- Home
- देश
- भोपाल। जबलपुर जिले में पिछले 24 घंटे में मच्छर जनित संक्रमण के 150 नए मामले सामने आने और इससे एक व्यक्ति की मौत होने के बाद मध्यप्रदेश सरकार बुधवार से डेंगू विरोधी अभियान शुरु करने जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि इस साल एक जनवरी से अब तक प्रदेश में डेंगू मरीजों के संख्या 2,570 हो गई है।सोमवार को जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए ‘डेंगू से जंग जनता के संग' अभियान के तहत लोगों को सरकार के प्रयासों में सहयोग करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने डेंगू पैदा करने वाले लार्वा, पानी या उसके आसपास न पनपे, इसलिए लोगों से सात दिनों के अंदर घर के आसपास एवं कूलर, बर्तन आदि में जमे पानी को साफ करने के लिए भी कहा । चौहान ने कहा कि हमने तय किया है कि 15 सितम्बर को सबेरे 10 बजे से लेकर 10.30 बजे के बीच आधा घंटा इस अभियान के लिए अपना समय निकालना है। नागरिकों के सहयोग से यह अभियान निश्चित ही सफल होगा।
- भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रेहड़ी लगाकर पानी पुरी बेचने वाले 30 वर्षीय एक युवक ने बेटी के जन्म पर शहर के लोगों को दिन भर लगभग 35 से 40 हजार रुपए की पानी पुरी नि:शुल्क खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और समाज को यह संदेश देने की कोशिश की कि लड़के और लड़कियों के बीच भेद न करते हुए बेटी के जन्म पर भी जश्न मनाया जा सकता है। भोपाल के कोलार इलाके में पानी पुरी बेचने वाले आंचल गुप्ता ने बेटी का पिता बनने के बाद रविवार को लोगों को ‘‘बेटी है तो कल है'' का संदेश देते हुए अपनी खुशी का इजहार किया और लोगों को दिन भर मुफ्त में पानी पुरी खिलाईं। गुप्ता ने सोमवार को बताया, ‘‘बेटी का जन्म मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। जब से मेरी शादी हुई है, मैं हमेशा से एक बेटी चाहता था। दो साल पहले मेरी पत्नी ने पहली बार बेटे को जन्म दिया था। भगवान ने इस साल 17 अगस्त को मुझे आशीर्वाद के तौर पर बेटी दी है।'' पानी पुरी विक्रेता ने कहा कि उसने रविवार को भोपाल के कोलार इलाके में लगभग 35 से 40 हजार रुपये की पानी पुरी लोगों को मुफ्त में खिलाई, लेकिन इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि बेटी होने से वह बहुत खुश है।
- ठाणे । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में अंबरनाथ कस्बे में एक कार के ऑटो रिक्शा से टकरा जाने से ऑटो में बैठे चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। शिवाजी नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना अंबरनाथ के पाले गांव में रविवार रात करीब 10 बजे हुई जब वे अपने दोस्त के घर से गणपति उत्सव में शामिल होकर जिले के उल्हासनगर कस्बे में अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि सामने से आ रही एक कार ऑटो-रिक्शा से टकरा गई। ऑटो रिक्शा में बैठे तीन लोग और उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान वर्षा वालेचा (51), आरती वालेचा (41), राज वालेचा (12) और चालक किशन शिंदे (33) के तौर पर हुई है और ये सभी उल्हासनगर के रहने वाले थे। साथ ही बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही बताया कि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
- तिरुवनंतपुरम। एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान यहां से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह के लिए सोमवार सुबह उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद तकनीकी खामी के चलते हवाईअड्डे पर लौटा। विमान में 170 यात्री सवार थे। एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने एक न्यूज़ एजेंसी को बताया कि विमान में चालक दल के छह सदस्य भी थे और यह तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डा पर सुरक्षित उतरा। उन्होंने बताया कि शारजाह जाने के लिए यात्रियों के लिए दूसरी उड़ान की व्यवस्था की गई। यात्रियों में छह शिशु भी शामिल थे। हवाई अड्डा के एक अधिकारी के मुताबिक घटना सुबह सात बजे हुई। एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि पायलटों ने उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद तकनीकी खामी पाई और तुरंत तिरुवनंतपुरम लौटने का फैसला लिया।-file photo
