- Home
- देश
- नई दिल्ली। देश के उत्तरी राज्यों में शीतलहर तेज हो गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि नये पश्चिमी विक्षोभ का पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के साथ साथ आसपास के इलाकों पर पड़ेगा। इसकी वजह से नववर्ष पर उत्तर भारत में शीतलहर जारी रहेगी। इन मौसमी बदलावों के कारण रविवार तक हल्की वर्षा या बर्फबारी होने का अनुमान है। यह स्थिति छह जनवरी तक जारी रह सकती है।अगले 48 घंटे में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश और दिल्ली में शीतलहर के हालात बनेंगे। मौसम विभाग ने अगले दो दिन में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना या बहुत घना कोहरा छाये रहने और बिहार, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाये रहने का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तराखंड और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे में घना कोहरा या बहुत घना कोहरा रह सकता है।--
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से देश के छह राज्यों में वैश्विक आवासीय प्रौद्योगिकी चुनौती--जीएचटीसी--इंडिया के तहत लाइट हाउस परियोजनाओं की आधारशिला रखी।देशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सब नये उत्साह और अवसरों के साथ 2021 में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवास योजनाएं पिछली केन्द्र सरकारों की प्राथमिकता सूची में नहीं थी। श्री मोदी ने कहा कि मौजूदा केन्द्र सरकार यह समझती है कि देश के चहुंमुखी विकास के बिना कायाकल्प संभव नहीं है। देश ने नया दृष्टिकोण अपनाया है और अलग पथ पर आगे बढ़ रहा है।प्रधानमंत्री ने दोहराया कि कोविड 19 महामारी की वैश्चिक चुनौती ने राष्?ट्र को नवाचार और नई प्रौद्योगिकी अपनाने के अवसर दिए। उन्होंने कहा कि आज शुरू की जा रही छह लाइट हाउस परियोजनाएं देश में आवास निर्माण क्षेत्र को नई दिशा दिखाएंगी।श्री मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं आधुनिक प्रौद्योगिकी और नवाचार प्रक्रियाओं से बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न सिर्फ कम समय में सम्पन्न होंगी बल्कि गरीबों के लिए ज्यादा किफायती और आरामदायक सिद्ध होंगी।प्रधानमंत्री ने कहा कि रांची में जर्मनी की थ्री डी निर्माण तकनीक इस्तेमाल की जा रही है, जबकि अगरतला में न्यूजीलैंड की स्टील फ्रेम टैक्नोलोजी का उपयोग किया जा रहा है। लखनऊ में कनाडा की निर्माण प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं एक तरह के इनक्यूबेटर सेंटर के रूप में काम करेंगी जिनसे योजना बनाने वालों, अभियंताओं, वास्तुविदों और विद्यार्थियों को सीखेने को मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इनसे देश के नौजवानों को यह सीखना होगा कि तकनीक में अपनी आवश्यकता के अनुसार कैसे बदलााव किया जा सकता है।श्री मोदी ने कहा कि सरकार रीयलिटी क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में आवास कर 8 प्रतिशत से कम करके किफायती मकानों पर 1 प्रतिशत कर दिया गया है जबकि औसत मकानों पर केवल 5 प्रतिशत है।श्री मोदी ने किफायती, टिकाऊ आवास उत्प्रेरक--आशा इंडिया के तहत विजेताओं की भी घोषणा की और प्रधानमंत्री आवास योजना--शहरी -- पीएमएवाई-यू मिशन के कार्यान्वयन में उत्कृष्टता के लिए वार्षिक पुरस्कार भी प्रदान किए। उन्होंने नूतन निर्माण प्रौद्योगिकी के बारे में सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किया। इस कोर्स का नाम भारतीय आवास के लिए नूतन, किफायती, वैध, अनुसंधान, नवाचार प्रौद्योगिकी-निवृत्ति होगा।इस अवसर पर आवासन और शहरी कार्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी, त्रिपुरा, झारखंड, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे।
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों के संदेह में कथित तौर पर 25 वर्षीय व्यक्ति को जहर देने के बाद गला घोंटकर उसके शव को नदी में फेंक दिया गया।पुलिस ने गुरुवार को बताया कि घटना बुधवार को रामपुर गांव में हुई और मृतक मोहित कुमार का शव बरामद कर लिया गया। छापर पुलिस थाना प्रभारी यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी सूरज ने अपराध स्वीकार किया है और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी और मृतक दोनों प्लंबर थे और सूरज को शक था कि उसकी पत्नी और कुमार के बीच अवैध संबंध है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कृषि क्षेत्र के हजारों नवोन्मेष्कों और शोधकर्ताओं के विचार जुटाने के लिए एक ऑनलाइन हैकाथॉन का उद्घाटन किया।