- Home
- छत्तीसगढ़
-
मतदान दिवस और मतदान के एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों का कराना होगा पूर्व प्रमाणीकरण
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के साथ ही प्रिंट मीडिया में भ्रामक प्रकृति के विज्ञापनों के प्रकाशन को रोकने के संबंध में व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत मतदान दिवस और उसके एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणीकरण आवश्यक है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में जारी परिपत्र की जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन के लिए द्वितीय चरण के मतदान के एक दिन पहले तथा मतदान दिवस यानि 16 नवम्बर और 17 नवम्बर को प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापनों के प्रकाशन के पूर्व जिला अथवा राज्य स्तरीय मीडिया प्रमाणन समिति से विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य स्तरीय तथा जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन समिति को प्रमाणन हेतु प्राप्त आवेदन पर त्वरित निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने बताया कि मतदान दिवस के पूर्व एवं मतदान तिथि को प्रिंट मीडिया में भ्रामक प्रकृति के विज्ञापनों के प्रकाशन के बाद वे दल अथवा प्रत्याशी जो इससे प्रभावित होते हैं, उनके पास किसी भी प्रकार की सफाई अथवा खंडन का अवसर नहीं होता। ऐसे में स्वतंत्र, पारदर्शी और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन जरूरी है। -
70 विधानसभा सीटों में 958 अभ्यर्थी मैदान में, एक तृतीय लिंग प्रत्याशी भी शामिल
रायपुर/ छत्तीसगढ़ विधानसभा आम निवार्चन-2023 के अंतर्गत द्वितीय चरण में 70 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले मतदान के लिए बुधवार 15 नवम्बर को शाम पांच बजे तक प्रचार-प्रसार का शोर थम जाएगा। मतदान की समाप्ति समय के 48 घंटे पूर्व से सार्वजनिक मंचों से प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा। लेकिन इस दौरान प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क कर सकेंगे। द्वितीय चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 958 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं जिनमें 827 पुरूष, 130 महिला और एक तृतीय लिंग हैं।
द्वितीय चरण के मतदान के दौरान प्रदेश के एक करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष मतदाता, 81 लाख 72 हजार 171 महिला मतदाता तथा 684 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 18 हजार 833 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 700 संगवारी मतदान केंद्र हैं जहां सिर्फ महिला मतदान कर्मी ही पदस्थ रहेंगी।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा आम निर्वाचन के लिए दूसरे चरण में 17 नवम्बर को 70 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। इसके लिए सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। केवल बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नौ मतदान केंद्रों कामरभौदी, आमामोरा, ओढ, बड़े गोबरा, गंवरगांव, गरीबा, नागेश, सहबीनकछार और कोदोमाली में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इनके अलावा बिन्द्रानवागढ़ के शेष मतदान केंद्रों में अन्य 69 विधानसभा क्षेत्रों की तरह सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
विधानसभा आम निर्वाचन के लिए दूसरे चरण में भरतपुर-सोनहत, मनेन्द्रगढ़, बैकुंठपुर, प्रेमनगर, भटगांव, प्रतापपुर, रामानुजगंज, सामरी, लुण्ड्रा, अम्बिकापुर, सीतापुर, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, लैलूंगा, रायगढ़, सारंगढ़, खरसिया, धर्मजयगढ़, रामपुर, कोरबा, कटघोरा, पाली-तानाखार, मरवाही, कोटा, लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा, मस्तूरी, अकलतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, सराईपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, बिलाईगढ़, कसडोल, बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग, अभनपुर, राजिम, बिन्द्रानवागढ़, सिहावा, कुरूद, धमतरी, संजारी-बालोद, डौंडीलोहारा, गुण्डरदेही, पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। -
फोटोयुक्त दस्तावेज दिखाकर भी मतदाता कर सकेंगे मतदान
