- Home
- देश
- बरेली (उप्र)। पशुओं को खेतों में चराने गये दो बच्चों की यहां नेहरू नगर में तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी। बरेली के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राज कुमार अग्रवाल ने बताया कि कस्बा शाही स्थित मोहल्ला ठाकुरद्वारा के रहने वाले सुशील (10), दीक्षा (8) और आरती शुक्रवार दोपहर पशुओं को तालाब से बाहर निकालने के लिए गहरे पानी में उतर गए। उन्होंने बताया कि हालांकि आरती तालाब से बाहर निकलने में कामयाब रही, लेकिन सुशील और दीक्षा डूब गए। उन्होंने बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने सुशील और दीक्षा को तालाब से बाहर निकाला, जिसके बाद दोनों बच्चों को अस्पताल ले जा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।-file photo
- नयी दिल्ली। दिल्ली में शनिवार सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 45 प्रतिशत दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है और दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। शहर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान शुक्रवार को क्रमश: 14.3 डिग्री सेल्सियस और 36 डिग्री सेल्सियस रहा।-file photo
- इटावा (उप्र)। इटावा-मैनपुरी राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति और उसके पुत्र की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गये। घायलों का सैफई के अस्पताल में उपचार चल रहा है। इटावा के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ओमवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि इटावा-मैनपुरी मार्ग पर सैफई थाना क्षेत्र के अन्तर्गत दुमीला के निकट शुक्रवार की शाम एक मरीज को सैफई अस्पताल ले जा रही एम्बुलेंस आगे चल रहे ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगा देने से उससे टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में एम्बुलेंस में सवार जीशान (41) निवासी रण गांव थाना भोगांव तथा उसके पुत्र वारिस (14) की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गये। घायलों को सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया एवं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
- नई दिल्ली। विश्व का तापमान अगर औद्योगिक क्रांति शुरू होने से पहले के स्तर से चार डिग्री अधिक पर पहुंचता है तो अंटार्कटिक में बर्फ की चादर के एक तिहाई हिस्से के टूटकर समुद्र में बहने की आशंका है।जियोफिजिकल रिसर्च लेटर्स पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन में पाया गया है कि अंटार्कटिक में बर्फ की चादर के 34 प्रतिशत हिस्से के ढहने का खतरा है। वैज्ञानिकों ने कहा कि अंटार्कटिक प्रायद्वीप पर बची बर्फ की सबसे बड़ी चादर लार्सन सी बर्फ की उन चार चादरों में से एक है जिसके जलवायु परिवर्तन की चपेट में आने का खतरा है।ब्रिटेन में रीडिंग यूनिवर्सिटी की इला गिलबर्ट ने कहा, बर्फ की चादरें जमीन पर ग्लेशियरों के बहकर समुद्र में गिरने और समुद्र स्तर बढ़ाने से रोकने के लिए महत्वपूर्ण अवरोधक है। गिलबर्ट ने कहा, जब ये ढहती हैं तो ऐसा लगता है जैसे किसी बोतल से बड़ा ढक्कन हटाया गया हो। ऐसा होने पर ग्लेशियरों का काफी पानी समुद्र में बह जाता है। शोधकर्ताओं ने कहा कि अगर तापमान चार डिग्री के बजाय दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ता है तो इस क्षेत्र पर खतरा आधा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब बर्फ पिघलकर इन चादरों की सतह पर एकत्रित होती है उससे इन चादरों में दरार आ जाती है और फिर ये टूट जाती हैं।
- नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते संकट के बीच टीके की कमी होना बहुत गंभीर समस्या है और केंद्र सरकार को पक्षपात किए बिना सभी राज्यों की मदद करनी चाहिए।उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों में कोविड-रोधी टीके की कमी होने की खबरें आई हैं। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, बढ़ते कोरोना संकट में टीके की कमी एक अतिगंभीर समस्या है, उत्सव नहीं है। अपने देशवासियों को ख़तरे में डाल कर वैक्सीन का निर्यात करना क्या सही है? कांग्रेस नेता ने कहा, केंद्र सरकार सभी राज्यों की, बिना पक्षपात के मदद करे। हम सबको मिल कर इस महामारी को हराना होगा।