- मुजफ्फरनगर। जिले की एक अदालत ने सोमवार को एक महिला और उसके प्रेमी को महिला की सास की हत्या के मामले में दोषी ठहराते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई। अतिरिक्त जिला न्यायाधीश जय सिंह पुंडीर ने भावना ओर मोहित को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी ठहराते हुए दोनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया और साक्ष्य के अभाव में अन्य चार आरोपियों को बरी कर दिया। सरकारी वकील आशीष त्यागी के अनुसार आरोपी भावना की सास राधा रानी की 11 नवंबर, 2017 को ए टू जेड कॉलोनी में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह दूध लेने गई थी। पुलिस ने मामले में उसकी बहू भावना और उसके प्रेमी मोहित समेत छह आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था।
- बेंगलुरु। अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) नीति में संशोधन किया जा रहा है, जिससे विदेशी कंपनियों के लिए देश में निवेश के काफी मौके खुलेंगे। यह टिप्पणी एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने सोमवार को की। अंतरिक्ष विभाग के सचिव और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख के सिवन ने कहा कि विदेशी कंपनियों के पास अंतरिक्ष क्षेत्र में अपने भारतीय समकक्षों के साथ गठजोड़ करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने एक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन और प्रदर्शनी में डिजिटल माध्यम से भाग लेते हुए कहा, “ हमने देखा है कि विदेशी कंपनियों को काफी रूची है।” यह सम्मेलन भारतीय उद्योग परिसंघ ने एंट्रिक्स, इसरो और एनएसआईएल के सहयोग से आयोजित किया है। सिवन ने कहा, “हमारी अंतरिक्ष एफडीआई नीति को संशोधित किया जा रहा है और संशोधित नीति विदेशी कंपनियों के लिए भारत में निवेश करने के काफी मौके होंगे।” उन्होंने कहा, “यह भारतीय और विदेशी कंपनियों के बीच निरंतर भागीदारी सुनिश्चित करेगा जिससे दोनों को बहुत लाभ होगा।”भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (इन-स्पेस) के नामित अध्यक्ष पवन गोयंका ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने कम बजट के बावजूद उन्नत प्रौद्योगिकी से जो उपलब्धियों हासिल की हैं, उससे वह काफी प्रभावित हैं। अंतरिक्ष विभाग के तहत आने वाले इन-स्पेस इसरो के केंद्रों, विशेषज्ञता और प्रौद्योगिकी के प्रचार, सहयोग, साझा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर की स्वायत्त नोडल एजेंसी है। वह भारत में निजी क्षेत्र की अंतरिक्ष गतिविधियों को अधिकृत करती है और उसपर निगरानी भी करती है। गोयंका ने कहा कि 44 अरब डॉलर की वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में भारत की हिस्सेदारी दो फीसदी से भी कम है फिर भी वह अंतरिक्ष क्षेत्र में एक अग्रणी राष्ट्र है। इस बीच 40 से अधिक अंतरिक्ष स्टार्टअप तथा उद्योग अंतरिक्ष क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों में सहयोग करने के लिए अंतरिक्ष एजेंसी से चर्चा कर रहे हैं। इन अंतरिक्ष गतिविधियों में उपग्रहों व प्रक्षेपित वाहनों का विकास, ऐप्लीकेशन विकसित और अंतरिक्ष आधारित सेवा प्रदान करना शामिल है। सिवन ने कहा कि वे हर उद्योग के प्रस्ताव को देख रहे हैं और उन पर आगे की कार्रवाई के लिए विचार किया जा रहा है।इसरो के वैज्ञानिक सचिव एवं प्रभारी (इन-स्पेस गतिविधि) आर उमामहेश्वरन ने कहा कि अंतरिक्ष विभाग उपग्रह संचार से संबंधित नीतियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष गतिविधि विधेयक को अलग अलग विभागों में समीक्षा और अंतर-मंत्रालय सलाह-मशविरे के बाद संसद में पेश किया जा रहा है।
- भुवनेश्वर। ओडिशा के कई इलाकों में सोमवार को रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई जिससे जगह जगह जलजमाव हो गया और गाड़ियां उसमें फंस गई। बरसात ने राजधानी भुवनेश्वर में 63 साल का, तो मंदिर नगरी पुरी में 87 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है। केंद्रपाड़ा जिले में दीवार गिरने की घटना में दो लोगों की मौत की सूचना है लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, भुवनेश्वर में बीते 24 घंटे में, सुबह साढ़े आठ बजे तक, 195 मिमी बारिश हुई जो पिछले 63 वर्षों में सर्वाधिक है। इससे पहले नौ सितंबर 1958 को शहर में 163 मिमी बारिश हुई थी। उन्होंने बताया कि पुरी में एक दिन में 341 मिमी बारिश हुई है जिससे 87 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। उनके मुताबिक, तटीय शहर में दो सितंबर 1934 को 210.8 मिमी बारिश हुई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि राजधानी के नयापल्ली इलाके में इस्कॉन मंदिर के पास पानी में वाहन तैरते देखे गए, जहां घरों और बाजारों में बारिश का पानी घुस गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल जाने के रास्ते में फंसी एक एम्बुलेंस को स्थानीय लोगों ने धक्का लगाकर सड़क किनारे पहुंचाया जहां जलजमाव नहीं था।