- Home
- देश
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को राज्य में कोविड-19 संबंधी पाबंदियों को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है। एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पाबंदियां सबसे पहले 16 मई को लागू की गई थीं, जिन्हें नियमित अंतराल पर बढ़ाया जा रहा है । ये पाबंदियां बुधवार को समाप्त होने वाली थीं, लेकिन सरकार ने इन्हें फिर 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है। अधिसूचना के अनुसार, ‘‘ मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और साफ-सफाई रखने के नियमों का हमेशा पालन करना अनिवार्य है।'' हालांकि सरकार ने आधे कर्मचारियों के साथ निजी और सरकारी कार्यालयों को खोलने की अनुमति दे दी है। अधिसूचना के अनुसार, ‘‘ रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था और आवश्यक सेवाओं के अलावा हर तरह की आवाजाही तथा सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक सेवाओं में खेती और अन्य आपात सेवाएं शामिल हैं।'' अधिसूचना में कहा गया कि जिला प्रशासन, पुलिस आयुक्तालय और स्थानीय अधिकारी मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के राज्य के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। ‘‘ प्रतिबंध उपायों के किसी भी उल्लंघन के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 और भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।'' इस बीच, कोविड-19 वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के दौरान बंद किया गया अलीपुर चिड़ियाघर पांच महीने बाद आंगुतकों के लिए बुधवार को खोल दिया गया। चिड़ियाघर के निदेशक आशीष सामंत ने बताया कि आगंतुकों को पहले की तरह सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे के बीच चिड़ियाघर आने की अनुमति होगी, लेकिन कोविड-19 से संबंधित सभी नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
- रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में कुज्जू थाना क्षेत्र की कुज्जू घाटी में बिहार के शेखपुरा से रजरप्पा माता का दर्शन करने आ रहे पांच लोगों की तेज गति कार बुधवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे सड़क के डिवाइडर से टकरा कर पलट गयी जिससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये। उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि बिहार के शेखपुरा से पांच लोग रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तका मंदिर दर्शन के लिए कार से आ रहे थे। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे तेज गति के कारण कुज्जू घाटी में संतुलन बिगड़ जाने से कार सड़क के डिवाइडर से टकरा कर पलट गयी। इससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रांची के रिम्स अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है जबकि अन्य दो लोगों का रामगढ़ में ही इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मारे गये दोनों लोगों के शव अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिये गये हैं। अभी सभी हताहतों की पहचान नहीं की जा सका है। हताहतो के बिहार के शेखपुरा में रहने वाले परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचित कर दिया गया है।
- रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के मुरबंदा लारी के निकट बुधवार सुबह एक बस एवं वैगन आर कार में भीषण टक्कर हो गयी। बस कार के उपर चढ़ गयी और कार में आग लग गई जिससे उसमें बैठे एक लड़के एवं दो महिलाओं समेत सभी पांच लोगों की जलकर मौत हो गयी। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि सुबह लगभग आठ बजे एक वैगन आर कार की दूसरी तरफ से आ रही बस से रामगढ़ जिले के रजरप्पा पुलिस थाना क्षेत्र में गोला-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर मुरबंदा लारी के निकट आमने सामने की भीषण टक्कर हो गयी। बस कार के उपर चढ़ गयी। कार में सवार सभी पांच लोग वहीं बुरी तरह फंस गये। थोड़ी ही देर बाद कार में आग लग गयी और एक लड़के एवं दो महिलाओं समेत सभी पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गयी। दुर्घटना में मारे गये लोगों के शव इतनी बुरी तरह जल गये हैं कि उनकी पहचान मुश्किल हो गयी है। कुमार ने बताया कि सभी शवों को अंत्य परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वैगन आर के पूरी तरह जल जाने के कारण गाड़ी की पंजीकरण संख्या के अलावा अन्य विवरण नहीं मिल सका है। गाड़ी पटना के आलोक रौशन के नाम पंजीकृत है। मृतकों की पहचान एवं अन्य कार्रवाई के लिए पटना पुलिस से संपर्क किया गया है।