उल्लेखनीय है कि एक दिन में कोविड-19 के 1 लाख 31 हजार 968 नए मामले सामने आने के बाद शुक्रवार को देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1 करोड़ 30 लाख 60 हजार 542 हो गई। वहीं, 780 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1 लाख 67 हजार 642 हो गई है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए रात्रि कर्फ्यू को वैश्विक स्तर पर स्वीकार्य एवं कारगर प्रयोग करार दिया और इसे ''कोरोना कर्फ्यू '' के नाम से प्रचलित करने का आह्वान किया।ज्ञात हो कि राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों ने कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए रात्रि कर्फ्यू लागू किया है। देश में तेजी से कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुख्यमंत्रियों के साथ वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने के बाद प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में रात्रि कर्फ्यू की प्रासंगिकता पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए कहा कि इससे जागरूकता फैलाने में मदद मिलती है और यह लोगों को सावधानी बरतने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा, ''जहां पर रात्रि कर्फ्यू का प्रयोग हो रहा है, मेरा आग्रह है कि उसकी जगह हम कोरोना कर्फ्यू शब्द को प्रयोग करें ताकि कोरोना के प्रति एक सजगता बनी रहे।'' उन्होंने कहा, ''कुछ लोग ये बौद्धिक चर्चा करते हैं कि क्या कोरोना रात को ही आता है? हकीकत में दुनिया ने भी रात्रि कर्फ्यू के प्रयोग को स्वीकार किया है। कर्फ्यू का समय होता है तो हर व्यक्ति को याद रहता है कि वह कोरोना काल में जी रहा है। रात में नौ-10 बजे कोरोना कर्फ्यू लगाएं और सुबह पांच-छह बजे हटा दें ताकि बाकी व्यवस्थाओं पर ज्यादा प्रभाव ना हो।'' उल्लेखनीय है कि देश में बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन की ओर से मुंबई, नोएडा, दिल्ली लखनऊ और कुछ शहरों में रात्रि कर्फ्यू लागू किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ''रात्रि कर्फ्यू को हमें कोरोना कफ्र्यू के नाम से प्रचलित करना है। इससे लोगों को जागरूक करने में मदद मिलेगी।
- नयी दिल्ली । ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (ओयूपी) की एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान पढ़ाई को डिजिटल बनाने में बेहतर कार्य किया । इसने हालांकि यह भी कहा कि डिजिटल शिक्षण उपकरणों तक असमान पहुंच और इंटरनेट कनेक्टिविटी की कमी जैसी चीजें भी बड़े मुद्दों के रूप में रहीं। रिपोर्ट ‘एजुकेशन: द जर्नी टूवार्ड्स ए डिजिटल रिवोल्यूशन' में कहा गया है कि महामारी ने अध्यापन और अध्ययन की डिजिटल तथा पारंपरिक विधियों को जोड़कर शिक्षा में ‘हाइब्रिड' मॉडल का मार्ग प्रशस्त किया है, लेकिन सरकारों को काम करने की जरूरत है, ताकि पिछले साल से मिली प्रगति व्यर्थ न हो पाए। इसमें भारत, ब्रिटेन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, स्पेन और तुर्की के विशेषज्ञों तथा साथ ही विश्वभर से सैकड़ों शिक्षकों की अंतदृर्ष्टि और गहन द्वितीयक अनुसंधान को शामिल किया गया है। महामारी से पिछले 12 महीने से अधिक समय में विश्व में 1.7 अरब से अधिक विद्यार्थियों के प्रभावित होने के बीच रिपोर्ट में यह विश्लेषण किया गया कि शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने शिक्षा प्रदान करने के नए तरीकों को किस तरह अपनाया। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘भारत में अन्य देशों की तुलना में लोगों को लगता है कि ऑनलाइन शिक्षा तक पहुंचने का काम अपेक्षाकृत ठीक रहा और इसे 3.3/5 नंबर मिले। हालांकि, लोगों ने बड़े मुद्दों के रूप में डिजिटल शिक्षण उपकरणों तक असमान पहुंच और इंटरनेट कनेक्टिविटी की कमी तथा ऑनलाइन शिक्षा से संबंधित उपकरणों के बारे में जानकारी की कमी को चिह्नित किया।'
- नयी दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोरखरियाल निशंक ने बृहस्पतिवार को राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्श्यों एवं लक्ष्यों को हासिल करने में सहयोग के लिये 'गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिये छात्रों एवं शिक्षकों का समग्र विकास' (सार्थक) योजना की शुरूआत की । केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 'सार्थक' योजना की रूपरेखा तैयार की है । इसे देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत जारी किया गया है । इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री निशंक ने सभी पक्षकारों से ‘सार्थक' का उपयोग स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में परिवर्तनकारी सुधार के अनुपालन की दिशा में मार्गदर्शक के रूप में करने की अपील की । उन्होंने कहा कि सार्थक योजना संवादात्मक, लचीली और समावेशी है ।