जिले के 18 नवीन धान उपार्जन केंद्रों में इस बार होगी धान की खरीदी
75 गांव के 12 हजार 853 किसानों को मिलेगी गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत
धान खरीदी के लिए जिले में 1 लाख 58 हजार 572 किसानों का पंजीयन, पिछले वर्ष की तुलना में 3 हजार 453 किसान बढ़े
बालोद/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बालोद जिले में 18 नवीन धान उपार्जन केंद्रों के लिए ग्राम मैपिंग का कार्य किया गया है। इन नवीन केंद्रों के अंतर्गत आसपास के गांवों को शामिल किया गया है। इससे जिले के 12 हजार 853 किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित उपार्जन केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा, स्थानीय आवश्यकताओं और धान खरीदी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए नजदीक में ही बेहतर सुविधा मिले तथा खरीदी प्रक्रिया सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी हो।
धान खरीदी के लिए 18 नवीन केंद्रों की ग्राम मैपिंग
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 18 नवीन धान उपार्जन केंद्रों के लिए ग्राम मैपिंग की गई है। इनमें चंदनबिरही, सनौद, पेन्डरवानी, बम्हनी, ठेमाबुजुर्ग, नलकसा, भर्रीटोला 43, खलारी, बिटाल, चिखली, झरनटोला, परसाडीह ज., भुरकाभाट, डुण्डेरा, कमरौद, सरेखा, खोलझर और बरही (मटिया बी) शामिल हैं।
इन गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
नवीन केंद्रों के लिए निर्धारित ग्राम मैपिंग के अनुसार चंदनबिरही केंद्र में चंदनबिरही, चिटौद और बागतराई के 1,179 किसान, सनौद केंद्र में सनौद, सांगली और बोहारा के 740 किसान तथा पेंडरवानी केंद्र में पेंडरवानी और पेरपार के 787 किसानों को सुविधा मिलेगी।
इसी तरह बम्हनी केंद्र में बम्हनी, कटरेल छिंदगांव और कुसुमटोला के 579 किसान, ठेमाबुजुर्ग केंद्र में ठेमाबुजुर्ग, ठेमाखुर्द, गंगोलीडीह, होदेकसा, भीमाटोला और घोरदा के 479 किसान तथा नलकसा केंद्र में नलकसा, कोपेडरा, तुएदंड, कुमुड़कट्टा और हिड़कापार के 396 किसान लाभान्वित होंगे।
भर्रीटोला 43 केंद्र में भर्रीटोला 43, चिपरा, ककरेल, रजही, देवपांडुम और जुनवानी के 831 किसान तथा खलारी केंद्र में खलारी, जमही और अड़जाल के 697 किसानों को सुविधा मिलेगी।
बिटाल केंद्र में बिटाल, हितकसा, जाबुड़वाही, झरनदल्ली, धोबेदंड, झीकाटोला और कोडेकसा के 539 किसान तथा चिखली केंद्र में चिखली, गोटुलमुंडा, बोरगांव और नर्राटोला के 871 किसान लाभान्वित होंगे।
झरनटोला केंद्र में झरनटोला, किल्लेकोडा, मरकामटोला, पिंगाल, साल्हेटोला और बघमार के 770 किसान तथा परसाडीह ज. केंद्र में परसाडीह, सोरली, खैरीडीह और कापसी के 1,156 किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिलेगी।
इसी क्रम में भुरकाभाट केंद्र में भुरकाभाट, शिकारीटोला, मनकी और तेलीटोला के 517 किसान, डुण्डेरा केंद्र में डुण्डेरा, लासाटोला और नवागांव के 725 किसान तथा कमरौद केंद्र में कमरौद, मोहलई और कोंगनी के 853 किसान लाभान्वित होंगे।
सरेखा केंद्र में सरेखा, खपरी और दनिया के 581 किसान, खोलझर केंद्र में खोलझर, भीमदो, बुल्लुटोला, लुरकाझार और नलपानी के 432 किसान तथा बरही (मटिया बी) केंद्र में मटिया बी., नर्रा, साल्हेटोला और सेम्हरकोना के 721 किसानों को सुविधा मिलेगी।
किसानों के समय और परिवहन खर्च की होगी बचत
नवीन धान उपार्जन केंद्रों के लिए ग्राम मैपिंग करने का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनके गांव के नजदीक धान विक्रय की सुविधा देना है। इससे किसानों को लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम होगी। साथ ही परिवहन खर्च, समय और मेहनत की बचत होगी। स्थानीय स्तर पर धान खरीदी की सुविधा मिलने से किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी होगी।
पंजीयन कराया 1 लाख 58 हजार 572 किसानों ने
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के कुल 1 लाख 58 हजार 572 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष 2025-26 में 1 लाख 55 हजार 119 किसान पंजीकृत थे। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 3 हजार 453 किसानों की वृद्धि हुई है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार धान खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने तथा खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
किसानों की सुविधा, समय की बचत और पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था की दिशा में 18 नवीन उपार्जन केंद्रों की यह पहल जिले के किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।











.jpeg)

Leave A Comment