कृषि मंत्रालय के अनुसार, 'एग्री-इंडिया हैकाथॉन' के लिए आवेदन 20 जनवरी को बंद हो जाएंगे। दो महीने तक चलने वाले हैकाथॉन में तीन एलिमिनेशन राउंड (प्रतिभागी के बाहर होने का दौर) होंगे और अंतिम 24 विजेताओं को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। तोमर ने कहा कि कृषि में नए युग की तकनीक और नवाचारों को समाहित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के मद्देनजर 'वर्चुअल हैकाथॉन' का आयोजन किया जा रहा है। बयान में कहा गया है, ''यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है, जहां युवा दिमाग कुछ बेहतरीन विचारों और समाधानों पर चर्चा, सहयोग तथा कुछ बेहतर समाधान सामने लायेंगे, जो आने वाले वर्षों के लिए हमारा मार्गदर्शन करेंगे।'' कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि ''कृषि हमारे देश की रीढ़ है और युवाओं की संलग्नता, रोजगार सृजन, प्रौद्योगिकी और डिजिटलीकरण के साथ इस रीढ़ को मजबूत करने के लिए योजनाएं चल रही हैं।'' मंत्री ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के सहयोग से आयोजित हैकाथॉन, भारतीय कृषि के इतिहास में ''अपनी तरह का पहला और सबसे बड़ा आभासी आयोजन'' है।
- जयपुर। जयपुर की 20 वर्ष की एक युवती ने मुंबई की युवती से कथित तौर पर शादी कर ली। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि दोनों युवतियों के बीच लगभग एक वर्ष पूर्व फेसबुक के जरिये दोस्ती हुई थी और दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। पुलिस ने बताया कि मुंबई की युवती कुछ दिन पूर्व जयपुर आई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों ने मुंबई में शादी कर ली।जयपुर की युवती के बारे में नाहरगढ पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस ने बताया कि उसका मुंबई में पता चलने की जानकारी मिलने के बाद जयपुर पुलिस के एक दल ने उसे ढूंढ लिया। पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (उत्तर) धर्मेन्द्र सागर ने बताया कि ''जब पुलिस दोनों युवतियों के पास पहुंची तो उन्होंने पुलिस दल को बताया कि एक मंदिर में उन्होंने शादी कर ली है।'' जयपुर की युवती ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी स्वेच्छा से गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ गये युवती के भाई ने उसे समझाया और वापस जयपुर चलने के लिये राजी किया। उन्होंने बताया कि इस पर जयपुर की युवती ने अपनी साथी युवती को भी जयपुर ले जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि उसके बाद जयपुर की युवती अपनी साथी और भाई के साथ जयपुर लौट आई। अधिकारी ने बताया कि जयपुर की युवती ने अपने बयान में कहा कि वह अपनी स्वेच्छा से गई थी। उन्होंने कहा कि दोनों युवतियां व्यस्क हैं।
- - राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर हाइब्रिड लेन 15 फरवरी तक चालू रहेंगीनई दिल्ली। देश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित टोल प्लाजा पर टोल का भुगतान करने के लिए फास्टैग आज से आवश्यक हो जाएगा, हालांकि सरकार ने लोगों को किसी तरह की असुविधा से बचाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर हाइब्रिड लेन को 15 फरवरी तक चालू रखने का फैसला किया गया है। यात्रियों को फास्टैग लगाने के बाद टोल प्लाजा पर नकद भुगतान के लिए रूकना नहीं पड़ेगा। इससे समय और ईधन की बचत होगी।सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले महीने अधिसूचना जारी करके उन पुराने वाहनों पर भी फास्टैग लगाना अनिवार्य कर दिया था, जिन्हें एक दिसम्बर 2017 से पहले खरीदा गया है।देश में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सभी टोल प्लाजा पर अनिवार्य रूप से और तीस हजार से अधिक अन्य जगहों पर फास्टैग बिक्री के लिए आसानी से उपलब्ध हैं। फास्टैग को अमेजन, फ्लिपकार्ट और स्नैपडील के माध्यम से ऑनलाइन भी खरीदा जा सकता है। फास्टैग में रेडिय़ो फ्रिक्वेंसी आईडेंटीफिकेशन प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल होता है जिससे उपभोक्ताओं को टोल प्लाजा पार करने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता। इसका भुगतान फास्टैग से जुड़े बैंक खाते से डिजिटल तरीके से हो जाता है।मंत्रालय ने एक दिसंबर, 2017 से पहले बेचे गए एम और एन श्रेणी के मोटर वाहनों में एक जनवरी, 2021 से फास्टैग को अनिवार्य कर दिया है।'' एम श्रेणी से तात्पर्य कम से कम ऐसे चार पहिया वाहनों से हैं जिनमें यात्री यात्रा करते हैं। एन श्रेणी में कम से कम ऐसे चार पहिया वाहन आते हैं, तो माल ढुलाई के साथ लोगों को भी यात्रा कराते हैं। सरकारी बयान में कहा गया है, ''यह स्पष्ट किया जाता है कि केंद्रीय मोटर वाहन नियम जैसा तय था वैसे ही लागू होगा। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा में हाइब्रिड लेन पर टोल का भुगतान फास्टैग के अलावा 15 फरवरी, 2021 तक नकद भी किया जा सकेगा।'' हालांकि, फास्टैग लेन में टोल शुल्क का भुगतान सिर्फ फास्टैग से होगा।