वहीं दुमुदुमा इलाके में खेत में बने कुछ घरों में दरारें आ गई हैं। इसी तरह के दृश्य पुरी, कटक और पारादीप में भी देखे गए। अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों ने पानी निकालने के लिए भुवनेश्वर और कटक में 100 से अधिक पंप तैनात किए हैं। ओडिशा में पिछले कुछ दिनों से गहरे दबाव के क्षेत्र की वजह से भारी बारिश हो रही है। उत्तरपश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया और सोमवार सुबह भद्रक जिले के चांदबली के पास तट को पार कर गया। इसके बाद मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए अलर्ट जारी किए। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में उत्तर ओडिशा, उत्तर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ सकता है। विभाग ने संबलपुर, देवगढ़, सोनपुर और बारगढ़ के लिए ‘रेड' चेतावनी जारी की है जिसका मतलब है कि इन स्थानों पर भारी से बेहद भारी और अत्यधिक भीषण वर्षा हो सकती है। मौसम कार्यालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पुरी में 341 मिमी बारिश हुई, जिसके बाद पारादीप में 219 मिमी, गोपालपुर में 64 मिमी, चांदबली में 46 मिमी और बालासोर में 24 मिमी में बारिश हुई। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है क्योंकि प्रमुख नदियां और उनकी सहायक नदियां लगातार बारिश के कारण उफान पर हैं। इसमें कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया है ऐसे में ओडिशा में बाढ़ के हालात बन सकते हैं।
- मंगलुरु। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। फर्नांडिस 80 साल के थे। अपने घर पर योगाभ्यास करते समय गिर जाने के बाद जुलाई में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मस्तिष्क में बने खून का थक्का हटाने के लिए उनकी सर्जरी भी की गई थी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर सोमवार को शोक जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘राज्यसभा सदस्य ऑस्कर फर्नांडिस के निधन से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिजनों और शुभचिंतकों के साथ है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।''
- नयी दिल्ली। इंडिगो ने सोमवार को कहा कि वह महानगरों और टियर-2 या टियर-3 शहरों के बीच संपर्क में सुधार के लिए सितंबर में 38 घरेलू उड़ानें शुरू करेगी।एयरलाइन के बयान में कहा गया है कि इंडिगो लखनऊ-रांची, बेंगलुरु-विशाखापत्तनम, चेन्नई-इंदौर, लखनऊ-रायपुर, मुंबई-गुवाहाटी और अहमदाबाद-इंदौर के बीच उड़ानों को फिर से शुरू करेगी जबकि रायपुर-पुणे के बीच नई उड़ानों का परिचालन किया जाएगा।इंडिगो के मुख्य रणनीति और राजस्व अधिकारी संजय कुमार ने कहा, "हमें अपने घरेलू नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 38 नई उड़ानों को जोड़कर खुशी हो रही है।" उन्होंने कहा, "ये उड़ानें यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करेंगी और मेट्रो और टियर 2/3 शहरों के बीच संपर्क में सुधार करेंगी।"
- भुवनेश्वर। ओडिशा में गहरे दबाव का क्षेत्र बनने से सोमवार को भारी बारिश हुई जिसके मद्देनजर अधिकारियों ने बाढ़ की चेतावनी जारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भुवनेश्वर में बीते 24 घंटे में, सुबह साढ़े आठ बजे तक, 195 मिमी बारिश हुई जो पिछले 63 वर्षों में सर्वाधिक है। इससे पहले नौ सितंबर 1958 को शहर में 163 मिमी बारिश हुई थी।उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया और सोमवार सुबह भद्रक जिले के चांदबली के पास तट को पार कर गया। इसके बाद मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए अलर्ट जारी किए। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में उत्तर ओडि़शा, उत्तर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ सकता है।विभाग ने संबलपुर, देवगढ़, सोनपुर और बारगढ़ के लिए रेड चेतावनी जारी की है जिसका मतलब है कि इन स्थानों पर भारी से बेहद भारी और अत्यधिक भीषण बारिश हो सकती है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है क्योंकि प्रमुख नदियां और उनकी सहायक नदियां लगातार बारिश के कारण उफान पर हैं। इसमें कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया है ऐसे में ओडिशा में बाढ़ के हालात बन सकते हैं।