शिक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर एक वर्ष की कार्ययोजना तैयार की है । राज्यों को अपनी स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसे अपनाने और परिवर्तन करने की छूट दी गई है । ‘सार्थक' योजना को राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, स्वायत्त निकायों से व्यापक विचार विमर्श और सभी पक्षकारों के सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है । इस संबंध में करीब 7177 सुझाव प्राप्त हुए थे । निशंक ने कहा कि ‘सार्थक' योजना के तहत कार्यो एवं गतिविधियों को इस तरह से परिभाषित किया गया है ताकि लक्ष्य, परिणाम और समयसीमा का उल्लेख हो । इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सिफारिशों को 297 कार्यों के साथ जोड़ा गया और जिम्मेदार एजेंसियां एवं समयसीमा भी तय की गई है । इन कार्यो के लिये 304 परिणाम निर्धारित किये गए हैं ।
- जयपुर । राजस्थान के अजमेर जिले में बृहस्पतिवार को 25 साल के एक युवक ने अपनी मां और छोटे भाई की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने पिता और दो भाइयों समेत चार लोगों को हथौड़े से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस के अुनसार घटना भिनाय कस्बे की है जहां, आरोपी अमरचंद जांगिड़ ने बृहस्पतिवार तड़के अपनी मां कमला देवी (60) और छोटे भाई शिवराज (22) पर हथौड़े से उस समय प्रहार किया जब वह सो रहे थे। जब उसके पिता, दो भाई और एक पड़ोसी बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी घायल कर दिया। पुलिस ने कहा, "आरोपी की मां व भाई की मौके पर ही मौत हो गई।" आरोपी को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। आरोपी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। केकड़ी के वृत्ताधिकारी खींव सिंह ने कहा, "हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हैं।" पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गए।
- नयी दिल्ली। भारत में प्रतिदिन कोविड-19 रोधी टीके की औसतन 34,30,502 खुराकें दी जा रही हैं, जिसके साथ ही देश रोजाना लगाए जाने वाले टीकों की संख्या के मामले में दुनियाभर में पहले स्थान पर पहुंच गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सुबह सात बजे तक की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार अब तक 13,77,304 सत्रों में कुल 9,01,98,673 टीके लगाए जा चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार इनमें से 89,68,151 स्वास्थ्य कर्मियों और 97,67,538 अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को पहली खुराक जबकि 54,18,084 स्वास्थ्यकर्मियों और 44,11,609 अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को दूसरी खुराक दी गई है। इसे अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु के 3,63,32,851 लाभार्थियों को पहली जबकि 11,39,291 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 45 से 60 वर्ष की आयु के 2,36,94,487 लाभार्थियों को पहली जबकि 4,66,662 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई। मंत्रालय ने कहा, ''एक दिन में कोविड-19 रोधी टीके लगाए जाने के मामले में भारत दुनियाभर में पहले स्थान पर है। देश में रोजाना औसतन 34,30,502 खुराकें दी जा रही हैं। '' अब तक देश में टीके की जितनी खुराकें दी गई हैं उनमें से 60 प्रतिशत महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और केरल में दी गई हैं। मंत्रालय ने बताया कि 24 घंटे के दौरान लगभग 30 लाख खुराकें दी गई हैं।
- बेंगलुरु। बेंगलुरू जिले के एनेकल तालुक में पंडाल लगाते समय करंट लगने से चार प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार को एनेकल तालुक में हुई, जहां एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की नींव रखे जाने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि दो लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में तीन कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों से नाता रखते थे और एक झारखंड का निवासी था। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