- छिंदवाड़ा (मप्र। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 50 वर्षीय एक व्यक्ति ने वसीयत में अपनी संपत्ति का आधा हिस्सा अपने पालतू कुत्ते के नाम कर दिया है। चांद तहसील के ग्राम बाड़ीबाड़ी के निवासी ओम नारायण वर्मा की चार बेटियां और एक बेटा है लेकिन, वह अपने बच्चों को अपनी संपत्ति में से कुछ भी नहीं देना चाहता है।दो दिन पहले नोटरी के माध्यम से की गई उसकी वसीयत के अनुसार उसने अपनी 18 एकड़ जमीन का आधा हिस्सा अपने पालतू कुत्ते और आधा हिस्सा अपनी पत्नी के नाम कर दिया है। इसमें कहा गया है कि इस कुत्ते की जो कोई भी देखरेख और सेवा करेगा, उसके मरने के बाद वह उसके नाम वसीयत की गई संपत्ति का उत्तराधिकारी होगा। गांव के पूर्व सरपंच रहे ओम नारायण वर्मा ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, ''मुझे अपने बच्चों पर भरोसा नहीं है। इसलिए मेरे मरने के बाद मेरी संपत्ति का आधा हिस्सा मेरे पालतू कुत्ते जैकी का होगा और आधा हिस्सा मेरी पत्नी चंपा का होगा। मैंने उनके नाम अपनी संपत्ति की वसीयत कर दी है।
- तिरूपति। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने नए साल के एक दिन पहले, गुरुवार को यहां समीप स्थित तिरुमला के प्रसिद्ध भगवान वेंकटेश्वर मंदिर को 1.01 करोड़ रुपये का दान दिया।एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राचीन मंदिर में पूजा करने के बाद कंपनी के प्रतिनिधि पीएमएस प्रसाद ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी ए वी धर्म रेड्डी को डिमांड ड्राफ्ट सौंपा। मंदिर के अधिकारी के अनुसार उन्होंने अनुरोध किया कि इस राशि का इस्तेमाल टीटीडीएस द्वारा संचालित श्री वेंकटेश्वर भक्ति (टीवी) चैनल के विकास के लिए किया जाए।----
- -वी सतीश को बनाया गया 'संगठक'नई दिल्ली। भाजपा ने संगठन स्तर पर अहम बदलाव करते हुए पार्टी के सह-संगठन मंत्री सौदान सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया जबकि एक अन्य सह-संगठन मंत्री के रूप में ही जिम्मेदारी संभाल रहे वी. सतीश को नवसृजित पद 'संगठक' पर नियुक्त किया गया। तीसरे सह-संगठन मंत्री शिव प्रकाश अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे, लेकिन उनके कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। वह अब मध्यपद्रेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में पार्टी गतिविधियों को देखेंगे। भाजपा ने एक बयान जारी कर इन संगठनात्मक नियुक्तियों की जानकारी दी।ये तीनों नेता भाजपा में संगठन महामंत्री बी एल संतोष के अधीन सह- संगठन मंत्री के पद पर थे।मालूम हो कि भाजपा में संगठन महामंत्री का पद बहुत अहम होता है। संगठन महामंत्री मूलत: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पूर्णकालिक प्रचारक होता है और वह भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच कड़ी के रूप में काम करता है। शिव प्रकाश पहले उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में पार्टी का कामकाज देखते थे। नये बदलावों के बाद वे पश्चिम बंगाल में पार्टी गतिविधियों को देखेंगे ही साथ ही मध्यपद्रेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना भी अब उनके जिम्मे होगा। उनके कार्यक्षेत्र का मुख्य केंद्र भोपाल होगा। इस नियुक्ति से पहले सौदान सिंह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार और झारखंड में पार्टी की गतिविधियों को देखते थे। सिंह अब केंद्र शासित प्रदेशों, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में पार्टी के कामकाज को देखेंगे। उनका केंद्र रायपुर था जो अब चंडीगढ़ कर दिया गया है। सतीश अब पार्टी के संसदीय कार्यालय, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति मोर्चा के बीच समन्वय को देखेंगे और पार्टी के विशेष संपर्क कार्यक्रम की जिम्मेदारी निभाएंगे। इससे पहले वह राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में पार्टी के कामकाज को देखते थे। उनका केंद्र दिल्ली रहेगा। अब चूंकि सौदान सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है और वी सतीश के लिए 'संगठक' का पद सृजित कर उन्हें नयी जिम्मेदारी सौंपी गई है, भाजपा संगठन में इससे सह-संगठन मंत्री के दो पद खाली हुए हैं। इन पदों पर निश्चित तौर पर ही संघ के नुमाइंदों की ही नियुक्ति होगी, इसलिए अब सबकी नजरें इसी ओर टिकी रहेंगी कि संघ भाजपा के इन महत्वपूर्ण पदों पर किनकी नियुक्ति करता है। उल्लेखनीय है कि तीनों नेता सतीश, प्रकाश और सिंह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के पूर्णकालिक प्रचारक हैं।