-
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में सोमवार को 5 मंजिला इमारत गिर गई। मलबे के नीचे दबे 2 बच्चों समेत 3 लोगों को निकाल लिया गया है। इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। मलबे में अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस टीम और फायर डिपार्टमेंट की गाडिय़ां भी मौके पर है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बिल्डिंग गिरने की बहुत तेज आवाज सुनाई दी। मलबे में कई गाडिय़ां भी दब गई हैं। दिल्ली अग्निशमन विभाग के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि उनके विभाग में सोमवार सुबह 11.50 बजे घटना के संबंध में फोन आया था। सूचना मिलते ही 7 कर्मचारियों को रवाना कर दिया गया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा है कि सब्जी मंडी इलाके में इमारत गिरने का हादसा दुखद है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। मैं खुद जिलाला प्रशासन के माध्यम से हालात पर नजर बनाए हूं। -
नई दिल्ली। द्वारका जिला के डाबड़ी थाना इलाके में सात सितंबर को चमन सहरावत नामक शख्स की हत्या का मामला सुलझाने का पुलिस ने दावा किया है। डीसीपी संतोष कुमार मीणा ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि एक शख्स ने पत्नी से अवैध संबंध के शक में चमन सहरावत की हत्या कर दी थी। आरोपी ने चमन सहरावत नामक व्यक्ति की पहले चाकू से गोदकर, फिर गोली मारकर दिन दहाड़े हत्या की थी। इस मामले को जिला स्पेशल स्टाफ व थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सुलझाते हुए मुख्य आरोपी 41 वर्षीय राजीव गुप्ता उर्फ रामु, आरोपी संजय सिंह उर्फ काकू और आरोपी कुंवर पाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू व पिस्टल बरामद कर लिए हैं।
डीसीपी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि सात सितंबर को चमन सहरावत नामक शख्स की हत्या की जानकारी मिली। पता चला कि चमन के उपर चाकू से वार करने के साथ साथ गोली भी चलाई गई थी। प्राथमिक जांच में ही दो आरोपी राजीव व आरोपी संजय की पहचान हो गयी थी पर दोनों आरोपी वारदात के बाद फरार मिले। इनकी गिरफ्तारी के लिए एसएचओ सुरिंदर संघु व स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर नवीन कुमार की टीम ने घटना की जांच व तलाश शुरू की। इस दौरान तकनीकी छानबीन की मदद लेते हुए पुलिस ने दोनों संदिग्धों के बारे में पता लगा लिया। पहले आरोपी संजय को पुलिस ने पकड़ा। इसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया गया। इसने आरोपी कुंवर पाल का नाम बताया और कहा कि हत्या से पहले आरोपी कुंवर पाल ने सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी कुंवर पाल तक भी पहुंच गई। इन दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस आरोपी राजीव के पास भी पहुंच गई। आरोपी राजीव के पास से पिस्टल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी राजीव मैनपुरी का रहने वाला है। वर्ष 2007 में एक युवती से इसने प्रेम विवाह किया था। दोनों ने मिलकर इलाके में लोगों के लिए आकर्षक निवेश योजना शुरू की। आरोपी राजीव को शक था कि चमन इसकी पत्नी से मेलजोल रखता था। ऐसे में आरोपी राजीव ने आरोपी संजय व आरोपी कुंवरपाल के साथ मिलकर चमन की हत्या की योजना बनाई।
-
बलिया। बलिया के उभांव में प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि प्रेमिका ने प्रेमी को मिलने के बहाने बुलाया और भाई के साथ गला घोंटकर मार डाला। इसके बाद उसका शव 1 किमी दूर चकिया गांव के प्राथमिक स्कूल में फेंक दिया। सुबह गांव में जब परिजन पानी भरने गए तो उन्होंने युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी प्रेमिका और उसके आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। -