- कोट्टयम (केरल)। जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक ऑटोरिक्शा चालक ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार से 26 वर्षीय एक महिला पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 61 वर्षीय पीके संतोष के तौर पर हुई है और उसे मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल महिला को कोट्टयम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि घटना सुबह करीब पांच बजे महिला के घर से केवल 150 मीटर की दूरी पर हुई, जब वह एक परीक्षा देने के लिए एर्नाकुलम जाने वाली बस पकड़ने जा रही थी। सुबह सैर पर निकले लोगों को महिला सड़क पर बेहोश पड़ी दिखी। पुलिस ने बताया कि हमला करने के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
- नई दिल्ली।। देश में तेजी से बढ़ते कोरोना के ताजा मामलों पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए फिर से युद्ध स्तर पर काम करना आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने राज्यों से निषिद्ध क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने और जांच में तेजी लाने को कहा।मुख्यमंत्रियों के साथ देश में कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की समीक्षा में कुछ बातें स्पष्ट हैं जिन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ''पिछले साल कोरोना की जो सर्वोच्च रफ्तार थी उसे हम इस बार पार कर चुके हैं। इस बार मामलों की वृद्धि दर पहले से भी ज्यादा तेज है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, मध्यप्रदेश और गुजरात समेत कई राज्य पहली लहर की 'पीक' को भी पार कर चुके हैं। कुछ और राज्य भी इस ओर बढ़ रहे हैं। हम सबके लिए ये चिंता का विषय है। ये एक गंभीर चिंता का विषय है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार लोग पहले की अपेक्षा बहुत अधिक लापरवाह हो गए हैं और अधिकतर राज्यों में प्रशासन भी सुस्त नजर आ रहा है। उन्होंने कहा, ''ऐसे में कोरोना मामलों की इस अचानक बढ़ोतरी ने मुश्किलें पैदा की हैं। इसके प्रसार को रोकने के लिए फिर से युद्ध स्तर पर काम करना आवश्यक है।'' उन्होंने कहा कि इन तमाम चुनौतियों के बावजूद देश के पास पहले की अपेक्षा बेहतर अनुभव और बेहतर संसाधन उपलब्ध हैं।उन्होंने कहा, ''जनभागीदारी के साथ-साथ हमारे परिश्रमी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने स्थिति को संभालने में बहुत मदद की है और आज भी कर रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले हमारे पास ना तो मास्क थे और ना ही पीपीई किट उपलब्ध थी और ना ही संसाधन थे इसलिए कोरोना से उस समय बचने का एकमात्र साधन लॉकडाउन बचा था और वह रणनीति काम आई। उन्होंने कहा, ''लॉकडाउन के समय का उपयोग करते हुए हमने अपनी क्षमता बढ़ाई और संसाधन विकसित किये। आज हमारे पास संसाधन हैं तो हमारा बल छोटे-छोट निषिद्ध क्षेत्रों पर होना चाहिए। हमें इसके परिणाम मिलेंगे। यह मेहनत रंग लाएगी।'' उन्होंने कहा, ''हम जितनी ज्यादा जांच करेंगे उतना सफल होंगे। जांच, संपर्क का पता लगाना, उपचार करना और कोरोना से बचाव संबंधी उपायों को कड़ाई से पालन करना और बेहतर कोविड-19 प्रबंधन पर हमें बल देना है।'
- भोपाल ।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को कहा कि कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने के चलते प्रदेश के सभी शहरों में शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार प्रात: 6 बजे तक 60 घंटे तक लॉकडाउन रहेगा। चौहान ने यह बात प्रदेश में कोविड-19 की समीक्षा करने के बाद यहां मीडिया से कही।उन्होंने कहा, ‘‘पूरे मध्य प्रदेश के सभी शहरों में शुक्रवार को शाम छह बजे से लेकर सोमवार सुबह छह बजे तक शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन रहेगा।'' इससे पहले मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रतलाम, छिन्दवाड़ा, ग्वालियर एवं उज्जैन शहरों सहित कुछ अन्य शहरों में केवल रविवार को ही लॉकडाउन हो रहा था, जिसे अब बढ़ाकर शुक्रवार को शाम छह बजे से लेकर सोमवार सुबह छह बजे तक का कर दिया गया है। चौहान ने कहा, ‘‘बाकी जिन शहरों में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ी है, वहां आपदा प्रबंधन समिति बैठक करके इसे रोकने के लिए आवश्यक एवं उपयुक्त फैसला करेंगी।'' उन्होंने कहा कि हम कोरोना के मरीजों के लिए इलाज की सारी व्यवस्थाएं कर रहे हैं और उनके लिए बिस्तरों की संख्या को बढ़ाकर एक लाख किया जाएगा। चौहान ने कहा कि हमने प्रदेश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक कोविड केयर सेन्टर प्रारंभ करने का निर्णय भी लिया है। यहॉ उन मरीजों को पृथक-वास पर रखा जायेगा, जिनके घर पर पृथक-वास के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में भी कोरोना मरीजों के लिए नि:शुल्क इलाज के लिए कुछ बिस्तर आरक्षित किए गए हैं।