- नागपुर।महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक विवाद को लेकर 40 वर्षीय महिला को उसके पति ने सरेआम कथित तौर पर चाकू घोंपकर घायल कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यह हमला अजनी मैदान के समीप हुआ जहां पेशे से नर्स पीड़िता बबीता दुबे मंगलवार रात को एक मरीज की देखभाल के लिए गयी थी। दुबे के पति आरोपी संतोष काले ने सड़क पर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया जिससे उसके चेहरे और हाथों में चोटें आयी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया। हमले के बाद पीड़िता ने शोर मचाया जिस पर वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उसे बचाया। पुलिस महिला को अस्पताल लेकर गयी। उन्होंने बताया कि आरोपी पीड़िता का दूसरा पति है और उसे शराब पीने की लत है। उसे एक हफ्ते से अपने घर में घुसने नहीं दिया गया था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच चल रही है।
- नई दिल्ली। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत एक सप्ताह में दो हजार छह सौ से अधिक स्वयं सहायता समूह के उद्यमियों को आठ करोड़ 60 लाख रुपये का सामुदायिक उद्यम कोष ऋण प्रदान किया है। ये ऋण स्टार्ट-अप ग्राम उद्यमता कार्यक्रम के तहत 19 राज्यों के गांवों में सूक्ष्म उद्यम शुरू करने के लिए दिए गए थे। अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में स्टार्ट अप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वयं सहायता समूह के उद्यमी, अपने गांवों में अपना उद्यम शुरू करने के अनुभव और संबंधित तौर-तरीकों को साझा करते हैं।
- नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति तथा राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संयुक्त रूप से आज संसद टीवी का शुभारंभ किया। आज ही अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस भी है। इस साल फरवरी में, लोकसभा टीवी और राज्यसभा टीवी का विलय कर संसद टीवी की शुरूआत करने का निर्णय लिया गया था।संसद टीवी के कार्यक्रम मुख्य रूप से चार श्रेणियों में होंगे। संसद तथा लोकतांत्रिक संस्थानों का कामकाज, योजनाओं का संचालन तथा कार्यान्वयन और भारत की नीतियां, इतिहास तथा संस्कृति के अलावा सम-सामयिक प्रकृति के मुद्दों, रूचियों तथा विभिन्न सराकारों से सम्बंधित विषयों पर कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे। उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में दुनिया का सबसे जीवंत संसदीय लोकतंत्र हैं और यह आयोजन, मीडिया तथा लोकतांत्रिक शासन के बीच महत्वपूर्ण संबंधों को उजागर करता है।इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और इसके लिए लोकतंत्र सिर्फ संवैधानिक संरचना नहीं बल्कि राष्ट्रीय भावना है। श्री मोदी ने कहा कि संसद टीवी के शुभारंभ का दिन, देश की संसदीय प्रणाली में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश को संसद टीवी के रूप में संचार और संवाद का ऐसा माध्यम मिल रहा है, जो देश के लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की नई आवाज के रूप में काम करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी, संचार और संवाद में क्रांति ला रही है। उन्होंने कहा कि इस बदलते समय में यह आवश्यक हो जाता है कि संसद से जुड़े चैनल भी आधुनिक व्यवस्थाओं के अनुरूप स्वयं को बदलें। श्री मोदी ने कहा कि हाल के वर्षों में मीडिया की भूमिका भी बदली है और यह क्रांति ला रहा है, इसलिए आधुनिक तकनीक के अनुरूप परिवर्तन महत्वपूर्ण हो जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि संसद टीवी ओटीटी प्लेटफॉर्म तथा सोशल मीडिया पर उपलब्ध होगा और इसका ऐप भी होगा।श्री मोदी ने कहा कि आज इंजीनियर दिवस भी मनाया जा रहा है और हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इंजीनियर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और टीवी उद्योग में भी उनका प्रमुख योगदान है। उन्होंने कहा कि अक्सर कहा जाता है कि कंटेंट राजा है, लेकिन उनका मानना है कि लोकतंत्र में कंटेंट, कनेक्ट है जिस पर अक्सर संसद में चर्चा और बहस होती है। इससे शासन में युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहन मिलता है। प्रधानमंत्री ने आशा व्?यक्?त की कि संसद टीवी पर जमीनी लोकतंत्र के तौर पर काम करने वाली पंचायतों पर भी कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे।इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संसद टीवी, संसद और जनता के बीच संचार की एक कडी होगा। उन्होंने कहा कि इस चैनल पर पंचायत और संसद से सम्बंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
- नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने जून तिमाही के लिए निर्धारित पूंजीगत व्यय लक्ष्य हासिल करने के बाद 11 राज्यों को 15,721 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज लेने की मंजूरी दे दी है।इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, केरल, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, राजस्थान और उत्तराखंड शामिल हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "11 राज्यों ने 2021-22 की पहली तिमाही में पूंजीगत व्यय के लिए वित्त मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। प्रोत्साहन के रूप में, इन राज्यों को व्यय विभाग ने 15,721 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज लेने की मंजूरी दी है।"राज्यों को उनके सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के 0.25 प्रतिशत के बराबर खुले बाजार से अतिरिक्त कर्ज लेने की मंजूरी मिली है। इस प्रकार उपलब्ध कराए गए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन राज्यों को अपने पूंजीगत व्यय को और आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि पूंजीगत व्यय का उच्च गुणक प्रभाव होता है, यह अर्थव्यवस्था की भविष्य की उत्पादक क्षमता को बढ़ाता है, और इसके परिणामस्वरूप आर्थिक वृद्धि की दर बढ़ती है।--
- अलीगढ़ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और सीतापुर जिलों से जुड़ी अपनी पुरानी यादें ताजा कीं। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर अलीगढ़ में स्थापित हो रहे हिस्से के मॉडल का अवलोकन करने के बाद यहां अपने संबोधन में कहा, "यह कहानी 55-60 साल पहले मेरे बचपन की है। एक मुस्लिम सेल्समैन था जो अलीगढ़ के तालों का काम करता था। वह हर तीन महीने पर मेरे गांव का दौरा करता था। मुझे अच्छी तरह याद है कि वह काली जैकेट पहनता था।" मोदी ने कहा, "वह सेल्समैन दुकानों पर ताले छोड़ जाता था और तीन महीने बाद आकर उसका पैसा ले जाता था। वह पास-पड़ोस के गांव में भी व्यापारियों के पास जाता था और उन्हें ताले दिया करता था। वह हमारे गांव में चार-छह दिन रुकता था और वह जो धन इकट्ठा करता था, उस दौरान मेरे पिताजी के पास रखवा देता था और गांव से जाते वक्त वह उस धन को वापस ले लेता था।" प्रधानमंत्री ने कहा, "बचपन में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और सीतापुर जिलों के बारे में मैं अच्छी तरह जान गया था। अगर हमारे गांव के किसी व्यक्ति को आंख की कोई बीमारी हो जाती थी और उसे इलाज की जरूरत होती थी तो हर कोई कहता था कि सीतापुर चले जाओ। तब मैं ज्यादा समझ नहीं पाता था लेकिन हम अक्सर सीतापुर शब्द सुनते थे। इसके अलावा उन सज्जन के कारण अलीगढ़ का नाम भी बार-बार सुनाई देता था।
- शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार सुबह एक मकान में आग लगने से उसमें रहने वाले एक परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि चुराह तहसील के कारातोश गांव के एक मकान में तड़के तीन बजे आग लग गई और रफी मोहम्मद (25), उनके तीन बच्चों जुल्खा (2), जैतून (6) तथा समीर (4) की जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मोहम्मद की पत्नी भी इस घटना में झुलस गईं।
- नयी दिल्ली। भारतीय तटरक्षक बल ने दीव के वनकबारा तट के पास एक डूबती नाव से सात मछुआरों को बचाया। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मछली पकड़ने की नाव में कुछ खराबी आ गई थी और वह तट के पास समुद्र में फंस गई थी। दीव प्रशासन से सोमवार रात आठ बजे इसकी सूचना मिलने पर तटरक्षक बल ने पोरबंदर से स्वदेश निर्मित ‘उन्नत एवं हल्के हेलीकाप्टर' को इस बचाव अभियान के लिए तैनात किया और ठंडे मौसम तथा अंधेरे में वनकबारा तट, जो कि पोरबंदर से 175 किलोमीटर दूर स्थित है, वहां पर बचाव कार्य शुरू किया गया। बयान में कहा गया कि घने अंधेरे और समुद्र में पेश आती कठिनाईयों के बावजूद कुशल पायलटों ने एक घंटे में अभियान पूरा किया और सातों मछुआरों को बचा लिया गया।
- संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासभा की विश्व नेताओं की अगले हफ्ते होने वाली वार्षिक सभा में 100 से अधिक देशों और सरकार के प्रमुख व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे, और उनमें भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन भी शामिल होंगे। वक्ताओं की ताजा सूची के अनुसार यह जानकारी मिली है। कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में यह बैठक ऑनलाइन हुई थी।मोदी 25 सितंबर की सुबह संयुक्त राष्ट्र महासभा के सभागार से विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे। इससे एक दिन पहले 24 सितंबर को वह बाइडन की मेजबानी में वाशिंगटन डीसी में क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि मोदी, बाइडन, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और उनके जापानी समकक्ष योशिहिदे सुगा वाशिंगटन में क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और ‘‘12 मार्च 2021 को हुए पहले वर्चुअल शिखर सम्मेलन के बाद से हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और साझा हितों के क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।'' बयान में कहा गया है कि मोदी 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 76वें सत्र को संबोधित करेंगे। इस साल की महासभा की चर्चा का विषय ‘‘कोविड-19 से उबरने की उम्मीद के जरिए लचीलेपन का निर्माण, स्थायित्व का पुनर्निमाण, धरती की आवश्यकताओं को पूरा करना, लोगों के अधिकारों का सम्मान और संयुक्त राष्ट्र को पुनर्जीवित करना है।'' बाइडन अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर महासभा में पहला संबोधन देने न्यूयॉर्क जाएंगे। आम चर्चा में ब्राजील के बाद अमेरिका पारंपरिक रूप से दूसरा वक्ता है। यह चर्चा इस साल 21 सितंबर से 27 सितंबर तक चलेगी। चर्चा के आखिरी दिन अफगानिस्तान के राजनयिक संबोधित करेंगे। अभी संयुक्त राष्ट्र में अफगानिस्तान के दूत गुलाम इसाकजई हैं जिन्हें जून 2021 में पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी ने संयुक्त राष्ट्र में काबुल का दूत नियुक्त किया। अंतरिम तालिबान सरकार ने इसाकजई की जगह किसी और को नियुक्त करने का अभी कोई फैसला नहीं किया है। जापान और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री भी 193 सदस्यीय महासभा में अपने देश की ओर से भाषण देने के लिए संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय आएंगे। इजराइल के नए प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट और फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास भी इसमें भाग लेंगे और 23 मंत्रियों के व्यक्तिगत रूप से भाषण देने का भी कार्यक्रम है। संयुक्त राष्ट्र ने देशों से व्यक्तिगत रूप से भाग लेने या पहले से रिकॉर्ड किए गए बयान पेश करने का अनुरोध किया है जैसा कोरोना वायरस महामारी के कारण पिछले साल सभी देशों ने किया था। कई राजनयिकों और नेताओं ने सार्वजनिक रूप से शिकायत की थी कि क्षेत्रीय मुद्दों और वैश्विक चुनौतियों तथा संकट से निपटने के लिए वर्चुअल बैठक आमने-सामने की बैठक या सामूहिक चर्चा की जगह नहीं ले सकती। बड़ी संख्या में नेता व्यक्तिगत रूप से सभा में भाग लेने की योजना बना रहे हैं जो संयुक्त राष्ट्र की वार्षिक सभा की महत्ता को दर्शाता है। वार्षिक सभा में 73 देशों के प्रमुख और 31 सरकारों के प्रमुखों के भाग लेने की उम्मीद है। ईरान, मिस्र, फ्रांस, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति इस साल पहले से रिकॉर्ड किए गए बयान देंगे। 20 सितंबर से शुरू हो रही इस उच्च स्तरीय बैठक की शुरुआत जलवायु परिवर्तन के मुद्दे से होगी।
- मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थानाक्षेत्र के नंदना गांव में एक मकान में सोमवार देर शाम एक रसोई गैस सिलेंडर के पाईप में रिसाव के कारण आग लग गई, जिससे उसमें विस्फोट हो गया और उसकी चपेट में आकर एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गयी। मीनापुर थाना अध्यक्ष प्रभात रंजन ने बताया कि हादसे में अशोक साह की पत्नी शोभा देवी (27), बेटी दीपांजलि (6) और दो बेटे आदित्य (4) और विवेक (2) की मौत हो गई। आग पर दमकल विभाग के कर्मियों ने काबू पा लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। अशोक शाह के रिश्तेदार विजय साह ने बताया कि अशोक दिल्ली में एक मजदूर के तौर पर काम करता है। घर में उनकी पत्नी शोभा देवी अपने तीन बच्चों और सास के साथ रहती थी। हादसे के समय शोभा की सास सब्जी लेने बाजार गयी हुयी थी। शोभा खाना बना रही थी और पाइप से गैस रिसाव से अचानक आग लग गई और आग की चपेट में आने से सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आने से शोभा और उनके बच्चों की मौत हो गयी।
- पन्ना । मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक मजदूर और उसके तीन साथियों को एक खदान में 8.22 कैरेट का हीरा मिला है। स्थानीय विशेषज्ञों ने बताया कि हीरे की कीमत 40 लाख रुपए तक हो सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि ऐसे कच्चे हीरे की नीलामी के बाद मिलने वाली राशि से रॉयल्टी और करों की कटौती के बाद शेष राशि संबंधित खनिकों को दी जाती है। पन्ना जिले के कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि रतनलाल प्रजापति और उनके सहयोगियों ने जिले के हीरापुर तपरिया इलाके में पट्टे पर दी गई जमीन से खुदाई के दौरान 8.22 कैरेट का हीरा निकाला और उसे कार्यालय में जमा करा दिया है। उन्होंने कहा कि इस हीरे को अन्य हीरों के साथ 21 सितंबर को नीलामी के लिए रखा जाएगा।प्रजापति के सहयोगियों में से एक रघुवीर प्रजापति ने सरकारी कार्यालय में कीमती पत्थर जमा कराने के बाद पत्रकारों को बताया कि उन्होंने पिछले 15 साल विभिन्न खदानों में हीरा खोजने में बिताए हैं लेकिन सोमवार को पहली बार भाग्य ने उनका साथ दिया और कीमती हीरा उन्हें मिला। खनिक ने कहा कि वह और उसके साथी हीरे की नीलामी से प्राप्त धन का उपयोग अपने बच्चों को बेहतर जीवन और शिक्षा देने के लिए करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की राजधानी भोपाल से 380 किलोमीटर दूर स्थित पन्ना जिले में 12 लाख कैरेट के हीरे का भंडार जमीन में होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हाल ही में मिले कीमती हीरे और अन्य 139 हीरों की नीलामी 21 सितंबर से शुरु होगी।-file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फर्जी खबरों से निपटने के लिए सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम पर अपना अकाउंट मंगलवार को शुरू किया। इसे ‘पीआईबी फैक्ट चेक' के तौर पर शुरू किया गया है, जो टेलीग्राम पर चैनल शुरू करने वाली कुछ सरकारी संस्थाओं में से एक है। इसका उद्देश्य केंद्र से संबंधित सूचना की पुष्टि करना और उसे उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाना है। मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, ‘‘इससे पहले तथ्यों की जांच के नाम पर टेलीग्राम पर फर्जी चैनल चल रहे थे। पीआईबी (पत्र सूचना कार्यालय) ने इन फर्जी चैनलों को हटवा दिया।'' ‘पीआईबी फैक्ट चेक' केंद्र सरकार का तथ्यों की जांच करने वाला इकलौता माध्यम है जिसकी स्थापना नवंबर 2019 में हुई थी।
- ऋषिकेश। यहां एम्स ऋषिकेश के एक जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर ने अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली । ऋषिकेश पुलिस के प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि 26 वर्षीय डॉ शिवानंद बौन कर्नाटक के जिला बिदर का रहने वाला था और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष का छात्र था । मृतक बौन के शव को पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही एम्स स्टॉफ ने शवगृह में रखवा दिया ।नेगी ने बताया कि मौके पर पहुंच कर छात्रावास के कमरे का निरीक्षण करने पर वहां कुछ दवाइयां व इंजेक्शन मिले हैं जिन्हें पुलिस ने सील कर दिया है । मौत की सही वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है । एम्स ऋषिकेश की तरफ से कानून अधिकारी प्रदीप पांडे ने पुलिस को यह सूचना दी ।