रायपुर/ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन-2023 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग की ओर से सभी मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किए गए हैं। आयोग सभी मतदाताओं से अपेक्षा करता है कि वे मतदान स्थल पर अपना मत देने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आयोग की ओर से जारी निर्वाचक फोटो पहचान पत्र दिखाएंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि यदि कोई निर्वाचक फोटो पहचान पत्र नहीं दिखा पाता है तो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उनके लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेज भी अनुमत किए गए हैं। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, वे अपनी पहचान स्थापित करने के लिए आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंकों/डाकघरों द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड का उपयोग कर सकते हैं। मतदाता इनमें से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे।
प्रवासी निर्वाचकों को जो अपने पासपोर्ट में विवरणों के आधार पर निर्वाचक नामावालियों में पंजीकृत हैं, मतदान केंद्र में केवल उनके मूल पासपोर्ट (तथा अन्य कोई पहचान दस्तावेज नहीं) के आधार पर ही पहचाना जाएगा। -
कलेक्टर ने ली निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में बैठक
रायपुर/ कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने 17 नवम्बर को होने वाले मतदान के तैयारियों के परिपेक्ष्य में बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों में आवश्यक न्यूनतम सुविधा (एएमएफ)प्रदान करना सुनिश्चित कर लें। एक से अधिक मतदान केंद्र होने पर और अधिक मतदाताओं वाले केंद्रों में क्यू प्रबधन के लिए बेहतर व्यवस्था करें। सभी रिटर्निंग ऑफिसर अपने संबंधित विधानसभा में मतदान अधिकरी-कर्मचारियों को ईव्हीएम की सुरक्षा और अन्य कार्यों के लिए निर्देशित करें। मतदान सामग्री के वितरण-प्रबधन के लिए प्रशिक्षण प्रदान करें। प्रत्येक राजनौतिक दलों या अभ्यर्थी के लिए मतदान केंद्र के समीप निर्वाचन बूथ लगाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करना होगा। साथ ही उन्होंने मतदान के 72 घंटे पूर्व किये जाने वाले कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसएसपी श्री प्रशांत अग्रवाल भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बताया कि आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राजनैतिक दलों/प्रत्याशियों द्वारा निर्वाचन बूथ मतदान केन्द्र से 200 मीटर की दूरी पर बनाये जायेंगे। ऐसे जगह जहां एक लोकेशन पर एक से अधिक मतदान केन्द्र हैं वहां सभी मतदान केन्द्रों के लिए किसी राजनैतिक दल/प्रत्याशी द्वारा एक निर्वाचन बूथ बनाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दलों/प्रत्याशियों द्वारा स्थापित निर्वाचन बूथ में केवल एक टेबल एवं दो कुर्सी रखी जायेंगी। वहां बैठने वालों के लिए छतरी का प्रयोग किया जा सकेगा। कनात एवं टेन्ट का प्रयोग नहीं किया जायेगा।
डॉ. भुरे ने कहा कि इस प्रकार का निर्वाचन बूथ बनाने का इच्छुक अभ्यर्थी लिखित में रिटर्निंग ऑफिसर को मतदान केन्द्र का क्रमांक एवं नाम बताते हुए पूर्व सूचना देगा। वह शासकीय प्राधिकारी या लोकल प्राधिकारी जैसे निगम, नगर पालिकाओं, जिला परिषद, नगरीय क्षेत्र कमेटी, पंचायत समिति आदि से प्रचलित नियमों के अनुसार निर्वाचन बूथ बनाने से पहले अनुमति प्राप्त करेगा। इस प्रकार प्राप्त लिखित अनुमति निर्वाचन बूथ में बैठने वाले कर्मी अपने साथ रखेंगे एवं पुलिस या निर्वाचन प्राधिकारी द्वारा मांगे जाने पर दिखायेंगे। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा समय पर और व्यवस्थित तरीके से डोर टू डोर मतदाता पर्ची वितरण का कार्य करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि ध्यान रहे कि मतदान के दिन बुथ में किसी प्रकार की भीड़ इकठ्ठा नहीं हो न ही मतदाता जिन्होेंने मताधिकार का प्रयोग कर लिया हैै वहां खड़े होंगे। उक्त प्रकार के बूथ में बैठने वाले व्यक्ति किसी भी मतदाता को नहीं बुलायेेंगे न ही किसी अन्य पार्टी के बूथ में जाने से मना करेंगे और मतदाता को किसी भी प्रकार का प्रलोभन नहीं देगे ना ही उनके मतदान देने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करेंगे। उक्त निर्देशों के उल्लंघन किये जाने पर आयोग द्वारा जिम्मेदार के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर सभी रिटर्निंग अधिकारी और अन्य अधिकरी उपस्थित थे। -