वहीं, मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार शाम को कहा कि प्रदेश के समस्त नगरीय क्षेत्रों में आठ अप्रैल से आगामी आदेश तक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू रहेगा। साथ ही, प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आगामी तीन माह तक सप्ताह में पांच दिन (सोमवार से शुक्रवार) ही कामकाज होगा। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के सम्पूर्ण छिंदवाड़ा जिले में 8 अप्रैल की रात 8 बजे से आगामी 7 दिन तक संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 4,043 नए मामले दर्ज किये गये हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में अब तक 3,18,014 लोगों को यह महामारी अपनी चपेट में ले चुकी है, जिनमें से अब तक 4,086 लोगों की मौत हो चुकी है।-।
-
वीडियो भी पोस्ट किया
छपरा मैं दुनिया तेरी छोड़ चला, जरा सूरत तो दिखला जाना...पाकिस्तानी गायक अताउल्लाह खां के इस गीत को सुनते-सुनते छपरा के एक युवक ने केरल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आम तौर पर प्यार में धोखा खाया हुआ प्रेमी ऐसा आत्मघाती कदम उठाता है, लेकिन युवक ने जो सुसाइड नोट लिखा है, उसमें साफ तौर पर कहा है कि मैं अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं। अन्य किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया जाए। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
युवक छपरा जिले के दरियापुर थाना अंतर्गत मगरपाल पंचायत के दरवेशा सिकन्दर गांव का निवासी था। उसकी पहचान ओमप्रकाश राय उर्फ भुलेटन राय के 19 वर्षीय पुत्र विश्वजीत कुमार के रूप में हुई है। वह केरल में अपने पूरे परिवार के साथ रहता था। विश्वजीत को दो भाई और तीन बहनें हैं, जिसमें एक बहन की शादी हो चुकी है।
खुद वीडियो बनाकर दोस्तों को भेजा
विश्वजीत ने पिछले वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दी थी। उसके पिता के साथ-साथ दोनों भाई एक प्राइवेट कम्पनी में काम करते थे। पिता की गैरमौजूदगी में उसने 6 अप्रैल को कमरे में पंखे के सहारे बेड शीट का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने दर्दभरा गीत सुनते हुए वीडियो बनाया। फिर खुद ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने दोस्तों को भेजा था।
अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया
मरने के पीछे किसी का दबाव नहीं बताते हुए उस वीडियो को शेयर किया, जिसमें बताया था कि उसके मरने के बाद किसी पर कानूनी कार्रवाई नहीं हो, क्योंकि अपनी मौत के लिए वह खुद जिम्मेदार है। विश्वजीत की मौत की सूचना पाकर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर अपने कब्जे में ले लिया। सुसाइड नोट भी बरामद किया। इधर घटना की सूचना उसके पैतृक गांव छपरा में मिलते ही परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में कोहराम मच गया। -
चार की हालत गंभीर; राहत व बचाव कार्य जारी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में आबादी के बीच में चल रही पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में पांच लोगों की जान चली गई जबकि चार की हालत गंभीर बनी है। मौके पर पुलिस तथा जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और राहत कार्य चलाया।
पुलिस ने बताया कि बिजनौर जिले के कोतवाली क्षेत्र के जादोवाला गांव में गुरुवार को दिन में एक मकान में भयंकर विस्फोट हो गया। यहां पर घर में पटाखा निर्माण का काम चल रहा था। विस्फोट इतना भीषण थी कि वहां पर मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया जबकि पांच मजदूरों के शव मौके से मिले हैं। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मकान के मलवे के नीचे से शवों को खोजने का काम जारी है। फायर ब्रिगेड के साथ ही जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर है। इसके साथ जिले के आला अफसर मौके पर पहुंचे हैं।-FILE PHOTO
-