- नयी दिल्ली । उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर में छत गिरने की घटना में नौ महीने के एक बच्चे की मौत के कुछ दिनों बाद उसकी मां की भी यहां एक अस्पताल में चोटों के कारण मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान आंचल (20) के रूप में हुई है। उसकी सोमवार रात को मौत हुई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को स्वरूप नगर पुलिस थाने को सूचना मिली कि एक मकान की छत गिर गयी है और एक महिला तथा उसका बच्चा मलबे में दब गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला। उन्हें बुराड़ी में स्थित कपिल अस्पताल ले लाया गया, जहां से उन्हें एनएलजेपी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। एनएलजेपी में नक्श को मृत घोषित कर दिया गया। उसकी मां आंचल को गंभीर चोटें आयी थीं, लेकिन उसकी हालत स्थिर थी। सिद्धि (9) को भी कुछ चोटें आयी थीं। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।-file photo
- अहमदाबाद। शहर में वेजीटेबल पफ बनाने के कारखाने में काम करने वाले तीन मजदूरों की वहां रात में जमा धुएं में दम घुटने से मौत हो गयी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह कारखाना अहमदाबाद के घटलोदिया में भीड़-भाड़ वाली आवासी क्षेत्र केके नगर में एक स्कूल के पास स्थित है। पुलिस निरीक्षक वीआर वाघेला ने बताया कि कारखाने का मेन गेट सुबह बंद मिलने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी। दमकल अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस को तीन लोग फर्श पर बेहोश अवस्था में मिले। पुलिस ने परिसर में गैस रिसाव की आशंका की जांच करने के लिए तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। खाड़िया ने बताया कि बाद में तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। दमकल विभाग ने मौके का जायजा लेने के बाद बताया कि परिसर में रात को कोई गैस लीक नहीं हुआ और ना ही वहां आग जल रही थी। जोन-1 के पुलिस उपायुक्त रविन्द्र पटेल ने बताया कि शुरुआती जांच से लगता है कि कारखाने में ही रहने वाली तीनों मजदूरों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई है। पुलिस ने बताया कि मृत मजदूरों की पहचान इब्राहीम, असलम और हसन के रूप में हुई है।-file photo
- हमीरपुर (उप्र) । हमीरपुर जिला मुख्यालय में बेतवा नदी के पुल पर मंगलवार को साइकिल सवार एक छात्रा को कथित रूप से बालू से भरे डंपर ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम कर दी। सदर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) अनुराग सिंह ने बताया कि हेलापुर गांव की रहने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा मानसी (13) मंगलवार सुबह करीब नौ बजे साइकिल से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पढ़ने जा रही थी, तभी उसे बेतवा नदी के पुल पर बालू से भरे डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने पुल के पास कुछ देर सड़क जाम की, जिससे वाहनों की कतार लग गयी। हालांकि बाद में छात्रों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया। सीओ ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
- पोर्ट ब्लेयर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सितंबर अंत में अंडमान निकोबार द्वीप समूह का दौरा करेंगे और वहां सबसे लंबे पुल का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कंपनी के उप महाप्रबन्धक सुनील ने कहा कि 1.45 किलोमीटर लंबा ‘हम्फ्रे स्ट्रेट पुल' गांधी और उत्तर फेरी घाटों के बीच दक्षिण और मध्य अंडमान को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि 202 करोड़ रुपये की लागत से दो साल में इसका निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड के कारण लागू प्रतिबंधों के बावजूद पिछले कुछ महीने में परियोजना का काम चलता रहा और 99 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। अधिकारी ने कहा, “केंद्र शासित क्षेत्र का यह सबसे लंबा पुल है। आने वाले दिनों में प्रायोगिक आधार पर यातायात की अनुमति दी जाएगी जिसके बाद एनएचआईडीसीएल परियोजना के पूर्ण होने की घोषणा करेगा।
