- Home
- देश
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बनत कस्बे में एक बस स्टैंड पर इंतजार कर रहे 24 वर्षीय एक व्यक्ति की शुक्रवार को 10 लोगों ने कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि समीर बस स्टैंड पर था जब उसका एक समूह के साथ झगड़ा हो गया, लेकिन इसका कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से आठ के नाम रिपोर्ट में हैं। उनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।पीड़ित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। समीर के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक घटना उस वक्त हुई जब वह घर वापस जा रहा था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 30 सितंबर को होने वाले भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र शुक्रवार को दाखिल कर दिया। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रियंका टिबरीवाल और वाम मोर्चे के श्रीजीब बिस्वास को चुनौती देंगी। चुनाव नतीजे की घोषणा तीन अक्टूबर को की जाएगी।नंदीग्राम में विधानसभा चुनाव हारने वाली बनर्जी को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए उपचुनाव में जीत दर्ज करनी होगी। बनर्जी भवानीपुर की निवासी हैं और उन्होंने 2011 तथा 2016 में दो बार इस सीट से जीत दर्ज की। वह इस साल अप्रैल-मई में हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से भाजपा नेता और पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ीं और हार गयीं। नंदीग्राम में शिकस्त के बाद राज्य में कैबिनेट नेता और भवानीपुर से टीएमसी विधायक सोभनदेब चट्टोपाध्याय ने मुख्यमंत्री के लिए अपनी सीट छोड़ दी थी।
- पटना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने गुरुवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान ‘ऑडियोकुंभ' मोबाइल फोन ऐप का लोकार्पण किया। आरएसएस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सरसंघचालक मोहन भागवत ने पटना में ‘ऑडियो कुंभ' मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया। इस ऐप के द्वारा लोग मुफ्त में राष्ट्रीय महत्व की पुस्तकों को निःशुल्क सुन सकेंगे। यह ऑडियोकुंभ मुफ्त ऑडियो पुस्तकें और पॉडकास्ट है। विज्ञप्ति के मुताबिक, इस ऐप को आज के डिजिटल युग में स्मार्टफोन की उपलब्धता एवं व्यस्ततम दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। राष्ट्रीय विचारकों द्वारा रचित पुस्तकों एवं उनके उद्बोधनों को संग्रह कर ऑडियो कुंभ ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने का यह एक प्रयास है। विज्ञप्ति में कहा गया, 'हिंदू और हिंदुत्व' विषय वाले कार्यक्रम में भागवत ने अपने संबोधन के बाद उपस्थित लोगों के इस विषय से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
- नयी दिल्ली।पांच देशों के प्रभावशाली समूह ब्रिक्स ने गुरुवार को कहा कि अफगानिस्तान के क्षेत्र का इस्तेमाल अन्य देशों के खिलाफ आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। इसने आतंकवादियों के सीमा पार से आवागमन सहित सभी तरह के आतंकवाद से लड़ने का दृढ़ आह्वान किया। समूह ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में वर्चुअल शिखर सम्मेलन में अफगानिस्तान की स्थिति सहित महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया। भारत की मेजबानी में आयोजित शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी चिनपिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सनारो ने भाग लिया।ब्रिक्स (ब्राजील-रूस-भारत-चीन-दक्षिण अफ्रीका) समूह में दुनिया के पांच सबसे बड़े विकासशील देश शामिल हैं जो वैश्विक आबादी का 41 प्रतिशत, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 24 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का 16 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करता है। शिखर सम्मेलन के अंत में जारी एक बयान में समूह ने हिंसा से दूर रहने और अफगानिस्तान में स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया। ब्रिक्स ने कहा, "हम हिंसा से बचने और शांतिपूर्ण तरीकों से स्थिति के समाधान का आह्वान करते हैं। हम देश में स्थिरता, नागरिक शांति, कानून और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक समावेशी अंतर-अफगान वार्ता को बढ़ावा देने में योगदान देने की आवश्यकता पर बल देते हैं।" समूह ने हाल में काबुल हवाई अड्डे के पास हुए आतंकवादी हमलों की भी कड़े शब्दों में निंदा की जिसमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे और अनेक लोग घायल हुए थे। ब्रिक्स ने कहा, "हम आतंकवाद से लड़ने की प्राथमिकता को रेखांकित करते हैं, जिसमें आतंकवादी संगठनों द्वारा अफगान क्षेत्र को आतंकवादी पनाहगाह के रूप में इस्तेमाल करने और अन्य देशों के खिलाफ हमले करने के साथ-साथ अफगानिस्तान के भीतर नशीली दवाओं के व्यापार को रोकने के प्रयास शामिल हैं।" इसने कहा, "हम मानवीय स्थिति के समाधान और महिलाओं, बच्चों तथा अल्पसंख्यकों सहित मानवाधिकारों