ब्रेकिंग न्यूज़

पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को होगा ‘मोदी कथा’ का लोकार्पण

 नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को नई दिल्ली में वरिष्ठ पत्रकार, स्तंभकार और लेखक डॉ. हरीश चंद्र बर्नवाल की नई पुस्तक ‘मोदी कथा’ का लोकार्पण किया जाएगा। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का विमोचन केंद्रीय कानून एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे।

यह कार्यक्रम 17 सितंबर, गुरुवार को शाम 5 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए), जनपथ स्थित समवेत सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईजीएनसीए के अध्यक्ष राम बहादुर राय करेंगे। इस अवसर पर आईजीएनसीए के सदस्य सचिव प्रो. सच्चिदानंद जोशी, आज तक के वरिष्ठ एंकर सईद अंसारी और एबीपी न्यूज की वरिष्ठ एंकर चित्रा त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
डॉ. हरीश चंद्र बर्नवाल की यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी पांचवीं पुस्तक है। लेखक के अनुसार, ‘मोदी कथा’ राजनीतिक समीक्षा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के मानवीय पक्ष को सामने लाने वाली दस वास्तविक घटनाओं का संकलन है। इन कहानियों में पिछले 25 वर्षों के अनुभवों और व्यक्तिगत संस्मरणों के जरिए उनकी संवेदनशीलता, करुणा और आत्मीयता को प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक में शामिल घटनाओं में 1990 की एक रेल यात्रा का प्रसंग है, जिसमें युवा नरेंद्र मोदी के व्यवहार ने दो महिला यात्रियों की नेताओं के प्रति धारणा बदल दी। एक अन्य कहानी नेपाल के जीत बहादुर की है, जिन्हें मोदी ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनाया और प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नहीं भूले।
पुस्तक में शिक्षिका गीताबेन और दृष्टिबाधित छात्र पिंकल की कहानी भी शामिल है, जिसमें उनकी संवेदनशील मुलाकात के बाद दृष्टिबाधित छात्रों के लिए केंद्रीय बजट में विशेष प्रावधान किए जाने का उल्लेख है। इसके अलावा आगरा की मासूम तैयबा की मदद और हुबली के मजदूर चंद्रकांत जैसे सामान्य लोगों के जीवन से जुड़े प्रसंग भी पुस्तक का हिस्सा हैं। लेखक का कहना है कि पुस्तक की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्रामाणिकता है। प्रत्येक कहानी के अंत में उसके स्रोतों का उल्लेख किया गया है, ताकि पाठक घटनाओं की सत्यता स्वयं परख सकें।डॉ. हरीश चंद्र बर्नवाल समाचार जगत का चर्चित नाम हैं और वे न्यूज18 इंडिया, एबीपी न्यूज, एनडीटीवी, जी न्यूज तथा डीडी न्यूज जैसे संस्थानों में काम कर चुके हैं। वर्तमान में वह राजनीतिक विश्लेषण पर आधारित अपना यूट्यूब चैनल संचालित कर रहे हैं। अब तक उनकी 11 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें ‘मोदी सूत्र’, ‘मोदी नीति’, ‘सच कहता हूं’, ‘टेलीविजन की भाषा’ और ‘संघ की अनसुनी कहानियां’ प्रमुख हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english