भोपाल। एक लड़की का अश्लील वीडियो वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी प्रेमी ने प्रेमिका के दूसरे लड़के से शादी करने से नाराज होकर यह हरकत की। पति को छोडऩे के लिए आरोपी कई दिनों से लड़की का पीछा कर छेड़छाड़ भी कर रहा था। आखिरकार परेशान होकर लड़की ने प्रेमी के खिलाफ एमपी नगर पुलिस स्टेशन में छेड़छाड़ और आईटी एक्ट समेत 4 से अधिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई।
मामला एमपी नगर पुलिस थाने का है। मामले की जांच कर रहीं एसआई श्वेता शर्मा ने बताया कि 20 साल की लड़की ने आरोपी मनीष के खिलाफ उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की शिकायत की थी। लड़की ने बताया कि वह करीब दो साल पहले अपने परिचित के यहां सागर गई थी। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी मनीष से हो गई। उनके बीच फोन पर भी बातचीत होने लगी।
श्वेता शर्मा ने बताया कि पीडि़ता से मुलाकात के दौरान आरोपी मनीष ने उसके कुछ अश्लील वीडियो बना लिए थे। कुछ समय पहले उसकी शादी भोपाल के साकेत नगर में हो गई। इसके बाद से आरोपी मनीष उसे परेशान करने लगा। वह पति को छोड़कर उसके पास आने के लिए धमकता था। भोपाल आकर वह उसका पीछा करता और विरोध करने पर छेड़छाड़ करता था। पहले तो उसने उसे मनाना का प्रयास किया, लेकिन 31 जुलाई को उसने उसका अश्लील वीडियो उसके पति को भेज दिया। इसके बाद से घर में झगड़ा होने लगा। पति और परिजनों की सहमति से आरोपी मनीष के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने आरोपी मनीष के खिलाफ छेड़छाड़, आईटी एक्ट और धमकी देने समेत पांच धाराओं में अपराध दर्ज किया।
एसआई श्वेता शर्मा ने बताया कि फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। जल्द ही सागर टीम भेजी जाएगी, ताकि आरोपी की गिरफ्तारी हो सके। आरोपी की भी उम्र 20 से 22 साल बताई जाती है।
-
जयपुर। जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित घटवाड़ा पुलिया के पास सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित घटवाड़ा पुलिया के पास सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी ओर सामने से आ रहे ट्रेलर में जा घुसा। दोनों ट्रेलर में टक्कर के दौरान एक कार उनके बीच में फंसकर चकनाचूर हो गई। इस दौरान एक ट्रेलर के केबिन में आग भी लग गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार सवार पांचों घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। इनमें 22 वर्षीय मोहनलाल दादरवाल पुत्र रिछपाल सिंह जाट चेतनदास की ढाणी ग्राम बधाला, थाना रानोली, जिला सीकर का रहने वाला है। 22 वर्षीय सुभाष कुमार पुत्र मदनलाल जाट बरसिंहपुरा थाना रानोली, जिला सीकर का निवासी है। 20 वर्षीय हंसराज पुत्र गोविंदराम जाट कासराडा थाना रींगस, जिला सीकर का निवासी है। वहीं, नरेन्द्र सिंह पुत्र शिवनाथ सिंह जाट उम्र 25 वर्ष निवासी आलोदा थाना खाटूश्याम जी जिला सीकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। संदीप महरिया गंभीर रूप से घायल है, जिसका निम्स अस्पताल में उपचार जारी है। कार में सवार सभी लोग बिहार के पटना शहर जा रहे थे।
संतोष कुमार खीचड़ ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। संतोष ने बताया कि उसका ड्राइवर सुभाष जाट अपने दोस्त नरेंद्र सिंह, हंसराज महरिया, मोहनलाल दादरवाल और संदीप महरिया के साथ पलसाना से दिल्ली के लिए सुबह करीब 3 बजे रवाना हुए थे। सुबह सुभाष अपने दोस्तों के साथ जाटावाली मोड़ से आगे जयपुर-दिल्ली हाईवे पर चढ़कर करीब 100 से 150 मीटर ही चला था। तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर तोड़कर दूसरे ट्रेलर में जा घुसा। दोनों ट्रेलर के चपेट में उसकी कार भी आ गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार नरेंद्र सिंह, हंसराज महरिया, मोहन दादरवाल और ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर संतोष मौके पर पहुंचा और ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। - अयोध्या (उत्तर प्रदेश) । अयोध्या में राम मंदिर निर्माण समिति द्वारा तैयार अंतिम योजना के अनुसार राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में छह देवी-देवताओं के मंदिरों का भी निर्माण किया जाएगा। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा कि मंदिर की नींव का निर्माण जोर-शोर से हो रहा है और इसके अक्टूबर के अंत या नवंबर के पहले सप्ताह तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। अंतिम योजना के अनुसार जन्मभूमि परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के छह मंदिरों का निर्माण होगा। इसके अनुसार परिसर में भगवान सूर्य, भगवान गणेश, भगवान शिव, देवी दुर्गा, भगवान विष्णु और भगवान ब्रह्मा के मंदिर भी बनाए जाएंगे।