रायपुर। प्रख्यात उद्योगपति, समाजसेवी तथा विहिप के केंद्रीय कोषाध्यक्ष श्री रमेश मोदी का 81 वर्ष की आयु में 14 नवंबर को निधन हो गया है।
-
सामग्री वितरण के लिए 300 कर्मचारियों की ड्यूटी, बनाए गए 76 काउंटर
अधिकारी-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
बिलासपुर/जिले में 17 नवम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दलों को सामग्री वितरण का कार्य 16 नवम्बर को कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से सवेरे 8 बजे से शुरू होगा। सामग्री वितरण एवं वापसी के लिए बैरिकेडिंग सहित पूरी तैयारियां हो चुकी है। आज प्रार्थना सभाभवन में लगभग 300 कर्मचारियों को मतदान सामग्री वितरण एवं सामग्री वापसी के लिए प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक विधानसभावार 20 मतदान केंद्रों पर सामग्री वितरण एवं वापसी के लिए एक काउंटर बनाया गया है। इस प्रकार 6 विधानसभाओं के लिए कुल 76 कांउटर बनाए गए है। निर्वाचन सामग्री वापसी की कार्यवाही 17 नवम्बर को मतदान संपन्न होने के पश्चात शुरू होगी। वितरण की जाने वाली सभी सामग्रियों की लिस्टिंग उचित तरीके से करने के निर्देश प्रशिक्षण में दिए गए। नगर निगम कमिश्नर एवं प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने व्यवस्थित मतदान के लिए दलों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान से सबंधित पूरी प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझते हुए अपने कार्यों को पूरा करना आपकी जवाबदेही है।
प्रशिक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी ने निर्वाचन सामग्री वितरण एवं वापस लेने के दौरान ड्यूटी देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण में जिले के मास्टर ट्रेनर श्री एमटी आलम ने कहा कि मतदान दल के सदस्यों का ड्यूटी आदेश देखकर, सत्यापन करके ही उन्हें मतदान सामग्री दी जाये। उन्होंने मतदान सामग्री में व्हीव्हीपेट, कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट, बस्ता, ग्रीन पेपर सील, पिंक पेपर सील, निर्वाचक नामावली की चिन्हित प्रति, स्पेशल टैग एवं ब्रेल मतपत्र, वोटिंग कम्पार्टमेंट आदि सामग्री सूची सहित दी जाये तथा मिलान करके वापस सामग्री ली जाये। मास्टर ट्रेनर ने कहा कि मतदान दलों को वितरण की जाने वाली सामग्री के विषय स्पष्ट जानकारी नाम सहित होना चाहिए। इसके साथ ही दलीय भावना से इस महत्वपूर्ण कार्य का संपादन करना चाहिए। सभी सदस्य अपने दायित्वों का निर्वहन धैर्य पूर्वक करें।
मास्टर ट्रेनर ने सामग्री वितरण करने वाले ड्यूटी स्टाफ को सामान देने और मतदान के बाद सामान जमा करते समय ध्यान रखने वाली बातों को विस्तार से समझाया। प्रशिक्षण में सभी 6 विधानसभा के संबंधित आरओ एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। -
बालोद। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में बालोद जिले में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने हेतु जिले में हर स्तर से प्रयास किए जा रहे है। इसके अंतर्गत जिले में शहरों एवं कस्बों के अलावा गांव, गली, चौक-चौराहों के साथ-साथ मवेशी चराने वाले चरवाहों तथा समाज के सभी वर्गों के लोगों के बीच पहुँचकर मतदान तिथि 17 नवंबर को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पे्ररित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत खेतीहर, मजदूरों एवं किसानों के साथ-साथ चरवाहों को भी मताधिकार के महत्त्व की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान मतदाताओं एवं आम नागरिकों को लोकतंत्र में मताधिकार के महत्त्व की जानकारी देते हुए सभी प्रकार के निर्वाचनों में अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने की अपील की जा रही है। इस दौरान गाँव, शहरों एवं कस्बों में आकर्षक रंग-बिरंगे रंगोली बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।
- -
