- Home
- देश
- बेरहामपुर ।ओडिशा के गंजाम जिले में रविवार को एक ट्रैक्टर के पलटने से एक महिला समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि करीब 25 लोग सार्वजनिक वितरण प्रणाली से चावल लेने के बाद तुम्बा से अपने गांव छाना लौट रहे थे, उसी दौरान पंचागांव में यह दुर्घटना हुई। जारडा पुलिस थाने के प्रभारी मृत्युंजय स्वैन ने बताया कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान छाना गांव के मंगला प्रधान (45) और सीता प्रधान (25) के रूप में हुई है। घायलों को जारडा अस्पताल भेजा गया है और गंभीर लोगों को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया गया है। वाहन का चालक दुर्घटना के बाद घटनास्थल से फरार हो गया।
- पूर्णिया/किशनगंज । बिहार के किशनगंज जिला के नगर थाना प्रभारी अश्विनी कुमार की शनिवार को पश्चिम बंगाल में हत्या के बाद उनकी 75 वर्षीया मां उर्मिला देवी ने रविवार की सुबह पुत्र वियोग में दम तोड़ दिया। पुत्र के शहीद होने की खबर मिलने के बाद से ही अश्विनी कुमार की माँ की तबियत बिगड़ने लगी थी। उनकी मां उर्मिला देवी ने जानकीनगर थाना अंतर्गत अभयराम चकला पंचायत के पांचू मंडल टोला स्थित अपने घर में रविवार की सुबह अंतिम सांस ली। दिवंगत थाना प्रभारी की मां की मृत्य होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके पैतृक गांव में इकट्ठा होने लगे। लोगों ने थाना प्रभारी की हत्या मामले की जांच उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद बनमनखी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार द्वारा लोगों को समझाने के बाद ग्रामीणों ने मां-बेटे का एकसाथ अंतिम संस्कार किया । इस बीच, पूर्णिया प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक सुरेश कुमार चौधरी के आदेश पर किशनगंज के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने अश्विनी कुमार के साथ पड़ोसी राज्य में छापेमारी करने गए किशनगंज के अंचल निरीक्षक मनीष कुमार, सिपाही राजू सहनी, अखिलेश्वर तिवारी, प्रमोद कुमार पासवान, उज्जवल कुमार पासवान, सुनील चौधरी एवं सुशील कुमार को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है । गौरतलब है कि अश्विनी कुमार पर पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के गोवालपोखर थाना क्षेत्र में भीड़ ने उस समय हमला कर दिया था, जब वह बिहार पुलिस की एक टीम के साथ बाइक लूट के एक मामले में पूछताछ करने वहां गए थे। हमले में उनकी मौत हो गई।
- नयी दिल्ली । दिल्ली के दमकल विभाग के पास मार्च में 2,573 कॉल आई, जो पिछले साल के इसी महीने में आई करीब 1,600 कॉल की तुलना में काफी अधिक है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में पिछले महीने औसत अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 11 वर्षों में सबसे गर्म मार्च रहा। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, उसके पास जनवरी में 1,851 कॉल आई, फरवरी में 1,700 और मार्च में 2,573 कॉल प्राप्त हुए, जबकि पिछले साल मार्च में 1,638 कॉल आई थी। डीएफएस के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि तापमान में वृद्धि के साथ कॉल की संख्या बढ़ती गई और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। गर्ग ने कहा, "फरवरी के बाद से कॉल लगभग दोगुनी हो गई हैं। मार्च के पहले सप्ताह से कॉल की संख्या बढ़ गई। अब, खासकर मार्च के अंतिम सप्ताह से हमें अधिक संख्या में कॉल आ रही हैं।
- कोटा । राजस्थान में कोटा जिले के कनवास इलाके में रविवार को एक अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसपर सवार दोनों लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। कनवास थाना प्रभारी विष्णु सिंह ने कहा कि मृतकों की पहचान देवपुरा निवासी बंटी उर्फ दिनेश भील (34) और कनवास के रहने वाले आकाश भील (20) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चला रहे तीसरे व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अधिकारी ने कहा कि घटना रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई ।