को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हैं।'' आतंकवाद के खतरे का उल्लेख करते हुए ब्रिक्स ने कहा कि वह आतंकवादियों के सीमा पार से आवागमन सहित सभी तरह के आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए प्रतिबद्ध है। शिखर सम्मेलन में समूह की आतंकवाद-रोधी रणनीति को लागू करने के लिए ब्रिक्स आतंकवाद-रोधी कार्य योजना का भी समर्थन किया गया, जिसे समूह के सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों द्वारा अपनाया गया था। बयान में कहा गया, "हम-जब भी, कहीं भी और किसी के द्वारा भी-आतंकवाद के सभी स्वरूपों की कड़ी निंदा करते हैं। हम आतंकवाद से उत्पन्न खतरे, आतंकवाद में सहायक चरमपंथ और कट्टरपंथ को पहचानते हैं।" यह दोहराते हुए कि आतंकवाद को किसी भी धर्म, राष्ट्रीयता, सभ्यता या जातीय समूह से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, नेताओं ने कहा, "हम अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान के आधार पर आतंकवाद के खतरे को रोकने तथा उसका मुकाबला करने के वैश्विक प्रयासों में और योगदान करने के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। ब्रिक्स ने कहा, ‘‘हम आतंकवाद और आतंकवाद में सहायक चरमपंथ का मुकाबला करने में दोहरे मानकों को अस्वीकार करते हैं। हम संयुक्त राष्ट्र के ढांचे के भीतर अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर एक समग्र संधि को शीघ्र अंतिम रूप देने और अपनाने का आह्वान करते हैं।''
- नयी दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण राजस्थान के गुलाबी पत्थरों से होगा और मंदिर परिसर में संग्रहालय, शोध केंद्र, गौशाला और एक योगशाला भी होगी। यह जानकारी बृहस्पतिवार को मंदिर न्यास के सूत्रों ने दी। उन्होंने बताया कि विशेष ध्यान कुबेर टीला और सीता कूप जैसे स्मारकों के संरक्षण एवं विकास पर होगा। उन्होंने कहा कि पूरे मंदिर परिसर में शून्य कार्बन उत्सर्जन और हरित भवन जैसी विशेषताएं होंगी। श्री रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्यों की पिछले महीने बैठक हुई थी और बैठक के दौरान यह उल्लेख किया गया था कि मंदिर का निर्माण कार्य समय के मुताबिक आगे बढ़ रहा है और इसे 2023 से लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस संबंध में एक सूत्र ने कहा, ‘‘2023 तक श्रद्धालु भगवान श्री राम के दर्शन कर सकेंगे।''सूत्रों ने कहा कि मंदिर का ढांचा राजस्थान से लाए गए बंसी पहाड़पुर पत्थर और मार्बल से बनाया जाएगा।उन्होंने कहा, ‘‘मंदिर के निर्माण में करीब चार लाख पत्थर (बंसी पहाड़पुर) का इस्तेमाल होगा। मंदिर के निर्माण में स्टील का इस्तेमाल नहीं होगा। मंदिर के परकोटा के लिए जोधपुर पत्थर का इस्तेमाल करने का निर्णय किया गया है।'' परकोटा (मंदिर परिसर) के लिए ले-आउट को अंतिम रूप दे दिया गया है और परिसर के बाहर के क्षेत्र में तीर्थयात्री सुविधा केंद्र, संग्रहालय, लेखागार, शोध केंद्र, ऑडिटोरियम, गौशाला, योगशाला और एक प्रशासनिक भवन होगा। मंदिर ढांचे के लंबे समय तक टिके रहने को ध्यान में रखकर न्यास इसका निर्माण करा रहा है। ढांचे का डिजाइन केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) के मानकों के अनुरूप है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश की सुरक्षा को मजबूत करने के लिये 19 और जगहों पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा विकसित की जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ राजस्थान के राष्ट्रीय राजमार्ग 925ए पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि यह राजमार्ग रन-वे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमाओं की रक्षा कर देश की सुरक्षा को और मजबूत बनाएगा। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गडकरी ने कहा कि देश में 19 और जगहों पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा विकसित की जाएगी जिनमें राजस्थान में फलोदी-जैसलमेर सड़क और बाड़मेर-जैसलमेर सड़क, पश्चिम बंगाल में खड़गपुर-बालासोर सड़क, असम में हाशीमारा-गुवाहाटी सड़क, गुजरात में भुज-नलिया सड़क, असम में जोरहाट-बाराघाट सड़क आदि शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वस्तरीय राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य रिकॉर्ड गति से किया जा रहा है। बयान में गडकरी को उद्धृत करते हुए कहा गया, “अब हमारे राष्ट्रीय राजमार्ग भी सेना के काम आएंगे, जो हमारे देश को अधिक सुरक्षित और आपातकालीन स्थितियों के लिए हमेशा तैयार रखेंगे।” भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के एक हरक्यूलिस सी-130जे विमान ने दोनों मंत्रियों और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष बिपिन रावत को लेकर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर ‘मॉक इमरजेंसी लैंडिंग' की। एनएच-925ए राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारतीय वायुसेना के विमानों के लिए बना पहला ‘इमरजेंसी लैंडिंग फील्ड' है। दोनों मंत्रियों ने ‘एनएच-925' पर तैयार आपातकालीन लैंडिंग सुविधा पर कई विमानों के संचालन को देखा। सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान और आईएएफ के एएन-32 सैन्य परिवहन विमान और एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर ने भी ईएलएफ पर ‘इमरजेंसी लैंडिंग' की। इस मौके पर वायुसेना प्रमुख आर के भदौरिया भी मौजूद थे। भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान और परिवहन विमानों ने यह दिखाने के लिए अक्टूबर 2017 में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ‘मॉक लैंडिंग' की थी कि ऐसे राजमार्गों का उपयोग आपात स्थिति में आईएएफ के विमानों को उतारने के लिए किया सकता है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं है और वह उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत आता है। आधिकारिक बयान के अनुसार, यह सुविधा भारतमाला परियोजना के तहत गगरिया-बखासर और सत्ता-गंधव खंड के नव विकसित ‘टू-लेन पेव्ड शोल्डर' का हिस्सा है, जिसकी कुल लंबाई 196.97 किलोमीटर है और इसकी लागत 765.52 करोड़ रुपये है। ‘पेव्ड शोल्डर' उस भाग को कहा जाता है, जो राजमार्ग के उस हिस्से के पास हो जहां से वाहन नियमित रूप से गुजरते हैं । बयान में कहा गया कि यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बाड़मेर और जालौर जिलों के गांवों के बीच सम्पर्क में सुधार करेगी। वायुसेना और सेना की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन लैंडिंग पट्टी के अलावा इस परियोजना के तहत कुंदनपुरा, सिंघानिया और बाखासर गांव में तीन हैलीपैड (प्रत्येक 100x30 मीटर आकार के) का भी निर्माण किया गया है। देश की पश्चिमी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा नेटवर्क को मजबूत करने के लिए ईएलएफ और तीन हेलीपैड विकसित किए गए हैं। सामान्य समय के दौरान, सड़क यातायात के सुचारू प्रवाह के लिए ईएलएफ का उपयोग किया जाएगा और वायुसेना के लिए ईएलएफ के संचालन के दौरान, यातायात के सुचारू संचालन के लिए सर्विस रोड का उपयोग किया जाएगा।
- बोकारो (झारखंड)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का 46 वर्षीय एक जवान बोकारो जिले में अपने आवासीय क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि जवान की पहचान रणवीर कुमार सिंह के रूप में की गयी है और वह दुग्दा कोल वाशरी संयंत्र में तैनात था जो भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की सहायक कंपनी है। परिवार के सदस्यों ने बुधवार को सिंह को उसके क्वार्टर पर पानी आपूर्ति करने वाले एक पाइप पर, फंदे से लटका पाया। वे उसे चंद्रपुरा में डीवीसी अस्पताल ले गए , लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिंह की मां की एक महीने पहले मौत हुई थी। पुलिस ने बताया कि शव को चास के उप-मंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की वजह का अभी पता नहीं चला है। रणवीर बिहार के वैशाली जिले में जांदहा पुलिस थाने के तहत आने वाले रामपुर गांव का रहने वाला था।-file photo
- प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)। प्रतापगढ़ जिले के रेहुआ लालगंज बाज़ार में एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल बिजली के खंभे से जा टकराई जिससे उस पर सवार दो छात्रों की मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) रोहित मिश्रा ने बताया कि रायबरेली निवासी दीपांशु (18) और सुधीर शर्मा (17) बुधवार की शाम मोटरसाइकिल से प्रतापगढ़ से घुइसरनाथ धाम के दर्शन के बाद घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में थाना उदयपुर क्षेत्र के रेहुआ लालगंज बाज़ार के निकट उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो कर बिजली के खंभे से जा टकराई । हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली।गूगल ने बृहस्पतिवार को देश में स्वतंत्र स्थानीय या एकल विषय पर केंद्रित पत्रकारिता संगठनों के लिए एक प्रोत्साहन कार्यक्रम ‘जीएनआई स्टार्टअप लैब इंडिया' की घोषणा की। गूगल न्यूज अपनी जीएनआई पहल के तहत चार महीने का कार्यक्रम शुरू करेगी, जो स्वतंत्र स्थानीय या एकल विषय पर केंद्रित पत्रकारिता संगठनों को गहन शिक्षण, कौशल प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं के जरिए वित्तीय तथा परिचालन स्थिरता हासिल करने में मदद करेगा। गूगल ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि इकोस (एक वैश्विक नवाचार प्रयोगशाला) और डिजीपब न्यूज इंडिया फाउंडेशन के साथ साझेदारी में बनाया गया जीएनआई स्टार्टअप लैब इंडिया कार्यक्रम स्थानीय और वंचित समुदायों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली पत्रकारिता की मदद करेगा। ब्लॉग पोस्ट के मुताबिक सभी भारतीय भाषाओं में प्रकाशित होने वाले समाचार संगठन स्टार्टअप कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन 18 अक्टूबर 2021 तक किया जा सकता है और भारत में पहले समूह के रूप में 10 स्वतंत्र डिजिटल समाचार प्रकाशकों का चयन किया जाएगा।