- बुलंदशहर (उप्र)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में 10वीं कक्षा में पढऩे वाले एक छात्र ने बैठने की जगह को लेकर हुए विवाद के बाद अपने सहपाठी को कथित तौर पर गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 14 वर्षीय आरोपी छात्र का अपने सहपाठी के साथ बैठने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने अपने चाचा की लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चला दी। यह घटना बुधवार को शिकारपुर में सूरजभान सरस्वती इंटर कॉलेज में हुई। आरोपी सन्नी ने इसके लिए अपने चाचा की पिस्तौल का इस्तेमाल किया जो कि सेना में हैं और अभी घर आए हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी किशोर ने घटनास्थल से फरार होने की कोशिश की, लेकिन प्रधानाचार्य ने द्वार बंद कर दिया और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया। (प्रतीकात्मक फोटो)
- नई दिल्ली। हरियाणा प्रदेश की जेलों में अब कैदियों का अपना रेडियो स्टेशन होगा और इस प्रकार के पहले रेडियो स्टेशन की शुरूआत सेंट्रल जेल अंबाला, जि़ला जेल पानीपत और जि़ला जेल फरीदाबाद से की जाएगी। इन जेलों में रेडियो स्टेशन का नाम होगा टीजेआर यानी तिनका जेल रेडियो। हरियाणा में कुल 19 जेलें हैं, जिनमें से 3 सेंट्रल जबकि 16 जि़ला जेल हैं। फिलहाल हरियाणा की जेलों में कुल 20,423 बंदी हैं जिनमें 900 से अधिक महिला बंदी शामिल हैं।गैर सरकारी संगठन तिनका तिनका की संस्थापक डॉ. वर्तिका नन्दा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दिसंबर में ऑडिशन के बाद इन तीनों जेलों के 21 बंदियों का जेल रेडियो के लिए चयन हुआ था। इनमें पानीपत के 6, अंबाला के 6 और फरीदाबाद जेल के 10 बंदी थे। इन 22 बंदियों में फरीदाबाद जेल की 5 महिला बंदी भी शामिल हैं। इन्हें यह ट्रेनिंग तिनका तिनका की संस्थापक डॉ. वर्तिका नन्दा ने दी है। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग का मकसद इन बंदियों को रेडियो की ज़रूरत और उसके महत्व को समझाते हुए रेडियो के मुताबिक कार्यक्रम बनाने के लिए तैयार करना था।ट्रेनिंग का समापन समारोह फरीदाबाद की जेल में किया गया और इस दौरान हरियाणा जेल के महानिदेशक के. सेल्वाराज, जिला जेल फरीदाबाद के अधीक्षक जयकिशन छल्लर, केंद्रीय जेल, अंबाला के सुपरिटेंडेंट लखबीर सिंह बरार और जिला जेल, पानीपत के अधीक्षक देवी दयाल जूम बैठक में मौजूद रहे। इस योजना के तहत जेल परिसर में रेडियो स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसमें रोज़ाना एक घंटे का कार्यक्रम होगा, जिसमें कानून, सेहत और संगीत से जुड़े कार्यक्रम होंगे। बंदी अपनी कविताएं और कहानियां भी सुनाएंगे। बंदी अपनी फरमाइश या सवाल लिखकर दे सकेंगे जिसका जवाब अगले कार्यक्रम में दिया जाएगा।के. सेल्वाराज ने इस अवसर पर कहा कि यह जेलें बहुत जल्द अपने रेडियो के जरिए बंदियों के लिए संवाद का जरिया बनेंगी। वर्तिका नन्दा के मुताबिक, " माइक को पकड़े यह बंदी अब अपनी नई पहचान के साथ खड़े हैं।"भारत में जेल रेडियो की शुरूआत सबसे पहले 2013 में दिल्ली की तिहाड़ जेल में हुई थी। उस समय इस समारोह को देखने के लिए खुद वर्तिका नन्दा मौजूद थीं।
- बलिया (उप्र)। बलिया जिले के बांसडीह रोड क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक महिला की हत्या किए जाने के आरोप में मृतक के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने बताया कि बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के आमघाट गांव में गत 29 नवम्बर को तनुजा का शव उसके ससुराल पक्ष के घर में फांसी से लटकता पाया गया था। दुबहर थाना क्षेत्र के धरनीपुर ग्राम के निवासी योगेंद्र नाथ सिंह की पुत्री तनुजा का विवाह पिछले साल 30 नवम्बर को आकाश सिंह से हुआ था । उन्होंने बताया कि तनुजा की मां कौशल्या की शिकायत पर बुधवार को मृतक की सास शांति देवी, ससुर राजाराम, पति आकाश, ननद मुनि एवं ममता के विरुद्ध दहेज हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बुधवार को आकाश, शांति देवी और राजा राम सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है ।