रायपुर/ राजधानी के कलेक्टोरेट परिसर में टाउन हॉल में विशेष सुविधा केंद्र बनाए गए है। जिले के मतदाता जो जिले में या जिले के बाहर निर्वाचन कार्य जैसे मतदान दल,माइक्रो आब्जर्वर, ड्राइवर ,क्लीनर एफएसटी जैसे कार्यों में सलग्न है, वे 14,15,16 नवंबर को यहां पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कर सकते हैं। इसका समय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक रहेगा। जिले में आने वाले सात विधानसभा तथा बलौदाबाजार विधानसभा के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के लिए यह सुविधा है।
-
मतदान दिवस और मतदान के एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों का कराना होगा पूर्व प्रमाणीकरण
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के साथ ही प्रिंट मीडिया में भ्रामक प्रकृति के विज्ञापनों के प्रकाशन को रोकने के संबंध में व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत मतदान दिवस और उसके एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणीकरण आवश्यक है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में जारी परिपत्र की जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन के लिए दूसरे चरण के मतदान के एक दिन पहले एवं मतदान दिवस यानि 16 नवम्बर और 17 नवंबर को प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापनों के प्रकाशन के पूर्व जिला अथवा राज्य स्तरीय मीडिया प्रमाणन समिति से विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य स्तरीय तथा जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन समिति को प्रमाणन हेतु प्राप्त आवेदन पर त्वरित निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने बताया कि मतदान दिवस के पूर्व एवं मतदान तिथि को प्रिंट मीडिया में भ्रामक प्रकृति के विज्ञापनों के प्रकाशन के बाद वे दल अथवा प्रत्याशी जो इससे प्रभावित होते हैं, उनके पास किसी भी प्रकार की सफाई अथवा खंडन का अवसर नहीं होता। ऐसे में स्वतंत्र, पारदर्शी और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन जरूरी है।
-- -
बालोद। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत मतदान दिवस 17 नवंबर के तैयारियों के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आवश्यक बैठक आयोजित की गई है। बैठक में सभी संबंधितों को निर्धारित समय एवं स्थान पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
-
110 लीटर हाथभट्टी महुआ कच्ची शराब जब्त
बालोद। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार ने बालोद जिले में अवैध मदिरा निर्माण, धारण, परिवहन एवं विक्रेताओं के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि आबकारी उप निरीक्षक दल्लीराजहरा वृत्त श्री अतुल देवांगन द्वारा 11 नवम्बर को ग्राम कोकान तालाब के पास दल्लीराजहरा में अवैध मदिरा आसवन एवं धारण के विरूद्ध कार्यवाही की गई। 11 नवम्बर को कोकान साल्हे मार्ग के पास स्थित तालाब के आसपास भारी मात्रा में अवैध रूप से हाथ भट्टी महुआ कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मिलने पर कार्यवाही की गई। जिसमें आबकारी स्टाॅफ को आता देख आरोपी भाग गया। अज्ञात आरोपी द्वारा अवैध रूप से धारण किए हुए 110 लीटर हाथ् भट्टी महुआ शराब जब्त किया गया तथा 300 किलोग्राम महुआ लाहन को सेम्पल रूप् में जब्त कर नष्ट किया गया। उक्त मादक द्रव्य को जब्त कर आबकारी कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1), 34 (2) एवं 59 (क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आबकारी अधिकारी ने बताया कि कार्यवाही में परिवीक्षाधीन आबाकारी उपनिरीक्षक श्री रोशन लाल बंजारे, आबकारी आरक्षक श्री सुमीत शर्मा, गजेन्द्र सोम एवं वाहन चालक श्री कुलदीप ठाकुर उपस्थित थे।
- -
मतदान दलों को प्रातः06 बजे लाईवलीहुड कालेज पाकुरभाट में उपस्थित होने के निर्देश
बालोद। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 हेतु जिले में 16 नवम्बर 2023 को मतदान दलों को मतदान सामग्री प्रदान किया जाएगा। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चन्द्रकांत कौशिक ने आदेश जारी कर समस्त मतदान कर्मी (पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक-01, मतदान अधिकारी क्रमांक-02, मतदान अधिकारी क्रमांक-03 एवं रिजर्व दल) को मतदान सामग्री प्राप्त करने हेतु 16 नवम्बर 2023 को प्रातः 06 बजे लाईवलीहुड काॅलेज पाकुरभाट में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधितों के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 13 सीसी एवं धारा 28 एवं लोक प्रतिनिधि अधिनियम 1951 एवं सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कार्यवाही की जाएगी। -
