ‘‘दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे एवं चंबल एक्सप्रेस वे दोनों मध्य प्रदेश के लिए विकास का महामार्ग साबित होंगे। इससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे और प्रदेश में संपन्नता आएगी।''वह निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे का निरीक्षण करने के बाद रतलाम जिले के जावरा में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे दुनिया का सबसे लंबा हाईवे है जिसकी लंबाई करीब 1,350 किमी है। गडकरी ने बताया कि इसकी विशेषता ये है कि इससे दिल्ली से मुम्बई की यात्रा मात्र 12 घंटे में पूरी हो सकेगी और सड़क से ईंधन की खपत में 320 मिलियन लीटर की कमी भी आएगी, जो पर्यावरण के लिए काफी फायदेमंद होगी। गडकरी ने कहा कि आठ लेन के इस एक्सप्रेस-वे के मध्य प्रदेश के हिस्से का निर्माण 8,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हालांकि, मूल रूप से यह 12 लेन एक्सप्रेस-वे है, लेकिन पहले चरण में केवल आठ लेन का निर्माण किया जा रहा है और यातायात बढ़ने पर इसे दूसरे चरण में 12 लेन तक बढ़ाया जाएगा। गडकरी ने कहा कि मध्य प्रदेश में एक्सप्रेस वे के 106 किलोमीटर पर काम पूरा हो गया है, जबकि शेष 139 किलोमीटर का निर्माण नवंबर 2022 तक समाप्त हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मालवा क्षेत्र को कनेक्टिविटी देने के लिए इस परियोजना के हिस्से के रूप में 143 किलोमीटर चार लेन राजमार्ग का भी निर्माण किया जाएगा जो इंदौर, देवास, उज्जैन और गरोठ तक जाएगा। गडकरी ने कहा कि दिल्ली और मुंबई के बीच रतलाम एक प्रमुख सड़क और रेल केंद्र है और मध्य प्रदेश सरकार की मदद से यहां एक बड़ा लॉजिस्टिक हब विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक बार भारत की वित्तीय और राजनीतिक राजधानियों को जोड़ने वाला हाईवे पूरा हो जाएगा तो झाबुआ और रतलाम समृद्ध हो जाएंगे। गडकरी ने कहा कि चंबल एक्सप्रेस-वे (जिसे अटल एक्सप्रेस-वे भी कहा जाता है) मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पिछड़े इलाकों से होकर गुजरेगा तथा 404 किलोमीटर चंबल एक्सप्रेस वे में से 313 किलोमीटर हिस्सा मध्य प्रदेश से होकर गुजरेगा। उन्होंने कहा कि यह हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर लॉजिस्टिक्स पार्कों, औद्योगिक इकाइयों, कृषि उत्पादन केंद्रों और खाद्य प्रसंस्करण सुविधाओं की स्थापना के साथ इसके पास स्थित क्षेत्रों के विकास में योगदान देगा।
- नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर और शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी अब तक भले ही पत्रकारों के सवालों के जवाब देते रहे हों, लेकिन अब वो भी सवाल पूछते नजर आएंगे। ये दोनों नेता नये शुरू हुए ‘संसद टीवी' के लिए अलग-अलग कार्यक्रमों की मेजबानी करेंगे। थरूर के शो का नाम ‘टू द प्वाइंट' है जिसमें वह विभिन्न हस्तियों से सवाल करेंगे, जबकि प्रियंका ‘मेरी कहानी‘ नामक कार्यक्रम की मेजबानी करती दिखेंगी जिसमें संसद की महिला सदस्य उनके साथ जीवन के अपने सफर की कहानी साझा करेंगी। इस बारे में पूछे जाने पर थरूर ने ‘ एक न्यूज़ एजेंसी से कहा, ‘‘मैंने यूएन टेलीविजन के लिए माइकल डगलस (हॉलीवुड अभिनेता) और कई अन्य हस्तियों के साक्षात्कार किये थे। इसलिए मैं यह दावा जरूर कर सकता हूं कि एक एंकर के तौर पर मेरे पास अनुभव है। लेकिन यह मेरे लिए थोड़ा नया बदलाव जरूर होगा कि सवालों के जवाब देने की बजाय लोगों से सवाल पूछने होंगे।'' प्रियंका ने कहा, ‘‘यह दिलचस्प जगह है क्योंकि यहां विमर्श पर आपका नियंत्रण होगा...आप मेहमानों से जैसा सवाल चाहें, वो पूछ सकते हैं।'' संसद टीवी पर अर्थशास्त्री विवेक देबरॉय, सरकार के प्रमुख आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल और नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत भी अलग अलग कार्यक्रमों की मेजबानी करते दिखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ मिलकर बुधवार को संसद टीवी की शुरुआत की थी। लोकसभा टीवी और राज्यसभा टीवी को मिलाकर यह नया चैनल आरंभ किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सरोद वादक अमजद अली खान उन मेहमानों में शामिल हैं जो थरूर के शो में नजर आएंगे। प्रियंका के शो में भारतीय शास्त्रीय नर्तक सोनल मान सिंह मेहमान के तौर पर शिरकत करेंगी। तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य और संसद की सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति के प्रमुख थरूर ने कहा, ‘‘यह कार्यक्रम इस तरह से तैयार किया गया है इसमें जीवन की गहराई और कार्यों को छुआ जाएगा तथा इसमें टकराव वाले सवाल-जवाब नहीं होंगे, बल्कि सरल एवं सहज संवाद शैली दिखेगी।'' महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य प्रियंका ने कहा कि उनका कार्यक्रम महिला सांसदों के संसद के तक के सफर पर केंद्रित होगा तथा निजी जीवन एवं संसदीय कार्य के बीच संतुलन के बारे में पूछा जाएगा। उनका कहना है कि इस कार्यक्रम में राजनीतिक दलों के बारे में नहीं, महिला सांसदों के बारे में बात होगी।
- सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि युवक की जेब से मिले सुसायड नोट में उसने लिखा है कि वह पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल शर्मा ने बताया कि जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर सरागवी के रहने वाले दलीप कुमार (26) ने गृहक्लेश से परेशान होकर पत्नी प्रतिभा (23) की गला घोंट कर हत्या कर दी और अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि दलीप उत्तराखंड की किसी कंपनी में सुरक्षागार्ड का काम करता था और 15 दिन पहले ही उसे बेटा हुआ था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- फतेहपुर (उप्र)। फतेहपर जिले में बुधवार रात कच्चे मकान गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लड़कियों की मौत हो गयी। सुल्तानपुर घोष थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अरविंद कुमार गौतम ने गुरुवार को बताया कि बुधवार आधी रात दरियापुर मजरे मोहम्मदपुर गौंती गांव में कच्चा मकान गिरने से उसके मलबे में दबकर राकेश लोधी की बेटियों तीया (18) और मुस्कान (तीन) की मौके पर मौत हो गयी। इस बीच, कल्यानपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि महरहा गांव में बुधवार रात भिखारी लाल (35) अपनी पत्नी सुनीता (30) एवं दो साल की बेटी कोमल के साथ अपने घर में सो रहा था, तभी करीब दो बजे उसका कच्चा मकान गिर गया। मलवा में तीनों दब गए। एसएचओ ने बताया कि मकान गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और तीनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक कोमल की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि घायल दंपत्ति (भिखरी लाल और सुनीता) को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
- गाजियाबाद । गाजियाबाद में ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के कासिम विहार कॉलोनी में एक फर्नीचर निर्माता और उसका बेटा अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान नईम-उल-हसन और उसके बेटे ओवेश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शवों को हसन के भतीजे अरबाज ने देखा, जिसने घर के अंदर दोनों को खून से लथपथ पाया।उन्होंने बताया कि इस संबंध में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।कुमार ने बताया कि हमलावरों ने पीड़ितों का गला रेत दिया और उन पर चाकुओं से भी हमला किया।अधिकारी ने बताया कि हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। यह लूट का मामला नहीं है क्योंकि घर से कुछ भी चोरी नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि हसन की पत्नी अन्य बच्चों के साथ मायके गई थी।एक अन्य घटना में इंदिरा पुरम के कनवानी गांव के पास एक सुनसान इलाके में 30 वर्षीय एक महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उसकी हत्या की गई और उसके शव को यहां फेंक दिया गया, उसकी पहचान करने के प्रयास जारी हैं। एसएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।-file photo
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान क्वाड समूह के नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे तथा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन एवं समूह के अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को साप्ताहिक संवादददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 सितंबर को वाशिंगटन में क्वाड समूह की बैठक में उपस्थित रहेंगे । इसके बाद 25 सितंबर को वह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 76वें सत्र के एक उच्च स्तरीय खंड को भी संबोधित करेंगे । '' उन्होंने बताया कि वाशिंगटन में प्रधानमंत्री मोदी जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे ।प्रधानमंत्री मोदी 24 सितंबर को अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन, जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उल्लेखनीय है कि क्वाड समूह में अमेरिका, भारत, आस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं। अमेरिका क्वाड समूह की बैठक कर रहा है जिसमें समूह के नेता हिस्सा लेंगे। इसके जरिये अमेरिका हिन्द प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और समूह के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने का मजबूत संकेत देना चाहता है।