- नई दिल्ली। नववर्ष के समारोहों में लोगों के एकत्र होने को रोकने के लिए नई दिल्ली में आज और कल रात का कर्फ्यू लगा दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर एक स्थान पर पांच लोगों से अधिक के जमा होने पर रोक रहेगी। आज रात 11 बजे से कल सुबह छ: बजे तक तथा कल रात 11 बजे से अगले दिन सुबह छ: बजे तक सार्वजनिक स्थानों पर जमा होने और समारोह मनाने की अनुमति नहीं होगी।हालांकि कफ्र्यू के दौरान लोगों और वस्तुओं की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। ब्रिटेन में पनपे एक नई किस्म के संक्रमण से उत्पन्न खतरे और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोविड-19 महामारी की स्थानीय घटनाओं के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। दिल्ली के मुख्य सचिव और नगर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय देव ने अपने आदेश में कहा कि दिल्ली के सभी जिला मजिस्ट्रेट, जिला पुलिस उपायुक्तों तथा सभी संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त इस बारे में लोगों तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं को सचेत किए जाने को भी सुनिश्चित बनाने को कहा गया है।इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर आज रात नौ बजे के बाद से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि अंतिम ट्रेन के रवाना होने तक यात्रियों को मेट्रो स्टेशन में प्रवेश की अनुमति होगी।कर्नाटक सरकार ने राज्य में नव वर्ष समारोहों को देखते हुए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आज दोपहर से 5 से अधिक लोगों के एक स्थान पर जमा होने को रोकने के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। ये प्रतिबंध कल सुबह छ: बजे तक लागू रहेंगे। बेंगलुरू के मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। आज शाम से हवाई अड्डों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। महात्मा गांधी रोड़ और आसपास के इलाकों में आज शाम चार बजे के बाद से पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। पुलिस विभाग ने व्हीलिंग और ड्रेग दौड़ के खिलाफ चेतावनी जारी की है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दल बना दिए गए हैं। गृह मंत्री बासवाराज बोमई ने बताया है कि ब्रिटेन से बेंगलुरू आए यात्रियों में कोविड वायरस की नई किस्म के लक्षण पाए जाने के बाद पुलिस को सतर्क कर दिया गया।राजस्थान सरकार ने नए साल की पूर्व संध्या पर राज्य के बड़े शहरों में रात का कफ्र्यू लगाने का आदेश जारी किया है। यह आदेश ब्रिटेन में हाल ही में पाए गए कोरोना के नए स्वरूप और इससे होने वाले संक्रमण को रोकने के लिए जारी किया गया है। यह कफ्र्यू आज रात आठ बजे से कल सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। एक लाख से अधिक की आबादी वाले सभी शहरों में रात्रि कफ्र्यू लगाया जाएगा। इन सभी स्थानों के बाजार आज शाम 7 बजे बंद हो जाएंगे।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से कोविड दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और किसी भी सार्वजनिक समारोह या पार्टी का आयोजन न करने का अनुरोध किया है। उन्होंने लोगों से नए साल की पूर्व संध्या पर पटाखे न छोडऩे की भी अपील की है।महाराष्ट्र में नव वर्ष समारोह को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सतर्कता बढा दी है। सभी सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ न जमा होने से संबंधित राज्य सरकार द्वारा जारी ताजा दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। मुंबई पुलिस ने नव वर्ष उत्सव के दौरान नागरिकों को स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित कराने के लिए उपाय किए हैं।
- -स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर 96.04 प्रतिशत हुईनई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड संक्रमण के 21 हजार 821 नये मामले सामने आए। अब तक देश में संक्रमित लोगों की संख्या एक करोड़ 2 लाख 66 हजार 674 हो गई है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में हुई 299 मौतों को मिलाकर अब तक इस संक्रमण से एक लाख 48 हजार 738 लोगों की जान जा चुकी है। इस समय देश में संक्रमण के दो लाख 57 हजार 656 सक्रिय मामले हैं।कल स्वस्थ हुए 26 हजार एक सौ 39 लोगों को मिलाकर अब तक 98 लाख 60 हजार 280 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। देश में कोविड से स्वस्थ होने वालों की दर 96 .04 प्रतिशत हो गई है।