- जयपुर। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस के गश्ती दल पर दो अलग-अलग घटनाओं में हथियारों से लैस कथित मादक पदार्थ तस्करों द्वारा की गई गोलीबारी में दो पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि भीलवाड़ा जिले के कोटडी और रायला थाना क्षेत्रों में शनिवार देर रात नाकेबंदी के दौरान अलग अलग वाहनों में सवार हथियारबंद कथित मादक पदार्थ तस्करों द्वारा की गई गोलीबारी में दोनों थानों के एक-एक कांस्टेबल की मौत हो गई। भीलवाड़ा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा ने बताया कि कथित मादक पदार्थ तस्करों के वाहनों के गुजरने के संबंध में मुखबीर की सूचना पर कोटडी थाना क्षेत्र में नाकेबंदी की गई थी और इसी दौरान वाहनों में सवार हथियाबंद तस्करों ने पुलिस कर्मियों पर गोलीबारी कर दी जिसमें कोटडी थाने के कांस्टेबल औंकार की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसके बाद वाहनों में सवार हथियार बंद तस्करों की तलाशी के लिये पूरे जिले में नाकेबंदी की गई । मिश्रा ने बताया कि जब रायला थाने की पुलिस नाकाबंदी कर रही थी, उसी दौरान वहां से एक स्कार्पियो तथा मादक पदार्थ से भरे एक वाहन में सवार लोगों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में रायला थाने में तैनात कांस्टेबल पवन चौधरी की गोली लगने से मौत हो गई। मिश्रा ने बताया, “ अभी तक इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और मादक पदार्थ से भरी एक पिकअप गाड़ी को पुलिस ने रायला थाना क्षेत्र से बरामद किया है। वहीं नाकेबंदी तोड़कर गई स्कार्पियो का पीछा करने पर बदमाश उसे छोड़ कर भाग गए तथा उसे भी बरामद कर लिया गया है।'' उन्होंने बताया कि दोनों थानों में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और राजकार्य में बाधा डालने की विभिन्न धाराओं में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।-File photo
- बहराइच (उप्र)। जिले के बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा रेहुआ गांव में शनिवार देर शाम एक छात्रा का शव तालाब के किनारे से बरामद हुआ। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण व हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने रविवार को बताया , ''थाना बौंडी इलाके के एक गांव में कक्षा सात में पढ़ने वाली 12-13 साल की एक बच्ची शनिवार को अपने घर के निकट अपने पिता की दुकान पर गयी थी और देर शाम दुकान से अकेले घर जाने को निकली थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। घरवालों को देर रात बच्ची का शव गांव के एक तालाब के किनारे मिला।'' अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्ची के पिता की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 364 (अपहरण) व 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एएसपी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह व क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह भी घटनास्थल गए थे।
- आज़मगढ़ । जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की रात तेज रफ्तार कार पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सभी मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने के लिए कार से विंध्याचल जा रहे थे। हादसे में मारे गए लोगों में से दो देवरिया एवं एक बस्ती जिले का रहने वाला था। क्षेत्राधिकारी सगड़ी (जीयनपुर) राजेश तिवारी ने रविवार को बताया कि देवरिया जिले के सदर थाना क्षेत्र के सिंगही निवासी रवि (30), सदर निवासी राहुल चौहान (33) व बस्ती जिले के मुंडेरवा निवासी अनुपम सिंह (50) शनिवार की रात में दोहरीघाट-आजमगढ़ मार्ग से होते हुए विंध्याचल (मिर्जापुर) जा रहे थे। आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र के अंतर्गत केशवपुर जंगल से गुजरने के दौरान उनकी कार बगहीदाड़ पुल के निकट अनियंत्रित हुई तो पेड़ से टकराती हुई दस फीट गड्ढे में जा गिरी। तिवारी के मुताबिक, पुलिस पहुंची तो तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। शवों को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने स्वजनों को सूचना दी तो सुबह पीड़ित परिवार के लोग आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल पहुंचे।
- बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के कूराला गांव में एक नाबालिग लड़के ने झगड़े के बाद कथित तौर पर अपनी बहन की हत्या कर दी और शव को बड़े भाई की मदद से खेत में दफना दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाई और बहन गेहूं की कटाई के काम में लगे हुए थे कि इसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद भाई ने अपनी बहन के सिर पर बार-बार डंडे से प्रहार किया। उन्होंने बताया कि इससे लड़की की मौके पर ही मौत हो गई और लड़के ने अपने बड़े भाई के साथ मिल कर शव को खेत में ही दफना दिया। खुर्जा के क्षेत्राधिकारी सुरेश सिंह ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।
- नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने सभी सामाजिक, राजनीतिक, खेल-कूद, मनोरंजन, शैक्षिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और त्योहार संबंधी आयोजनों पर 30 अप्रैल तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आदेश के अनुसार, अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 और विवाह समारोह में अधिकतम 50 लोगों को अनुमति दी जाएगी। आदेश में कहा गया है कि रेस्तरां, शराबखाने, सिनेमा हॉल, थियेटर और मल्टीप्लेक्स भी केवल पचास प्रतिशत क्षमता के साथ खुले रह सकेंगे। दिल्ली मेट्रो, डीटीसी और दूसरे राज्यों को जाने वाली बसें भी 50 प्रतिशत क्षमता के अनुसार ही चलेंगे।कोरोना को देखते हुए स्विमिंग पूल केवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में शामिल हो रहे खिलाडिय़ों के प्रशिक्षण के लिए खोले जाएंगे। कॉलेज और कोचिंग संस्थान फिलहाल बंद ही रहेंगे। केवल 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मध्यावधि परीक्षा, प्री-बोर्ड परीक्षा और वार्षिक परीक्षा अथवा बोर्ड परीक्षा के सिलसिले में माता-पिता की सहमति से विद्यालय बुलाया जा सकता है। प्राधिकरण के अनुसार महाराष्ट्र से दिल्ली आ रहे विमान यात्रियों को निगेटिव आर.टी- पी.सी.आर. जांच रिपोर्ट लानी होगी जो दिल्ली आगमन से अधिकतम 72 घंटे पहले की होनी चाहिए। जिन विमान यात्रियों के पास निगेटिव आर.टी- पी.सी.आर. जांच रिपोर्ट नहीं होगी, उन्हें 14 दिन के लिए पृथकवास में रहना होगा।
- नई दिल्ली। केंद्र ने देश में कोविड महामारी की स्थिति में सुधार होने तक रेमडेसिविर इन्जेक्शन और इसे बनाने में काम आने वाले औषधीय घटकों के निर्यात पर पाबंदी लगा दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत में कोविड महामारी के मामलों में अचानक तेज बढ़ोतरी दिखाई दी है और इस समय देशभर में सक्रिय रोगियों की संख्या 11 लाख से अधिक है।इससे कोविड रोगियों के इलाज में काम आने वाले इंजेक्शन रेमडेसिविर की मांग भी बड़ी तेजी से बढ़ी है। मंत्रालय ने कहा है कि आने वाले दिनों में इसकी मांग में और तेजी आ सकती है। मंत्रालय ने कहा है कि रेमडेसिविर के सभी घरेलू निर्माताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने वेबसाइट पर इस दवा के स्टॉकिस्टों और वितरकों का ब्योरा दें ताकि इसे आसानी से प्राप्त किया जा सके। मंत्रालय ने कहा है कि औषधि निरीक्षक और अन्य अधिकारियों को स्टॉक का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें धांधली और गलत तौर-तरीकों पर नजर रखने तथा जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कारगर कार्रवाई करने को भी कहा गया है।राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिव औषधि निरीक्षकों के साथ स्थिति की समीक्षा करेंगे। मंत्रालय ने कहा है कि औषधि विभाग घरेलू निर्माताओं के साथ संपर्क बनाए हुए है और रेमडेसिविर का उत्पादन बढाने के प्रयास कर रहा है। केंद्र सरकार ने भी राज्यों को सलाह दी है कि विशेषज्ञों के परामर्श से कोविड-19 संबंधी बर्तमान राष्ट्रीय नैदानिक प्रबंधन प्रोटोकॉल का विकास किया गया है और इसके अनुसार रोगियों का इलाज किया जा रहा है।इस प्रोटोकॉल में रेमडेसिविर को नैदानिक चिकित्सा में काम आने वाली दवा के रूप में दर्ज किया गया है जिसके बारे में साझा निर्णय लेना आवश्यक है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सलाह दी गई है कि इन कदमों की जानकारी सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को फिर से दी जानी चाहिए और इन पर अमल सुनिश्चित किया जाना चाहिए।भारत में सात कंपनियां रेमडेसिविर इंजेक्शन का उत्पादन करती हैं। इनकी मासिक उत्पादन क्षमता 48 लाख 80 हजार यूनिट है।