- भदोही (उत्तर प्रदेश)। भदोही जिले के ऊंज इलाके में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर एक ट्रक के सड़क किनारे खड़े ट्रॉलर से जा टकराने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार को तड़के भदोही और प्रयागराज सीमा के पास हुई। ओडि़शा से जूट लेकर प्रयागराज की तरफ जा रहे ट्रॉलर का टायर खराब होने के कारण उसे सड़क के किनारे खड़ा किया गया था। तभी ओडि़शा से सरिया लेकर पीछे से तेज गति से आया ट्रक उस ट्रॉलर से जा टकराया। उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रक चालक मोनू मिश्रा (26) और क्लीनर अन्नू (25) गम्भीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये गये हैं। दोनों मृतक सोनभद्र जिले के घोरावल के रहने वाले थे।
- तूतीकोरिन (तमिलनाडु) । तमिलनाडु के तूतीकोरिन में बृहस्पतिवार को एक सड़क दुर्घटना में चार महिलाओं की मौत हो गई और 15 व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक लॉरी चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद यह वाहन एक वैन से टकरा गया। घटनास्थल पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो अन्य महिलाओं की मौत एक अस्पताल में हुई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जबकि पांच को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में दोनों वाहन के चालक शामिल हैं। सूखे फूलों के निर्यात से संबंधित एक स्थानीय इकाई में काम करने वाली 18 महिलाएं वैन में सवार थीं। यह घटना जिले के सिलानाथम मेन रोड पर हुई। जिला पुलिस प्रमुख एस जयकुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
- नयी दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में दिल्ली पुलिस के 61 वर्षीय एक सेवानिवृत्त उप निरीक्षक को चाकू मारने के आरोप में एक कैब चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि वाहन के भीतर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जिसके बाद चालक ने चाकू से वार किया। पुलिस ने कहा कि जितेंद्र राणा मालवीय नगर का निवासी है जिसके पेट में चाकू के दो घाव लगे हैं। उन्होंने कहा कि राणा खतरे से बाहर है और यहां एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि घटना छह सितंबर को हुई जब राणा अपनी पत्नी और बेटी के साथ राजौरी गार्डन से एक टैक्सी में आ रहा था। पुलिस के अनुसार, राणा ने चालक से कहा कि ‘साइड व्यू'मिरर से रौशनी आ रही है इसलिए उसे थोड़ा घुमा दे। इस बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई और बाद में राणा ने टैक्सी चालक से लक्ष्मण पब्लिक स्कूल के पास उन्हें उतारने को कहा। पुलिस ने बताया कि ऐसा कहते ही चालक ने सेवानिवृत्त एसआई पर चाकू से वार किया। पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि आरोपी कैब चालक को भीड़ ने पीटा जिससे उसे कुछ चोट आई है। उन्होंने बताया कि राणा का उपचार चल रहा है और उसे खतरे से बाहर बताया गया है। डीसीपी ने कहा कि आरोपी चालक दिल्ली के नांगलोई का निवासी है और उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि देश की वयस्क आबादी में 58 प्रतिशत को कोविड-19 टीकों की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है, वहीं 18 प्रतिशत को दोनों खुराकें दी गयी है। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि देश में अब तक 72 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।अधिकारियों ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब भी कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का सामना कर रहा है और यह अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के 35 जिलों में साप्ताहिक कोविड संक्रमण दर 10 प्रतिशत से अधिक है जबकि 30 जिलों में यह दर 5 से 10 प्रतिशत के बीच है। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से सामने आ रहे नए मामलों का ब्योरा उपलब्ध कराते हुए कहा कि पिछले हफ्ते सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में से 68.59 प्रतिशत केरल से थे। टीकाकरण अभियान के संदर्भ में अधिकारियों ने कहा कि सिक्किम, दादरा एवं नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोविड टीकों की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है। एक अधिकारी ने बताया कि भारत में गुरुवार तक कोविड टीकों की कुल 72 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। स्कूलों को नियमित रूप से पुन: खोले जाने के बारे में अधिकारियों ने कहा कि किसी वैज्ञानिक संस्था या साक्ष्य में यह नहीं कहा गया है कि स्कूलों को फिर से खोलने के लिए बच्चों का टीकाकरण पूर्व शर्त होनी चाहिए। उन्होंने हालांकि कहा कि शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों का टीकाकरण वांछनीय है।