- नई दिल्ली। देश में अहमदाबाद मकान खरीदने के लिये सबसे सस्ता बजार बन गया है जबकि मुंबई इस मामले में सबसे महंगा है। संपत्ति के बारे में परामर्श देने वाली नाइट फ्रैंक इंडिया ने एक रिपोर्ट में यह कहा है। कंपनी ने 'एफोर्डेबिलटी इंडेक्स' 2020 जारी किया है। इसके अनुसार अहमदाबाद मकान के लिये देश का सबसे सस्ता बाजार है।आवास के मामले में किफायती अनुपात 2020 में 24 प्रतिशत रहा जो एक दशक पहले 2010 में 46 था। वहीं, पुणे और चेन्नई में किफायती अनुपात 26 प्रतिशत के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। नाइट एंड फ्रैंक इंडिया ने कहा कि 50 प्रतिशत से अधिक अनुपात होने से बैंकों और आवास वित्त कंपनियों से कर्ज लेना मुश्किल होता है तथा मकान खरीदना 'पॉकेट की क्षमता से बाहर होता है। किफायती सूचकांक के तहत आय के अनुपात में मासिक किस्त (ईएमआई) को ध्यान में रखा जाता है। मकानों के सस्ता होने के मामले में पिछले दशक के मुकाबले सार्थक सुधार पाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार मकानों की कीमतों में कमी और आवास ऋण पर ब्याज के कई दशक के निम्न स्तर पर जाने से 2020 में मकान खरीदना किफायती हुआ है। नाइट एंड फ्रैंक ने कहा, ''मुंबई किफायती अनुपात 61 प्रतिशत के साथ सबसे महंगा बाजार है जबकि अहमदाबाद, चेन्नई और पुणे अपेक्षाकृत सस्ते हैं।''पिछले दशक से तुलना की जाए तो मुंबई में भी मकान सस्ता जान पड़ता है। वर्ष 2010 में किफायती अनुपात 93 प्रतिशत था जो 2020 में 61 प्रतिशत रहा है। सूचकांक में संपत्ति की कीमत, आवास ऋण पर ब्याज दर, परिवार की आय पर गौर किया जाता है। ये चीजें मकान खरीदने की क्षमता को निर्धारित करती हैं। राष्ट्रीय राजधानी में किफायती अनुपात सुधरकर 38 प्रतिशत रहा जो 2010 में 53 प्रतिशत था। बेंगलुरू में यह 2020 में 28 प्रतिशत रहा जो एक दशक पहले 48 प्रतिशत था। रिपोर्ट के अनुसार पुणे और चेन्नई में अनुपात सुधरकर 26 प्रतिशत पर आ गया जो 2010 में क्रमश: 39 प्रतिशत और 51 प्रतिशत था। हैदराबाद में अनुपात 31 प्रतिशत रहा जो 2010 में 47 था। वहीं कोलकाता में यह 2020 में सुधरकर 30 प्रतिशत पर आ गया जो एक दशक पहले 45 प्रतिशत था। नाइट एंड फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ''देश के प्रमुख आठ शहरों में किफायती अनुपात पिछले दशक के मुकाबले 2020 में उल्लेखनीय रूप से सुधरा है। इसका कारण आय स्तर में सुधार, निम्न ब्याज दर और उसके आधार पर संपत्ति के दाम में कमी है।
- राजकोट (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राजकोट में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधारशिला रखी।वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस समारोह में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे भी उपस्थित थे। राजकोट में एम्स के लिए 201 एकड़ से अधिक जगह आवंटित की गई है और यह लगभग 1,195 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। संस्थान का निर्माण 2022 के मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है। इस आधुनिक अस्पताल में 750 बिस्तर होंगे जिनमें से 30 बिस्तर आयुष ब्लॉक में होंगे। इसमें एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए 125 और नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए 60 सीट होंगी।----
- चेन्नई। लोकप्रिय तमिल वक्ता और रजनीकांत के समर्थक तमिझारुवी मणियन ने बुधवार को राजनीति छोडऩे की घोषणा की। गौरतलब है कि अभिनेता रजनीकांत ने एक दिन पहले ही कहा था कि वह राजनीति में कदम नहीं रखेंगे।अभिनेता या उनके फैसले का उल्लेख किए लिए बगैर कांग्रेस के पूर्व नेता मणियन ने राज्य की दोनों द्रविड पार्टियों अन्नाद्रमुक और द्रमुक पर आरोप लगाया कि उनके कारण पिछले 50 साल में तमिलनाडु में राजनीति का स्तर गिरा है और भ्रष्टाचार इस हद तक बढ़ गया है। अपने राजनीतिक करियर में अपने बेदाग रिकॉर्ड पर गर्व करते हुए मणियन ने कहा कि उनकी एकमात्र गलती मुख्यंत्री दिवंगत के. कामराज के नेतृत्व जैसी ईमानदार सरकार को फिर से बहाल करने के उनके सपने के लिए काम करना है। कामराज स्वतंत्रता सेनानी और कांग्रेस के लोकप्रिय नेता थे। मणियन ने हालांकि यह संकेत दिया कि अभिनेता के लिए उनका समर्थन तमिलनाडु में राजनीति को बदलने की दिशा में एक कदम था। उन्होंने संकेत दिया कि हालांकि यह प्रयास सफल नहीं रहा क्योंकि अभिनेता ने अपनी योजना बदल ली और इसलिए वह राजनीति छोड़ रहे हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, ''ईमानदारी, सच्चाई और अनुशासन का कोई मोल नहीं है और राजनीति की ऐसी दुनिया में हासिल करने योग्य कोई उपलब्धि नहीं है जहां हीरे और पत्थर में कोई भेद ना हो।'' मणियन ने जोर देते हुए कहा, ''मै राजनीति छोड़ रहा हूं और कभी राजनीति में वापस नहीं आउंगा।'' गांधीया मक्कल इयक्कम (जीएमआई) के अध्यक्ष रहे मणियन की पार्टी के लक्ष्यों में तमिलनाडु को शराब और भ्रष्टाचार से मुक्ति के साथ-साथ सुशासन शामिल था। कामराज अप्रैल 1954 से अक्टूबर 1963 तक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहे थे।