रायपुर. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ में सत्ता में आती है तो नयी शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ी भाषा में शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। प्रधान ने पार्टी के नगर कार्यालय ‘एकात्म परिसर' में संवादाताओं से कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को जल्दबाजी में 15 हजार रुपये देने का वादा कर छत्तीसगढ़ में भाजपा की विजय यात्रा को रोकने का असफल प्रयास किया है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है कि देश की हर भाषा राष्ट्रभाषा है। छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व वाले भाजपा शासन के दौरान, छत्तीसगढ़ी भाषा को राज्य भाषा का दर्जा दिया गया था।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मोदी जी राष्ट्रीय शिक्षा नीति लाए हैं, जिसके तहत आठवीं कक्षा तक की शिक्षा मातृभाषा में देने की बुनियादी योजना है।'' उन्होंने कहा कि अगर कोई बच्चा अपनी मातृभाषा में सीखता है तो इससे उसकी आलोचनात्मक सोच, शोध शक्ति और तार्किक क्षमता बढ़ती है। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ में भाजपा के सत्ता में आने के बाद हमारा विशेष प्रयास नयी शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ी भाषा में शिक्षा प्रदान करने को प्राथमिकता देना होगा जो नयी पीढ़ी के समावेशी विकास में सहायक होगा।''
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में अपनी हार की आशंका से डरी हुई है और इसलिए रविवार को उन्होंने जल्दबाजी में घोषणा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को कहा था कि अगर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सत्ता बरकरार रखती है तो राज्य में महिलाओं को 15 हजार रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। 17 नवंबर को होने वाले छत्तीसगढ़ चुनाव के दूसरे चरण से पहले की गई इस घोषणा को विपक्षी भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में विवाहित महिलाओं को प्रति वर्ष 12 हजार रुपये देने के वादे के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। प्रधान ने कहा, ‘‘चुनाव प्रचार अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। कांग्रेस अपना घोषणा पत्र पहले ही जारी कर चुकी है लेकिन जल्दबाजी में उसने कल महिलाओं के लिए एक वादा कर दिया। इससे पता चलता है कि कांग्रेस डरी हुई है। जिस पार्टी ने 1500 रुपये वृद्धावस्था पेंशन, स्वयं सहायता समूहों की ऋण माफी, चार रसोई गैस सिलेंडर (ग्रामीण परिवारों को रिफिलिंग) और शराबबंदी (2018 में किया गया) का अपना वादा पूरा नहीं किया, वह अब राज्य में भाजपा के विजय रथ को रोकने की असफल कोशिश कर रही है।'' उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं के खिलाफ अपराध में छत्तीसगढ़ शीर्ष राज्यों में शामिल है। पांच साल में राज्य में एक लाख महिलाओं के लापता होने की खबर है।
महिला सशक्तिकरण कांग्रेस के एजेंडे में नहीं है। महिलाओं के कल्याण में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र की योजनाओं की सराहना करते हुए प्रधान ने कहा, ‘‘मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण और महिला विकास को प्राथमिकता दी है।'' छत्तीसगढ़ की कुल 90 विधानसभा सीटों में से 20 पर सात नवंबर को मतदान हुआ था। शेष 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
-
रायपुर। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सेलजा ने राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद यह स्पष्ट हो गया कि राज्य में तीन चौथाई बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन रही है। पहले चरण की सभी 20 सीटें कांग्रेस जीतेगी। राजनांदगांव में डॉ. रमन सिंह भी चुनाव हार रहे है। दूसरे चरण के मतदान के बाद हम अपने 75 सीटो के लक्ष्य को जरूर पूरा करेंगे।