- चेन्नई। राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग ढांचा (एनआईआरएफ) 2021 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने गुरुवार को यह जानकारी दी। संस्थान की तरफ से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यहां कहा गया कि संपूर्ण संस्थाओं की श्रेणी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास को लगातार तीसरे वर्ष पहला स्थान मिला है जबकि इंजीनियरिंग श्रेणी में लगातार छठे वर्ष उसे शीर्ष स्थान दिया गया है। वहीं रैकिंग में इस साल शामिल की गई शोध संस्थानों की नयी श्रेणी के तहत उसे भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु के बाद दूसरा स्थान दिया गया है। आईआईटी-मद्रास के निदेशक भास्कर राममूर्ति ने विज्ञप्ति में कहा, “हमें एनआईआरएफ रैकिंग में अपनी पूर्व की स्थिति को बरकरार रख कर खुशी हो रही है। आईआईटी-मद्रास ने शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार में उत्कृष्टता जारी रखी है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने के लिए कई नई पहल शुरू की हैं।” विज्ञप्ति में कहा गया कि सितंबर 2019 में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा आईआईटी को प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में मान्यता दी गई थी।
-
मेरठ। मेरठ में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां सरधना थाना क्षेत्र में बुधवार की रात 18 साल के युवक ने अपनी 23 साल की बहन की रात ढाई बजे तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने परिवार वालों से कहा कि अब उनकी बदनामी नहीं होगी। सरधना थाने के कार्यवाहक एसओ सुरेंद्र मलिक ने बताया कि युवती का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध था। वह उससे शादी करना चाहती थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सरधना थाने के कार्यवाहक एसओ सुरेंद्र मलिक ने बताया कि सरधना के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी सिमरन का अपने पड़ोस के रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के परिवार वाले इसका विरोध करते थे। लड़की अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। 3 माह पहले जब परिवार के लोगों को पता चला तो परिजनों ने लड़की के घर से निकलने पर रोक लगा दी। उसके बाद भी लड़की मोबाइल से अपने प्रेमी से चोरी छिपे बात करती थी। 3 दिन पहले लड़की के छोटे आरोपी भाई ने अपनी बहन सिमरन को प्रेमी के साथ देख लिया था। तब से वह सिमरन को मारने का प्लान बना रहा था।
सरधना थाने के कार्यवाहक एसओ सुरेंद्र मलिक ने बताया कि सिमरन रात में कमरे में सोई हुई थी, तभी छोटा भाई आरोपी आरिफ तमंचा लेकर कमरे में पहुंचा। उसने सोते समय अपने बहन सिमरन की गोली मारकर हत्या कर दी। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार व आसपास के लोग भी जाग गए।
सरधना थाने के कार्यवाहक एसओ सुरेंद्र मलिक ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि सिमरन का छोटा भाई आरिफ ने अपने घर में आकर कहा था कि अब बदनामी बहुत हो गई है। सिमरन की वजह से उस पर आसपास रहने वाले लड़के कमेंट करते हैं। इससे ज्यादा बदनामी नहीं झेल सकता।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है बहन की हत्या के मामले में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है।
--file photo -
सेंट्रल जेल के सामने पेट्रोल पंप पर लूट
जयपुर। जयपुर के बुधवार देर रात दो अज्ञात बदमाशों ने सेंट्रल जेल के सामने स्थित भारत पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर डेढ़ लाख रुपए लूट की वारदात की। यह घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हो गई है। लेकिन अंधेरा होने से लूटेरों का हुलिया साफ नजर नहीं आ रहा है। घटना का पता चलने पर लालकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वारदात आगरा रोड पर घाटगेट के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर हुई। पेट्रोल पंप कर्मी रमेश ने बताया कि वे बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे पेट्रोल पंप बंद कर वहां रस्सी लगा दी थी ताकि कोई पेट्रोल भरवाने नहीं आ सके। पेट्रोल पंप पर बाहर लगी लाइटें बंद कर दी थी। इससे वहां रोशनी कम हो गई थी। इसके बाद रमेश व दो अन्य पेट्रोल पंप कर्मी ऑफिस में बैठकर दिनभर का हिसाब किताब कर रहे थे। तभी दो नकाबपोश युवक तेजी से ऑफिस में घुसे। उनके पास पिस्टल भी थी। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर पेट्रोल पंप कर्मियों को डराया धमकाया। एक कर्मचारी के साथ मारपीट की। इसके बाद रुपयों को इकट्ठा कर अपनी जेब में डाला। फिर केबिन में बंद कर भाग निकले। वारदात के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी रमेश ने पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना दी। तब लालकोठी थाने की चेतक मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य उच्चाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। गुरुवार को भी पुलिस घटनास्थल के आसपास, घाटगेट और सांगानेरी गेट चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज जुटाने में लगी रही। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।
-- -