- तिरुवनंतपुरम। केरल में रविवार को रात्रि कर्फ्यू और कड़े लॉकडाउन उपायों को हटाने के बाद, मंगलवार को राज्य सरकार ने फैसला किया कि अब से शनिवार कार्य दिवस होगा। गौरतलब है कि राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिये रात्रि कर्फ्यू और लॉकडाउन जैसे उपाय किये गए थे। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया, "तदनुसार सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे शनिवार को ड्यूटी के लिए आएं।" आदेश में कहा गया है कि चार अगस्त को सभी सरकारी कार्यालयों, अर्ध सरकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, कंपनियों, स्वायत्त निकायों और आयोगों को सोमवार से शुक्रवार तक पूरी उपस्थिति के साथ काम करने की अनुमति दी गई थी। उन्होंने कहा, "वर्तमान कोविड-19 परिदृश्य और राज्य में लगाए गए प्रतिबंधों का आकलन करने के बाद, सरकार ने शनिवार को भी कार्य करने की अनुमति दे दी है।'' कोविड-19 प्रतिबंधों में ढील को देखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी, अर्ध-सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारियों के लिए 16 सितंबर से बायोमेट्रिक प्रवेश प्रणाली को बहाल करने का भी फैसला किया है। सरकार ने कहा कि कर्मचारी बायोमेट्रिक प्रवेश प्रणाली के लिए अपने पहचान पत्र का उपयोग कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) इस महीने से सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के लिए केंद्र सरकार को ‘निष्क्रिय' पोलियो टीके (आईपीवी) की आपूर्ति शुरू करने के साथ ऐसा करने वाली पहली स्वदेशी कंपनी बन जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल में आईपीवी टीके की 54 लाख खुराकों के लिए एसआईआई को खरीद का ऑर्डर दिया है। अब तक सरकार सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम में आईपीवी की आपूर्ति के लिए विदेशी दवा कंपनी सनोफी पर निर्भर थी। एसआईआई में सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने हाल में स्वास्थ्य मंत्रालय को सूचित किया, ‘‘मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि हमारी कंपनी ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया' केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को इनएक्टिवेटेड पोलियोमाइलाइटिस वैक्सीन (आईपीवी) की आपूर्ति करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है जो हमारे देश के बच्चों को पोलियोमाइलाइटिस रोग से बचाएगी।'' एसआईआई की आईपीवी को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से दुनिया के विभिन्न देशों में आपूर्ति के लिए पूर्व अनुमति मिली हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सनोफी को भी आईपीवी की 36 लाख खुराक की आपूर्ति का ऑर्डर दिया है। सिंह ने अपने पत्र में कहा है, ‘‘यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि कोविड-19 टीकों के अलावा कई अन्य जीवन रक्षक टीकों के साथ-साथ, हमारा देश अब आईपीवी में भी आत्मनिर्भर है और हम प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत' अभियान की तर्ज पर आगे बढ़ रहे हैं।'' स्वास्थ्य मंत्रालय की आवश्यकता के अनुसार टीकाकरण कार्यक्रम के लिए शीघ्र ही आईपीवी की पहली खेप जीएमएसडी (सरकारी मेडिकल स्टोर डिपो) को आपूर्ति की जाएगी। भारत को आधिकारिक तौर पर 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया था, लेकिन देश में टीकाकरण कार्यक्रम जारी है। आईपीवी को नवंबर 2015 में शुरू में छह राज्यों में पेश किया गया था, जिसे अप्रैल 2016 तक पूरे देश में विस्तारित किया गया था।
- लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले की देवनी तहसील के ग्रामीणों और जिला परिषद शिक्षकों ने अपने क्षेत्र में स्कूलों के पुनरुद्धार के लिए 40.78 लाख रुपये एकत्र किये हैं। ब्लॉक विकास अधिकारी मनोज राउत ने मंगलवार को कहा कि जिला परिषद के 261 शिक्षकों और बहुत से गांव वालों ने लोगों को दान देने के लिए मनाया। राउत ने कहा, “वे तहसील के हर गांव में गए, अभिभावकों के साथ बैठकें कीं, ग्राम पंचायत स्तर से चुने हुए प्रतिनिधियों को शामिल किया और जिला परिषद के स्कूलों के पुनरुद्धार के लिए 40.78 लाख रुपये एकत्र किये।” उन्होंने बताया कि वागनलवाड़ी गांव में ऐसी ही एक बैठक के दौरान लोगों ने तत्काल 75 हजार रुपये बक्से में डाल दिए। एक अधिकारी ने बताया कि तहसील में 54 गांव और 45 ग्राम पंचायत हैं जिसमें 65 जिला परिषद स्कूल हैं। इनमें से 60 स्कूलों का पुनरुद्धार किया जाना है। उन्होंने कहा कि एकत्र किये गए 40 लाख रुपये में से 23 लाख रुपये ग्रामीणों ने दिए और बाकी का प्रबंध शिक्षकों ने किया। राउत ने बताया कि ‘बाला परियोजना' के तहत जिला पंचायत कार्यकारी अधिकारी अभिनव गोयल के अधीन पुनरुद्धार किया जा रहा है। देवनी पंचायत समिति के उपाध्यक्ष शंकरराव पाटिल तालेगांवकर ने बताया कि पुनरुद्धार के बाद जिला परिषद स्कूलों में और अधिक बच्चे आ रहे हैं जिनमें वह बच्चे भी हैं जो अंग्रेजी माध्यम के स्कूल छोड़कर आए हैं। उन्होंने कहा कि देवनी के जिला परिषद स्कूलों में छात्रों की संख्या में 5.80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।-file photo