मिश्रा ने कहा, "विभिन्न देवी देवताओं के ये छह मंदिर राम मंदिर की बाहरी परिधि में लेकिन परिसर के भीतर बनाए जाएंगे। हिंदू धर्म में भगवान राम की पूजा के साथ ही इन देवताओं की पूजा भी बहुत महत्वपूर्ण है।" उन्होंने कहा कि नींव के पूरा हो जाने के बाद अक्टूबर के अंत से या नवंबर के पहले सप्ताह से मंदिर के आरधार का निर्माण शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भव्य मंदिर की संरचना में पत्थरों को लगाने के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर चार टावर क्रेन लगाए जाएंगे। मिश्रा ने कहा कि 1,20,000 वर्ग फुट और 50 फुट गहरे नींव का निर्माण कार्य अक्टूबर के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट ने अब नींव को समुद्र तल से 107 मीटर ऊपर लाने के लिए नींव क्षेत्र पर चार अतिरिक्त परतें बनाने का निर्णय लिया किया है। राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के मुताबिक सीमेंट अधिक गर्मी सोखता है, जिससे वातावरण में गर्मी बढ़ेगी। इससे बचने के लिए मंदिर के निर्माण में सीमेंट का कम से कम उपयोग किया जा रहा है। राम मंदिर के ‘सुपर स्ट्रक्चर' के आधार का निर्माण उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से 3.5 लाख घन फुट पत्थरों से किया जाना है। मिर्जापुर स्थित दो निजी कंपनियों को पत्थरों को काटने और लगाने का ठेका दिया गया है।
- पटना । पटना के शास्त्रीनगर थाना अंतर्गत शिवपुरी चौक स्थित आभूषण की एक दुकान में लूटपाट के मामले में तीन छात्रों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए आभूषण और हथियार बरामद किए गए हैं। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा ने रविवार को बताया कि मामले में 3 आरोपियों भागलपुर जिला के नौगछिया निवासी शुभम कुमार, भोजपुर जिला निवासी करण कुमार एवं आदित्य हर्षवर्धन को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इन तीनों आरोपियों को उनके अभिभावकों ने पटना में कोचिंग में पढ़ने के लिए भेजा था। तीनों आरोपी पटना के एसके पुरी स्थित एक कोचिंग संस्थान में 11वीं एवं 12वीं कक्षा के छात्र हैं। शर्मा ने बताया कि इनके पास से लूटे गए सोने और चांदी के आभूषण के साथ दो मोटरसाइकिल, एक पिस्तौल, एक मैगजीन, 15 कारतूस बरामद किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम उस लॉज मे 36 घंटे तक किरायेदार के तौर रही, जहां तीनों आरोपी रह रहे थे।
- मेदिनीनगर (झारखंड)। पलामू जिले में रविवार शाम बेतला-दुबियाखांड मार्ग पर एक कार के पलट जाने से उसमें सवार पांच लोग घायल हो गये जिनमें तीन की हालत गंभीर बतायी जाती है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना प्रभारी कर्मपाल कुमार नाग घटना स्थल पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। नाग ने बताया कि कार घसीटते हुए करीब सौ मीटर दूर चली गई। उन्होंने बताया कि कार बेतला राष्ट्रीय उद्यान से मेदिनीनगर की ओर जा रही थी।
- नयी दिल्ली/बर्न। स्विट्जरलैंड के साथ सूचना के स्वत: आदान-प्रदान के समझौते के तहत भारत को इस महीने अपने नागरिकों के स्विस बैंक खातों का विवरण मिलेगा और इसमें पहली बार यूरोपीय देश में भारतीयों के स्वामित्व वाली अचल संपत्ति की जानकारी भी शामिल होगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। स्विटरजरलैंड तीसरी बार भारत के साथ ये विवरण साझा करेगा। इससे पहले वह सितंबर 2019 और सितंबर 2020 में ऐसी ही जानकारी साझा कर चुका है।विदेशों में कथित रूप से जमा काले धन के खिलाफ भारत सरकार की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत भारत को इस महीने स्विट्जरलैंड में भारतीयों के स्वामित्व वाले फ्लैट, अपार्टमेंट और घरों के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। भारत को साथ ही ऐसी संपत्तियों से होने वाली कमाई की भी जानकारी मिलेगी। इससे देश को उन संपत्तियों से जुड़ी कर देनदारियों पर ध्यान देने में मदद मिलेगी। स्विट्जरलैंड की ओर से इस तरह का कदम मायने रखता है और साथ ही यह दिखाता है कि वह अपनी बैंकिंग प्रणाली के काले धन के कथित सुरक्षित पनाह स्थली होने की लंबे समय से बनी हुई धारणा को तोड़ते हुए