- नई दिल्ली। विश्व के सबसे बड़े कोविड टीकाकरण अभियान में भारत महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने के करीब है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि 85 दिन के रिकार्ड समय में करीब 10 करोड़ 16 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 35 लाख से ज्यादा टीके लगाये गये। देशभर में आज से 4 दिन का टीका उत्सव अभियान शुरू होने से टीकाकरण की रफ्तार और तेज होगी।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कोरोना से ठीक होने वाला प्रतिशत कुछ घटकर 90.44 प्रतिशत हो गया है। चौबीस घंटों में 90 हजार से ज्यादा लोगों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी गई है। अभी तक देश में कुल एक करोड़ 20 लाख से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमण से उबर चुके हैं।पिछले 24 घंटों में एक लाख 52 हजार 879 नये मरीजों का पता चला है। दस राज्यों - महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्यप्रदेश, गुजरात और केरल में हर दिन संक्रमित लोगों की संख्?या तेजी से बढ़ रही है। 80 प्रतिशत नये संक्रमण इन दस राज्यों में ही हुए हैं। देश में इस समय कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या करीब 11 लाख 8 हजार है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में 839 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मृत्यु हुई है।
- हापुड़ (उप्र)। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में गढ़ रोड पर शनिवार को देवनंदनी अस्पताल के निकट बाइक सवार बदमाशों ने एक गुड़ व्यापारी पर हमला कर करीब पांच लाख रुपये लूट लिए।पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोली लगने से घायल हुए पक्का बाग निवासी गुड़ व्यापारी सुनील गर्ग की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा जा रहा है। व्यापारियों ने इस घटना को लेकर रोष व्यक्त किया और पुलिस से बदमाशों को जल्द पकडऩे तथा व्यापारियों को सुरक्षा देने की मांग की। पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्र ने बताया कि बदमाशों को पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। file photo
- नयी दिल्ली । देश में कोविड-19 रोधी खुराकों की संख्या 10 करोड़ से अधिक होने के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि भारत ने 85 दिन में 10 करोड़ टीके लगाए हैं और वह दुनिया का सबसे तेज टीकाकरण अभियान चलाने वाला देश बन गया है। मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका को टीके की 10 करोड़ खुराक देने में 89 दिन लगे जबकि चीन को इस कार्य में 102 दिन लग गए। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर दी जा रही टीके की खुराक के मामले में भारत शीर्ष पर बना हुआ है। देश में रोजाना टीके की औसतन 38,93,288 खुराक दी जा रही हैं। मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका ने 85 दिन में नौ करोड़ 20 लाख से अधिक टीके लगाए जबकि चीन एवं ब्रिटेन ने इसी अवधि में क्रमश: छह करोड़ 10 लाख से अधिक और दो करोड़ 10 लाख से अधिक टीके लगाए। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी भारत में सबसे तेज टीकाकरण को दर्शाने वाला एक चार्ट ट्वीट किया और इसे '' स्वस्थ एवं कोविड मुक्त भारत के लिए मजबूत प्रयास करार दिया।'' मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक किए गए टीकाकरण का 60.62 फीसदी आठ राज्यों में हुआ है जिनमें महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और केरल शामिल हैं। देश भर में 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई थी। सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को जबकि दो फरवरी से एवं अग्रिम मोर्चे के कर्मचारियों को कोविड-19 टीके की खुराक दी गई। इसके बाद एक मार्च से शुरू हुए अगले चरण में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और 45 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के ऐसे लोगों का टीकाकरण किया गया जोकि पहले ही अन्य बीमारियों से ग्रस्त हैं। अब देश में एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी लोगों को टीके की खुराक दी जा रही है।
