- Home
- देश
- नयी दिल्ली । सरकार ने बुधवार को एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट क्षेत्रों के लिये 6,238 करोड़ रुपये के व्यय से उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि एसी और एलईडी के लिये पीएलआई योजना की मंजूरी से घरेलू विनिर्माण को मजबूती मिलेगी। उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना का मकसद देश में विनिर्माण को बढ़ावा देना है।
- दोम्जुर (पश्चिम बंगाल)। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दोम्जुर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो के बाद हावड़ा जिले में रिक्शा चलाने वाले एक व्यक्ति के घर पर दोपहर का भोजन किया। शाह ने रिक्शा चलाने वाले व्यक्ति के घर पर जमीन पर बैठकर भोजन किया। उन्होंने दाल, सब्जी, चावल और सलाद खाया, जिसे उसके घर की महिलाओं ने बनाया था। केन्द्रीय मंत्री के साथ दोम्जुर से भाजपा के उम्मीदवार राजीव बनर्जी और अन्य नेता भी मौजूद थे।शाह और अन्य नेताओं के खाना खाते समय मेजबान उनकी खातिरदारी में लगे थे।इससे पहले,शाह ने दोम्जुर में एक रोड शो किया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। शाह फूलों से सजे एक वाहन पर सवार होकर रोड शो में पहुंचे थे, जिस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘कटआउट' और भाजपा के झंडे लगे थे। शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दोम्जुर से पार्टी के उम्मीदवार राजीव बनर्जी ने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
- नयी दिल्ली ।भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी संजीव कुमार ने बुधवार को भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) के अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। कुमार 1993 बैच के महाराष्ट्र-कैडर के अधिकारी हैं। एएआई ने एक बयान में यह जानकारी दी। इससे पहले कुमार महाराष्ट्र सरकार में राज्य आयुक्त (जीएसटी) के पद पर थे। कुमार महाराष्ट्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में काम कर चुके हैं। इनमें जल आपूर्ति और स्वच्छता, ऊर्जा और उद्योग विभाग भी शामिल हैं। उन्होंने अनुज अग्रवाल की जगह ली है जो करीब तीन महीने से एएआई के अंतरिम अध्यक्ष थे। उससे पहले अरविंद सिंह छह नवंबर, 2019 से 24 जनवरी, 2021 तक एएआई के अध्यक्ष थे। सिंह अब पर्यटन मंत्रालय में सचिव हैं। कुमार ने रुड़की विश्वविद्यालय (अब आईआईटी रुड़की) से इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने आईआईटी कानपुर से एमटेक किया।
- शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। शाहजहांपुर जिले में बुधवार को विद्यालय से घर लौट रही दो सगी बहनों की अज्ञात वाहन से टक्कर लगने से मौत हो गई। दोनों बहनें सरकारी स्कूल में अध्यापिका थीं। पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि कांट थाना क्षेत्र में स्थित जलालाबाद-शाहजहांपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से स्कूटी सवार ममता (28) तथा अंजू लता (30) सड़क पर गिर गईं। उन्होंने बताया कि दोनों बहनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वे भैसटा कलां के प्राइमरी स्कूल में अध्यापिका थीं। वे बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौतम की बेटियां थीं। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दोनों बहनों को कुचलने वाले वाहन के चालक की तलाश की जा रही है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना-राष्ट्रीय उच्च दक्षता सोलर फोटो वोल्टेइक-पीवी मॉड्यूल कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 45 अरब रुपये का आवंटन किया गया है। राष्ट्रीय उच्च दक्षता सोलर फोटो वोल्टेइक-पीवी मॉड्यूल कार्यक्रम से विद्युत जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में आयात पर निर्भरता घटेगी और आत्मनिर्भर भारत अभियान को समर्थन भी मिलेगा।आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने संवाददाताओं को बताया कि इस योजना से समेकित सोलर पीवी विनिर्माण संयंत्रों की क्षमता में दस हजार मेगावाट की वृद्धि होगी। इससे सोलर फोटो वोल्टेइक विनिर्माण में करीब एक खरब 72 अरब रुपये का प्रत्यक्ष निवेश होगा। श्री गोयल ने कहा कि इससे करीब तीस हजार लोगों को प्रत्यक्ष और करीब एक लाख बीस हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।