अहमदाबाद। गुजरात में आयकर विभाग ने बुधवार को मीडिया एवं रियल एस्टेट कंपनी 'संभव ग्रुप' और कंपनी से जुड़े दो दलालों के परिसरों में तलाशी और जब्ती अभियान शुरू किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि आयकर विभाग के 100 अधिकारियों की एक टीम ने 20 परिसरों में तलाशी व जब्ती अभियान शुरू किया, जिसमें संभव ग्रुप की रियल एस्टेट फर्म से जुड़े प्रमुख लोगों और दो रियल एस्टेट दलालों योगेश पुजारा और दीपक ठक्कर के आवास शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान सुबह करीब छह बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में शुरू किया गया और यह अभी कई दिनों तक जारी रह सकता है। उन्होंने कहा कि कर संबंधी गड़बड़ी का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया है। संभव ग्रुप मीडिया और प्रकाशन व्यवसाय में भी है जिसका एक गुजराती समाचार चैनल है, हालांकि, विभाग का अभियान कंपनी के रियल एस्टेट व्यवसाय तक ही सीमित है। हालांकि, वर्तमान चैनल प्रमुख हेमंत गोलानी ने दावा किया कि वीटीवी न्यूज के परिसरों में भी छापेमारी की जा रही है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, इसकी रियल एस्टेट शाखा - नीला इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड- '' संभव ग्रुप ऑफ कंपनीज की प्रमुख इकाई'' है। संभव ग्रुप, गुजराती न्यूज चैनल वीटीवी न्यूज, अभियान मैगजीन, सांध्य अखबार संभव मेट्रो और रेडियो स्टेशन टॉप एफएम का भी संचालन करता है। -
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बुधवार को चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति कर दी। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उत्तर प्रदेश, जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पंजाब, वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को मणिपुर, संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद पटेल को उत्तराखंड और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गोवा का प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों में यह जानकारी दी गई।उत्तर प्रदेश में धर्मेंद्र प्रधान के साथ केंद्रीय मंत्रियों अनुराग सिंह ठाकुर, अर्जुन राम मेघवाल, शोभा करंदलाजे, अन्नपूर्णा देवी के अलावा पार्टी महासचिव सरोज पांडे, हरियाणा के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर को सह प्रभारी बनाया गया है।पार्टी ने चुनावी रूप से सबसे अहम इस राज्य में क्षेत्रवार छह संगठन प्रभारियों की भी नियुक्ति की है। लोकसभा के सदस्य संजय भाटिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार के विधायक संजीव चौरसिया को बृज क्षेत्र, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सत्या कुमार को अवध क्षेत्र, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता को कानपुर क्षेत्र, राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन को गोरखपुर और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी सुनील ओझा को काशी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने गजेंद्र सिंह शेखावत को राज्य का प्रभारी बनाया है। पंजाब में शेखावत के सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मीनाक्षी लेखी और लोकसभा के सांसद विनोद चावड़ा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।भाजपा सबसे ज्यादा, पंजाब में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध का सामना कर रही है। पार्टी पंजाब में एक मजबूत ताकत के रूप में उभरने के लिए सभी मुमकिन प्रयास कर रही है। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन तथा भाजपा के बीच मुकाबला होना है।ज्ञात हो भाजपा लंबे अरसे बाद पंजाब राज्य विधानसभा के चुनाव में अकेले ही मैदान में उतरेगी। इससे पहले उसका शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन हुआ करता था लेकिन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में शिअद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से भी अलग हो गया।केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को उत्तराखंड का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। इस पहाड़ी राज्य में सह प्रभारी के रूप में पश्चिम बंगाल की सांसद लॉकेट चटर्जी और राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह को नियुक्त किया गया है। यहां भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस से होता रहा है। इस बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भी खम ठोंकने को तैयार है।केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को मणिपुर का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है जबकि केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक और असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल को यहां का सह प्रभारी बनाया गया है।फडणवीस को गोवा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश को यहां के लिए सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।वर्ष 2022 की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं।ज्ञात हो कि किसी भी राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा उस राज्य में एक चुनाव प्रभारी और उसके सहयोग के लिए कुछ सह प्रभारी नियुक्त करती आई है। सामान्य तौर पर प्रभारी की जिम्मेदारी पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता को दी जाती है। आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने इस बार कुल 13 मंत्रियों को मोर्चे पर लगाया है। इनमें से सात कैबिनेट मंत्री हैं।चुनावी राज्यों में प्रभारी की भूमिका बहुत अहम अहम होती है। पार्टी की रणनीति को अंजाम देने से लेकर टिकटों के बंटवारे और प्रचार-प्रसार में वह महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। - मुंबई। शिव सेना के नियंत्रण वाले ठाणे नगर निगम ने बुधवार को अहमदाबाद- मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना के लिये जमीन देने के एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। ठाणे नगर निगम ने इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर दिया। इससे पहले तीन बार निगम इस प्रस्ताव को स्थगित कर चुका है या फिर खारिज कर चुका है। शिव सेना के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र की सरकार का मुंबई में कंजुरमार्ग में मेट्रो कार शेड के निर्माण को लेकर केन्द्र की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के साथ मतभेद रहा है। ऐसी अटकलें थी कि ठाणे नगर निगम द्वारा बुलेट ट्रेन के लिये 3,849 वर्ग मीटर भूमि राष्ट्रीय तीव्र गति रेल कार्पोरेशन को नहीं देने के पीछे भी मेट्रो कार शेड को लेकर जारी खींचतान ही बड़ी रही है।
- नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को कृषि मशीनीकरण उद्योग निकाय टीएमए के सदस्यों से कहा कि वे छोटे किसानों को ध्यान में रखते हुये किफायती उपकरण और मशीनें बनाएं। यहां ट्रैक्टर एवं मैकेनाइजेशन एसोसिएशन (टीएमए) की वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने उद्योग जगत से कृषि उपकरणों के निर्यात को बढ़ाने पर ध्यान देने को कहा। तोमर ने सुझाव दिया कि एसोसिएशन और उसके सदस्यों को कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के साथ साझेदारी करनी चाहिए और सीएसआर फंड का उपयोग यह सुनिश्चित करने के लिए करना चाहिए कि इन केंद्रों पर उपलब्ध सभी अनुसंधान और प्रौद्योगिकी छोटे और सीमांत किसानों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार छोटे और सीमांत किसानों के जीवन को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। लगभग 80 प्रतिशत किसानों के पास खेती के लिए दो हेक्टेयर से कम जमीन है। तोमर ने कहा कि केंद्र ने पीएम-किसान सहित किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को तीन समान किश्तों में सालाना 6,000 रुपये दिए जा रहे हैं। सरकार तमाम प्रयासों के साथ ‘कस्टम हायरिंग सेंटर' स्थापित कर रही है जहां से छोटे किसान कृषि उपकरण किराए पर ले सकते हैं। उन्होंने टीएमए सदस्यों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि छोटे किसान कृषि-उपकरण खरीदने में सक्षम हो सकें। मंत्री ने कहा कि किसान और उद्योग एक दूसरे के पूरक हैं और देश के विकास के लिए दोनों की जरूरत है।उन्होंने कोविड महामारी के दौरान देश के कृषि क्षेत्र द्वारा दिखाई गई मजबूती का भी जिक्र किया।
- हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार को अज्ञात सशस्त्र लोगों ने एक एलआईसी एजेंट से कथित रूप से ढाई लाख रूपये लूट लिये। पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चोटे ने बताया कि जिला परिषद चौक पर करीब ग्यारह बजे एलआईसी एजेंट के बैंक की शाखा से निकलने के बाद आरोपियों ने उसका पीछा किया एवं उससे पैसे से भरा बैग छीन लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एजेंट घटनास्थल से महज 100 मीटर दूर एलआईसी की मुख्य शाखा में यह नकद जमा करने जा रहा था। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और आरोपियों की धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान चलाया गया है।
- मुंबई। महाराष्ट्र के सोलापुर में कपड़े का व्यवसाय करने वाले एक कारोबारी को चोरी और सेंधमारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है । कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिये लागू किये गये लॉकडाउन के कारण उसे कारोबार में घाटा हुआ था। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि व्यवसायी को प्रदेश के सोलापुर से पिछले सप्ताह आठ ऐसे मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था । पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी यहां से करीब 400 किलोमीटर दूर सोलापुर जिले के वज्रेश्वरी नगर का रहने वाला है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को दो सितंबर को उस वक्त पकड़ा गया था जब वह चुराए गए कुछ आभूषण बेचने जा रहा था । उन्होंने बताया कि इससे पहले आरोपी कपड़े के अपने पारिवारिक व्यवसाय में लगा हुआ था । 