मथुरा । पूर्वोत्तर रेलवे जून के अंत तक मथुरा और उत्तराखंड में धार्मिक स्थलों पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए जल्द ही दो विशेष ट्रेनें शुरू करेगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इज्जतनगर संभाग के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने वीडियो-लिंक के माध्यम से संवाददाताओं को बताया “दोनों ट्रेनों के सभी कोच आरक्षित श्रेणी के अंतर्गत होंगे।” अधिकारी ने कहा कि हर यात्री के लिए कोविड-19 मानदंडों का पालन करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि राम नगर-आगरा फोर्ट ट्राई-वीकली एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 05055/05056) 11 अप्रैल को उत्तराखंड के राम नगर से शुरू होगी। अधिकारी ने कहा कि ट्रेन की समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन नंबर 05056 राम नगर से प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 07.50 बजे शुरू होगी। यह अगले दिन सुबह 06.55 बजे आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि वापसी की यात्रा के लिए, 12 अप्रैल को ट्रेन नंबर 05055 आगरा किले से रात के 08.40 बजे रवाना होगी और यह प्रत्येक बुधवार, शनिवार और सोमवार को संचालित होगी। यह अगले दिन सुबह 07.20 बजे राम नगर स्टेशन पहुंचेगी। अधिकारी ने कहा कि दोनों स्पेशल ट्रेनें 30 जून तक चलेंगी।
अधिकारियों ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे ने महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों के लिए हावड़ा-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का भी फैसला किया है।-file photo
-
नयी दिल्ली । केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनसुख मंडाविया ने बुधवार को कहा कि मुम्बई की भीड़ भरी सड़कों से परिवहन का भार कम करने और पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए वहां रोपैक्स फेरी सेवा के 4 नए मार्गों और वॉटर टैक्सी सेवा के 12 नए मार्गों को दिसम्बर तक परिचालन योग्य बनाने की योजना बनाई गई है। मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार मंडाविया ने मुम्बई में शहरी जल परिवहन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक बुलायी थी। बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, मुम्बई बंदरगाह के अध्यक्ष और महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड के अधिकारी तथा अन्य हितधारक मौजूद थे। बयान के मुताबिक इस समय रोपैक्स (रोल ऑन/रोल ऑफ यात्री) सेवा भाऊचा धक्का से मांडवा (अलीबाग) तक परिचालित की जाती है। इसके तहत 110 किलोमीटर की सड़क यात्रा को जल मार्ग के जरिए घटाकर 18 किलोमीटर किया गया है और इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों का यात्रा समय 3-4 घंटे से घटकर मात्र एक घंटा रह गया है। विज्ञप्ति के अनुसार इस फेरी सेवा के लाभों को देखते हुए मुम्बई के अन्य विभिन्न मार्गों पर भी इस तरह की रोपैक्स सेवाएं शुरू करने की योजना है। इनमें रोपैक्स टर्मिनल (फेरी जेटी) से नेरूल, काशिद और मोरा, करंजा से रेवास के लिए सेवाएं होंगी। इसी तरह वाटर टैक्सी के लिए डोमेस्टिक क्रूज टर्मिनल (डीसीटी) से नेरूल, बेलापुर,वाशी, ऐरोली, रेवास,करंजा,धरमतर और कान्होजी अग्रे द्वीप, बेलापुर से ठाणे और गेटवे ऑफ इंडिया, वाशी से ठाणे और गेटवे ऑफ इंडिया मार्ग पर चलाई जाएंगी। मंडाविया ने कहा कि नए जलमार्गों पर परिचालन शुरू होना, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जलमार्गों का उपयोग करने और उन्हें देश के आर्थिक विकास से जोड़ने के दृष्टिकोण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।-File photo
-
4 दोस्तों की बाइक को ट्रक ने रौंदा
नागौर। नागौर में एक सड़क हादसे में 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार थे। हाईवे पर सीमेंट की बोरियों से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बाइक को सामने से टक्कर मारी। फिर नीचे गिरी बाइक और चारों दोस्तों को रौंदते हुए निकल गया। ट्रक के पहियों में फंसकर चारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई घंटे की मशक्कत के बाद शवों को जेसीबी की मदद से निकाला गया। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया। हादसा बुधवार शाम करीब 8 बजे नागौर के डेगाना-खाटू हाइवे पर लंगोड़ के पास हुआ।
हादसे में रावलियावास गांव निवासी राहुल (17) पुत्र कालू राम, सांवराराम (23) पुत्र बंशीलाल, सोनू (22) पुत्र रामनिवास और खींवसर के भेड़ गांव निवासी अरविंद (21) पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई की मौत हो गई। यह चारों एक ही बाइक पर सवार थे। सभी मृतक कुचामन में रहकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे थे। चारों युवक अरविंद की बाइक पर कुचामन से रावलियावास गांव आ रहे थे। हादसा गांव से महज 5 किमी दूर हुआ। सभी दोस्त किसी शादी में शिरकत करके लौट रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने देर रात तक जेसीबी की मदद से ट्रक के बीच फंसे शवों को निकाला। इसके बाद शवों को डेगाना सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। वहां गुरुवार सुबह 8 शवों का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार अरविन्द शादी में भाग लेने के बाद अपनी बाइक से पहले तीनों दोस्तों को उनके गांव रावलियावास छोडऩे जाता और उसके बाद वह अपने गांव जाने वाला था। लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। सूचना पाकर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे। तीन मृतक एक ही गांव रावलियावास के निवासी थे। -