- भोपाल। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता देश के सवा पांच लाख गांवों तक जाएंगे और 13 करोड़ परिवारों से धन संग्रह करेंगे। संगठन के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने इसकी जानकारी दी ।विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया, ''अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए देश के छह लाख में से चार लाख गांवों में जाने की योजना थी, लेकिन विभिन्न स्तरों पर बैठकों के बाद तय किया गया कि हम सवा पांच लाख गांवों तक जाएंगे और 11 की बजाय 13 करोड़ परिवारों से धन संग्रह करेंगे।'' उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 50 हजार गांव और सवा करोड़ परिवारों में साढ़े छह करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कुमार ने बताया कि इस प्रकार, यह निश्चित रूप से दुनिया के इतिहास में सबसे बड़ा निधि संग्रह का अभियान होगा।श्री कुमार ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास ने मध्यप्रदेश के लिए पूज्य संत अखिलेश्वरानंद जी महाराज जबलपुर की अध्यक्षता में एक श्रीराम मंदिर निर्माण निधि समिति का गठन किया है। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान की देखरेख मध्य भारत प्रांत एवं अन्य प्रांत निधि समर्पण अभियान समितियों सहित संतों के मार्गदर्शक समिति द्वारा की जाएगी। वहीं, उनका कहना था कि संग्रह टोलियां प्रत्येक 5 लोगों की बनाई गई हैं । वे एक जमाकर्ता को रिपोर्ट करेंगे। सभी संग्रह 48 घंटों के भीतर तीर्थक्षेत्र के बैंक खाते में जमा किए जाएंगे। प्रत्येक जमाकर्ता के पास भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब नेशनल बैंक के तीन बैंकों में से एक का निकटतम शाखा में एक पंजीकृत कोड नंबर होगा। यहां निधि संग्रह में पूरी पारदर्शिता रखे जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है । कुमार ने कहा कि उम्मीद है कि 2024 तक श्री राम लला की भव्य मूर्ति मुख्य मंदिर के गर्भगृह में स्थापित हो जाएगी और भक्तों को भगवान के इस भव्य मंदिर में दर्शन करने के लिए आमंत्रित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पूरा मंदिर पत्थरों के ब्लॉक का होगा।---
- नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री रमेश पोखरियाल 'निशंक 31 दिसंबर को शाम 6 बजेसीबीएसई बोर्ड परीक्षा-2021 के प्रारंभ होने की तारीखों की घोषणा करेंगे। श्री निशंक ने यह जानकारी बुधवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर दी है।इससे पहले, शिक्षकों के साथ वर्चुअल माध्यम से बातचीत के दौरान, श्री पोखरियाल ने बताया कि सीबीएसई छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों द्वारा दिए गए सुझावों को ध्यान में रखते हुए 2021 की बोर्ड परीक्षा आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारी में जुटा है।--
- - नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 दिसंबर को सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात के राजकोट में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स की आधारशिला रखेंगे। नये एम्स के लिए 201 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इसके निर्माण पर एक हजार 195 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आयेगी। वर्ष 2022 के मध्य तक इसका निर्माण पूरा हो जाने की संभावना है।अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 750 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में तीस बिस्तरों का एक आयुष ब्लॉक भी होगा। इसमें एम बी बी एस पाठ्यक्रम के लिए 125 सीटें और नर्सिंग प्रशिक्षण के लिए साठ सीटें होंगी। कार्यक्रम में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन और स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे भी उपस्थित रहेंगे।---