- जम्मू । जम्मू-कश्मीर सरकार जम्मू क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोमांचक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज्म) शुरू करने के लिए तैयार है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। जम्मू की सुंदर तलहटी से लेकर किश्तवाड़ के शानदार पहाड़ों और मनोरम स्थलों तथा राजौरी-पुंछ की अल्पाइन झीलों से लेकर भद्रवाह और पटनीटॉप की शांत वादियों तक इस क्षेत्र में कई अद्भुत जगह हैं, जो रोमांच से भरपूर है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू के पर्यटन निदेशक डॉ. नसीम जावेद चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जम्मू-कश्मीर पर्यटन नीति के अनुसार पहले से अधिसूचित क्षेत्रों को विकसित करने के अलावा नए संभावित क्षेत्रों का खाका तैयार करने और पहचान करने सहित अन्य तौर-तरीकों को अंतिम रूप दें। यहां एक सलाहकार बैठक में भारत भर के विभिन्न क्षेत्रों और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों के विशेषज्ञों ने किसी भी साहसिक गतिविधि की शुरुआत से पहले विभिन्न उपायों की शुरुआत करने की बात कही। बैठक में भारतीय स्कीइंग और पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग, जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान, पहलगाम, राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान, गोवा और भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान, ग्वालियर के विशेषज्ञ शामिल हुए। उन्होंने सुरक्षा उपायों, गुणवत्ता वाले उपकरणों, प्रशिक्षित कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं की भागीदारी और प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू पहले से ही एक तीर्थ स्थान के रूप में प्रसिद्ध है, लेकिन इस क्षेत्र के साहसिक पर्यटन स्थलों को अभी भी उजागर नहीं किया गया है।-file photo
- नयी दिल्ली। कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बीच केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने दिल्ली की सीमाओं पर लंबे समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों से आंदोलन को वापस लेने की अपील की और कहा कि जब भी वे कोई ठोस प्रस्ताव के साथ आयेंगे तो सरकार चर्चा के लिए तैयार है। केन्द्र के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले लगभग पांच महीनों से आंदोलन कर रहे हैं। केन्द्र सरकार और आंदोलनकारी किसान यूनियनों के बीच 22 जनवरी को हुई औपचारिक वार्ता के 11वें और अंतिम चरण के बाद भी इस मुद्दे का कोई समाधान नहीं निकल सका था। तोमर ने किसानों के स्वास्थ्य के बारे में चिंता व्यक्त की, क्योंकि भारत में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1.45 लाख से अधिक मामले सामने दर्ज किये गये है। उन्होंने कहा, ‘‘अब महामारी की दूसरी लहर में, पूरा देश और दुनिया कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कर रही है। यहां तक कि विरोध करने वाले किसानों को भी प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। उनका जीवन हमारे लिए महत्वपूर्ण है।'' तोमर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कोविड-19 की मौजूदा स्थिति में मैं उनसे (आंदोलनकारी किसानों) से अपना विरोध वापस लेने का आग्रह करता हूं। जब भी वे किसी प्रस्ताव के साथ आयेंगे तो सरकार चर्चा के लिए तैयार है।'' मंत्री ने दावा किया कि नए कृषि कानूनों को लेकर देशभर में किसान समुदाय में ‘‘असंतोष'' नहीं है और यहां तक कि कई कृषि निकाय इन कानूनों के पक्ष में है जबकि कुछ उनका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम एक लोकतांत्रिक देश है, चाहे वह किसान हो या नागरिक, अगर उन्हें कोई संदेह है, तो सरकार का मानना है कि यह उसकी जिम्मेदारी है कि वह शंकाओं को दूर करे और कोई समाधान निकाले।'' तोमर