कुमारी सेलजा ने कहा कि हम पूरे चुनाव को सकारात्मक तरीके से लड़े। हमारा प्रयास था कि हम अपने कामों के आधार पर जनता से वोट मांगे।हमारी सरकार ने पिछले पांच सालों में जो काम किया था हमारे वोट मांगने का वही बड़ा आधार था। हमारी सरकार ने किसान, मजदूर, युवाओं, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति को सशक्त बनाने के लिये ठोस योजनायें बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन किया। ऋण माफी, धान खरीदी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, मजदूर न्याय योजना, स्वामी आत्मानंद स्कूल, खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना ने छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदली।हमने 5 सालों में बेरोजगारी, गरीबी के खिलाफ लड़ाई लड़ी जिससे प्रदेश की 40 लाख आबादी गरीबी रेखा से ऊपर आ गयी। हमारी सरकार के उत्कृष्ट काम ही थे जो लोग आज चुनाव में हमारे खिलाफ झूठ उछाल रहे है उनकी केंद्र सरकार ने हमें 65 पुरस्कार दिये।कुमारी सेलजा ने कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर लक्ष्मी पूजा के दिन कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के लिये “छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना” लांच करने का निर्णय लिया। हमारी सरकार बनने के बाद कांग्रेस प्रत्येक महिला को 15000 रू. प्रति वर्ष देगी। हम महिलाओं को सशक्त स्वावलंबी बनाना चाहते है हम महिलाओं के परिवार को समर्थ स्वस्थ और शिक्षित भी बनाना चाहते है। हमारे घोषणा पत्र में इसका उल्लेख है। हम उनको सक्षम बनाने के लिये गृह लक्ष्मी योजना के साथ उनके खर्च में कटौती के लिये महतारी न्याय योजना में सस्ती गैस देंगे। उनके परिवारों को 10 लाख तक इलाज और उनके बच्चों के शिक्षा की व्यवस्था भी कांग्रेस की सरकार करेगी। हम महिला स्व सहायता समूह का कर्ज माफ कर महिलाओं को समर्थ बनायेंगे। - महासमुंद/ रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को महासमुंद में विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार का आना और 30 टका वाले कक्का का जाना तय है। भाजपा की संकल्प महारैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने देश के गरीबों को 4 करोड़ मकान दिए। कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ के गरीबों को मकान नहीं मिलने दिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकल फॉर वोकल का असर दिखा। लोग आज स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीद रहे हैं। गांव , राज्य और देश का पैसा देश में ही रह रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा साथ दीजिए। मैं छत्तीसगढ़ को ऊंचाइयों पर ले जाना चाहता हूं।घर घर जाकर मेरा प्रणाम, जोहार और राम राम कहना।इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी, रायपुर सांसद सुनील सोनी, महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व मंत्री एवं भाजपा मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर, भाजपा खल्लारी प्रत्याशी अलका चंद्राकर, सरायपाली प्रत्याशी सरला कोसरिया, बसना प्रत्याशी संपत अग्रवाल एवं महासमुंद प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा, आरंग प्रत्याशी खुशवंत साहेब, राजिम प्रत्याशी रोहित साहू, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा, पूनम चंद्राकर सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन जिला अध्यक्ष श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने किया।
-
खैरागढ़। जिले में धान खरीदी में अनियमितता बरतने वाले कर्मचारियों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर और जिला दंडाधिकारी गोपाल वर्मा ने बुंदेली सहकारी समिति के धान उपार्जन केन्द्र में खरीदी कार्य अप्रारंभ की अनियमितता पर कड़ी कार्यवाही करते हुए समिति प्रबंधक पालनदास मानिकपुरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके स्थान पर प्रभार दिए गए कुंभलाल जंघेल धान खरीदी का कार्य करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी शासन के आदेश की अवहेलना और जनहित के कार्यों में अनियमितता न बरते, नही तो सीधे कार्यवाही की जाएगी। यदि कही पर कोई समस्या है तो नोडल अधिकारी से मार्गदर्शन लें या फिर मुझसे बात करें, उचित समाधन का प्रयास किया जाएगा। सहायक पंजीयक सेवा सहकारी समिति रघुराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर गोपाल वर्मा की अनुशंसा पर बुंदेली सहकारी समिति के धान उपार्जन केंद्र में समिति प्रबंधक पालनदास मानिकपुरी पर कार्यवाही करते हुए निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर गोपाल वर्मा के आदेश के बाद निलंबित समिति प्रबंधक पालनदास मानिकपुरी के स्थान पर प्रभारी कुंभलाल जंघेल को उपार्जन केंद्र और सहकारी समिति बुंदेली का प्रभारी बनाया गया है। समिति के धान खरीदी और अन्य दायित्वों का निर्वहन नए प्रभारी कुंभलाल जंघेल करेंगे। बुंदेली सहकारी समिति के धान उपार्जन केंद्र में अनियमितता बरतने पर कार्यवाही के बाद पूर्व समिति प्रबंधक पालनदास मानिकपुरी को धान खरीदी से हटा दिया गया है। दौरान वे अपनी उपस्थिति सहकारी बैंक शाखा बुंदेली में देंगे और शासन के नियमानुसार उन्हें निलंबन की अवधि में जीवन निर्वहन राशि की पात्रता होगी। -