नयी दिल्ली ।दिल्ली में मंगलवार से रात्रि कर्फ्यू लगने के तुरंत बाद ही जिलों के अधिकारियों को ई-पास के लिए 73,000 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 1,271 को मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि 34,000 से अधिक आवेदनों को खारिज कर दिया गया क्योंकि यह आवेदक दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आदेशानुसार उस श्रेणी के अंतर्गत नहीं आते थे जिन्हें कर्फ्यू के दौरान छूट मिली है। दिल्ली सरकार ने कोविड-19 को फैलने से रोकने के वास्ते इस महीने के लिए रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है। कर्फ्यू के दौरान यात्रा करने के लिए लोगों को ई-पास की जरूरत होगी जो दिल्ली सरकार की वेबसाइट से प्राप्त किया जा सकता है। इस बीच दिल्ली पुलिस की ओर से बुधवार को बताया गया कि रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन करने के आरोप में दो सौ से अधिक लोगों पर मामले दर्ज किए गए। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 220 मामले दर्ज किए गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 और 107 तथा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 151 के तहत कुल 534 लोगों पर मामले दर्ज किए गए।” उन्होंने बताया कि मास्क न लगाने के लिए 842 लोगों का चालान किया गया।-File photo
-
नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को 90 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखायी। ये एम्बुलेंस सड़क दुर्घटना पीड़ितों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएंगे। ये एम्बुलेंस 18.63 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गये हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बुनियादी जीवन रक्षक सुविधाओं वाले ये एम्बुलेंस अंडमान- निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा और उत्तराखंड के लिये हैं। सड़क दुर्घटना के आंकड़ों के मुताबिक भारत में प्रतिदिन 415 मौतें होती हैं। अगर घायलों को दुर्घटना के तुरंत बाद बुनियादी चिकित्सा इलाज उपलब्ध कराया जाए तो लगभग 40 फीसदी जिंदगियों को बचाया जा सकता है। एम्बुलेंस का विनिर्माण टाटा मोटर्स ने किया जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एनएचआईडीसीएल) ने इसे खरीदा है।
-
मथुरा । मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर ने बुधवार को कहा कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से हमीरपुर जा रही निजी बस में यात्रियों से लूटपाट की घटना में शामिल दो बदमाशों के स्कैच तैयार कराकर मीडिया में जारी किये गये हैं और भरोसा जताया कि बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने यात्रियों और चालक-परिचालक द्वारा बताए गए हुलिए के मुताबिक दो बदमाशों के स्कैच तैयार कराकर मीडिया में जारी किए हैं। पुलिस के नेटवर्क में उपलब्ध सभी अपराधियों और संदिग्धों की जानकारी को भी खंगाला जा रहा है। इसके लिए कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही नतीजे सामने आएंगे।'' ग्रोवर ने कहा, ‘‘हमने इस घटना को किसी भी प्रकार से हल्के में नहीं लिया है। बल्कि यह घटना हमारे लिए एक चुनौती की तरह है। हम जल्द ही इस घटना का खुलासा करेंगे।'' उन्होंने कहा कि बदमाशों की तलाश जारी है और उनकी तलाश में पांच विशेष टीमों के साथ-साथ हर थाने को इस संबंध में कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार रात दिल्ली से हमीरपुर जा रही निजी बस को ‘हाईजैक' कर बदमाशों ने चालक-परिचालक सहित यात्रियों से डेढ़ लाख रूपये से अधिक की नकदी, कीमती जेवर एवं मोबाइल फोन लूट लिये थे। - नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कोवैक्स की पहली डोज पुडुचेरी की नर्स पी निवेदा ने लगाई थी, तब केरल की नर्स रोजम्मा अनिल भी उनके साथ थीं। आज पीएम मोदी को कोवैक्सीन की दूसरी डोज पंजाब की नर्स निशा शर्मा ने लगाई। पीएम को पहली कोवैक्स डोज देने वाली पुडुचेरी की नर्स पी निवेदा आज भी मौके पर मौजूद थीं।