बालोद जिले में सभी लोगों को सुगमता से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराएं: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा
-स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक लोगोें को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराने शासन के विशेष प्राथमिकता में शामिल है। जिसके फलस्वरूप जिले के स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाकर बालोद जिले में सभी लोगों को सुगमता से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने विकासखण्डवार स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जेएल उइके, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री समीर पाण्डेय, मुख्य अस्पताल अधीक्षक डाॅ. आरके श्रीमाली, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री आशुतोष शर्मा के अलावा खण्ड चिकित्सा अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनसरोकारों से सीधा जुड़ा होता है। इसलिए स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं त्रुटि की गुजांईश बिल्कुल भी नही होती है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिला अस्पताल बालोद के अलावा जिले के सभी सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों में संस्थागत प्रसव की स्थिति की भी बारी-बारी से समीक्षा की। उन्होंने संस्थागत प्रसव में कमी वाले स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारियों से संस्थागत प्रसव की संख्या को बढ़ाने के संबंध में सख्त निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गर्भवती माताओं एवं उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने टीकाकरण के कार्य की भी स्वास्थ्य केन्द्रवार समीक्षा की। श्रीमती मिश्रा ने जिले के अस्पतालों में संचालित पोषण पुनर्वास केन्द्रों में कुपोषित बच्चों की भर्ती के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी कुपोषित बच्चों की स्थिति में सुधार हेतु उन्हें अनिवार्य रूप से पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को जिला प्रशासन द्वारा गंभीर तीव्र कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने हेतु चलाए जा रहे मिशन गोद अभियान में अनिवार्य रूप से भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यकतानुसार नवीन स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण हेतु तत्काल प्रस्ताव भी भेजने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत जिले के शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के अलावा परिवार नियोजन, टीबी एवं मलेरिया उन्मूलन, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम आदि कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जिले के स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाकर आम जनता को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।






.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)
Leave A Comment