रायपुर । शहरवासियों ने दीपोत्सव का महापर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया , देर रात तक हुई आतिशबाजी, फटाकों और घर व दुकान से निकले कचरों को समेटने के लिए तड़के से ही नगर निगम का सफ़ाई बेड़ा घरों की दहलीज़ तक पहुँच गया । नगर निगम के स्वच्छता बेड़े में तीन हज़ार सफ़ाई मित्र है , जो सड़कों , गलियों को साफ़ सुथरा रखने की ज़िम्मेदारी निभाते हैं ।इसके अलावा 248 वाहन डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए रोज़ घरों तक पहुँचते हैं । यह पूरी टीम हर मौसम , हर पर्व में पूरी ज़िम्मेदारी के साथ अपने काम में जुटी रहती हैं।
दीवाली के दूसरे दिन भी यह अमला सूर्योदय के पहले ही पूरे शहर के उन इलाक़ों में आमद देने पहुँच गया, जहां देर रात आतिशबाजी,ख़ानपान और घरों से निकाले गये कचरे का जमावड़ा था । शहरवासियों ने भी इन सफ़ाई मित्रों के जज्बे को खूब सराहा । गृहणी राज लक्ष्मी कहती है - जब हर घर त्यौहार मनाकर आराम करता है , लोगों द्वारा फैलाए कचरों को ये सफ़ाई मित्र सफ़ाई करने में देर रात से जुट जाते हैं। उनका कहना है कि सभी का त्यौहार उत्साह के साथ मनें, इसके लिए शहर को साफ़ और सुंदर रखने के लिए सफ़ाई मित्र जो परिश्रम करते हैं , उसके लिए वे सभी सम्मान के हक़दार है और हर नागरिक को उनको अपना साथ दे कर साफ़ सफ़ाई में सहयोग देना चाहिए । -
रायपुर / मतदान दलों का विशेष प्रशिक्षण 13 नवंबर को होगा। इसमें वे अधिकारी कर्मचारी शामिल होंगे जो 8 और 9 नवंबर में जो अधिकारी एवं कर्मचारी किन्हीं कारणों से उपस्थित नहीं हो सके थे। यह पंडित रविशंकर यूनिवर्सिटी में 9.30 बजे से आयोजित किया जा रहा है।
-
दुर्ग / माननीय नेशनल ग्रीन ट्रीब्युनल प्रिंसपल बैच नई दिल्ली द्वारा पटाखों के उपयोग के संबंध में पारित आदेश के परिपालन में राज्य शासन द्वारा रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, रायगढ़ एवं कोरबा के नगरीय क्षेत्रों में प्रतिवर्ष 1 दिसंबर से 31 जनवरी की अवधि में पटाखों का जलाया जाना प्रतिबंधित किया गया है। इस संबंध में छत्तीगढ़ राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार राज्य में केवल हरित पटाखों का विक्रय सुनिश्चित किया गया है। दीपावली, छठ, गुरूपर्व तथा नया वर्ष/क्रिसमस के अवसर पर पटाखे फोड़ने की अवधि 2 घंटे निर्धारित की गई है। जिसके अनुसार दीपावली रात्रि 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक, छठ पूजा प्रातः 6 बजे से प्रातः 8 बजे तक, गुरूपर्व रात्रि 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा नया वर्ष/क्रिसमस रात्रि 11ः55 बजे से रात्रि 12ः30 बजे तक की समयावधि निधारित है। राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार पटाखों के जलाने से शीत ऋतु में वायु प्रदुषण में वृद्धि होती है। शासन द्वारा वायु प्रदुषण के रोकथाम हेतु प्रदुषण निवारण तथा नियंत्रण अधिनियम के वैधानिक प्रवाधानों के तहत् प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, रायगढ़ एवं कोरबा के नगरीय क्षेत्रों में 1 दिसंबर से 31 जनवरी की अवधि में पटाखों का जलाया जाना प्रतिबंधित किया गया है।
-
दुर्ग / भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य हेतु द्वितीय चरण मतदान तिथि 17 नवंबर 2023 (दिन शुक्रवार) की घोषणा की गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विधानसभा निर्वाचन 2023 हेतु सीमावर्ती क्षेत्रों में श्रमिकें व कर्मचारियों हेतु मतदान तिथि 17 नवंबर 2023 (दिन शुक्रवार) को संवैतनिक अवकाश की मंजूरी दी गई है।
-