कोवैक्स की दूसरी डोज देने वाली एम्स की नर्स निशा शर्मा ने पीएम मोदी से मिलने पर खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि वो क्षण उनके लिए यादगार बन गया जब उन्होंने पीएम मोदी को टीका लगाया और प्रधानमंत्री ने उनसे कुछ बातचीत भी की। निशा ने बताया, "सुबह ही पता चला कि सर (पीएम मोदी) अपनी कोवैक्सीन की सेकंड डोज के लिए एम्स आ रहे हैं और हमें उन्हें वैक्सीनेट करना है। हमने उनको वैक्सीन की सेकंड डोज दी। बहुत अच्छा लगा, उनसे मिलकर। उनसे थोड़ी से बातचीत भी हुई, उन्होंने पूछा कि हम कहां से हैं। फिर एक फोटोग्राफ ली। यह हमारे लिए बड़ा यादगार क्षण है कि उनसे मिलने का मौका मिला, उन्हें वैक्सीनेट करने का मौका मिला इस पैंडेमिक सिचुएशन में।"निशा ने बताया कि वो पंजाब के संगरूर की रहने वाली हैं। वो पिछले एक साल से एम्स में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि अभी उनकी ड्यूटी टीकाकरण अभियान में लगी है।
- नयी दिल्ली । दिल्ली में रात्रि कर्फ्यू के दौरान पहले से पंजीकरण के बिना कोविड-19 टीका लेने के लिए जाने वालों को ई-पास लेने होंगे। अधिकारियों ने बुधवार को इस बारे में बताया। कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के कारण दिल्ली सरकार ने मंगलवार को 30 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक राष्ट्रीय राजधानी में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शहर में मंगलवार को संक्रमण के 5100 मामले आए तथा 17 और लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों के मुताबिक टीकाकरण के लिए जाने वालों को भी छूट मिली हुई है जो ‘कोविन ऐप के जरिए मिले मैसेज को दिखा सकते हैं और टीकाकरण केंद्र पर जा सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने रात्रि कर्फ्यू लगाने को उचित ठहराते हुए कहा कि ऐसे समय में जब संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं कई लोग पार्टी आयोजित कर रहे थे और सामाजिक जमावड़ा बढ़ रहा था। उन्होंने कहा कि यह कठोर कदम नहीं है क्योंकि कई श्रेणियों में छूट भी दी गयी है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण केंद्र पर जाकर पंजीकरण कराकर टीका लेने वालों को पहले ई-पास लेने की जरूरत होगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘डीडीएमए के निर्देश के तहत रात्रि कर्फ्यू के दौरान ई-पास दिखाकर लोग टीका लेने के लिए जा सकते हैं।'' हालांकि, अधिकारी ने कहा कि आम तौर पर रात के समय कम ही लोग बाहर निकलते हैं।जैन से संवाददाताओं से बात करते हुए आशंका जतायी कि अगर संक्रमण दर में वृद्धि होती रही और लोगों ने सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया तो नए मामलों का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।-File photo
- हरिद्वार। यहां महाकुंभ-2021 को कोविड महामारी की चुनौती के बीच सकुशल संपन्न कराने में जुटी पुलिस ने बुधवार को मास्क के आकार में मानव श्रृंखला बनाकर एक रिकॉर्ड बनाया। पुलिस, पीएससी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, होमगार्ड, पीआरडी आदि सुरक्षाबलों के पांच हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी जवान मास्क के आकार में खड़े हुए और मानव मास्क के जरिये पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि कोविड-19 की चुनौती के बावजूद पुलिस महाकुंभ को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कुंभ मेले में अपनी तरह का यह विशेष आयोजन रहा जो पहली बार रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ है।‘इंडिया बुक आफ रिकॉर्ड' की ओर से निर्णायक के रूप में मौजूद वीरेंद्र सिंह और समन्वयक संदीप विश्नोई ने इस आयोजन को इंडिया बुक में नये रिकॉर्ड के रूप में दर्ज करने की घोषणा की। इस दौरान महाकुंभ पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने सभी जवानों को कर्तव्यनिष्ठा और मुस्तैदी से कुंभ मेला संपन्न कराने के लिए शपथ भी दिलवाई। इस मौके पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि इस महाकुंभ का सबसे महत्वपूर्ण संदेश यही है कि जो भी श्रद्धालु आएं, वे मास्क पहनें और दो गज की शारीरिक दूरी बनाये रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह मुहिम पूरी दुनिया को जागरूक करेगी। गुंज्याल ने कहा कि पुलिस महाकुंभ मेले को संपन्न कराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि आज मानव मास्क के रूप में बनाया यह रिकॉर्ड पूरी दुनिया को सुरक्षित कुंभ और मुस्तैद पुलिस का व्यापक संदेश देगा।














.jpg)











.jpg)
.jpg)