सोलर क्षमता में वृद्धि फिलहाल मोटे तौर पर आयातित सोलर पीवी सेल्स और मॉड़्य़ूल्स पर निर्भर है, क्योंकि इस क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण उद्योग की क्षमता सीमित है। पारदर्शी प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए सोलर पीवी विनिर्माताओं का चयन किया जाएगा। उच्च दक्षता सोलर पीवी मॉड्यूल्स की बिक्री पर विनिर्माण संयंत्रों के चालू होने के बाद पांच वर्ष तक उत्पादन से जुड़ा प्रोत्साहन दिया जाएगा। सोलर पीवी मॉड्यूल की उच्च दक्षता और घरेलू बाजार से कच्चा माल लेने वाले विनिर्माताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस तरह मॉड्यूल की दक्षता में वृद्धि और मूल्य संवर्धन में वृद्धि के साथ प्रोत्साहन की राशि भी बढ़ जाएगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने व्हाइट गुड्स - एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट्स के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना को भी स्वीकृति दी। इसके लिए 62 अरब 38 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय बाधाओं को दूर करने, बचत तथा दक्षता सुनिश्चित करने के जरिए भारत में वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी विनिर्माण करना है। इस योजना से वैश्विक निवेश बढने, बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होने और निर्यात में महत्वपूर्ण वृद्धि होने की संभावना है।केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि व्हाइट गुड्स के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट के विनिर्माण में लगी कम्पनियों को पांच वर्ष की अवधि तक भारत में विनिर्मित सामान की वृद्धिशील बिक्री पर चार से छह प्रतिशत प्रोत्साहन दिया जाएगा। इस योजना से एमएसएमई सहित अनेक वैश्विक और घरेलू कम्पनियों को लाभ होने की संभावना है। श्री गोयल ने कहा कि पांच वर्ष की अवधि में इस योजना से उनासी अरब बीस करोड़ रुपये का वृद्धिशील निवेश होने के साथ ही एक लाख 38 हजार करोड़ रुपये का वृद्धिशील उत्पादन होगा तथा छह खरब 44 अरब रुपये के सामान का निर्यात होगा। श्री गोयल ने कहा कि इस योजना से अतिरिक्त चार लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे।
- नई दिल्ली। केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग सौ लोगों वाले सार्वजनिक और निजी कार्यस्थलों पर काम करने वाले लोगों को 11 अप्रैल से कोविड टीकाकरण की अनुमति दे दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों और स्वास्थ्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा है कि 45 वर्ष या उससे अधिक आयु के कर्मचारियों का टीकाकरण का अभियान किया जा जाए।
- - पीएम ने परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से बातचीत कीनई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों से कहा है कि उन्हें परीक्षा से डरना नहीं बल्कि इसका उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों पर दबाव न बनाएं और उन्हें परीक्षा का आनंद लेने दें। पहली बार, वर्चुअल माध्यम से परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से बातचीत में श्री मोदी ने तनाव और चिंता से मुक्त होने के मंत्र दिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा को जीवन का आखिरी मुकाम नहीं मानना चाहिए, बल्कि हमेशा अगले प्रयास में बेहतर करने की कोशिश करनी चाहिए।प्रधानमंत्री ने शिक्षकों से कहा कि समय के प्रबंध के बारे में बच्चों का मार्गदर्शन करें। अरुणाचल प्रदेश से पुन्यो सुन्या और दिल्ली की विनीता गर्ग से बातचीत में प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय के अनुसार उस पर ध्यान देना और ऊर्जा का उपयोग करना चाहिए।श्री मोदी ने कहा कि विद्यार्थियों को शुरू में मुश्किल विषय हल करने का प्रयास करना चाहिए और इस पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कठिन विषयों को सुबह के समय और आसान विषयों को उसके बाद हल करना चाहिए, क्योंकि प्रात:काल में दिमाग तरोताजा रहता है और विषय पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मुश्किल विषयों को न छोड़ें, क्योंकि कठिन परिश्रम से कोई भी काम सम्पन्न किया जा सकता है।