- नयी दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड-19 की बूस्टर खुराक इस समय वैज्ञानिक चर्चा के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्रीय विषय नहीं है और दो खुराक प्राप्त करना मुख्य प्राथमिकता है। एक प्रेस ब्रीफिंग में सवाल का जवाब देते हुए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि दोनों खुराक देना नितांत आवश्यक है और इसमें किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए। भार्गव ने कहा, “हमें एक बात बहुत स्पष्ट रूप से याद रखने की जरूरत है कि बूस्टर खुराक इस समय वैज्ञानिक चर्चा के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्रीय विषय नहीं है। दो खुराक प्राप्त करना अहम प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा, “कई एजेंसियों ने अनुशंसा की है कि एंटीबॉडी के स्तर को नहीं मापा जाना चाहिए...लेकिन महत्वपूर्ण समझ यह है कि दोनों खुराक का पूर्ण टीकाकरण नितांत जरूरी है और इसे किसी तरह बाधित नहीं होना चाहिए।” केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि भारत की 20 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक लग चुकी हैं जबकि 62 प्रतिशत को टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है। इसके साथ ही 99 प्रतिशत स्वास्थ्य देखभालकर्मियों को टीके की पहली खुराक और 82 प्रतिशत पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी है। भूषण ने कहा कि अग्रिम पंक्ति के शत प्रतिशत कर्मियों को पहली खुराक दी जा चुकी है जबकि 78 प्रतिशत को दूसरी खुराक भी मिल चुकी है। अब तक पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों – सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, गोवा, चंडीगढ़ और लक्ष्यद्वीप- की संपूर्ण वयस्क आबादी को टीके की कम से कम पहली खुराक दी जा चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक, एक महीने में दी जाने वाली टीके की औसत दैनिक खुराक मई में 19.69 लाख से बढ़कर जून में 39.89 लाख, फिर जुलाई में 43.41 लाख और अगस्त में 59.19 लाख हो गई है। भूषण ने कहा कि सितंबर के पहले 15 दिनों में औसत दैनिक टीकाकरण प्रतिदिन 74.40 लाख रहा है।-
- नई दिल्ली। देश में इस वर्ष मानसून लंबे समय तक जारी रह सकता हैं, क्योंकि सितंबर के अंत तक उत्तर भारत में बारिश में कमी आने के संकेत नहीं दिख रहे हैं।भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तर पश्चिम भारत से तभी वापस होता है जब लगातार पांच दिनों तक इलाके में बारिश नहीं होती है। निचले क्षोभ मंडल में चक्रवात रोधी वायु का निर्माण होता है और आद्र्रता में भी काफी कमी होना आवश्यक है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, ''अगले दस दिनों तक उत्तर भारत से मॉनसून की वापसी के संकेत नहीं दिख रहे हैं।'' आईएमडी ने पिछले वर्ष भी उत्तर पश्चिम भारत से मानसून की वापसी की तारीख संशोधित की थी। पिछले कुछ वर्षों से मानसून की वापसी में विलंब होने के रूख को देखते हुए यह किया गया था। दक्षिण पश्चिम मानसून पहले राजस्थान से वापस होना शुरू होता है। संशोधित तिथि के अनुसार, यह 17 सितंबर से जैसलमेर से वापस होना शुरू होता है। दक्षिण पश्चिम मानसून ने 2017, 2018, 2019 और 2020 में विलंब से वापसी शुरू की। मानसून के विलंब से वापस जाने का मतलब होता है कि ठंड भी देर से पड़ती है। आधिकारिक रूप से दक्षिण पश्चिम मानसून एक जून से शुरू होता है और 30 सितंबर तक रहता है।---
- नयी दिल्ली। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की हाल में हुई एक बैठक के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि फ्लू एवं कोविड-19 के लक्षण एक जैसे हैं और दिल्ली सरकार को कोरोना वायरस संक्रमण को नियंत्रण में रखने के लिए व्यापक जांच जारी रखनी चाहिए। उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिल्ली में महामारी की स्थिति पर चर्चा की गई और परामर्श दिया गया कि राष्ट्रीय राजधानी में महामारी रोधी रणनीति जारी रखी जानी चाहिए। बैठक के विवरण के अनुसार, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के निदेशक डॉक्टर सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले पिछले कुछ समय से 100 से कम रहे हैं। सिंह ने 27 अगस्त को हुई बैठक में कहा कि शाहदरा जिले में मामलों की वृद्धि की वजह का पता लगाया जाना चाहिए। बैठक में नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वी के पॉल ने कहा कि इन्फ्लुएंजा और कोविड-19 के लक्षण लगभग एक जैसे हैं, इसलिए संपर्कों का पता लगाने एवं इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी और गंभीर श्वसन बीमारी से संबंधित सर्वेक्षण को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। वहीं, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने भी कहा कि दिल्ली में व्यापक जांच जारी रखी जानी चाहिए क्योंकि इन्फ्लुएंजा और कोविड-19 के लक्षण एक जैसे हैं।