खुद को एक प्रमुख वैश्विक वित्तीय केंद्र के रूप में पुनर्स्थापित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। यह तीसरा मौका होगा जब भारत को स्विट्जरलैंड में भारतीयों के बैंक खातों और अन्य संपत्तियों के बारे में विवरण मिलेगा। लेकिन यह पहली बार होगा जब भारत के साथ साझा की जा रही जानकारी में अचल संपत्ति की जानकारी शामिल होगी। अधिकारियों ने बताया कि जहां स्विटजरलैंड की सरकार अचल संपत्ति का विवरण साझा करने के लिए सहमत हो गयी है, गैर-लाभकारी संगठनों और ऐसे दूसरे संगठनों में योगदान के बारे में जानकारी, साथ ही डिजिटल मुद्राओं में निवेश का विवरण अब भी सूचना के स्वचालित आदान-प्रदान की इस संरचना से बाहर है। विशेषज्ञों और स्विट्जरलैंड में निवेश आकर्षित करने के कारोबार में लगे लोगों ने कहा कि इस कदम से स्विस संपत्तियों में प्रवाहित सभी धन के अवैध होने के बारे में गलत धारणाओं को दूर करने में मदद मिलेगी और देश को अचल संपत्तियों में निवेश सहित एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने में काफी मदद मिलेगी। भारत को सितंबर 2019 में एईओआई (सूचना का स्वत: आदान-प्रदान) के तहत स्विट्जरलैंड से पहली बार इस तरह का विवरण मिला था। उस साल भारत ऐसी जानकारी प्राप्त करने वाले 75 देशों में शामिल था। इसके बाद सितंबर 2020 में, भारत को 85 अन्य देशों के साथ दूसरी बार अपने नागरिकों और संस्थाओं के स्विस बैंक खातों का विवरण मिला था। इस साल से, स्विट्जरलैंड के सर्वोच्च शासी निकाय फेडरल काउंसिल ने ‘ग्लोबल फोरम ऑन ट्रांसपरेंसी एंड एक्सचेंज ऑफ इंफोरमेशन फोर टैक्स पर्पसेज' की एक महत्वपूर्ण सिफारिश को लागू करने का फैसला किया है, जिसके तहत स्विस अधिकारी देश के रियल एस्टेट क्षेत्र में विदेशियों द्वारा किए गए निवेश के बारे में विवरण भी साझा करेंगे। हालांकि, ग्लोबल फोरम की कुछ अन्य सिफारिशों को अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है जिनमें डिजिटल मुद्रा खातों और गैर-लाभकारी संगठनों एवं दूसरे संगठनों को दिए गए दान की जानकारी शामिल हैं, और इसलिए स्विट्जरलैंड अभी इससे जुड़े विवरण भारत या किसी अन्य देश के साथ साझा नहीं करेगा। स्विट्जरलैंड को डिजिटल मुद्रा खातों और गैर-लाभकारी संस्थाओं को दिए गए दान के बारे में जानकारी साझा करना शुरू करने की खातिर मनाने के लिए विश्व स्तर पर जोरदार प्रयास किए जा रहे हैं।
- नोएडा। बाइक टैक्सी चलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित तौर पर ठगी करने के मामले में फरार चल रहे पति-पत्नी को थाना बीटा- दो पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडेय ने बताया कि थाना बीटा-2 पुलिस ने रविवार को एक सूचना के आधार पर हरियाणा के गुरुग्राम से अनिल सेन पुत्र भूप सिंह तथा मीनू सेन, पत्नी अनिल सेन को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ थाना बीटा-2 में धोखाधड़ी के 15 मामले दर्ज हैं। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों ने केडीएम इंटरप्राइजेज प्रोपराइटर के नाम से एक कंपनी खोलकर लोगों से उसमें 62- 62 हजार रुपये जमा करवाये। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने एक वर्ष में रकम को दोगुना करने के नाम पर अपनी कंपनी में लोगों से पैसे लगवाए और कहा कि वे ई-बाइक चलाएंगे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी करके लोगों के करोड़ों रुपये हड़प लिये और फरार हो गए। अपर उपायुक्त ने बताया कि पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ 2 वर्ष पूर्व थाना बीटा-2 में मामला दर्ज किया गया था तब से दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
- नयी दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में गणपति मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन लड़के यमुना नदी में डूब गए। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार शाम को हुई।उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान विजय (16), विवेक (15) और अर्जुन (12) के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोताखोरों ने एक अन्य किशोर विजय राठौड़ (17) को बचा लिया और उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के लिए लड़के सोनिया विहार पुस्ता नंबर 2 की ओर से नदी में गए थे। उस तरफ पानी का तेज बहाव था और वे डूब गए। उन्होंने कहा कि घटना के बाद गोताखोरों ने शवों को खोजने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा होने के चलते अभियान को रोकना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान रविवार को भी जारी रहा, लेकिन तीनों के शव अभी नहीं मिले हैं।