प्रधानमंत्री ने कुछ समय खाली रहने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि दिन में कुछ समय ऐसा करना आवश्यक है ताकि रोबोट और नीरस बन कर न रह जाएं। उन्होंने कहा कि खाली समय में बच्चे अपने माता-पिता और भाई-बहनों के काम में सहायता कर सकते हैं और अपने शौक पूरे कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं खुद भी अपने व्यस्त कार्यक्रम के बाद कुछ समय झूले पर बैठना और सैर करना पसंद करता हूं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि खाली समय को ऐसी गतिविधियों में बिताएं, जिनके जरिए स्वयं को अभिव्यक्त किया जा सके और व्यक्तित्व का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता व्यक्ति को नई बुलंदी पर पहुंचा सकती है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में सोमवार तक जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले जोड़े विवाह की तैयारियों को लेकर काफी उत्साहित थे, लेकिन कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में लगे रात्रिकालीन कर्फ्यू ने उन्हें पेरशानी में डाल दिया है और अब वे एक बार फिर शादी की तारीख, समारोह स्थल और उसके ‘‘समय'' पर विचार करने लगे हैं। दिल्ली सरकार ने शहर में 30 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक का रात्रिकालीन कर्फ्यू लगा दिया है, जिससे पहले से ही कोरोना वायरस के कारण प्रभावित विवाह संबंधी उद्योग के और प्रभावित होने की आशंका है। आलम यह है कि लोगों ने दिल्ली से लगे नोएडा और गुड़गांव में समारोह स्थल ढूंढने शुरू कर दिए हैं।पारस चुग और अभिषेक की शादी 28 अप्रैल की है और अब वह रात की जगह दिन में शादी करने पर विचार कर रहे हैं। चुग नए प्रतिबंधों से बिल्कुल खुश नहीं है क्योंकि उससे उनकी शादी के कई समारोह प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने कहा, काफी परेशानी खड़ी हो गई है। हर सप्ताह नए प्रतिबंध लागू किए जाते हैं। हम अपने ‘वेडिंग प्लैनर' से बात कर रहे हैं कि अब क्या किया जाए। हम दिन में शादी करने पर विचार कर रहे हैं।'' राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामलों में अचानक बढ़ोतरी के मद्देनजर ये नए प्रतिबंध लगाए गए हैं।दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को कोविड-19 के 5,100 नए मामले सामने आए थे। इससे पहले पिछले साल 27 नवम्बर को सर्वाधिक 5482 नए मामले सामने आए थे। विभाग के अनुसार, वायरस से 17 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 11,113 हो गई।रात्रिकालीन कर्फ्यू के फैसले का शहर में हो रही शादियों पर काफी असर पड़ा है, जिनमें शिरकत करने वाले लोगों की संख्या सरकार ने मार्च अंत में पहले ही 200 से घटाकर 100 कर दी थी। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ दूल्हा, दुल्हन और उनके करीबी रिश्तेदारों को जिला मजिस्ट्रेट से ‘ई-पास' लेना होगा, लेकिन किसी अन्य मेहमान को रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू के दौरान छूट नहीं दी जाएगी।'' भावना कौल की शादी 25 अप्रैल को होने वाली है। उन्होंने कहा कि ‘ई-पास' लेने की अनिवार्यता को देखते हुए लोग अब शायद शादी में ना आएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ ये खबर ऐसे समय में आई है, जब शादी काफी करीब है और सभी तैयारियां कर ली गई हैं। सभी चीजों के लिए भुगतान भी कर दिया गया है।
- जम्मू । जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में मंगलवार देर रात को एक मकान में आग लगने से एक महिला और उसकी बेटी की जल जाने से मौत हो गयी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात में एक बजे के करीब छतरू इलाके के मंजगाम-तगूड गांव में मकान में आग लगने से पोशा देवी (50) और नीतू बाला (25) उसके भीतर फंस गयीं। उन्होंने बताया कि आग में मकान पूरी तरह खाक हो गया। दो महिलाएं घर के भीतर सो रही थीं और वे बाहर नहीं निकल पायीं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस, दमकल और आपात सेवा की राहत टीम ने शवों को बाहर निकाला। मकान में दुर्घटनावश आग लगी थी।-File photo
- जयपुर । जयपुर के बनीपार्क थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक कांस्टेबल का शव उसकी कार में मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। थानाधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि भरतपुर निवासी 44 वर्षीय कांस्टेबल चंद्रपाल चौधरी का शव मंगलवार रात एक कार में मिला। मृतक के चेहरे के कुछ स्थान की त्वचा झुलसी हुई है। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल जयपुर पुलिस लाइन में तैनात था और वह अपने सरकारी क्वार्टर में रहता था। उसकी कार से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद चल सकेगा। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- बरेली । उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने पेट्रोल छिड़ककर कथित तौर पर आग लगा ली जिसकी बुधवार को उसकी मौत हो गई। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि प्रथमदृष्टतया प्रेम प्रसंग के चलते आग लगाने की बात सामने आई है और प्रत्यक्षदर्शियों और गवाहों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार शादीशुदा आकाश (22) का बहेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था और कुछ दिन पहले इस बात की जानकारी मिलने पर युवती के परिवार वालों ने उसे अपने रिश्तेदार के यहां जोखनपुर भेज दिया था। पुलिस ने बताया कि सोमवार को आकाश को पता चला कि उसकी प्रेमिका जोखनपुर में है तो वह युवती के रिश्तेदार के घर पहुंच गया और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पुलिस के अनुसार गांव वालों ने आग बुझाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस आकाश को बरेली के अस्पताल में ले गई जहां बुधवार को उसकी मौत हो गयी।-File photo
- ऋषिकेश। कोविड-19 के मामलों में लगातार हो रही वृद्धि और उससे बचाव के लिए लागू प्रतिबंधों के मद्देनजर अधिकारी इस बार गंगा तट पर हो रहे कुंभ के मुख्य स्नान पर्वों पर ज्यादा भीड़ जुटने की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। कोविड महामारी के कारण सीमित अवधि के महाकुंभ के दौरान 12 अप्रैल, 14 अप्रैल और 27 अप्रैल को तीन शाही स्नान पड़ रहे हैं जिनमें अधिकारियों को ज्यादा भीड़ आने की उम्मीद नहीं लग रही है। हालांकि, उनका कहना है कि किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं कर ली गयी हैं। महाकुंभ मेले के पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने कहा, ‘‘पुलिस व्यवस्था का एटलस तो अधिकतम भीड़ के लिए ही तैयार किया जाता है। इसलिए हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, कोरोना संक्रमण के दोबारा तेजी से बढ़ने तथा उससे बचाव के लिए लागू दिशा-निर्देशों के कारण हमें बड़े स्नान पर्वों पर ज्यादा भीड़ आने की उम्मीद नहीं है।'' हरिद्वार से लेकर देवप्रयाग तक 670 हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में फैले महाकुंभ क्षेत्र के चप्पे—चप्पे पर नजर रखने के लिए 12000 पुलिस और 400 अर्धसैनिक बल तैनात हैं जो कानून और व्यवस्था के साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करवाएंगे। हर 12 साल में एक बार होने वाला यह धार्मिक आयोजन सामान्यत: जनवरी से लेकर अप्रैल तक चलता है लेकिन इस बार कोविड के चलते इसे एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक केवल एक माह के लिए सीमित कर दिया गया है। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण के लगभग 500 मामले सामने आ रहे हैं जबकि मंगलवार को 791 नए मरीजों में महामारी की पुष्टि हुई।कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए पूरे कुंभ आयोजन में 30 जगहों पर कोविड के लिए आरटी—पीसीआर जांच की जा रही है। महाकुंभ मेले के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन सेंगर ने बताया कि मेले में 12 प्रयोगशालाएं लगातार नमूनों की जाँच कर रही हैं जबकि 550 बिस्तरों वाला कोविड अस्पताल भी तैयार है। उन्होंने बताया कि सभी 13 अखाड़ों के महामण्डलेश्वरों तथा महंतों से आग्रह किया जा रहा कि वे अपने अनुयायियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जाँच कराने, मास्क पहनने, दो गज की शारीरिक दूरी रखने तथा नियमित रूप से हाथ धोने को प्रेरित करें। इस बीच गढ़वाल मंडल के आयुक्त रविनाथ रमन ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराना ही इससे बचाव का सार्थक विकल्प है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के आदेश का भी कड़ाई से पालन कराया जा रहा है जिसमें श्रद्धालुओं को 72 घंटे पहले की निगेटिव कोविड रिपोर्ट लाना अनिवार्य है। हरिद्वार और पूरे महाकुंभ मेला क्षेत्र में मंगलवार तक रोजाना 35 हजार आरटी पीसीआर जांच हुई जबकि अब इसे 50 हजार से ज्यादा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।- File photo
- नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के सभी नागरिकों के लिए कोरोना के टीके की पैरवी करते हुए बुधवार को कहा कि इस टीके की जरूरत को लेकर बहस करना हास्यास्पद है तथा हर भारतीय सुरक्षित जीवन का मौका पाने का हकदार है।उन्होंने कोविड वैक्सीन हैशटैग से ट्वीट किया, जरूरत और मर्जी को लेकर बहस करना हास्यास्पद है। हर भारतीय सुरक्षित जीवन का मौका पाने का हकदार है।गौरतलब है कि पूरे देश में कोरोना वायरस के खिलाफ चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत 45 साल से अधिक उम्र के लोग टीका लगवा सकते हैं।इस बीच, राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, महामारी के खिलाफ लड़ाई में स्वास्थ्यकर्मी हमारे योद्धा हैं। मैं नागरिकों की रक्षा करने की उनकी प्रतिबद्धता, साहस और समर्पण के लिए उनको सलाम करता हूं। मैं त्याग के लिए उनके परिवारों का भी आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया, इस वायरस को नियंत्रित करने के लिए देश के नागरिक के तौर पर हमें अपने हिस्से की भूमिका निभानी होगी। हम मास्क लगाएं और दूसरे सभी प्रोटोकॉल का पालन करें।
- नई दिल्ली। दिल्ली के सीमापुरी इलाके में मुठभेड़ के बाद 39 आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अहसान (31) पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी का निवासी है और उसके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि 23 मार्च को चेन छीनने के एक मामले के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में मोटरसाइकिल सवार दो लोग पिस्तौल के बल पर पीडि़तों से चेन छीनते नजर आए थे। दोनों आरोपियों ने लूट के दौरान हेलमेट पहन रखा था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने सभी संबंधित सीसीटीवी फुटैज खंगाली।पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) आर सत्यसुंदरम ने बताया कि उन्हें लूट और छिनैती की कई घटनाएं के आरोपी अहसान के सोमवार रात सीमापुरी आने की जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया। अधिकारी ने कहा, '' थोड़ी देर चली मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के दाहिने पैर में चोट गोली लगी है।'' सत्यसुंदरम ने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी हत्या की कोशिश, पुलिस पर हमला करने, झपटमारी, लूट, सेंधमारी और सशस्त्र अधिनियम के तहत कई मामलों में वांछित था। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल, कारतूस और चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। file photo
- नई दिल्ली। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत अब तक 2.14 करोड़ लाभार्थी पात्र पाए गए हैं तथा आगे यह संख्या कम होने की संभावना है। हालांकि, इस सूची में शुरू में 2.95 करोड़ परिवार शामिल थे, मंजूरी के समय कई स्तरों पर किए गए सत्यापन के माध्यम से, बहुत सारे घरों को पात्र नहीं पाया गया।मंत्रालय ने कहा कि इसलिए इस सूची को 2.14 करोड़ तक सीमित कर दिया गया है। आगे यह संख्या और कम होने की संभावना है। अब तक पात्र लाभार्थियों की संख्या 2.95 करोड़ से घटकर 2.14 करोड़ होने के कारण, उन सभी परिवारों की पहचान के लिए फील्ड अधिकारियों की मदद से सभी राज्यों, केंद्रशासित क्षेत्रों द्वारा ''आवास प्लस'' नाम का एक सर्वेक्षण किया गया था जिन्हें पात्र होने के बावजूद योजना की स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल नहीं किया गया है। बयान में कहा गया, ''वित्त मंत्रालय ने जुलाई, 2020 में ग्रामीण विकास मंत्रालय को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2.95 करोड़ घरों की सीमा के साथ अंतिम 'आवास प्लस' सूची के अतिरिक्त पात्र परिवारों को योजना की स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल करने के प्रस्ताव के लिए सहमति दी थी। बयान के मुताबिक, ''पात्रता के लिए सर्वेक्षण के नतीजे की समीक्षा की जा रही है और इसके बाद इनका क्रियान्वयन किया जाएगा।
- फतेहपुर । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में असोथर थाना क्षेत्र के कौंडर गांव में सोमवार शाम से लापता पांच साल के एक बच्चे का शव पुलिस ने मंगलवार सुबह कुएं से बरामद किया।थरियांव क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) अनिल कुमार ने बताया कि असोथर थाना क्षेत्र के कौंडर गांव में रुद्रप्रताप सिंह का पांच साल का बेटा विपिन सोमवार शाम करीब पांच बजे खेलते समय अचानक घर के दरवाजे से लापता हो गया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं से विपिन का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ ने कहा, "प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बच्चा खेलते वक्त धोखे से कुएं में गिर गया होगा और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गयी होगी। लेकिन, मौत का असली कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।" पुलिस ने बताया कि मृत बच्चे के पिता रुद्र प्रताप सिंह ने अज्ञात लोगों पर बच्चे को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सिंह के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
