ब्रेकिंग न्यूज़

 द्रमुक सरकार सबसे भ्रष्ट, 20 फीसदी कमीशन का नियम प्रचलित है: अमित शाह

 पुडुकोट्टई (तमिलनाडु)।  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया, जहां ‘20 प्रतिशत कमीशन' का नियम प्रचलित है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस साल तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विजयी होगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन द्वारा शुरू की गई पदयात्रा के समापन के अवसर पर आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए शाह ने 2024 से भाजपा-राजग की विजय उपलब्धियों का ब्योरा दिया, जिसमें हरियाणा में लगातार तीसरी जीत और दिल्ली एवं बिहार में मिली जीतें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की बारी है।
उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक, भाजपा और अन्य दलों के मजबूत गठबंधन से राजग विजयी होगा। शाह ने द्रमुक सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। भाजपा की यह भव्य जनसभा नागेंद्रन की राज्यव्यापी यात्रा ‘तमिलगम थलैनीमिरा तमिलानिन पयानम' (तमिलनाडु के उत्थान के लिए एक तमिल की यात्रा) के समापन का प्रतीक है, जो 12 अक्टूबर, 2025 को मदुरै से शुरू हुई थी। शाह ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर सत्ताधारी द्रमुक की जमकर आलोचना की और उसे भ्रष्टाचार का पर्याय बताया। उन्होंने सवाल किया कि क्या राज्य ‘भ्रष्ट मंत्रियों की फौज' के साथ प्रगति कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘नौकरी के बदले रिश्वत घोटाले में एक द्रमुक नेता का नाम सामने आया है, वहीं दूसरे नेता का नाम धनशोधन मामले में आया है।'' उन्होंने किसी का नाम लिये बगैर कहा कि एक अन्य नेता का नाम ‘कोयला घोटाले' में आया है। शाह ने आरोप लगाया, ‘‘क्या तमिलनाडु की प्रगति भ्रष्ट मंत्रियों की ऐसी फौज के साथ हो सकती है? बीस प्रतिशत ‘कट मनी' (कमीशन) भ्रष्टाचार का हिस्सा है। राज्य की अर्थव्यवस्था कर्ज और शराब की बिक्री के आधार पर चल रही है।'' शाह ने कहा कि द्रमुक सरकार का एकमात्र मकसद मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बेटे उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाना है, लेकिन परिवारवाद को कायम रखने का उनका सपना पूरा नहीं होगा। शाह ने कहा कि तमिलनाडु में परिवारवाद की राजनीति को खत्म करने का समय आ गया है। उन्होंने बताया कि द्रमुक के दिवंगत अध्यक्ष के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके बेटे एम.के. स्टालिन भी मुख्यमंत्री बने थे और उदयनिधि को भी मुख्यमंत्री बनाने की योजना है। उन्होंने सत्ताधारी दल पर कई अन्य मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने सत्ताधारी दल की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘तमिलनाडु में महिलाओं की कोई सुरक्षा नहीं है।'' उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद राजग अप्रैल 2026 तक तमिलनाडु में सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा-अन्नाद्रमुक का गठबंधन स्वाभाविक था और दोनों ने 1998 और 2019 के संसदीय चुनावों के अलावा 2021 का विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ा था। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर स्टालिन सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुओं की पूजा पद्धतियों का ‘अपमान' किया जा रहा है, और दावा किया कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के दौरान तमिलनाडु में ‘अघोषित कर्फ्यू लगा दिया गया था'। शाह ने कहा, ‘‘उनके वरिष्ठ नेता सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया कहते हैं। हिंदुओं की शोभा यात्रा और विसर्जन यात्रा (हिंदू देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन) पर रोक है। मैं स्टालिन से कहना चाहता हूं, आपने हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार करके संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन किया है।'' जनसभा में मौजूद अन्य नेताओं में भाजपा नेता पीयूष गोयल, एल मुरुगन, तमिलिसाई सौंदरराजन और पी. राधाकृष्णन शामिल थे। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english