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता किशोर दत्त ने निजी वजहों का हवाला देते हुए मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया और राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा मंजूर कर लिया है। राजभवन ने यह जानकारी दी।राज्यपाल ने ट्वीट किया, संविधान के अनुच्छेद 165 के अनुसार पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता, वरिष्ठ वकील किशोर दत्त का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।फरवरी 2017 में प्रभार संभालने वाले किशोर दत्त पश्चिम बंगाल के चौथे महाधिवक्ता हैं जिन्होंने ममता बनर्जी के शासन के दौरान पद से इस्तीफा दिया है। तृणमूल कांग्रेस के 2011 में सत्ता में आने के बाद सबसे पहले अनिंद्य मित्रा ने महाधिवक्ता का पदभार ग्रहण किया था और बाद में इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद इस पद पर आने वाले बिमल चटर्जी और जयंत मित्रा ने भी इस्तीफा दे दिया था।---
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून से पहले सर्वेक्षण में उत्तर दिल्ली में करीब 700 इमारतों को खतरनाक घोषित किया गया था । एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी । उत्तर दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में चार मंजिली इमारत के गिरने की घटना के बाद पुरानी इमारतों एवं अन्य संरचनाओं की सुरक्षा की ओर ध्यान आकृष्ट हुआ है । इमारत गिरने की घटना में सात एवं 12 साल के दो लड़कों की मौत हो गयी थी । अधिकारी ने बताया कि सोमवार को गिरी यह इमरात पुराने रॉबिन सिनेमा के सामने स्थित थी, उसके आस पास 75 साल पुरानी और छोटी इमारतें स्थित हैं । अधिकारी ने बताया कि ऐसी संरचनाओं की पहचान करने और उपचारात्मक कार्रवाई करने के लिए मई-जून में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सभी छह जोनों में एक मॉनसून पूर्व सर्वेक्षण किया गया था। उत्तर दिल्ली नगर निगम के अधिकारी ने बताया, ‘‘इस सर्वेक्षण के दौरान 699 संरचनाओं को खतरनाक स्थिति में पाया गया था और 444 ऐसे इमारतों की पहचान की गयी जिनमें आवश्यक मरम्मत करना था । उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण में सिविल लाइंस जोन में 89 ऐसी इमारतों की पहचान की गयी जो खतरनाक थी, इसके अलावा वार्ड नंबर 13 में 20 ऐसी इमारतों की पहचान की गयी जो खतरनाक थी । उन्होंने बताया कि इसी वार्ड में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुयी है।
- गुवाहाटी। बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (पूर्वी कमान) वाई बी खुरानिया ने सोमवार को गुवाहाटी में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बल के सीमावर्ती मुख्यालय का दौरा किया और विभिन्न चुनौतियों से निपटने के लिए अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की। अर्धसैनिक बल द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, महानिरीक्षक (पूर्वी सीमांत) एस एस गहलोत ने यात्रा के दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति से अवगत कराया। खुरानिया ने कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए बीएसएफ गुवाहाटी फ्रंटियर द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीएसएफ अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में सराहनीय कार्य कर रहा है। बाद में, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत से मुलाकात की और सीमा प्रबंधन के कुछ पहलुओं पर चर्चा की। विज्ञप्ति में कहा गया है कि खुरानिया अगले दो दिनों में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा प्रभुत्व का आकलन करेंगे और जमीनी स्तर के सैनिकों व कमांडरों से बातचीत करेंगे। इसके मुताबिक, वह तैनात सैनिकों के सामने निश्चित समय पर आने वाली समस्याओं का मूल्यांकन करेंगे।







.jpg)

















.png)

.jpg)