- मुम्बई । महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने मंगलवार को बताया कि एक सरकारी योजना के तहत जरूरतमंदों को दी जाने वाली ‘शिव भोजन' थाली राज्य में लागू किए कोविड-19 प्रतिबंधों के मद्देनजर ‘पार्सल' के रूप में मुहैया कराई जाएगी। महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार ‘शिव भोजन' योजना के तहत जरूरतमंदों को पांच रुपये में एक थाली भोजन मुहैया कराती है। भुजबल ने बताया कि कोविड-19 से निपटने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के मद्देनजर ‘शिव भोजन' थाली अब ‘पार्सल' के रूप में दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘ कोविड-19 के नए प्रतिबंधों के मद्देनजर, सभी होटल और रेस्तरां केवल ‘पार्सल' के रूप में ही भोजन मुहैया कराएंगे ताकि सामाजिक दूरी बनाई रखी जा सके।'' उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए, शिव भोजन केन्द्रों पर भी खाना ‘पार्सल' के रूप में दिया जाएगा। एक थाली की कीमत अब भी पांच रुपये ही रहेगी।
- आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित ताजमहल के पश्चिमी गेट की टिकट बिंडो पर मंगलवार सुबह पांच फुट लम्बे अजगर सांप के निकलने से पर्यटकों में हड़कंप मच गया।लगभग आधा घण्टे तक अजगर बिंडो परिसर में घूमता रहा। इसकी जानकारी लोगों ने ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात पर्यटन पुलिस के सिपाहियों को दी जिन्होंने वाइल्ड लाइफ एसओएस को सूचित किया। वाइल्डलाइफ एसओएस के श्रेयस पचौरी ने बताया कि कड़ी मेहनत के बाद अजगर सांप को पकड़ लिया गया और उसे कुछ देर निगरानी में रखने के बाद उसके प्राकृतिक स्थल जंगल में छोड़ दिया गया।
- शिमला।हिमाचल प्रदेश में बर्ड फ्लू का कहर एक बार फिर देखने को मिल रहा है, जहां पिछले दो सप्ताह में पौंग डैम लेक में करीब 100 प्रवासी पक्षी मृत मिले हैं। वन्यजीव अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पौंग डैम लेक वन्यजीव अभ्यारण्य में जनवरी में बर्ड फ्लू से करीब पांच हजार पक्षी एक महीने में मारे गए थे। फरवरी में इस पर काबू पाया गया था, लेकिन मार्च अंत से इसका कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब 25 मार्च को यहां दर्जनों पक्षियों के कंकाल मिले थे। मुख्य वन्यजीव वार्डन अर्चना शर्मा ने बताया कि भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) ने मृत पक्षियों के नमूनों में एच5एन8 एवियन इन्फ्लुएंजा मिलने की पुष्टि की है। शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पौंग डैम लेक में करीब 99 पक्षी मृत मिले हैं। स बीच, अभयारण्य को एक बार फिर से आगंतुकों के लिए बंद कर दिया गया है। बर्ड फ्लू से निपटने के लिए मृत पक्षियों की निगरानी एवं उनके नमूनों की जांच जैसे कदम भी उठाए जा रहे हैं।-File photo
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा है कि 18 से 44 साल के स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम मोर्चे के कार्यकर्ताओं के लिए कोविड-19 टीकाकरण के लिए मौके पर जाकर पंजीकरण कराने की सुविधा अब केवल सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर ही उपलब्ध होगी। केंद्र ने कहा कि इन कर्मियों को मूल पहचान प्रमाणपत्र और उनके रोजगार प्रमाणपत्र की एक प्रति दिखानी होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को भेजे पत्र में कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र के और कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर रहकर काम करने वाले जो भी लोग टीके से छूट गये हैं उन्हें केवल सरकारी कोविड टीकाकरण केंद्रों पर ही मौके पर पंजीकरण (ऑन-साइट रजिस्ट्रेशन) की सुविधा मिलेगी। केंद्र सरकार ने रविवार को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा था कि स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मियों के लिए तत्काल प्रभाव से नये पंजीकरण की कोई सुविधा नहीं होगी क्योंकि कुछ अपात्र लोग अपना नाम लिखा रहे हैं और दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए इस श्रेणी में टीका लगवा रहे हैं। हालांकि भूषण ने अपने तीन अप्रैल, 2021 के पहले पत्र का उल्लेख करते हुए कहा है कि अतिरिक्त दिशानिर्देशों के तहत 18 साल से 44 साल के स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं के टीकाकरण के लिहाज से उन कर्मियों के लिए अब केवल सरकारी केंद्रों पर ऑन-साइट पंजीकरण की सुविधा होगी जो उचित पात्र हैं, लेकिन टीके से छूट गये हैं। पत्र में कहा गया है कि नियोक्ता इस बात के लिए जिम्मेदार होंगे कि वे केवल पात्र कर्मियों को ही प्रमाणपत्र जारी करें।