- चिकबलपुर ।कर्नाटक के चिकबलपुर की चिंतामणि तालुक में एक जीप व ट्रक की टक्कर में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। मृतकों में दो महिलाएं और चार पुरुष हैं। पुलिस के मुताबिक हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस अधिकारियों और चिंतामणि के विधायक जे के कृष्णा रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा किया।
- फतेहपुर (उप्र)। जिले के ललौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को रामगंगा नहर से दो शव बरामद किए जिनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जाफर गंज क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर ललौली पुलिस ने थवई गांव के पास रामगंगा नहर में तैरते दो शव बरामद किए। उन्होंने कहा कि इनमें से एक व्यक्ति की उम्र करीब 50 साल और दूसरे की 35 साल होगी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि शव क्षत-विक्षत हैं जिनकी पहचान मुश्किल लग रही है। उन्होंने कहा कि ये शव कानपुर की ओर से बहते हुए यहां आए हैं और आठ-दस दिन पुराने लग रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में रिकॉर्ड भारी बारिश होने के एक दिन बाद रविवार को आसमान में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। सोमवार को भी हल्की वर्षा होने का अनुमान जताया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। उसने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के इलाकों में रविवार को भी बारिश हुई। सफदरजंग एन्क्लेव में 0.8 मिमी, पालम में 2.4 मिमी और आया नगर में 36.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को दिल्ली में भारी बारिश हुई थी। इसी के साथ इस मानूसन के दौरान यहां 46 साल में सबसे ज्यादा बरसात हुई है। आईएमडी ने बताया कि रविवार शाम को सापेक्ष आर्द्रता 93 फीसदी दर्ज की गई। विभाग ने सोमवार के लिए अपने अनुमान में कहा है कि आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं अधिकतम तापतमान 33 तो न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, शहर में शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 121.1 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक' श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शाम छह बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 62 था जो ‘संतोषजनक' श्रेणी में आता है। उल्लेखनीय है कि 0 से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' माना जाता है।
- बहराइच। जिले के फखरपुर थाना अंतर्गत मधवापुर गांव में रविवार को एक अज्ञात महिला और करीब छह साल की एक बच्ची के शव मिले। इसी थाना क्षेत्र के बसंतापुर गांव में शनिवार को दो बच्चों के शव बरामद हुए थे जिनका गला रेता गया था। दो दिन में एक ही थाना क्षेत्र में चार शव मिलने से दहशत का माहौल है। अभी तक चारों शवों की न तो शिनाख्त हो सकी है और न ही घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने रविवार को बताया कि फखरपुर थाना अंतर्गत मधवापुर गांव में गन्ने के खेतों में आज करीब 35 वर्ष की एक अज्ञात महिला और लगभग छह साल की एक बच्ची के शव बरामद हुए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने साइबर प्रकोष्ठ, सर्विलांस टीम, फील्ड यूनिट के अतिरिक्त चार टीम गठित कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कल बरामद हुए दो बच्चों के शवों से इन शवों कोई संबंध है या नहीं, इसकी जानकारी तफ्तीश के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर शीघ्र ही मामले का खुलासा हो सकता है। वहीं, शव मिलने की घटनाओं पर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता प्रमोद सिंह जादौन ने कहा कि शनिवार व रविवार को मिले चार शवों की हत्या का तरीका एक जैसा लग रहा है और ऐसा भी संभव है कि आसपास के जिलों से वारदात कर शवों को बहराइच की सीमा में डाल दिया गया हो। सपा नेता ने कहा कि घटना को लेकर आमजन में दहशत का माहौल है तथा शीघ्र घटना का खुलासा न हुआ तो दहशत और बढ़ेगी।-file photo






.jpg)


.jpg)






.jpg)

.jpg)
.jpg)






.jpg)