ब्रेकिंग न्यूज़

 मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप रायपुर जिले में उत्साह के साथ धान खरीदी का शुभारंभ

-*पहले दिन 129 उपार्जन केंद्रों में 366 किसानों से 9365.60 क्विंटल धान की खरीदी, 2 करोड़ 29 लाख रुपए से अधिक का धान किसानों ने बेचा*
-*जिले में बनाए गए 21 नए धान उपार्जन केंद्र, इनमें से 17 केंद्रों में भी खरीदी प्रारंभ*
-*नवीन धान उपार्जन केंद्र उमरपोटी में विधायक श्री इंद्र कुमार साहू ने किया धान खरीदी का शुभारंभ*
-*कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा, नगपुरा, बरौदा और मुंरेठी उपार्जन केंद्रों में पूजा-अर्चना कर किया धान खरीदी का शुभारंभ*
 रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप आज रायपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ उत्साह और हर्षोल्लास के साथ हुआ। धान खरीदी के पहले दिन जिले के कुल 159 उपार्जन केंद्रों में से 129 केंद्रों में धान की खरीदी की गई। इन केंद्रों में 366 किसानों से कुल 9365.60 क्विंटल धान खरीदा गया, जिसका कुल मूल्य 229.51 लाख रुपए अर्थात 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपए है। जिलेभर के धान उपार्जन केंद्रों में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी की शुरुआत हुई। किसानों में अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साह का माहौल रहा।इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए जिले में 21 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 17 नवीन उपार्जन केंद्रों में भी आज से धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। नवीन उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नजदीक में ही सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे किसानों के समय और परिवहन व्यय की बचत होगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों को प्रति क्विंटल 3,100 रुपए की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का लाभ देने की व्यवस्था की गई है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
विधायक श्री इंद्र कुमार साहू ने नवीन धान उपार्जन केंद्र उमरपोटी में किया शुभारंभ
गोबरा नवापारा तहसील अंतर्गत नवीन धान उपार्जन केंद्र उमरपोटी में अभनपुर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू ने धान खरीदी का शुभारंभ किया। नवीन उपार्जन केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नजदीक में ही सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों के समय और परिवहन व्यय की बचत होगी। नवीन उपार्जन केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा गया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज जोरा स्थित धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और धान खरीदी का शुभारंभ किया।  उन्होंने उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने, तौल और धान के सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।आरंग विकासखंड के मुंरेठी तथा नगपुरा धान उपार्जन केंद्र में भी उत्साहपूर्वक धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के उपाध्यक्ष श्री अभिनेष कश्यप तथा नगर पंचायत चंदखुरी के अध्यक्ष श्री प्रतीक बैस ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच की तथा स्वयं धान का तौल भी किया। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उपार्जन केंद्र में पेयजल, छाया और बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे, एसडीएम आरंग श्री रवि सिंह, एसडीएम रायपुर श्री नभसिंह कोशले, डीसीसीबी श्री भूपेश चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।
बरौदा में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में धान खरीदी का शुभारंभ
धरसींवा तहसील अंतर्गत बरौदा धान उपार्जन केंद्र में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सविता चंद्राकर, जनपद सदस्य श्री भगत बंजारे, सरपंच श्री भागवत साहू तथा समिति अध्यक्ष श्री उमराव साहू की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर किसानों में उत्साह देखा गया। जनप्रतिनिधियों ने धान खरीदी प्रारंभ होने पर किसानों को शुभकामनाएं दीं।जिले में धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्रीमती अभिलाषा पैकरा ने आरंग तहसील अंतर्गत गौरभाठा धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा किसानों की सुविधा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
खोरपा, अड़सेना, गोबरा नवापारा और जामगांव में भी उत्साह के साथ खरीदी प्रारंभ
जिले के अन्य धान उपार्जन केंद्रों में भी हर्षोल्लास के साथ धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। खोरपा धान खरीदी केंद्र में पहले दिन पांच किसान अपनी उपज विक्रय के लिए पहुंचे। इसी प्रकार तहसील खरोरा अंतर्गत अड़सेना समिति, गोबरा नवापारा और जामगांव सहित विभिन्न उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हुई। किसानों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपज विक्रय की प्रक्रिया में भाग लिया।
ऑनलाइन टोकन से किसानों को मिल रही सुविधा
धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए किसानों को 'तुंहर टोकन' मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार उपार्जन केंद्र आने की आवश्यकता नहीं है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर धान विक्रय के लिए केंद्र पहुंच सकते हैं।
उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं
जिले में धान खरीदी को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक तैयारियां की गई हैं। किसानों की सुविधा के लिए 21 नवीन उपार्जन केंद्र भी बनाए गए हैं, जिनमें से 17 केंद्रों में पहले दिन ही खरीदी प्रारंभ हो गई है। खरीदी केंद्रों में बारदाना, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छाया, बैठने और धान की स्टैकिंग सहित आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वास्तविक किसानों को शासन की धान खरीदी व्यवस्था का पूरा लाभ मिले तथा धान विक्रय के दौरान किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो। सभी संबंधित अधिकारी खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english