- नागपुर (महाराष्ट्र)। पुलिस ने नागपुर निवासी 52 वर्षीय एक व्यक्ति के साथ 40 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने उस व्यक्ति से उसकी बेटी को एक मेडिकल कॉलेज में प्रवेश देने के नाम पर यह रकम वसूली थी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना 2017 की है और पीडि़त ने सोमवार को यहां पुलिस शिकायत दर्ज कराई।नागपुर के स्नेह नगर इलाका निवासी शिकायकर्ता ने एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के बारे में एक विज्ञापन देखकर आरोपियों से फोन पर संपर्क किया था। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों ने पीडि़त से मुलाकात की और मुंबई के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाने का वादा किया। उन्होंने बताया कि पीडि़त ने इसके बाद आरोपियों द्वारा दी गई खाता संख्या में 40 लाख रुपये कथित तौर पर भेज दिए थे। हालांकि, बाद में आरोपियों ने उससे कहा कि वे मुंबई के कॉलेज में प्रवेश नहीं दिला पाएंगे और उसकी बेटी का एडमिशन औरंगाबाद के कॉलेज में करवा देंगे लेकिन औरंगाबाद पहुंचने पर वहां उसे कोई नहीं मिला। अधिकारी ने बताया कि तब पीडि़त को अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हुआ है और उसने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि धनतोली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 120बी, 406 और 409 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
- पिथौरागढ । एक पूर्व फौजी की मृत्यु के 69 वर्ष बाद उनकी 81 वर्षीय पत्नी को पेंशन मिलने का मामला सामने आया है । पति के निधन के वक्त उनकी उम्र 12 साल थी। अस्सी से ज्यादा बसंत देख चुकीं पूर्व फौजी की पत्नी के जीवन में अचानक पैसों की यह बरसात सामाजिक कार्यकर्ता डीएस भंडारी की वजह से हुई है जिन्होंने उनकी तकलीफों को देखने के बाद उनके लिए कुछ करने का निर्णय किया । जब भंडारी को यह पता चला कि पारूली देवी के पति की मृत्यु सेवा में रहते हुए एक दुर्घटना में हुई थी और वह पारिवारिक पेंशन पाने की हकदार हैं तो उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए दिन रात एक कर दिया कि उन्हें इसका लाभ मिले । सात वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त होने के बाद से सामाजिक सेवा में लगे भंडारी ने बताया कि 14 जून, 1952 में पति की मृत्यु के बाद से अपने भाइयों के साथ लुंथुरा गांव में रह रही पारूली देवी के बारे में जब उन्हें पता चला तो वह खुद को उनकी मदद करने से नहीं रोक पाए । उन्होंने बताया कि देवी के पति गगन सिंह की दुर्घटना में तब मृत्यु हो गई थी जब वह सेवारत थे । भंडारी ने बताया कि पूछताछ करने पर पता चला कि पारूली देवी भारत सरकार की पूर्व सैनिक पारिवारिक पेंशन स्कीम के तहत पेंशन पाने की हकदार हैं । उन्होंने बताया कि रक्षा सेवाओं के मुख्य नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के प्रयागराज कार्यालय ने आखिरकार उनकी पेंशन सितंबर 1977 से स्वीकृत कर दी जिसके बाद पारूली देवी को कुल 20 लाख रुपए मिलेंगे । इस बारे में संपर्क करने पर पारूली देवी ने कहा, ‘‘मुझे पैसे की जरूरत नहीं है, लेकिन सरकार ने मेरे पति और मुझे पहचान दी । यह मेरे लिए बहुत संतोष की बात है ।-File photo
- नयी दिल्ली। टीका बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) देश में विकसित न्यूमोकोकल टीके की आपूर्ति बुधवार से केंद्र को करना शुरू करेगी। सूत्रों ने मंगलवार को इस बारे में बताया। टीका निमोनिया, सेप्टीसीमिया और मेनेन्जाइटिस जैसे जानलेवा संक्रमण में बचाव का काम करता है।