घर में सिर्फ एक बल्ब, बिल आया 13 हजार, गुहार लगाई तो ऊर्जा मंत्री खुद आए उसके घर
अधिकारियों ने चेक किया, फिर बिल बना 212 रुपए
भोपाल। अरेरा हिल्स के पास मंत्रालय से सटे भीमनगर बस्ती में रहने वालीं निर्मला बाई। झुग्गी नंबर 92 में रहती हैं। इस महीने उन्हें 13 हजार 731 रुपए का बिजली बिल मिला तो वे चौंक गईं। निर्मला ने हिम्मत बटोरी और मंगलवार सुबह बिल लेकर सुबह 9:30 बजे शिवाजी नगर स्थित ऊर्जा मंत्री प्रद्मुम्न सिंह तोमर के बंगले पर पहुंच गईं। बिल दिखाते हुए कहा देखिए, मंत्री जी, मेरे घर में सिर्फ एक बल्ब जलता है, टीवी, फ्रिज और कूलर कुछ भी नहीं है। दो महीने पहले मैंने नया मीटर लगवाया था। बिजली दफ्तर वालों ने मुझे इस माह 13,731 रुपए का बिल थमा दिया।
महिला की समस्या सुनकर मंत्री भी चौंक गए। बिना देर किए वे महिला को अपने साथ कार में बैठाकर भीमनगर स्थित उसके घर सुबह 11:10 बजे पहुंचे। वहां उन्होंने बिजली कंपनी के जहांगीराबाद जोन के मैनेजर अमित राय को बुलवाया। इसके बाद बिल सुधारा गया, जो 212 रुपए का बना। मंत्री ने बिल से जुड़े कई सवाल किए।
मंत्री ने मैनेजर से पूछा कि इतना बिल क्यों आया? यहां कोई फैक्टरी नहीं है, कोई यूनिट नहीं है। मैनेजर ने कई तर्क रखे जिससे मंत्री भी सहमत भी हुए, लेकिन मंत्री ने कहा यह गलती किसकी है, पता करें, ये बिल किसने जारी किया। ऐसी शिकायतों से जनता के बीच में विभाग की छवि खराब होती है। गौरतलब है कि आमतौर पर बिजली बिल से जुड़ी औसतन 350 शिकायतें रोजाना आती हैं।
बिजली कंपनी साउथ डिवीजन के डीजीएम पंकज यादव ने कहा कि मीटर की नहीं बल्कि मीटर रीडर की गलती है, इसके अलावा और कहां क्या कमी रही। यह जांच की जा रही है। जिसकी गलती होगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


.jpg)

.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
Leave A Comment