दुर्ग / विधानसभा निर्वाचन 2023 के संबंध में आचार संहिता 09 अक्टूबर 2023 से प्रभावशील है। जिसमें राजनैतिक दलों व अभ्यर्थियों से आचार संहिता के निर्देशों का पालन किया जाना अपेक्षित है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 66 वैशाली नगर के रिटर्निंग अधिकारी श्री एच.एस. मीरी ने आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी श्री रिकेश सेन को नोटिस जारी कर 2 दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा है। 12 नवंबर 2023 को सोशल मीडिया में प्रसारित महतारी वंदन योजना संबंधित फार्म भराए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसमें मोदी की गारंटी योजना के तहत् वैशाली नगर की महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रूपए की सहायता दिए जाने संबंधी प्रचार करते हुए, उक्त आवेदन पत्र को भारतीय जनता पार्टी के पार्षद, छायापार्षद के माध्यम से 3 दिवस के भीतर सभी महिलाओं को आवेदन पत्र जमा करने का अनुरोध किया गया है। जो कि निर्वाचन आचार संहिता का उल्लंघन है। स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123 (2) के तहत् नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
-
दुर्ग / विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 66 वैशाली नगर के रिटर्निंग अधिकारी श्री एच.एस. मीरी ने आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में भारतीय जनता पार्टी भिलाई मंडल के अध्यक्ष को नोटिस जारी कर दो दिवस के भितर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा है। सीविजील के माध्यम से प्राप्त शिकायत की जांच एफएसटी टीम के द्वारा की गई थी। जिसमें महतारी वंदन योजना संबंधित फार्म भराये जाने की शिकायत सही पायी गई। एफएसटी टीम द्वारा महतारी वंदन योजना का फार्म के बंडल को भी जब्त करने की कार्रवाही की गई है। अध्यक्ष के यह कृत्य आदर्श आचरण संहिता का घोर उल्लंघन है।
-
दुर्ग/ विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन पर भारतीय जनता पार्टी भिलाई के जिला अध्यक्ष और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 65 के भिलाई नगर के अभ्यर्थी श्री प्रेम प्रकाश पाण्डे को नोटिस जारी कर रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर श्री रोहित व्यास ने सीविजील से प्राप्त शिकायत सड़क नं 15 सेक्टर 02 भिलाई में भारतीय जनता के प्रत्याशी श्री प्रेमप्रकाश पाण्डे व पूर्व पार्षद के कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर मिथ्या पांप्लेट वितरण किया जा रहा है, कि उसे भरने पर 1000 रूपया दिये जाएंगे को निर्वाचन आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन मानते हुए अध्यक्ष और प्रत्याशी को नोटिस जारी किया है।
-
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने की पूजा, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
रायपुर। रायपुर में दिवाली की रात वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर में 2100 दीपक जलाए गए। दिवाली के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे हुए थे और उन्होंने भक्तिमय वातावरण में दीपावली मनाई। मंदिर में पुजारी हनुमंत लाल ने बताया हर साल की तरह इस बार भी राम मंदिर में दीपक जलाए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने पूजा-अर्चना की।
-
जिन्दल पैंथर के कैप्टन नवीन जिन्दल को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब
रायपुर। पोलो खिलाड़ी नवीन जिन्दल के नेतृत्व में जिन्दल पैंथर ने सलीम आजमी, अर्जुन पुरस्कार विजेता सिमरन शेरगिल और सैंटियागो मरांबियो के आक्रामक खेल की बदौलत सर प्रताप सिंह कप के लिए हुए मैच में अपोलो स्पार्टंस को 9 के मुकाबले 10 गोल से हरा दिया। श्री जिन्दल को इस अवसर पर “मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर” का खिताब प्रदान किया गया।
नई दिल्ली के जयपुर पोलो ग्राउंड में आज प्रस्तावित यह मैच बारिश के कारण जिन्दल पोलो ग्राउंड, नोएडा में आयोजित किया गया। इस मैच में दोनों ही तरफ के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया लेकिन जिन्दल पैंथर की टीम 10-9 से यह मैच जीत गई। अपोलो स्पार्टंस का नेतृत्व कैप्टन एपी सिंह ने किया। उनके साथ रफुस बेंजामिन उलोथ, अर्जुन पुरस्कार विजेता समीर सुहाग और सिद्धांत शर्मा ने अंत तक खेल में रोमांच बनाए रखा। जिन्दल पैंथर कप के बाद इस सीजन में टीम जिन्दल पैंथर की *यह लगातार छठी जीत है।

















.jpg)








.jpg)
.jpg)