- नागपुर। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने यहां श्रम विभाग के एक अधिकारी को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि गिरफ्तारी मंगलवार को की गई।शिकायत के अनुसार, श्रम और रोजगार मंत्रालय के सहायक श्रम आयुक्त सचिन जे शेलार ने शिकायतकर्ता की कंपनी में मजदूर की सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर रिश्वत की मांग की थी। शेलार ने 13 दिसंबर को शिकायतकर्ता की कंपनी का निरीक्षण किया था और उसे श्रम आयुक्त के कार्यालय में कुछ दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया। तीन दिन बाद, उसे आरोपी से उनके आवास पर मिलने के लिए कहा गया। इस संदेह पर कि वह रिश्वत की मांग कर सकते हैं, कंपनी के मालिक ने 18 दिसंबर को सीबीआई के पास शिकायत दर्ज कराई। आरोपी ने 21 दिसंबर को मजदूरों की सुरक्षा से संबंधित अनियमितताओं के मामले को सुलझाने के लिए रिश्वत की मांग की। मंगलवार को जब आरोपी ने शिकायतकर्ता से 60 हजार रुपये लिए तब सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। विज्ञप्ति में कहा गया कि आरोपी के कार्यालय और आवास पर तलाशी ली जा रही है। आरोपी को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
- आणंद (गुजरात)। गुजरात के आणंद जिले के कंभाईपुरा गांव के पास बुधवार को एक ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।खंभोलाज थाना के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब तीनों एक कारखाने की ओर जा रहे थे, जहां वे काम करते थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।--
- -अगली वार्ता चार जनवरी को होगीनई दिल्ली। केन्द्र सरकार और किसान संगठनों के बीच छठे दौर की वार्ता आज नई दिल्ली में हुई। इसमें केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पीयूष गोयल और सोम प्रकाश उपस्थित थे।बैठक के बाद नरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि बातचीत बहुत अच्छे माहौल में हुई और सकारात्मक रूप से सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि चार मुद्दों में से दो पर सहमति बन गई है। श्री तोमर ने बताया कि दिल्ली में कड़ाके की ठंड को देखते हुए उन्होंने किसान नेताओं से अनुरोध किया कि वे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को वापस अपने घर भेज दें। उन्होंने बताया कि अगले दौर की बातचीत चार जनवरी को होगी। श्री तोमर ने यह भी बताया कि अगले दौर की बातचीत में तीन कृषि कानूनों और न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी पर बातचीत जारी रहेगी।
- नई दिल्ली। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने देश में पहली पीढी - वन जी एथेनॉल का उत्पादन बढ़ाने के लिए चावल, गेहूं, जौ, मक्का, ज्वार, गन्ना और चुकंदर इत्यादि से एथेनॉल निकालने की क्षमता बढ़ाने के लिए संशोधित योजना को मंजूरी दे दी है।पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एथेनॉल उत्पादक नई डिस्ट्रिलरी को चार हजार 573 करोड़ रुपये की ब्याज सहायता देने को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि भारत को तेल की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आयात पर निर्भरता कम करने के वास्ते 2030 तक लगभग एक हजार करोड़ लीटर एथेनॉल की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि भारत की मौजूदा क्षमता 684 करोड़ लीटर तेल उत्पादन की है। श्री प्रधान ने बताया कि सरकार परियोजना के प्रस्तावकों द्वारा लिए गए ऋण पर एक वर्ष की मोहलत सहित पांच वर्ष के लिए ब्याज अनुदान का वहन करेगी। इसका निर्धारण प्रतिवर्ष 6 प्रतिशत ब्याज दर या बैंक द्वारा लिए गए ब्याज के 50 प्रतिशत में से जो भी कम होगा उसके आधार पर किया जाएगा।
- नई दिल्ली। सरकार ने जमीन से हवा में मार करने वाली स्वेदश निर्मित आकाश मिसाइल के निर्यात को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही रक्षा निर्यात प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए एक समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसका स्वागत करते हुए कहा है कि इससे देश को रक्षा निर्यात से आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बड़ी तादाद में कई तरह के रक्षा उपकरण और मिसाइलें देश में बनाई जा रही हैं।राजनाथ सिंह ने कहा कि 96 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी तकनीक से निर्मित आकाश मिसाइल देश की रक्षा क्षमता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन द्वारा विकसित 25 किलोमीटर तक की मारक क्षमता वाली आकाश मिसाइल लडा़कू विमानों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन पर सटीक लक्ष्य साध सकती है।रक्षामंत्री ने कहा कि सरकार ने उन्नत किस्म के रक्षा उपकरणों के निर्यात पर जोर देते हुए पांच अरब डॉलर के रक्षा निर्यात का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार मित्र देशों के साथ अपने सामरिक संबंध भी बेहतर बनाना चाहती है। श्री सिंह ने कहा कि आकाश मिसाइल के निर्यात को मंजूरी मिलने से कई अन्य रक्षा उपकरणों के निर्यात का रास्?ता भी खुलेगा।






.jpg)
.jpg)





.jpg)




.jpg)




.jpg)

.jpg)
.jpg)