ने कहा कि तीनों कानूनों को अचानक तैयार नहीं किया गया था, और पूर्व में एक लंबी चर्चा हुई थी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर कोई भी विरोध तब जारी रहता है जब सरकार बातचीत के लिए तैयार नहीं होती है। लेकिन इस सरकार ने आंदोलन कर रहे किसान संघों के प्रतिनिधियों के साथ खुले दिल से 11 दौर की चर्चा की, फिर भी उनका आंदोलन नहीं रुका। मंत्री ने कहा, ‘‘हमने प्रस्ताव दिया कि इन कानूनों और एमएसपी (मुद्दे) पर गौर करने के लिए एक समिति का गठन किया जाए। समिति द्वारा अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद सरकार चर्चा करेगी। देशभर में इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया था, लेकिन आंदोलनकारी किसानों ने किसी कारण का हवाला दिए बिना इसे अस्वीकार कर दिया।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमने कृषि यूनियनों को अपने खुद के प्रस्ताव के साथ आने के लिए कहा था और हम उस पर भी चर्चा के लिए तैयार थे।'' उन्होंने कहा कि सरकार आज भी वार्ता के लिए तैयार है। तोमर ने दोहराया कि उन्होंने सभी 11 दौर की बैठकों में किसान यूनियनों से अपील की थी कि वे महामारी के मद्देनजर वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को विरोध स्थलों से वापस भेजें। मंत्री ने यह भी कहा कि आंदोलनकारी किसानों को समझना चाहिए कि आम नागरिकों को सीमा पर उनके विरोध के कारण कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। भारत में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,45,384 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,32,05,926 पर पहुंच गई है।
-
- 10 सेकंड से भी कम समय में विस्फोटकों का पता लगाने में सक्षम
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने नैनोस्निफर नामक दुनिया के पहले माइक्रोसेंसर आधारित स्वदेशी एक्सप्लोसिव ट्रेस डिटेक्टर (ईटीडी) लांच किया। 10 सेकंड से भी कम समय में विस्फोटकों का पता लगाने में सक्षम इस सस्ते उपकरण से आयातित उपकरणों पर देश की निर्भरता कम होगी। सरकार के मुताबिक इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि नैनोस्निफर की लांचिंग से अन्य संस्थान, स्टार्टअप और मध्यम दर्जे के उद्योग शोध और देश में ही उत्पादों के विकास के लिए प्रोत्साहित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विजन की सराहना करते हुए निशंक ने कहा कि यह उपकरण सौ प्रतिशत मेड इन इंडिया है।आईआईटी मुंबई ने किया है विकसितनिशंक ने कहा, आईआईटी मुंबई से जुड़े स्टार्टअप नैनोस्निफ टेक्नोलाजीस ने इसे विकसित किया है और इसकी मार्केटिंग आईआईटी दिल्ली से पूर्व में जुड़े रहे स्टार्टअप क्रिटिकल साल्यूशंस के बाईप्रोडक्ट विहंत टेक्नोलाजीस ने की है। इसकी बुनियादी तकनीक का अमेरिका और यूरोप में पेटेंट कराया गया है। यह उपकरण सभी तरह के विस्फोटकों की पहचान करने के साथ ही उनका वर्गीकरण भी कर सकता है। - गोरखपुर (उप्र) । गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने 30 वर्षीय एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने शनिवार को बताया कि बस्ती जिले के रहने वाले वेदप्रकाश मोबाइल फोन का कारोबार करते थे और चार माह पहले ही उनकी शादी हुई थी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद परिवार के लोग वेदप्रकाश को बीआरडी मेडिकल कालेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बताया कि परिवार के सदस्यों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का एक मामला दर्ज किया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले के सिलसिले में चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।-file photo