टीके की खुराकें कोलकाता, मुंबई और करनाल में सरकारी चिकित्सा केंद्र भंडारों में बुधवार को भेजी जाएगी। एसआईआई दिसंबर 2021 तक स्वास्थ्य मंत्रालय को टीके की 2.4 करोड़ खुराकों की आपूर्ति करने वाली है। कंपनी देश में टीके की 37 खेप भेजेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2020-21 के केंद्रीय बजट भाषण में देश में विकसित न्यूमोकोकल टीके की घोषणा की थी जिसके दो दिनों के बाद ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके लिए कंपनी को आर्डर दे दिया था। सीतारमण ने कहा था कि इससे सालाना 50,000 मौतों को रोकने में मदद मिलेगी। भारत के औषधि नियामक ने पिछले साल जुलाई में न्यूमोकोकल पॉलीसैकेराइड संयुग्म टीके के लिए मंजूरी प्रदान कर दी थी। इससे पहले एसआईआई द्वारा पेश तीसरे चरण के क्लीनिक ट्रायल के आंकड़ों की समीक्षा की गयी थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, नवजात बच्चों में स्ट्रेप्टोकोकस निमोनिया के कारण गंभीर बीमारी और निमोनिया के खिलाफ टीकाकरण के लिए इस टीके का इस्तेमाल किया जाता है। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा था कि निमोनिया से बचाव के लिए देश में विकसित यह पहला टीका है।
- -छत्तीसगढ़ का दुर्ग जिला उपचाराधीन मामलों में शीर्ष दस जिलों में शामिलनई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 बहुत तेज गति से फैल रहा है एवं महामारी की तीव्रता भी बढ़ी है तथा इसे देखते हुए अगले चार सप्ताह बेहद अहम रहने वाले हैं। सरकार ने संक्रमण की दूसरी लहर को काबू में करने के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वी के पॉल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मामले तेजी से बढऩे से देश में महामारी के हालत और खराब हुए हैं और आबादी का एक बड़ा हिस्सा संक्रमण के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि महामारी से लडऩे के हथियार वहीं हैं। कोविड-19 से बचाव के नियमों का पालन करना, निरुद्ध क्षेत्रों की पहचान, जांच आदि को और प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए, चिकित्सा ढांचे में सुधार और टीकाकरण अभियान तेजी से चलाए जाने की जरूरत है। पॉल ने कहा,''महामारी की तीव्रता बढ़ गई है और यह पिछली बार के मुकाबले ज्यादा तेजी से फैल रही है। कुछ राज्यों में यह (हालात)अन्य के मुकाबले ज्यादा खराब है लेकिन बढ़ोतरी(मामलों में) देश भर में देखी जा सकती है।'' उन्होंने कहा,'' दूसरी लहर को काबू में करने के लिए जनभागीदारी अहम है। अगले चार सप्ताह बेहद अहम रहने वाले हैं। पूरे देश को एकजुट हो कर महामारी से लडऩे के प्रयास करने होंगे।''देश में महामारी के हालत पर विस्तार से चर्चा करते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि छत्तीसगढ़ का दुर्ग जिला उपचाराधीन मामलों में शीर्ष दस जिलों में शामिल है। उन्होंने कहा कि जिन दस जिलों में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं वे हैं पुणे, मुंबई, ठाणे, नागपुर, नासिक, बेंगलुरु शहर, औरंगाबाद, अहमदनगर, दिल्ली और दुर्ग। भूषण ने बताया कि केन्द्र ने 50 उच्चस्तरीय जन स्वास्थ्य टीमें गठित की हैं और उन्हें महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पंजाब में ज्यादा मामले सामने आने वाले और संक्रमण से ज्यादा मौतों वाले जिलों में तैनात किया गया है।
- नई दिल्ली। होटल और रेस्तरां उद्योग के संगठन एचआरएडब्ल्यूआई ने कहा है कि कोविड-19 संक्रमण पर काबू पाने के लिए महाराष्ट्र सरकार के नए दिशा-निर्देशों से 90 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंदी की कगार पर पहुंच जाएंगे और इससे राज्य में आतिथ्य उद्योग तबाह हो जाएगा।महाराष्ट्र में कोविड-19 संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिसके चलते राज्य सरकार के अधिकारियों ने पांच अप्रैल से कई तरह की रोकथाम लागू की हैं। होटल एवं रेस्टोरेंट संघ, पश्चिम भारत (एचआरएडब्ल्यूआई) ने कहा कि राज्य सरकार को इस उद्योग में शामिल कर्मचारियों को हर्जाना देना चाहिए और सभी कानूनी शुल्क, कर तथा उपयोगिता बिलों को माफ करके रेस्टोरेंट उद्योग की मदद करनी चाहिए।एचआरएडब्ल्यूआई ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र सरकार के नए प्रतिबंधों ने राज्य में आतिथ्य उद्योग बंदी की कगार पर ला दिया है। संघ के अध्यक्ष शेरी भाटिया ने कहा कि उद्योग एक और लॉकडाउन को सहन करने की स्थिति में नहीं है। एचआरएडब्ल्यूआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप शेट्टी ने कहा कि सरकार की ताजा शर्तों के साथ कारोबारी रेस्टोरेंट नहीं खोलना चाहेंगे। महाराष्ट्र में शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक पूरी तरह लॉकडाउन लागू किया गया है, जबकि सप्ताह के शेष दिनों में भी कई प्रतिबंध लागू रहेंगे।-File photo






.jpg)



















.jpg)
.jpg)