- मधेपुरा (बिहार) । जिले के चौसा थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर मवेशी के लिए चारा काटने गए पांच बच्चों की पानी भरे खड्ड में डूबने से मौत हो गई। चौसा के अंचल अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान ललित कुमारी (10), नैंसी कुमारी (12), कृष्ण कुमार (10), लक्ष्मी कुमारी (12) और अस्मिता कुमारी (10) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मृतक बच्चों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
- बलिया (उप्र) । उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गयी। दोनों के शव बृहस्पतिवार सुबह बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले चेतन किशोर गांव में दो दोस्त तेजस कुमार (14) और विशाल चौहान (12) एक तालाब में नहाते समय डूब गए। दोनों के शव बृहस्पतिवार सुबह तालाब में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को पंचायत नामा कर परिजनों को सौंप दिया।-file photo
- नयी दिल्ली। आगामी त्योहारी मौसम के मद्देनजर सरकार ने बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण में वृद्धि के प्रति आगाह करते हुए वैक्सीन स्वीकृति, कोविड-19 अनुकूल आचरण, जिम्मेदार के साथ यात्रा और जिम्मेदारीपूर्वक त्योहार मनाने का आह्वान किया। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एक अधिकारी ने कहा, “कुल मिलाकर कोविड-19 मामलों में स्थिरता है और केरल में भी मामलों में गिरावट दर्ज की गई है...आने वाले दो-तीन महीनों में, हमें सतर्क रहने की जरूरत है कि कोई उछाल न आए... यह त्योहारों का भी वक्त है और वह समय भी है जब संक्रामक जुकाम के मामले भी बढ़ते हैं…हम सभी से अनुरोध करते हैं कि सतर्क रहें और उस लाभ को बरकरार रखें जो हमनें (महामारी प्रबंधन में) हासिल किया है।” आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा, अचानक से जनसंख्या घनत्व बढ़ना वायरस के प्रसार के लिए बेहद अनुकूल अवस्था होती है। यदि जनसंख्या घनत्व में अचानक वृद्धि होती है तो वायरस इसे प्रसार के लिहाज से बहुत उपयोगी पाता है, इसलिए समय की मांग है- वैक्सीन स्वीकृति, कोविड-उपयुक्त व्यवहार, जिम्मेदार यात्रा और जिम्मेदारीपूर्वक उत्सव मनाना।” सरकार ने कहा कि भारत की 20 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक लग चुकी हैं जबकि 62 प्रतिशत को टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है। सरकार के मुताबिक देश के 34 जिलों में साप्ताहिक संक्रमण दर 10 प्रतिशत से ज्यादा है जबकि 32 जिलों में यह आंकड़ा पांच से 10 प्रतिशत के बीच है। सरकार ने कहा कि भारत में पिछले हफ्ते सामने आए कोविड-19 के कुल मामलों में से 67.79 प्रतिशत केरल से सामने आए और यह देश का एक मात्र राज्य है जहां संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख से ज्यादा है। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी के पॉल ने कहा, “कुल मिलाकर स्थिरता है और केरल में भी मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। मिजोरम को लेकर जरूर चिंता है लेकिन हमें उम्मीद है कि तेजी से टीकाकरण से स्थिति में सुधार होगा तथा महामारी प्रतिक्रिया प्रभावी है।” उन्होंने कहा, “आने वाले दो-तीन महीनों में हमें सतर्क रहने की जरूरत है कि कोई बढ़ोतरी न हो और पता चलने पर इसे कम किया जा सके। जब लोग अनुमान लगाते हैं कि चुनौती कब बढ़ेगी तो वे अक्टूबर और नवंबर को उन महीनों के रूप में इंगित करते हैं और यह त्योहारों का मौसम है तथा इसके साथ ही इस समय संक्रामक जुकाम के मामले भी बढ़ते हैं… तो आने वाली तिमाही में हम सभी से सावधान रहने और उस लाभ को बरकरार रखने का अनुरोध करते हैं जो हमने हासिल किया है।” केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 30,570 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,33,47,325 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 3,42,923 रह गई है। मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 431 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,43,928 हो गई।
- राजगढ़ (मध्य प्रदेश) । जिले में तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा अनियंत्रित हो पलटकर सामने आ रही जीप से टकरा गयी। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। जिला पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर कोतवाली थाना क्षेत्र के किशनगढ़ गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, एक आवारा कुत्ते को बचाने के प्रयास में ऑटो रिक्शा चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वह पलट कर विपरीत दिशा से आ रही जीप से टकरा गया। एसपी ने बताया कि ऑटो रिक्शा में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पार्वतीबाई (60), संतरा बाई (45), मोहर सिंह (50), प्रभु लाल तंवर (45) और पन्नालाल (65) के रुप में हुई है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में हताहत हुए सभी लोग राजगढ़ के रहने वाले हैं।









.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)














.jpg)