2018 में किसी कारणवश वह अपने परिवार से अलग हो गया और पत्नी तथा बच्चों के साथ दूसरे स्थान पर रहने लगा । अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसने तौलियों का व्यवसाय शुरू किया जो ठीक चल रहा था ।उन्होंने बताया कि पिछले साल एक व्यवसायी ने उससे आठ लाख रुपये ठग लिये । इसलिये उसे कर्ज लेना पड़ा था और इसके कुछ ही दिन बाद कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिये लगाये गए लॉकडाउन के कारण उसे अपना व्यवसाय बंद करना पड़ा । अधिकारी ने बताया कि कर्ज चुकाने में अक्षम होने पर आरोपी इस साल एक अगस्त से कथित रूप से चोरी करने लगा। आरोपी को गिरफ्तार करने वाले सोलापुर जेल रोड पुलिस थाने के उप निरीक्षक अल्फाज शेख ने बताया कि वह दिन में 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चोरी करता था । पुलिस अधिकारी के अनुसार, जेल रोड पुलिस थाना क्षेत्र में आरोपी ने कम से कम सात घरों के ताले तोड़े । उन्होंने बताया कि पुलिस ने इलाके के 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले लेकिन मास्क पहने रहने की वजह से आरोपी को पहचानना मुश्किल हो गया । एक सीसीटीवी फुटेज में वह बिना मास्क के दिखा जिससे उसकी पहचान हो पाई। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने दो सितंबर को जाल बिछा कर उसे पकड़ लिया। तब वह चोरी के आभूषण लेकर उन्हें सर्राफा बाजार में बेचने जा रहा था । अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पहले पुलिस को बताया कि उसने चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया है लेकिन, बाद में पूछताछ के बाद उसने बताया कि उसने इससे पहले छह और स्थानों पर चोरी की है। शेख ने बताया कि पुलिस अब तक उसके पास से 7.60 लाख रुपये का सोना और एक लाख रुपये नकद बरामद कर चुकी है, जो उसने चुराया था।
- अलीबाग। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बीते 24 घंटे के दौरान हुई भारी बारिश के चलते राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि जिले के बड़े हिस्से में बारिश हुई है, जहां अब तक औसतन 98.89 प्रतिशत वार्षिक वर्षा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मुरुद तालुका के सालाव में भूस्खलन की एक घटना हुई, जिससे अलीबाग-मुरुद और रोहा-मुरुद मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर महाड में एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने कहा कि मुरुद में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 124 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद श्रीवर्धन में 122 मिमी और पनवेल में 72.60 मिमी बारिश हुई।
- पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में 20 वर्षीय युवक का शव एक पेड़ से लटका मिला जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसकी मौत की जांच कराने की मांग की। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। नायगांव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों ने मंगलवार को नायगांव इलाके में एक नाले से सटे छोटे से पेड़ से राजेश सिंह की लाश लटकती देखी और पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि मृतक दिहाड़ी मजदूर था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को वसई में सरकारी अस्पताल भेजा और अचानक हुई मौत का एक मामला दर्ज कर लिया। बाद में, युवक के परिवार के सदस्यों और दोस्तों ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उसने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि उसे शराब पीने की आदत थी और उसने नायगांव इलाके में कुछ शराब दुकान के मालिकों से बहुत सा पैसा उधार लिया हुआ था। परिवार ने मांग की है कि पुलिस उसकी मौत के मामले की विस्तृत जांच करे।-file photo
- भुवनेश्वर। ओडिशा में भैंसों की एक प्रजाति ‘मांडा' को राष्ट्रीय पशु आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (एनबीएजीआर) ने स्वदेशी नस्ल के तौर पर मान्यता दी है। भैंसों की यह प्रजाति कोरापुट जिले और पड़ोस के मल्कानगिरि और नबरंगपुर इलाकों में पाई जाती है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की एक शाखा, एनबीएजीआर देश में मवेशियों और मुर्गियों के नए पहचाने गए जर्मप्लाज्म (जीवित आनुवंशिक संसाधन) के पंजीकरण के लिए केंद्रीय एजेंसी है। केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि नयी शामिल प्रजाति के बाद देश में स्वदेशी नस्लों की संख्या 202 हो गई है जिसमें 19 प्रकार की भैंसें शामिल हैं। आईसीएआर से संबंधित एक पोर्टल बफेलोपीडिया के अनुसार, मांडा भैंसे भूरे या मटमैले सफेद रंग की होती हैं, जिनके बाल तांबे के रंग के होते हैं। उनके सींग चौड़े होते हैं जो पीछे की ओर घूम कर आधा घेरा बनाते हैं। पोर्टल पर बताया गया है कि ये भैंस मध्यम दूध देने वाली होती हैं, और 290 दिनों की स्तनपान अवधि में लगभग 700 लीटर का उत्पादन करती हैं। मादा मांडा भैंसों का कुछ स्थानों पर कृषि कार्यों में भी उपयोग किया जाता है।


.jpg)
.jpg)
.jpg)














.jpg)







.jpg)