- किशनगंज/पटना । बिहार के किशनगंज जिला के नगर थाना प्रभारी अश्विनी कुमार पर पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के गोवालपोखर थाना क्षेत्र में भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई। बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुमार पुलिस बल के साथ मोटरसाइकिल लूट के मामले में पंथापाडा गांव में चिन्हित व्यक्ति के यहां बीती रात पूछताछ करने गये थे। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘पूछताछ के दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिसमें कुमार की मौत हो गई।'' इसमें कहा गया है कि इस घटना के संबंध में नामजद आरोपियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, विज्ञप्ति में कहा गया है कि दिवंगत पुलिस निरीक्षक कुमार के परिजनों को अनुग्रह अनुदान, सेवान्त लाभ एवं एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने के लिए त्वरित कार्यवाही की जा रही है। कुमार, पूर्णिया जिले के जानकी नगर थाना क्षेत्र के निवासी और 94 बैच के निरीक्षक थे। वह एक वर्ष पूर्व किशनगंज नगर थाना में पदस्थापित हुए थे। किशनगंज जिला से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुमार को किशनगंज पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।-File photo
- पणजी। गोवा में बिचोलिम के पास एक झरने में शनिवार को दो किशोर डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। बिचोलिम के पुलिस निरीक्षक महेश गडेकर ने कहा कि बिहार के रहने वाले गुरुभूषण कुमार (17) और सत्येंद्र कुमार (18) गोवा में मजदूर के रूप में काम कर रहे थे। दोनों पणजी से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित हरवलम जलप्रपात में तैरने गए थे, जब यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे घटी। गडेकर ने बताया कि दोनों को स्थानीय लोगों ने पानी में घुसने को लेकर चेतावनी दी थी लेकिन उन्होंने उनकी चेतावनी को नजरअंदाज किया।-File photo
- भोपाल । कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मध्य प्रदेश सरकार ने इंदौर सहित कई शहरों में लागू लॉकडाउन को 19 अप्रैल तक बढ़ाने का शनिवार को निर्णय लिया। अपर मुख्य सचिव (गृह विभाग) राजेश राजौरा ने यहां पत्रकारों को बताया कि प्रदेश सरकार ने इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में लॉकडाउन 22 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। मालूम हो कि प्रदेश के शहरी इलाकों में शुक्रवार शाम से सोमवार सुबह छह बजे तक लॉकडाउन लागू किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जिला आपदा प्रबंधन समितियों के साथ कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा बैठक में इस बारे में निर्णय लिया गया। राजौरा ने बताया कि इंदौर शहर में शुक्रवार शाम से लगाया गया लॉकडाउन अब सोमवार को खत्म नहीं होकर 19 अप्रैल को सुबह छह बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा शाजापुर, उज्जैन, बड़वानी, राजगढ़ और विदिशा जिलों में लॉकडाउन बढ़ा कर 19 अप्रैल सुबह छह बजे तक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जबलपुर शहर के अलावा बालाघाट, नरसिंहपुर और सिवनी जिलों में 12 अप्रैल की रात से 22 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया है। राजौरा ने कहा कि इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत कानूनी आदेश संबंधित जिलाधिकारियों द्वारा जारी किये जायेंगे।
- इटावा ।उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में नेजा (झंडा) चढ़ाने कालिका देवी मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरे एक ट्रक के शनिवार शाम पलट जाने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित करीब 40 अन्य घायल हो गये। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि जिले के बढ़पुरा थाना क्षेत्र के उदी चकरनगर मार्ग पर शनिवार शाम चार बजे कसउवा मोड़ के निकट यह दुर्घटना हुई। एसएसपी के मुताबिक पिनाहट वाह आगरा से महिलाओं एवं बच्चों समेत करीब 60 लोग इटावा जिला के कस्बा लखना स्थित कालिका देवी मंदिर नेजा (झंडा) चढ़ाने जा रहे थे, तभी कसउवा मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे 30 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 10 पुरुषों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों में 13 महिला और 13 बच्चे भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य पूरी तेजी से करने और दुर्घटना में घायल लोगों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु होने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
- नई दिल्ली। कोविड मरीजों की संख्या में तेज बढ़ोतरी से निपटने के लिए देश भर में रविवार से टीका उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 14 अप्रैल तक लोगों को टीका लगाने का व्यापक कार्यक्रम चलाया जाएगा।इस बीच, देश में कोविड टीकाकरण अभियान में दस करोड़ टीके लगाने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। शुक्रवार को एक दिन में 34 लाख से अधिक टीके लगाये गये। शुक्रवार को एक दिन में रिकार्ड एक लाख 45 हजार से अधिक लोग संक्रमित हुए। इसके साथ ही कुल संक्रमित लोगों की संख्या एक करोड 32 लाख से अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 794 रोगियों की इस संकमण से मौत होने से मृतकों की संख्या एक लाख 68 हजार से अधिक हो गई है।उधर, कोविड मरीजों की संख्या लगातार बढ रही है। इस समय दस लाख 46 हजार से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है। कुल कोविड मरीजों में से 72 प्रतिशत से अधिक पांच राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल में हैं। कुल कोविड मरीजों में से 51 प्रतिशत से अधिक अकेले महाराष्ट्र में हैं। मरीजों की संख्या बढऩे से स्वस्थ होने की दर घटकर 90.79 प्रतिशत रह गई है। शुक्रवार एक दिन में 77 हजार से अधिक लोग संक्रमण से ठीक हुए। अब तक एक करोड़ 19 लाख से अधिक रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।
- नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संघ ने शनिवार को बताया कि भागवत (70) में संक्रमण के सामान्य लक्षण हैं। संघ ने ट्वीट किया, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उनमें कोविड-19 के सामान्य लक्षण हैं तथा उन्हें सामान्य जांच के लिए और सावधानी के तौर पर नागपुर के किंग्सवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया था कि भागवत को अस्पताल के कोविड-19 वार्ड में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने कहा था कि भागवत को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने ट्वीट किया, मैं सरसंघचालक मोहन भागवत के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
- नोएडा (उप्र)। नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की उसके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने शराब पीते समय हुए कथित रूप से हुए विवाद में ईंट से हमला करके हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी अभिनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर 63 में रहने वाले मनवीर (42 वर्ष) पुत्र खजानी राम को उसके पड़ोस में रहने वाले मुकेश उर्फ लंबू नामक व्यक्ति ने बीती रात को ईट से वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अधिक रक्तस्राव होने की वजह से उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस बाबत मृतक के भाई ने थाना फेज- 3 में मुकेश उर्फ लंबू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। (फाइल फोटो)
- नयी दिल्ली। सरकार ने मध्य प्रदेश में 726 करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। ये परियोजनाएं राज्य में 291 किलोमीटर राजमार्गों के निर्माण से संबंधित है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। गडकरी ने कहा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मध्य प्रदेश में 291 किलोमीटर की 726 करोड़ रुपये की सड़क विकास परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।'' इन परियोजनाओं में घोषित राष्ट्रीय राजमार्ग (572 किलोमीटर) के अद्यतन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी शामिल है। इसकी लागत 17.72 करोड़ रुपये है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग 86/934 पर सागर-छत्तरपुर में 22.65 करोड़ रुपये की लागत से सड़क मार्ग को मजबूत करने की परियोजना भी शामिल है। गडकरी ने कहा कि सीधी सिंगरौली राजमार्ग के शेष कार्य को भी मंजूरी दी गई है। इसकी लागत 529.44 करोड़ रुपये बैठेगी। मंजूर परियोजनाओं में बमीठा-खजुराहो सड़क भी शामिल है। इस परियोजना की लागत 73.43 करोड़ रुपये है।









.jpg)
.jpg)





.jpg)









.jpg)
.jpg)